
युवा कथाकार और लेखक। संप्रति : मुंबई में रहनवारी।

जेठ का महीना है। लू के झक्कड़ चल रहे हैं। मेहनतकश खुले आसमान के नीचे काम कर रहे हैं और मेहनतकशों का खून चूस कर जीनेवाले परजीवी दोपहर को अपने घरों में पड़े सुस्ता रहे हैं। ऐसा ही एक मेहनतकश ननकू इस भरी गर्मी में, उजाड़ जंगल में एक बरगद की डाल पर बैठा बांसुरी बजा रहा है। नीचे छांह में उसकी आठों बकरियां चर रही हैं। कुछ उजाड़ तो जंगल गर्मी की मेहरबानी से हो चला है और कुछ फारेस्ट कर्मियों की कारस्तानी है। सरकार तनख्वाह देती है जंगल को आबाद रखने के लिए, लेकिन उससे इन लोगों का पेट नहीं भरता तो ये कभी लकड़ी के कारोबारियों से, कभी शिकारियों से, कभी किन्ही रसूखदारों से पैसे लेकर अपने बच्चों का पेट भर लेते हैं और बदले में उन लोगों को जंगल का बलात्कार करने की छूट मिल जाती है। सरकारी कागजों में जितने पेड़ उग चुके हैं उनसे तो इस धरती के सारे जख्म भर जाने चाहिए थे तो फिर ऐसा क्यों है कि जंगल अब भी उजाड़ है, पेड़ कम होते जा रहे हैं, जानवरों के पानी पीने के लिए पोखर-तालाब नहीं बचे हैं, कहीं तो कुछ है न जो गलत हो रहा है।
पर नहीं, अगर फाइलों में सब सही है तो सब सही है।
सतरह बरस का ननकू अपने चाचा-चाची के साथ रहता है। बांसुरी बजाना उसने अपने बाप से सीखा था। उसका बाप मनकू भी जब बांसुरी बजाता था तो सारा गांव दम साधे सुनता था। ये उन दिनों की बात है जब टीवी और मोबाइल नाम की बद्दुआ हिंदुस्तान के गांवों को नहीं लगी थी। लोग मेहनतकश भी होते थे, हुनरमंद भी और कला के साधक भी।
मनकू की बांसुरी जब तान छेड़ती तो सुनते हैं आस-पास के पेड़ों पर पक्षियों का जमावड़ा लग जाता था, वे भी चहचहाना छोड़ मंत्रमुग्ध होकर मनकू की बांसुरी सुनते थे। अब आप इसे कोरी गप्प मानें या अतिशयोक्ति, मैं तो इसे पूरा सच मानता हूँ। मनकू ने अपने बेटे ननकू को बांसुरी के सुर विरासत में दे दिए, वैसे और कुछ देने को उसके पास था भी नहीं। ननकू की मां तो उसे जन्म देते ही सिधार गई थी, एक रोज मनकू के फेफड़ों ने भी जवाब दे दिया। पहले बांसुरी छूटी, फिर सांस। मनकू के लिए तो दोनों एक ही बात थी। मनकू की जमीन आ गई उसके छोटे भाई के कब्जे में। चाचा-चाची ने इतना रहम ननकू पर जरूर किया कि उसे दो वक्त की रोटी देते रहे। बदले में ननकू उनके सारे काम करता रहा। पढ़ाई-लिखाई तो सातवीं के बाद ही छूट गई, बकरियां गले पड़ गईं। पर इतने सालों में बकरियों से उसकी अच्छी दोस्ती हो चली है। जंगल में बकरियां चराता है, बांसुरी बजाता है और अपने काम से काम रखता है। जिंदगी ठीक-ठाक ही गुजर रही है।
टूटी चप्पल पहने पैर घिसट रहे हैं। जेठ की भरी दुपहरी में सर पर गमछा बांधे ननकू ‘हुर्र हुर्र’ करता चला जा रहा है। आगे-आगे आठ बकरियां हैं और पीछे-पीछे ननकू। हाथ में एक छोटी-सी लकड़ी है जो बस बकरियों को इशारा करने के लिए है। मजाल है कि कभी ननकू ने बकरियों को लकड़ी से छुआ भी हो। सब उसे जान से ज्यादा प्यारी हैं। सर पर बंधे गमछे में उसने बांसुरी भी खोंस रखी है। अभी गर्मी से होंठ सूख रहे हैं तो बांसुरी बजाने की बात वो कैसे सोचे? ननकू को तो बारिश का इंतजार है जो अभी करीब महीना भर दूर है। बारिश आएगी तब तो सब जगह चारा ही चारा होगा। उसे यूं भटकना नहीं पड़ेगा, सारे दिन बरगद पर बैठा बस बांसुरी बजाएगा और गुड़-चना खाएगा। ये सोचते ही उसके चेहरे को मानो कोई ठंडी हवा का झोंका छू गया हो। ननकू के चेहरे पर हल्की-सी मुसकान आ गई तो चेहरे की सूखी हुई पपड़ियां और जाहिर हो गईं।
सपने भी क्या ही खूबसूरत चीज हैं। इंसान को बुरे से बुरे वक्त में भी जिलाए रखते हैं। सपना देखिए और पहुंच जाइए अपने महबूब के पास। आप भले ही रोडवेज की खटारा बस में बैठे पसीना-पसीना हो रहे हों, लेकिन सपना आपको हिमाचल की बर्फीली वादियों में अपनी प्रेमिका की गोद में ले जाता है। हैरान होते होंगे न किसी मजदूर को देखकर कि ये कैसे भरी गर्मी में मुंह खोले सो रहा है, क्या इसे भिनभिनाती मक्खियां परेशान नहीं कर रही होंगी? असल में वह उस वक्त महीने के आखिर में मिलने वाली मजूरी के सपने देख रहा होता है। मक्खियां क्या खाकर उसका कुछ बिगाड़ लेंगी। एक गृहिणी अपने किराए के मकान से खुद के घर में जाने के सपने देखते हुए अपनी जवानी खटा देती है। अठारह-बीस की उम्र प्रेम करने की होती है, उसमें एक विद्यार्थी छह बाय छह के बिना खिड़की के कमरे में रहता हुआ अफसर बनने के सपने देखता रहता है। सोचिए जरा, जिसको आसमान देखना तक नसीब नहीं, वह सपनों के सहारे दुनिया नापने की बातें सोच पाता है।
सपने बड़ी खूबसूरत चीज हैं, सबको देखने चाहिए। पूरा होने की उम्मीद न हो, तो भी देखने चाहिए।
‘एय, कहां चली?’
भूरी पगडंडी छोड़कर अपनी राह निकल ली। ननकू का सपना टूटा। वह बारिश के मौसम से फिर लू के थपेड़ों में आ गया। भूरी के पीछे वह भी पेड़ों के बीच घुस गया। ‘चल चल, आगे बहुत है खाने को, यहां मत घुसो’। भूरी ने एक बार को ननकू को अपने सींग दिखाए।
ननकू भी चौंका, ‘ए, मेरको मारेगी तू… कुतिया, एक खींच के पड़ेगी तो सब भूल जाएगी।’
भूरी को बड़ी मुश्किल से उसने अपने दल में शामिल कर लिया। कारवां आगे चल पड़ा।
ननकू की आठ बकरियां हैं, सबके नाम रख रखे हैं उसने। सबको वह बेहद प्यार करता है, उसके दोस्त और सहेलियां सब यही हैं।
शाम को ननकू चाची के साथ बैठा बर्तन साफ करवा रहा था। चाची राख से बर्तन घिस रही थी, ननकू बगल में बैठा उन्हें पोंछ-पोंछ कर रखता जा रहा था।
‘चाची, आज भूरी ने मेरको सींग दिखाए’
‘हैं!!! भूरी ने…।’
‘तू तो कहती थी गाय है हमारी भूरी… आज ये गाय मरखनी हो गई!’
