कथाकार और लेखिका। अंग्रेजी की चार किताबें प्रकाशित।

 

पालमपुर की सुबहें किसी पुरानी कविता की तरह होती हैं। हर पेड़, हर पत्थर, हर पहाड़ जैसे कोई बिंब हो। सूरज यहां अचानक नहीं उगता। वह धीरे-धीरे सफेद धुंध की चादर को खिसकाता है, जैसे किसी चित्रकार की अंगुलियां रंगों को धीरे-धीरे उजागर कर रही हों। उस चादर के पीछे से धौलाधार की बर्फीली निस्तब्धता झांकती है। धौलाधार, वो हिमाच्छादित पर्वत-शृंखला, जो पालमपुर में मौन संरक्षक की तरह खड़ी रहती है। सालों से उसी मुद्रा में- स्थिर, धवल, और अल्पभाषी।

पास बहती न्यूगल नदी की कल-कल के पास एक घर है। न बहुत बड़ा, न दिखावटी। छत पर सजी हैं हिमालयी बेलों की कतारें, ब्रह्मकमल, बर्फ गुलाब, सिंहपर्णी और एक पुराना बोनसाई रोडोडेंड्रोन जिसे उस घर के लोग कुमाऊं वाला कहते हैं। यह घर है अभिनव गुप्ता जी का। वह साठ वर्ष के रिटायर्ड जूलॉजिस्ट यानी जीव विज्ञानी हैं, जिन्होंने पहाड़ की लुप्तप्राय जीव प्रजातियों और चीलों के पीछे भागते-भागते जीवन गुजारा। उन्होंने अपनी जवानी के दिनों में धौलाधार की ढलानों पर पाई जाने वाली दुर्लभ तितलियों और कस्तूरी मृगों पर शोध किया था। जीवन भर उन्होंने इस बात को समझने की कोशिश की कि ऊंचाई, तापमान और मौसमी बदलाव कैसे किसी प्रजाति की संरचना और व्यवहार को बदल देते हैं। उनके औसत कद, हल्की झुकी पीठ, सफेद बाल और अधपकी दाढ़ी और झुर्रियों से भरे चेहरे पर अब भी एक खोजी चमक थी। पर अब वे थम गए थे। उनके जीवन की संगिनी, स्वरा बरसों पहले एक लंबी चुप्पी ओढ़कर चली गई थीं। वही स्वरा जो सितारवादक थीं। कमरे के कोने में पड़ा वह पुराना सितार अब मौन था। पर कभी-कभी जब घर के भीतर बहुत गहरा सन्नाटा होता है, तो अभिनव जी को लगता एक धुन हवा में तैर रही है जैसे स्वरा अभी भी कहीं यहीं हैं। एक राग बनकर। धौलाधार की स्थिरता में उन्हें स्वरा की आंखों की वही शांत आभा दिखती। कभी-कभी उन्हें लगता उस हिम-रेखा के पार, कोई छाया खड़ी है जैसे स्वरा हो जो रोज उनके इंतजार में वहीं ठिठकी रहती है। बिलकुल वैसी ही जैसे वो बरामदे में खड़ी चाय का प्याला थामे उनका इंतजार किया करती थी।

रोज सुबह छत की सीढ़ियां चढ़ते तो सबसे पहले धौलाधार की ओर देखते। उनके लिए ये सिर्फ पहाड़ नहीं थे। ये समय की पीठ थे, जिसपर उनकी स्वरा की स्मृतियां टिककर सांस लेती थीं। वो हाथ में एक कप लिए पुराने बायोनॉकुलर्स से दूर नीली चीलों का वास देखते। उनकी छत पर गमलों में लगे गुलैचा, फॉक्सग्लव और नीलपुष्पी भी जैसे अपने पत्तों को थोड़ा और खोल लेते थे, जब धौलाधार खुलकर मुस्कुराती थी। अभिनव गुप्ता के लिए ये पौधे मात्र सजावटी नहीं थे। ये उनके एकांत के साथी थे। हर पत्ती, हर कली में वे जीवन की नई परिभाषा खोजते। छत पर मिट्टी की गंध, पत्तों की भाषा और पत्नी की स्मृति, सब एकसाथ घुल जाया करते।

ये पौधे बोलते नहीं पर जब आंखें थकती हैं, तो यहीं आकर ठहर जाती हैं- उन्होंने कभी अपनी डायरी में लिखा था।

