कवि और समीक्षक. विद्यासागर विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर एवं प्रबुद्ध रंगकर्मी.

हिंदी आलोचना की नई जमीन उर्वर होने के साथ संभावनाओं से भरी है।आलोचना की समृद्ध परंपरा के साथ आज कई आलोचक निरंतर नए मिजाज के साथ लेखन कर रहे हैं।तथ्यपरकता, विश्लेषणात्मकता, आलोचनात्मक विवेक और ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य के साथ कई जरूरी विषयों एवं विमर्शों को वे अपनी आलोचना की परिधि में शामिल कर रहे हैं।आज की आलोचना जितनी चिंतनपरक-विवेकपरक है, उतनी ही उसमें मानवीय संवेदना का आख्यान भी है।

आज आलोचक के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं।एक ओर उत्तर-आधुनिक विमर्शों को लेकर एक शोर है।दूसरी ओर, इतिहास के पुनर्लेखन के नाम पर उसे विकृत और विस्थापित किया जा रहा है।एक समय हिंदी आलोचना के केंद्र में रचना-केंद्रिक साहित्यिक विश्लेषण का आग्रह था, आज हम देखते हैं कि साहित्यिक आलोचना का दायरा इतिहास, राजनीति और समाजशास्त्रीय संदर्भों से जुड़ता जा रहा है।

हमें आलोचना को रचना के मूल्यांकन का पर्याय नहीं समझना चाहिए।आज का आलोचक अपने समय का एक विवेकपरक चिंतक होता है।उसकी आलोचना जीवन का समग्रता में अवलोकन करते हुए ऐसे संदर्भों और पहलुओं की पड़ताल करती है, जिनसे मानवीय मूल्यों की प्रतिष्ठा हो सके।इन दिनों आलोचना में एक खास ट्रेंड लक्षित किया जा सकता है।वह है आलोचक की रागात्मकता।वह अब सिर्फ बुद्धिपरक ढंग से रचना का विश्लेषण नहीं करता, बल्कि भावनात्मक रूप से संबद्ध होकर जीवन का भी प्रतिनिधित्व करता है।आज का आलोचक अपनी दृष्टि को विकेंद्रित कर रहा है।वह बहुज्ञता से भरा है।वह आलोचना की जमीन को नए प्रश्नों से जोड़कर ज्यादा उर्वर एवं अर्थपूर्ण बना रहा है।

इधर प्रसिद्ध इतिहासकार-लेखक हितेंद्र पटेल की पुस्तक ‘आधुनिक भारत का ऐतिहासिक यथार्थ’, वरिष्ठ लेखक आलोक श्रीवास्तव की ‘वह भारत जो हमारा सपना है’, युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र की ‘कोलाहल में कविता की आवाज’ और युवा चिंतक शुभनीत कौशिक की ‘इतिहास, भाषा और राष्ट्र’ शीर्षक से आलोचनात्मक  पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं।ये आलोचक हमारी दृष्टि को परिष्कृत और परिमार्जित करने के साथ हमें परंपरा, इतिहास, भविष्य के सपनों और मानव-जाति की चिंताओं से जोड़ते हैं।

 

आज के दौर में जब हम लोगों को राजनेताओं के पीछे दौड़ते हुए देखते हैं, ये उपन्यास यह समझने में हमारी मदद करते हैं कि इस प्रवृत्ति के कारण कितनी गड़बड़ियां हो सकती हैं।

‘आधुनिक भारत का ऐतिहासिक यथार्थ’ में हिंदी के चार प्रमुख लेखकों भगवतीचरण वर्मा, यशपाल, अमृतलाल नागर और गुरुदत्त के ऐतिहासिक उपन्यासों के आलोक में भारत के राजनीतिक यथार्थ को जानने-समझने का प्रयास देखा जा सकता है।यह एक इतिहासकार का साहित्यिक कृतियों के आधार पर भारत के इतिहास का मूल्यांकन है जो एक नया प्रयोग और आलोचना की नई दृष्टि है।हितेंद्र पटेल बड़ी बेबाकी एवं तथ्यपूर्ण ढंग से विश्लेषण करते हैं।वे अपने मत को थोपते नहीं हैं, बल्कि उपन्यासों के आधार पर राजनीतिक इतिहास की घटनाओं पर  अपनी बात रखते हैं।

हितेंद्र पटेल इस पुस्तक में संकेत करते हैं कि इतिहास में जो विस्थापित हैं, उन्हें साहित्य में स्थान मिलता है।इतिहास के विद्वान होने के बावजूद हितेंद्र पटेल साहित्य की ओर ज्यादा झुके दिखते हैं।इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि इतिहासकार जो लिख नहीं पाता है, उसे साहित्यकार लिखता है- ‘साहित्यकार अज्ञात चरित्रों के माध्यम से ऐसा इतिहास प्रस्तुत करता है जो इतिहासकारों द्वारा लिखे गए इतिहास से ज्यादा जीवंत, ज्यादा वास्तविक, ज्यादा अर्थवान होता है।ऐसे में यह कहना गलत न होगा कि भारत में दो तरह के इतिहास लिखे गए।एक इतिहासकारों द्वारा और दूसरा उपन्यासकारों द्वारा।लेखक ने इस किताब में उपन्यासकारों की कृतियों को चुना है।उनमें उस समय की राजनीति की घटनाएं प्रामाणिक एवं संवेदनात्मक ढंग से आई हैं।

यह पुस्तक आधुनिक भारत के लगभग पांच दशकों (१९१७-६२) का ऐतिहासिक-राजनीतिक आख्यान है।इसमें लेखक ने इतिहास की परंपरागत पद्धति-तथ्य के विवरण देने की जगह कथा की संवेदनात्मकता में तथ्य और विवरण ढूंढने का काम किया है।कोई तथ्य मानवीय-संवेदना को नजरअंदाज करके प्रेरक नहीं हो सकता है और जब तथ्य मानवीय संवेदना की आंच में पकता है तब वह कालातीत हो जाता है।संभवत: यह एक बड़ी वजह हो कि हितेंद्र पटेल ने उपन्यासों में राजनीतिक इतिहास को देखा है।

लेखक ने स्वतंत्र भारत में इतिहास लेखन की प्रक्रिया और सरकार की भूमिका के साथ गांधी के समय की राजनीतिक दशा-दिशा पर भी चर्चा की है।इस पुस्तक में वे दो बातों का उल्लेख करते हैं।

पहला यह कि इसमें शामिल उपन्यासकारों के पास पूरे कालखंड के इतिहास की गहरी समझ थी।दूसरा, उपन्यासकार तत्कालीन राजनीतिक इतिहास में विशेष रूप से सहायक रहे कांग्रेस, समाजवादी और हिंदू राष्ट्रवाद के आधार पर हो रहे बदलावों की ओर संकेत करते हैं।हितेंद्र पटेल ने कांग्रेस को समझने के लिए भगवतीचरण वर्मा और अमृतलाल नागर के उपन्यासों को, समाजवादी दृष्टिकोण को समझने के लिए यशपाल के उपन्यासों और हिंदू राष्ट्रवादी दृष्टिकोण को समझने के लिए गुरुदत्त के उपन्यासों को इस पुस्तक के केंद्र में रखा है।लेखक की आलोचना दृष्टि की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है, क्योंकि आज की भारतीय राजनीति में इन तीनों विचारधाराओं के बीच का द्वंद्व स्पष्ट रूप से है।

