|
|
|
|

वह पहली बार मुझे जर्मनी के शहर फ्रैंकफर्ट में मिली थी। फ्रैंकफर्ट से म्यूनिख हम साथ ही आए थे। कारों में लिफ्ट लेते, रास्ते में पड़ने वाले यूथ हॉस्टलों में रुकते या सस्ते होटलों में आश्रय लेते। लिफ्ट लेने के लिए किसी कार की प्रतीक्षा में सड़क के एक ओर खड़े हुए जब आईन को बहुत सर्दी लगने लगती तो वह मेरे साथ जुड़ कर खड़ी हो जाती। मैं उसकी कमर में हाथ डालकर उसे अपने और करीब खींच लेता। अब भी हम म्यूनिख के एक यूथ हॉस्टल में ठहरे हुए थे। दो मार्क ठहरने के, दो मार्क सुबह के नाश्ते और रात के खाने के। नाश्ते से निवृत हो हम हॉस्टल से बाहर निकल आए। ‘मुझे इंडिया हाउस जाना है। चलोगी मेरे साथ?’ मैंने पूछा।
जो धन मैं घर से लेकर आया था वह खत्म होने वाला था। कोई काम मिल जाता तो बेहतर था। मन ही मन कहा मैंने ।
‘आप जाइए। मुझे कहीं और जाना है।’ आईन ने कहा – ‘शाम को हॉस्टल में मिलेंगे।’
लेकिन मैं उसे अकेला नहीं छोड़ना चाहता था। न ही इंडिया हाउस अकेले जाना चाहता था। जब से हम म्यूनिख पहुंचे थे तब से वह मुझे उखड़ी-उखड़ी नजर आ रही थी। मुझे उसके साथ रहने का बहुत सहारा था। मैं जर्मन भाषा से एकदम अनभिज्ञ था। और वह जर्मन भाषा के अतिरिक्त अंग्रेजी, स्पेनिश व कई अन्य भाषाएं बोल सकती थी। यूं भी परदेस में इस प्रकार का साथ बहुत सुखद लगता है।
‘तो फिर चलो, पहले मैं तुम्हारे साथ चलता हूँ। तुम्हारा काम समाप्त हो जाने पर इंडिया हाउस चलेंगे।’
‘मुझे बहुत देर लग सकती है। मेरा ख्याल है मुझे अकेले ही जाना चाहिए।’ वह बोली।
‘किसी से मिलना है?’ वह मौन रही।
‘अगर किसी ऐसे स्थान पर जाना है जहां मेरा जाना तुम उचित नहीं समझती तो मैं…’
सात दिन तक साथ-साथ सफर करते हुए हमारे बीच काफी निकटता आ गई थी, पर इतनी भी नहीं कि उसपर अपना अधिकार मान बैठूं।
उसने उदास नजरों से मेरी ओर देखा और बोली- ‘चलो।’
बाहर हल्की-हल्की बर्फ पड़ने लगी थी। बर्फ के फाहे उसके सुनहरे बालों और कोट के कंधों पर गिर रहे थे। हम ट्राम में बैठ गए और कुछ देर बाद एक चौरस्ते के निकट उतर गए।
सामने एक घंटाघर था। अगल-बगल तीन-चार मंजिली इमारतें। घंटाघर की घड़ी की ओर देखते हुए मैंने कहा- ‘लगता है दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान म्यूनिख पर कोई बमबारी नहीं हुई। मैंने फ्रैंकफर्ट में सारी इमारतें नवनिर्मित देखी थीं।’
‘हां, बच गई इमारतें।’
‘बहुत खुशकिस्मत होंगे यहां के रहने वाले। नहीं तो शहर के शहर तबाह हो गए।’
‘खुशकिस्मत सब नहीं थे।’ उसने ठंडा श्वास भरते हुए कहा।
हम गलियों, बाजारों के मोड़ मुड़ते हुए और सड़कों के नाम पढ़ते हुए एक पुराने कॉफी हाउस के सामने आ खड़े हुए। आईन ने जर्मनी भाषा में कॉफी हाउस के मैनेजर से कुछ पूछा। मैनेजर ने प्रश्न भरी नजरों से एक बार उसकी ओर देखा फिर हमदर्दी भरे लहजे में कुछ कहते हुए एक गली की ओर संकेत कर दिया।
गली की सड़क पत्थरों की बनी हुई थी और बिलकुल सूनी थी। आईन की सैंडिलों का स्वर एक तेज चलने वाली घड़ी की मानिंद, टक-टक करता खामोशी को तोड़ता जा रहा था। मैं कुछ बोलना चाह रहा था, पर उसे इतना गंभीर और ध्यानमग्न देखकर चुप था। कभी-कभी वह फटी-फटी आंखों से आसपास के मकानों की दीवारों को देखने लगती। इन मकानों की दीवारें भी पत्थर की बनी हुई थीं। किसी-किसी दीवार पर काले रंग से क्रॉस बना हुआ था। किसी से मैंने इनके बारे में सुना अवश्य था पर कुछ याद नहीं आ रहा था।
‘ये कैसे क्रॉस हैं?’ मैंने हौले से पूछा।
वह चुप रही।
‘तुम्हारा कोई रहता है यहां?’
