डेनमार्क में प्रवासी लेखिका। हिंदी लेखन में विशेष रूप से डेनमार्क के मानव जीवन, सामाजिक, राजनीतिक, और भौगोलिक व्यवस्था का चित्रण है। अब तक पांच उपन्यास, पांच कहानी संग्रह, एक डेनिश-हिंदी अनुवाद प्रकाशित। संप्रति नॉर्थ सीलैंड इंटरनेशनल स्कूल, डेनमार्क में अध्यापन।

स्केगन के छोटे तटीय कस्बे में, जहां उत्तरी सागर बाल्टिक सागर से मिलता है… सोरेन वहीं रहता था। ज्वार की लय और हमेशा बदलती हवाओं से परिभाषित भूमि में जन्मा सोरेन परिवर्तन से परिचित था। फिर भी डेनमार्क की इस ठंडी हवा से भरे कोने में कुछ चीजें थीं, जो लोगों के लिए अपरिवर्तनीय थीं, जैसे लिंग। यहां जीवन सरल और व्यवस्थित था। पुरुष मछुआरे थे, महिलाएं घरों की देखभाल करती थीं और दोनों के बीच की रेखाएं उन तटों की तरह स्पष्ट थीं जहां दो समुद्र एक-दूसरे को छूते अवश्य थे लेकिन कभी पूरी तरह से घुलमिल नहीं पाते थे।

हालांकि सोरेन को जन्म के समय पुरुष माना गया था और उसे लड़के का नाम भी दिया गया, लेकिन वह एक ऐसी आत्मा थी जिसने स्वयं को पुरुष या महिला के ढांचे में कैद नहीं माना। एक ऐसे शरीर के साथ पैदा हुआ जिसने डॉक्टरों, नर्सों, माता-पिता और पड़ोसियों को समान रूप से हैरान किया। सोरेन के कस्बे के लोग केवल दो लिंगों- पुरुष और महिला में ही विश्वास करते थे।

उसके जन्म के समय दाइयां और डॉक्टर किसी स्पष्ट निर्णय पर नहीं पहुंच सके थे कि वह क्या है। सोरेन का शरीर उन परिभाषाओं में नहीं समा रहा था जो लंबे समय से जन्म प्रमाण पत्र और पारिवारिक रिकॉर्ड का मानक रही हैं। परंपराओं और प्रकृति के अनुमानित चक्रों में डूबा कस्बा इस अजीब असमंजस में उलझा था। क्या सोरेन लड़का था? या लड़की? स्केगन, एक छोटा और पुराने जमाने का कस्बा ऐसी अस्पष्टता का आदी नहीं था।

निःसंदेह शुरुआत से ही सोरेन दूसरों से अलग था और कस्बे के लोग इसे महसूस करते थे। उसका शरीर पुरुष या महिला की पारंपरिक श्रेणियों में फिट नहीं बैठता था और यहां तक कि पास के बड़े कस्बे अलबोर्ग के विशिष्ट डॉक्टर भी इसे समझने में असमर्थ थे। सोरेन का बचपन एक ऐसे गांव में बीता जो बदलाव को लेकर हठी था और विविधता को स्वीकारने में संकोची। अक्सर उसे लगता, वह किसी गलत जगह रखा गया एक असमंजसता का टुकड़ा हो। कस्बे के लोग भले थे, पर बेहद रूढ़िवादी। वे अक्सर उसके बारे में फुसफुसाते उसके भविष्य, शादी की संभावनाओं को लेकर बहस करते। समाज व चर्च उसके अस्तित्व को कैसे स्वीकारेंगे, इस पर चर्चा करते।

कस्बे की बड़बड़ाहट चालू थी। सोरेन एक पहेली था – कोई ऐसा व्यक्ति जो दो दुनियाओं के बीच मौजूद था।

उसके माता-पिता, जो स्केगन में गहरी पैठ रखने वाले जमींदार थे, ने उसे कस्बे की गपशप से बचाने की पूरी कोशिश की। उन्होंने उसका नाम सोरेन रखा, जिसका मतलब डेनिश में कठोर -एक ऐसा नाम जो उसे अपरिहार्य तूफान का सामना करने की ताकत देगा। फिर भी तमाम प्रयासों के बावजूद वे उसे आने वाले सवालों से नहीं बचा सके। सोरेन के माता-पिता अपनी संतान को बहुत प्यार करते थे, लेकिन वे कस्बे के बाकी लोगों की तरह ही भ्रमित थे। उसके मछुआरे पिता, जब भी सोरेन को निहारते, सोचते कि कैसे इसका निर्वाह होगा। क्या स्केगन से परे की दुनिया उसे लेकर कोई बेहतर समझ रखेगी? उसकी मां, एक दाई, जिसने अनगिनत बच्चों को उनकी मां के गर्भ से बाहर खींचा, अपने बच्चे के जननांग देखकर भयभीत हो गई। खुद को असमंजस में पाती – बिना परिभाषित शारीरिक लक्षणों के पैदा हुई संतान। नीलसन दंपति ने कभी दूसरा बच्चा नहीं किया। वे बेहद डर गए कि कहीं दूसरी संतान भी ऐसी न हो जाए- जो न लड़का और न ही लड़की! वे क्या करेंगे ऐसी संतान का? इसलिए, सोरेन उनका एकमात्र बच्चा रहा।