यह पुस्तक दुनिया के प्रसिद्ध इतिहासकारों के विचारों के साथ आधुनिक भारत के ऐतिहासिक यथार्थ को जोड़कर देखने का प्रयास भी है।

हितेंद्र पटेल ने चारों उपन्यासों में उपस्थित घटनाओं का राष्ट्रीय आंदोलन, राष्ट्रीय नेतृत्व, क्रांतिकारी समाजवाद, नेहरू का समाजवाद, मध्यवर्ग, राजनीतिक आंदोलन, राष्ट्र निर्माण के आख्यानों, कांग्रेसी राजनीति और हिंदू राष्ट्रवादी दृष्टि के परिप्रेक्ष्य में शोधपरक मूल्यांकन किया है।इस पुस्तक की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें सांस्कृतिक इतिहास की बात की गई है।बिना सांस्कृतिक समझ के इतिहास महज सूचना है।पुस्तक के विश्लेषण में राजनीतिक घटनाएं उपन्यास का आश्रय पाकर प्रभावी एवं जीवंत हो गई हैं।

यह पुस्तक हमें आलोचनात्मक विवेक से जोड़ती है, इतिहास की अनकही सचाई को स्पेस देती है।इसमें लोकोन्मुख इतिहास की आभा साहित्यिक-संस्कार से जुड़कर अधिक बढ़ गई है।साथ ही, यह पुस्तक तत्कालीन राजनीतिक परिदृश्य पर से पर्दा उठाती है।जिन विचारधाराओं की आड़ में देश तब जल रहा था, उनकी लपटों को देखने और भावी खतरे की आंच को महसूस करने का भाव इस इतिहास रचना में देखा जा सकता है।

जिज्ञासा– आपने आधुनिक भारत के ऐतिहासिक यथार्थ को समझने के लिए हिंदी के उपन्यासों को ही आधार क्यों बनाया?

हितेंद्र पटेल– आधुनिक भारत के जटिल ऐतिहासिक यथार्थ को समझने के लिए ऐतिहासिक अध्ययन मुझे अपर्याप्त लगे।उपन्यासों को पढ़ते हुए लगता है कि ये उपन्यास उस युग के बारे में इतिहास से अधिक बयान करने की कोशिश करते हैं।

 इस अध्ययन में चार उपन्यासकारों के राजनीतिक उपन्यासों को रखा गया है।उन्हें ही चुना गया है जिन्होंने १९२० से १९६२ के कालखंड के राजनीतिक इतिहास को व्यवस्थित ढंग से अपने उपन्यासों में रखा है।प्रेमचंद, रेणु, राही मासूम रज़ा, भीष्म साहनी, कृष्णा सोबती और कमलेश्वर आदि ने इस कालखंड के एक हिस्से पर महान उपन्यास लिखे हैं, लेकिन किसी ने पूरे कालखंड की राजनीति पर नहीं लिखा।इसलिए उनको छोड़ना पड़ा।सौभाग्य से मुझे चार ऐसे राजनीतिक उपन्यासकार मिले जो चार वैचारिक दृष्टियों – गांधी द्वारा निर्देशित कांग्रेसी आंदोलन, मानवेंद्र राय की वामपंथी (समाजवादी समेत) धारा, सावरकर की हिंदू राष्ट्रवादी धारा और अनुशीलन समिति व अन्य क्रांतिकारी धाराओं  को लेकर चले थे।इस कार्य में इन सभी धाराओं को रखने की कोशिश की गई है बिना जजमेंटल हुए।बहुत कुछ पाठकों के विवेचन के लिए भी छोड़ा गया है।

जिज्ञासा – राजनीतिक उपन्यासों का संबंध मोटे तौर पर किसी खास विचारधारा से संबद्ध होता है।ऐसी स्थिति में वहां तटस्थता का निर्वाह कहां तक संभव है?

हितेंद्र पटेल– राजनीतिक उपन्यासकारों की एक खासियत यह है कि वे सबकुछ पहले से निर्धारित करके नहीं चले हैं।गुरुदत्त पर उनकी राजनीतिक दृष्टि का दबाव अधिक है, लेकिन वे भी संवाद करते प्रतीत होते हैं।भगवतीचरण वर्मा, यशपाल और अमृतलाल नागर तीनों ने गंभीरता से समय के राजनीतिक यथार्थ को समझने की कोशिश की है।वर्मा जी ने सबसे अधिक चकित किया।वे महान लेखक तो थे ही, बहुत गहरी राजनीतिक समझ भी रखते थे।गांधी, जिन्ना, नेहरू, सुभाष और सरदार पटेल – सबके ऊपर उन्होंने बड़ी कुशलता से लिखा है।उतना खुल कर शायद यशपाल ने भी नहीं लिखा है।यशपाल से गहरे विश्लेषण की अपेक्षा थी, लेकिन अमृतलाल नागर ने जिस तरह गांधी और नेहरू के प्रति सम्मान रखते हुए उनकी राजनीतिक दृष्टि की आलोचना की है वह महत्वपूर्ण है।मैं तो कहूंगा कि ये तीन समादृत हिंदी उपन्यासकार तो खैर बहुत बड़े माने ही जाते हैं।गुरुदत्त ने भी कुछ ऐसे वर्णन किए हैं जो ऐतिहासिक स्रोतों की गंभीर परख के बिना किया जाना संभव न था।

तटस्थता नहीं कहूंगा, लेकिन पूरी चेष्टा की है, उपन्यासों को अपने विश्लेषण और वर्णन के साथ पाठकों से जोड़ने की।

जिज्ञासा– आज का भारत भगवतीचरण वर्मा के उपन्यासों में उपस्थित मध्यवर्ग के जीवन, औपनिवेशिक ब्यूरोक्रेसी और सरकारी तंत्र से कितना भिन्न है?

हितेंद्र पटेल– यह अच्छा प्रश्न है।इतिहासकार एरिक हॉब्सबाम ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि भारत में कुछ लोग अंग्रेजों के साथ भी रहे और उनके विरुद्ध संग्राम का नेतृत्व भी किया।फिर यही लोग अंग्रेजों के चले जाने के बाद सत्ता पर काबिज भी हुए।भगवतीचरण वर्मा ने इस बात को और भी सुंदर तरीके से दिखलाया है।मध्यवर्ग लड़ भी रहा था और लड़ने के बाद जो हाथ में आएगा उसका हिसाब भी रख रहा था।यह खास तरीके से लड़ना था।कुर्बानी और पीड़ा सहने के लिए जो भावुक लोग थे वे दूसरे थे।

