
युवा समीक्षक, लेखक और साहित्यिक गतिविधियों में अत्यंत सक्रिय
इस वर्ष प्रकाशित जो किताबें इन दिनों चर्चा में हैं, उनमें से तीन किताबों पर हम बात करेंगे। पहली किताब अब्दुल बिस्मिल्लाह की ‘स्मृतियों की बस्ती’ है। दूसरी किताब है लीलाधर मंडलोई की आत्मकथा ‘जब आंख खुली है’ और तीसरी किताब है मधु कांकरिया का संस्मरण ‘मेरी ढाका डायरी’।
|
‘आज ऐसे अनेक लोग मिल जाएंगे जो बगैर कुछ पढ़े भी आज की कविता, आज की कहानी और आज के नाटक उपन्यास आदि पर धुआंधार भाषण झाड़ने में नहीं चूकते। यह साहस कितनों में है कि वे अपने मानसिक संस्कार के प्रति आत्मस्वीकार कर सकें?’ |
अब्दुल बिस्मिल्लाह का सद्यः प्रकाशित संस्मरण संग्रह ‘स्मृतियों की बस्ती’ आत्मीयता, अनुभव और संवेदना का अद्भुत सामंजस्य है। यह केवल व्यक्तिगत स्मृतियों का लेखा-जोखा नहीं बल्कि एक युग, एक परिवेश और एक जीवन की बारीक तस्वीर प्रस्तुत करता है। किताब की भूमिका में वे कहते हैं- ‘स्कूली पाठ्यपुस्तकों में हमने कवियों और लेखकों की वह उपमा पढ़ी है, जिसमें उन्हें ‘साहित्याकाश का जाज्वल्य नक्षत्र’ बताया गया है। उनमें से कितने ‘नक्षत्रों’ को साहित्य के विद्यार्थियों और अध्येताओं ने निकट से देखा या जाना-समझा है, कहना कठिन है। मुहावरे की भाषा में कहूं तो यह मेरा ‘सौभाग्य’ रहा है कि मैंने थोड़े-से ही सही, मगर कुछ प्रख्यात कवियों और लेखकों को न सिर्फ निकट से देखा है, बल्कि उनसे बोलने-बतियाने तथा उन्हें थोड़ा-बहुत समझने का सुअवसर भी मुझे प्राप्त हुआ है। मेरा वही सारा अनुभव अब यहां प्रस्तुत है: स्मृतियों की एक बस्ती के रूप में। ऐसी बस्ती, जिसमें वे ‘नक्षत्र’ आज भी बसे हुए हैं और सदैव बसे रहेंगे’।
यह संस्मरण जीवित पात्रों के साथ भोगे हुए यथार्थ को लेकर आगे बढ़ता है। संस्मरणात्मक लेखन में बस इतना जरूरी होता है कि लेखक जिस व्यक्ति के चरित्र को पेश कर रहा है, उसके अपने व्यक्तित्व की कोई विशिष्ट पहचान हो, क्योंकि साधारण व्यक्ति के चरित्र के प्रति पाठक में कोई जिज्ञासा नहीं होती। आमतौर पर साधारण पात्र उपन्यास, कहानी या नाटक में तो हो सकते हैं, लेकिन संस्मरणों में नहीं। यही कारण है कि अब्दुल बिस्मिल्लाह इस पुस्तक में जिन लेखकों की चरित्रजन्य विलक्षणताओं को क्रमशः आगे बढ़ाते हैं, वे सब साहित्य के चिर-परिचित नाम हैं।
वे अपनी स्मृति की शुरुआत गुरुवर हजारी प्रसाद द्विवेदी से करते हैं। उन्होंने स्वीकार किया है कि उनका द्विवेदी जी के साथ घनिष्ठ संबंध नहीं रहा है। वे लिखते हैं-‘द्विवेदी जी से अधिक घनिष्ठता मेरी नहीं रही, बहुत ज्यादा मुलाकातें भी नहीं रहीं, बस ‘बटाऊ की नाईं’ ही उन्हें मैंने देखा और जाना, मगर जितना जाना उतना ही काफी है, उन्हें आजीवन याद करने के लिए’। लेखक ने अपने संस्मरणों में एक बात का विशेष ख्याल रखा है कि जिस भी साहित्यकार पर वह बात कर रहा है उसके मानवीय पक्ष पर या यूं कहें कि जीवन में उसके व्यवहार पर ज्यादा ध्यान दिया है। गालिब के शब्दों में कहें तो, ‘आदमी को भी मयस्सर नहीं इंसान होना’। अब्दुल बिस्मिल्लाह ने इंसानियत वाले पहलू पर ज्यादा ध्यान दिया है। इस मायने में यह दुरुस्त बात है, क्योंकि साहित्यकार के रूप में लगभग पाठक उनको जानते हैं, पर उनका जीवन उनके दुख जिससे आम आदमी उनसे कनेक्ट होता है वह कम ही पता चलता है, हजारी प्रसाद का उल्लेख करते हुए लेखक उनके स्वभाव को ही सबसे पहले रेखांकित करता है कि कैसे पहली मुलाकात में ही लेखक की झिझक खत्म करते हुए गले मिले, और ऐसा व्यवहार किया कि लेखक का सारा संकोच जाता रहा- ‘अब वहां ऐसा वातावरण बन गया था मानो मैं पहली बार नहीं, बल्कि कई बार उनसे मिल चुका हूँ और किसी प्रकार की दूरी मेरे उनके बीच नहीं है! लेखक इस पाठ में हजारी प्रसाद द्विवेदी के मार्फत ही एक बहुत मार्के की बात करता है- ‘आज ऐसे अनेक लोग मिल जाएंगे जो बगैर कुछ पढ़े भी आज की कविता, आज की कहानी और आज के नाटक उपन्यास आदि पर धुआंधार भाषण झाड़ने में नहीं चूकते। यह साहस कितनों में है कि वे अपने मानसिक संस्कार के प्रति आत्मस्वीकार कर सकें?’ यह सही बात है कि आज की पीढ़ी में ऐसे विद्वानों की भरमार है जो बिना पढ़े बहुत कुछ बोल दें।