चाची उसी वक़्त भूरी के पास गई। उसे देखा, थोड़ा जांचा परखा और खुशी से चिल्लाई।
‘ए ननकू के चाचा…. आके देखो अपनी भूरी को… क्या गुल खिलाए हैं इसने।’
चाचा दूर पेड़ के नीचे बैठा हुक्का गुड़गुड़ा रहा था। साथ में और छोरों के चाचे भी बैठे थे। सारा दिन काम करके अब गप्पें लड़ा रहे थे। चाचा ने ध्यान नहीं दिया। ननकू ही चाची के पास गया।
‘क्या हुआ चाची… क्या हुआ है भूरी को’
‘मां बनने वाली है मरगिल्ली… बच्चे आएंगे अपने घर’, चाची तो फूली नहीं समा रही थी।
ननकू की समझ में नहीं आ रहा था कि वह करे क्या। शर्मिंदगी से उसकी नजरें जमीन में गड़ी जा रही थीं। वह बस जाकर भूरी के गले से लिपट गया।
‘माफ कर दे री… मैंने तुझे कुतिया कहा… मैं कुत्ता, मेरा चाचा कुत्ता… तू तो बहुत प्यारी है।’
ननकू की आंखों में खुशी छलछला रही थी। ये सबसे उच्च कोटि की खुशी होती है, जिंदगी में कभी-कभार ही नसीब होती है।
आषाढ़ शुरू हुए दो दिन बीत चुके हैं। बारिश पता नहीं कब तक आएगी? ननकू बरगद पर बैठा हुआ है। ये वाला बरगद भी क्या है, यूं समझो जंगल के सभी पेड़ों का राजा है। दो–ढाई सौ साल पुराना तो होगा। विशाल क्षेत्रफल में फैला हुआ। दूर–दूर तक फैली इसकी घनी जटाएं जैसे अपने राज्य की सीमाएं बता रही हों। इसपर सैकड़ों पक्षियों का रैन बसेरा है। जाने कितने निवासी आए और चले गए इस पर अपने घोंसले बना कर। यह उस आलीशान किले की तरह टिका हुआ है जिसने सैकड़ों राजाओं का शासन देखा हो।
जब इस बरगद को पहली बार कोई देखता है तो उसके मुंह से शब्द नहीं निकलते, बस हैरत से उसकी आंखें चौड़ी हो जाती हैं। वह बोलना भूल जाता है। यह बरगद इस जंगल की शान है। यह यहां के पेड़ों का राजा है लेकिन ननकू के लिए एक सिंहासन जैसा है जिस पर बैठ वह बांसुरी वादन किया करता है। जिसके नीचे ननकू की प्रजा, यानी उसकी आठ बकरियों को दाना पानी मिलता है। इस बरगद पर बैठकर ननकू खुद को किसी राजा से कम नहीं समझता।
राजा ननकू।
अभी थोड़ी हवा चल रही थी। बकरियां नीचे आराम से थीं। ननकू भी आंख बंद किए बांसुरी बजा रहा था। जाने कितना वक्त बीत गया होगा कि ननकू की आंख खुली और उसने ऊपर की ओर देखा। देखते ही उसकी सांस थम गई। बरगद तो विशाल था ही। यहां एक डाल पर राजा ननकू बैठा हुआ था तो कम से कम बीस डाल छोड़ एक बघेरा बैठा हुआ था। ननकू का दिल जोरों से धड़कने लगा। नीचे बकरियां चर रही हैं, क्या उन्होंने बघेरे को नहीं देखा? वह क्यूंकर इतने आराम से हैं? बघेरा पत्तों में छिपा हुआ था, शायद बकरियों को एहसास न हुआ हो। ननकू को सबसे पहले भूरी का ख्याल आया। वह दूर बस बैठी हुई थी। ननकू को लग गया कि आज किसी न किसी की जान जाएगी। उसे बस यही ख्याल आया कि भूरी किसी तरह बच जाए, बेचारी मां बनने वाली है। और अगर बघेरे ने भूरी को ही धर दबोचा तो? मैं क्या कर सकता हूँ भूरी के लिए? अगर इस वक्त कोई हरकत कि तो भी बघेरे से बचाकर तो नहीं भगा पाऊंगा सबको। क्या करूं मैं? क्या करूं इनके लिए? उसको और कुछ तो आता नहीं था तो जाने कैसे बांसुरी खुद ही उसके होठों पे जा पहुंची। खयाल आया होगा कि बकरियों के आखिरी वक्त में उन्हें सुकून पहुंचाने के लिए बांसुरी ही बजा दे। ननकू ने बांसुरी बजाना शुरू किया। अपना सारा हुनर उसमें उड़ेल दिया। भूरी का अगर ये आखिरी पल है तो इस पल को संगीतमय होना ही चाहिए। बांसुरी बज उठी और जाने कैसे चलती हवा में एक ठंडक आ मिली। दूर कहीं बादल बरसे होंगे, शायद उन्होंने भी बांसुरी की तान सुनी हो, शायद उन्होंने ही ठंडक यहां भेजी हो। ननकू बांसुरी बजाता रहा, बघेरे को देखता रहा। बघेरा भी उनींदा था। अपने पंजों को चाट रहा था। उसे अपने आसपास की किसी चीज में कोई रुचि नहीं थी। शायद उसका पेट भरा हो। पर जैसे ही सुर अपने उरूज पर पहुंचे, बघेरे ने भी उन्हें सुना। उसकी नजर ननकू पर पड़ी। ननकू का दिल जोरों से धड़क रहा था लेकिन उसने बांसुरी बजाना न छोड़ा। बघेरा एकटक ननकू को देख रहा था। ऐसा लगा जैसे वह भी बांसुरी वादन सुन रहा हो। शायद कला का पारखी रहा होगा।
ननकू बजाता रहा, बघेरा सुनता रहा, बकरियां चरती रहीं, हवा चलती रही।
सदियां बीत गईं या शायद कुछ पल या सब कुछ थम ही गया हो। ऐसे पलों को गिना नहीं जाता, जिया जाता है। सुर पूरे हुए। बघेरे ने जानकार श्रोता की तरह खड़े होकर एक अंगड़ाई ली जैसे कि घंटों दम साधे बांसुरी सुनकर उसका शरीर अकड़ गया हो और जाने के लिए उठ गया। जाते-जाते एक बार मुड़कर ननकू को देखा, जैसे उसकी तारीफ की हो और कूदता फांदता चला गया। उसके जाते ही ननकू कूदा और अपनी सारी बकरियों को गले से लगा लिया। ननकू की आंखें भीग गई थीं लेकिन सांस में सांस आ गई।
ननकू को आज लौटने में देर हो गई थी। जल्दी-जल्दी लौट रहा था। भूरी की चिंता थी उसे, नहीं तो सब बकरियों को भगाता हुआ वापस लाता। उसे पता था आज चाची की डांट सुननी है। हल्का-सा अंधेरा होने लगा था। तभी दूर कहीं उसको कुछ लोगों के हँसने की आवाज आई। हलकी सी रौशनी भी दिखाई दी। ननकू भी ननकू था, उससे रहा नहीं गया। बकरियों को चुप रहने का इशारा किया और रौशनी की ओर बढ़ चला। दबे पांव वहां पहुंचा तो क्या देखता है पांच-छह आदमी एक भेड़ को पकड़े हुए हैं। भेड़ बेचारी मिमिया रही थी। एक आदमी ने बोरी से उसका मुंह दबोच लिया और फिर सबने मिलकर उसे काट डाला। सबके चेहरे पर एक दानवी हँसी थी। आसपास शराब की बोतलें रखी हुई थीं, आग जल रही थी। ननकू समझ गया कि ये सब भेड़ को पका कर खाने के लिए यहां बैठे हैं। वह इन सब लोगों को जानता था। ये गांव के सरपंच के खास आदमी थे। ननकू चुपचाप वापस लौट गया। वह कर भी क्या सकता था?
