युवा लेखक तथा टिप्पणीकार।  संप्रति कोलकाता के सेठ आनंद राम जयपुरिया कॉलेज में शिक्षण।

हिंदी साहित्य मुख्यतः प्रतिवाद का साहित्य है। ईसवी 800 से 1000 के बीच का सिद्ध-नाथ साहित्य इसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने इसे साहित्य मानने से इंकार कर दिया था। हालांकि कालांतर में हुए अध्ययनों से यह बात सिद्ध हो जाती है कि सिद्धों और नाथों के साहित्य के प्रति वे न्याय नहीं कर सके। वे जिन्हें सांप्रदायिक तथा तांत्रिक कहकर अध्ययन-वृत्त से बाहर कर रहे थे वे असल में सांप्रदायिकता और सामंती प्रवृत्तियों के विरोध की आवाज थे।

सिद्ध साहित्य भारतीय समाज के सामंतवाद की दोनों मुख्य प्रवृत्तियों वर्ण व्यवस्था और पितृसत्तात्मकता पर आक्रमण करते हुए विकसित हुआ था। अपने तरीके से नाथों ने भी इस वैचारिक संघर्ष को विकसित किया। सिद्ध-नाथ साहित्य ने शिल्प के स्तर पर भी हिंदी के परवर्ती साहित्य को प्रभावित किया। दोहा, चर्यापद आदि छंद असल में इन्हीं के साहित्य की देन हैं।

सिद्ध और नाथ प्रकृति से जनवादी थे। उनकी मूल चेतना लोक को लेकर विकसित हुई थी। वर्ण व्यवस्था के घेरे में पिस रहे समाज को उबारने के क्रम में सिद्ध-नाथ साहित्य अंतर्वस्तु और शिल्प दोनों में लोकवादी होता गया। जाहिर है, टारगेट लोक के लिए लिखे गए साहित्य की भाषा भी गैर-शास्त्रीय होगी। इसलिए लोक की भाषा में भी सिद्धों और नाथों का साहित्य रचा गया। जिन भाषावैज्ञानिकों और साहित्येतिहासकारों को हिंदी की जननी संस्कृत दिखती है उन्हें इस मुद्दे पर फिर से सोचना चाहिए।

हिंदी भाषा का रूप और अंतर्वस्तु दोनों ही प्रथमतः सिद्ध-नाथ साहित्य से विकसित हुआ है। दोहे और चर्यापद असल में शास्त्रीय लेखन के विलोम थे, क्योंकि जिस लोक के पास अपनी क्रांतिकारी चेतना को पहुंचाना था, उसके लिए भाषा और विधा को भी उसी के अनुरूप करना लाजमी था।

यहां साहित्य ही सहृदय के पास जाता है।  सिद्ध-नाथ साहित्य का सहृदय अनपढ़ और समाज का उपेक्षित वर्ग था। उसके लिए यह ‘पांचवा वेद’ था। अतः हिंदी की पृष्ठभूमि पर बात करते हुए सिद्ध-नाथ साहित्य को गंभीरता से देखने-समझने की जरूरत है।

सिद्ध-नाथ साहित्य ने भक्ति आंदोलन की पृष्ठभूमि तैयार की। कबीर आदि निर्गुण भक्त असल में इन्हीं से प्रेरणा पाकर खड़े हुए। हिंदी में अगर कोई ‘दूसरी परंपरा’ है तो वह यही है। अंतर्मन की शुद्धि, बाह्याडंबर का विरोध, जाति के बंधनों से मुक्ति, धार्मिक पाखंडों का विरोध और मनुष्य को साहित्य के केंद्र में लाने की समस्त प्रवृत्तियां असल में सिद्ध-नाथ साहित्य की देन हैं।

सिद्धों ने जिस सहज साधना पर बल दिया, वह कुछ और नहीं कर्मकांडीय शुद्धता के प्रतिपक्ष की तलाश थी। समय के साथ इस परंपरा की मूल स्थापनाओं पर धूल जमती गई।

मुक्तिबोध भक्तिकाल पर अपनी वैचारिकी को विकसित करने के क्रम में इस तथ्य की ओर इशारा करते हैं कि निर्गुण पंथ को सगुण पंथ ने हाइजैक कर लिया और निर्गुण पंथ को ब्राह्मणवाद से रंग दिया। यह घटना सिद्ध-नाथ साहित्य पर भी उसी तरह लागू होती है। सिद्धों-नाथों के मठ पर सवर्णवादी संगठनों और लोगों का कब्जा होता गया। मूर्तिपूजा तथा बाह्याडंबरों के विरोध के गढ़ खुद इन्हीं चीजों के प्रतीक-पुंज बनते गए।

हिंदी प्रदेश में सिद्धों-नाथों के व्यापक प्रभाव  की सबसे बड़ी वजह यह थी कि यहां सामंती प्रवृत्तियां सर्वाधिक मजबूत थीं। इस विषय पर विस्तार से शोध की आवश्यकता है कि आखिर किन गलतियों या प्रवृत्तियों के कारण हिंदी प्रदेश के जिन स्थानों पर सिद्ध-नाथ परंपराओं ने प्रतिरोध के स्वर को मजबूती दी थी, वे ही जातिवाद और पुंसवाद के केंद्र बन गए। इसे एक बड़े जनांदोलन की हार के रूप में देखा जाना चाहिए। इस पर सजग चिंतन जरूरी है कि आखिर शास्त्रीय ढांचे के विकल्प के रूप में विकसित हुई एक विद्रोही संरचना भरभराकर कैसे टूट गई। यकीनन सिद्ध-नाथों ने ब्राह्मणवाद और पुरोहितवाद के ढांचे के बरअक्स एक वैकल्पिक समाज की परिकल्पना की थी। उन्होंने एक वैकल्पिक परिवेश विकसित किया था जिसे कबीर, रैदास, पीपा आदि आगे बढ़ाते हैं।

सिद्धों और नाथों ने लोकभाषा को अपना हथियार बनाया था। यह एक साधारण घटना लगती है, लेकिन सामंतवाद के चरम उत्कर्ष के दिनों में यह एक इतना बड़ा क्रांतिकारी कार्य था कि तुलसीदास तक को लोकभाषा में साहित्य रचना पड़ा। इसके लिए वे भी तथाकथित पंडित-बौद्धिक समाज के निशाने पर रहे।

आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी ने अपने अध्ययन में सिद्धों और नाथों के प्रभाव तथा उनकी जड़ों और शाखाओं-प्रशाखाओं की ओर विस्तार से इशारा किया है। भक्ति काल के लोकवादी स्वरों की जमीन असल में इन्हीं के साहित्य ने तैयार की है। यह चिंता का विषय है कि वर्णवाद और सगुण साहित्य के आक्रमण के आगे एक प्रतिरोधी सांस्कृतिक आंदोलन का एक तरह से उन्हीं प्रवृत्तियों में विलय हो गया।

भारत में दूसरी परंपरा का इतना सशक्त आंदोलन मुख्यधारा में कभी चर्चा का विषय नहीं रहा है, जबकि भारतीय समाज ही नहीं हिंदी की यात्रा और विशेषताओं को समझने में सिद्धों-नाथों का आत्यंतिक रूप से महत्व है।

प्रस्तुत परिचर्चा में सिद्ध-नाथ साहित्य की विशेषताओं और परंपराओं को तलाशते हुए  पतन की प्रवृत्तियों की तलाश की भी योजना है। आज यदि भारतीय समाज को रूढ़ियों के प्रतिवाद की कोई  संरचनात्मक जमीन तैयार करनी हो तो सिद्धों-नाथों के साहित्य से वह तत्व किस तरह ग्रहण किया जा सकता है, इसकी पड़ताल ही इस अध्ययन का उद्देश्य है।

सवाल

  1. सिद्धों और नाथों के साहित्य से हिंदी साहित्य का आरंभ माना जाता है। क्या हिंदी की शुरुआत प्रतिवाद से हुई थी?
  2. सिद्धों और नाथों की मुख्य स्थापनाओं और उनकी विशिष्टताओं के बारे में कुछ बताएं। उनका परंपराओं के बारे में क्या रुख था?
  3. सिद्धों और नाथों का लोक से कैसा संबंध था? वे इस देश में एक वैकल्पिक समाज का निर्माण किस हद तक कर सके थे? वे कहां और क्यों असफल हुए?
  4. नाथ पंथ और गोरखनाथ की परंपरा का मूल जातिवाद और पाखंड का विरोध था, फिर हिंदी क्षेत्र जातिवाद और कर्मकांड का इतना बड़ा गढ़ कैसे हो गया?
  5. सिद्ध और नाथ साहित्य से भक्ति आंदोलन ने कुछ बिंदुओं पर दूरी रखते हुए भी कौन-सी प्रेरणा ली?
  6. आज सिद्ध-नाथ साहित्य का क्या महत्व है?
 
  सदानंद साही
वरिष्ठ कवि, आलोचक और लोक साहित्य के विद्वान। ‘साखी’ पत्रिका के संपादक। रैदास के पदों का काव्यांतरण। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व-प्रोफेसर और अध्यक्ष।

 

सिद्ध-नाथ साहित्य ने मनुष्य को अभेद भावना की प्रेरणा दी

(1) सिद्धों और नाथों का साहित्य हिंदी का आरंभिक साहित्य है। बल्कि सच यह है कि चौरासी सिद्धों का साहित्य हिंदी ही नहीं प्रायः सभी भारतीय आर्य भाषाओं का पूर्वज रहा है। कई भाषाएं अपने साहित्य का आरंभ सिद्धों के साहित्य से मानती हैं। बांग्ला के विद्वानों ने तो सिद्धों के साहित्य को हजार वर्ष पुरानी बांग्ला करार दिया है। हिंदी अपने को सिद्ध कविता का वारिस मानती है तो यह बात बिल्कुल ठीक है।

सिद्धों की वर्ण और जाति विरोधी चेतना ही नहीं बल्कि उनका दोहा और चर्यागीति भी हिंदी कविता के काव्य रूप का निर्माण करते हैं। सिद्धों की बानी में मौजूद पाखंड-विरोधी चेतना आगे चल कर नाथों की कविता में कथनी और करनी की एकता का विधान रचने लगी। पोथियों में लिखी बातों को आंख मूंदकर दुहराने के बजाय उन्हें खुली आंखों से देखने का साहस नाथों ने किया। इस तरह देखें तो सिद्धों और नाथों में पवित्र पोथियों की जगह जीवन के वर्तमान को महत्व दिया। उन्होंने जीवन के प्रत्यक्ष अनुभव की बुनियाद पर पाखंड पर टिकी फरेब की परंपरा को चुनौती दी। हम पाते हैं कि हिंदी भाषा और साहित्य ने उन्हें अपना पथ प्रदर्शक माना। इसलिए यह कहना सही कहना है कि हिंदी के डीएनए में प्रतिरोध और प्रतिवाद की आवाजें और स्वर मौजूद हैं।