किताब में दो साहित्यकारों को सर्वाधिक स्पेस मिला है, एक कहानीकार अमरकांत को दूसरा त्रिलोचन को। हालांकि अमरकांत के दोनों संस्मरणों में कुछ बातें समान हैं। दोनों संस्मरणों के अलग-अलग जगह छपने के कारण ऐसा हो सकता है। अमरकांत जिनको हम ‘दोपहर का भोजन’, ‘डिप्टी कलेक्ट्री’, ‘हत्यारे’ जैसी कहानियों से ही जानते हैं, उनका लेखक के बरक्स मानवीय पक्ष संस्मरण में ज्यादा उभरकर आता है। उनको अशोक के वृक्ष की संज्ञा लेखक द्वारा दी जाती है, ‘अमरकांत मुझे हमेशा अशोक के वृक्ष की भांति ही लगते रहें। छतनार सार्वकालिक हरीतिमा, छायादार घना वृक्ष, दूसरों से कुछ न चाहने वाला, दूसरों को पूरा का पूरा सुख देनेवाला! शीत, ग्रीष्म और वर्षा में एक समान! एक रूप! एक रंग! जिसकी छाया में बैठकर युगों-युगों का दुख-दर्द भूला जा सकता है।’
त्रिलोचन के भाषा ज्ञान का विशेष उल्लेख संस्मरणों में दर्ज है। उन्हें बहुभाषाविद, भाषाओं का इनसाइक्लोपीडिया कहा गया है। लेखक मानता है कि भाषा के साथ-साथ उनका छंद ज्ञान भी अपरिमित था। दोनों संस्मरणों में एक बात बहुत महत्वपूर्ण है कि त्रिलोचन के विषय में हिंदी साहित्य में तमाम तरह की जो बातें की जाती हैं, कुछेक का जिक्र और उनके पीछे के कारण को लेखक ने बड़ी साफगोई से व्यक्त किया है। एक-दो प्रसंग इतने मार्मिक हैं कि पढ़ते-पढ़ते आंखें गीली हो जाती हैं, जबकि साहित्य वाले बिना जाने उन बातों का मजा लेते रहते हैं। खासकर त्रिलोचन की डायरी में दर्ज रोज चने खाने का प्रसंग।
इस संस्मरण में दूधनाथ सिंह से अपने संबोधनविहीन रिश्ते के विषय में भी विस्तार से जिक्र है, साथ ही एक योग्य गुरु के व्यवहार को लेकर भी चर्चा है। बिस्मिल्लाह साहब की खासियत है कि जिस साफगोई से वे दूसरे पर लिखते हैं, उतने ही खुले रूप से अपने चरित्र का भी परिचय देते हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन में अपने अत्यंत धार्मिक होने के प्रसंग पर भी कुछ खुलासा किया है, और व्यवहारिक तौर पर बताया है कि अत्यंत धार्मिक होने के बाद तुरंत प्रगतिशील हो जाना संभव न था।
इन संस्मरणों की एक खासियत और है, अब्दुल बिस्मिल्लाह ने साहित्य में लेखकों से संबंधित, प्रचलित या प्रचारित तमाम संदर्भों को रेखांकित किया है, मसलन फिराक साहब पर लिखते हुए उनके हिंदी विरोधी होने का प्रसंग उठाया है और तफसील से उसका वर्णन करते हुए बताया है कि वे हिंदी विरोधी नहीं थे। फिराक साहब की कई आलोचनात्मक कृतियां उसी हिंदी भाषा में हैं जिसका विरोधी होने का आरोप उन पर लगाया जाता है। ‘उमराव जान अदा’ उपन्यास को पहले-पहल नागरी लिपि में प्रस्तुत करने का काम फिराक साहब ने ही किया था। इन बातों को मद्देनजर रखते हुए कहा जा सकता है कि उनपर हिंदी-विरोधी होने का आरोप लगाना उनके साथ सरासर ज्यादती है। दरअसल फिराक साहब कविता में संस्कृतनिष्ठ और दुरूह हिंदी के प्रयोग के खिलाफ थे।
लेखक ने अपने संस्मरण में अमृत लाल नागर को साहित्य में बरगद के मानिंद बताते हुए उन्हें नई पीढ़ी के रचनाकारों के प्रति अत्यंत उदार माना है, तो परसाई को दूसरों के दुख के प्रति अत्यंत चिंतित रहने वाला बताया है। इस किताब में छपे संस्मरण समय-समय पर विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। अब संकलन के रूप में यह किताब है। पाठकों को फिर से एक जगह ही सब पढ़ने की सुविधा हो जाएगी। किताब में प्रसंगवश कुछ ऐसे सूत्रात्मक वाक्य बिस्मिल्लाह जी ने रचे हैं जो याद रह जाएंगे-
‘अनगढ़ में जो सौंदर्य छिपा है, उसका कोई जवाब नहीं।’
‘साहित्य कोई ब्यूटी पार्लर नहीं है।’
‘यह साहस कितनों में हैं कि वे अपने मानसिक संस्कार के प्रति आत्मस्वीकार कर सकें।’ आदि।

जिज्ञासा : आपने अपनी पुस्तक में अमृत लाल नागर को याद करते हुए एक जगह लिखा है कि साहित्य कोई ब्यूटी पॉर्लर नहीं है, जबकि समकालीन साहित्य में शिल्प पर जोर देने की वकालत चल रही है, इस संदर्भ में आपकी क्या राय है?