लेकिन सोरेन इस उलझन के आगे नहीं झुका। उसने इसे बचपन से ही गले लगा लिया। वह दूसरे बच्चों के साथ खेतों, जंगलों और समुद्र तटों में दौड़ता हुआ बड़ा हुआ। मध्यम लंबाई के उसके बाल एक दिन रिबन में बंधे होते थे और अगले दिन खुले रहते थे। उसे गांव के वार्षिक ग्रीष्मकालीन नाटकों में युवक और युवती दोनों की भूमिका निभाने में कोई शर्म नहीं थी। उस अस्पष्टता में सोरेन को एक निश्चित स्वतंत्रता मिली। एक बच्चे के रूप में सोरेन लड़कों और लड़कियों के बीच सहजता से घूमता था। वह ऊबड़-खाबड़ मैदानों पर लड़कों के साथ फुटबॉल खेलता था और समुद्र तट पर लड़कियों के साथ समुद्री शैवाल को गले में बांधकर हार बनाता था। लेकिन जैसे-जैसे वह बड़ा होता गया,  समाज में प्रचलित मान्यता के अनुरूप होने का दबाव बढ़ता गया। गांव के स्कूल ने सोरेन पर जोर दिया कि वह लड़कों के कपड़े, खेल या फिर लड़कियों के कपड़े और खेल चुने। बचपन के बेपरवाह खेल उलझन और बेचैनी से भर गए। यहां तक कि उसके दोस्त, जो कभी अंतरों को नजरअंदाज करते थे, वे भी ऐसे सवाल पूछने लगे जिनका जवाब सोरेन के पास नहीं होता था।

सोरेन अपने पिता के साथ अकसर मछली पकड़ने की समुद्री यात्राओं पर जाया करता था। समुद्र की लहरों को आसानी से पार करते हुए, वह मछली पकड़ने के शिल्प में माहिर हो गया। इन यात्राओं ने उसे जोखिम उठाना सिखाया। उसने कई कौशल विकसित किए और जीवन के विभिन्न कामों में सफल भी हुआ। वह पढ़ने में होशियार था, एक अच्छा गायक और नृत्यकार था। उसका गायन और नृत्य में रूझान देख उसकी मां उसे पड़ोसी गांव के एक मंझे हुए संगीत मास्टर के पास भेजने लगी थी। लेकिन ये गतिविधियां कोई सुखद पलायन नहीं थीं, क्योंकि भीतर ही भीतर सोरेन खुद को दुनिया से थोड़ा जुदा महसूस करने लगा था।

जैसे-जैसे साल बीतते गए, सामाजिक अपेक्षाओं का बोझ उस पर भारी पड़ने लगा। जब सोरेन बीस साल का हुआ, तब तक गांव की कानाफूसियां टकराव में बदलने लगीं। जो लोग कभी उसे सहजता से अपनाते थे, वे अब उसे संदेह और अनिश्चितता की नजरों से देखने लगे। यहां तक कि चर्च के पादरी, मैड्स थराने, जो पहले उसका गर्मजोशी से स्वागत करते थे; अब उसके आसपास असहज हो जाते।

सोरेन अक्सर खुद को उस पुराने चर्च में अकेला खड़ा पाता। मंच को घूरता रहता जहां एक साधारण लकड़ी का लूथरन क्रॉस सफेद दीवार पर अकेला टंगा रहता। कभी जो चर्च उसके लिए हर्ष और सुकून की जगह थी, अब तनाव और अलगाव का प्रतीक बन गई थी। सोरेन और उसके आसपास की दुनिया के बीच एक अनकही खाई बन चुकी थी, जो उसे दिन-ब-दिन और अलग महसूस कराती थी।

एक शाम वह चर्च में खड़ा था। लोगों की ठंडी निगाहें और फुसफुसाते शब्द वातावरण को तनावपूर्ण और बोझिल बना रहे थे। उसने खिड़की से बाहर देखा, नजरें सागर पर पड़ी। उसे समुद्र की लहरें एक बेचैन नृत्य करती दिखीं। वह चर्च से बाहर निकल आया। स्केगन ओडे प्रायद्वीप के उत्तरी सिरे पर स्थित उस सटीक बिंदु, ग्रेनन पर गया जहां दोनों समुद्र मिलते हैं। दो समुद्रों की धाराएं आपस में मिल रही थीं, लेकिन एक-दूसरे में पूरी तरह विलीन नहीं हो रही थीं। एक समुद्र गहरा और ठंडा था, जबकि दूसरा गर्म और अधिक जीवंत।