‘सीधे सच्चे रास्ते’ का जगत प्रकाश एक सुशिक्षित गांव का नौजवान है, जो अपने बड़े परिवार से आए साथियों के साथ १९३९ में त्रिपुरी कांग्रेस में पहुंचता है।अगले तीन वर्षों में वह आंदोलन की चपेट में आकर अपना सर्वस्व गवां देता है।जेल में बैठकर वह पीछे मुड़ कर देखता है और पाता है कि जो उसके परिवार के कम्युनिस्ट और सुभाषपंथी साथी थे वे सब आज़ाद हैं और सुखपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं और वह जेल में बंद है! उन समृद्ध क्रांतिकारियों के परिवार के लोग युद्धकालीन परिस्थितियों में लाखों का मुनाफा भी कमा रहे थे! बड़े लोग आजादी के बाद की स्थिति में नए बादशाह नेहरू के आसपास हैं।उनकी ताकत पहले से बढ़ गई है, यह बात बहुत ही विस्तार से दिखलाई गई है।यशपाल और अमृतलाल नागर ने भी अपने उपन्यासों में जो आजादी के लिए लड़ने वाले असली लोग हैं उनके पीछे चले जाने और नए और होशियार लोगों द्वारा शक्ति को अपने हाथ में लेने का बहुत यथार्थवादी वर्णन किया है।आपको याद होगा ‘मैला आंचल’ में बामनदास का प्रसंग भी सुविधावादी तत्वों द्वारा कांग्रेस पर  कब्जा कर लिए जाने की कथा है।लगभग यही भाव इस अध्ययन में चयनित उपन्यासों में भी आया है।आज के दौर में जब हम लोगों को राजनेताओं के पीछे दौड़ते हुए देखते हैं, ये उपन्यास यह समझने में हमारी मदद करते हैं कि इस प्रवृत्ति के कारण कितनी गड़बड़ियां हो सकती हैं।

जिज्ञासा– आपने एक ओर गांधी को राष्ट्रीय आंदोलन के केंद्र में रखा है, दूसरी ओर, आप यशपाल जैसे लेखकों के प्रति आस्था प्रकट करते हैं।ये दोनों विपरीत ध्रुव-से दिखते हैं।ऐसी स्थिति पर बतौर इतिहासकार आपकी क्या राय है?

हितेंद्र पटेल– मुझे लगता है, गांधी अपनी जगह सही हैं और यशपाल और अन्य लेखकों द्वारा उनकी आलोचना भी सही है।दोनों में से एक को सही कहना गलत होगा।

यह इंडियन आइडियोलॉजी द्वारा प्रभावित इतिहासकारों द्वारा समर्थित मत है कि भारत को स्वाधीनता गांधी ने दिलाई।गांधी निःसंदेह भारतीय जनता के सबसे बड़े नेता थे और भारतीय जनता के राजनीतिक जागरण में उनकी भूमिका सबसे बड़ी थी, लेकिन राष्ट्रीय आंदोलन में कम से कम तीन अन्य धाराएं थीं, जिनको राष्ट्रीय आंदोलन के इतिहास में समुचित महत्व मिलना चाहिए।ये तीन धाराएं हैं: मानवेंद्र नाथ राय की वामपंथी धारा, सावरकर की हिंदू राष्ट्रवादी धारा और अनुशीलन समिति एवं अन्य क्रांतिकारी संगठनों द्वारा अनुप्राणित धारा।

कांग्रेस ने राष्ट्रीय आंदोलन का नेतृत्व मध्यवर्गीय हितों को ध्यान में रखकर किया।इसने अंग्रेजी हुकूमत से टक्कर लेने में एक खास किस्म की राजनीतिक रणनीति का अनुसरण किया।इस नीति में अंग्रेजों के साथ टकराने और जन जागरण को क्रांतिकारी बदलाव के लिए लड़ने से रोका जाना शामिल था।गांधी १९३९ के बाद भारतीय राजनीति को नियंत्रित करने में सफल नहीं हुए और चालीस के दशक में वे अपने सामने ही अपने आंदोलन के बिखराव को देखने के लिए अभिशप्त हुए।इस अध्ययन में बहुत विस्तार से गांधी की महानता और उनकी राजनीतिक रणनीति के बिखराव के बीच की अंतर्कथा कही गई है।यह आधुनिक भारत के इतिहास की समझ के लिए बहुत उपयोगी है।

गांधी ने अपने आदर्श पर अडिग रहकर अपनी आहुति दी।इस कारण उनका महत्व है, लेकिन उनकी राजनीतिक रणनीति असफल हुई और उसके कारण थे, यह कहने की कोशिश चारों उपन्यासकार करते हैं।यह बहुत महत्वपूर्ण है।ठीक यही बात नेहरू युग में नेहरू को लेकर कही गई है।जितनी बारीक, साहसिक और विस्तृत आलोचना इन लेखकों ने नेहरू की की है, वह प्रशंसनीय है।ये सभी राजनीतिक दृष्टि से की गई आलोचना है, व्यक्तिगत नहीं।

जिज्ञासा– आपने गुरुदत्त के उपन्यासों को हिंदू राष्ट्रवादी दृष्टि से जोड़कर देखा है, जिसने तत्कालीन राजनीति को काफी प्रभावित किया।आप आज की राजनीति में हिंदू राष्ट्रवाद के उभार को किस दृष्टि से देखते हैं?

हितेंद्र पटेल– आपने गुरुदत्त की बात की है।गुरुदत्त की एक खास राजनीतिक दृष्टि थी और उसको वे छिपाते नहीं थे।वे बहुत पढ़े-लिखे व्यक्ति थे, जिन्होंने गदर के दौर से ही भारत के बदलते इतिहास को देखा था।उन्होंने जो तीखे सवाल अपने उपन्यासों में उठाए हैं, आज उन्हीं को थोड़े भौंड़े ढंग से बहुत सारे लोग उठा रहे हैं और लोग सुन रहे हैं और हल्ला मच रहा है।मेरा मानना है कि गुरुदत्त के सवालों को सुना जाना चाहिए था।लोग उनके नाम को देखकर नाक-भौं सिकोड़ते रहे हैं।देखते-देखते स्थिति यह आ गई कि उनके सवाल आज लाखों की जुबान पर हैं।दोष किसका है?

हमारे साहित्यकारों ने इतनी गंभीरता से राजनीतिक यथार्थ की समझ को इन उपन्यासों में रखा है कि हम गर्वित हो सकते हैं।हिंदी के लेखकों को प्रायः सरकार के साथ चलने वाला कहने का चलन है।लेकिन इन उपन्यासकारों ने जिस निर्भीकता से तत्कालीन राजनीतिक यथार्थ को रखा है, वह बहुत ही प्रेरणादायक है।बहुत कम इतिहासकारों ने इतना नैतिक साहस दिखलाया है।

‘भारत जिस सांस्कृतिक संकट के सामने खड़ा है, उससे मुक्ति का एकमात्र मार्ग है—विगत का सम्यक मूल्यांकन और मानव-मुक्ति की वैश्विक सांस्कृतिक परंपराओं से रचनात्मक जुड़ाव।’

‘वह भारत जो हमारा सपना है’आलोचक आलोक श्रीवास्तव की नवीनतम पुस्तक है।एक समय जिस भारत का सपना हमारे मनीषियों, लेखकों-चिंतकों, स्वाधीनता सेनानियों ने देखा था, आज वह कहीं खो गया है।आलोक श्रीवास्तव की चिंता भारत के खो गए उन सपनों के लिए है, जिनमें एक समय सबके लिए पर्याप्त ‘स्पेस’ था।आज जब लोकजागरण, नवजागरण एवं स्वाधीनता-संग्राम के प्रगतिशील मूल्यों को संप्रदायवाद, वर्चस्ववाद, पुनरुत्थानवाद, जातिवाद और बाजारवाद दबा रहे हैं, ऐसे में यह पुस्तक इन चुनौतियों से उपजे संकट को चिह्नित करने का एक अर्थपूर्ण प्रयास है।