‘मेरी एक बचपन की सहेली शायद रहती थी यहां। ठीक से याद नहीं मुझे। ये काले क्रॉस वाले घर यहूदियों के थे।’
मुझे याद हो आया… दूसरे विश्वयुद्ध से कुछ पहले ये काले क्रॉस जर्मनी नाजियों ने यहूदियों के घरों पर लगाए थे। और अब उस युद्ध की स्मृति में ये वैसे ही छोड़ दिए गए थे। जैसे फ्रैंकफर्ट में कुछ ध्वस्त हुई इमारतें।
गालियां पार करने के बाद हम एक पत्थर की बनी चारदीवारी के पास आकर रुक गए। एक पुराने दरवाजे पर लिखा हुआ था- यहूदियों का कब्रिस्तान।
‘मैं अंदर जा रही हूँ। थोड़ी देर में वापस आऊंगी। आप चाहें तो बाहर मेरा इंतजार कर सकते हैं।’
मैं उसके उदास चेहरे पर कुछ पढ़ने का यत्न करने लगा। चारों ओर निपट खामोशी थी। कोई पक्षी भी नजर नहीं आ रहा था।
वह अंदर चली गई। मैं बाहर खड़ा यूं ही इधर-उधर देखने लगा।
बर्फ गिरनी बंद हो गई थी पर ठंडक बढ़ गई थी। अगर नजदीक कोई कॉफी हाउस होता तो वहीं बैठ कर आईन की प्रतीक्षा करता। अपनी बांहों को छाती पर लपेट कर इधर-उधर टहलने लगा। काफी देर तक जब वह बाहर न आई तो मुझे कुछ उत्सुकता हुई।
मैं कब्रिस्तान का दरवाजा लांघ कर इधर-उधर देखने लगा। कब्रें क्या थीं, बस मिट्टी के ढेर थे। कहीं कुछ कब्रें पत्थर की भी बनी हुई थीं। मैंने देखा, वह एक टूटी-सी कब्र के निकट सिर झुकाए खड़ी थी। उसका सारा शरीर कांप रहा था और सिसकियों से उसकी पीठ हिलती नजर आ रही थी। फिर वह घुटनों के बल बैठकर घुटनों पर सिर रखकर रोने लगी।
आहिस्ता-आहिस्ता चलता हुआ मैं उसके पास जा खड़ा हुआ और फिर बैठ कर उसकी पीठ पर हाथ फेरते हुए उसे दिलासा देने लगा। वह मुझसे लिपट कर बच्चों की तरह फूट-फूट कर रोने लगी।
‘चलो चलें।’ कुछ देर बाद मैंने सहारा देकर उसे खड़ा करते हुए कहा।
वह खड़ी हो गई थी पर पैर उसके अब भी कांप रहे थे। मैंने उसे एक पत्थर की बैंच पर बैठा दिया था और अपना ओवरकोट उतारकर उसकी टांगें ढक दी थीं। वह मेरे कंधे पर सिर रखकर कुछ देर रोती रही। फिर उसने अपने आपको स्थिर किया, आंसू पोंछे और बोली- ‘चलो।’
हम बाहर की ओर चल पड़े। उसने मेरा हाथ कसकर थामा हुआ था। ऐसे समय में किसी को किसी के मानसिक संबल की आवश्यकता होती है। अच्छा हुआ मैं साथ चला आया।
‘मैं थक गई हूँ, प्यास भी लगी है। कहीं बैठना चाहती हूँ।’
गलियां पार करते हुए हम एक छोटे से बाजार में आ गए थे। एक बीयर बार में जाकर मैंने बीयर का आर्डर दे दिया। वेटर ने दो बड़े–से मग उठाए और एक बड़े–से लकड़ी के ड्रम के नीचे ले जाकर टूटी खोल दी। मग जब बीयर के झाग से भर गए तो वेटर उन्हें हमारे सामने रखकर चला गया।
आईन ने झट अपना आधा मग खाली कर दिया। और फिर अपने अधरों पर मुस्कान लाने का यत्न करते हुए कहा– ‘दाके… दाके शुन (बहुत–बहुत शुक्रिया)।
‘किस बात का?’