अब्दुल बिस्मिल्लाह : मेरा मानना है शिल्प पर बात होनी चाहिए परंतु केवल शिल्प महत्वपूर्ण नहीं है, सिर्फ शिल्प के आधार पर रचना की व्याख्या नहीं होनी चाहिए। शिल्प महत्वपूर्ण है, पर कथ्य अधिक महत्वपूर्ण है। एक उदहारण मैंने कई बार दिया है, मान लीजिए फर्नीचर बनने के लिए दो तरह की लकड़ी लेते हैं। एक बहुत मजबूत, एक सामान्य। लकड़ी बहुत मजबूत हो उसपर किसी ने अनगढ़ हाथों से चित्रकारी या पच्चीकारी की हो तो वह लकड़ी बहुत दिनों तक मौजूद रहेगी, वह चित्रकारी या पच्चीकारी भी मौजूद रहेगी। लेकिन लकड़ी कमजोर हो तो उसपर की गई किसी बहुत बड़े कुशल कारीगर की अत्यंत सुंदर चित्रकारी कुछ दिन ही ठीक रह पाएगी। लकड़ी खराब होने लगेगी तो उसका महत्व खत्म होने लगेगा। इसी तरह कथ्य का मजबूत होना जरूरी है। दोनों का सामंजस्य होना चाहिए। बिना कलात्मकता के कोई कुछ लिख दे वह साहित्य नहीं होगा। इसलिए संतुलन जरूरी है।
जिज्ञासा : आपकी किताब में दो रचनाकारों- त्रिलोचन और अमरकांत पर दो-दो संस्मरण हैं, कोई विशेष कारण?
अब्दुल बिस्मिल्लाह : वे दोनों मेरे बहुत करीबी और आत्मीय थे। दोनों पर एक-एक संस्मरण उनके जीवित रहने के दौरान लिखा गया था, और प्रकाशित हुआ था। कालांतर में जब कुछ पत्रिका वाले उनपर विशेषांक की तैयारी कर रहे थे तो मुझसे संपर्क किया और संस्मरण मांगा। मैंने कहा कि लिखा जा चुका है वही छाप दें, तो उनका अनुरोध था कि तब से अब तक लंबा समय बीत गया है, आप नया लिख दें। इसी कारण इन नए संस्मरणों को मैंने लिखा।
जिज्ञासा : आपके संस्मरण में आपके साथियों और समकालीनों पर बहुत कम बातें हैं, क्या इनपर भविष्य में हमें पढ़ने को मिलेगा?
अब्दुल बिस्मिल्लाह : मैं दो संस्मरण नहीं लिख पाया। पहला नामवर और दूसरा मेरे शोध निर्देशक जगदीश गुप्त पर। दोनों पर लगभग तीस-तीस पेज लिखा हुआ है, पर वह पूरा नहीं हो पा रहा है। इतनी स्मृतियां हैं कि नामवर जी पर जितना लिखा उसमें दिल्ली का कुछ अभी आ ही नहीं पाया। अब तक बनारस की ही बातें उसमें दर्ज हैं। शोध निर्देशक के साथ बीता समय भी दर्ज होगा। शायद इन्हीं दो लोगों पर एक पूरी किताब बन जाए। आपका दूसरा प्रश्न है समकालीनों पर। देखिए, अब समय बदल रहा है। समकालीन का मतलब जिन्होंने मेरे साथ लिखना शुरू किया। मुझे नहीं लगता कि मैं उन लोगों पर लिख पाऊंगा या वे मुझपर लिख पाएंगे।
पहले लेखकों में पारस्परिक संबंध बहुत होते थे। मिलना-जुलना, एक-दूसरे के घर आना-जाना, भेंट-मुलाकात करना। यह प्रक्रिया कम होते-होते बंद हो गई। पत्र व्यवहार बंद हुआ, डिजिटल चीजें शुरू हुईं, और सब प्रक्रिया खत्म!
पहले हर शहर में कॉफी हाउस होते थे। मैं जब भी दिल्ली आता था, लोग मुझे कहते थे- वहां चलिए, शनिवार को विष्णु प्रभाकर जरूर आते हैं। इलाहाबाद का कॉफी हाउस भी खत्म हो रहा है। बनारस के चाय अड्डे खत्म हो रहे हैं। अब मुलाकातें होती ही नहीं। जरूरत हो तो फोन कर लिया, न हो तो वह भी नहीं। जब मुलाकात ही नहीं होगी तो स्मृतियां कैसे बनेंगी? संस्मरण कैसे बनेंगे?
