
युवा लेखक तथा टिप्पणीकार। संप्रति कोलकाता के सेठ आनंद राम जयपुरिया कॉलेज में शिक्षण।
![]() |
कुमार अंबुज का दूसरा कहानी संग्रह है ‘मज़ाक़’। ‘इच्छाएँ’ उनका प्रथम कहानी संग्रह था जिसे काफी लोकप्रियता मिली थी। मज़ाक़ कहानी संग्रह उत्तर-औपनिवेशिक समय के व्यर्थताबोध को प्रकट करता है। उत्तर-औपनिवेशिकता ने मनुष्य को मशीन बना दिया। ‘गुम होने की जगह’ में नायक भागदौड़ के जीवन से विश्राम चाहता है। वह भीड़ का हिस्सा नहीं बनना चाहता। उसकी इच्छा पैसे, विकास और आगे ले जाने की अंधी दौड़ के बाहर मनुष्य की संवेदनाओं और अपने मूल स्वभाव के साथ जीने की है। लेकिन पूरे शहर में उसे ऐसी एक जगह नहीं मिलती। वह अपने बचपन तक की जगहों को खो चुका है। उसकी पीड़ा मानसिक प्रताड़ना तक पहुंच जाती है। इसी कड़ी में वह व्यवस्था को ही ‘मज़ाक़’ बता देता है। ‘मज़ाक़’ कहानी इसी सत्य को प्रकट करती है। परिस्थितियां ऐसी हो गई हैं कि उन्हें सीधे-सीधे केवल कह भर देने से वे व्यंग्य हो जाती हैं। पिता की बीमारी असल में पूरे समय की बीमारी है जो एक सनक तक चली गई है और नायक का पूरा जीवन उस बीमारी के इलाज़ में खप रहा है। नायक एक आधुनिक निम्न-मध्यवर्गीय व्यक्ति का प्रतीक बन जाता है ‘जो जाग रहा है और रो रहा है।’
यह एक ऐसा समय है जब व्यक्ति मर चुका है उसकी जगह व्यवस्था ही सबकुछ है। लोग उसके नियमों के तहत जी रहे हैं। भीड़ ही अंतिम सत्य है। भीड़ के बहलावे के अपने तरीके हैं जो व्यक्ति इस भीड़ का हिस्सा नहीं है, वह मार दिया जाएगा अथवा वह स्रिजोफेनिक होकर अवसाद में चला जाएगा। ‘मंदिर चौराहा’ कहानी की मूल समस्या यही है। जो भी अपना निजी अस्तित्व रखता हो, वह अब अप्रसंगिक है। चूंकि वह एक सत्य है अतः बीमार, कुंठित और पागल होकर भीड़ द्वारा अपने ही घर के आगे बुरी तरह पीट दिया जा सकता है। उसका पिटना हर उस विवेकवान व्यक्ति के प्रति समय का रवैया है जो इस दौड़ के उस ओर खड़ा है। इसीलिए वह व्यक्तित्वहीन होकर व्यवस्था को बजा रहा है। ‘मुझे किसी पर विश्वास नहीं रहा’ कहानी व्यक्ति के असंवेदनशील होने की घटना को चिह्नित करती है। आज वह वस्तुओं और बाजार के लिए इतना सजग बना दिया गया है कि बचपन की एक पेंसिल तक का हिसाब याद है, पर मनुष्यों के साथ रिश्तों को वह उसी मात्रा में महत्व नहीं देता। यानी आदमी ‘वस्तु-बाजार’ को महत्व देनेवाली इकाई हो चुका है, संवेदनाओं और आत्मीयताओं से दूर वह वस्तुओं का संग्रहकर्ता भर है। ‘एक और जोड़ी’ कहानी को इसी कड़ी में देखना चाहिए। नए आदमी में वस्तुओं को खरीदने की ऐसी ललक है कि उसके पास इनके इस्तेमाल के लिए न पर्याप्त समय है और न इच्छा। ऐसे समय ‘जीभी’ जैसी कहानियां ही तो प्रतिरोध की भाषा तैयार करती हैं। जीभी भी वस्तु है लेकिन वह बाजार में दौड़ की नहीं, निजी स्मृतियों और व्यवहार की जरूरत है। नायक बाजार के विकल्प को ठुकराकर जीभी के लिए दौड़ता है।
