बेटे और बहू की आज छुट्टी थी। वे लगभग चार घंटे बाद बाजार से लौटे थे। ढेर सारी चीजें खरीद लाए थे और लिविंग रूम और उन्हें अपने बेडरूम में सजाने की चर्चा कर रहे थे। उन चीजों में पुरानी घड़ी थी, टेबल लैंप था, कुछ कलाकृतियां थीं। धातु की बनी कुछ मूर्तियां, लकड़ी और कांच के बनावटी सामान भी थे। एक बहुत पुराना लकड़ी का नक्काशीदार मेज था, लालटेन और गगरी थी। दोनों बहुत चाव से सजा रहे थे।

सोमेश आश्चर्यचकित थे। एक कोने पर बैठे एकटक उन्हें देख रहे थे। अचानक उन्हें खांसी आ गई। बेटा तुरंत बोला, ‘पापा, आज रात भर खांसने का इरादा है क्या? कल ऑफिस जाना है। जरूर नींद खराब करोगे!’

बहू बोली, ‘पापा को मना किया है कि बरसात के मौसम में दही न खाया करें, लेकिन मानते नहीं।’

सोमेश सकुचाते हुए बोले, ‘बहू, दही तो मैंने पिछले कई दिनों से खाया ही नहीं है। कभी-कभी खांसी आ ही जाती है। बहुत देरे से चाय पीने की इच्छा है। तुम लोग चाय पियोगे तो मेरे लिए भी एक कप बना देना।’

‘पापा! पहले यह सामान लगेगा फिर चाय बनेगी।’

‘हां! आपको अपना कमरा शिफ्ट करना पड़ेगा। आपकी बेड स्टडी रूम में लगा देते हैं। इन सामानों के लिए जगह कम पड़ रही है!’

सोमेश हतप्रभ होकर कभी एंटीक कहे जाने वाले सामान के ढेर देखते, कभी अपने बहू-बेटे को और कभी अपने बुढ़ापे को!