छत पर उनकी बैठक भी है। उसमें लकड़ी की पुरानी कुर्सी है जहां स्वरा बैठती थी। उसके बगल में रखी हैं सूखे फूलों की हर्बेरियम डायरी और पुरानी जूलॉजी जर्नल्स की जिल्दों के बीच अब भी दबी हुई हैं हजारों जीवों की कहानियां। शाम को जब धौलाधार की चुप्पी घर के भीतर धीरे-धीरे उतर आती तो वो अक्सर  टैगोर की कविता पढ़ते और कभी कभी गजल सुनते हैं जगजीत सिंह की।

उनकी बेटी अनन्या बत्तीस वर्ष की थी। ‘एनजीओ’ में काम करती है। जमीन से जुड़ी। भीतर कहीं बहुत नर्म।

एक शाम अनन्या पापा के साथ चाय पी रही थी और चना मदरा खा रही थी। पापा रोज शाम को सिड्डू खाते थे, घी नहीं चटनी के साथ।

अनन्या ने कहते हुए पूछा, ‘पापा आपको कभी लगता है कि कोई होना चाहिए… बात करने के लिए?’

अभिनव जी ने हँसकर कहा, ‘कौन कहता है बात नहीं होती? ये पौधे, पहाड़ बहुत कुछ कहते हैं।’

अनन्या चुप हो गई। पापा अक्सर ऐसे ही हँसकर बात टाल देते थे। बात को किसी पक्षी, किसी पहाड़ी फूल या बादलों की दिशा में मोड़ देते। जूलॉजिस्ट होने के नाते पापा ने जानवरों और प्रकृति की भाषाएं सीखी थीं, लेकिन इंसानी अकेलेपन की भाषा से वे अक्सर कतराते रहे। मां के जाने के बाद वे और भी चुप हो गए थे। अनन्या अब समझने लगी थी कि पापा का अकेलापन कोई शिकायत नहीं, एक आदत बन चुका था। उस अकेलेपन को वे छत के पौधों, सूखे फूलों और धौलाधार की चुप्पियों में सहेजते थे। पर उस रात चुपचाप उसने एक सोशल मीडिया ऐप पर पापा की एक प्रोफाइल बना दी- ‘रिटायर्ड जूलोजिस्ट, सीकर ऑफ साइलेंस। वन्स ए कीपर ऑफ वाइल्ड थिंग्स, नाउ ट्रेसिंग द क्वाइट फूटप्रिंट्स ऑफ वनिश्ड टाइम।’

उसने इंटरेस्ट में सादगी से लिखा था-

टैरेस गार्डनिंग, पोएट्री रीडिंग एंड कॉलेक्टिंग ड्राइड फ्लावर्स प्रेस्ड बिटवीन द येलोइंग पेजेज ऑफ ओल्ड जूलॉजी जर्नल्स।

कुछ दिनों तक कई लोगों खास तौर पर महिलाओं के संदेश इनबॉक्स में आते रहे। कोई चटक रंगों में लिपटी शायरा थी, जो हर मैसेज में एक शेर लिख भेज रही थी। पहाड़ों की दीवानी एक ट्रैकर महिला चाहती थी कि वो और ‘सीकर ऑफ साइलेंस’ साथ चलें किसी बर्फीली चोटी तक। अनन्या सब देखती रहती। हर नोटिफिकेशन, हर मैसेज पर एक हल्की-सी मुस्कान। हर प्रोफाइल में पापा के लिए साथ तलाशने की उम्मीद। एक शाम अनन्या ने एक फ्रेंड रिक्वेस्ट देखी- माया कॉस्मिका। नाम जाना-पहचाना लगा। प्रोफाइल खोली तो पाया कि यह तो कहीं आसपास ही रहती हैं और योगशाला चलाती हैं। और भी बहुत लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट आ रही थी पापा को।

लेकिन जब उससे न रहा गया, तो एक शाम हिमालयन फर्न के पौधे में पानी देते वक्त उसने कहा, ‘पापा, कुछ दिखाना है, पर नाराज मत होना।’ और उसने फोन अपने पापा की तरफ बढ़ा दिया।

पापा ने चश्मा ठीक किया और मोबाइल हाथ में लिया। स्क्रीन पर उभरा उनका ही चेहरा, सिर्फ थोड़ा और अकेला। थोड़ा और ईमानदार और कुछ-कुछ बूढ़ा। पापा ने इनबॉक्स स्क्रॉल किया। पहले एक लंबा मौन साधा, फिर उन्होंने अनन्या की ओर देखा।

‘तुमने मेरी तन्हाई को इतना हल्का समझा कि उसका इलाज एक ऐप से करोगी?’