सरकार व्यवस्था की पोषक है अथवा व्यवस्था द्वारा जनता पर अंकुश का एक औजार है, कह नहीं सकते, क्योंकि वह धार्मिक रैलियों के लिए, मौजमस्ती, गाने-बाजों के लिए जगह, सुरक्षा और व्यवस्था देती है लेकिन विरोध दर्ज करने के लिए ‘अनशन की जगह’ नहीं देती। देश का हर वर्ग, हर आदमी व्यवस्था की चक्की में पिस रहा है किंतु उसे विरोध करने का अधिकार नहीं है। यानी इस व्यवस्था में व्यक्ति की कोई जगह नहीं है। ‘पंचतंत्र’ कहानी में जीवन के नए पंचतंत्र को परिभाषित करता कहानीकार यही समझता है कि बॉस की गालियां सुनता, शोषण सहता व्यक्ति ही न्यू नॉर्मल है। यही नया पंचतंत्र है, आज की जातक कथाओं का संदेश है। कुमार अंबुज ने ऐसे ही समय के विरोध के अपने कुछ रचनात्मक चिह्न खोजे हैं। उनकी कहानियां उत्तर-औपनिवेशिक समय में ऐसे पात्रों और अनुभवों को जीती हैं जो वर्तमान समय का विकल्प जीने की कोशिश करते हैं। इस मायने में यह संग्रह महत्वपूर्ण है। अपनी इसी कोशिश में उनकी कहानियां फ्लो को रोकती हैं क्योंकि आज का न्यू नॉर्मल एक फ्लो तैयार करता है, ‘मज़ाक़’ का प्रतिरोध ही उस फ्लो का विकल्प है।

जिज्ञासा:‘अनशन की जगह’ प्रथम पाठ में कविता की तरह लगता है। आप एक कवि भी हैं, तो कब निर्णय लेते हैं कि इस विषय पर कविता लिखूं या कहानी।
कुमार अंबुज: मेरे लिए अपनी रचनाओं या उनकी रचना-प्रकिया के बारे में कुछ कहना अतिरिक्त और अनचाहा काम है। समय के साथ जवाब भी बदलते रह सकते हैं क्योंकि हमारी समझ, देखने का दृष्टिकोण और संभव व्याख्याएं भी बदलती हैं। किसी कहानी के बारे में याद करके बताना कि उस समय वह कैसे और क्यों लिखी गई दरअसल एक और नई कहानी कहने जैसा हो सकता है। यह, रचना को पढ़कर पाठक की राय में, जो उसके मन में आस्वाद हो, उसमें भी हस्तक्षेप है।
मैं कविता और कहानी में पारिभाषिक अंतर करना नहीं चाहता। एक कविता में कहानी निवास कर सकती है, इसी तरह कहानी में कविता रह सकती है। वे एक-दूसरे की जरूरत में काम आती हैं। विधागत आग्रह सर्जना विरोध और दुराग्रह में चले जाते हैं, अकादेमिक हो जाते हैं और ‘क्रिएटिविटी’ को जाने-अनजाने ही आतंकित कर सकते हैं। ‘अनशन की जगह’ का एक छोटा-सा अंश मैंने अपनी लंबी कविता ‘शोक सभा’ में शामिल किया है। एक ऐसे लेखक के लिए, जो कविता और कहानी दोनों जगहों में आवाजाही करता है, क्योंकि वे एक ही घर के दो करीब बने कमरों में रहती हैं जिनमें किवाड़ नहीं लगे हैं। कोई अलग से विधागत निर्णय लेने की आवश्यकता भी नहीं पड़ती। यही वजह है कि बोर्हेस सहित कई लेखकों की कुछ रचनाएँ कविताओं और कहानियों, दोनों एंथोलॉजी में शामिल की जाती रही हैं।
जिज्ञासा: क्या कहानीकार के पास अब आदर्श नहीं हैं?