पुस्तक में इस देश को एक सपना कहा गया है।ऐसा कहना संभवत: उन लोगों को चौकाने वाला जरूर लग सकता है, जो भारत की मूल आत्मा से अनभिज्ञ हैं।लेखक का मानना है कि भारत उन लोगों के लिए एक सपना है, जो भारत के बारे में सोचते हैं और भारत को जानते भी हैं।इस बारे में वे लिखते हैं -‘अगर भारत के बारे में सोचो तो कितना कुछ सोचने को है।इतिहास के पुरातन कालखंड हैं, सभ्यताओं की करवटें हैं, संस्कृतियों की यात्राएं हैं।बहुत दूर दिखता धूसर अतीत है, तो अभी-अभी बीतकर खो गया स्वतंत्रता का एक महासंघर्ष है, जिसे यह देश भूल गया, जैसे वह किसी प्रागैतिहास की स्मृति हो।भारत के बारे में सोचो तो नदियां याद आती हैं।रास्ते, मैदान, खेत, गांव, शहर, बस्तियां, जंगल …भू-दृश्यों की अनंत कतारें।’

आलोक श्रीवास्तव ऐसा भारत देखना चाहते हैं, जिसमें भौगोलिक सौंदर्य से ज्यादा भारतीयों के जीवन-सौंदर्य की आभा हो।वे भारतीय भाषाओं, संस्कृतियों और ज्ञान-परंपराओं में बसे मानवीय पक्षों की तलाश करते हैं।वे भारत की भावनात्मक अखंडता को अक्षुण्ण रखते हुए भेदभाव, विद्वेष, संकीर्णता, कूपमंडूकता, सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और अज्ञानता से टकराने की बात कहते हैं।

यह पुस्तक दो खंडों में है।पहला ‘हमें भारत को फिर से खोजना होगा’ और दूसरा ‘देश का वह चेहरा जो हम खो आए हैं’।सवाल यह है कि भारत को कौन खोजेगा? क्या वे नेता, धर्माचार्य, व्यापारी या नौकरशाह जो देश की सामासिक संस्कृति के बजाय सत्ता, मुनाफा एवं शक्ति को पूजते हैं? लेखक का मानना है कि आज भारत को फिर से वही खोजेगा जो पहले के भारत को जानता और समझता है।

आज ऐसे लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है, जो भारत की सांस्कृतिक और मानवीय विरासत से भिन्न आचरण करते हुए दिख रहे हैं।आज बाजार-राजनीति, पूंजी और धर्म की सत्ता ने हमसे हमारा विवेक छीन लिया है।वे हमारे जीवन से कबीर, तुलसी, मीरा, गालिब, भारतेंदु, विवेकानंद, प्रेमचंद, गांधी, अंबेडकर, जयप्रकाश नारायण जैसे चिंतकों-मनीषियों से हमें दूर कर रहे हैं।वे हमारे भीतर स्वार्थ, उन्माद से लैस धार्मिक कट्टरता, जातिगत विद्वेष और भोगवादी संस्कृति भरने में लगे हैं।

एक समय पूरी दुनिया में भारत को ज्ञान, अहिंसा और विश्व-मानवतावाद की जगह के रूप में देखा गया।आज बाजार, पूंजी और उपभोक्तावादी संस्कृति  प्रौद्योगिकी विकास से मिलकर हमें हमारी परंपरा और इतिहास से काट रहे हैं।

इस पुस्तक में आलोक श्रीवास्तव इतिहास के द्वंद्व के बीच सिर्फ भारत को जानने की बात नहीं करते, बल्कि भारत के सपनों के पूरा न हो पाने की वजहों की भी पड़ताल करते हैं।वे पश्चिम की नकल के बजाय ‘स्वत्व‘ पर बल देते हैं।उनका मानना है कि ज्ञान, विज्ञान, सभ्यता, औद्योगिक प्रगति आदि के क्षेत्र में हमें आत्मनिर्भर बनना होगा।जाति, वर्ण और मानसिक गुलामी के अवरोधों से मुकाबला करते हुए एक समावेशी समाज की स्थापना हमारा लक्ष्य होना चाहिए।

आज हमें भारत को जानने के लिए पुन: उन रास्तों को खोजना होगा।लेखक इसका उल्लेख पुस्तक में करता है,—‘शायद वह समय आ रहा है जब भारत के करोड़ों लोग यह बात समझ जाएंगे कि इस राष्ट्र का आंतरिक उपनिवेशीकरण खत्म करने के लिए उन्हें ही उठना होगा।सत्ता, आतंक और निर्मम व्यवस्था के देशभर में पसर गए जटिल संजाल को काटने के लिए उन्हें अपनी जाति, धर्म, संप्रदाय, क्षेत्र के समस्त बंधनों को काटकर स्वयं भारतीय राष्ट्र होना होगा।’

आलोक श्रीवास्तव की पुस्तक भारत की समृद्ध प्राचीन परंपरा के साथ वर्तमान भारत को समझने की एक खिड़की है।इसमें लेखक की चिंता पर्यावरण-संकट, भाषायी विद्वेष, इतिहास-विस्मृति, अभिव्यक्ति पर बढ़ते खतरे, जीवन में बढ़ता सुखवाद, दिशाहीन जन आंदोलन, व्यक्ति-केंद्रिकता, मन का छोटा होना, प्राचीन प्रतीकों का पुनरुत्थान, अमेरिकीकरण, भीड़ को बहुमत का पर्याय मान लेना, संवादहीनता, प्रगति और रूढ़ि का विचित्र गठबंधन, मानव-सत्ता की जगह राजनीतिक सत्ता की पक्षधरता, बृहत्तर राष्ट्रीय लक्ष्यों को लेकर उदासीनता, देश की बहुलतावादी संस्कृति पर बढ़ते हमले, जन-प्रतिनिधियों की अज्ञानता के खतरे, सृजनात्मकता से विच्छिन्नता, स्त्रियों पर अत्याचार, गांधी को भूलना, भारत की संभावनाओं से अनभिज्ञ होना तथा भारतीय अंतर्मन के संकट से विमुख होना आदि मुद्दों पर।

आज हम जिन सामाजिक और सांस्कृतिक संकटों से घिरे हैं, उनसे मुक्ति का पथ भारत के खो गए सपनों के उद्धार से ही मिल सकता है।इस बारे में आलोक श्रीवास्तव लिखते हैं ‘भारत जिस सांस्कृतिक संकट के सामने खड़ा है, उससे मुक्ति का एकमात्र मार्ग है—अपने विगत का सम्यक मूल्यांकन और मानव-मुक्ति की वैश्विक सांस्कृतिक परंपराओं से रचनात्मक जुड़ाव।यही वह बात है, जिससे एक नया भारत बन सकेगा और एक नए विश्व के निर्माण की प्रक्रिया में शामिल हो सकेगा।’ ऐसे में यह कहना गलत न होगा कि यह पुस्तक खो गए भारत की पुनर्खोज है।

जिज्ञासा– आपने अपनी पुस्तक का शीर्षक ‘वह भारत जो हमारा सपना है’ रखा है।आप किस भारत के सपने की बात कर रहे हैं?