उसने मेरी बात का कोई जवाब नहीं दिया। उत्तर की कोई आवश्यकता भी नहीं थी। उसने एक बार बेचारी-सी नजरों से मेरी ओर देखा और फिर आहिस्ता-आहिस्ता बीयर पीने लगी।
‘वह किसकी… अगर तुम नाम न बताना चाहो तो बेशक न बताओ।’ मैंने कहा।
उसके होंठों पर उदासी भरी मुस्कान उतर आई।
‘मैंने सोचा था, मुझे कुछ महसूस नहीं होगा। अपनी मां के बारे में मुझे कुछ खास याद भी नहीं था। जब मैं चार-पांच बरस की थी, तो नाजी उसे पकड़कर ले गए थे। पर… पर उसकी कब्र और इन गलियों, मकानों को देखा तो सबकुछ याद आ गया।’
वह मुझे अपनी मां की आत्मकथा सुनाने लगी। उसकी मां यहूदी और बाप जर्मन। नाजियों ने जब धरपकड़ शुरू की तो मां उसकी समझ गई कि उसके भी दिन गिनती के रह गए हैं। कभी भी द्वार पर दस्तक होगी और गैसटापू (जर्मन खुफिया पुलिस) उसे पकड़कर ले जाएंगे। वह आईन को अपने पति की बहन के घर छोड़ आई थी।
‘पर हिटलर यहूदियों के पीछे ही हाथ धोकर क्यों पड़ गया था?’ मैंने पूछा।
‘कई कारण थे इसके। कुछ सामाजिक, कुछ राजनैतिक और कुछ जर्मन लोगों की यहूदियों के प्रति ईर्ष्या की भावना, जिसका हिटलर ने भरपूर लाभ उठाया। शायद आमतौर पर हर शहर में यहूदी अपने जर्मन पड़ोसी के मुकाबले अधिक खुशहाल थे और यही खुशहाली उनकी बैरी बन गई।’
‘तुम खुद को यहूदी मानती हो या जर्मन?’
‘मैं तो कुछ भी नहीं समझती। बस एक इंसान के बतौर जीना चाहती हूँ। फिर भी कुछ संस्कार होते हैं, जिनसे इंसान मुक्त नहीं रह सकता।’
कुछ पल के विराम के बाद वह फिर बोली- ‘मुझे लगता है, हम अभी भी कबीलों में बंटे हुए हैं… छोटे-छोटे और बड़े-बड़े कबीलों में। और हजारों वर्षों बाद अभी कुछ नहीं बदला।’
‘और तुम्हारे पिता?’
‘उस समय वे म्यूनिख से बहुत दूर बर्लिन में थे। उन्होंने खुदकुशी कर ली या लड़ाई में मारे गए। ठीक-ठाक कुछ नहीं मालूम।’
कहीं जाने का मन नहीं हुआ था उस दिन, पर इंडिया हाउस राह में ही पड़ता था। बीयर बार से निकलकर हम इंडिया हाउस पहुंच गए थे। एक बंगाली बाबू वहां बैठा हुआ था। बड़ा हँसमुख और जिंदादिल।
‘जर्मनी में आए कितने दिन हुए?’ उसने पूछा।
‘लगभग दस दिन।’
‘और इसे कहां से पकड़ लिया?’ उसने हँसते हुए पूछा।
‘फ्रैंकफर्ट हॉस्टल में मिल गई थी। तब से ही साथ है।’
बंगाली बाबू ने जर्मनी में रह सकने और नौकरी मिलने की समस्याओं के बारे में मुझे समझाया। और फिर बोला- ‘सबसे उत्तम उपाय मैं बताता हूँ तुम्हें। सब समस्याएं हल हो जाएंगी। तुम्हारी भी और इसकी भी। तुम्हें नौकरी का परमिट मिल जाएगा और इसे… मैंने भी ऐसा ही किया था।’
मैंने आईन की ओर गौर से देखा।
सुनहरे बाल। बिल्ली जैसी आंखें। लंबा कद। स्वस्थ शरीर। और इतनी भाषाओं की ज्ञाता।… मैं ही रह गया हूं इसके लिए… और बहुत मिल जाएंगे इसे? और फिर पता नहीं यह क्या सोचती है मेरे बारे में?