कुमार अंबुज: रचना में आदर्श बना देने से आदर्श नहीं बनते। मुख्य पात्र की दुर्दशा, व्यथा, विडंबना, अजनबीयत और पतनशीलता में भी समाज के ढहते आदर्शों और उनकी जरूरत रेखांकित हो सकती है। किसी थीसिस और एंटीथीसिस की सहधर्मी यात्रा उसमें विन्यस्त हो सकती है। नैतिकता और आदर्श के प्रस्ताव अब एक महीने में ही, कई बार अगले ही दिन पुराने पड़ जाते हैं। वे आदर्श तो कतई नहीं रह जाते। समाज में यही स्थिति है, इसलिए रचनाओं में भी। इधर साहित्य समाज का सहज दर्पण नहीं है बल्कि साहित्य अब उत्तल-अवतल दर्पणों का मेल है। उसमें हम सबके बेमेल चेहरे दिखते हैं, हँसीघर की तरह। और अक्सर वे चेहरे, वे चीजें दिखती हैं जो दपर्ण के समक्ष हैं ही नहीं। कई बार वे अतियथार्थवादी सपने दिखते हैं जिनसे घबराकर हम बीच नींद में से उठ बैठे थे।
जिज्ञासा :‘पंचतंत्र’ और ‘स्वर्णकमल’ में ऐसा लगा एक निम्न-मध्यवर्गीय व्यक्ति की असहायता अपने चरम पर है। क्या नायकों की असहायता हमारे युग की नियति है?
कुमार अंबुज : यह असहायता सर्वव्यापी है। इन कहानियों को हमारे समय की प्रच्छन्न राजनीति, पुनरुत्थानवादी प्रयासों और पूंजीवाद के छल-प्रपंच की छायाओं और अमानवीयताओं में भी चिह्नित किया जा सकता है। तब इनके प्रस्थान बिंदुओं और उस निरुपायता पर बेहतर गौर मुमकिन होगा। यह असहायता या बेचारगी नियति नहीं है, यह चक्रव्यूह में घिर जाने जैसा है लेकिन इसमें से निकलना मुमकिन है। साहित्य अपनी तरह से प्रतिवाद करता है। जनता के बीच प्रतिरोध बन सके, उन स्थितियों को रेखांकित भी करता है। बाकी काम समाज का है, जनपक्षधर राजनीति का है।
![]() |
कमलेश का दूसरा कहानी संग्रह है ‘पत्थलगड़ी’, ‘दक्खिन टोला’ नाम से उनका एक संग्रह पहले प्रकाशित हो चुका है जिसमें वे दलित जीवन के शोषण की स्थितियों को रखते हैं। प्रस्तुत संग्रह आदिवासी जीवन के व्यवस्था द्वारा शोषण एवं प्रताड़ना का जीवंत दस्तावेज है। बिसराम बेदिया का जीवन पत्थलगड़ी को एक प्रतिरोध के रूप में गढ़ता है और अपने पिता आलसाराम बेदिया की तरह ही व्यवस्था द्वारा मारा जाता है। आदिवासी अपनी ज़मीन और संस्कृति को कंपनी और उसके विस्तार की नीति से बचाना चाहते हैं। जिस धरती पर कई पीढ़ियां मर-खप गईं, जहां के पेड़ों में, पत्थरों-पहाड़ों को देवता मानते आदिवासियों ने कई-कई युग देखे, अब उस जमीन से उन्हें बेदखल किया जा रहा है। वे असल में इसी के खिलाफ खड़े हुए हैं तो उन्हें माओवादी और देश-विरोधी बताकर प्रताड़ित किया जा रहा है। बिसराम बेदिया, उसके पिता आलसाराम बेदिया या उन्हीं की तरह हर उस व्यक्ति को मार दिया जा रहा है जो अपनी जमीन पर जीना चाहते हैं। पत्थर पर विरोध की इबारत लिखकर गाड़ना असल में उनके सांस्कृतिक प्रतिरोध का एक लोकतांत्रिक उपक्रम है। वे अपने किसी पुरखे, किसी देवता की स्मृति में भी पत्थर को ही साक्षी बनाते रहे हैं। पेड़ों में, पत्थरों में आस्था के कारण ही जब जमीन पर कब्जा हो रहा है तो विरोध के लिए भी पत्थर पर ही ‘कंपनी वालों बाहर जाओ’ लिखकर गाड़ते हैं।