|
मूल्य क्षरण के इस भीषण समय में हर तरफ नकली और भ्रमात्मक उजाला है। इसके भीतर जो मानव विरोधी अंधेरा है उसकी शिनाख्त जरूरी है। आज इसी उजाले के अंधकार में वे मूल्य खो रहे हैं। |
‘जब से आंख खुली है’ लीलाधर मंडलोई की आत्मकथा, पर यह केवल उनके व्यक्तिगत जीवन की कथा नहीं है- यह उस भारत की कहानी है जहां संघर्ष, संवेदना, श्रम और प्रकृति एक साथ सांस लेते हैं। मंडलोई की लेखनी में जीवन के छोटे-छोटे अनुभव इतने जीवंत रूप में आते हैं कि पाठक अपने ही जीवन के किसी हिस्से को उनमें पहचानने लगता है। यह आत्मकथा केवल उनके जीवन की यात्रा नहीं, बल्कि एक संवेदनशील व्यक्ति के आत्मान्वेषण की प्रक्रिया है। लेखक ने इसमें अपने जीवन के अनुभवों, संघर्षों और परिवेश के माध्यम से उस समाज की तस्वीर प्रस्तुत की है जो ग्रामीण भारत की मिट्टी में रचा-बसा है।
पुस्तक का आरंभ लेखक के बचपन की स्मृतियों से होता है। वे बताते हैं कि कैसे उन्होंने गरीबी, अभाव और सीमित संसाधनों में जीवन जिया, परंतु उन परिस्थितियों ने उन्हें टूटने नहीं दिया। उनके लिए जीवन की कठिनाइयां ही संवेदनाओं की पाठशाला बन गई। लेखक जीवन की कठिनाइयों को शिकायत की तरह नहीं, बल्कि अनुभव की तरह स्वीकार करता है। मां की ममता, पिता का अनुशासन, गांव की सादगी, खेतों की मिट्टी, पशुओं की निकटता- सब इस आत्मकथा में जीवित पात्रों की तरह उपस्थित हैं। यही वजह है कि यह कथा केवल मैं की नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक स्मृति बन जाती है – एक ऐसा समाज जो मेहनत करता है, हँसता है, टूटता है, फिर भी जीने की जिद नहीं छोड़ता।
बस्ती के स्वभाव में एक तरफ जीवट था, इतना कि किसी भी हालात से लड़ा जा सकता था। दूसरी तरफ, दुखों में एक साथ खड़े होने का गुण था। दुर्घटना हो या शादी-ब्याह, मृत्यु हो या जन्म, यदि किसी तरह की अपेक्षा या जरूरत काका को पता चलती तो पेट काटकर भी वे मदद करते। इस स्वभाव में थोड़ी-बहुत कमीनगी, ईर्ष्या या भेदभाव के बावजूद कोई गिरावट दर्ज नहीं हुई। पूंजी न होने से, पूंजी से उत्पन्न होने वाला संकट बस्ती के लोगों में न पनप सका। यह एक ताकत थी। संत कवियों के दोहों-चौपाइयों से निकलती अक्षय ऊर्जा ने जैसे सब कुछ संभाल रखा था।
मंडलोई का जीवन संघर्षों से भरा रहा, परंतु उन्होंने उसे करुणा और सौंदर्य में बदल दिया। वे यह दिखाते हैं कि जीवन की सच्ची संपदा संवेदना और अनुभव हैं, न कि केवल भौतिक साधन। इस आत्मकथा में प्रकृति, समाज और परिवार- तीनों के बीच लेखक का गहरा संबंध दिखाई देता है। लेखक ने अपनी बचपन की स्मृतियों को बहुत सूक्ष्म और सजीव चित्रों के साथ प्रस्तुत किया है- घर की दुर्गंध, गाय की सार, मां की साड़ी, कोयले की धूल, भूख के क्षण इत्यादि। इन विवरणों में स्थानीय जीवन की गंध और अनुभव स्पष्ट रूप से महसूस होते हैं।
परंतु इस आत्मकथा की एक बड़ी विशेषता यह है कि मंडलोई अपनी कहानी में न अतिशयोक्ति करते हैं और न ही भावनात्मक उन्माद में बहते हैं। वे घटनाओं का वर्णन दक्षता और संयम के साथ करते हैं।
पैसठ अध्यायों में विभाजित यह आत्मकथा अपने पहले पाठ से ही किसी चित्रकथा के मानिंद चलती है। लेखक ने जीवन में जितना रस लेकर अपना जीवन जिया है उससे पाठक को भी सराबोर करता रहता है। उम्र के किसी भी वय का कोई हिस्सा नहीं छूटता, आत्मकथा के इस खंड में बमुश्किल बीस साल का जीवन है पर लेखक ने उसको बहुत तफसील से बताया है। इस मायने में यह आत्मकथा औरों से अलग है कि पहली बार कोयला खनन से जुड़े लोगों के जीवन को इतने विस्तृत रूप से कहीं जगह मिली है। उनका जीवन ही नहीं बल्कि उस वर्ग के दुख, उनकी पीड़ा, उनका शोषण सब इस आत्मकथा में आया है। लेखक ने सिर्फ अपनी कथा न कहकर अपने जीवन से जुड़े लगभग हर व्यक्ति को समुचित स्पेस दिया है, चाहे वह मित्र हो या माटसाहब, सब इसके पात्र हैं।