अनन्या की आंखें भर आईं।

‘नहीं पापा… मैं आपकी तन्हाई को बहुत गहरा समझती हूँ। इसलिए ही तो…’

उसके बाद अभिनव जी ने बिना कुछ कहे फोन उसको वापस कर दिया और अनन्या ने प्रोफाइल डिलीट कर दी।

दिन सरकते जा रहे थे जैसे पुरानी घड़ी की सुइयां। अनन्या कुछ दिनों से किसी खास तैयारी में थी। उस शाम चाय के वक्त आखिर उसने बोल ही दिया, ‘मैंने आप का नाम योग क्लास में लिखवा दिया है, पापा।’

अभिनव जी ने चौंककर देखा, फिर हल्के से मुस्कराए, ‘योग? मुझे क्या जरूरत…!’

‘जरूरत मुझे है, पापा।  कम से कम वहां कुछ लोग होंगे। हर बार कोई तितली या वायलेट डेजी ही आपकी बातचीत का साथी न हो।’

उन्होंने हँस दिया। यह एक थकी हुई, पर मान जाने वाली हँसी थी।

‘चलो, ठीक है अगर तुम कहती हो।’

योग क्लास बुंदला टी एस्टेट के पास लगती थी। वह योग क्लास चलाती थीं। वही माया कॉस्मिका जी, जिनकी फ्रेंड रिक्वेस्ट पिछले हफ्ते पापा को आई थी।

सुबह होते ही अनन्या पिता को लेकर योगशाला पहुंच गई। अभिनव जी ने चुपचाप कोने की चटाई चुनी, जहां खिड़की से धौलाधार की धुंधली छाया और टी गार्डन दिख रहे थे। वह बाहर देखने लगे।

‘शरीर से पहले हम सांस को साधेंगे’, उन्होंने यह स्वर सुना जो उनके भीतर तक उतर गया। वह पलटे। वहीं खड़ी थीं माया कॉस्मिका।

चेहरा किसी पुराने ब्रह्मांडीय स्वप्न से उतरा हुआ। नीली आंखों में चुप्पी नहीं। कोई कालातीत संवाद बहता हो जैसे। गर्दन कुछ ज्यादा लंबी और मुस्कान जैसे धूप की किरण को हथेली में पकड़ लिया गया हो। उनके पहनावे में कोई आडंबर नहीं था। सिर्फ मिट्टी और आकाश के रंग और कानों में छोटे-से रुद्राक्ष, जो हर शब्द के साथ जैसे हिलते नहीं, ध्यान में उतरते थे जैसे।

‘शरीर को नहीं, सांस को साधना है आपको यहां’, वह फिर से बोलीं। आवाज में एक धीमी, लयबद्ध थिरकन थी। ऋषिकेश से यहां आईं। एंग्लो-इंडियन। गहरी नीलिमा में डूबी हुई एक रहस्यमयी स्त्री थीं माया जी। उम्र में अभिनव जी के आसपास, पर किसी और ही कालखंड से प्रतीत होतीं जैसे किसी पुराने स्वप्न से उठकर आई हों। उनके चेहरे पर एंग्लो-इंडियन विरासत की महीन छाया थी। अंग्रेजी परिष्कार और भारतीय सौम्यता का संगम। वह एक अंग्रेज महिला और एक भारतीय अध्यापक-पिता की संतान थीं। उनके पिता शांतिनिकेतन के विद्यार्थी थे। जीवन के पहले आठ वर्ष माया कॉस्मिका जी ने इंग्लैंड में बिताए थे, फिर भारत आ गईं हमेशा के लिए। कभी दिल्ली के रंगमंच की मशहूर नृत्यांगना रही थीं पर अब वे योग सिखाती थीं। बेहद शांत, सधे हुए स्वरों में बोलती थीं। कभी-कभी, गोधूलि की बेला में उनके कमरे से सितार की मीठी तानें फूट पड़तीं। राग यमन पालमपुर की हवाओं में घुलता जाता। वह अक्सर नीले ऊनी शॉल में लिपटी रहतीं, जिस पर एक बड़ा-सा मोरपंख कढ़ा होता, जो हवा से बातें करता-सा लगता। उनकी आवाज में संगीत की छाया थी।