आलोक श्रीवास्तव– उस भारत के लिए जो भारतीय नवजागरण का स्वप्न देखता था, उसे भारतीय स्वतंत्रता समर के दौरान कल्पित किया गया था।वह समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के लक्ष्य को जन-जीवन में फलीभूत करता भारत था।

जिज्ञासा– आज एक ओर आजादी का अमृत महोत्सव है, वहीं आप भारत को फिर से खोजने की बात कर रहे हैं।क्या आजाद भारत में खो गए मूल्यों को खोज पाना संभव है?

आलोक श्रीवास्तव– भारत ने आजादी के दौरान अर्जित मूल्यों को खो दिया है, बजाय उनको और ठोस करने के।देश की संस्थाओं और व्यक्ति के निर्माण में उन्हें अनुस्यूत करने के बजाय उन मूल्यों को खोज पाना दुष्कर होता गया हो, पर उनकी स्मृति और उनकी खोज की आवश्यकता को रेखांकित करना हमारे लेखन का अंतर्निहित स्वर होना ही चाहिए।

जिज्ञासा– भारत किस तरह विश्व भर में लोकतंत्र की प्रयोगशाला हैै?

आलोक श्रीवास्तव– भारत विश्व में लोकतंत्र की प्रयोगशाला इस कारण है कि यहां इतनी बड़ी जनसंख्या, इतनी विविधता और इतनी जटिलता के बावजूद लोकतंत्र है, पर इस लोकतंत्र को अपने लक्ष्यों के अनुसार अभी स्वयं भी निर्मित होना है।इस देश के आम जन को भी लोकतांत्रिकता के संस्कार पाने हैं।इसी कारण यह प्रयोगशाला है।

जिज्ञासा– आज जब पुनरुत्थान के नाम पर अतीत को पुनर्जीवित किया जा रहा है, ऐसे में आपकी खोज किन अर्थों में विशिष्ट है?

आलोक श्रीवास्तव– १९वीं सदी का नवजागरण अधूरा कहा गया है जो कि यह था, क्योंकि यह भारतीय समाज की समस्याओं के गहरे तथा जटिल पहलुओं को संबोधित नहीं था।संभव भी नहीं था।उसे मैं उन्नीसवीं सदी के नवजागरण के बजाय भारत के नवजागरण की पहली लहर कहना चाहूंगा।वह लहर उठी और फिर विलीन हो गई. यानी देश निर्मित होने के लिए जो कुछ रच रहा था, उससे उसने स्वयं को वंचित कर लिया।उस अधूरे नवजागरण को पूर्णता की ओर ले जाना हमारा ऐतिहासिक दायित्व है, जो पूरा नहीं किया जा सका।वह हमेशा हमारे देश के लिए एक चुनौती के रूप में सामने रहेगा।एक संपूर्ण, शक्तिशाली नवजागरण के बिना भारत का कोई भविष्य नहीं है।

‘जीवन की संरचनाओं में इधर के वर्षों में मूलभूत बदलाव आया है।हमारे संबंधों में, इच्छाओं में, रोजमर्रा के आचार-विचार में बदलाव आया है।हम खुद को एक ऐसी गति के सामने पाते हैं, जो मूलतः प्रकृति-विरोधी है, मनुष्य-विरोधी है।’

संवादहीनता के इस दौर में शोर के बरक्स संगीत है कविता।इस संदर्भ में अच्युतानंद मिश्र की आलोचनात्मक पुस्तक ‘कोलाहल में कविता की आवाज’नए विचारों के साथ आई है।युवा आलोचक कविता को मनुष्यता की आदिम भाषा मानता है।वह कविता की आलोचना के बहाने मनुष्यता के जीवित स्पंदन का इतिहास भी दर्ज करने का प्रयास करता है।कविता की उत्पत्ति और प्रकृति को लेकर हर युग में विद्वानों ने भिन्न-भिन्न बातें कही हैं।इसके बावजूद कविता का मूल चरित्र अपरिवर्तित है।कविता की इस यात्रा में आए बदलावों का आलोचनात्मक विश्लेषण इस पुस्तक में है।

यह सच है कि कविता ने हर युग में दबी हुई आवाजों को मुखर होने की ताकत दी है।इस संदर्भ में रघुवीर सहाय की यह पंक्ति याद करना जरूरी है, ‘कविता न होगी साहस न होगा/एक और ही युग होगा जिसमें ताकत ही ताकत होगी/और चीख न होगी।’ कविता साहस और चीख है।साहस से कविता बहुत कुछ तोड़ती है।व्यवस्था के पास ताकत है, भीड़ के पास ताकत है।शोर में है, बहुमत में है।फलस्वरूप घृणा, नफरत और कट्टरता की ताकत बढ़ती जा रही है।ऐसे समय में कविता लामबंद होती है।अतीत में भी हम देख सकते हैं कि कैसे भक्त कवियों ने अज्ञानता, जड़ता, माया, जाति भेद, नफरत के खिलाफ आवाज उठाई थी।

युवा आलोचक अच्युतानंद मिश्र की यह पुस्तक उम्मीद और प्रतिरोध के संस्कारों से सम्पृक्त एक महत्वपूर्ण आलोचनात्मक पुस्तक है।इसमें वे कविता का संबंध समय, समाज और मनुष्य से जोड़ते हैं।इसमें वे मुक्तिबोध, रघुवीर सहाय, श्रीकांत वर्मा, विजय देव नारायण साही, लीलाधर जगूड़ी, अरुण कमल, विजय कुमार, नरेंद्र जैन, मृत्युंजय, अनामिका जैसे आधुनिक कवियों के साथ कबीर की कविता में वर्तमान समय के यथार्थपरक जीवन की तलाश करते हैं।इसके अलावा आधुनिकता और काव्यबोध, युवा कविता क्रमभंग और चुनौतियां- जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी शामिल किया गया है।

अच्युतानंद मिश्र कविता को भाषा की वांछित शक्ति मानते हैं।इससे कवि मनुष्यता की नई संभावनाओं की तलाश करता है।कविता हमेशा निर्बल के पक्ष में खड़ी रही है।स्थापित सत्ता, शक्ति और मानव-विरोधी शक्तियों के विरुद्ध कविता एक बड़ी उम्मीद है।लेखक मुक्तिबोध के बारे में बात करते हुए निराला की भी चर्चा करते हैं।निराला साम्राज्यवाद से लड़ रहे थे।मुक्तिबोध लोकतंत्र के काले, क्रूर और असमानता पर आधारित व्यवस्था से टकराते हैं।

उनका मानना है कि मुक्तिबोध को पढ़ना आत्मसंघर्ष, आत्मालोचना और आत्मचेतस की प्रक्रिया को समझना है।बिना संघर्ष, बिना आत्मनिरीक्षण और बिना चेतस हुए हम अपने समय की चुनौतियों से नहीं टकरा सकते।