(2) सिद्धों और नाथों की सबसे प्रमुख बात यह है कि उन्होंने जीवन में सहज के महत्व को समझा और उसकी महत्ता स्थापित की। नाना कर्मकांडों से आच्छादित जीवन पद्धति ने न केवल मनुष्य की गरिमा कम कर दी थी बल्कि उसे अनेक कोटियों में विभाजित कर दिया था। इतने तरह के भेदभाव और ऊंच-नीच के मानक बन गए थे कि सामान्य जन-जीवन उसमें उलझ कर रह गया था। मनुष्य के जीवन में वैचारिक और व्यावहारिक दोनों स्तरों पर भारी असंतुलन आ गया था। सहज की प्रतिष्ठा ने यह असंतुलन और विषमता दूर करने में मदद की। मुक्ति अबूझ पहेली से बोधगम्य अनुभव में बदली। सहज के इस अनुभव ने सहज सौंदर्य-दृष्टि के विकास में योगदान किया। दूसरी बात यह कि सिद्ध-नाथ साहित्य ने जनभाषाओं को प्रतिष्ठा दी। इस दौर में चुपचाप सहज रूप से एक भाषाई क्रांति घटित हो रही थी, जिसने आगे चलकर अनेक जनपदीय भाषाओं के फलने-फूलने और आबाद होने का मार्ग प्रशस्त किया था। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि वर्चस्व की भाषा या भाषाई वर्चस्व भी समाज में कोटियां निर्मित करता है और विषमता रचता है।

(3) सिद्ध-नाथ साहित्य लोक का साहित्य है। वह लोक जो परलोक के उलट अर्थ देता है। सिद्ध-नाथ साहित्य पर आचार्यगण धार्मिक होने का आरोप लगाते रहे हैं, जबकि तथ्य यह है कि यह सारा का सारा साहित्य इस लोक की बेहतरी का सवाल उठाता है। काया संबंधी बातें भी इसी लोक से जुड़ी हुई हैं। धर्म और धर्म के कर्मकांड परलोक संवारने की चिंता की अभिव्यक्ति होते हैं। यह स्पष्ट भेद धर्म-चिंता और लोक-चिंता में है। यह बात समझनी चाहिए कि सिद्ध-नाथ साहित्य लोक-चिंता का साहित्य है। धर्म और परलोक-चिंता का शास्त्रीय स्वरूप लोक की यंत्रणा के मूल में है। यह यंत्रणा भौतिक-मानसिक शोषण से लेकर उपेक्षा-अवहेलना के रूप में अभिव्यक्त होती है। ऐसे में लोक के बीच एक ऐसी विचार और भाव पद्धति को लेकर जाना, जो पारलौकिक परिस्थितियों-परियोजनाओं से मुक्ति का विधान रचे, निश्चित रूप से लोक को आकर्षक विकल्प लगा होगा। हिंदी साहित्य के इतिहास चिंतन में पढ़े-लिखे और बिना पढ़े-लिखे का झगड़ा इसी लोक व्याप्ति को लेकर है। ‘पढ़े-लिखे’ के लिए लोक-चारागाह भी था। सिद्ध-नाथ साहित्य ने लोक-चारागाह की तरह देखने के बजाय मनुष्य के रूप में देखा और उसकी मुक्ति का विधान रचा।

यहीं से एक वैकल्पिक सौंदर्यशास्त्र बनना शुरू हुआ और शुरू हुआ वैकल्पिक समाज का स्वप्न। वैकल्पिक भावात्मक और भौतिक स्थान की खोज कहें या पहचान की कोशिश वह सरहपा की इन पंक्तियों में ध्वनित हुई है- ‘जहं मण पवण ण संचरइ रवि ससि णाह पवेस/तहं बढ़ चित्त विसाम करि सरहे कहिए उवेस।’ सरहपा की इस खोज को गोरखनाथ ठोस जमीन पर ले आते हैं-

चाल्या रे पांचों भाई ला तैनै बन जाईला।
जहां दुख सुख नाव न जानिए
खेती करौं तो मेह बिना सूकै। बनिज करौं तौ पूंजी लूटे॥
अस्त्री करौं तो घर भंग ह्वैला। मित्रा करौं तो बिषहर भैला॥
जुवटै खेलौ तो बैठड़ों हारौ। चोरी करौं तो प्यंडडौं भारौं॥
बन खंड जाऊं तौ बिरछ न फलना। नगरी मैं जाऊं तौ भिष्या न मिलना॥
बोल्या गोरखनाथ माछींद्र का पूता। छाड़ि नै माया भया अवधूता॥ अर्थात

चलो रे (पांचों) भाइयो/चलो!/उस वन चलो/जहां/न दुख हो /न सुख हो/नहीं हो /दुख सुख का नामो-निशान/उस वन चलो…./यहां तो /खेती करता हूँ/बारिश के बिना सूख जाती है फसल/व्यापार करने चलता हूँ/जमा पूंजी ही डूब जाती है/घर बसाने चलता हूँ/सो बसने के पहले ही टूट जाता है/मित्रों के साथ रहना चाहता हूँ/वे तो विषधर की तरह डसने पर आमादा रहते हैं/जुआ खेलूं/तो सारी पूंजी गंवा बैठता हूँ/(चाहूं भी तो) चोरी कर नहीं सकता/शरीर को कष्ट होता है/सोचता हूँ/कि/वन चला  जाऊं /वहां पेड़ों में फल ही नहीं हैं/नगर चला जाऊं/सोचता हूँ/पर वहां भीख नहीं मिलती…./अब कहां जाऊं/किस ठौर मन लगाऊं/किस ठौर…?/(इसीलिए)/मैं गोरख (नाथ)/मत्स्येंद्र का बेटा/माया छोड़ कर /अवधूत हो गया!

एक ऐसे वन की तलाश जहां सुख और दुख दोनों न हों, वास्तव में एक वैकल्पिक स्पेस की तलाश है। यही तलाश आगे चलकर भक्तिकाल में रैदास के बेगमपुर और कबीर के अमरपुर से होते हुए तुलसी के रामराज तक जाती है।

ये धाराएं कहां और कैसे असफल हुईं, इस पर जरूर विचार होना चाहिए, हालांकि विचार का विषय यह भी है कि क्या इन धाराओं को पूरी तरह असफल माना जाए?

फिलहाल दो बातें हैं-एक तो यह मानना पड़ेगा कि जिस रूढ़ परंपरा के विरुद्ध ये आंदोलन उठ खड़े हुए थे वह अपनी संरचना में बहुत मजबूत है। यह मजबूती उसके बने-बनाए ढांचे से आती है। उसमें प्रतिरोध के बड़े से बड़े तूफान के गुजर जाने के इंतजार का धैर्य है। दूसरा, प्रतिरोध की आवाजें कुछ विशेष प्रतिभाओं पर निर्भर होती हैं। रंगमंच से उन प्रतिभाओं की विदाई के बाद प्रतिरोध का कस-बल निकल जाता है। ऐसा नहीं है कि प्रतिरोध की आवाजें ढांचा तैयार करने की कोशिश नहीं करतीं। लेकिन जैसे ही यह कोशिश होती है पहले से मौजूद परंपरागत ढांचा बतौर उदाहरण सामने आता है और प्रतिरोध की आवाज को बदल देता है।

(4) इस प्रश्न के उत्तर की खोज के लिए प्रश्न को पुनर्संयोजित करना पड़ेगा। सिद्ध और नाथ पंथ की उत्पत्ति ही उस इलाके में हुई जहां जाति-पांति और पाखंड अपने चरम पर रहता आया है। हम जानते हैं कि सिद्धों-नाथों से बहुत पहले बुद्ध ने इसी इलाके में घूम-घूम कर 45 वर्षों तक करुणा, प्रेम और मैत्री का संदेश दिया था। उस संदेश को पूरी दुनिया ने सुना और सराहा, किंतु बिहार-उत्तर प्रदेश के इसी इलाके से वे विचार भुला दिए गए। जातिवाद और पाखंड इस इलाके में पहले से था। इसलिए बकौल नामवर सिंह उसके विरोध की आवाजें यहीं पैदा हुईं और आगे भी होती रहेंगी।

(5) सिद्ध और नाथ साहित्य से भक्ति आंदोलन ने मनुष्य की प्रतिष्ठा का भाव, मनुष्य और मनुष्य में अभेद की भावना, पाखंड-रहित सहज जीवन और सहज भाषा की दिशा में प्रेरणा ग्रहण की है।

(6) हिंदी कविता की साहित्यिक परंपराओं को समझने के लिए सिद्ध और नाथ साहित्य का अध्ययन अनुशीलन बहुत आवश्यक है।

साखी, एच 1/2 वी.डी.ए. फ्लैट, नरिया, बी.एच.यू. वाराणसी-221005 मो. 9450091420

 
  माधव हाड़ा
सुपरिचित आलोचक। चर्चित कृति ‘पचरंग चोला पहर सखी री’। अद्यतन पुस्तक ‘वैदहि ओखद जाणै- मीरां’ और ‘पश्चिमी ज्ञान मीमांसा’।

 

सिद्ध और नाथ साहित्य ने समाज की आलोचना का साहस दिया

(1) सिद्धों और नाथों से हिंदी साहित्य के आरंभ की धारणा हिंदी में प्रचलित है, लेकिन इसपर पुनर्विचार की ज़रूरत है। संस्कृत के समानांतर देशभाषाओं का अस्तित्व हमेशा रहा है। संस्कृत जब अपने उत्कर्ष पर थी, तब भी देशभाषाएं और उनके साहित्य की परंपराएं थीं। सभी देशभाषाएं संस्कृत से पैदा हुईं, यह धारणा भी सही नहीं है। देशभाषाओं का अस्तित्व जिनमें हिंदी और उसके कई पूर्वरूप सम्मिलित हैं, वे संस्कृत से भी पहले से हैं। सिद्धों-नाथों ने इनका इस्तेमाल किया।

हिंदी में जिसे प्रतिवाद या प्रतिरोध कहा जाता है, उसमें असाधारण कुछ भी नहीं है। किसी भी स्वस्थ और जीवंत समाज में यह बहुत स्वाभाविक ढंग से निरंतर घटित होता है। किसी स्वस्थ समाज में केवल प्रतिरोध नहीं होता उसमें समाहार, पृथक्करण और आत्मसातीकरण की प्रक्रियाएं भी चलती रहती हैं। इधर हिंदी में नया चलन शुरू हुआ है। हम अपनी परंपराओं में केवल प्रतिरोध ढूंढ़ रहे हैं, जबकि उसको समाहार, पृथक्करण और आत्मसातीकरण की प्रक्रियाओं के साथ ही समझा जाना चाहिए।