रेणु ने मैला आंचल की भूमिका में लिखा था- इसमें फूल भी हैं शूल भी, धूल भी है गुलाल भी, कीचड़ भी है चंदन भी, सुंदरता भी है कुरूपता भी, मैं किसी से भी दामन बचाकर निकल नहीं पाया। बिलकुल इसी तरह इस आत्मकथा में बचपन और बचपन से जुड़े जीवन की हर छवि मौजूद है, अगर आजवाइन के सत का जिक्र है तो दुनिया के एक मात्र फूल से बनने वाले द्रव्य का भी। जमीन पर बोरा बिछाकर चलने वाला स्कूल है तो श्यामला हिल्स के रिजनल कॉलेज का जीवन भी। मंडलोई जी ने इस जीवन को एक जीवन दृष्टि से ही देखते हुए लिखा है, बिना किसी चीज को ग्लोरीफाई किए हुए।
इस आत्मकथा में काव्य तत्वों का प्रयोग है- अल्प कविता और छवि-शिल्प पाठ में कहीं-कहीं सहजता से समाहित हैं। इससे पाठक को एक तरह का रस भी मिलता है, जैसे गद्य न होकर कुछ जगहों पर कविता ही पढ़ रहा हो।
पैसठ अध्यायों में विभाजित इस आत्मकथा की एक सुंदरता यह भी है कि हर अध्याय की शुरुआत एक कविता से होती है और वह कविता अध्याय का टीका होती है या यूं कहें कि अध्याय उस कविता का भाष्य है। उनकी लेखन-शैली में लोक-जीवन, बोली की मिठास और आत्मीयता का संगीत सुनाई देता है। लेखक ने ग्रामीण जीवन की बोली, गंध और ध्वनियों को इतनी सजीवता से प्रस्तुत किया है कि पाठक अपने सामने दृश्य देख सकता है। मंडलोई बताते हैं कि अभाव में भी अर्थ है और कठिनाइयों में भी सौंदर्य खोजा जा सकता है।
हिंदी साहित्य में संस्मरण का एक महत्वपूर्ण अवदान रहा है। यह विधा केवल व्यक्तिगत अनुभवों का संग्रह नहीं, बल्कि एक युग, समाज और संस्कृति का जीवंत दस्तावेज बनती रही है। संस्मरणों के माध्यम से पाठक को उस समय की सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों की झलक मिलती है, जिनसे लेखक गुजरा होता है। इसमें व्यक्तित्व, घटना और वातावरण का ऐसा सजीव चित्रण होता है जो इतिहास को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ देता है। संस्मरणों ने हिंदी गद्य को एक सरल, आत्मीय और प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया है।

जिज्ञासा : ‘पीर घनेरी बस्ती’, उस बस्ती की स्मृति में लौटना कठिन है- ऐसा आप बार बार लिखते है। क्या आपको लगता है कि वह जीवन कई मायनों में या कहें जीवन मूल्यों में आज से श्रेष्ठ था?
लीलाधर मंडलोई : ‘पीर घनेरी बस्ती’ के मूल्य में कहीं एक-दूसरे के संघर्ष और उनसे जनमे दुखों में सहभागिता का गहरा बोध था। एक की गरीबी सबकी थी और उससे लड़ाई सामूहिक थी। एका का अपराजेय भाव था। यह अब सोचने-देखने में नहीं आता। इसके कई राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक कारण हैं..। मूल्य क्षरण के इस भीषण समय में हर तरफ नकली और भ्रमात्मक उजाला है। इसके भीतर जो मानव विरोधी अंधेरा है उसकी शिनाख्त जरूरी है। आज इसी उजाले के अंधकार में वे मूल्य खो रहे हैं।
जिज्ञासा : आप एक जगह लिखते है कि ‘पीर घनेरी बस्ती’ में संत कवियों और लोक कवियों की पहुंच थी। आप समकालीन कविता के अग्रज कवियों में से है, क्या समकालीन कवि उस बस्ती तक पहुंच पा रहे हैं?
लीलाधर मंडलोई : वह समय वाचिक परंपरा का था। लोक गायक अपनी भाषा में लोक कवियों को गाते थे। वे छाप लगाकर अपनी तरह से खुसरो, कबीर, तुलसी, दादू, रहीम, नानक, मीरा आदि को गाते थे। ईसुरी, गंगाधर, खयाली राम, भिखारी ठाकुर, विद्यापति मजूरों के साथ आ गए थे। हमारी जमीन में यही अदबी माहौल था। यह आज है भी तो उस तरह से नहीं है। बाजार की कमर्शियल संस्कृति है। अब चीजें वहां से हैं, जहां आप नए मिथक, नए रूप और नए मूल्य बनते देखेंगे।
जिज्ञासा : सतपुड़ा लंबे समय तक कविता में साथ चलता रहा, दिशा निर्देशन करता रहा। समकालीन कविता में इसका अभाव दिखता है जबकि सतपुड़ा आज भी उसी तरह खड़ा है!