सहसा सोरेन ने उनके इस मिलन में एक अनोखी सुंदरता देखी। वे दोनों समुद्र पूरी तरह से एक-दूसरे में समा नहीं रहे थे; बल्कि गर्जना करते हुए एक गति में थे, लगातार बदलते और अपना स्वरूप बनाए रखते हुए। यहीं समुद्र के इस संगम के किनारे खड़े होकर सोरेन ने खुद को समझने की कोशिश की। उसने महसूस किया कि जैसे ये सागर अपनी अलग-अलग विशेषताओं के बावजूद मिलते हैं, वैसे ही वह भी अपने भीतर दोनों ध्रुवों को समेटे हुए है- न पूरी तरह से एक, न ही पूरी तरह से दूसरा। दोनों सागरों के पानी के घनत्व और लवणता में अंतर के कारण वे एक-दूसरे में पूरी तरह से विलीन नहीं हो पाते। इससे परस्पर विरोधी लहरें बनती हैं। वह अपनी तुलना उन लहरों से करने लगा।

अगले रविवार को सोरेन का परिवार स्केगन के प्रसिद्ध चर्च में मास के लिए फिर से आया। चर्च का बाहरी सफेद हिस्सा धूप में चमक रहा था और अंदर की शांत, पवित्र हवा में मोमबत्तियों की हल्की महक फैली हुई थी। पादरी मैड्स थराने एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति थे। उन्होंने सोरेन को चर्च सर्विस के बाद रुक जाने को कहा। जब सभी लोगों ने स्थान ग्रहण कर लिया तो पादरी अपनी गहन, गंभीर, प्रभावशाली आवाज में पूरे मास के दौरान बड़ी शांति और ध्यान से प्रार्थनाएं पढ़ते गए। गांव के धार्मिक प्रवृति के लोग पादरी का बहुत सम्मान करते थे।

चर्च सर्विस के बाद जैसे ही लोग धीरे-धीरे चर्च से बाहर निकलने लगे, पादरी ने सोरेन को इशारे से बुलाया। उनके चेहरे पर गहरी समझ और अनुभव की झलक थी, मानो उनकी आंखों ने जीवन की कई कहानियां देखी हों। पादरी ने सोरेन से कहा कि वे उससे कुछ बात करना चाहते हैं। चर्च गांव के जीवन का न केवल आध्यात्मिक केंद्र था, बल्कि यहां गांववालों के मनोबल और परस्पर आदर का भी पोषण होता था। यह जगह जहां वे प्रार्थना करते थे, वहीं पर एक-दूसरे के साथ हँसी-खुशी भी बांटते थे। कई बार यह मनोरंजन का भी केंद्र बन जाता। यहां की दीवारों ने न जाने कितनी कहानियां और भावनाएं अपने भीतर समेटी हुई थीं। इतना ही नहीं चर्च गांव वालों की जिंदगी में भी दखल रखता था। चर्च के फैसले ग्रामीणों के निजी संबंधों और मामलों को प्रभावित करते थे।

चर्च सर्विस के बाद जब सभी लोग चले गए, सोरेन और पादरी एकांत में शांति से बैठे। रंगीन कांच की खिड़कियों से छनकर आती धूप पत्थर के फर्श पर रंग-बिरंगे पैटर्न बना रही थी। वातावरण में एक गहरी खामोशी समाई थी।

‘सोरेन’, पादरी ने बात शुरू की। उनका स्वर कोमल लेकिन दृढ़ था। ‘दुनिया हमेशा पुरुष और महिला के बीच विभाजित रही है, जैसे समुद्र अपनी धाराओं में बंटा रहता है। तुम्हें चुनना होगा कि तुम कौन हो, वरना दुनिया तुम्हें नहीं समझेगी।’

सोरेन ने पादरी को आश्चर्य से देखा। ‘चुनना होगा? क्या?’, उसने सवाल किया। उसकी आवाज में उलझन साफ झलक रही थी।

‘पुरुष या महिला’, पादरी ने समझाया। ‘तुम्हें तय करना होगा। दुनिया हमेशा इंतजार नहीं करेगी।’

सोरेन ने कुछ पल के लिए खिड़की से बाहर देखा, जहां दूर समुद्र लहरों के साथ खेल रहा था। उसकी नजरें गहरे नीले पानी पर टिकी थीं, जो किनारों को छूते हुए भी किसी एक रूप में बंधने से इनकार कर रही थी।

‘लेकिन’ फादर’, सोरेन ने धीरे से कहा, ‘समुद्र की धाराएं अंततः मिलती हैं। है न? वे हमेशा के लिए अलग नहीं रहतीं। वे परस्पर मिलती हैं अपने-अपने अस्तित्व के साथ। मैं सोचता हूँ कि मैं दोनों हूँ- जैसे मैं दोनों किनारों से जुड़ा हुआ हूँ।’