‘युद्ध के बाद यहां स्त्रियों के मुकाबले पुरुषों की संख्या बहुत कम हो गई है।… और इसकी आंखों में मैं तुम्हारे लिए कुछ देख रहा हूँ। उसे प्यार भी कहा जा सकता है। यूं भी हिंदुस्तानियों के लिए जर्मन स्त्रियां बहुत उपयुक्त रहती हैं।’
‘पर यह तो यहूदी है।’
‘तो क्या हुआ? है तो जर्मन ही। और अब समय भी बदल गया है। समय इंसान को बहुत कुछ बना देता है। दोस्त दुश्मन हो जाता है और दुश्मन दोस्त।’
‘क्या कह रहा है यह?’ आईन ने मुझसे पूछा।
लेकिन मेरे बताने से पहले ही बंगाली बाबू ने उसे शायद जर्मन भाषा में सबकुछ बता दिया। मुस्कुराते हुए वह इधर-उधर देखने लगी। बंगाली बाबू निकट के एक रेस्तरां में हमें लंच के लिए ले गया। फिर कोई छोटी-मोटी नौकरी दिलाने का विश्वास भी दिलाया।
आईन को अभी बर्लिन जाना था। कहीं सेटल होने से पहले वह अपने बाप के बारे में जानना चाहती थी। संभव है जीवित ही हों अभी!
जर्मनी लौटने से पहले वह कई वर्ष तक फ्रांस, इंग्लैंड, इटली और स्पेन आदि मुल्कों में रहकर वहां की भाषाएं सीखती रही थी।
हमें पहले नूरनबर्ग तक एक कार से लिफ्ट मिली। फिर आगे वुर्जबर्ग तक। इसके बाद हम बहुत देर तक सड़क पर खड़े रहे, पर कोई भी कार हमलोगों के लिए नहीं रुकी। अगर रुकी भी तो वह किसी और दिशा की ओर जा रही थी। हिमपात भी शुरू हो गया था। अंततः एक कार रुकी। उसमें पूरा एक जर्मन परिवार बैठा हुआ था। कार वाले ने कहा- ‘हमें बर्लिन से कुछ मील पहले एक गांव तक जाना है। हम एक ही व्यक्ति को ले जा सकते हैं, दो को नहीं।’
‘तुम चलो, मैं और किसी से लिफ्ट लेकर पीछे -पीछे आ जाता हूँ।’ मैंने आईन को सुझाव दिया। इस तरह पहले भी हमने कई बार किया था।
घंटे भर बाद मुझे भी लिफ्ट मिल गई। बर्लिन यूथ हॉस्टल पर पहुंचने पर देखा, आईन वहां नहीं थी। दूसरे दिन भी नहीं आई। मैं चार दिन तक उसका इंतजार करता रहा। थाने जाकर पता भी किया कि कहीं कोई एक्सीडेंट ही न हो गया हो। पर कुछ पता न चला।
चार दिन बाद बर्लिन से रुखसत होते हुए मैं उसके ही बारे में सोच रहा था। उसने कहा था, वह मुझे अपनी बुआ से मिलवाएगी, जो अब आस्ट्रेलिया में रहती है। मुझे जर्मन भाषा भी सिखाएगी और…
दो-तीन महीने जर्मनी और फिर एक वर्ष तक इंग्लैंड में रहकर छोटे-मोटे काम करता रहा। पर किसी भी देश में, किसी भी काम में मन नहीं रमा।
एक तो आईन के खो जाने से मन उखड़ गया था, दूसरा, सब लोग अजनबी-अजनबी से लगते थे। अपने हिंदुस्तानियों जैसा उष्मा भरा अपनापन कहां था इन मुल्कों में।
देहरादून अपने घर लौटने पर मुझे आईन का पत्र मिला था, जिस पर बहुत पहले की तारीख अंकित थी। लिखा था, जिस कार में उसे लिफ्ट मिली थी, बदकिस्मती से मौसम की खराबी के कारण वह ईस्ट जर्मनी में प्रवेश कर गई थी। वहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था और फिर पूरी जांच-पड़ताल करने के उपरांत हफ्ते भर बाद छोड़ा था। अभी तक उसे अपने बाप के बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया था।
आज फिर उसका पत्र आया है। मेरी पत्नी ने ला कर दिया है। दो-चार वर्ष बाद आ जाता है। पहले उसके पत्र को देखकर मेरी पत्नी के होंठों पर एक व्यंग भरी मुस्कान उभर आती थी। लेकिन आज उसकी आंखों में व्यंग के बजाय संजीदगी है। आज मैं भी आईन के यहूदी होने का दर्द पूरी तरह से समझ पाया हूँ। उन्नीस सौ चौरासी का नवंबर महीना है। आज हमारे मकान पर भी कोई काला क्रॉस लगा गया है। आबादी से जरा-सा बाहर हमारे लोगों के चार-पांच घर हैं। सब घरों पर ये क्रॉस लगे हुए हैं।
अमरीक सिंह दीप : फ्लैट न. 101, गोल्डी अपार्टमेंट, 119/372 – बी., दर्शनपुरवा, कानपुर–208012 मो.6394221435

मनमोहन बावा
अमरीक सिंह दीप