पापा! आर यू ओके? (कहानी संग्रह) : राजेंद्र राजन
भावना प्रकाशन, दिल्ली : मूल्य :400 रुपये
इस संग्रह की कहानियों की विशेषता है कि ये समस्याओं को नए कोण तथा संवेदना के नए धरातल पर उपस्थित करती हैं।वस्तु और शिल्प की दृष्टि से ये नए क्षितिजों की ओर उन्मुख हैं।

अंधेरा कोना (उपन्यास) :उमा शंकर चौधरी
आधार प्रकाशन, पंचकूला : मूल्य :160 रुपये
उपन्यास वर्तमान विकास और लोकतंत्र के नाम पर जारी विद्रूपताओं का विश्वसनीय आख्यान प्रस्तुत करता है।एक साधारण से गांव के जनजीवन के बहाने कई महत्वपूर्ण प्रश्नों से रूबरू कराता है यह उपन्यास।

वर्जित इच्छाओं की सड़क (कविता संग्रह) :अनुराधा ओस
बोधि प्रकाशन, जयपुर : मूल्य :150 रुपये
इस संग्रह की कविताओं में स्त्री अस्मिता, श्रम, प्रेम और प्रकृति का सौंदर्य है।विषय वैविध्य एक बड़ी खूबी है।कविताएं अपने अनुभव से निकलती हुईं आसपास के जीवन से गहराई से जुड़ी हैं।

हिंदी फिल्म संगीत (संगीत) :प्रिया जोशी
वाणी प्रकाशन, दिल्ली : मूल्य :499 रुपये
पुस्तक में फिल्म संगीत और भारतीय शास्त्रीय संगीत परंपरा के तालमेल को बेहद सरलता से समझाने की कोशिश है।संगीत की परंपरा के बदलते स्वरूप पर भी विस्तार से चर्चा है।संगीत में रुचि रखने वालों और अध्येताओं के लिए एक जरूरी पुस्तक।

इतिहास, भाषा और राष्ट्र (आलेख संग्रह) : शुभनीत कौशिक
संवाद प्रकाशन, मेरठ : मूल्य :250 रुपये
आलेखों में विज्ञापन, भाषा, राष्ट्र और राष्ट्रवाद, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, सांप्रदायिकता और इतिहास-लेखन, प्रौद्योगिकी के इतिहास जैसे विविधतापूर्ण विषयों पर चर्चा है।इसमें भारत की निर्माण-यात्रा की शोधपरक, रोचक और गंभीर झलक मिलेगी।