पादरी ने कुछ क्षण सोरेन की ओर देखा। चर्च में फैली शांति उसके संवाद को गहन बना रही थी।

पादरी ने गहरी सांस ली। ‘मैं तुमसे सहमत हूँ, समुद्र छू सकते हैं, लेकिन कभी नहीं बदलते। अपनी-अपनी विशेषताओं के साथ अपनी सीमाओं में रहते हैं। मगर हम सामाजिक प्राणी हैं। हमारे पास व्यवस्था होनी चाहिए सोरेन। तुम बीच में नहीं रह सकते। अब तुम वयस्क हो गए हो। आदमी या औरत में से एक लिंग को चुनो और उसी तरह अपना पहनावा रखो, हावभाव अपनाओ। हो सके तो अपनी चिकित्सा भी करवाओ। आज की मेडिकल लाइन में बहुत कुछ संभव है।’

‘मुझे कोई मेडिकल लाइन की आवश्यकता नहीं। मुझे अपनी कोई चिकित्सा नहीं करवानी। मैं जैसा हूँ, वैसा ही ठीक हूँ। भगवान ने मुझे जैसा बनाया मुझे स्वीकार्य है। मैं कोई अमानवीयता नहीं बरत रहा हूँ।’

‘तो फिर अपने समुदाय की मंडली में जाओ- वही मानवता है। तुम्हारा भी अपना समुदाय होता है।’

‘मेरा समुदाय यही है जहां मैं पैदा हुआ और पला-बढ़ा।’

‘यहां की व्यवस्था अलग है।’

‘मुझे इंसानों की बनाई इस व्यवस्था में विश्वास नहीं है’, वह बोला।

‘पर हमें है। इस गांव को है’, पादरी ने सख्ती से कहा।

सोरेन किंकर्तव्यविमूढ़ हो गया। उसने दुनिया को अलग नजरिए से देखा था। उसके लिए जीवन समुद्र की तरह था- तरल, लहरों की तरह बदलता हुआ, हमेशा गति में। स्केगन, अपनी सुंदर प्रकृति की वजह से डेनमार्क के सबसे प्रसिद्ध प्राकृतिक आकर्षणों में से एक था। इसके बावजूद यहां समय ठहरा हुआ था, इस सच को कभी भी पूरी तरह से समाहित नहीं कर सकता था। उस पल में सोरेन को यह महसूस हुआ कि जितना वह इस गांव से और उसकी परंपराओं से प्यार करता था, यह जगह कभी भी उसकी आत्मा को पूरी तरह से पकड़ नहीं पाएगी। उसे धिक्कारती रहेगी।

उनके बीच सन्नाटा छा गया। पादरी की निगाहें सोरेन पर टिकी थीं, लेकिन सोरेन की दृष्टि कहीं और थी- समुद्र की विशालता की ओर, जो किनारों से परे अपनी स्वतंत्रता में लहरा रहा था।

सोरेन धीरे से खड़ा हुआ। उसे अपनी आत्मा पर सदियों की परंपराओं का भारी बोझ महसूस हो रहा था। लेकिन, फिर उसके चेहरे पर एक छोटी-सी मुस्कान उभरी आत्मविश्वास से भरी हुई। उसने अपनी आवाज में एक दृढ़ता लाते हुए कहा, ‘फादर, मैं न पुरुष हूँ, न महिला- मैं दोनों हूँ। मैं इस दुनिया में अपनी मर्जी से नहीं आया हूँ, और न ही आसमान से टपका हूँ। यह समाज ही है जिसने मुझे जन्म दिया है। मैं इसी पर्यावरण, इसी प्रकृति का एक अंश हूँ। मुझे बदलने के बजाय, आप अपनी समझ को बदलिए। अगर मेरा शरीर और आत्मा इस गांव के खिंचे खांचों में फिट नहीं बैठते, तो मैं इस गांव को छोड़ने को तैयार हूँ।’

पादरी का चेहरा स्याह पड़ गया। वे अपनी बात ऊपर रखने के लिए शब्द ढूंढ़ने लगे। लेकिन सोरेन उनकी प्रतिक्रिया के लिए नहीं रुका। एक हल्केपन का अहसास लिए पहले से कहीं ज्यादा आजाद महसूस करता हुआ। वह पल भर में बाहर चला गया। उसके पीछे चर्च की घंटियां बज रही थीं, लेकिन सोरेन के लिए घंटियों की गूंज उस दुनिया का कोलाहल था जिसे पीछे छोड़ने के लिए अब वह पूरी तरह से मन बना चुका था।

उस शाम तारों से भरे आसमान के नीचे, सोरेन ने अपना सामान पैक किया। डर के मारे नहीं, पक्के इरादे के साथ। उसे एक ऐसी जगह की तलाश थी जहां वह पूरी तरह से जी सके- पूरा। दो दुनियाओं के बीच फंसा हुआ नहीं। आगे का रास्ता लंबा था, लेकिन वह अकेले चलने को तैयार था।