क्लास के बाद अनन्या ने माया कॉस्मिका को अपने पिता से मिलवाया। उसने मुस्कुराते हुए कहा, ‘ये मेरे पापा हैं, आप के नए विद्यार्थी।’

माया कॉस्मिका जी ने क्षण भर उन्हें गौर से देखा, फिर धीरे से बोलीं- ‘मैं आपको पहचान गई थी। आप वही हैं न जिनके प्रोफाइल में लिखा हुआ है सीकर ऑफ साइलेंस?’

अभिनव जी की नजर अनन्या की ओर गई जिसमें एक अनकहा संकोच था। अनन्या ने उनकी वह नजर महसूस की और बेहद नर्म ढंग से चेहरे का रुख दूसरी ओर मोड़ लिया और मोबाइल की स्क्रीन पर उसकी उंगलियां चलने लगीं जैसे कोई व्यस्तता ओढ़ ली हो।

कॉस्मिका जी मुस्कुराईं बहुत हल्की, बहुत धीमी मुस्कान। और तब उस क्षण की नमी बाहर खड़े ऊंचे-ऊंचे देवदार की पत्तियों पर एक मौन की तरह ठहर गई। अभिनव जी ने नजरें उठाईं। उस मुस्कान में कुछ पहचाना-सा था। कुछ ऐसा जो कहा नहीं गया, पर समझा गया। एक ऐसा मौन का ऐसा संवाद जो केवल अनुभवी आत्माओं के बीच घटता है।

अब अभिनव जी हर सुबह जैसे किसी अदृश्य पुल की ओर बढ़ते। एक छोटा आसमान था जो योग क्लास के नाम पर उन्हें फिर से घर से बाहर बुलाने लगा था। नई स्वेटर जो अनन्या के कहने पर भी नहीं पहनते थे, वो पहनकर सिर पर हिमाचली टोपी जमाए वह योगशाला की ओर निकल जाते। अनन्या उन्हें देखती चुपचाप कुछ विस्मित-सी, कुछ खुश-सी। उसके पिता जिन्होंने घर की बालकनी से आगे जाना छोड़ दिया था, अब घर से बाहर निकलने लगे थे और एक नए प्रकार की ताजगी लेकर लौटते। पुरानी दिनचर्या की जमी-जमी-सी झील में जैसे कोई हल्का-सा पत्थर गिरा हो और उसकी लहरें अब हर कोने को छूने लगी थीं। कुछ था जो बदल रहा था धीरे, शांत और फिर भी स्पष्ट जैसे पुरानी दीवारों पर धूप उतरना शुरू हुई हो।

उस दिन शाम कुछ विशेष थी जैसे बादलों की पतली चादर के पीछे से कोई पुरानी मुस्कान झांक रही हो। अनन्या ने बहुत दिनों से सोच रखा था और उस दिन शाम को एनजीओ के काम से लौटते समय वह माया कॉस्मिका जी को अपने साथ घर ले आई। माया जी के पास कोई औपचारिकता नहीं थी, कोई आग्रह नहीं; बस एक सहज स्वीकृति थी।

दरवाजा खुलते ही अभिनव जी ने जब उन्हें देखा, तो क्षण भर को समय जैसे रुक गया था। वह कुछ कह नहीं पाए पर उनकी आंखों में जो रोशनी थी, वह किसी किशोर मन की पहली उत्सुकता-सी थी।

‘आप हमारे घर…’ कहते-कहते वे रुक गए।

फिर बिना कुछ कहे हाथ के इशारे से उन्हें ऊपर, छत की ओर अपनी बैठक में ले गए, जहां उनकी दुनिया बसती थी। छत पर शाम थोड़ी झुकी हुई थी और गमलों में लगे छोटे-छोटे पहाड़ी पौधे सफेद बादलों की धीमी लौ में नहा रहे थे। पहाड़ी बेकनिया, रक्तबेल, पैशन फ्लावर, क्लीमैटिस सब खिल उठे थे जैसे।