लीलाधर मंडलोई : सतपुड़ा स़िर्फ पहाड़ नहीं है। वह एक आदिम प्रतीक है जहां से पंच तत्वों की महिमा का ज्ञान स्वतः समझ में आ जाता है -देख, सुन और अनुभव करके। आप किसी भी पहाड़ के दामन में सांस लें, वह सभ्यता के महत्व को उद्घाटित करके आपके भीतर प्रेम, करुणा और मनुष्यता के गुणों से साक्षात्कार कराता है। एक आदिवासी यह जानता है, हम नहीं जानते। वे इसे जीते हैं, हम सिर्फ शोषण करते हैं। यही बदले समय का सच है।
जिज्ञासा : आपकी आत्मकथा में सांस्कृतिक संकट के बारे में वृत्तांत हैं, इनके बारे में बताएं।
लीलाधर मंडलोई : हमारे इलाकों में सामासिक संस्कृति थी। वहां उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश (छत्तीसगढ़) के मजदूर थे अपनी-अपनी संस्कृति के साथ। बाबू वर्ग के लोग गुजरात के थे। इसके अलावा स्थानीय आदिवासी थे। सो एक सामासिक संस्कृति बनी। गरीबी ने सबको एका में बांध रखा था। वे गरीबी में भी सोच के अमीर थे। आत्मकथा में इन मजूरों और आदिवासियों के सांस्कृतिक चित्र नुमायां हुए हैं।
|
मेरे लेखन में वे सभी नगर और स्थान धड़कते हैं जो मेरी मानसिकता और संवेदना के सुदीर्घ समय तक हिस्सा बने। कोलकाता, मुंबई, झारखंड, राजस्थान सभी मेरी रचनाओं में अपनी विशिष्ट ध्वनियों, तेवर और रंगों के साथ चित्रित हैं। |
मधु कांकरिया की किताब ‘मेरी ढाका डायरी’ इधर खूब चर्चा में रही है, खासकर ढाका में हुई राजनीतिक उथलपुथल के बाद उस किताब को लोग और खोजने लगे। यह किताब एक संवेदनशील और विमर्शशील यात्रा-वृत्तांत है, जिसमें लेखिका ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका के समाज, संस्कृति, इतिहास और राजनीति की गहन पड़ताल की है। यह पुस्तक केवल यात्रा संस्मरण नहीं, बल्कि उस देश और उसके लोगों की जटिलताओं, संघर्षों और बदलावों का एक विस्तृत दर्पण है। ‘मेरी ढाका डायरी’ एक मानवीय दस्तावेज है जो आज के समय की जटिलताओं, विडंबनाओं और अंतर्विरोधों को पूरी सजगता और ईमानदारी के साथ दर्ज करता है। कृति का समर्पण- ढाका के क्रांतिद्रष्टा छात्र-युवाओं और श्रमजीवी स्त्रियों की अपराजेय जिजीविषा को – इस बात की उद्घोषणा है कि यह रचना एक संवेदनशील साक्षी के रूप में न केवल इतिहास को, बल्कि वर्तमान की बेचैनी और भविष्य की संभावनाओं को भी आत्मसात करती है।
लेखिका अपने बेटे के ढाका स्थानांतरण के बहाने जिस शहर में पहुंचती है वहां इतिहास, राजनीति, धर्म और संस्कृति की धारा आपस में उलझी हुई है। वे पुराने ढाका की स्मृतियों-उसके वस्त्र शिल्प, खादी और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ इस देश के समाज में उभरती धार्मिक कट्टरता और आधुनिकता के द्वंद्व को भी गहराई से महसूस करती हैं। शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद राजनीतिक अस्थिरता, भारत-बांग्लादेश संबंधों में सांस्कृतिक निकटता और धार्मिक दूरियां-इन सभी का सूक्ष्म विश्लेषण पुस्तक में मिलता है।
1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम की स्मृतियां, विभाजन के जख्म, धार्मिक और सांस्कृतिक अंतःकरण, अल्पसंख्यकों की असुरक्षा और सांप्रदायिकता की बढ़ती पैठ जैसे विषय कृति में बेहद संवेदनशीलता से उठाए गए हैं। लेखिका ने समाज की गहराइयों में जाकर महिलाओं की स्थिति, उनकी आकांक्षाएं तथा धर्म और राजनीति के प्रभाव को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया है।
पुस्तक की खासियत है कि यह एक कथाकार की निजी निगाह और अनुभव से बुनी गई डायरी है जो पड़ोसी देश की साझा सभ्यता, भाषा, और संस्कृति के साथ भारतीयों के दिलों में छिपी समानताओं और दुविधाओं को भी उजागर करती है। मधु कांकरिया ने ढाका के अमीर-गरीब वर्गों, युवाओं, और महिलाओं के जीवन को एक जीवंत चित्र के रूप में सामने रखा है। यह पुस्तक भारत-बांग्लादेश संबंधों के सामाजिक-राजनैतिक और सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के त्रिकोणीय संबंध, जिनमें सांस्कृतिक आत्मीयता भी है और राजनीतिक तनाव भी, इस डायरी में बार-बार उभरते हैं। लेखिका इतिहास के दस्तावेजों को केवल उद्धृत नहीं करतीं, बल्कि उन्हें अपने अनुभवों से जोड़कर वर्तमान की चेतना में ढालती हैं। ढाका की सड़कों से गुजरते हुए उन्हें वहां की हवा में मुजीब की सेक्युलर विरासत और वर्तमान का धार्मिक रूढ़िवाद दोनों की गंध एक साथ मिलती है।
यह डायरी स्त्री की गरिमा, अस्मिता और अधिकारों की गहरी चिंता से ओतप्रोत है। ढाका की मुस्लिम स्त्रियों का जीवन लेखक के लिए सामाजिक विडंबनाओं का आईना बनता है-जहां हिजाब और बुर्का केवल परिधान नहीं, बल्कि सत्ता, धर्म और समाज द्वारा स्त्री पर थोपी गई सीमाएं भी हैं। पार्क में मिली युवतियां धर्मग्रंथों से प्रश्न करती हैं- कुरान में कहां अनिवार्य है हिजाब? -यह प्रश्न एक नए स्त्री-संवाद की ओर संकेत करता है।