जाने से पहले उसने अपने माता-पिता से कहा, ‘मुआ, फार, यह गांव मुझे स्वीकार नहीं करता। मैं कोपेनहेगन जा रहा हूँ।’ उन्होंने उसे रोकने की कोशिश नहीं की, बल्कि अलविदा कहने के लिए उसके साथ स्टेशन तक गए।

‘वापस आना, सोरेन!’ उसकी मां भावुक होकर बोली।

‘मैं आऊंगा’, सोरेन ने वादा किया।

‘हमें माफ कर दे, सोरेन’, उसके पिता गिड़गिड़ाए।

सोरेन को मालूम था कि उसके माता-पिता लाचार हैं, बेबस हैं। उसने अपने पिता का कंधा थपथपाया। उनसे बोला, ‘मुआ और फार, आपने मुझे बहुत कुछ सिखाया। मुझमें कई कौशल विकसित किए। आपसे अच्छे माता-पिता मुझे मिल ही नहीं सकते थे। मुझे आप दोनों पर गर्व है। मेरी कोशिश रहेगी कि आप भी मुझ पर गर्व कर सकें।’

‘हां बेटा, हमारा नियंत्रण केवल प्रयत्नों पर है, परिणामों पर नहीं’, उसके पिता ने रुंधे स्वर में कहा।

उसने दोनों को गले लगाया। कुछ पलों के लिए सब गुमसुम रहे। एक चुप्पी! कई बार शब्दों से अधिक सिर्फ भाव काफी होते हैं। आंसू भरी आंखों से उन्होंने अपने बेटे को भावपूर्ण विदाई दी ‘फेयरवेल!’

‘फेयरवेल!’

और इस तरह सोरेन ने स्केगन छोड़ दिया। वह कोपेनहेगन जाने वाली ट्रेन में सवार हुआ और एक अनजाने गंतव्य की तरफ निकल पड़ा।

वह देश की राजधानी कोपेनहेगन पहुंचा। यहां उसके छोटे से गृहनगर की संकरी पगडंडियां नहीं थीं। फुसफुसाती हुई अफवाहें नहीं थीं। हलचल भरे बुलेवार्ड (चौड़ी सड़के, बीच में या किनारों पर घास की पट्टियां) थे। आधुनिक शहर की धड़कनें थीं। वह कोपेनहेगन की विविधता देखकर चकित हो गया। कोपेनहेगन में कई रंग-रूपों और राष्ट्रीयताओं के लोग निवास करते थे। दूसरे देशों से आए प्रवासियों (इमिग्रेंट्स) की संख्या भी काफी थी। यहां केवल डेनिश ही नहीं, बल्कि कई अन्य भाषाएं भी बोली जाती थीं, और अंग्रेजी का भी व्यापकता से उपयोग होता था।

कुछ दिन यूथ होस्टल में बिताने के बाद सोरेन ने एक विज्ञापन देखकर एक घर के बेसमेंट में किराए का कमरा ले लिया। मकानमालिक एंथनी, जो मूलतः फिनलैंड से थे, हँसमुख और उदार स्वभाव के थे। उनसे सोरेन को इस अजनबी शहर में थोड़ी आत्मीयता महसूस हुई। नए माहौल में खुद को स्थापित करने की चुनौतियां जरूर थीं, लेकिन सोरेन को इस नई यात्रा में एक अद्भुत रोमांच भी महसूस हो रहा था।

जीवन को संवारने के लिए उसने कई छोटे-मोटे काम करने शुरू किए – कभी कैफे में वेटर बनकर, तो कभी किसी इवेंट में अस्थायी कर्मचारी बनकर। इन अनिश्चित नौकरियों में मेहनत ज्यादा और आमदनी कम थी, जिससे कभी-कभी उसे अपने खर्चों को लेकर चिंता भी होती। लेकिन हर नई जिम्मेदारी से वह कुछ नया सीखता, नए अनुभवों से गुजरता। माता-पिता का आर्थिक सहयोग भले ही दूर से बना हुआ था, लेकिन उनकी आशाओं को पूरा करने और आत्मनिर्भर बनने की उसकी कोशिशें लगातार जारी थीं।

जैसे-जैसे सोरेन नई गलियों-सड़कों में घूमता और अनजाने चेहरों से मिलता गया, उसका अकेलापन थोड़ा-थोड़ा कर पिघलने लगा। उसे महसूस हुआ कि अकेलापन या आत्मनिर्भरता हासिल करना केवल उसी का संघर्ष नहीं था। शहर में उसके जैसे तमाम लोग थे जो अपनी जड़ों से दूर थे, अपने सपनों और संघर्षों के साथ यहां आए थे। यह ऐसी जगह भी थी जहां लिंग द्विआधारी नहीं था, बल्कि अंतहीन संभावनाओं का एक स्पेक्ट्रम था।