लेखक के अनुसार ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ संग्रह की कविताएं वर्चस्वबोध से निर्मित तार्किकता की विवेकपरक आलोचना करती हैं।आज वर्चस्ववादी मानसिकता के कारण समाज का बड़ा हिस्सा लोकतंत्र की सुविधाओं के बाहर है या मारा जा रहा है।तर्क की जगह कोलाहल, आनंद की जगह मजा और मनोरंजन, संवेदना की जगह कट्टरता, प्रेम की जगह घृणा और विद्वेष हमारे समय के सच हैं।इनसे संवेदना, विवेकपरकता और प्रतिबद्धता से संपृक्त रघुवीर सहाय की कविताएं टकराती हैं।

अच्युतानंद मिश्र ने जिन कवियों को आधार बनाया है, उनकी कविताओं का मूल लक्ष्य मनुष्यता, विवेकपरक सहमति और साहस भरी असहमति से जुड़ा है।इन कवियों की कविताएं आधुनिकता के अंतर्विरोधों की पड़ताल करते हुए हमें उनके भीतर की सचाई को समझने की दृष्टि देती है।ऐसे में यह कहना गलत न होगा कि कविता जीने का उद्देश्य नहीं बताती, बल्कि स्वयं उद्देश्य बन जाती है।यह पुस्तक आधुनिक हिंदी कविता में मौजूदा समय के संकट को देखने के साथ पाठक के मन में आदमियत के लिए अधिक स्पेस बनाती है।

जिज्ञासा– क्या आपको नहीं लगता कि आज के शोर में कविता की आवाज़ दबती जा रही है?

अच्युतानंद मिश्र– निश्चित तौर पर हम कह सकते हैं कि जीवन में और भाषा में शोर बढ़ा है।जीवन की संरचनाओं में इधर के वर्षों में मूलभूत बदलाव आया है।हमारे संबंधों में, हमारी इच्छाओं में, हमारे रोजमर्रा के आचार-विचार में बदलाव आया है।हम खुद को एक अभूतपूर्व गति के सामने पाते हैं, एक ऐसी गति जो मूलतः प्रकृति-विरोधी है, मनुष्य-विरोधी है।इसी सतत विरोध के बीच हम हैं, हमारी भाषा, हमारी भाषिक चेतना है।कहने की आवश्यकता नहीं कि इन सबसे मिलकर बन रहा हमारा काव्य-बोध, जीवन-समाज के वर्तमान के वैपरीत्य में जा पड़ा है।आज इसी कोलाहल के बीच कविता की आवाज भी मौजूद है।कविता की यह आवाज, कोलाहल और गतिमान समय-समाज की प्रति-आवाज है।

जिज्ञासा– आज की कविता में आलोचनात्मक विवेक कहां तक बचा है?

अच्युतानंद मिश्र– सबसे जरूरी सवाल यही है।न सिर्फ कविता, बल्कि जीवन में भी।यह सही है कि आज सबसे अधिक खतरा हमारे आलोचनात्मक विवेक को ही है।उसे हर तरह से, हर तरफ से नष्ट किया जा रहा है।

जब हम कविता कहते हैं तो उसमें जीवन, समाज, जीवन बोध, जीवन जीने की शर्तें, रोजमर्रा का संघर्ष, करुणा और जिजीविषा सब मौजूद हैं।आज की कविता की मुख्य भूमिका यही है कि वह इन सबको संजोये, इन सबसे मिलकर बनने वाले बोध को सामाजिक बोध में बदले।इतिहास को पढ़ने-समझने का सबसे बड़ा तर्क यही है कि मनुष्य बने रहने की कठिन शर्तों को हम समझ सकें।यह इतिहास, कविता के रास्ते से भी बढ़ता है।इसलिए यह मनुष्यता के स्पंदन का इतिहास है।केदारनाथ अग्रवाल जब कहते हैं- ‘वह जन मारे नहीं मरेगा’, तो यह मनुष्यता के स्पंदन का इतिहास ही है, करुणा और जिजीविषा का इतिहास ही है और यह आलोचनात्मक विवेक के रास्ते से ही भविष्य में प्रवेश करता है।

जिज्ञासा– मुक्तिबोध भविष्य के रास्ते ही अतीत में प्रवेश करते हैं।वे जानते हैं, जो जीवित रहेगा, वह भविष्य ही है।आज के समय में यह कितना प्रासंगिक है?

अच्युतानंद मिश्र– अतीत को हम कैसे देखें? क्या उसे घटित या मृत मान लें या उसे वर्तमान से भविष्य से जोड़ें? अतीत को देखने की दृष्टि वर्तमान और भविष्य की दृष्टि ही हो सकती है।इसलिए हर पीढ़ी, हर दौर, हर समाज अपना इतिहास रचता है।

मुक्तिबोध भविष्योन्मुखी लेखक हैं।वे अतीत को भविष्य की कसौटी पर तौलते हैं।मुक्तिबोध अपनी कविता में जिन चीजों को रख रहे थे, जिस भय, जिस आशंका की बाबत सोच रहे थे, वह सब भविष्य में घटित हुआ, एक कवि या लेखक अपनी रचनाशीलता के रास्ते, हमें संभावित खतरों के प्रति आगाह करता है।मुक्तिबोध भी यही करते हैं।जब तक कविता रहेगी, मनुष्यता रहेगी।

जिज्ञासा– आपने रघुवीर सहाय की कविताओं में राजनीति की संस्कृति का जिक्र किया है, आज की राजनीति की संस्कृति उससे किन अर्थों में भिन्न है?

अच्युतानंद मिश्र– रघुवीर सहाय अपनी कविताओं में जीवन संस्कृति में मौजूद राजनीति को उद्घाटित करते हैं।वे हिंदी कविता में एक नया मोड़ लेकर आते हैं।हिंदी कविता में समकालीनता को प्रासंगिक बनाते हैं।रघुवीर सहाय की कविताओं में एक ही साथ तात्कालिकता और सर्वकालिकता भी मौजूद हैं।वे तात्कालिकता तक महदूद रहने के खतरों से वाकिफ थे।उन्होंने तात्कलिकता के साथ सर्वकालिकता को भी कविता में जगह दी।आज की कविता को रघुवीर सहाय की कविता का अनुकरण नहीं होना चाहिए, मगर तात्कालिकता और सर्वकालिकता के समन्वय की जो दृष्टि रघुवीर सहाय के पास है, उससे जुड़ना चाहिए, तभी वह सही अर्थों में अपने समय की राजनीति को, जटिल राजनीति को व्यक्त कर सकेगी, उसकी परतों को अनावृत कर सकेगी।

जिज्ञासा– आप निराला, मुक्तिबोध, रघुवीर सहाय ,धूमिल, लीलाधर जगूड़ी आदि आधुनिक कवियों पर लिखते हुए एकाएक कबीर की बात करते हैं।क्या आज के कवियों का कबीर बनना संभव है?