‘भाई’ कहानी में राघव सदा के भाई दीपक सदा को भी माओवादी कहकर पुलिस ने एनकाउंटर में मार दिया था। राघव अपने भाई की पुलिसिया हत्या को भूलकर एक नया जीवन जीना चाहता है। वह अपने जातिगत शोषण को परे रखकर व्यवस्था का सामान्य व्यक्ति बनकर एक सामान्य जीवन चाहता है, किंतु परिस्थितियां उसे फिर उसी दोराहे पर ला खड़ा करती हैं जहां उसके जीवन में सोभरन मुंडा और घाघरा गांव आते हैं। उसका मुसहर होना उसके पूरे अस्तित्व को परिभाषित करता है, मानो मुसहर होकर वह मुख्यधारा का विरोधी हो, अथवा मिथिलेश सिंह जैसे पोस्टमैन के लिए वह सिर्फ इसीलिए हेय है कि जाति व्यवस्था के विभाजन में वह नीची कही जानेवाली श्रेणी में आता है। वह सोभरन के लिए सिर्फ अपनी ड्यूटी करना चाहता है, लेकिन सरकारी पोस्टमास्टर होते हुए भी उसे पुलिसिया प्रताड़ना सहनी पड़ती है, क्योंकि सोभरन मुंडा या घाघरा गांव के प्रति वह सहानुभूति रखता है। यह व्यवस्था जिसे विकास कहती है, वह असल में इसी वर्ग की बर्बादी का दूसरा नाम है। ‘खिड़की’ कहानी में सोभरन मुंडा को उसकी गलती समझ में नहीं आती। एसपी चाहता है कि वह गांव में सरकार और कंपनी के खिलाफ मीटिंग करनेवाले माओवादियों के बारे में पुलिस को खबर दे और पुलिस का एजेंट बन जाए, जबकि सोभरन सोचता है जमीन की लड़ाई तो वे लोग खुद ही लड़ रहे हैं। गांव के लोग ही अपनी जमीन और संस्कृति को बचाने के लिए इकट्ठे हैं। वे जुलूस निकालते हैं। दरअसल उनके सामने ही उनके देवताओं को काटा जा रहा है, माता-पिता की स्मृति में गाड़े पत्थरों को तोड़कर सड़कें बनाई जा रही हैं। कंपनी के लोग उनकी औरतों के साथ अश्लील हरकतें कर रहे हैं। इन सबके विरुद्ध खड़े होने के लिए उन्हें कौन सिखाएगा। सोभरन की चुप्पी असल में कमलेश की कहानी कला का चरम है। वे सोभरन के माध्यम से बताना चाहते हैं कि व्यवस्था से संवाद संभव नहीं है, क्योंकि यह संवाद एकतरफा है। अपनी बनाई व्यवस्था, परिभाषाओं, नियमों के तहत विकास, विरोध, आतंकवाद आदि के मानक बनाकर व्यवस्था एकतरफा हत्याएं कर रही है और आदिवासी इस व्यवस्था के इस शोषण को चुपचाप सहने को अभिशप्त हैं। वे जो कर सकते हैं वह बस यह कि शांतिपूर्ण ढंग से सत्ता के खिलाफ विरोध कर सकते हैं, पत्थलगड़ी कर सकते हैं, भले उन्हें इसके लिए पुलिस द्वारा प्रताड़ना मिले।

जिज्ञासा: क्या आप मानते हैं कि आदिवासी जीवन के लिए लड़ाई करने वालों ही की और उस पर लिखने वाले लेखकों को भी हिंदी आलोचना में हाशिये पर धकेल दिया गया है?