सिद्धों-नाथों के यहां प्रतिरोध दिखता है, लेकिन सर्वथा ऐसा नहीं है। बौद्ध धर्म भी कई रूपों में हमारी धार्मिक परंपराओं में मौजूद है। कुछ विद्वानों का मानना है कि शंकराचार्य का अद्वैत दर्शन बौद्ध और ब्राह्मण दर्शनों के बीच तालमेल बिठाने का प्रयास था। राहुल सांस्कृत्यायन के अनुसार शंकराचार्य असंग के योगाचार दर्शन को नई बोतल में पुरानी शराब डालने की उक्ति के अनुसार एक नया रूप दे रहे थे। इसीलिए  शंकराचार्य को ‘प्रच्छन बौद्ध’ भी कहा जाता है।

बौद्ध और सिद्ध-नाथों की परंपराएं खत्म नहीं हुईं। ये कहीं स्वतंत्र, तो कहीं वैष्णव और अन्य स्थानीय परंपराओं के साथ अंतःक्रियाओं से आगे बढ़ीं। यहां तक कि लोकायतों की परंपरा के कई अवशेष उन्नीसवीं सदी में बंगाल की बाउल और कुछ अन्य परंपराओं में मिलते हैं। बौद्ध परंपराएं उड़ीसा के उन पंचसखाओं के यहां भी हैं, जहां वे वैष्णव परंपराओं के साथ अंतःक्रियाओं द्वारा रूपांतरित होकर मौजूद हैं। गोरखनाथ (ईसा की 10वीं सदी), कबीर और दादू की परंपराओं ने आगे चलकर इस्लाम, सूफी और वैष्णव परंपराओं के साथ अंतःक्रिया के बाद नए रूप धारण किए, जिससे सिख, बिश्नोई, जसनाथी, लालदासी, निरंजनी, बाबालाली, सीतारामीय, धामी, सत्तनामी, दरियादासी आदि नए संप्रदाय अस्तित्व में आए।

(2) सिद्धों और नाथों का काल बौद्ध धर्म के ह्रास और शैवधर्म के उदय का था। इसलिए उनके दर्शन और साधना का संबंध इन दोनों से है। वे अपने दार्शनिक मत में वेदांत के निकट हैं। उन्होंने भी अद्वैतवाद का प्रतिपादन किया, लेकिन उनके मार्ग और साधना पद्धतियां अलग हैं। वेदांत का जोर ज्ञान, मतलब आत्मचिंतन और तत्व-विचार पर है, जबकि सिद्धों-नाथों का आग्रह काया साधना पर है। वे इंद्रियों को अपने अधीन कर समाधि के मार्ग से अद्वैत स्थिति प्राप्त करने का आग्रह करते हैं। उन्होंने अपनी साधना को हठयोग कहा है।

उनका मानना है कि शरीर के नौ द्वारों को बंद करके वायु के आने-जाने का मार्ग यदि अवरुद्ध कर लिया जाए, तो उसका व्यापार 64 संधियों में होने लगेगा। इससे निश्चय ही कायाकल्प होगा और साधक एक ऐसे सिद्ध में परिणत हो जाएगा, जिसकी छाया नहीं पड़ती।

गोरखनाथ ने साधना के उत्कर्ष पर पहुंच जाने पर अनाहत नाद सुनाई पड़ने की बात कही है जो अद्वैत या ब्रह्मानुभूति की स्थिति है। वे कहते हैं कि साधना द्वारा ब्रह्मरंध्र में पहुंच जाने पर अनाहत नाद सुनाई पड़ता है, जो समस्त सार तत्वों का सार है और गंभीर है। इससे ब्रह्मानुभूति की स्थिति उपलब्ध होती है, जिसे स्वसंवेद्य होने के कारण शब्दों में कोई व्यक्त नहीं कर सकता। गोरखनाथ ने साधना के साथ अजपाजाप और ब्रह्मज्ञान को महत्व दिया। वे कहते हैं कि मन लगाकर ‘सोहं’ का जाप करने से धीरे-धीरे अभ्यास से ब्रह्मज्ञान अपने आप होने लगता है।

(3) गोरखनाथ (नवीं सदी) बुद्ध, महावीर और शंकराचार्य की तरह ही भारतीय जनसाधारण को बहुत दूर तक प्रभावित करनेवाले संत, दार्शनिक और साधक थे। उनका प्रभाव इतना गहरा और व्यापक है कि उनकी स्मृति आज भी कई रूपों में मौजूद है। उन्होंने शैव दर्शन के साथ कायासाधना को मिलाकर एक नए पंथ का प्रवर्तन किया, जिसे नाथपंथ कहा जाता है। कौलज्ञानी मत्स्येंद्रनाथ या मछंदरनाथ इनके गुरु थे। मत्स्येंद्रनाथ ही नाथ परंपरा के सबसे प्रथम आचार्य हैं। वे जालंधरपाद के गुरुभाई थे, जिनका सिद्ध परंपरा में बड़ा ऊंचा स्थान है- उन्हें हाड़िपा भी कहा जाता है।

यह उक्ति प्रसिद्ध है कि ‘जाग मछंदर गोरख आया।’ कहा जाता है कि मत्स्येंद्रनाथ एक बार असम के किसी कदली प्रदेश या ‘त्रिया-देश’ में जाकर ‘परकायाप्रवेश’ के सिद्धिबल से ऐहिक भोग-विलास में लिप्त हो गए थे। शिष्य गोरखनाथ ने वहीं जाकर, इन्हें सचेत कर भोग के बंधन से मुक्त करवाया। हजारीप्रसाद द्विवेदी का यह कहना सही है कि शंकराचार्य के बाद इतना प्रभावशाली और इतना महिमान्वित महापुरुष भारतवर्ष में दूसरा नहीं हुआ। भक्ति आंदोलन के पूर्व सबसे शक्तिशाली धार्मिक आंदोलन में गोरखनाथ का योगमार्ग ही था।

वैकल्पिक समाज का अस्तित्व किसी सामान्य समाज से बिलकुल अलग-थलग नहीं होता। यह उसी में, उसका हिस्सा होता है। यदि यह मान लिया जाए तो कहना चाहिए, सिद्ध-नाथ इसमें सफल हुए। उन्होंने लोगों को सहज जीवन की राह दिखाई। कई लोगों ने उनके अनुसार अपने जीवन को नए रूप में ढाला। सिद्धों-नाथों की पहल पर नए संप्रदाय और जातियां बनीं, जिनमें कोई ब्राह्मण हस्तक्षेप नहीं था। मनुष्य की मुक्ति के लिए मुहिम किसी ने भी चलाई हो, यह कभी असफल और खत्म नहीं होती। यह आनेवाली पीढ़ियों के संस्कार-स्मृति में जीवित रहती है और जरूरत पड़ने पर पुनर्नवा होकर फिर चल निकलती है।

(4) जातिवाद और पाखंड का विरोध भारतीय भक्ति चेतना के सभी रूपों में मिलता है। भक्ति चेतना के अधिकांश रूपों में ईश्वर के सम्मुख सभी मनुष्यों को बराबर माना गया है। भक्ति को प्रपत्ति का रूप देने में रामानुजाचार्य का योगदान कम नहीं है। बाद में रामानंद ने जातिवाद और पाखंड का विरोध किया।

यह बात नहीं है कि बौद्धों, सिद्धों-नाथों और संत-भक्तों के प्रयास निष्फल हुए। जातिवाद की जकड़बंदी पहले की तुलना में कम हुई है और पाखंड के प्रति भी समाज का नजरिया बदला है।  इसमें सिद्धों-नाथों और संत-भक्तों की बड़ी भूमिका है। यह समझने की जरूरत है कि जनसाधारण के लिए भक्ति का व्यक्त रूप कर्मकांड भी है। इसलिए विरोध के बावजूद यह लौटकर हर बार फिर प्रमुख हो जाता है। यह इतना जरूरी हो जाता है कि इसका विरोध करनेवाले भी अंततः इसको अपना लेते हैं। जब यह जड़ होकर सहज जीवन में बाधा बनता है, तो फिर इसका विरोध और उन्मूलन होता है। दो-तीन शताब्दियों के विस्तार में जाएं, तो यह किसी समाज में चलने वाली एक स्वाभाविक प्रक्रिया है।

कोई समाज किसी समय में केवल अच्छा या केवल खराब समाज नहीं होता है। यह अच्छा और बुरा, एकसाथ होता है। बुरे के विरुद्ध हर समय समाज में प्रतिक्रिया करने वाली ताकतें रहती हैं। हमारे समय और समाज में जातिवाद और पाखंड को राजनीति के नए रूपों ने भी काफी खाद-पानी दिया है।

(5) भारतीय भक्ति चेतना के लिए ‘आंदोलन’ शब्द का प्रयोग सही नहीं है। पंद्रहवीं-सोलहवीं सदियों में उत्तर भारत में भक्ति चेतना में आई त्वरा को आंदोलन कहा जाता है, लेकिन भारत में भक्ति की चेतना प्राग्वैदिक से काल से निरंतर है- इसमें कभी कोई व्यवधान नहीं आया।

आंदोलन औपनिवेशिक ज्ञान मीमांसा का दिया शब्द है। भक्ति चेतना को केवल उत्तर भारत तक सीमित करना भी गलत है। इसकी व्याप्ति देश के दक्षिण, उत्तर-पूर्व, कश्मीर आदि सभी क्षेत्रों में  है। सिद्ध-नाथ साहित्य भी इस व्यापक भक्ति चेतना का हिस्सा है।

पंद्रहवीं-सोलहवीं सदी की उत्तर भारतीय भक्ति चेतना के विभिन्न रूपों और प्रवृत्तियों के अधिकांश प्रस्थान सिद्ध और नाथ साहित्य में हैं। गोरखनाथ, नामदेव, पीपा, कबीर, रैदास, दरिया साहिब, मलूकदास आदि इस परंपरा में हैं। इनको अलग करके नहीं समझा जा सकता।

उड़ीसा में पंचसखाओं के संत काव्य में सिद्ध-नाथ और वैष्णव परंपराएं एकसाथ हैं। यही हाल मराठी के नामदेव, ज्ञानदेव, मुक्ताबाई, तुकाराम आदि का भी है। उनके यहां सिद्ध-नाथ परंपराओं के साथ वैष्णव परंपराएं घुल-मिल गई हैं। गोरखनाथ ने भारतीय भक्ति चेतना के अधिकांश रूपों को बहुत दूर तक प्रभावित किया है।