ननकू की चाची की सांस रुकी हुई थी। बेचारी चिंता में थी। बीस बार अंदर बाहर कर चुकी थी। ‘कहां रह गया मेरा ननकू, इतनी देर तो कभी नहीं हुई उसे’। चाची रुआंसी हो रही थी। चाचे को चिल्ला-चिल्ला के कह रही थी ‘अरे जाओ देखो उसे, कहां रह गया मेरा बेटा, अगर कुछ हो गया न उसे तो तुम्हें नहीं छोड़ूंगी’। चाचा भी आखिर कब तक सुनता, उठना ही पड़ा। ‘अगर उसे साथ में नहीं लाए तो घर वापस मत आना’, चाची ने धमकी दी। तभी दूर से ननकू आता दिखाई दिया। चाचा वापस आकर बैठ गया, ‘आ गया तेरा लाड़ला, अब गोदी में बिठा के दूध पिला दे उसको’। चाची की जान में जान आई। तुरंत पल्लू से आंसू पोंछे और ऐसे हो गई कि जैसे उसे ननकू की कोई परवाह ही न हो।
‘माफ कर दे चाची, देर हो गई’, ननकू बकरियों को अहाते में घुसाते हुए बोला।
चाची तो रूप ही बदल चुकी थी अब तक, ‘पैदा होते तेरी मां को खा गया, अब मेरी जान ले ले तू… देख ले ननकू अगर इस घर में रहना है तो… तेरे चाचा को कह के आज डंडे पड़वाउंगी तुझे… बहुत रोटी थाप ली तेरी, माथे पे चढ़ा जा रहा है तू… अगर ऐसे ही रहना है तो अपना ठोर ठिकाना ढूंढ़ ले कहीं ओर…’
ननकू सब चुपचाप सुनता जा रहा था, बकरियों को संभालता जा रहा था। वह चाची को जानता था और चाची भी ये अच्छी तरह जानती थी कि ननकू उसे समझता है। ये मां-बेटे का प्यार था, मां-बेटों के ही समझ में आएगा।
पड़ोस से जग्गू के रोने की आवाज आने लगी। ननकू ने चाची से पूछा, ‘ये जग्गू चाचा क्यों रो रहा है?’
चाची बिलकुल सामान्य स्वर में बोली जैसे उसके और ननकू के बीच कुछ हुआ ही न हो, ‘इसकी एक भेड़ को बघेरा उठा ले गया आज, तब से रह-रह कर रो रहा है।’
‘बघेरे ने कुछ नहीं किया’, ननकू बुदबुदाया।
ननकू तो खुद सारा नजारा देख कर आया था। उसे पता था बघेरा कहां था और सरपंच के आदमी कहां थे।
गांव वालों के माथे पर चिंता की लकीरें उभरने लगी हैं। बारिश न आई तो क्या होगा? ननकू भी इस परेशानी से वाबस्ता है। लेकिन क्या करे? वह बारिश तो नहीं ला सकता न! इस वक्त वह गांव की देवी के मंदिर से लौट रहा है। इस देवी की इलाके में बहुत ‘मानता’ है। किसी को बताया नहीं ननकू ने लेकिन उसने देवी को कहा है कि वह जल्दी से बारिश करवा दे, नहीं तो वह पानी छोड़ देगा। उसकी मौत की जिम्मेदार फिर देवी ही होगी।
ननकू वापस लौट रहा है। आसमान में बादल तो हैं लेकिन लगता नहीं कि बारिश वाले हैं।
ननकू आग उगलती सड़क पर चल रहा है, आगे-आगे उसकी बकरियां हैं। ननकू परेशान है, सोच में डूबा हुआ है। चाचे का खेत सूख जाएगा। चाची को फिर से गहने बेचने पड़ेंगे, अब बचे ही कितने हैं। पहले 13 बकरियां थीं, अब आठ ही बची हैं अब मैं किसी को नहीं बिकने दूंगा। देवी मां मेरी जरूर सुनेगी, अगर नहीं सुनी तो प्यासा मर जाऊंगा।
चलता जा रहा था कि अचानक बस के हॉर्न की आवाज ने उसकी तंद्रा तोड़ी। बस ने जोर से ब्रेक लगाया था।
‘अबे सड़क पे कौन बकरियां चराता है, क्या यहां घास दिख रही है तुझे?’
लड़की की आवाज थी। ननकू ने पलट के देखा तो बस की खिड़की से दर्जनों सर बाहर झांक रहे थे। समझ नहीं पाया कि आवाज किसकी है। वह जानने की कोशिश कर ही रहा था कि बस के दरवाजे से एक लड़की ने सर बाहर निकाला। सोलह बरस की रही होगी। आंखों में चमक और कटार जैसी जबान।
‘अब कबूतर की तरह क्या देख रहा है, हटा अपनी बकरियों को। सड़क तेरे पिताजी बनवा के गए हैं क्या? देर हो रही है सबको।’
लड़की बोलती जा रही थी लेकिन ननकू तो होश खो बैठा था। ये है कौन? शायद पहले कहीं देखा है इसको। लड़की होकर कितना बोल रही है! अच्छा लगता है क्या? सब सुन रहे हैं, इसको कोई शर्म ही नहीं। ननकू के दिमाग से देवी निकल गई, लड़की आ गई। लड़की ने भी देखा कि ननकू हिल भी नहीं रहा है।
‘अबे ओये, हटता है या मैं आऊं?’
लड़की ने सड़क पर कदम रखा। देवी मां ने ननकू की अरदास सुन ली। जैसे ही लड़की के पैर जमीन पर पड़े, एक बूंद ननकू के चेहरे पर पड़ी। उसने सर उठा कर देखा तो बादल काले हो चले थे। शायद उनको ननकू पर दया आ गई कि बस फट पड़े। अचानक ही बारिश तेज हो गई। ननकू की बकरियां भी सड़क से भाग कर कच्चे में उतर गईं। भीगने से बचने के लिए लड़की वापस बस में चढ़ गई। बस निकल गई, ननकू बस को जाते देखता रहा। चेहरे पर मुस्कान लिए बस भीगा जा रहा था।
उसने आसमान को हाथ जोड़ कर प्रणाम किया और फिर देवी मां की दिशा में सड़क पर झुककर ही ढोक दी।
चंद बूंदों का कितना महत्व है ये अपने लॉन में पानी बहाने वाले कब समझेंगे?
बारिश होने लगी है। जंगल हरा–भरा हो चला है। ननकू को अब चारे की तलाश में ज्यादा घूमना नहीं पड़ता। वह बस अब बकरियों को छोड़ देगा और खुद पूरे दिन बैठ कर गुड़–चना खाएगा और बांसुरी बजाएगा। ननकू खुशी–खुशी यह इरादा करके बरगद की ओर पहुंच ही रहा था कि दूर से वह नजारा देखकर हैरान रह गया। उसे गुस्सा भी आया। बरगद उसका सिंहासन है, वह यहां का राजा है तो फिर ये यहां कौन आया?
उसने देखा कि वही लड़की बरगद पर झूला बांध चुकी है और बेफिक्र होकर झूल रही है।
ननकू गुस्से में दौड़ता हुआ वहां पहुंचा और चिल्ला कर बोला, ‘एय तू यहां क्या कर रही है?’
लड़की ने ननकू पर एक उड़ती नजर डाली और ऐसे अनदेखा किया जैसे वह यहां है ही नहीं। ननकू ने एक झटके से उसका झूला रोक लिया।
‘तू यहां आई कैसे?’
‘मेरी मर्जी, तू होता कौन है मुझे रोकने वाला?’
‘सड़क पे भी चिल्ला रही थी, अब यहां भी दादागिरी!!!’
‘हां, है दादागिरी… क्या कर लेगा तू?’
‘देख, मेरी बात समझ… तूने जिस डाल पर झूला बांधा है न वह कमजोर है, टूट जाएगी।’
‘तो तेरा क्या जाता है?