‘ये देखिए’, अभिनव जी ने किसी बच्चे की तरह उल्लास से कहा, ‘ये हिमालयी ब्लू पॉपी है, बड़ी मुश्किल से उगाई है।’

कॉस्मिका जी ने एक-एक पत्ती को देखा जैसे वे शास्त्रीय रागों की तानें हों और फिर धीरे से सिर झुकाया मानो उस प्रयास को नम्र प्रणाम दे रही हों।

अभिनव जी ने खुद हाथ से चाय बनाई थी उस दिन ब्रिटिश लोगों द्वारा पसंद की जाने वाली अर्ल ग्रे ब्लैक टी, जिसमें बर्गमॉट ऑरेंज का स्वाद था। मिट्टी के कप में जब चाय परोसी गई, तो हवा में एक गहराई आ गई। कुछ पीने से ज्यादा महसूस करने जैसी।

अनन्या चुपचाप एक कोने में बैठी सब देख रही थी। कांगड़ा की ओलोंग चाय पीने वाले पापा ब्रिटिश चाय कब और क्यों लाए- वह सोच-सोच कर मुस्कुरा रही थी। उसने अपने पिता को इतने वर्षों में इतना प्रसन्न, इतना सजीव नहीं देखा था। उनकी आंखों में जीवन की कोई पुरानी चिंगारी लौट आई थी जो शायद कभी किताबों, पौधों, तितलियों और खोए हुए स्वप्नों के बीच रह गई थी।

उसकी आंखें धीरे-धीरे भीगने लगीं। वह कुछ नहीं बोली पर उसके भीतर कुछ पिघलता रहा। जैसे वर्षों से जमी बर्फ अचानक किसी अप्रत्याशित धूप में पिघलने लगी हो।

माया कॉस्मिका उठीं और चुपचाप कोने में पड़े सितार के सामने खड़ी हो गईं, जो अनन्या की मां का था। पुराना सितार वर्षों से मौन उन्हें देखता रहा। उन्होंने उसे स्नेह से उठाया। धीरे-धीरे तारों को ठीक किया, सुरों को सहलाया और राग पुरिया धनाश्री बुनने लगीं। प्रेम का, विरह का और अनकहे संवादों का राग। घर में अतीत की कोई धुन उतर आई थी, जिसे स्वरा अपने साथ ले गई थी। उस दिन छत पर चाय के हल्के धुएं और धौलाधार के सामने दो लोगों के बीच एक चुपचाप संबंध जन्म ले रहा था बिना वादा, बिना भाषा, सिर्फ मौन, संगीत और अनुभूति में रचा-बसा।

अभिनव जी ने उस रात डायरी में लिखा-

‘आज माया ने स्वरा का सितार बजाया। बरसों बाद किसी राग ने मुझे भीतर तक छुआ। मैंने आंखें मूंद ली थीं। कोई तस्वीर नहीं बनी, कोई स्मृति नहीं जागी, सितार बजाते वक्त वह मुझसे दूर थी। फिर भी अजीब बात है, उसकी हर धुन मुझे छू रही थी। इस उम्र में जब लोग रिश्ते गिनना छोड़ देते हैं। मैं हर पौधे, हर फूल में माया का चेहरा बुनने लगा हूँ।’

अब यह एक नई, धीमी लय में बहता जीवन था, जिसमें सुबहें योग क्लास से शुरू होतीं और शामें कभी-कभी दो कप चाय के साथ छत पर किसी खामोश बातचीत में ढल जातीं। माया जी अब अक्सर उनके घर आ जातीं और सधे कदमों से अभिनव जी के साथ ऊपर छत पर चली जातीं। वहां हवा हमेशा हल्की चलती थी और गमलों में खिले पौधों के बीच जैसे कोई और ही समय पनपता था। अभिनव जी हर बार किसी नए पौधे की कहानी सुनाते- ‘ये मेकोनोप्सिस एक्यूलीटा है’, वह बड़े प्रेम से बताते, ‘नीला फूल आता है… मगर तभी जब इसे छुआ न जाए।’

माया जी मुस्कुरातीं। उनकी बात पूरी होने से पहले ही कह देतीं, ‘कुछ रिश्ते भी ऐसे ही होते हैं, अभिनव, जो बस एकांत में खिलते हैं।’

एक दिन अचानक अभिनव जी ने पूछ ही लिया, ‘आपका नृत्य कैसे छूटा?’