(6) अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपरा को उपयोगिता की निगाह से नहीं देखा जाना चाहिए। सिद्ध और नाथ अपने समय और समाज की ऐतिहासिक जरूरत थे। यह साफ दिखता नहीं है, लेकिन हमारी चेतना और स्मृति में उसके संस्कार अब भी हैं। यह अमूर्तन नहीं है, सच्चाई है कि अतीत पीढ़ी-दर-पीढ़ी, किसी-न-किसी तरह हमारे भीतर जीवित रहता है। सिद्ध और नाथ साहित्य ने सहज जीवन की पहल की। इसकी जरूरत हर समय और समाज को रहती है। सिद्ध और नाथ साहित्य ने तमाम अवरोधों और अंतर्बाधाओं के बीच समाज की आलोचना का साहस दिया और इसकी भाषा ईजाद की। आज भी उसकी जरूरत कम नहीं हुई है।

607, मैट्रिक्स पार्क, धनश्री वाटिका के पास, न्यू नवरतन कांपलेक्स, भुवाणा, उदयपुर- 310001, राजस्थान, मो. 9414325302

 
  अनिल कुमार राय
प्रोफेसर एवं पूर्व अध्यक्ष, हिंदी विभाग, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय। प्रगतिशील साहित्य और चिंतन में विशेष दिलचस्पी तथा इनसे जुड़ी अनेक सांगठनिक सक्रियताएं।

 

 नाथ पंथ के केंद्रों में अब रूढ़ियां और विकृतियां छा गई हैं 

रामचंद्र शुक्ल ने अपने हिंदी साहित्य के इतिहास में सिद्धों और नाथ योगियों की चर्चा करते हुए उनकी रचनाओं को तांत्रिक विधान, योगसाधना, आत्मनिग्रह, श्वास-निरोध, भीतरी चक्र और नाड़ियों की स्थिति, अंतर्मुख साधना के महत्व इत्यादि को सांप्रदायिक शिक्षा मात्र माना था और कहा था कि जीवन की स्वाभाविक अनुभूतियों और दशाओं से उनका कोई संबंध नहीं। इस आधार पर उन्होंने इन्हें शुद्ध साहित्य के अंतर्गत स्वीकार करने से मना कर दिया। पर उन्होंने भाषा, सांप्रदायिक प्रवृत्ति तथा उसके संस्कारों की परंपरा की दृष्टि से इस साहित्य पर विचार किया जाना जरूरी भी समझा।

हिंदी काव्यभाषा के पुराने रूप से परिचय के लिए सिद्धों में सबसे पुराने सरहपा को याद करते हुए आचार्य शुक्ल ने बज्रयानी सिद्धों द्वारा निम्न श्रेणी की जनता के बीच बाह्य पूजा, जाति-पांति, तीर्थाटन आदि के प्रति विरोध भाव की अभिव्यक्ति को महत्व दिया। उन्होंने कहा कि यही परंपरा अपने ढंग से नाथपंथियों ने भी जारी रखी और वही भक्तिकाल के निर्गुण संत संप्रदाय में विकसित हुई।

सिद्धों और नाथों के साहित्य के बारे में आचार्य शुक्ल के मत को यहां उद्धृत करने का आशय यह ध्यान दिलाना है कि इस साहित्य को धार्मिक-सांप्रदायिक शिक्षा कहकर शुद्ध साहित्य मानने से भले उन्होंने इनकार कर दिया हो, पर सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्य की दृष्टि से वे इसके महत्व को स्वीकार करते दिखते हैं। इस महत्व की चर्चा शुक्ल जी ही क्यों, हिंदी साहित्य और इतिहास के प्रायः सभी अध्येताओं के यहां मौजूद है और सभी अपने-अपने ढंग से सिद्ध-नाथ साहित्य की ऐतिहासिक भूमिका के महत्व को रेखांकित करते नजर आते हैं।

सिद्ध-नाथ साहित्य में प्रतिवाद की मौजूदगी की बात सच है। इसे ध्यान में रखते हुए यह कहना गलत नहीं है कि इस प्रतिवाद से हिंदी साहित्य का एक शुरुआती रिश्ता है। पर दिलचस्प यह है कि प्रतिवाद की यह शुरुआत सबसे पहले सिद्धों और नाथों के अपने खुद के मतवाद तथा साहित्य के भीतरी दायरे में है। बौद्धों की बज्रयान शाखा से निकले हुए सिद्ध मत की अपनी कोई एक परंपरा नहीं है। यहां परंपराएं हैं जिनका अपना अलग-अलग चरित्र है। सिद्घों के देहवाद और महासुखवाद का जीवन-दर्शन अनेक विकृतियों का भंडार रहा है। भोगमार्गी वामाचार उसके पतन का एक बड़ा कारण था। यह सिद्ध मत की एक परंपरा का एक बड़ा यथार्थ है।

एक दूसरी परंपरा नाथपंथ में विकसित होती है। सिद्धों की विकृत जीवन पद्धति और भोगवादी योग साधना का प्रतिवाद है नाथपंथ। नाथपंथ का हठयोग ईश्वर की उपासना के क्षेत्र में सिद्ध मत के इस भौतिक विद्रूप का अध्यात्मिक विकल्प है। नाथपंथ भी बौद्धों की बज्रयान शाखा से निकले सिद्ध-मार्ग का ही एक विकसित रूप है। राहुल सांकृत्यायन ने सिद्धों की परंपरा के विकास के रूप में ही नाथपंथ को देखा है। सिद्ध और नाथ मत के इस गहरे अंतःसंबंध के कारण नाथपंथी मत्स्येंद्रनाथ और गोरखनाथ का नाम चौरासी सिद्धों में भी शुमार है।

गोरखनाथ द्वारा मत्स्येंद्रनाथ की अध्यात्म-चेतना को जागरण की अवस्था में ले आने की कथा को सिद्ध और नाथपंथ के अंतःप्रतिवाद के एक संदर्भ के तौर पर भी ग्रहण किया जा सकता है। इस तरह से देखें तो अपने मत, सिद्धांत और भक्ति-योग-अध्यात्म की पद्धति तथा प्रक्रिया में अनेक समानताओं और उभयनिष्ठताओं के बावजूद सिद्ध और नाथपंथ में अंतर मौजूद है।

ऐतिहासिक रूप से एकसाथ, मिले-जुले होने के बाद भी सिद्ध-नाथ अपने विचार और साहित्य में एक जैसे नहीं हैं। इनके बीच संवाद और प्रतिवाद का संबंध है। यह प्रतिवाद सबसे पहले इनकी अपनी ही परंपरा में है। प्रतिवाद के एक दूसरे परिदृश्य में सिद्ध और नाथ साझी भूमिका में एकसाथ खड़े नजर आते हैं। यहां इनके सामने पहले से चली आ रही जाति-वर्ण की व्यवस्था होती ही है, जीवन और उपासना के क्षेत्र में जड़ जमाए कर्मकांड, बाह्याचार और पाखंड के साथ भाषा, ज्ञान और पांडित्य की कुलीनता की जड़ीभूत परंपरा का वर्चस्व भी होता है। सिद्ध-नाथ साहित्य इन सबका प्रतिपक्ष रचता है। यह इस साहित्य का सबसे मूल्यवान और सशक्त पक्ष है। यही पक्ष अपनी आगे की विकास-यात्रा में भक्तिकाल के संतों के साहित्य में प्रतिफलित होता है।

कोई साहित्य यदि अपने युग के सामाजिक-सांस्कृतिक संकट की पहचान करते हुए उसके लिए जिम्मेदार कारक तत्वों को उद्घाटित करने का साहस दिखाता है, तो यह उसका एक बड़ा मूल्य है। यह मूल्य सिद्ध-नाथ साहित्य में मौजूद है। हिंदी साहित्य के आरंभ का कालखंड यदि सामाजिक-राजनीतिक संघर्षों का साक्षी था, तो हजारों वर्षों से चली आ रही सामाजिक संरचना की भीतरी समस्याओं और अनेक तरह की विकृतियों का यथार्थ भी उसके सामने था। आध्यात्मिक और रहस्यात्मक, यौगिक और तांत्रिक मतवादों का समाज के इन प्रश्नों-संकटों से अप्रभावित रह पाना असंभव था।

इसलिए उस दौर के हिंदी साहित्य की इस धारा का प्रतिरोधी स्वर स्वाभाविक था। समाज व्यवस्था में यदि विभेदीकरण की प्रवृत्तियां होंगी, कोई ऊंच और कोई नीच होगा, पाखंड और अन्याय होगा, तो उसे अनैतिक बताने वाला साहित्य भी होगा। साहित्य इसी दायित्व की पूर्ति करता है। प्रतिवाद केवल प्रत्यक्ष भौतिक-सामाजिक शक्तियों का नहीं होता, समाज में बद्धमूल पारंपरिक सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों का भी होता है। यह भी संघर्ष का एक रूप है। यह भी एक प्रतिरोध है। बल्कि कई बार यह प्रत्यक्ष भौतिक संघर्ष से कहीं ज्यादा बड़ा, कठिन और चुनौतीपूर्ण होता है।

हजारी प्रसाद द्विवेदी ने यूं ही नहीं कह दिया था कि गोरखनाथ अपने युग के सबसे बड़े नेता थे। द्विवेदी जी का यह कथन गोरखनाथ के बहाने सिद्ध-नाथ साहित्य के अखिल भारतीय प्रभाव और उसके साधारण जनता की वाणी के प्रतिनिधि होने की सूचना देता है। नाथ साहित्य में अपने समय के विद्रूपों से संघर्ष की चेतना विद्यमान थी। वह अपने समय की एक सीमित ही सही, पर सच्ची आलोचना तैयार कर रहा था। गोरखपंथ के लिए ‘गोरखधंधा’ जैसे शब्दों का व्यवहार इसी आलोचना की प्रतिक्रिया में पैदा हुए तत्कालीन शक्ति केंद्रों के क्षोभ का चिह्न है।

सिद्धों-नाथों के प्रतिवाद और परंपराओं के बारे में उनके नए रुख का सवाल एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। वस्तुतः नई परंपरा का सवाल, एक दूसरी परंपरा का, या प्रतिवादी परंपरा का ही सवाल है। प्रतिवाद से ही नई परंपरा, या पहले की परंपरा के प्रति एक नए रुख का पता चलता है। यह प्रतिवाद, याकि परंपरा के बारे में एक नया रुख, दरअसल पुरानी परंपरा का प्रतिवाद है।

संस्कृत भाषा की परंपरा, शास्त्र और ज्ञान के आचार्यत्व की परंपरा, सामाजिक-सांस्कृतिक श्रेष्ठता अथवा जाति-वर्ण के श्रेणीकरण और पदानुक्रम की परंपरा के सापेक्ष अपभ्रंश, प्राकृताभास हिंदी, बोलियों-लोकभाषाओं से विकसित एक नई भाषा ‘हिंदी’ की परंपरा, शुद्ध अंतःसाधना, गुरु-माहात्म्य और मानवीय एकता तथा समानता के प्रतिपादन की परंपरा। स्पष्ट है कि सिद्धों-नाथों के संदर्भ में प्रतिवाद और परंपरा के प्रति नए रुख का सवाल परस्पर अविभाज्य है।