ढाका की रेडीमेड गारमेंट्स में काम करती स्त्रियां, घरेलू कामगार फातिमा, कॉलेज की छात्राएं, और निजी जीवन की उच्चवर्गीय महिलाएं- इन सबके माध्यम से लेखिका एक समग्र स्त्री छवि का निर्माण करती हैं। ढाका की स्त्रियां दोहरा बोझ ढो रही हैं- एक ओर आर्थिक उत्तरदायित्व, दूसरी ओर धार्मिक और सामाजिक वर्जनाओं की बेड़ियां। जब लेखिका यह लिखती हैं कि जब सत्ता धार्मिक कट्टरपंथियों के हाथ में आ जाती है, तो सबसे पहले वह स्त्री विरोधी होती है, तो वे नारी विमर्श के उस सत्य को रेखांकित करती हैं जो ईरान से लेकर अफगानिस्तान और बांग्लादेश तक की सांझी पीड़ा है।
बांग्लादेश जो कभी भाषा और संस्कृति के नाम पर पाकिस्तान से अलग हुआ था, आज वहां की गलियों में कट्टर धार्मिक नारों और हिजाब-टोपी की वर्दी में ढलता जा रहा है। इस्लाम और बांग्ला संस्कृति की यह कशमकश लेखिका के मन को उद्वेलित करती है। ढाका यूनिवर्सिटी की दीवारों पर टैगोर, नजरुल, मुजीब और मार्क्स की संगति, सरस्वती पूजा की जीवंतता और छात्रों के विद्रोही स्वरों में एक सांस्कृतिक प्रतिरोध की गूंज सुनाई देती है।
ढाका विश्वविद्यालय की घटनाएं, असहमति के स्वरों पर दमन, और लोकतांत्रिक मूल्यों का क्षरण-इन सभी को लेखिका ने संवेदनशीलता और वैचारिक सजगता के साथ दर्ज किया है। अबरार की हत्या हो या रोहित वेमुला और गौरी लंकेश जैसे नाम-कृति में बार-बार प्रश्न करती है- क्या आज हम एक ऐसा लोकतंत्र बना रहे हैं जहां असहमति को कुचल देना ही राष्ट्रभक्ति है? लेखिका की चिंता सिर्फ बांग्लादेश तक सीमित नहीं रहती, वह सीमाओं के पार जाकर समूचे दक्षिण एशिया की लोकतांत्रिक आत्मा की ओर संकेत करती है, जो दिन-ब-दिन घायल हो रही है।
किताब में अल्पसंख्यक हिंदुओं, बिहारी मुसलमानों और शरणार्थियों की विडंबनाएं भी तीखेपन से उभरती हैं। धार्मिक बहुमतवाद के बीच अल्पसंख्यकों की अस्मिता, भय और संघर्ष एक सार्वभौमिक मानवीय त्रासदी का रूप लेते हैं। बिहारी मुस्लिम समुदाय की स्थिति, जिन्हें रजाकार कहा गया और जिनकी पहचान अबूझ बनी हुई है, डायरी का एक और मार्मिक पक्ष है। जेनेवा कैंपों की नारकीय स्थिति, साझा चूल्हे और जीवन की संकुचित स्थितियां-इस बात के प्रमाण हैं कि आदमी की पहचान कहीं स्थायी नहीं रही।
डायरी के अंतिम अंशों में जब कोरोना महामारी की त्रासदी का चित्रण आता है, लेखिका का स्वर दार्शनिक और वैश्विक हो उठता है। महामारी ने मानवता को यह पाठ पढ़ाया कि केवल एक ही धर्म है- मानवता। पर जैसे ही संकट टला, दुनिया पुनः अपनी लघुताओं में लौट आई। लेखिका कहती हैं- दुनिया को धर्म की नहीं, करुणा की जरूरत है।
कृति की भाषा सहज, प्रवाहमयी और गद्य में काव्यात्मक छवियों से भरपूर है। हर वाक्य में लेखिका की भीतरी आंख बोलती है जो दृष्टा भी है और सहभागी भी। मधु कांकरिया कहीं भी उपदेशक नहीं बनतीं, बल्कि एक संवेदनशील संवादकर्ता की तरह पाठक को साथ लेकर चलती है। ‘मेरी ढाका डायरी’ समकालीन हिंदी साहित्य में कथेतर लेखन की एक उपलब्धि है।

जिज्ञासा : आप कई नगरों में रही हैं, ढाका को ही संस्मरण का विषय क्यों बनाया?
मधु कांकरिया : मेरे लेखन में वे सभी नगर और स्थान धड़कते हैं जो मेरी मानसिकता और संवेदना के सुदीर्घ समय तक हिस्सा बने। कोलकाता, मुंबई, झारखंड, राजस्थान सभी मेरी रचनाओं में अपनी विशिष्ट ध्वनियों, तेवर और रंगों के साथ चित्रित हैं। यह अलग बात है कि मैंने इन नगरों पर अलग से कोई पुस्तक नहीं लिखी। कारण भी थे। ढाका की सघन अनुभूतियों में, बांग्लादेश के यथार्थ में किन्हीं दरारों और झिर्रियों से झांकता मुझे अपने देश का भी यथार्थ मिला। दो देशों के बीच पसरा हमारा साझा इतिहास था, साझी स्मृतियां थीं तो सवालों की नुकीली नोकें भी थीं। एक साझी तलाश थी मेरे भीतर इन दो देशों के बीच बहते समय, समाज और जन मानस को पकड़ने की।
इसके राष्ट्रीय झंडे में उगता हुआ सूरज है। इसके संग्राम के समर्थन में कोलकाता में निकली रैली में खुद मैं भी शामिल थी…
बांग्लादेश के समाज को समझने के लिए मैं सड़कों पर निकल पड़ती। सड़कें, गलियां, पार्कों में चलते और बहस करते लोग, दुकानों पर लगी भीड़, सड़क किनारे बिखरी जिंदगियां, चाय की दुकानों पर लगा जमावड़ा मुझे आकर्षित करता। वे इनपुट ही मेरी डायरी के सबसे प्रामाणिक दस्तावेज और कच्चा माल बने।
जिज्ञासा : आप ढाका से लौट आईं, तब वहां सत्ता की हिंसा और बांग्लादेशी कट्टरपंथियों की हिंसा उभरी, आप वहां इन सबकी आहट किस रूप में देख रही थीं?