‘ये बड़ मेरा है।’
‘अच्छा!!! तो ये सारा जंगल मेरा है’, लड़की बेफिक्री से झूलने लगी।
ननकू बेचारे की समझ नहीं आया कि अब वह क्या करे। वह एक तरफ खड़ा उसे देखने लगा। उसके तो सारे अरमान ही ठंडे पड़ गए। उसकी शांति में यह लड़की एक खलल थी। बकरियां तो आराम से चरने लगीं लेकिन ननकू बस यूं ही खड़ा था। लड़की कभी-कभी आंखें चुरा कर उसे देख लेती थी। ननकू के चेहरे पर एक बेचारगी थी। लड़की नखरे दिखाने के लिए झूला तेज, और तेज झूलने लगी। हवा में उसके बाल लहरा रहे थे। रोमांच से उसका चेहरा घबराया-सा दिख रहा था। लड़की की आंखें मिचमिचा रही थीं। झूला हवा से बातें कर रहा था। झूला इतनी तेज हो चला था कि लड़की के पैर बरगद की ऊंची टहनियों को छूने लगे थे कि तभी ननकू की बात सच हो गई। कड़कड़ा कर बरगद की डाल टूट गई और लड़की धड़ाम से झूले सहित जमीन पर आ गिरी। बकरियां भी अचानक हुए इस धमाके से घबरा कर इधर-उधर भाग निकलीं। ननकू ने दौड़ कर लड़की को संभाला।
‘कह रहा था न डाल टूट जाएगी।’
लड़की की कोहनी छिल गई थी, हल्का-सा खून बहने लगा था। माथे पर भी खरोंच थी। ननकू ने पानी से फटाफट उसकी चोट को धोया और उस पर बरगद के पत्तों का रस लगा दिया। लड़की बिलकुल चुप थी, वह ननकू को ये सब करते देख रही थी। ननकू ने अपने गमछे का एक कोना फाड़ कर उसकी चोट को बांध दिया। अब सब ठीक था। ये सब करने के बाद ननकू ने लड़की की आंखों में देखा तो पहली नजर मिलते ही वह फूट-फूट कर रोने लगी। ये स्थिति ननकू के नियंत्रण से बाहर थी। उसकी समझ में नहीं आया कि अब वह क्या करे। अपनी बकरियों को देखने लगा कि वे शायद कोई रास्ता सुझाएंगी। बकरियों ने भी रोती हुई लड़की को एक बार देखा और फिर खाने में लग गईं। उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ा, ये सब तो ननकू की जिम्मेदारी थी, उन्हें क्या!
‘अरे अब तो खून भी रुक गया, तेरी चोट भी ज्यादा नहीं है तो अब क्यों रोती है?’
‘तूने सही कहा था। बड़ की डाल टूट जाएगी, टूट गई’, लड़की रोते हुए बोली।
‘हां, पर तू तो ठीक है न!’
‘लेकिन बड़ को कितना दर्द हुआ होगा… वह तो सोच…!’
‘तू इसलिए रो रही है कि बड़ को दर्द हो रहा होगा!!!’
लड़की ने सुबकते हुए गर्दन हिलाई। ननकू को ये लड़की भा गई। इससे अच्छी लड़की दुनिया में हो ही नहीं सकती। जो बरगद की एक डाल के टूटने पर अपने दर्द की परवाह किए बिना एक पेड़ के दर्द के लिए रो दे, ऐसे तो इंसान ही अब कहां बनते हैं? ननकू रोती हुई लड़की को बड़े प्यार से देख रहा था।
‘तेरा नाम क्या है?’
‘विजेयता’
‘विजेता!!!’
‘विजेता नहीं विजेयता’
अचानक से ननकू की आंखें चौड़ी हो गईं।
‘अरे तेरी की… तभी मैं सोचूं कि तू देखी देखी क्यूं लग रही है…!’
ननकू जोर से हँस पड़ा। उसकी आंखों में शरारत थी।
‘विजेता नहीं है तेरा नाम… तू गनी है… गनी’
लड़की का मुंह बिगड़ गया।
‘ये नाम तुझे कैसे पता?’
‘थप्पड़ खाए हैं तेरे हाथ के … पता कैसे नहीं होगा!’
गनी ने ननकू के चेहरे को गौर से देखा।
‘नारायण???’
‘नारायण नहीं ननकू… याद आ गया न कैसे खींच-खींच के चांटे मारे थे तूने मुझे…’
‘मैं क्या करती… मास्टरजी ने ही कहा था।’
‘मास्टर ने कहा था तो धीरे भी मार सकती थी… सात का पहाड़ा आसान थोड़ी होता है। दो का नहीं बोल पाता तब तो बात हजम भी होती। आज तक गाल लाल है मेरा।’
गनी ने सर झुका लिया।
‘माफ कर दे मुझे!’
लड़की इतनी मासूमियत से माफी मांग रही है। ननकू को उस पर इतना प्यार आया कि वह उसे चूम लेता, लेकिन इतनी भीड़ में वह ऐसा कैसे करता, सारी बकरियां उसे ही देख रही थीं। वैसे भी, उसकी हिम्मत नहीं थी ऐसा करने की।
ननकू और गनी वापस गांव लौट रहे थे। गनी अब से आठ साल पहले गांव से बाहर पढ़ने चली गई थी। अब वह दसवीं पास कर चुकी है। कुछ दिनों के लिए गांव आई है फिर चली जाएगी। उसके जाने की बात सुनकर ननकू उदास हो गया। हालांकि उसने अपनी उदासी गनी को जाहिर नहीं की।
‘पढ़ना तो चाहिए ही…! मुझे ही देख बापू के मरने के बाद आगे नहीं पढ़ पाया। तू पढ़ गनी, गांव का नाम ऊंचा कर।’
गनी मुस्कुराई। अब वह भी नजरें चुरा कर ननकू को देख लेती थी। ननकू के चेहरे का भोलापन उसे भाने लगा था।
गांव का कच्चा रास्ता, सतरह साल का लड़का और सोलह साल की लड़की, उनके आगे-आगे चलती कुछ बकरियां, लड़के के हाथ में टूटा हुआ झूला, लड़के की बांसुरी को अपने होठों से लगाकर बजाती लड़की, बारिश का मौसम, आसमान में घिरे हुए काले बादल, हवा में ठंडक, दोनों के दिलों में एक अजीब-सी कसक…!
इस पूरे दृश्य में लड़का या लड़की होने के लिए आप अपनी जिंदगी की सारी संपदा लुटाने को तैयार हो सकते हैं। अगर आप तैयार नहीं हैं, तो अभी आपको और मासूम होना चाहिए।
सरपंच अपने गुर्गों के साथ जीप में बैठा शहर जा रहा है। जाते-जाते उसकी नजर इन दोनों पर पड़ी। ये दोनों तो अपने ख्वाबों में खोए हुए थे, इन्हें एहसास नहीं हुआ कि गनी को सरपंच दूर तक मुड़-मुड़ कर देखता रहा।
सरपंच शहर में गांव का प्रतिनिधि बनकर गया है। दलाल बनकर लौटेगा।
एक बहुत बड़े बिजनेसमैन का बुलावा उसे आया। उसका नाम सुनते ही सरपंच समझ गया कि उसकी कोई लॉटरी लगने वाली है वरना यूं एक गांव के मामूली सरपंच को सैकड़ों करोड़ का आदमी ना बुलवाता।
बात ये है कि गांव से एक हाईवे निकलने वाला है। राजनेता ये खबर व्यापारियों को दे देते हैं। व्यापारी इस खबर का फायदा उठा कर गरीब गांव वालों की जमीनें कुछ ज्यादा रकम देकर खरीद लेते हैं। गरीब लोग इन फेंके हुए टुकड़ों से खुश हो जाते हैं। बाद में व्यापारी इन जमीनों पर करोड़ों का मुनाफा कमाते हैं जिसमें राजनेताओं और सरकारी अफसरों का हिस्सा भी होता है। लब्बो–लुआब ये कि लॉटरी का टिकट किसी ने भी खरीदा हो, निकलती हमेशा पैसे वालों की है।
एक तूफान आने वाला है। गांव वाले अभी उससे अनजान हैं।
कुछ दिन बाद की बात है। गनी और ननकू बरगद के पेड़ पर बैठे हुए हैं। ननकू गनी से अपनी बकरियों का परिचय करवा रहा है।
‘ये फूलो है, बहुत नखरीली है… वो काली सफेद है धोली, गुस्से वाली है… ये राजा है एकदम बैंड बाजा है।’
गनी हँस पड़ी।
‘और वो जो अकेली बैठी है न, वो है काणी।’
‘काणी… एक आंख खराब है क्या?’
‘मुझे तो लगता है दोनों खराब हैं… जब देखो किसी न किसी से टकराती रहती है।’
‘ये तीनों दमदार बकरे हैं मोटू, शेरू और गबरू।’
‘ये तो कुत्तों के नाम हुए… शेरू और गबरू।’
‘ऐसे कैसे कुत्तों के नाम हुए… बकरे ऐसा नाम नहीं रख सकते क्या?’