कमलेश: ऐसी बात नहीं है कि आदिवासी जीवन के संघर्षों को अपनी कहानी का आधार बनाने वाले सभी लेखक हिंदी आलोचना में हाशिए पर धकेल दिए गए हैं। आदिवासी जीवन पर आधारित कहानियां लिखने वाले कई लेखकों की अच्छी पहचान है। रणेंद्र, पंकज मित्र, राकेश कुमार सिंह, अश्विनी कुमार पंकज, सी. भास्कर राव, अनुज लुगुन, जया जादवानी और जसिंता केरकेट्टा जैसे लेखक-लेखिकाओं ने अपने लेखन के बल पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है और इनकी कहानियों पर काफी कुछ लिखा-पढ़ा जा रहा है। अनुज लुगुन और जसिंता केरकेट्टा कविता के साथ-साथ आदिवासी जीवन संघर्षों पर बेहतरीन कहानियां लिख रहे हैं। लेकिन यह भी सच है कि कई लेखकों पर अब भी आलोचकों की नजर नहीं पड़ रही है। वे चुपचाप अपना काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि समय आने पर इन लेखकों के काम को भी पहचान मिलेगी।
जिज्ञासा:‘पत्थलगड़ी’ कहानी में चित्रित बिसराम बेदिया को मैं हिंदी कहानी का एक महत्वपूर्ण पात्र मानता हूँ। इस पात्र की संरचना पर कुछ प्रकाश डालें।
कमलेश:‘पत्थलगड़ी’ कहानी का नायक बिसराम बेदिया कल्पना से गढ़ा गया पात्र नहीं है। इस तरह के कई लोग आपको झारखंड के गांवों में मिल जाएंगे। दरअसल यह कहानी उस समय लिखी गई जब जंगलों को कौड़ियों के मोल कारपोरेट कंपनियों को देने के खिलाफ झारखंड में आदिवासियों का आंदोलन चल रहा था। इसे ही उन्होंने पत्थलगड़ी का नाम दिया था। इस आंदोलन का केंद्र रांची से सटा जिला खूंटी था। रांची जिला के भी कई इलाके इस आंदोलन की आग में तप रहे थे। मैं अपने अखबार के लिए इस आंदोलन को कवर कर रहा था। इसी क्रम में जंगलों में बसे गांवों में घूमने के दौरान मुझे पुलिस के हमले में मारे गए एक आदिवासी नेता का बेटा मिला था। पिता के मारे जाने के बाद वह भी आदिवासियों की लड़ाई में शामिल हो गया था। उसने बताया कि किस तरह झारखंड के जल, जंगल और जमीन पर कब्जा करने का षडयंत्र रचा जा रहा है और आदिवासी लगातार इसके खिलाफ लड़ रहे हैं। उसने अपने दादा और पिता की कहानी भी बताई थी। उसके अनुसार इस लड़ाई में न केवल उसके दादा मारे गए बल्कि उसके पिता ने भी अपनी जान दे दी। उसकी कहानी के आधार पर ही बिसराम बेदिया का चरित्र मेरे दिमाग में उभरकर आया।
जिज्ञासा:‘पत्थलगड़ी’ कहानी में चित्रित बिसराम बेदिया को मैं हिंदी कहानी का एक महत्वपूर्ण पात्र मानता हूँ। इस पात्र की संरचना पर कुछ प्रकाश डालें।