मधु कांकरिया : इस सवाल के जवाब में मैं कुछ घटनाओं का उल्लेख करना चाहूंगी।
मैंने डायरी में अबरार की हत्या का जिक्र किया है। क्या था उसका अपराध? महज इतना कि उसने फेसबुक में शेख हसीना और भारत सरकार के बीच फेनी नदी के पानी को लेकर जो डील हुई थी उसकी आलोचना की थी और उसे बांग्लादेश के हितों के विरुद्ध बताया था। ढाका की सबसे प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी बांग्लादेश यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी का दूसरे वर्ष के छात्र अबरार की उसी के हॉस्टल में हत्या कर दी गई। हत्या करने वाले आवामी लीग (शेख हसीना की पार्टी) के छात्र विंग के सदस्य थे। अबरार पर संदेह किया गया कि वह इस्लामिक शिविर छात्र का सदस्य था (प्रतिबंधित जेहादी संगठन), जो वह नहीं था।
सवाल यह भी उठाया जा रहा था कि जिन छात्रों ने उसकी निर्मम हत्या की, उन्हें इतना बेखौफ और निरंकुश किसने बनाया?
एक और उदाहरण :
अभिजीत रॉय, एक बांग्लादेशी-अमेरिकन इंजीनियर जो एक ऑनलाइन एक्टिविस्ट, लेखक, पत्रकार और ब्लॉगर था उसकी 26 फरवरी 2015 को आतंकवादियों द्वारा हत्या कर दी गई। क्या अपराध था विरल प्रतिभा के धनी और कुछ कर गुजरने के जज्बे के साथ जीनेवाले इस नवयुवक का? सिर्फ यही कि वह अपने जैसे कुछ स्वतंत्र सोच के लोगों के साथ मिलकर आम लोगों की चेतना को जागरूक करने और उन्हें अंधविश्वासों, कूपमंडूकता, असहिष्णुता और जड़ धार्मिक रूढ़ियों से बाहर लाने और उन्हें प्रबुद्ध बनाने का कार्य कर रहा था। क्या था हत्यारों का उद्देश्य? अभिव्यक्ति की आजादी और मुक्त विचारों के प्रवाह को रोकना और लोकतंत्र को खत्म करना।
अस्वीकार, असहमति, विरोध और आक्रामकता जो कभी ढाका का मूल स्वर था, उसके लिए स्पेस दिन प्रतिदिन कम होता जा रहा था।
जिज्ञासा : बांग्लादेश के बंगाल और पश्चिम बंगाल के बंगाल में क्या एक जैसा है?
मधु कांकरिया : ढाका की सड़कों, गलियों, बाजारों और दुकानों में घूमते हुए कई बार लगा जैसे कोलकाता में घूम रही हूँ। वही बांग्ला भाषा, सड़कों पर पसरी वैसी ही गंदगी। वैसा ही ट्रैफिक जाम, वैसे ही भिखारी, वैसी ही बस्तियां। कोलकाता में मेरे घर के एक किलोमीटर के दायरे में छोटे-मोटे चार-पांच मंदिर मैंने देखे थे तो यहां ढाका में भी हर किलो आधा किलोमीटर पर आपको मस्जिद मिल जाएगी।
धर्म का वर्चस्व दोनों ओर है, इधर हिंदुत्व उधर इस्लाम। दोनों तरफ कठमुल्लापन बढ़ रहा है। कर्मकांड बढ़ रहा है। धर्म के नाम पर औरत के शरीर और उसके मन को नियंत्रित करने की कवायद दोनों ही जगहों पर है। अच्छी बात यह है कि ढाका में धर्म से ज्यादा संस्कृति की ताकत पहले से अब ज्यादा बढ़ी है। वहां की मुस्लिम औरतें रवींद्र संगीत पर थिरकती हैं, जबकि इस्लाम में नाच-गान निषिद्ध है। वहां का उच्च वर्ग शादी-ब्याह के अवसर पर कोलकाता आता है खरीददारी करने। लड़कियां भारतीय स्टाइल के घाघरा पहनना पसंद करती हैं। किसी की शादी के रस्म में मैंने देखा- वरमाला और हल्दी जैसे रस्म। इधर कट्टरता चाहे बढ़ गई हो लेकिन कुछ वर्षों पूर्व तक कई लोग बच्चों का एक घरेलू नाम हिंदू रखते थे या नाम का एक भाग हिंदू नाम होता था। वहां आज भी ऐसे नाम मिल जाते हैं जैसे मुन्नी, कविता, मिट्ठू। जैसे शकीना बानू सुषमा, हिंदुओं में भी शंकर खान आदि। एक समानता और है- ढाका में यहां की ही तरह आर्थिक विषमता चरम पर है।
समीक्षित पुस्तकें –
(1) स्मृतियों की बस्ती- अब्दुल बिस्मिल्लाह, राजकमल पेपरबैक्स, मूल्य-299 रुपये।
(2) जब से आंख खुली है- लीलाधर मंडलोई, राजकमल पेपरबैक्स, मूल्य- 350 रुपये।
(3) मेरी ढाका डायरी- मधु कांकरिया, राजकमल पेपरबैक्स, मूल्य-299 रुपये।
सिंधु निवास, दूसरा तल्ला, 32 डी रामचंद मुखर्जी लेन, बरानगर, कोलकाता-700036 मो. 9532008975