‘बकरों का तो पता नहीं पर तू जरूर रख सकता है… ये नाम तूने ही तो रखे होंगे न।’
‘और कौन रखेगा… मैं ही रखता हूँ सबके नाम।’
‘और वो … वो जो वहां बैठी है… वो मोटी वाली… उसका नाम क्या है?’
‘वो भूरी है … सबसे प्यारी!’
‘इतनी मोटी हो रही है… बहुत खाती है क्या’, गनी ने छेड़ते हुए पूछा।
ननकू ने मुस्कुरा दिया।
‘मोटी नहीं है वो… मां बनने वाली है।’
गनी शर्मा गई।
‘अरे तू क्यों शर्मा रही है… मां वह बन रही है तू नहीं’, छेड़ने की बारी अब ननकू की थी।
गनी और लजा गई। लड़कियां मां बनने के एहसास से शर्मा ही जाती हैं। उन्हें पता है एक दिन उन्हें भी इसी दौर से गुजरना है। यह शायद उनकी सबसे खूबसूरत चाहत भी होती है। गनी इस वक्त एक लड़के से बात कर रही थी। उस लड़के से जिसे वह मन ही मन चाहने लगी थी। उससे मातृत्व की बात करने में लाज आना स्वाभाविक है।
राजा ननकू अपने सिंहासन पर बैठा हुआ बांसुरी बजा रहा है। रानी गनी एक डाल पर लेटी हुई आंखें बंद किए उसके सुरों में खोई हुई है।
रानी गनी।
वृंदावन में कुछ इसी तरह का दृश्य हुआ करता होगा। कितना ही वक्त बीत गया दोनों को एहसास तक नहीं हुआ। दोनों चाह भी नहीं रहे थे कि ये पल कभी खत्म हों। काश इसी वक्त दुनिया रुक जाए। बस जैसा है ऐसा हमेशा चलता रहे। ननकू यूं ही बांसुरी बजाता रहे, गनी यूं ही सुनती रहे और बघेरा यूं ही बैठा रहे।
बघेरा!!! ये कहां से आया!!!
गनी ने आंखें खोली तो उसको बीस डाल दूर बैठा बघेरा नजर आया। उसकी सांस थम गई। फुसफुसाती हुई आवाज़ में ननकू को आवाज दी।
‘ननकू… ननकू…!’
ननकू खोया हुआ था। गनी चिल्ला नहीं सकती थी। फुसफुसाते हुए जितना तेज बोल सकती थी, बोली।
‘ननकू… बघेरा…!’
ननकू का ध्यान टूटा। उसने घबराई हुई गनी को देखा, फिर बघेरे पर एक नजर डाली और मुस्कुरा दिया।
‘अरे भाग यहां से… ये खा जाएगा तेरी बकरियों को’, गनी के होश फाख्ता थे।
‘ये कुछ नहीं करेगा… ये खा पीकर यहां आता है, मेरी बांसुरी सुनने।’
‘पागल है क्या तू!!!’
‘अरे पहली बार मैं भी ऐसा ही घबराया था लेकिन अब तो आदत पड़ गई है… ये कुछ नहीं करेगा।’
गनी डरी हुई थी। सरककर ननकू के पास आकर सट गई। ननकू और गनी का ये पहला स्पर्श था। बारिश का मौसम था, तेज गड़गड़ाहट के साथ कहीं बिजली गिरी थी। ये इन दोनों के स्पर्श से उपजी विद्युत ऊर्जा थी।
गांव में हंगामा बरपा है। सरपंच सबको समझा चुका है कि अपनी जमीनें बेच दो बहुत मुनाफा होगा। ज्यादातर गांव वाले राजी भी हो चले हैं। लालच सार्वभौमिक गुण है, गांव या शहर वालों में भेद नहीं करता। कुछ हैं जो विरोध कर रहे हैं जिनमें ननकू की चाची भी शामिल हैं। गांव की ज्यादातर औरतें भी अपनी जमीन बेचकर कहीं और नहीं जाना चाहतीं। उन्हें जमीन से भी प्यार है और एक-दूसरे की संगत से भी। मर्दों को पैसा दिखाई दे रहा है इसलिए ननकू का चाचा जमीन बेच देना चाहता है। ननकू और गनी भी इस भीड़ में शामिल हैं लेकिन उनकी कौन सुनेगा? ननकू अचानक आई इस लहर से बहुत दुखी है। उसकी जिंदगी हिल जाएगी। घर-बार, खेत खलिहान, देस सब छूट जाएगा। गनी से फिर मिलने की उम्मीद खतम हो जाएगी।
सरपंच हर एक को समझा रहा है कि अब छोड़ दो ये जमीन। कुछ नहीं रखा खेती बाड़ी में। ये पैसा लेकर शहर में घर बनाओ और वहां काम करो। पैसा बहता है शहरों में। गांव के नए नवेले नौजवान सरपंच की हां में हां मिला रहे हैं। उन्हें मिट्टी में से अब गोबर की बदबू आने लगी है। वे नई बुलेट खरीद कर हवा में उड़ना चाहते हैं हालांकि इस शुरुआत का अंजाम हमेशा नशे में डूबकर सारा पैसा बर्बाद करने में होता है। जमीन बेचकर रईस बना किसान कुछ सालों में शहर का मजदूर बना नजर आता है।
गनी यह बात अच्छी तरह समझती है। शहर में पढ़ती है तो वह शहर की हकीकत को भी समझती है। उम्र भले ही सोलह हो लेकिन लड़की होशियार है।
‘जमीनें मत बेचो, शहर में मजदूर बन जाओगे… मैंने देखे हैं वहां किसान… अपनी जमीन बेचकर रोने वाले किसान… इस लालच में मत पड़ो!’
गनी बोलती अच्छा है तो सरपंच को लग रहा है कि वह गांव वालों को प्रभावित भी कर लेगी, उसका खेल भी बिगाड़ देगी। उसने कड़कती हुई आवाज में कहा, ‘एय लड़की… क्यूं भड़का रही है सबको…।’
‘भड़का नहीं रही हूँ… सच बोल रही हूँ… मैं आप सबसे पूछती हूँ, आप ये बताइए कि किसी ने सरपंच साहब से पूछा है कि ये हमारी जमीनें बिकवाने में क्यों इतनी जल्दी कर रहे हैं … इसमें इनका क्या फायदा है…?’
लोगों के दिमाग में ये बात आई ही नहीं थी। सारी नजरें सरपंच की ओर ताकने लगीं। सरपंच का मुंह सूख गया। वह कैसे बताए कि उसे बस इक्कीस दिन की मोहलत मिली है। इतने दिनों में वह जमीन बेचने के कागजात पर गांव वालों के दस्तखत न ले सका तो हाईवे बनने की खबर बाहर आ जाएगी। सारा खेल बिगड़ जाएगा।
‘देखो … मेरा कोई फायदा नहीं है इसमें… ये बच्ची है… इसे कुछ नहीं पता… अभी दाम मिल रहे हैं अच्छे, इसलिए तुम सबको बता रहा हूँ… बारिश इसबार कितनी देर से आई है… अगली बार आए न आए… जंगल नजदीक है… अभी तो बघेरा जग्गू की भेड़ और कालू की मुर्गियों को उठा ले गया है… कल को वह हमारे बच्चे को उठा ले जाएगा… क्या भरोसा कब आदमखोर हो जाए…!’
