युवा कवि।शिक्षक, केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक

 आदिवासी अस्मिता

जंगल में
मैं अकेला पेड़-सा खड़ा हूँ
अन्य पेड़ों के साथ
झाड़ियों के साथ
पहाड़ों के साथ
पहाड़ी नदियों के साथ
अन्य जंगली पशुओं के साथ
जंगल में मैं अकेला पेड़ ‘जंगल’ ही हूं
समय के साथ मैं बदला नहीं था
उसी जंगल में खड़ा था
मैं वही पेड़ था अकेला
बस
जंगल की परिभाषा बदल दी गई थी
शहर में
मेरे साथ मेरे साथी नहीं थे
काट दिए गए थे विकास के नाम पर
कोयला, लोहा, सोना, अभ्रक के नाम पर
शहर के नाम पर
और थोड़े पेड़ लगाए गए
जंगल बसाने के नाम पर

लेकिन मैं उसी जंगल में खड़ा था
मैं वही पेड़ था अकेला
मैं ‘जंगल’ था
उसी जंगल में
अब शहर में जिंदा रहने के लिए
मांगा जाता है पेड़ होने का प्रमाण-पत्र!