एक शाम वह कोपेनहेगन के पुराने थिएटर डेट गाम्ले ल्यूस्टहुस के बाहर कॉफी की एक छोटी-सी दुकान पर बैठा था। वहीं उसकी मुलाकात ईदा से हुई। एक तेज-तर्रार लेकिन संवेदनशील कलाकार, जिसकी नीली आँखों में एक छुपा हुआ सवाल।

ईदा ने ही सोरेन को ‘मेलेमस्ट्रॉम’ के बारे में बताया था। एक ऐसा समूह जहां हर कोई उन धाराओं के बीच जीता है, जो समाज की बनी-बनाई लकीरों को पार कर जाती हैं। ‘हम न इधर हैं, न उधर’, ईदा ने मुस्कराते हुए कहा, ‘हम बस बहते हैं, अपनी दिशा खुद बनाते हैं।’ एक परिवर्तनशील स्थिति-सोरेन को अपनी ही मन:स्थिति जैसा लगा।

इस मुलाकात के बाद सोरेन अकसर ईदा और उसके दोस्तों के साथ वक्त बिताने लगा। ये लोग वे थे जिन्होंने समाज के जड़ और जमे ढांचे से बाहर आकर खुद की पहचान गढ़ी थी। उनमें फ्रेया थी। एक ट्रांसजेंडर कवियत्री, जो अपनी कविताओं में अस्वीकार और स्वीकृति के बीच झूलती संवेदनाओं को पिरोती थी। और था एमिल जो खुद को किसी एक लिंग की परिभाषा में नहीं बांधता था, लेकिन अपने चित्रों में जीवन के रंगों को बड़ी खूबसूरती से कैद करता था।

धीरे-धीरे इस समूह ने मिलकर रेनबो वेब्स (इंद्रधनुषी तरंगें) नाम का एक बैंड बनाया। ईदा की कीबोर्ड पर थिरकती उंगलियां, फ्रेया की आवाज में गूंजती भावनाएं और सोरेन की गिटार की धुनों ने मिलकर एक ऐसी ध्वनि रची; जिसमें जज्बात थे, विद्रोह था, और उम्मीद भी थी।

शहर का वही पुराना थिएटर- ‘डेट गाम्ले ल्यूस्टहुस’ उस रात कुछ अलग ही लग रहा था। आमतौर पर जहां पुराने नाटक या डॉक्युमेंट्री दिखाए जाते थे, वहां आज कुछ नया होने जा रहा था। मंच पर खड़ी रेनबो वेब्स की टोली-सोरेन, ईदा, फ्रेया और एमिल -सबके दिलों की धड़कनें तेज थीं।

सोरेन ने पर्दे के पीछे से झांककर दर्शकों को देखा। भीड़ उम्मीद से कहीं ज्यादा थी। कुछ चेहरे उत्साह से भरे थे, तो कुछ केवल देखने आए थे ‘ये लोग क्या करते हैं’ की जिज्ञासा लिए। लेकिन सबसे आगे, चार दो आंखें चमक रही थीं उसकी मां और पिता की। पहली बार वे आए थे उसे मंच पर देखने।

ईदा की उंगलियां कंपकंपा रही थीं। ‘क्या हम तैयार हैं?’ उसने धीमे स्वर में पूछा।

‘नहीं’, सोरेन ने मुस्कुरा कर जवाब दिया, ‘लेकिन शायद यही तो असली तैयारी होती है- डर के बावजूद आगे बढ़ जाना।’

लाइट्स मद्धम हुईं। पर्दा खुला। पहला गीत था: ‘मेलेमस्ट्रॉम-धाराओं के बीच’-जिसे फ्रेया ने लिखा था। गीत एक आत्म-स्वीकृति की यात्रा था। बचपन के संकोच से लेकर आज की खुली पहचान तक। फ्रेया की आवाज जैसे पूरे थिएटर में किसी शांत आंधी की तरह फैल गई। दर्शकों ने न कुछ कहा, न हँसे। बस सुना, समझा।

फिर आया सोरेन का सोलो-गिटार की धुनों के साथ उसकी आवाज। वह कांप रहा था, पर उसकी आंखें बंद थीं और आवाज में वह दृढ़ता थी जो शब्दों से नहीं, मन से निकलती है। उसके गाने में सिर्फ सुर नहीं थे, उसकी पूरी यात्रा थी-अपने भीतर से लड़ने की, दुनिया को समझाने की।

प्रस्तुति के अंत में तालियों की आवाज उस थिएटर की दीवारों से टकरा कर लौट रही थी। मंच पर खड़े चारों दोस्त एक-दूसरे को देख रहे थे। आंखों में नमी थी, लेकिन मुस्कान भी।

