
वरिष्ठ कथाकार। साहित्य की सभी विधाओं में लेखन। एक उपन्यास ‘कोचिंगकोटा’। चार कहानी संग्रह – ‘भास्कर राव इंजीनियर’, ‘चार्ली चैप्लिन ने कहा था’, ‘पीले हाफ पैंट वाली लड़की’।

रात के दस बज चुके थे। थोड़ी देर पहले बारिश हुई थी। इसलिए सड़क पर आवाजाही न के बराबर थी। प्रो. निरंजन प्रसाद पैदल ही घर की ओर चले जा रहे थे। वीडा टेक लैब में अपना काम समाप्त करने में उन्हें हमेशा की तरह उस दिन भी देर हो गई थी। उनके सभी सहयोगी जा चुके थे। यह इत्तफाक था कि सुबह ही उन्होंने अपनी कार सर्विसिंग के लिए दी थी जिसे पांच बजे लेने जाना था, लेकिन काम में ऐसे डूबे कि सर्विस सेंटर से लाना ही भूल गए। घर जाने के लिए पार्किंग में आए तो ध्यान आया। लैब के चौकीदार ने उन्हें पैदल बाहर निकलते देखा, तो पूछा – ‘कैसे जाएंगे साब। सिटी बस वाले दोपहर से हड़ताल पर हैं। आज यहां आसानी से ऑटो भी नहीं मिल रहे। आप चाहें तो मेरी साइकिल ले जाइए।’
‘नहीं, इसकी जरूरत नहीं है। चार किलोमीटर ही तो जाना है, पैदल चला जाऊंगा, थोड़ा टहलना हो जाएगा।’
चलते-चलते प्रो. निरंजन को महसूस हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है। सड़क पर अंधेरा था, रुकना उचित नहीं समझा। सामने देखा, तकरीबन आधा किलोमीटर दूर दाहिने हाथ पर लुबलुब करती मद्धिम रोशनी दिखाई दी। संभवत: सड़क किनारे खड़े खंबे पर लगा बल्ब टिमटिमा रहा था। उन्होंने अपनी गति बढ़ा दी। खंबे के पास पहुंच कर उनके कदम थम गए। उन्होंने पलट कर देखा। पीछे आने वाले उस विचित्र से व्यक्ति को देखकर वह अंदर तक सिहर गए। क्यों रुक गए, अब भाग भी नहीं सकते, एक पल के लिए मन में विचार आया। फिर किसी तरह हिम्मत जुटा कर डरते-डरते पूछा- ‘कौन हो तुम, मेरा पीछा क्यों कर रहे हो?’
‘डरो मत प्रोफेसर, मैं तुम्हारे काम से बहुत प्रभावित हूँ, तुम्हारी मदद करना चाहता हूँ।’
‘किस काम से?’ प्रो. निरंजन ने चौंकते हुए कहा।
‘ए.आई., जिसे इस दुनिया के लोग आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस कहते हैं’ – पीछा करने वाले उस व्यक्ति ने कहा- ‘मुझसे कुछ छुपा नहीं है। जिस एल्गोरिदम को लेकर तुम एक सप्ताह से परेशान हो, मैं चुटकी में सुलझा सकता हूँ।’
‘कौन हो तुम, बताया नहीं तुमने?’ – प्रो. निरंजन ने उसके शब्दों पर गौर कर अपनी परेशानी छिपाते हुए पूछा।
‘सब बताऊंगा प्रोफेसर, लेकिन यहां नहीं। तुम्हारे घर चलते हैं, बैठकर विस्तार से चर्चा करूंगा’, उस अजनबी ने कहा – ‘फिलहाल तुम इतना जान लो, तुम्हारे उन सारे प्रोजेक्ट की जानकारी है मुझे, जिनमें तुमने काम किया है, लेकिन किसी का भी श्रेय तुम्हें नहीं दिया गया, दूसरे लोग श्रेय ले उड़े। मैं ऐसा नहीं करूंगा, मुझे कोई क्रेडिट नहीं चाहिए।’
‘किन प्रोजेक्ट की बात कर रहे हो तुम?’