कमलेश :‘पत्थलगड़ी और अन्य कहानियां’ के पहले मेरी कहानियों का संकलन ‘दक्खिन टोला’ आ चुका था। दक्खिन टोला बिहार के गांवों में उन टोलों को कहा जाता है जहां दलित और महादलित जातियों के लोग रहते हैं। इस संकलन में अधिकतर कहानियों के नायक मुसहर जाति के हैं। मुसहर बिहार की एक गरीब महादलित जाति है जिसके लोग एक दौर में अपनी भूख मिटाने के लिए चूहे खाते थे। आज भी इस जाति के कई लोग चूहों को अपना आहार बताने में संकोच नहीं करते। किसान आंदोलन से जुड़ने के क्रम में कई गांवों के दक्खिन टोलों में जाने का मौका मिला और तब मैंने पाया कि इनके लिए विकास और शहरीकरण का कोई अर्थ नहीं है। सदियों का भेदभाव और उन्हें दास की तरह देखने की परंपरा अब तक जारी है। इनमें चाहे अनपढ़ नवल मुसहर हो या पढ़े-लिखे राघव सदा, सबकी नियति एक है। यह अलग बात है कि बिहार के किसान आंदोलन के दौरान इस जाति से कई नायक निकले। बहरहाल अखबार के काम के सिलसिले में झारखंड में लगभग सात वर्ष गुजारने का मौका मिला। इस दौरान आदिवसियों के कई गांवों में गया। मुझे लगा कि बिहार के मुसहरों और झारखंड के सुदूर गांवों में रहने वाले आदिवासियों में कोई बड़ा फर्क नहीं है। दोनों एक ही तरह की पीड़ा को भोगते हैं। दोनों विकास के नाम पर हो रहे जल, जंगल और जमीन की लूट के कारण विस्थापित हो रहे हैं। चाहे वह राघव सदा हो या बिसराम बेदिया।
![]() |
शिरीष खरे की नर्मदा नदी की सहायक नदी ‘सिंदूरी’ के बहाने ‘नदी सिंदूरी’ एक गांव मदनपुर के साथ-साथ एक संस्कृति, एक सभ्यता, एक समय और एक पूरे परिवर्तन की कथा कहती है। लोग इसे रिपोतार्ज कहना चाहेंगे, क्योंकि शिरीष रिपोतार्ज के मास्टर हैं। ‘एक देश बारह दुनिया’ पुस्तक से चर्चित हुए शिरीष ने ‘नदी सिंदूरी’ में कुल तेरह कहानियां लिखी हैं। इन कहानियों में गांव ही नायक है, और नदी सिंदूरी उसकी आत्मा। सारी कहानियां गांव मदनपुर को तरह-तरह से अभिव्यक्त करती हैं। शिरीष ने गांव के कथानक का आधार उस समय को बनाया है जब देश बदल रहा था, नव-उदारवाद भारत में प्रवेश कर रहा था और पारंपरिक समाज और रहन-सहन को चुनौती प्रदान कर रहा था। यह अचानक नहीं है कि लेखक ने इस पुस्तक का तानाबाना कोरोना के लॉकडाउन में तैयार किया है। बचपन की समृतियों की तीव्र अनुभूति मृत्यु के क्षण में ही हो सकती थी। लेखक ने सालों पहले की अनुभूतियों को जिस तरह रखा है, लगता है कि मानो कल की बात हो। इतनी तीव्र एक जीवन बदल देनेवाले किसी खास अनुभव के कारण ही संभव है।