उस रात  डेट गाम्ले ल्यूस्टहुस  थियेटर ने सिर्फ एक बैंड की प्रस्तुति नहीं देखी, उसने एक आंदोलन का पहला स्वर सुना था।

बैंड के प्रदर्शन अब शहर के हर नुक्कड़-चौराहे, कैफे और फिर थिएटर तक पहुंच गए। उनके गीतों में दर्द भी था और सपनों की परछाई भी।

कुछ महीने बाद जब डेनमार्क की फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने नामों ने बैंड के साथ मंच साझा किया, तो यह आंदोलन सिर्फ कला तक सीमित नहीं रहा। अब यह एक संस्कृति बन गई थी। विविधता और स्वीकार्यता की संस्कृति।

सोरेन जानता था कि यह सफर लंबा है, लेकिन उसने अब ठान लिया था कि वह बहते धाराओं के बीच अपनी नाव खुद खेएगा- आवाज बनकर, रोशनी बनकर।

उसने कार्यकर्ताओं, राजनेताओं और कलाकारों के साथ मिलकर डेनमार्क में तीसरे लिंग की मान्यता की वकालत की। यह आंदोलन तब और मजबूत हुआ जब अधिक से अधिक लोगों ने सदियों से समाज को आकार देने वाले पुराने लिंग मानदंडों को चुनौती दी। सोरेन ने लेख लिखे। सार्वजनिक रैलियों में भाषण दिए। यहां तक कि राष्ट्रीय टेलीविजन पर भी दर्शकों के सम्मुख अपनी कहानी साझा की और बदलाव का आह्वान किया।

सालों की अथक सक्रियता के बाद डेनमार्क ने आखिरकार इतिहास रच दिया। संसद ने सभी कानूनी दस्तावेजों में तीसरे लिंग को मान्यता देने वाला एक महत्वपूर्ण कानून पारित किया। इससे डेनमार्क ऐसा करने वाले अग्रणी यूरोपीय देशों में से एक बन गया। सोरेन इस आंदोलन का हीरो था। उसे क्रिश्चियन बोर्ग पैलेस में स्थित संसद में आयोजित आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया।

कोपेनहेगन के भव्य संसद भवन में पोडियम पर खड़े होकर सोरेन ने राजनेताओं, पत्रकारों, और कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखा। उसका दिल तेजी से धड़क रहा था लेकिन उसकी आवाज स्थिर थी स्पष्टता और दृढ़ विश्वास से भरी हुई।

‘हम एक ऐसी दुनिया में रहते हैं जहां प्रकृति स्वयं श्रेणियों को चुनौती देती है’, सोरेन ने अपनी बात की शुरुआत की। ‘ट्रोम्सो में, सूर्य और चंद्रमा आकाश को साझा करते हैं, विरोधाभास में नहीं, बल्कि कुछ असाधारण बनाने वाले भागीदारों के रूप में। मैं कोई एक नहीं हूँ। मैं दोनों का मेल हूँ। मैं जो हूँ, उसके लिए पहचाने जाने का हकदार हूँ। जबरदस्ती किसी ऐसे वर्ग में सीमित किया जाऊं जो मेरे लिए उपयुक्त नहीं है। यह एक सच्चाई है कि मनुष्य प्रजाति दो लिंगों तक ही सीमित नहीं है।’

उसने अपने कस्बे स्केगन का उल्लेख किया, जहां कैटेगैट और स्केगराक के समुद्र बिना पूरी तरह से मिले एक-दूसरे के समीप बहते हैं। अपने अस्तित्व के लिए डटे रहने का एक सशक्त रूपक पेश करते हैं। वह आगे कहता है, ‘कई वर्षों तक, हमसे चुनने के लिए कहा गया- पुरुष या महिला। एक किनारा या दूसरा किनारा। लेकिन ग्रेनन के समुद्र की तरह, हम बीच के स्थान में मौजूद रह सकते हैं। लगातार बदलते हुए, फिर भी संपूर्ण और सुंदर।’

कमरे में एक गहरा मौन छा गया- अवमानना से नहीं, बल्कि श्रद्धा से। सोरेन ने उन भावनाओं को आवाज दी जो कई लोग लंबे समय से महसूस कर रहे थे, लेकिन कभी पूरी तरह से व्यक्त नहीं कर पा रहे थे।

उस दिन वह कानून पारित हुआ। यह न केवल एक कानूनी जीत थी, बल्कि मानव पहचान की जटिलता की मान्यता थी। इसने एक नए युग की शुरुआत को चिह्नित किया जिसमें सभी लोग प्रामाणिक रूप से रह सकते थे।