माया कॉस्मिका कुछ देर चुप रहीं। फिर बोलीं, ‘मेरा नृत्य जीवन एक शाम में ठहर गया था, जब दिल्ली से ऋषिकेश जाते समय एक सड़क दुर्घटना में मेरे पैर की हड्डियों में गहरी चोट आई। घुटने और टखने की नसें ऐसी जख्मी हुईं कि डॉक्टरों ने कहा, अब पूर्ण नृत्य संभव नहीं।’

कुछ देर बाद अभिनव जी की ओर देखकर बोलीं, ‘मंच से उतर आई, लेकिन नृत्य भीतर से कभी नहीं गया। शरीर थम गया। पर जो भीतर थिरकता था, उसे कोई एक्सिडेंट नहीं छीन सका। फिर योग सीखा, संगीत सीखा। और अब मैं आसनों में, सांसों में, रागों में, और मौन में, अपना अधूरा नृत्य जीती हूँ।’

यह सुनकर अभिनव जी भीतर तक थम गए। आंखों में विस्मय था और मन किसी अनजाने दुख से भारी हो उठा। वह अच्छे से समझते थे कि किसी नृत्यांगना का नृत्य छूटना वैसा ही होता है जैसे नदी से उसका प्रवाह छिन जाए या किसी पक्षी से उसका आकाश।

कुछ देर बाद अभिनव जी बोले (थोड़ा हिचकिचाते हुए), ‘माया, अगर बुरा न मानो तो एक बात पूछूं?’

माया, ‘बिलकुल, पूछो।’

अभिनव जी, ‘तुम जैसी सजीव और आत्मनिर्भर स्त्री… क्या कभी किसी के साथ… मेरा मतलब है… शादी के बारे में नहीं सोचा?’

माया जी कुछ क्षण मौन रहीं। आंखें दूर की पहाड़ियों पर टिकी हुईं जैसे कोई स्मृति वहीं अटकी हो। फिर बोलीं, ‘हां सोचा था कभी। पर कुछ रिश्ते होते हैं जो समय से पहले थम जाते हैं… और कुछ ऐसे जो कभी आकार ही नहीं लेते।’

कुछ देर रुक कर वह फिर से बोलीं, ‘मेरे जीवन में कुछ पल ऐसे भी आए जहां साथ के बजाय अकेले चलना ज्यादा सच्चा लगा।’

यह सब सुनकर अनुभव जी की आंखों में एक मिश्रित भाव उभरता है– आश्चर्य, सम्मान और कहीं गहरे तक छू जाने वाली करुणा। उनकी नजर माया के चेहरे पर टिक जाती है जैसे वह उस आत्मविश्वास और टूटन की मिली–जुली परतों को पढ़ने की कोशिश कर रहे हों।

अनन्या भी सब देख समझ रही थी और कमरे से बाहर चली गई। उन दोनों को एकांत देने के लिए। सारी कोशिशें भी तो उसी की थीं। उसको अपनी मां याद आती। माया आंटी की बातों में, उनके हँसने के ढंग में, सितार की धुनों में और पापा की आंखों में लौटती चमक में।

कभी-कभी पापा रवींद्रनाथ टैगोर की किताब हाथ में लिए अनन्या के साथ माया कॉस्मिका जी के घर चले जाते। माया जी सितार उठातीं। राग पूरिया या यमन की कोई तरंग उठती, और पापा चुपचाप उसे घंटों बैठ कर सुनते और किताब में से कविताएं सुनाते।

चाय, पौधे, संगीत, कविता और मौन इन सबके बीच कुछ ऐसा बुन रहा था; जिसे शब्दों में बांधा नहीं जा सकता था। यह प्रेम था या सहानुभूति या फिर यह किसी टूटे हुए समय का धीरे-धीरे जुड़ जाना था।

उस दिन अभिनव जी ने डायरी में वापस आ कर लिखा, ‘जीवन का दूसरा सूरज तेज नहीं होता, वह बस इतना करता है कि सूखी डाल फिर से हरियाने लगती है। माया आई हैं और मैं फिर से एक छोटी-सी बगिया बन गया हूँ।’