‘झूठ बोल रहे हैं ये… बघेरे ने कुछ नहीं किया… जग्गू चाचा की भेड़ इनके ही आदमियों ने काटी थी… जंगल में बैठ कर खा रहे थे सब… ननकू ने सब अपनी आंखों से देखा… बोल न ननकू…।’
ननकू अचानक से स्तब्ध रह गया। सरपंच के खिलाफ बोलने की तो वह सोच भी नहीं सकता था। गांव वाले उसे ही देख रहे थे।
‘ये छोरी क्या कह रही है ननकू?’ जग्गू ने पूछा।
ननकू हैरान-परेशान कभी गांव वालों को देखे और कभी जग्गू चाचा को। बेचारा समझ नहीं पा रहा था कि गनी ने उसे कहां फंसा दिया।
‘बोल न ननकू, चुप क्यों खड़ा है?’ गनी ने फिर जोर से कहा।
सरपंच को लग गया कि ननकू टूट जाएगा। ननकू टूट गया तो इस छोटी-सी बात से सारा खेल बिगड़ सकता है।
‘ये किस पचड़े में पड़ गए हम… मैं तुम्हें तुम्हारी जमीनों के दाम दिलवाने की बात कर रहा हूँ। तुम उस पर ध्यान दो… इतना जिंदगी भर में नहीं कमा सकोगे जितना अभी मिल रहा है… हमेशा तुम्हारी भलाई के लिए सोचा है… अच्छा होगा जल्दी ही इन कागजों पर साइन करके दे दो…।’
सरपंच के गुर्गों ने गांव वालों में कागज बांट दिए। सब वहां से निकल गए। गांव वाले हाथ में अपनी तकदीर का पंचनामा लिए सोचते रह गए।
रात को जंगल में एक छप्पर के नीचे गनी और ननकू साथ हैं। दोनों के घरवालों को एहसास भी नहीं है कि ये लड़का और लड़की उनसे छिपकर गए हुए हैं। बारिश हो रही है। दोनों अगल-बगल लेटे हैं।
ये कितनी कमाल की बात है न कि आप नींद में हों तो जरा-सी आहट, दरवाजे के बंद होने की आवाज, टीवी का शोर, काम करने वालों की खटपट आपकी नींद तोड़ देती है लेकिन छप्पर पर बारिश की बूंदों के गिरने की आवाज, पंछियों की चहचहाहट, हवा की सरसराहट बिलकुल शोर नहीं लगती। कुदरत शोर नहीं मचाती, इंसानी आवाजें ही शोर करती हैं।
छप्पर पर बूंदें टपाटप गिर रही थीं लेकिन वे गनी और ननकू की शांति में कोई खलल नहीं डाल रही थीं। शांति को गनी ने ही भंग किया। अचानक से खड़ी हुई और गुस्से में बोली, ‘मैं तुझसे बहुत नाराज़ हूँ… तू सबके सामने कुछ क्यों नहीं बोला?’
‘मैं बोल देता लेकिन उस कुत्ते ने पहले ही बात पलट दी।’
गनी हँस पड़ी।
‘कुत्ता ही तो है वह… लेकिन तू भी शेरनी निकली, तुझे जरा भी डर नहीं लगा!’
‘तू भी तो इस वक्त शेरनी के साथ है, तुझे डर नहीं लग रहा?’
गनी ने अचानक बात की धारा ही पलट दी। ननकू अचकचा गया। उसने झिझक कर गर्दन घुमा ली। गनी मन ही मन मुस्काई और हाथ आगे बढ़ा कर ननकू का चेहरा अपनी तरफ घुमा लिया। ननकू पहले-पहल गनी से नजरें नहीं मिला पाया। गनी ने ननकू के होठों पर अपने होठों की छाप छोड़ दी। पहल गनी ने की थी, जवाब ननकू ने दिया। गनी की पीठ पर ननकू की बांहें कस गईं। दोनों एक-दूसरे के सीने की धड़कनों को महसूस कर पा रहे थे। सांसों की रफ्तार अपने उरूज पर थी। दोनों के होठ एक दूजे की देह की लकीरों को माप रहे थे। देह अनावृत हो चली। ननकू ने गनी को ऊपर से नीचे तक देखा। अजंता की मूर्तियां शायद ऐसी ही किसी देह को देखकर बनाई गई हों। अब नजरें झुकाने की बारी गनी की थी। राजा ननकू नियंत्रण अपने हाथ में ले चुका था। रानी गनी अपने आप में सिमटी जा रही थी।
मासूमियत और उत्तेजकता का अद्भुत संगम थी गनी।
राजा ने रानी को अपनी बाहों में उठाया और नीचे पुआल के गद्दे पर लिटा दिया। प्रकृति ने अपनी बूंदों से इस समागम के संगीत का इंतजाम पहले ही कर रखा था।
ये वो क्षण है जब कवि को कविता छोड़ देनी चाहिए और लेखक को कलम। गायक को गाना छोड़ देना चाहिए और वादक को वाद्य। इस क्षण में राजा शासन करना छोड़ देता है और सैनिक हथियार चलाना भूल जाता है। इस क्षण में धूर्त अपनी धूर्तता छोड़ देता है और नेक अपनी नेकचलनी। यहां पाप की कोई परिभाषा नहीं रहती और पुण्य तिरोहित हो जाता है। नैतिकता-अनैतिकता का फर्क यहां नहीं रहता। कला, संगीत और दर्शन के परे है ये सब। यहां सारी इंसानी परिभाषाएं खत्म हो जाती हैं। यहां सारे इंसान भी खत्म हो जाते हैं। मैं और तुम का भेद मिट जाता है।
यहां सिर्फ और सिर्फ एक नाद मौजूद रहता है और वह है दो देहों के आपसी मिलन का नाद।
ये समागम का क्षण है। ये कृष्ण का क्षण है। ये शिव का क्षण है। ये परम सुख का क्षण है।
इसका वर्णन नहीं किया जाता। इसका वर्णन नहीं किया जा सकता। इसे सिर्फ जिया जा सकता है। इसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है।
राजा ननकू और रानी गनी ने जो महसूस किया ये वही जानते हैं। राजा ननकू और रानी गनी अब एक देह थे।
एक देह।
कितने पल बीते या कितनी सदियां बीतीं, मैं नहीं जानता।
आखिर वह समय बीत गया।
जो होना था, वह तो हो गया। उसमें तो स्वर्गिक आनंद था। लेकिन अब ननकू को होश आया, वह बड़ा हैरान-परेशान बैठा था। गनी के चेहरे पर तो मुस्कराहट थी। वह अपने में खोई हुई थी। ननकू ने ही आखिर हिचकते हुए कहा, ‘गनी, ये अच्छा नहीं हुआ।’
गनी चौंकी, ‘क्यों? उसकी त्योरियां चढ़ गईं। उसे लगा ननकू को सब पसंद नहीं आया। एक स्त्री के लिए इससे बड़ा अपमान और क्या हो सकता है।
‘अब हमें शादी करनी पड़ेगी।’
माजरा समझते ही गनी जोर से हँस पड़ी, ‘शादी नहीं हो सकती।’
‘क्यों?’ अब ननकू की त्योरियां चढ़ीं।
‘सरकार इजाजत नहीं देती। लड़का लड़की के इक्कीस साल से पहले शादी नहीं कर सकते, ऐसा कानून है। तू अभी सत्रह का है और मैं सोलह की।’
‘ये भी कोई बात हुई। हमारी मर्जी, हम कब शादी करें। सरकार के बाप का खाते हैं क्या?’
ननकू के परेशान चेहरे को देखकर गनी को उस पर दुलार आ गया। उसने उसे अपने सीने में भींच लिया। गनी ने ननकू के माथे को चूम लिया।
अचानक ही दोनों को एक झटके से अलग किया गया। ननकू और गनी नीचे जा गिरे।
‘बेशर्मों… क्या कर रहे हो यहां?’
देखा तो सामने सरपंच और उसके आदमी खड़े थे। ननकू और गनी दोनों खड़े हुए और सरपंच ने ननकू की गुद्दी पकड़ ली।
‘गंदगी फैलाता है गांव में… सबके सामने तो बड़ा शरीफ बना घूमता है।’
गनी चिल्लाती हुई सरपंच पर कूद पड़ी।
‘छोड़ छोड़ इसे…!’