‘मेरी बात पर विश्वास नहीं है तुमको…? ठीक है, मैं बताता हूँ। …तुम उस सुपर कंप्यूटर बनाने वाली टीम के टेक्निकल लीड थे जिसने शतरंज में गैरी कास्पारोव को हराया था। हॉलीवुड की फिल्म टर्मिनेटर की टीम को भी तुमने असिस्ट किया था।’
‘इस बारे में सब जानते हैं, सारी जानकारी पब्लिक डोमेन में है। ये कोई सीक्रेट प्रोजेक्ट नहीं थे’ – प्रो. निरंजन ने टालने वाले अंदाज में कहा।
‘पर अभी तुम जिस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हो, वह तो सीक्रेट है। देखो, मना मत करना, मैं जानता हूँ कि इस समय तुम जिस रोबोट पर काम कर रहे हो, वह एक सीक्रेट मिशन का अंग है। तुम्हें इस रोबोट को सोफिया से बेहतर बनाने की चुनौती मिली है। मुझपर भरोसा करो, मैं तुम्हें कोई क्षति नहीं पहुंचाऊंगा। ..मेरी मदद से तुम उसे निश्चित ही सोफिया से बेहतर बना सकोगे।’
अजनबी के मुंह से सोफिया का नाम सुनकर प्रो. निरंजन बुरी तरह चौंके। सऊदी अरबिया की नागरिकता प्राप्त दुनिया के पहले हुमानोइड रोबोट सोफिया से बेहतर रोबोट तैयार करने के अति गोपनीय प्रोजेक्ट पर वह पिछले दो वर्षों से काम कर रहे थे। वह कुछ कहते, इससे पहले ही अजनबी बोल पड़ा – ‘तुम पिछले एक हफ्ते से जिन सैकड़ों न्यूरांस को न्यूरल नेटवर्क में जोड़ने की कोशिश कर रहे हो और सफल नहीं हो पा रहे हो, उसे मैं हल कर सकता हूँ।’
‘देखो, तुम जो भी हो, तुम्हारी जानकारी सही नहीं है। मैं तो समझ नहीं पा रहा हूँ कि तुम मेरी जासूसी क्यों कर रहे हो, तुम्हारा मकसद क्या है और तुम्हें क्या हासिल होगा यह करके।’
‘अच्छे से सोच लो प्रोफेसर। मैं कल फिर आऊंगा’ – कहते हुए वह अजनबी अंधेरे में गुम हो गया। प्रो. निरंजन ने उसे जाते हुए देखने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह एक क्षण में ही कहीं विलुप्त हो गया था।
अगला दिन शनिवार था। प्रो. निरंजन रात में बहुत देर तक उस अजनबी के बारे में सोचते रहे थे, अतएव रात में ठीक से सो नहीं सके। सुबह देर से उठे। रेवती ने आकर नाश्ता तैयार कर दिया था और उन्हें बिना डिस्टर्ब किए चली गई थी। प्रो. निरंजन ने घर की एक चाबी उसे दे रखी थी, ताकि वह समय पर आकर नाश्ता और खाना बना जाया करे। प्रो. निरंजन को अक्सर ही लैब से लौटने में देर हो जाती थी। रेवती उन्हें पोर्च में इंतजार में बैठी मिलती। यह देख कर उन्हें अफसोस होता। एक दिन उन्होंने मेन डोर के डिजिटल लॉक को निकलवा दिया और उसके स्थान पर सात लीवर वाले आम ताले की व्यवस्था बना दी। बाद में बतौर सावधानी उन्होंने अपने स्टडी रूम में डिजिटल लॉक लगवा लिया।
नाश्ता करने के बाद प्रो. निरंजन ने अमेरिका से आए रोबोटिक्स जर्नल्स के पन्ने पलटना शुरू ही किया था कि वह अजनबी आ गया। उसने आते ही कुर्सी खींची और बेतकल्लुफी से उनके सामने बैठ गया। प्रो. निरंजन को अपनी ओर कौतूहल से देखते पाया तो बोला – ‘तुम मेरा परिचय जानना चाहते थे। मेरा नाम है जेविस अमानी। जार्डन में जन्मा हूँ, लेकिन पला-बढ़ा जर्मनी में हूँ। तुम्हारे पास मेरे साथ काम करने का एक दुर्लभ अवसर है। यह एक ऐसी लाइफ-टाइम अपार्चुनिटी है जो तुम्हारी जिंदगी और समूची दुनिया को बदल देगी।’
जेविस कुछ देर के लिए रुका और फिर बोलना शुरू कर दिया – ‘तुम पं जुगल किशोर व्यास से क्या सलाह लेते हो। किसका भविष्य जानना चाहते हो उनसे, अपना या दुनिया का … कितना सही बता पाते हैं वह, कभी विचार किया है इसपर?’
