वरिष्ठ कथाकार और कवयित्री। अंग्रेजी की चार किताबें प्रकाशित।

नई परिभाषाएं

दिशाएं

रात भर जागी सैनिक की आंखें
अब केवल दिशाएं पहचानती हैं
हर घंटे गुजरता है एक एयर अटैक
सन्नाटे को चीरता हुआ
बादलों में चीख लिखता हुआ।

आसमान

आसमान
अब कैनवास नहीं
एक स्क्रीन है
जहां बम गिरने से पहले
ब्लू टिक आता है-
‘टारगेट डिलीवर्ड।

इतिहास

इतिहास
क्लास में पीछे बैठा एक बच्चा है
जिसकी कॉपी
धुएं और खून से भर गई है
और टीचर ने
उसे अनुपस्थित मान लिया है।

शिविर

एक मां ने अपने बेटे को
‘बेटा’ नहीं पुकारा
अब वह उसे
संख्या 88-ए कहती है
क्योंकि शिविर में
लाशों का नाम कम
संख्या ज्यादा पंजीकृत होती है।

धर्म

धर्म
अब त्योहार नहीं लाता
लाता है फरमान
कर्फ्यू का
एक और रंगहीन सुबह।

राजनीति

राजनीति
वही पुराना रेडियो है
जो युद्ध का गीत बजाता है
बच्चों की हँसी
उसकी आवाज में
कहीं फंस गई है।

प्रेम

प्रेम
तहखाने में रखा वह खत है
जिसे पढ़ने को न भाषा बची है
न वह स्पर्श बचा है
जो अक्षरों के पीछे छुपे
धड़कते मौन को समझ सके।

​मकान नंबर 4, राम रहीम एस्टेट, मलाक रेलवे क्रॉसिंग के पास, नीलमथा, लखनऊ उत्तर प्रदेश-226002  मो.9919906100