सरपंच ने गनी के बाल खींच कर उसे भी जकड़ लिया।
‘और तू… सबके सामने तो बड़ी जबान चलती है तेरी और यहां नंगी होने को तैयार खड़ी है… चल आज इज्जत उतरता हूँ तुम दोनों की।’
सरपंच के आदमियों ने दोनों को पकड़ा और घसीट ले चले। गनी चिल्लाती रही और ननकू गनी का नाम लेकर पुकारता रहा लेकिन ये दोनों किशोर उन गुंडों पर क्या जोर चलाते। गांव में ले जाकर गनी के घर के आगे दोनों को पटक दिया गया। एक बड़ा हंगामा हो गया। चीख पुकार सुनकर गनी के मामा, मामी बाहर आए। ननकू के चाचा, चाची को भी बुलवाया गया। सरपंच दोनों पर इलजाम लगाता रहा कि ये लड़का लड़की गांव की संस्कृति को बिगाड़ रहे हैं। अकेले पकड़े गए हैं दोनों जंगल में। ऐसी तोहमत बर्दाश्त करना किसी भी माँ बाप के लिए आसान नहीं। एक संस्कृति और देश के तौर पर अभी हम प्रेम और स्वतंत्रता के मायनों को नहीं समझ पाए हैं। गनी को उसकी मामी ने वहीं सबके सामने खूब पीटा। ननकू भी चाचा से पिटा, लेकिन बीच में फिर चाची आ गई और उसे बचा ले गई। सरपंच गांव वालों को कहकर गया कि देख लो ये छोरी उस दिन मेरे आगे कितना बोल रही थी और आज यहां नंगा नाच दिखा रही है। बता रहा हूँ तुम सबको, मेरी बात सुन लो वरना इसके चक्कर में आए तो बहुत घाटे में रहोगे।
जमीन के बिकने और आज की घटना का कोई ताल्लुक नहीं था। कोई भी समझदार व्यक्ति होता तो सरपंच के सामने ये सवाल जरूर उठाता कि तुम इन दोनों बातों को एक साथ कैसे जोड़ रहे हो लेकिन सबकी सोच–समझ अपने तथाकथित संस्कारों के नीचे दब गई। जग हंसाई नहीं होनी चाहिए, जमीन जाए तो जाए। कोई कुछ न कह पाया। बाजी सरपंच के हाथों में थी। लेकिन यहीं उससे एक गड़बड़ हो गई।
अभी चुप होकर निकल जाता तो अच्छा था, लेकिन वह कुछ ज्यादा बोल पड़ा। सरपंच ने गनी के चरित्र पर अंगुली उठा दी, ‘घर में बिठा के रखो इस छिनाल को… नहीं तो वापस भेजो जहां से आई है।’
ये सुनना था कि ननकू पागल हो गया। चाचा चाची से खुद को छुड़ा कर सरपंच पर ऐसा झपटा कि उसे जमीन पर गिरा दिया और एक के बाद एक उसके चेहरे पर मुक्कों की बरसात कर दी। सरपंच और उसके लोग इस आकस्मिक हमले के लिए तैयार नहीं थे।
‘हरामजादे, गनी को गाली देता है… सबसे बड़ा राक्षस है तू और तेरे ये चमचे।’
ननकू अब गुस्से में फट पड़ा था और एक के बाद एक सारी बातें बोलता गया कि कैसे उसने सरपंच के लोगों को जग्गू की भेड़ काटते देखा, कैसे सरपंच ने जंगल में गनी पर बुरी नजर डाली थी, कैसे गंदे तरीके से उसे छुआ था। गांव के लोग स्तब्ध हो सब सुनते रहे। ननकू रो पड़ा कि उस दिन मैं गनी का साथ नहीं दे पाया, चुप रहा, गलती थी मेरी। लेकिन मान लो मेरी बात, ये सरपंच किसी का सगा नहीं।
लोग कभी सरपंच को और कभी ननकू को देख रहे थे। सरपंच के चेहरे पर खरोंच के निशान थे। ननकू का चेहरा तमतमाया हुआ था। सरपंच ननकू को देख लेने की धमकी देकर वहां से निकल गया।
शहर में राजनीति और व्यापार साथ बैठे हाईवे बनने से होने वाले फायदे में हिस्सा बांट रहे थे। जमीन किसान की, जोती किसान की लेकिन अधिकार व्यवस्था का। व्यवस्था जब चाहे जमीन छीन सकती है, जब चाहे किसान को बेदखल कर सकती है, जब चाहे उनका खून चूस सकती है। व्यवस्था के दो महत्वपूर्ण हिस्से आज इसी खून में अपना हिस्सा बांटने बैठे थे। व्यापारी ने सुझाव दिया कि अगर हाईवे को किसी तरह जंगल के इस हिस्से से गुजारा जा सके तो मुनाफा कई करोड़ ज्यादा हो सकता है। राजनीतिज्ञ थोड़ा झिझका इसके लिए तो पर्यावरण मंत्रालय की इजाजत लेनी होगी, बहुत मुश्किल काम है। व्यापारी हँसा, आपके लिए क्या मुश्किल है और हिस्सा अगर पर्यावरण वालों को दे देंगे तो दो चार पेड़ काटने में उनका क्या बिगड़ेगा और हम आप कौन-सा जिंदा रहने वाले हैं इस नुकसान को देखने के लिए। आप तो वैसे भी बिना बीवी बच्चों वाले हैं, जनता आपको इसीलिए तो वोट देती है कि आपके बच्चे नहीं तो आप किसके लिए भ्रष्टाचार करेंगे।
राजनीति आखिरकार फिर व्यापार के आगे झुक गई। सरपंच भी वहीं बैठा था, कुछ टुकड़े उसके भी हाथ आ गए लेकिन मन ही मन उसने एक बहुत कीमती चीज पर अपना अधिकार तय कर लिया और वह थी… गनी।
गनी और ननकू बरगद से लिपट कर रो रहे थे। जंगल के उन पेड़ों पर सफेद पेंट से नंबर लिखे जा चुके हैं जिन्हें काटा जाना है। बरगद का पेड़ भी गिराया जाएगा। जो करीब दो सौ साल से यहां है, जिसे आंधी तूफान नहीं हिला सके उसे समाज के दीमक मिलकर चाट डालेंगे। राजा ननकू और रानी गनी का सिंहासन उनसे छिन जाएगा। यहां उनका प्रेम जन्मा था, पला बढ़ा और जवान हुआ, यहीं उनका प्रेम दफन हो जाएगा। आज बांसुरी नहीं बज रही है। आज सारी बकरियां भी उदास हैं। आज बघेरा वहां नहीं आया। आज पूरा जंगल अपने राजा को विदाई दे रहा है। जंगल का तिनका-तिनका इस दुख से वाकिफ है। हवा बरगद को सहला रही है और बरगद अपनी शाखाओं को हिलाकर जैसे सबसे विदा ले रहा है।
एक बरगद नहीं गिरेगा, हजारों पंछी, कीड़े मकोड़ों, जड़ी बूटियों, जंगली जानवरों की पनाहगाह गिरेगी। एक पूरा तंत्र तबाह होगा।
मर जाओ हरामखोरो, तुम्हारी लाशों को कीड़े खा जाएं, ऐसी सड़ी हुई मौत मरो कि अपनी हर करनी पर हजार-हजार आंसू रोओ। उन लोगों के लिए मेरे दिल से सबसे बुरी बद्दुआ निकलती है जो कुदरत को तबाह करने से पहले एक पल को नहीं सोचते।
उधर गांव वालों ने जमीन छोड़ने से इनकार कर दिया। गनी और ननकू उन्हें मना चुके थे, सरकारी भाषा में कहूं तो भड़का चुके थे। गांव वालों पर पुलिस छोड़ दी गई जैसे किसी गरीब पर बड़े बंगले वाले खूंखार कुत्ते छोड़ देते हैं। भयानक लाठी चार्ज हुआ। जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ने वाले खूनम खून हो गए।
पुलिस सरकार की सुरक्षा के लिए होती है न कि नागरिकों की, ये बात एक बार फिर साबित हुई। पुलिस धन बल के आगे झुकती है न कि जन बल के आगे। न जाने कितनी बार ये कहानी दोहराई जाएगी।
