युवा कवयित्री। डॉ भीमराव अंबेडकर कॉलेज, दिल्ली में सहायक प्रोफेसर।

चींटी सब जानती है

एक चींटी लगातार चक्कर लगाती है
रास्ता भूल गई है
कमरे में रोशनी झांक रही है

इधर से उधर होती
उसे अपनों के पास होना है
उसे नहीं पता
किसी भी पल उसे रौंद दिया जाएगा
कभी नहीं पहुंच पाएगी जहां उसे होना है

चींटी मुड़ गई है
रास्ता कोई और है
वहां भी उसे शुरू से शुरू करना है

अनथक न जाने क्या ढूंढ़ रही है
बुढ़ापे को देखे बगैर मर जाएगी
या बूढ़ी हो चुकी होगी

ठहर गई है
चींटी अपना दर्द छुपाना जान गई है
उसे अभी और रास्ता ढूंढ़ना होगा
या किसी भी पल लोक से प्रस्थान करना होगा
अंत तक लड़ेगी
जानती है संघर्ष ही सुंदर है

वह झुंड में नहीं है
उसे सब अकेले करना है
उसे चोट खाकर फिर से खड़ा होना है

लगातार चक्कर लगा रही
वह मौन है
वह सब जानती है!

दाग

उनकी चमक के अंतिम छोर पर खून लगा है
देखो उनकी बुश्शर्ट में टंगी हैं
हजार नवजातों की आंखें
जो वहां भी पलक उठाती हैं
फिर मासूम-सा सो जाती हैं
रक्तिम आभा-सा झिलमिला रहा है उनका चेहरा
उन्हें भूलकर भी दाग मत कहना
दाग पर दाग नहीं लगा करता बादशाह सलामत!

संपर्क :फ्लैट नं. 149, दूसरा तल, पैराडाइज अपार्टमेंट, रोहिणी, सेक्टर-18, नई दिल्ली-110085