गोरखनाथ के नेतृत्व में सिद्ध-नाथ परंपरा को एक देशव्यापी स्वीकृति और प्रसार मिला। इस विशाल भूखंड की सामान्य और विशिष्ट समुदाय की जनता में इस मत को प्रतिष्ठा मिली ही, पूर्ववर्ती परंपरा के विभिन्न दार्शनिक और धार्मिक संप्रदायों के साथ इस पंथ का गहरा संबंध बनता गया। भक्ति और दर्शन की बहुत सारी सरणियां इसमें समाहित होती गईं।

नाथपंथ ने अपने साहित्य में अंत:साधना और योगमार्ग की विभिन्न पद्धतियों का चित्रण करते हुए गुरु-शिष्य के संबंध और महत्व को रेखांकित किया। उसने जीवन में सत्य, त्याग, नैतिकता, वैराग्य आदि आदर्शों की ओर सबका ध्यान खींचा। कबीर-जायसी आदि भक्तिकालीन निर्गुण कवियों के लिए रहस्यवाद का मार्ग इसी से प्रशस्त हुआ। जायसी और अन्य प्रेममार्गी सूफी कवियों के यहां योगमार्ग के विभिन्न चरणों और तत्वों की उपस्थिति के पीछे सिद्धों-नाथों के दर्शन और साहित्य की प्रेरणाएं रही हैं। इसका भक्तिकाव्य के केवल भावपक्ष पर ही नहीं, बल्कि भाषा और शिल्प पर भी गहरा प्रभाव रहा है।

लोकजागरण भक्तिआंदोलन का मूल चरित्र है। व्यापक लोक संपृक्ति सिद्ध-नाथ साहित्य की प्रमुख विशेषताओं में से एक है। साधारण शिक्षित-अशिक्षित जनता के बीच सिद्धों-नाथों का बहुत आदर रहा है। लोक में इनकी यौगिक सिद्धियों और चमत्कारों के प्रति एक स्वाभाविक उत्सुकता और आकर्षण का भाव रहा ही है, सामाजिक स्तर पर श्रेणीकरण और विभाजन-विरोधी विचारों के कारण इनके प्रति लोगों में एक गहरा विश्वास भी रहा है। उस कालखंड के इतिहास के अध्ययन से जनता में सिद्धों और नाथों के प्रति एक व्यापक स्वीकृति-भाव का अनुभव करना कठिन नहीं है। उन्होंने केवल शब्दों में मनुष्य की समानताओं की चर्चा नहीं की, बल्कि उसे अपने पंथ के आचारशास्त्र में भी संभव कर दिखाया।

सिद्धों और नाथों की अबतक प्राप्त सूचियों पर नजर डालें, तो यह एक तरह से हजारों वर्ष पहले के सामाजिक-सांस्कृतिक लोकतंत्र जैसा प्रतीत होता है। एक बहुजातीय-बहुधार्मिक पंथ का ऐसा ढांचा दुर्लभ है।

नाथसिद्धों की बहुत सारी सूचियां हैं। तिब्बत की तेंजूर ग्रंथ-सूची, वर्णरत्नाकर की सूची, परशुराम चतुर्वेदी की सूची, राहुल सांकृत्यायन की सूची आदि। कहीं किसी सूची में इनकी संख्या चौरासी है, तो कहीं छिहत्तर और सतहत्तर। एक सूची में तो एक सौ सैंतीस नाथसिद्धों का उल्लेख है। राहुल जी द्वारा तिब्बत से प्राप्त  चौरासी नाथसिद्धों की एक ऐसी सूची दी गई है, जिसमें नाम, जाति, देश और समकालीन राजा या सिद्ध का विवरण है। इस सूची से प्राप्त विवरणों से यह समझा जा सकता है कि सिद्ध-नाथ मत और साहित्य की कितनी व्यापक लोक-स्वीकृति रही है! केवल विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों की स्वीकृति नहीं, विभिन्न जातियों, वर्णों, धार्मिक समुदायों और भाषाक्षेत्रों की व्यापक लोक-स्वीकृति। इस सूची में दर्ज सिद्ध विभिन्न जातियों और वर्णों से संबंधित हैं। ये ब्राह्मण, क्षत्रिय जैसी कथित ऊंची जातियों से हैं ही, प्रायः अशिक्षित और निचली श्रेणी, या शूद्र जातियों से आए हुए सिद्धों के नाम भी इसमें शामिल हैं। मछुआ, चर्मकार, तंतवा, धोबी, लकड़हारा, लोहार, डोम, चिड़ीमार, कहार, दरजी जैसी दलित-पिछड़ी जातियों के प्रतिनिधि सिद्धों से भरी यह सूची सिद्ध-नाथ परंपरा के सामाजिक-सांस्कृतिक चरित्र में व्यापक लोक-स्वीकृति का साक्ष्य है।

यहां वर्ण और धर्म की एक खुली हुई दुनिया है। यहां ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र तो हैं ही, हिंदू समाज के बाहर के सिद्ध भी हैं। नाथ-परंपरा में भी यह वैविध्य देखा जा सकता है। यह वैविध्य एक प्रकार का प्रतिवाद है। वर्ण-संप्रदाय-धर्म के जड़ ढांचे के एक सांस्थानिक प्रतिरोध के रूप में इसे देखा जा सकता है। यह एक व्यापक लोक-संबद्धता से ही संभव है।

मुसलमानों और नाथपंथ के बीच का संबंध बहुत दिलचस्प है। रामचंद्र शुक्ल और हजारी प्रसाद द्विवेदी, दोनों ही इस संबंध के महत्व की चर्चा करते हैं। द्विवेदी जी वयनजीवी गृहस्थ योगियों की कुछ जातियों का हवाला देते हुए उनके मुसलमान होने का जिक्र करते हैं। उनका अनुमान है कि दसवीं-ग्यारहवीं शताब्दी के बाद वेदबाह्य संप्रदाय धीरे-धीरे मुसलमान होते गए और गोरखनाथ ने अपने योगमार्ग में ऐसे अनेक मार्गों का संघटन कर लिया होगा। आचार्य शुक्ल के अनुसार नाथपंथ के उपदेशों का प्रभाव हिंदुओं के अतिरिक्त मुसलमानों पर भी प्रारंभ काल में ही पड़ा। बहुत से मुसलमान, निम्न श्रेणी के ही सही, नाथपंथ में आए।

अब भी इस हिंदी प्रदेश में बहुत से मुसलमान जोगी गेरुआ वस्त्र पहने, गुदड़ी की लंबी झोली लटकाए सारंगी बजा-बजाकर भरथरी के गीत गाते फिरते हैं और पूछने पर गोरखनाथ को अपना आदिगुरु बताते हैं। आचार्य शुक्ल गेरुआ वस्त्रधारी जिन मुसलमान योगियों की बात कर रहे हैं, आज भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, भदोही, देवगांव और लालगंज के अलावा लखनऊ, हरदोई और फतेहपुर के आस-पास इनकी आबादी देखी जा सकती है।

दूसरे प्रांतों- बिहार और बंगाल में भी एक विशिष्ट धार्मिक-सांस्कृतिक जीवन-शैली के कारण इनकी उपस्थिति ध्यान खींचती है। ये कनफटे नाथपंथी योगियों की परंपरा में हैं, या नहीं, ये आचार्य द्विवेदी द्वारा संदर्भित मध्यकाल की जुगी जाति से जुड़ते हैं, या नहीं, आज यह सवाल इनके बारे में उतना महत्वपूर्ण नहीं है, जितना यह तथ्य कि गोरखपंथी जोगियों जैसे दिखते इस समुदाय के व्यवहार में एक ऐसी गैर-सांप्रदायिकता और पंथनिरपेक्षता देखी जा सकती है, जो आज के दौर में हमारे समाज के लिए बहुत अर्थपूर्ण हो सकती है।

नाथपंथी योगियों या हिंदू साधुओं का बाना धारण किए हुए हिंदू आख्यानक गीतों, चरितों या उपदेशों का गायन करते हुए गोरखपुर, अयोध्या और काशी के मंदिरों तक का प्रवास केवल भौतिक-आर्थिक और भौगौलिक कर्म-व्यापार नहीं है, यह एक सांस्कृतिक उपक्रम भी है। निश्चय ही, इसके लिए एक अलग विमर्श की जरूरत है। उस विमर्श में यह विचार का विषय होगा कि ये कोई कलीमुल्लाह, कोई सुभानुल्लाह, कोई एजाज, कोई माजिद हैं। इनकी नागरिकता हिंदू की नहीं, मुसलमान की है। ऐसा मुसलमान जो नमाज पढ़ता है, रोजा रखता है, जो मस्जिद जाता है, मरने के बाद जिसे जलाया नहीं जाता, दफन किया जाता है। ऐसा मुसलमान जोगी है जो मकर संक्रांति के पर्व पर गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाता है। निश्चय ही, यह अपने बारे में विमर्श का प्रस्ताव देता जान पड़ता है।

इस विमर्श में थोड़ा आगे बढ़ें, तो पाएंगे कि इस जोगी का व्यक्तित्व विभाजित नहीं है। यह एक धार्मिक सांस्कृतिक आस्था के लिए दूसरी का निषेध नहीं करता। जोगी का मन निर्द्वंद्व है। वह बताता है कि अलग-अलग आस्थाओं का भावात्मक समन्वय एक ही मन के भीतर घटित हो सकता है, वह यह भी बताता है कि यदि अपने मन को जोगी के मन जैसा अकुंठ और स्वाधीन होने दिया जाए, तो वह धर्म और संस्कृति की बहुरंगी धाराओं को एकसाथ समेट सकता है।

नाथपंथ ने अपनी योग साधना और दार्शनिक-अध्यात्मिक मान्यताओं के प्रसार के साथ ही लोक-जीवन में व्याप्त विकृतियों के विरुद्ध अपने साहित्य और भौतिक प्रयत्नों से एक सार्थक वातावरण बनाया था। उन्होंने आंखों देखे समाज की सचाइयों को उद्घाटित किया था। और जनता को उनके प्रति सचेत किया था। इस साहित्य की यही चेतना भक्तिकाव्य की सामाजिक अंतर्वस्तु के लिए प्रेरणा बन गई।

सिद्धों-नाथों  की निडरता, स्पष्ट कथन, साहस और सत्य के प्रति निष्ठा परवर्ती युगों के लिए एक मार्गदर्शक संहिता हो गई। कबीर, जायसी और अन्य निर्गुणमार्गी संत कवियों की वाणी और व्यवहार में ऐसे जिन तत्वों को हम देखते-अनुभव करते हैं, कहना न होगा कि इनका स्रोत सिद्धों-नाथों के जीवन और साहित्य में देखा जा सकता है।