कुछ दिनों के बाद शाम जरा अलग थी। आसमान हल्का नीला था। देवदारों की लंबी परछाइयां धीरे-धीरे छत तक उतर आई थीं और हवा में बेकनिया के फूलों की एक अनकही खुशबू भरी थी। माया जी उस दिन आईं, तो जैसे शाम अपने पूरे सौंदर्य के साथ उतर आई हो। उन्होंने रेशमी पहाड़ी पोशाक पहनी थी, जिस पर नीली कढ़ाई और छोटी-छोटी चांदी की बूंदें टंकी थीं।

अभिनव जी उस क्षण उन्हें देखकर कुछ कह नहीं पाए। उनकी आंखों में ठहराव था। पर उस ठहराव के भीतर हलचल थी जैसे वर्षों से सूखे ताल में एकाएक कोई पुरानी धारा लौट आई हो। वे दोनों छत पर बैठे रहे। माया जी ने चुपचाप चाय की प्याली थामी। कुछ क्षण बिना बोले बीत गए। फिर अभिनव जी ने बहुत धीमे जैसे किसी कविता की पंक्ति गुनगुनाते हों, कहा- ‘माया, क्या आप जानती हैं, इन फूलों को मैं आपसे कम नहीं समझता। आपके आने से कुछ ऐसा लौट आया है, जिसे मैंने खो दिया था।’

माया जी ने कोई उत्तर नहीं दिया और अपनी अंगुली से प्याली के किनारे पर एक वृत्त-सा बनाया। उस वृत्त में कोई उत्तर छिपा था जो शब्दों में नहीं था, पर पूरा कहा गया था।

आकाश पर उस क्षण एक हिमालयी मोनाल पंख पसारे गुजरा। नीली, हरी और तांबई आभा से चमकता हुआ जैसे स्वयं प्रकृति ने उस पल को रंग देने भेजा हो और नीचे छत पर एक अनकहा संबंध जन्म ले चुका था। शब्दों के पार, विलंबित लय में, बस मौन की धीमी धड़कन पर टिका हुआ। मोनाल की वो आवाज मानो आकाश ने उन दोनों के लिए कोई मौन आशीर्वाद भेजा हो।

कोने में रखे पुराने वुडन केस वाले म्यूजिक सिस्टम से धीमी-धीमी गजल बह रही थी, ‘कभी यूं भी आ मेरी आंख में, कि मेरी नजर को खबर न हो…’

गजल के सुर हवा में घुलते जा रहे थे। माया जी ने थोड़े विस्मय और मुस्कान के साथ पूछा, ‘ये सिस्टम बहुत पुराना लग रहा है, अभी भी काम करता है?’

अभिनव जी ने उनकी ओर देखते हुए कहा, ‘हां, इसमें कुछ पुरानी यादें बसती हैं और कुछ नई शामें भी।’

पास ही रखे गमले में खिला था एक हिमालयन गुलबहार का फूल। माया जी उसे देर तक देखती रहीं। फिर धीमे से पूछा, ‘ये हर बार बस बसंत में ही खिलता है?’

अभिनव मुस्कुराए, ‘जैसे कोई सुंदर शय हर मौसम में नहीं, किसी खास घड़ी में ही खिलती है।’

गजल अब अगले शेर पर थी, ‘…कभी दिन की धूप में झूम के कभी शब के फूल को चूम के, यूं ही साथ-साथ चलें सदा, कभी खत्म अपना सफर न हो…’

और उस पल ने जैसे कोई पुरानी कविता पूरी कर दी। जब माया जी जाने लगीं, तो सीढ़ियों से पलटकर देखा। अभिनव जी ने कोई शब्द नहीं कहा, बस अपनी हथेली में एक ब्लू पॉपी फूल लिए खड़े थे और म्यूजिक सिस्टम अब भी धीमे सुरों में उन्हें बांध रहा था। कुछ कहा नहीं गया, फिर भी सब कह दिया गया था।