बुलडोजर बरगद के पेड़ की तरफ बढ़ रहा था। ननकू और गनी दोनों पुलिस के घेर में थे। दोनों के आंसू जार-जार बह रहे थे। जाने कितनी ही मुश्किलों से वे खुद को छुड़ा कर एक साथ भागे। पुलिस वालों ने रोकने की कोशिश की पर चपल किशोरों को बांध न सके। दोनों बुलडोजर के आगे जाकर घुटनों के बल बैठ गए और रोने लगे। हाथ जोड़ कर बरगद को बख्श देने की भीख मांगने लगे।
सैकड़ों लोगों की भीड़, लहूलुहान लोग, पुलिस का दस्ता, हाथ में हथियार, इस समूची भीड़ के बीच दो किशोर हाथ जोड़े प्रकृति के पक्ष में खड़े हैं।
बरगद भी उनको खूब खूब आशीर्वाद दे रहा होगा लेकिन बरगद बुजुर्ग था। उसने दुनिया देखी थी। उसे अंदाजा था कि इनके आंसुओं से कोई नहीं पसीजेगा। हवा से लहराती बरगद की जटाएं इन दोनों के कंधों पर झूल गईं मानो कह रही हों कि हट जाओ बच्चों, मेरा अंत समय आ गया है। क्यों मेरे लिए तुम अपनी जान खतरे में डालते हो। सरपंच ने अपने लोगों को हल्का-सा इशारा किया। वे इन दोनों किशोरों के हितैषी होने का दिखावा करते हुए भीड़ में घुसे और इन्हें पकड़ कर उठा ले गए। इतने तूफान में न पुलिस ने, न कानून ने इस बात पर ध्यान दिया कि इन दोनों को कहां ले जाया जा रहा है।
बरगद को गिरा दिया गया। जैसे ही उसकी जड़ें उखड़ीं और वह धीरे-धीरे भूमिशायी हुआ एक साथ हजारों पंछी चीत्कार करते हुए उड़े। पंछियों के घोंसले, घोंसलों में दुबके नन्हे, दर्जनों अंडे जमीन पर आ गिरे और कुचले गए। उनकी चीखें किसी ने नहीं सुनीं। बरगद एक गर्जना के साथ गिरा। दो सौ बरस का इतिहास अपने अंदर समेटे एक स्तंभ गिरा दिया गया। दिल्ली में बैठे कुछ लोगों का स्विस अकाउंट और मोटा हो गया। धरती पर से एक बड़ा ऑक्सीजन दाता नष्ट कर दिया गया।
उधर ननकू और गनी फंस चुके थे। गनी शिकंजे से छूटने के लिए छटपटा रही थी लेकिन चिड़िया अब शिकारी के जाल में फंस चुकी थी। अब शिकारी उसे छोड़ेगा नहीं। ननकू गुस्से से पागल हो रहा था लेकिन वह इतना ताकतवर नहीं था कि सरपंच के आदमियों का मुकाबला कर सके। सरपंच ने अपने लोगों को इशारा किया और वह ननकू को खींच कर पेड़ों के बीच ले गए। गनी उसे छोड़ देने की गुहार लगाती रही। पेड़ों के पीछे से ननकू की दर्दनाक चीखें आती रहीं। कुछ खून के छींटे भी छिटक कर बाहर आ गिरे। गनी उन्हें देखकर एकदम चुप हो गई। दम साधे बस सूनी आंखों से खून के छींटों को देखती रह गई। उसे अंदाजा हो गया कि ननकू अब नहीं रहा। उसे ये भी अंदाजा हो गया कि वह भी अब नोची-खसोटी जाएगी, लेकिन उसे मारा नहीं जाएगा। ये भेड़िए उसे जिंदा रखकर ही चबाएंगे।
बस उसे एक संतोष था कि किसी भी और के उसकी देह को अपवित्र करने से पहले वह ननकू से मिल चुकी थी। ननकू से उसका मिलन पवित्रता की परिभाषा था।
चाची के आगे कटी-फटी ननकू की लाश पड़ी थी। बगल में बघेरा भी मरा पड़ा था।
‘मैंने कहा था न जंगल में आदमखोर बघेरा है। कभी न कभी किसी को खा जाएगा। देखो वही हुआ। गांव छोड़ दो अब!’
गांव में रहने के लिए अब किसी के पास बचा ही क्या था। यह गांव अब गांव रहा ही कहां था। सब निवासी जमीनें छोड़-छाड़ के अपना पैसा लेकर शहर चले गए जहां अंततः उन्हें मजदूर ही हो जाना था।
सरपंच और उसके आदमियों ने पहले गनी को चबाया और बाद में ननकू की बकरियों को काट कर दावत उड़ाई। इन बकरियों में भूरी भी थी जो मां बनने वाली थी।
राजनीति और व्यापार हमेशा से प्रेम के दुश्मन रहे हैं, इस बार भी कुछ अलग नहीं हुआ।
जंगल के बीच से अब एक शानदार आठ लेन का हाईवे गुजरता है जिस पर चमकदार गाड़ियां धुंआ छोड़ती हुई देश के विकास की गाथा लिखती हैं।
किसी को कुछ नहीं पता कि यहां कभी कितने सपने जवान होते थे। एक पेड़ पर कृष्ण मुरली बजाता था और राधा उसकी तान में खो जाती थी। यहां कभी राजा ननकू का शासन चलता था, उसकी प्रेयसी रानी गनी विचरती थी, उनका साथी बघेरा चैन से सोता था। एक बरगद जीवन देता था। एक गांव बसा करता था।
किसी को कुछ नहीं पता, पता भी हो तो किसी की आंखें नहीं भीगती।
असली आदमखोर तो हम हैं जिन्हें कोई फर्क ही नहीं पड़ता।
आदमखोर!
संपर्क सूत्र : बी4-204, सेक्टर 9, गुलमोहर सीएचएस, शांतिनगर, मीरा रोड पूर्व, मुंबई–401107 मो. 9819107721



सर नमस्ते,
वागर्थ में छपी आपकी यह कहानी पढ़ी। लाज़वाब कथा कहन।
बहुत ही उम्दा कहानी है यह।
क्या शिल्प है, कहने का तरीका विशेष व अलग है, बिल्कुल सरल व भाषाई बोझिलता से रहित…
प्रकृति के प्रति प्रेम, छल/कपट, ओछी राजनीति, स्वार्थ लोलुपता, ग्रामीण किसानों की सरलता व भोलापन औ इन सब के साथ ननकू और गनी के प्रमिल पलों का बाकमाल कहन… बहुत रंग है कहानी में।
इसकी रुमानियत में जितनी सिहरन है उतनी ही कंपन जंगल के उजड़ने में भी…
सिक्के के दोनों पहलुओं पर ग़ज़ब की पकड़…
बहुत बेहतरीन कहानी जो देर तक आपके भीतर गूंजती रहती है, बिल्कुल ननकू की बांसुरी की तरह।
इसीलिए लाज को छोड़ कर प्रिय कहानीकार की कलम को चूम लेने का मन करता है, जैसे गनी के अधरों पर सजती है ननकू की बांसुरी…🤗
सादर
आपका एक अदना सा पाठक
शुक्रिया कुलदीप जी. आपने कहानी पढने के लिए समय निकाला, इसके लिए बहुत धन्यवाद
कमाल करते हो आप सर। बरसों बाद एक कहानी पढ़ी है। वैसे तो मैं फेसबुक पर आपकी कई पोस्ट पढ़ चुका हु लेकिन कहानियों में , जब से स्मार्टफोन हाथ में आया , रुचि खत्म हो है । रुचि खत्म होने का मुख्य कारण मानसिक स्थिति में आया परिवर्तन जो बढ़ती उमर और स्मार्ट फोन की दुनिया से आया। आज सोच में गहराई कम बेचैनी ज्यादा हो गई है । दशकों बाद आज एक कहानी को लगातार पढ़ता गया। कहानी बहुत अलग नहीं थी लेकिन कहानी का बयान और संदेश बहुत प्यारा था। कहानी का अंत बिल्कुल वास्तविक जिंदगी की सचाईयों के अनुरूप रहा । कहानी के मुख्य पात्र भले ही आज के परिवेश के अनुसार नहीं थे मगर कहानी का मूल सार यानि आज की परिस्थितियों और व्यवस्था के गंदे रूप से रूबरू करवाता है ।
आपने रूचि ख़त्म हो जाने के बाद भी कहानी पढ़ ली, मेरे लिए ये बड़ी बात है. समय निकाल कर कहानी पढने के लिए आपका बहुत धन्यवाद