हिंदी क्षेत्र के भक्ति आंदोलन का निर्गुण साहित्य सिद्ध-नाथ साहित्य से प्रेरणा ग्रहण करता हुआ विकसित हुआ है। पर ऐतिहासिक कालखंड और सामाजिक-राजनीतिक-धार्मिक स्थितियों के अंतर की वजह से भक्ति साहित्य की प्रकृति ठीक वही नहीं हो सकती थी, जो सिद्ध-नाथ साहित्य की थी। रहस्यवादी तत्वों के प्रभाव के बाद भी बहुत-सी चमत्कारपूर्ण यौगिक क्रियाओं, गुह्य-अश्लील-विकृत प्रपंचों से भक्त कवियों ने अपने को सुरक्षित बचा लिया और मानवीय जीवन की स्वस्थ-सुंदर अनुभूतियों को रचना का विषय बनाया। यहां जीवन अपनी समग्रता में चित्रित होकर साहित्य के अध्येताओं-आस्वादकों के भाव-विचार का विषय बना। सिद्धियों और चमत्कारों की दुनिया से बाहर निकलकर भक्तिकाल के साहित्य ने मनुष्य के जीवन के राग-विराग से, उसकी अनुभूतियों और संवेदनाओं से रचे-बसे संसार में अपने लिए जगह खोज ली।

भक्तिकाल में आरंभ हुई साहित्य की इस नई लोकयात्रा की बहुत सारी उपलब्धियां हैं। यह भक्तिकाल ही है, जहां भक्तों-संतों की आंखों ने पहली बार वैकल्पिक समाज के स्वप्न देखे, जहां पहली बार इन सामाजिक-सांस्कृतिक वास्तुकारों ने रामराज्य, वृंदावन, बेगमपुरा, अमरदेसवा की परियोजना के मानचित्र बनाए! एक वैचारिक यात्रा, जो सिद्ध-नाथ साहित्य से शुरु हुई थी, वह कुछ मूर्त्त, ठोस और सार्थक रूप में भक्तिकाल में रूपाकर ग्रहण करती दिखती है।

इस वैकल्पिक समाज का स्वप्न जिस रूप में यहां देखा गया, शायद सिद्ध-नाथ साहित्य में नहीं देखा जा सका था। केवल मन की शुद्धता, इंद्रिय निग्रह, अंतःसाधना, कुंडलिनी जागरण, गुरु के महत्व-स्थापन आदि भाववादी उपकरणों के सहारे नए समाज की रचना हो पाना संभव नहीं है। यह सच है कि नैतिक मूल्यों-आदर्शों के बिना हम एक सुंदर, कोमल, उदात्त और स्वाधीन समाज नहीं बना सकते, पर यह भी सच है कि केवल इन मूल्यों के महत्व-प्रतिपादन से भी यह संभव नहीं। इसलिए इन सिद्धों-नाथों की भूमिकाओं और उनकी सफलता-असफलता का मूल्यांकन इन बड़ी अपेक्षाओं पर शायद उचित नहीं है।

दुर्भाग्यपूर्ण केवल यही नहीं है कि नाथपंथ का एक बड़ा केंद्र रहा इस देश का हिंदी क्षेत्र आज जातिवाद, धर्मवाद, संप्रदायवाद और अनेक तरह की रूढ़ियों तथा विकृतियों के एक मुफीद क्षेत्र में बदल गया है। दुर्भाग्यपूर्ण यह भी है कि भक्तिकालीन लोकजागरण, आधुनिक नवजागरण और राष्ट्रीय आंदोलन का एक प्रभावकारी केंद्र रहा यह हिंदी क्षेत्र अपनी बहुत सारी मान्यताओं, विश्वासों और व्यवहारों में मध्ययुग की ओर वापस जाता दिख रहा है।

इसलिए यहां सवाल केवल नाथपंथ के इतिहास, उसकी भूमिका और प्रभाव के मूल्यांकन का नहीं है, एक समग्र और व्यापक समाजार्थिक-राजनीतिक गतिशास्त्र यहां विश्लेषण का विषय है।

जातिवाद और पाखंड जैसी समस्याओं की संरचना बहुस्तरीय है। इसे केवल सुदूर अतीत में अस्तित्व में आए  सिद्ध-नाथ मत और साहित्य के संदर्भ में नहीं समझा जा सकता।

साहित्य और अध्यात्म के उपकरण बहुत कोमल होते हैं। इनसे हिंदी क्षेत्र क्या, आज पूरी दुनिया के ही ध्वंस पर आमादा शक्तियों की हजार-हजार राक्षसी बाहों का मुकाबला भला कैसे किया जा सकता है! जातिवादी और पाखंडी बनाने वाली मशीन की गति बहुत तेज है। साहित्यिक और भावात्मक प्रयत्नों से इसके मुकाबले की कोशिश तो की जा सकती है, पर केवल इन्हीं के बल पर इसे जीता नहीं जा सकता।

सिद्ध-नाथ साहित्य में मौजूद जिस अध्यात्मिक -यौगिक ज्ञान की चर्चा की जाती है, उसके बारे में तो नहीं कुछ कह सकता। पर उसके दैहिक महासुखवाद और वामाचार का आज की दुनिया के लिए, आज की संकटग्रस्त मनुष्यता के लिए कोई महत्व हो सकता है क्या? इसपर कोई सकारात्मक जवाब नजर नहीं आता। इस साहित्य का एक पक्ष, जो विकसित होकर भक्ति आंदोलन को प्रेरित-प्रभावित करता दिखता है, जिसकी चिंता के केंद्र में वंचितों की दुनिया है, मनुष्यता का स्वप्न है, विकृतियों से रहित एक सुंदर समाज की कल्पना है, जिसमें दुख से मुक्ति की आकांक्षा और अपार करुणा है, ऐसे साहित्य के बारे में भला क्या कहना! क्या इसके मूल्य और महत्व के लिए भी कोई तर्क देना पड़ेगा!

एच – 15 , हीरापुरी, विश्वविद्यालय परिसर, गोरखपुर-273009 (उप्र) मो.9415080500

 
  गोपाल प्रधान
वरिष्ठ आलोचक। ‘छायावाद युगीन साहित्यिक वाद विवाद’, ‘हिंदी नवरत्न’, ‘कोरोना काल के विमर्श’ तथा ‘नई सदी में मार्क्सवाद’ आदि पुस्तकें। संप्रति अंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली में अध्यापन।

 

 सिद्धों और नाथों की विद्रोही धारा का भक्ति आंदोलन पर असर है

(1) सिद्ध साहित्य के प्रसंग में यह जगजानी बात है कि इसकी उत्पत्ति ही अकुलीन है, इसलिए प्रतिवाद उसके आदि में है। उसकी रहस्यात्मकता भी इस प्रतिवाद का पता सहज ही दे देती है। सामाजिक रूप से गोप्य को ही रहस्य बनाकर पेश करने की जरूरत पड़ती है।

भाषा स्वयं मनुष्य पर थोपी गई नियति का प्रतिवाद करने की प्रक्रिया में उपजी है। सिद्धों के साहित्य से जुड़ी परिस्थितियों का विवेचन करते हुए हजारी प्रसाद द्विवेदी ने ठीक ही बताया है कि हिंदी लोगों के कंठ में थी, लेकिन अनुकूल माहौल मिलते ही साहित्य के माध्यम के रूप में आ गई। जनता के बीच उसकी मौजूदगी का सबूत कालिदास के पुरुरवा के शोकाकुल होने पर उसके मुख से निकले अपभ्रंश दोहे में मिलता है। जनता के बीच लोकप्रिय इसी अपभ्रंश के आसपास की भाषा सिद्धों के कथनों की भाषा भी बनी। उनकी सामाजिक स्थिति और उनकी आध्यात्मिक मान्यताओं से पता चलता है कि वे बहिष्कृत और हाशिए पर थे। उनके कथनों में स्थापित धार्मिक मान्यताओं का प्रतिरोध उनके नए धार्मिक आचरण में व्यक्त होता है, क्योंकि आधुनिक काल से पहले के अधिकांश प्रतिरोध धार्मिक आवरण में व्यक्त हुए थे। बुद्ध द्वारा संचालित धर्म ने ही उन सिद्धों को यह रास्ता उपलब्ध कराया था। खुद बौद्ध धर्म के उपदेशों के लिए पालि का चुनाव भी उसकी इस वैकल्पिकता को पुष्ट करता है।

अगर हम हिंदी साहित्य का समूचा इतिहास देखें तो उसकी विकासधारा साहित्य की भाषा को जनता की भाषा के पास लाने की है। यह बात केवल भाषा के बारे में लागू नहीं होती। आखिर भाषा मनुष्य की चेतना की सबसे पहली अभिव्यक्ति है। इसका अर्थ यह है कि साहित्य की भाषा के जनता की भाषा के करीब आने की प्रक्रिया साहित्य की चेतना के भीतर भी जनता के आने की है। इस परंपरा से आज जनता की भाषा में हिंदी और उर्दू को अलग करना संभव नहीं है। नाथपंथ के गुरु गोरखनाथ कविता की उस सामान्य भूमि का निर्माण करते हैं, जिसपर बाद में चलकर कबीर खड़े हुए। यह दुर्भाग्य की बात है कि उनके नाम से स्थापित मठ का महंत इस साझेपन की निंदा करता है। गोरखनाथ के साथ योग का गहरा रिश्ता है और बताने की जरूरत नहीं कि गोपीचंद और राजा भरथरी के गीत गाने वाले अधिकांश योगी मुसलमान होते हैं और गेरुआ वस्त्र पहनते हैं। फिलहाल उनके इस दोरंगे आचरण पर दोनों ही धर्मों में आई कट्टरता के कारण से संकट बढ़ा हुआ है। ये गायक योगी गोपीचंद और राजा भरथरी के गीत गाने से पहले गोरखनाथ की वंदना करते हैं।

कबीर खुद लालन-पालन से मुसलमान थे। बाद में उनके हिंदूकरण की परियोजना के तहत उनकी माता कल्पित की गई। कबीरपंथ में उनके जन्म की जगह प्राकट्य का जिक्र होता है। अली सरदार जाफरी ने कबीर की कविता का एक संग्रह किया है जिसमें उनका सूफी तत्व प्रधान नजर आता है। एक और बात कि हिंदी की जननी संस्कृत नहीं है यह बात हिंदी शब्दानुशासन के लेखक किशोरीदास वाजपेयी से लेकर राधावल्लभ त्रिपाठी तक मानते हैं। हिंदी के स्वरूप के बारे में इन स्पष्टीकरणों की अधिक जरूरत आज पैदा हो गई है। जाहिर है हिंदी की शुरुआत देववाणी की प्रतिष्ठा से लड़कर हुई।