तीन चार दिन के बाद अनन्या उस शाम पापा की किताबें ठीक करने के बहाने से उनके कमरे में आई, लेकिन मन कहीं और था। फिर उसने धीरे से पापा के टेबल पर माया कॉस्मिका जी का भेजा हुआ एक छोटा-सा नीला लिफाफा रखा। उसके साथ एक सफेद बटरकप का फूल था। लिफाफा रखते हुए अनन्या की आंखों में वो खुशी थी, जो किसी गुप्त उदासी को थोड़ा हल्का होता देख पाने से आती है। कुछ दिनों से पापा ने माया कॉस्मिका जी की बातों पर मुस्कुराना शुरू किया था। खुद को वक्त देना बढ़ा दिया था और पुराना म्यूजिक सिस्टम एक बार फिर से सांस ले रहा था। कुछ देर बाद अभिनव जी का ध्यान टेबल पर गया और उन्होंने चश्मा पहनकर उसे खोला। अंदर दो टिकट थे। ‘हिमालयन म्यूजिक फेस्टिवल’ के, जो त्सुगलक्खांग मंदिर परिसर, मैक्लोडगंज में होने वाला था। वहां माया कॉस्मिका सितारवादन की प्रस्तुति देने वाली थीं और ये दोनों टिकट उन्होंने ही अनन्या के हाथों घर भिजवाए थे। पढ़ते ही अभिनव जी का चेहरा जैसे खिल गया। उनकी आंखों में वही पुराना उत्साह लौट आया, जो कभी वह किसी व्याख्यान या तितली अनुसंधान के दौरान महसूस करते थे।

‘माया का कार्यक्रम? और वो भी मैक्लोडगंज में?’ उनके स्वर में उत्साह था जैसे किसी भूली हुई ऋतु का आमंत्रण आ गया हो।

उस लिफाफे में एक पत्र भी था, जिसमें लिखा था-

प्रिय अभिनव (सीकर ऑफ साइलेंस)

दो दिन बाद त्सुगलाखांग परिसर में, शांत पहाड़ियों की गोद में सितार लेकर बैठूंगी। अगर तुम्हारा मन कहे… तो चले आना।

और हां, तुम्हें पता है कि मैंने आज रवींद्रनाथ टैगोर की एक कविता पढ़ी। उसी किताब से जो तुम एक दिन घर लाए थे और वापस ले जाना भूल गए थे। इस कविता में वह कहते हैं-

‘तुम मुझे जीवन में अपने प्रेम को उसी प्रकार धारण करने दो जैसे एक वीणा अपने संगीत को धारण करती है और अंततः अपने जीवन के साथ मैं इसे तुमको लौटा दूं।’

(माया)

अनन्या ने मुस्कुरा कर कहा, ‘आपको चलना होगा पापा। मैं जानती हूँ, आपको वहां होना चाहिए माया आंटी के लिए।’

पल भर चुप रहकर, उन्होंने अपने गले का रुमाल ठीक किया और बोले, ‘चलूंगा क्यों नहीं चलूंगा? माया ने बुलाया है, तो मुझे जाना ही होगा।’

उनकी आवाज में वही कंपन था, जो आत्मा के भीतर बहुत देर से किसी रुकी हुई धुन के फिर से बजने जैसा होता है।

फिर कुछ देर सोचने के बाद उन्होंने धीरे से कहा, ‘धन्यवाद अनन्या, मुझे फिर से किसी की नजरों में जिंदा कर देने के लिए। प्रोफाइल बनाने के लिए नहीं… माया से मिलवाने के लिए भी नहीं… बल्कि उस हिस्से से मिलवाने के लिए जिसे मैंने खुद कब का छोड़ दिया था।’

‘पापा, कभी-कभी बच्चों को भी मां-बाप को जीना सिखाना पड़ता है।’ वह पापा का हाथ पकड़ कर बैठ गई। दोनों रो रहे थे।

खिड़की के पास वही पुरानी कुर्सी रखी थी, जहां मां अक्सर बैठती थीं। सूती साड़ी में लिपटी, शाम की चाय हाथ में लिए और उनींदी आंखों के साथ। अनन्या ठिठकी। ठंडी हवा ने माथा छुआ। मानो मां ने सिर पर हाथ रखा हो।

त्सुगलाखांग की ओर अब एक यात्रा शुरू होने वाली थी। वहां सितार, प्रार्थनाओं और मौन की भाषा में कुछ अधूरी बातों को फिर से कहने का अवसर मिलने वाला था।

मकान नंबर 4, राम रहीम एस्टेट, मलाक रेलवे क्रोसिंग के पास, नीलमथा, लखनऊ, उत्तर प्रदेश– 226002  मो.9919906100