अच्युतानंद मिश्र– एक ही समय को कई तरह की कविताएं मिलकर बनाती हैं।जब हम कविता के रास्ते, समय को देखते हैं तो उसमें समय का मूल्यांकन और उदात्तभाव दोनों मौजूद रहते हैं।कविता में समय की धारा एक-रैखिकीय नहीं होती।वह बहुत सारे दृष्टिकोणों का समूह होती है।आज की कविता और हमारे समय- दोनों की जटिलताओं को समझने में जहाँ हमारे समय के कवि प्रासंगिक हैं, वहीं विद्यापति, कबीर, सूर, तुलसी, मीरा, घनानंद आदि कवि भी उतने ही प्रासंगिक हैं।यह कविता में पीछे लौटना नहीं, बल्कि सही तरह से आगे बढ़ना है।

जहां तक कबीर बनने की बात है तो मैं यही कहूंगा कि कबीर बनने का यथार्थ उनके समय से जुड़ा है।कबीर को पढ़ने और समझने से जुड़ा है हमारा अर्थ।इस अंधकार में उन किरणों को सहेजना है।यहां से समय का गतिरोध टूटता है।इतिहास में लड़ते हुए, संघर्ष करते हुए, रचते हुए लोग ही हमें रास्ता दिखाते हैं।कबीर हमारे लिए आज पहले के किसी अन्य समय की अपेक्षा अधिक जरूरी और प्रासंगिक हुए हैं।

‘आज हम जिस ‘राष्ट्रवाद’ का ज़ोर-शोर से प्रचार होता देख रहे हैं, वह उस राष्ट्रीय आंदोलन और उसकी विरासत से कोसों दूर है, जिसे नेहरू, गांधी, टैगोर, प्रेमचंद आदि ने और भारत के अमर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने खून-पसीने से समृद्ध किया था।’

युवा चिंतक शुभनीत कौशिक की पुस्तक ‘इतिहास, भाषा और राष्ट्र’भारत के इतिहास और वर्तमान से जुड़े कुछ प्रश्नों के आलोक में लिखी गई है।इतिहास और भाषा को समझे बिना राष्ट्र की अवधारणा को समझना मुश्किल है।यह विगत पांच वर्षों के लेखों का संकलन है, परंतु इसमें उठाए गए मुद्दे औपनिवेशिक भारत से लेकर वर्तमान समय में राष्ट्र के समक्ष उपस्थित चुनौतियों तक फैले हैं।

एक अच्छी बात यह है कि लेखक अपने समय के बदलावों को समझता है।वह सिर्फ समझता ही नहीं है, बल्कि उनपर बहस और संवाद की संभावनाएं भी निर्मित करता है।दरअसल आज हमारे जीवन में अगर किसी चीज का सबसे ज्यादा हस्तक्षेप है तो वह है विज्ञापन।विज्ञापन हमें जितना शिक्षित करता है, उससे ज्यादा हमें प्रभावित करता है।शुभनीत कौशिक हमारे जीवन पर विज्ञापन के प्रभावों पर चर्चा करते हैं।

आज बाजारवाद विज्ञापन के जरिए उपभोक्तावादी संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है।फलस्वरूप हमारे मन-मस्तिष्क पर उसका कब्जा बढ़ता जा रहा है।लेखक विज्ञापन को बौद्धिक उपनिवेशन का एक कारगर एवं क्षिप्र औजार मानता है।इस पुस्तक में ‘दैनिक आज’ अखबार में प्रकाशित एक दशक (१९३५-४५) के विज्ञापनों के स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की गई है।इन विज्ञापनों में अंतर्निहित कथ्य से पुस्तक में तत्कालीन भारत के इतिहास, भाषा, सामाजिक-सांस्कृतिक दशा, लिंग-असमानता आदि को समझा गया है।

विज्ञापन हर युग में उपभोक्ता संस्कृति के साथ राष्ट्रीय अस्मिताओं पर फोकस करता है।इसका एक उदाहरण हम औपनिवेशिक भारत में उपनिवेशवाद और स्वतंत्र भारत में राष्ट्रवाद के उभार के तौर पर देख सकते हैं।विज्ञापन आम लोगों के दिलोदिमाग में जगह बना रहे हैं।इस संदर्भ में लेखक लिखता है, ‘विज्ञापनों को न सिर्फ राष्ट्रीय, बल्कि नस्ल-आधारित अस्मिताओं के निर्माण में भी शामिल महत्वपूर्ण घटक के तौर पर देखा गया।उपनिवेशवाद और राष्ट्रवाद दोनों ने ही अखबार पढ़ने-देखने वाले पाठक वर्ग पर दृश्यात्मक वर्चस्व (विजुअल हेजेमनी) कायम करने की भरपूर कोशिश की।ऐसा करने के लिए न सिर्फ दृश्य माध्यम की जोरदार अपील का सहारा लिया गया, बल्कि इन दृश्यों के साथ लगे रहने वाले पाठ का भी बखूबी इस्तेमाल हुआ।इन्हीं छोटे-छोटे विज्ञापनीय जुमलों के जरिए राष्ट्रवाद और उपनिवेशवाद ने अपनी-अपनी विचारधारा अभिव्यक्त करने और लोगों को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश की।’

इतिहास, भाषा और राष्ट्र को समझने के क्रम में लेखक ने राष्ट्रीय आंदोलनों, सांप्रदायिकता, इतिहास लेखन, इतिहास और मनोविज्ञान की जुगलबंदी, इतिहास लेखन में मार्क्सवादी चिंतन, प्रौद्योगिकी के इतिहास, आपातकाल का इतिहास आदि विषयों पर भी लिखा है।आज जब भाषायी भेद के कारण प्रांतवाद के उभार का संकट पैदा हो रहा है, यह पुस्तक भाषायी विविधता के बीच समाजवादी नेतृत्व की भूमिका की ओर इशारा करती है।यह सच है कि भाषाई विविधता और बहुलतावादी संस्कृति के बीच अगर परस्पर सहयोगिता और संवाद की पहल नहीं होगी तो राष्ट्र का इतिहास इकहरा होगा।इसलिए समाजवादी नेताओं ने हिंदी, हिंदुस्तानी और भाषायी-प्रांतों की मांग के साथ राज्यों के पुनर्गठन की मांग की, ताकि हिंदी के साथ तमाम भारतीय भाषाओं को उनके अधिकार मिल सकें।ऐसा होने पर ही राष्ट्र की संकल्पना को बल मिलेगा और इतिहास को विकृत होने से बचाया जा सकता है।

सांप्रदायिकता के सवाल को स्वतंत्र भारत के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा गया है।लेखक ने सांप्रदायिकता से लड़ने के लिए भगत सिंह के विचारों की ओर संकेत किया है।

शुभनीत कौशिक आज के राष्ट्रवाद को संदेह और आशंका की नजर से देखते हैं।उनका मानना है कि आज के राष्ट्रवाद में इतिहास के प्रेरक एवं समावेशी तत्व अनुपस्थित हैं।वे राष्ट्रवाद का अर्थ ‘साझा इतिहास, परंपरा, भाषा, जातीयता और संस्कृति के आधार पर एकजुटता का भाव’ मानते हैं।आज राष्ट्रवाद का स्वरूप साझी विरासत से कट रहा है।राष्ट्रप्रेम महज प्रदर्शन में बदलता जा रहा है।इन दिनों सरकारी फरमान के दबाव में राष्ट्रवाद की एक नई परिभाषा गढ़ी जा रही है, जिसमें देश की जनता के आत्मनिर्णय के अधिकार को हाशिए पर ढकेला जा रहा है।