सिद्ध साहित्य की बात जाने दीजिए, तुलसीदास तक को लोकभाषा की प्रतिष्ठा का दंश झेलना पड़ा था।

(2) सिद्धों ने परंपरा का पुनराविष्कार किया। उन्होंने अत्यधिक कर्मकांड के विरोध के लिए बुद्ध के धर्म का सहारा लिया। यह समझना जरूरी है कि जब भी कोई नया उभार किसी पुरानी धारा को अपनाता है तो उसे जस का तस नहीं ग्रहण करता। परंपरा को नवीनता इसी तरह प्राप्त होती है कि नई जरूरतों के लिहाज से उसे ढाला जाता है। अंबेडकर ने जिस बुद्ध को अपनाया, वे नए थे। इसी तरह सिद्धों ने भी बुद्ध के धर्म को अपने समय की जरूरत के हिसाब से रंगा था। पवित्रता के अपने भीतर अवस्थित होने पर उनका जोर उसे बाहर खोजने का प्रतिवाद है। सिद्धों के कथन बहुधा नास्तिकता की सीमा छू आते हैं।

गोरखनाथ के प्रसंग में रामविलास शर्मा ने उनकी अखिल भारतीय व्याप्ति पर जोर दिया है। इससे पता चलता है कि तत्कालीन स्थापित धार्मिक आचार-व्यवहार के प्रति विक्षोभ समूचे महाद्वीप में था। बाह्याचार तत्कालीन ब्राह्मण धर्म का प्राण था, इसलिए उसका प्रतिवाद सबसे अधिक हुआ। यह बात सर्वभारतीय थी, क्योंकि ब्राह्मण धर्म इस भूभाग में सर्वव्याप्त था। जिस दोहे को रैदास के साथ जोड़ा जाता है, उसके रचयिता गोरखनाथ अनायास नहीं थे। हम जानते हैं कि चमड़े वाली कठौती को गंगा जैसी पवित्रता प्रदान करके गंगा की पवित्रता की धारणा का प्रतिवाद करने वाले संत रैदास को नुकसान पहुंचाने की हिम्मत कभी नहीं की जा सकी। इतना ही नहीं उनके इस कथन के जिंदा बचे रहने की वजह भी उस प्रतिवाद के फिर फिर जीवित होते रहने में निहित है।

प्रतिवाद का नवीकरण केवल विचार के स्तर पर ही नहीं रहा होगा, बल्कि कुछ सामाजिक ताकतों और कई संस्थाओं का ढांचा ऐसा रहा होगा जहां ऐसी प्रतिवादी वैकल्पिकता का पोषण और संवर्धन होता रहा होगा। इस मामले में सबसे अधिक अचरज मीरा के बारे में होता है जो न केवल कथनों में विद्रोही थीं बल्कि घुमंतू संतों के साथ रहीं।

इससे यह भी अनुमान होता है कि यह वैचारिक विद्रोह जरूर किसी ठोस सामाजिक आधार पर खड़ा था, अन्यथा तत्कालीन समाज उन्हें जिंदा न रहने देता। इसी कारण यह धारणा भी सत्य से बहुत दूर नहीं प्रतीत होती कि भक्ति आंदोलन बहुत गहरा सामाजिक आंदोलन था, अन्यथा रैदास को मीरा के गुरु की मान्यता न मिली होती।

(3) मार्क्स के अभिन्न मित्र एंगेल्स ने जोर देकर कहा था कि आधुनिक काल से पहले के लगभग सभी विद्रोह धर्म के आवरण में हुए। इसी किस्म का विद्रोह सिद्धों और नाथों के साहित्य में भी था। हमारे देश में बहुत सारे समुदाय हैं जो प्रभुताशाली सामाजिक ढांचे से भिन्न जीवन बिताते हैं। एक ही किस्म के आचरण को राज और समाज की मान्यता देने और स्थापित करने की हताशा भरी कोशिश से ही सिद्ध है कि उनकी मौजूदगी आज भी बनी हुई है। अगर ऐसा न होता तो एक ही संप्रदाय को इतना भारी समर्थन होने के बावजूद अन्य पंथ जीवित न होते। उनकी मौजूदगी ही सिद्धों और नाथों के विद्रोह से बनी धारा के प्रभाव का सबूत है। इस सिलसिले में याद रखना होगा कि हिंदू धर्म के भीतर ही वैष्णव के साथ-साथ शैव और शाक्त परंपराएं भी रही हैं। इस समय के उन्माद की संकीर्णता इससे सिद्ध है कि केवल वैष्णव और उसमें भी एक शाखा ही एकमात्र मान्य आचरण के बतौर थोपने की कोशिश हो रही है।

(4) समाज की किसी भी परिघटना का विकास अन्य घटकों से पूरी तरह स्वतंत्र होकर नहीं हो सकता। चूंकि उसके वाहक मनुष्य होते हैं, इसलिए कोई भी परिघटना मानव इतिहास के अधीन होती है। धर्मों के मामले में ही देखें तो जो इस्लाम पिता की जायदाद में पुत्री के अधिकार को मान्यता देने वाला एकमात्र धर्म है, वही स्त्री मुक्ति पर सबसे अधिक बंदिश लगाने वाला बन गया है या माना जाने लगा है। उसी तरह सिख धर्म भी उदार होने के बावजूद एक दौर में आतंकवाद के चंगुल में फंसा हुआ था। बौद्ध धर्म करुणा के लिए प्रसिद्ध होने के बावजूद म्यांमार में रोहिंग्या के उत्पीड़न का औजार बन गया है। इसाई धर्म भी सहिष्णुता वाला होने के बावजूद गोरों के हाथों दूसरे ही रूप में बदल गया। किसी भी पंथ या संप्रदाय का कोई अपरिवर्तनीय सार नहीं होता। वह ऐतिहासिक बदलावों से प्रभावित होता रहता है।

(5) भक्ति आंदोलन उसी विद्रोह का विकास है जो सिद्धों और नाथों के रूप में सामने आया था। गोरखनाथ ने भी सिद्धों से सब कुछ नहीं ले लिया। मत्स्येंद्रनाथ और गोरखनाथ के बीच के टकराव की कथा प्रसिद्ध है। इस तरह विकास होने का अर्थ ही है कि भक्ति ने संग्रह और त्याग का तरीका अपनाया था। कोई भी कवि या चिंतक पहले से आते हुए को जस का तस नहीं अपनाता। परंपरा का परिष्कार सबके लिए आवश्यक होता है। यदि परिष्कार न हुआ तो परंपरा सड़ने लगती है। दमघोंटू सामाजिक यथार्थ का विरोध ही वह तत्व है जो इन तीनों को आपस में जोड़ता है।

(6) कहने की जरूरत नहीं कि किसी भी मामले में जितना वह प्रत्यक्ष है उतना ही वह नहीं होता। देख हम उतना ही पाते हैं जो स्थापित है। स्थापितों के बीच भी वर्चस्व की लड़ाई जारी रहती है। फिलहाल हिंदू धर्म के भीतर भी एक ही प्रकार को सत्ता का साथ मिला हुआ है, इसलिए केवल वही नजर आ रहा है। इन स्थितियों में अनेकानेक पंथों और आचारों की मौजूदगी के उद्घाटन से ही सिद्धों-नाथों की धार्मिक पहचान भी प्रकट हो सकती है। इस पहचान को स्वीकार किए जाने के उपरांत ही उनके साहित्य का महत्व समझा जा सकता है।

आज समाज और राजनीति की दुनिया में जैसी कट्टर और उग्र धर्मांधता व्याप्त है, सिद्ध और नाथ साहित्य का स्मरण साहित्य के अपने धर्म की याद दिलाने के लिए जरूरी है। साहित्यकार को अगर फिर से चारण या बधाई गाने वाला नहीं बनना है तो उसे जनता की बेहतरी के सामाजिक प्रयास का अंग होना चाहिए। बेहतरी की कोशिश का साथ देने का अर्थ है उन चीजों की आलोचना जो बेहतरी की राह में बाधा हैं। आलोचना की यह धारा बहुत पुरानी है और लगातार पुनर्नवा होती रहती है। इससे प्रेरणा लेकर आज भी बहुत कुछ किया जा सकता है।

398 पॉकेट 3, सेक्टर 19, द्वारका, नई दिल्ली – 110075

gopaljeepradhan@gmail.com

 
  दिनेश कुशवाह
वरिष्ठ कवि, आलोचक एवं अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष।

 

आज के साहित्यप्रेमियों का परिचय सिद्ध-नाथ साहित्य से अवश्य होना चाहिए

अपभ्रंश भाषा का प्रयोग बारहवीं शताब्दी तक साहित्य में होता रहा है। कहते हैं 1000 ईसवी तक यह हिंदी जनता में बोलचाल की भाषा के रूप में प्रतिष्ठित हो गई थी। हिंदी साहित्य के आदिकाल में सिद्ध संप्रदाय, नाथ संप्रदाय और जैन संप्रदाय का विशेष प्रभाव है। बौद्ध धर्म के वज्रयान के साधक ही सिद्ध कहलाते थे। उस समय सिद्धों का प्रभाव जनता पर बहुत था। 12वीं शताब्दी के आस-पास बौद्ध सिद्धों की प्रतिक्रिया और मिश्रित प्रभाव में नाथ संप्रदाय का उदय हुआ।

आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी ने अपनी पुस्तक ‘नाथ संप्रदाय’ में शैव, शाक्त और वैष्णव तंत्र की चर्चा की है जिसमें शैव और शाक्त तंत्र को अवैदिक परंपरा का हिस्सा माना है। सिद्धों और नाथों में वैदिक परंपराओं की कोई पूछ नहीं है। उन्होंने वेदों से निकली अजर-अमर वर्णवादी व्यवस्था को नकार दिया जिसे वे ईश्वरकृत बताते थे। आदि शंकराचार्य ने उसी कालखंड में बौद्ध ठिकानों के विध्वंस और अपने शास्त्रार्थों से एक ऐसा वातावरण बनाया था जो वैदिक परंपरा के पक्ष में खड़ा हुआ था और कालांतर में मंद पड़ते-पड़ते बाद में वह परंपरा फिर भभक उठी। मुझे आश्चर्य होता है कि जिस वैदिक धारा ने जाति संरचना को स्थाई बनाया, उसके समानांतर जातिवाद-पाखंड-रूढ़ि तथा अंधविश्वासों के खिलाफ बहने वाली आजीविकों, लोकायतों, बौद्धों की श्रमण संस्कृति को विद्वानों ने ‘अंधकार युग’ क्यों कहा। बुद्ध के समय में मौजूद छह दर्शनों में पतंजलि के योग और कपिल के सांख्य को कई विद्वान वैदिक परंपरा में नहीं मानते।

