युवा कवयित्री। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाश्ति। कविता संग्रह ‘इंजीकरी’।

 

तुम स्वयं संभावना हो

सुख भौंकते हुए आता है
दुख बिल्ली की तरह आहिस्ता
और बिना किसी पदचाप के

हर जख्म एक दरवाजा है
हर खरोंच एक खिड़की है

प्रेम एक पूरी दुनिया है
मुस्कान एक खुलती हुई खिड़की है

चमकती हुई आंखें दिल को जाती सड़कें हैं
बुझी हुई आंखें आत्मा की ओर जाती सुरंगें हैं

तुम्हारा चेहरा, एक संपन्न दुनिया है
जिसमें आजादी का दरवाजा है
रोशन खिड़िकियां हैं

तुम स्वयं संभावना हो
एक उम्मीद
जो कितनों को जीवित और खुश रखती है।

मैं प्रेम कैसे करती

मैं प्रेम कैसे करती
हाथ पांव दोनों कटे हुए हैं मेरे
और प्रेम एक लंबी मैराथन है

मैं प्रेम कैसे करती?
यह रंग और रौशनी का खेल है
और मैं जन्मजात अंधी

मैं प्रेम कैसे करती?
यह आत्मा का सुख है
और देह खा चुकी है आत्मा को।

संपर्क:​ मकान नंबर 30(ए), कावुलाने, श्रीनगर, वल्लकदावु, त्रिवेंद्रम, केरल-695008 मो. 8075845170