चार दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता और निरंतर लेखन। ‘शिखर में आग’ और ‘सच कहने के लिए’ कविता संग्रह।

 स्लेट पर लिखे कुछ सवाल

क्या सच में एक दिन
स्वच्छ जल रह जाएगा केवल नारियल में
और खाली बांस के खोल में सांस की हवा
क्या बस जुगनुओं में रह जाएगी सच की लौ
और उर्वर मिट्टी केंचुओं के बिल में
जरा-सी खड़िया भी नहीं होगी
कोरे और बड़े-से श्यामपट पर
‘छुट्टी’ लिखने के लिए
क्या सच एक दिन
झींगुरों के पास ही रह जाएगी
संगीत की झंकृति
और चिड़ियों को भी पता नहीं चलेगा
सुबह होने का?

बच्चों की स्लेट पर लिखे
कुछ सवाल दिखे मुझे एक कविता में
क ख ग लिखना सीख रहे
कच्चे घड़े-से बच्चों की स्लेट पर
लिखे सवाल बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं
वे अभी सीख रहे हैं वर्णमाला
अक्षर-अक्षर जोड़कर बना रहे हैं शब्द
बच्चे अभी देख रहे हैं दुनिया
देखेंगे दुनिया अभी और
स्लेट पर लिखने वाले बच्चे

घनेरी रात में धरते हैं अपनी हथेलियों पर
जुगनुओं की लौ
झींगुरों के स्वर से होते हैं मुदित
वे कुछ ही देर में
स्लेट पोछकर मिटा देंगे ये सवाल
हे कवि!
ये सवाल दरअसल बच्चों की स्लेट पर नहीं
ये पूरी दुनिया की संसद और
विधानसभाओं के पट पर लिखे होने चाहिए

दुआ करें कि खुलती रहे सुबह-सुबह
चिड़ियों की चहचहाहट से हम सबकी नींद।

संपर्क :अन्नपूर्णा अपार्टमेंट, फ्लैट नं–४०२, बलदेव भवन रोड, पुनाईचक,पटना–८०००२३ बिहार मो.९४३१०७६६७७