‘हम अवधेश का शुक्रिया अदा करते हैं’ कहानी नब्बे के दशक में रामलीला के प्रति गांव और लोगों की बन रही ललक को प्रकट करती है। लेकिन पता नहीं चलता कि कब कथा कहते-कहते कथा के तारों का इस्तेमाल करते हुए गांव के लोगों के जीवन, व्यवहार और काइयांपन तथा साहस को भी वह प्रकट करने लगती है। कृपाल सिंह रामलीला देखते-देखते व्यक्तिगत जीवन में खुद रावण बन जाते हैं। अवधेश राम बनकर विरोध करते हैं। वहीं आम व्यवहार के विपरीत भूरा धनुष भंग के समय परशुराम से बहस करनेवाले लक्ष्मण की तरह प्रकट होता है।
‘कल्लो बिक गई’ सिर्फ एक गाय के बिकने की कथा न होकर पूरी सभ्यता की कथा बन जाती है। बड़े हो रहे नायक के परिवार की सदस्या की तरह कल्लो उनका पोषण करती है। लेकिन अब जब गाय बूढ़ी हो गई है, उसे बेच दिया जाता है। नायक इस बदलाव के बारे में कहते-कहते नदी के पुल के पास ढाबा खुल जाने और पिकनिक के लिए पर्यटकों का अड्डा बन जाने से ग्रामीण जीवन के एकांत-भंग की कथा भी कह देता है। कहानी ‘नदी सिंदूरी’ के परिवेश और उसपर श्रेत्र के गांवों की निर्भरता को भी प्रकट करती है।
नर्मदा नदी मुख्य नदी है, बड़ी नदी है। उसके विकास, उसकी गति, उसके क्षरण पर दुनिया भर में बहस होती है, लेकिन छोटी सहायक नदियों को सभी भूल जाते हैं। सिंदूरी एक सहायक नदी है यानी वह बिना किसी बड़े संजाम के कई गांवों का पोषण करती है। परंतु प्रशासन और पर्यावरणविदों की बहसों, चिंताओं से वह दूर होती है।
लेखक कहता है सिंदूरी वर्चस्व से इतर सहयोग की नदी है। वह इतनी सहज है कि जब लेखक बचपन में गांव मदनपुर पर कविता लिखता है तो हर छोटी-बड़ी चीज की चर्चा करता है, लेकिन उस नदी की नहीं करता। इसलिए कि जो जीवन को सबकुछ दे लेकिन अपने होने का अहसास न कराए, उसे मन अलग से चिह्नित नहीं करता। गांव में विकास आता है, लेकिन गांव को नहीं छूता। वह गांव के इर्दगिर्द आता है और उसकी पूरी संस्कृति और रहन-सहन को झिंझोड़कर रख देता है। गांव के लोगों को बदले माहौल में अनपढ़, गंवार और पिछड़ा समझकर दुत्कारा जाता है। इसका प्रबल विरोध शिरीष कंडक्टर को थप्पड़ जड़कर करता है। यह थप्पड़ कंडक्टर के बहाने पूरी शहरी संस्कृति और दृष्टि पर है।
लेखक ‘उपसंहार’ में अपने प्रेम की जो कथा कहता है, वह अधूरी इसलिए छोड़ दी जाती है, क्योंकि गांव का सीधापन प्रकट करना उसका उद्देश्य है। वह कहानी का हाइ टेम्पो है, यानी गांव की मूल संस्कृति यही है। यहां से दुनिया बदल गई है। वह संकेत मात्र है जिसे दुनिया देख रही है। कहानी इस छूट चुके यथार्थ को व्यक्त करती है कि किस जीवन की कीमत पर यह विकास और शहरीकरण है।

जिज्ञासा : क्या सिंदूरी और मदनपुर का चित्रण खुद भूमंडलीकरण के प्रभाव को ही चरितार्थ नहीं करता?
