विभिन्न पत्र– पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित। कविता संग्रह  ‘काल के करघे पर आखरों की कताई’। चित्रकारी का शौक।

बिना शीर्षक

मैं जादूगरनी नहीं
पर सीखना चाहती हूँ जादूगरी
ताकि
धनिया, मेरी सहायिका
जिसके बेटे ने कल कर ली आत्महत्या
मानसिक असंतुलन के कारण
विक्षिप्त मां जो लगातार पुकार रही है
मिला सकूं उसे उस ईश्वर से
जिसका नाम अब भी उसके होंठों पर है
इस यक़ीन के साथ कि उसका बेटा
लौट आएगा सुन कर उसका आर्तनाद
ईश्वर भी पिघल जाएगा
मैं सोख पाती सारे दर्द, सारी पीड़ा
घुमा कर अपनी जादुई छड़ी

सीख सकूँ ऐसा तिलिस्म
कि पोंछ सकूं सारी दुर्भावनाओं को
पड़ोस की बारह साल की बिटिया
असाध्य रोग से ग्रसित
पथराई सी एकटक शून्य में निहारती है
उसके मौन होंठों पर धर सकूं कुछ शब्द

करूं ऐसा जादू कि
सड़क के कोने फेंके गए
आईसक्रीम के जूठे कपों को उठा कर चाटते
फेंकें गए ख़ाली दोनों में
चाट पकौड़ों के अंश तलाशते
झोपड़पट्टी के बच्चों की बदल सके तकदीर
उनके आगे हो भरी-पूरी थाली
और ठंडी आइसक्रीम
पर जादू तो बस एक सपना है
हकीकत में भूख और रोटी के बीच
लगातार जूझना है

मैं चाहती हूँ
युगों से जगी आंखों में नींद बोना
हथेली पर खिंची आड़ी-तिरछी
रेखाओं की तासीर बदलना

पर नहीं आती मुझे जादूगरी
मैं अपनी भिंची मुट्ठी में
अपनी सोच को रख कर
फेंक देती हूँ नीले आसमान की ओर
वहां बैठा रहनुमा शायद
कर सके कोई कमाल
सुन सके सबकी फरियाद।

संपर्क : लोधा अमारा, डब्लू वन – 805, कॉसाफरेस्को–ए, कोलशेत रोड, थाने (वेस्ट)-400607 (महाराष्ट्र) मो.9334017284