बौद्ध दर्शन लगभग डेढ़ हजार साल तक वैदिक समाज-दृष्टि और स्थापनाओं के विरुद्ध लड़ता रहा। सिद्ध-नाथ यहां तक कि संत भी उन स्थापनाओं से प्रभावित थे जो देश और समाज को समता और मानवीयता से जोड़ता था।

यह कम बड़ा क्रांतिकारी कदम नहीं था कि सिद्धों ने जन भाषा में लिखा। उन्हें जनता तक पहुंचना था। राहुल सांकृत्यायन ने चौरासी सिद्धों का उल्लेख किया है। सिद्धों की ‘महासुखवाद’ की योग साधना के बरक्स नाथों की ‘हठयोग साधना’ प्रारंभ हुई। यह सिद्धों की ही विकासित परंपरा थी। यह बारहवीं से चौदहवीं शताब्दी तक अपने चरम रूप में थी। हजारी प्रसाद द्विवेदी तो कहते हैं कि सिद्ध मत और नाथ मत एक ही हैं।

गोरखनाथ का समय नौवीं शताब्दी का माना जा सकता है। ‘गोरखबानी’ की कविताओं से स्पष्ट होता है कि उसका प्रभाव संत काव्य के भाव पक्ष, भाषा और छंद पर भी पड़ा। रूढ़ियों की जकड़न से मुक्त करने वाली वाणी को ‘गोरखधंधा’ कहा गया जिसे बाद में कबीर ने कहा कि ‘सांच कहे तो मारन धावे, झूठे कहे पतिआना।’ भारत की सारी संत परंपरा सरहपाद जिन्हें राहुल हिंदी का पहला कवि कहते हैं तथा गोरखनाथ की ऋणी है।

सिद्धों और नाथों की कविता ने हिंदी साहित्य को ‘इहलोक’ दिया और ‘परलोक’ के छल से बचाया। यहां पहली बार एक ‘लोकतांत्रिक स्पेस’ क्रिएट हुआ जो आज तक हिंदी साहित्य का मुख्य स्वर है। सिद्धों-नाथों का साहित्य प्रतिरोध में पैदा हुआ और हिंदी साहित्य को प्रतिरोध और प्रतिपक्ष का साहित्य बना दिया। आज हम जो स्त्री-दलित-वंचित विमर्श देख रहे हैं वह सिद्ध और नाथ साहित्य की वाणियों से सीधे जुड़ता है।

(2) सिद्धों और नाथों ने अपनी बानी में उच्चवर्गीय सामंतों और धर्माचार्यों और वर्ण धर्म-आश्रम धर्म का विरोध किया। धार्मिक आचारों और कर्मकांड में भरे पाखंडों का विरोध किया। इसकी मुख्य स्थापनाएं जाति-पांति का विरोध और राजा-प्रजा की समानता थी। सिद्ध-नाथ हिंदी के आदिकाल के प्रभावशाली भाषा प्रचारक थे। उन्हीं की प्रेरणा से कबीर ने संस्कृत को ‘कूप जल’ और भाषा को बहता नीर कहा। उन्होंने बाह्य आडंबरों को त्यागकर आत्मालोचन और आत्म अनुसंधान पर जोर दिया। तीर्थ, हवन, मूर्तिपूजा आदि में लगे लोगों को इन चीजों की व्यर्थता बताया। निर्गुण मत का सशक्त प्रचार किया। परंपरा की रूढ़ियों को चिह्नित किया। गोरखनाथ कहते हैं-

रहता हमारे गुरु बोलिए, हम रहता का चेला
मन माने तो संग फिरै, नहितर फिरै अकेला

अर्थात जो रहनी रहता है हम उसके चेले हैं, वह हमारा गुरु है। हमारा मन मानता है तो गुरु के साथ घूमते-फिरते हैं, नहीं तो अकेले रमते हैं। विडंबना देखिए-

सांभलि राजा बोल्या रे अवधू। सुणौ अनोपम वाणी जी
विण ही मढ़ीया मंदला बाजे। यण बिधि लोका रीझै जी। (गोरखबानी)

(3) सिद्धों-नाथों का प्रभाव भारतीय जनता पर, खासकर हिंदी क्षेत्र की जनता पर लंबे समय तक था। यह एक हजार वर्ष से कम का समय नहीं है। अपढ़ और गरीब तथा उत्पीड़ित जनता को सिद्धों-नाथों ने यह आत्मविश्वास प्रदान किया कि सुखी होना पापी होना नहीं है। किसी भी परलोक से पहले यह लोक महत्वपूर्ण है। मनुष्य की आकांक्षाएं और कामनाएं, सुख-दुख और वासनाएं प्राकृतिक हैं। बहुत समय तक लोक उनका अनुयायी बना रहा। वज्रयानियों के अतिचार, नाथों के हठ योग के रहस्य ने कालांतर में जनता को कई संप्रदायों, मतों, धार्मिक पहचानों में बंट जाने को विवश किया। ‘गोरखनाथ और उनका युग’ में रांगेय राघव लिखते हैं, ‘मेरा विचार है कि यह रहस्य की भावना ही भारत में ब्राह्मणवाद को जीवित रखने के लिए उत्तरदायी है। सब कुछ झूठ कहकर शरीर में ब्रह्मांड रखकर, उसी में ब्रह्म को सत्य मानकर जो संस्कृति पृथ्वी और काल की अवधि को आज से सहस्रवर्ष पूर्व खंडित और दूसरे पक्ष में एकत्र कर खड़ी हुई, वह कितनी सशक्त थी और कितनी निर्बल थी यह आगे की सदियों ने प्रकट किया।’

(4) हजारी प्रसाद द्विवेदी ‘नाथ संप्रदाय’ में एक संकेत देते हैं, ‘विक्रम  संवत की दसवीं शताब्दी में भारत वर्ष के महान गुरु गोरक्षनाथ का आविर्भाव हुआ। शंकराचार्य के बाद इतना प्रभावशाली और इतना महिमामंडित महापुरुष भारत वर्ष में दूसरा नहीं हुआ।… गोरक्षनाथ अपने युग के सबसे बड़े नेता थे। दुर्भाग्यवश इस महान धर्मगुरु के विषय में  ऐतिहासिक कही जाने लायक बातें बहुत कम रह गई हैं।’

बौद्ध धर्म भारत से कैसे बाहर चला गया? उसका सारा चिंतन यहां तक कि अश्वघोष जैसे कवि को गायब कर दिया गया। सारे बौद्ध स्थल और अवशेष वस्तुतः अंग्रेजों की खुदाई में मिले हैं। चौरासी सिद्धों की जगह कैसे चौरासी हजार ऋषियों की पुराकथाएं बनीं? कैसे अनार्यों के देवता शिव बनाए गए? बौद्ध मत का स्थानापन्न किस प्रकार ‘शाक्त मत’ हुआ? इन सब पर अब काफी अनुसंधान हो चुके हैं।

इसी प्रकार गुरु गोरखनाथ गोरक्षनाथ तो बना दिए गए, पर उनकी बानी और ऐतिहासिकता लुप्त कर दी गई। सिद्ध भुला दिए गए और उनकी बानियों का लोप हो गया। शंकराचार्य के साथ जिन शक्तियों का पुनरुत्थान हुआ था, आज वे मुख्यधारा हो गई हैं। इस देश में जब-जब जाति-पांति के विरुद्ध कोई आंदोलन चला है, वैज्ञानिक और मानवीय चेतना का आंदोलन चला है, उसकी दोगुनी शक्ति से प्रतिक्रियावादी शक्तियां अपना आंदोलन लेकर आई हैं। प्रतिरोधी पंक्तियों में हमेशा ‘स्लीपर सेल’ घुसे रहते हैं जो भीतर से लंगी मारकर गिरा देते हैं। इसीलिए इक्कीसवीं सदी भारत में जाति की घेरेबंदी और विज्ञान-विरोधी चेतना की सदी होने जा रही है।

(5) लोक की नियति को पहचानने का कार्य सिद्ध और नाथ साहित्य ने किया था। उसकी परिणति का परिपाक भी देखा था। नाथ साहित्य ने ही रैदास को सिखाया था कि ‘अवधू मन चंगा तो कठौती ही गंगा’ है। इसलिए गंगा नहाने के लिए बीस कोस चलने की जरूरत नहीं है। अघाकर खाना भी मौत है और बिलकुल न खाना भी मौत है। इतना ही चाहिए जितने में परिवार पल सके। जिस प्रकार मूर्ख अज्ञान का मारा है उसी प्रकार पंडित अपने ज्ञान गर्व की मूढ़ता का मारा है। इसलिए मूर्खों की सभा में मत बैठो और पंडित से शास्त्रार्थ करना समय व्यर्थ करना है। उसे शास्त्रज्ञान तो होता है वास्तविक ज्ञान नहीं होता।

कहना न होगा भक्ति आंदोलन ने सिद्ध-नाथों से प्रेरणा लेकर जाति-पांति और बाह्याडंबरों का तो विरोध किया पर वह उनके कई एक जंजालों में नहीं पड़ा।

(6) हिंदी के कुछ स्वनामधन्य विद्वानों को छोड़ दें तो हिंदी में सिद्ध और नाथ साहित्य के विस्तृत संग्रह और शोध नहीं आए हैं। इन्हें अज्ञात के गर्भ से बाहर आना चाहिए, उनकी टीका और व्याख्या होनी चाहिए। कभी ‘ज्ञान की आंधी आई थी’, अब अज्ञान की आंधी आने की तैयारी में है। कोई भी समाज इस बात से जाना जाता है कि उसके यहां कौन से कवि समादृत हैं। यह सिद्ध और नाथ साहित्य की ही देन है कि आज हमारे पास सरहपा और गोरख हैं तो उन्ही से कबीर-रैदास-मीरा-नानक-दादू-पीपा-वाजिद और फरीद भी हैं।

आज के समकालीन हिंदी लेखकों और साहित्य प्रेमियों का परिचय सिद्ध-नाथ साहित्य से अवश्य होना चाहिए जिससे वे जान सकें कि उनके पुरखे संस्कृत या किसी भी देशी-विदेशी भाषा के कवियों से बढ़-चढ़कर सुचेता हैं, सृजनकर्ता हैं और हमारे लिए बहुत अधिक प्रासंगिक हैं।

ई-3, विश्वविद्यालय परिसर, रीवा-486003 मध्य प्रदेश, मो.9340730564

संपर्क प्रस्तुतिकर्ता :प्राध्यापक, हिंदी विभाग, सेठ आनंदराम जयपुरिया कॉलेज, कोलकाता-700005 मो. 9831615131