भारत के इतिहास और परंपरा का अवलोकन करने के क्रम में यह पुस्तक १८५७ की क्रांति, गांधी, टैगोर, प्रेमचंद, भगत सिंह, सुभाषचंद्र बोस, अमृतलाल नागर, अंबेडकर, राममनोहर लोहिया, भारतीय एवं पश्चिमी इतिहासकारों के विचारों और मानवीय एवं प्रगतिशील मान्यताओं की कई सरणियों की ओर  संकेत करती है।हमें समझना होगा की भारत के उपनिवेश से राष्ट्र-राज्य के सफर में जिन विचारों ने लोगों को जोड़ने का काम किया, वे आज कहां हैं? आज जब पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तब यह प्रश्न उठता है कि अमृत किसने पिया और विष किनके हिस्से आया? आज वर्चस्ववादी,  पुरातन-प्रतीकों के रक्षक एवं सत्ता और पूंजी से लैस राजनेता-धर्मनेता वस्तुतः दलितों, स्त्रियों, आदिवासियों, किसानों और वंचितों को विष पिला रहे हैं और अमृत खुद गटक रहे हैं।नि:संदेह छद्म राष्ट्रवाद के नाम पर देश की सामासिक संस्कृति पर हो रहे हमलों के बीच शुभनीत कौशिक हमें बार-बार इतिहास की ओर देखने के लिए प्रेरित करते हैं।कहा जा सकता है कि अपने जातीय नायकों के संघर्षों को याद करते हुए एक लोकतांत्रिक भारत के निर्माण का सपना देखना ही इस पुस्तक का मूल लक्ष्य है।

जिज्ञासा– आपने विज्ञापनों के औपनिवेशिक संसार की बात की है।क्या इन दिनों विज्ञापन की भूमिका कहीं बदली है?

शुभनीत कौशिक– विज्ञापनों की भूमिका और उनके पीछे काम करने वाला मनोविज्ञान आज भी वही है, यानी उपभोक्ताओं को रिझाना, उन्हें किसी उत्पाद विशेष का इस्तेमाल करने के लिए आकर्षित करना।अलबत्ता विज्ञापनों की रणनीति में अच्छा-ख़ासा बदलाव आया है।विज्ञापन तैयार करने वाली एजेंसियाँ उपभोक्ताओं की मनोवृत्ति, सामूहिक मनोविज्ञान, उनकी अभिरुचि, पसंद-नापसंद आदि पर गहरा शोध करती हैं।प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया ने अब विज्ञापनों के लिए एक नया मंच मुहैया करा दिया है।इंटरनेट और सेलेब्रिटी संस्कृति के अभूतपूर्व विस्तार ने भी निश्चय ही विज्ञापनों के संसार को आमूलचूल ढंग से बदल कर रख दिया है।

जिज्ञासा– राष्ट्रवाद के उभार के दौर में कुछ भाषाएं धीरे–धीरे राष्ट्रीयता की परिचायक बन गईं।आज  भाषायी अस्मिताओं के उग्र दौर में आप राष्ट्रवाद का कौन–सा रूप देखते हैं?  

शुभनीत कौशिक– भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन ने भारत की भाषाई विविधता और धार्मिक-सांस्कृतिक बहुलता को स्वीकार किया था।इस स्वीकार्यता की मुखर अभिव्यक्ति हमें आज़ादी के बाद संविधान सभा की बहसों में तथा भारत के संविधान के तमाम प्रावधानों में भी देखने को मिलती है।आज भी भारत की भाषाई विविधता के संदर्भ में सबसे बेहतर नीति यही हो सकती है कि सभी भारतीय भाषाओं के साथ राज्य द्वारा समानता का व्यवहार किया जाए और उनकी उन्नति और समृद्धि के हर संभव अवसर उपलब्ध कराए जाएं।साथ ही, विभिन्न भारतीय भाषाओं के साहित्यकारों और उन्हें बोलने वालों के बीच परस्पर संवाद और अंतःक्रिया के अवसर भी निर्मित किए जाने चाहिए, ताकि उनके बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा मिले।वे संकीर्णता के दायरे से ऊपर उठें।

जिज्ञासा– आपने राष्ट्रवाद की अवधारणा के केंद्र में गांधी, टैगोर और प्रेमचंद को रखकर लेखन किया है।आज राष्ट्र का इन तीनों से कितना संपर्क बचा है?

शुभनीत कौशिक–  गांधी, टैगोर या प्रेमचंद ने ‘एक राष्ट्र, एक भाषा, एक धर्म’ जैसी यूरोपीय धारणाओं को कभी स्वीकार नहीं किया था।वे राष्ट्रवाद की संकीर्णताओं को इंगित करते रहे और भारतीयों को राष्ट्रवाद के खतरों के प्रति चेताते रहे।उन तीनों ने, विशेषकर रवींद्रनाथ टैगोर ने तो राष्ट्र की सीमाओं से आगे जाकर विश्व-बंधुत्व और अंतरराष्ट्रीयता की भी वकालत की।भारत में आज हम जिस ‘राष्ट्रवाद’ का ज़ोर-शोर से प्रचार होता देख रहे हैं, वह उस राष्ट्रीय आंदोलन और उसकी विरासत से कोसों दूर है, जिसे नेहरू, गांधी, टैगोर, प्रेमचंद आदि ने और भारत के अमर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने खून-पसीने से समृद्ध किया था।

जिज्ञासा– आपने बीसवीं सदी के इतिहास–लेखन में मार्क्सवादी चिंतन के प्रभाव को रेखांकित किया है।हम जानना चाहते हैं कि २१वीं सदी के इतिहास–लेखन में मार्क्सवादी चिंतन कहां खड़ा है?

शुभनीत कौशिक–  सामाजिक-आर्थिक इतिहास के क्षेत्र में हालिया दौर में जो इतिहास लेखन हो रहा है, उसपर मार्क्सवादी चिंतन पद्धति और अवधारणाओं के प्रभाव स्पष्ट देखे जा सकते हैं।हाल के वर्षों में श्रम के इतिहास के विभिन्न आयामों पर नए सिरे से इतिहासकारों की दिलचस्पी पैदा हुई है।उनके लेखन में विश्लेषण के मार्क्सवादी औज़ारों और चिंतन-सरणियों का इस्तेमाल प्रमुखता से हो रहा है।

 

समीक्षित पुस्तकें :

  • आधुनिक भारत का ऐतिहासिक यथार्थ: हितेंद्र पटेल, राजकमल प्रकाशन (२) वह भारत जो हमारा सपना है!: आलोक श्रीवास्तव, संवाद प्रकाशन (३) कोलाहल में कविता की आवाज : अच्युतानंद मिश्र, आधार प्रकाशन (४) इतिहास, भाषा और राष्ट्र: शुभनीत कौशिक, संवाद प्रकाशन

1, राम कमल रोड, पोस्ट-गरिफा, पिन-743166, उत्तर 24 परगना (प.बं.) मो.9331075884

​