आने वाले महीनों में यह आंदोलन और भी गति पकड़ने लगा। लिंग के वैविध्यता को लेकर चर्चाएँ पूरे डेनमार्क में फैल गईं। इससे स्वीडन और नॉर्वे जैसे पड़ोसी देश भी प्रेरित हुए। 2023 तक डेनमार्क को एलजीबीटी + व्यक्तियों (लेसबियन, गे, बायसेक्शुअल, ट्रांसजेंडर) के लिए व्यापक कानूनी सुरक्षा और सामाजिक स्वीकृति प्रदान करने वाले यूरोप के सबसे मैत्रीपूर्ण देशों में से एक के रूप में मान्यता मिली।

इस ऐतिहासिक क्षण ने न केवल कानूनी परिदृश्य को नया रूप दिया बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण को भी बदल दिया, जिससे प्रभावित लोगों को पुरानी परिभाषाओं तक सीमित रहने के भय के बिना अपने वास्तविक स्वरूप को अपनाने की स्वतंत्रता मिली।

उसके गांव स्केगन में सोरेन की उपलब्धि की खबर धीरे-धीरे फैल रही थी। पहले-पहल लोग हैरान थे, खासकर वे जो उसे बचपन से जानते थे और कभी उसे पूरी तरह समझ नहीं पाए थे। लेकिन समय के साथ कस्बा भी बदल चुका था। सोरेन की कहानी अब दूर-दराज तक प्रेरणा की मिसाल बन चुकी थी और उसके छोटे कस्बे में युवा पीढ़ी ने दुनिया को नए नजरिए से देखना शुरू कर दिया था। वे अब उन कठोर श्रेणियों में बंधे नहीं थे जिनसे उनके दादा, परदादा चिपके रहते थे।

कई साल बाद सोरेन स्केगन लौटा। लेकिन इस अजनबी की तरह नहीं बल्कि बदलाव का पैरोकार बनकर। कस्बा वैसा ही था- हवा अभी भी टीलों पर बहती थी और दो समुद्र अब भी ग्रेनेन में मिलते थे, मगर अब माहौल में एक नया स्वीकृति का भाव था। तट पर चलते हुए सोरेन अपने पैरों के नीचे ठंडी रेत और चेहरे पर नमक की फुहार महसूस कर रहा था। उसे पता था कि उसने एक ऐसी जगह में अपनी पहचान बनाई थी जो कभी उसे अपनाने के लिए तैयार नहीं थी।

जब दोनों समुद्रों की लहरें उसके पैरों को छू रही थीं, तो वह मुस्कुराया। यह जानकर कि जैसे ज्वार मिलते हैं, वैसे ही वह दोनों दुनियाओं का था फिर भी अपने आप में संपूर्ण।

तभी किसी ने पुकारा, ‘सोरेन!’

उसने मुड़कर  देखा- उसके पिता आ रहे थे,  पीछे-पीछे मां और गांव के अन्य लोग।

‘वेलकोमन-स्वागत! तेरा अपने घर में स्वागत है!’ उसकी मां भावुक स्वर में बोली। गर्मजोशी से अपने बच्चे को गले लगाया, उसे चूमा।

जल्द ही पूरा गांव इकट्ठा हो गया और सोरेन का गर्व से स्वागत किया गया। सोरेन की वापसी की खबर स्केगन के हर घर में जल्दी ही पहुंच गई। इस बार उसकी वापसी पर कोई फुसफुसाहट, कानाफूसी या संदेह नहीं था। बल्कि, एक सम्मान था। सोरेन का स्वागत एक नेता के रूप में किया गया, जिसने दुनिया को दिखा दिया था कि सब कुछ पूर्णतः निश्चित और परिभाषित नहीं है। सब जगह परिवर्तन और विकास के लिए जगह मौजूद रहती है।

गांव के पादरी जो अब सेवानिवृत्त हो चुके थे, चुपचाप एक बेंच पर बैठे थे। सोरेन अपने कस्बे के छोटे से चर्च में बोलने के लिए खड़ा था। वही चर्च जहां एक बार रास्ता चुनने के लिए उसपर दबाव डाला गया था। अब चर्च मंडली सोरेन को सुन रही थी। आज वह एकता की सुंदरता पर बात कर रहा था- प्रकाश और अंधकार, सूर्य और चंद्रमा, पुरुष और महिला। और उन सब को भी गले लगाना जो इन सीमाओं के परे हैं।

उस रात गहराने पर जब उत्तरी रोशनी आसमान में चमक रही थी, सोरेन सागरों के जंक्शन पर खड़ा, शांति और आत्मसंतोष से भरा हुआ था। वह अब असामान्य या किसी भ्रमित पहचान वाला व्यक्ति नहीं था। वह बस सोरेन था। एक ऐसी आत्मा जो हमेशा बीच की उस जगह से जुड़ी रहती है; जहां प्रकाश और अंधकार मिलते हैं, ऊंचाई और गहराई मिलती हैं, जहां उसके कस्बे के दो भिन्न समुद्र मिलते हैं।

संपर्क : Islevhusvej 72 बी, 2700 ब्रोंशोज, कोपेनहेगन, डेनमार्क  मो. +45 71334214