शिरीष खरे:‘नदी सिंदूरी’ हमें वहां ले जाती है जहां नब्बे के दशक में नर्मदा की एक सहायक नदी के किनारे मदनपुर जैसे छोटे गांव का यदि शहर से कोई संबंध था भी तो भोपाल से जबलपुर जाने वाली कोलतार की एक बारीक सड़क से ज्यादा कुछ नहीं था। उन दिनों शहर की दुनिया से हमारा वास्ता टेलीविज़न और रेडियो के बावजूद बेहद सीमित था। फिर गए 25-30 वर्षों में बगैर विकास की किन्हीं खास संभावनाओं के साथ गांव शहर से कनेक्ट हुआ भी है तो एक तकनीक और दूसरा फोरलाइन हाईवे के कारण। इससे शहर और गांव के बीच भौतिक बाधा तो दूर होती दिखती है, पर भूमंडलीकरण के इस दौर में गांवों को लेकर उपेक्षा और हीनता की स्थिति यह है कि गांव के पास का एक युवक किसी तरह अच्छी शिक्षा हासिल करके अमेरिका में सेटल तो हो गया है, लेकिन वह खुद को किसी देहाती के रूप में पहचाने जाने के बजाय शहरी-भोपाली कहलाना अधिक पसंद करता है।
दूसरा, 1999 में मैं जब गांव से भोपाल चला था तो लगा था एक दूसरी ही दुनिया में प्रवेश करने जा रहा हूँ। तब कोई 180 किलोमीटर की दूरी खराब सड़क पर खटारा बस के चलते छह घंटे तक खिंच गई थी। आज वही अपने वाहन से तीन घंटे में पूरी हो जाती है। पर जब मैं आरंभ में चला था तब नदी जिंदा थी। आज जब मैं लौटता हूँ तो नदी मौत के कगार पर है। मतलब सड़क फिर बन सकती है, नदी फिर नहीं बन सकती, क्योंकि भूमंडलीकरण में विकास पर्यावरण से टकराव है। इसमें एक दुनिया खत्म हो रही है तो इसे ही मैंने साहित्य में संजो लेने की कोशिश की है।
जिज्ञासा: सिंदूरी नदी और मदनपुर की स्मृतियों को क्या अस्मिताबोध की उपज के रूप में देख सकते हैं?
शिरीष खरे: अस्मिताबोध की उपज इस मायने में है कि आदमी स्मृतियों में अपने आप को तलाशता है। गए ढाई दशक विभिन्न शहरों का हिस्सा होकर भी अपने भीतर या अपने पीछे मैं एक छोटी नदी और गांव को पाता हूँ जो काफी हद तक भिन्न है और मैंने ‘नदी सिंदूरी’ को लिखा इसलिए है कि इतिहास से लेकर साहित्य में बड़ी नदियों और उनकी महान सभ्यताओं को लगातार दर्ज किया जाता रहा है, पर छोटी नदी के किनारे भारत की कितनी ही लोक संस्कृतियां अनदेखी हैं! इसी दिशा में मैंने एक पतली धारा खींची है।
जिज्ञासा: आपके लिए रचना क्या है? आपके एक्टिविज्म से लेखन की ओर यात्रा क्या है?
शिरीश खरे: रचना का मतलब है भिन्नता। विज्ञापन से अलग सामाजिक सरोकार। विषय आज का हो, लेकिन अछूता हो जैसे बहुविस्थापन। भाषा उसमें देह का सौंदर्य है, पर रचना की आत्मा उसकी कहानी में है। रचना वह है जो बेचैन करती है, जो ढांचा तोड़ती है।
समीक्षित पुस्तकें :
(1) मज़ाक़, कुमार अंबुज, राजपाल एंड संस, पेपरबैक, प्रथम संस्करण 2023, दिल्ली, मूल्य-235 (2) पत्थलगड़ी और अन्य कहानियां, कमलेश, सेतु प्रकाशन, पेपरबैक प्रथम संस्करण 2022, दिल्ली, मूल्य-250 (3) नदी सिंदूरी, शिरीष खरे, राजपाल एंड संस, पेपरबैक, प्रथम संस्करण 2023, दिल्ली, मूल्य- 285
प्राध्यापक, हिंदी विभाग, सेठ आनंदराम जयपुरिया कॉलेज, कोलकाता-700005मो. 9831615131