प्रो. निरंजन हतप्रभ थे जेविस की बात सुनकर, लेकिन वह जाहिर होने देना नहीं चाहते थे। शब्दों को मन ही मन तोलते हुए बोले – ‘जुगल अंकल पापा के दोस्त हैं, एक तरह से पारिवारिक सदस्य जैसे हैं हमारे लिए…। मैं उनके पास कोई ज्योतिषीय सलाह लेने नहीं जाता।’
‘अपने प्रोजेक्ट के बारे में गोपनीयता बरतना तो बनता है और यह तुम बखूबी कर रहे हो। पर क्या कोई ज्योतिषी हालिया महामारी के बारे में सटीक जानकारी दे पाया था? नहीं न, फिर पंडित व्यास जी कैसे भविष्य की दुनिया के बारे में बता सकते हैं। अधूरी जानकारी के बल पर तैयार तुम्हारा रोबोट भला कैसे भविष्य की तार्किक जानकारी उपलब्ध करा सकेगा और मानवता की रक्षा का जो संकल्प तुमने लिया है उसे तुम पूरा कर सकोगे?’
प्रो. निरंजन सोच में पड़ गए। जितना उन्होंने सोचा था उससे बहुत ज्यादा जानकारी जेविस के पास थी। उसे न केवल उनके प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से पता था, बल्कि उस अति गोपनीय मकसद के बारे में भी जानकारी थी उसे। इस प्रोजेक्ट का काम उन्हें एमनेस्टी ग्लोबल नाम की एक विश्वविख्यात संस्था ने सौंपा था। प्रो. निरंजन और उनकी टीम एक ऐसे ए.आई. प्रोजेक्ट पर काम कर रही थी जो भविष्य में मानवता के लिए खतरा बनने वाली हर संभावना से सचेत कर सके।
भूकंप आने से पहले चिड़ियों और कुत्ते-बिल्लियों को पता चल जाता है, फ्लेमिंगो पक्षी और समुद्र में रहने वाली ओरफिस मछली सुनामी आने का सटीक अनुमान लगा लेते हैं, चीटियों को बाढ़ और जल भराव का आभास हो जाता है, लेकिन मनुष्य के पास इन प्राकृतिक आपदाओं का पूर्वानुमान लगा पाने का कोई साधन अब तक नहीं है। बहुत से अमेरिकी आज भी मानते हैं कि मौसम की सबसे बेहतर भविष्यवाणी हेजहाग (जंगली चूहे की एक प्रजाति) करता है। पशु-पक्षियों के ऐसे ही अनेक गुणों का एल्गोरिद्म तैयार करने में उनकी टीम जुटी हुई थी। पं. जुगल किशोर व्यास की मदद भी वह इसमें ले रहे थे, ताकि पिछले और आगामी पचास-सौ वर्षों में ग्रहों की चाल और आपदाओं के बीच अंतर्निहित संबंधों की तार्किक विवेचना की जा सके और कुछ यथार्थमूलक निष्कर्षों से दुनिया को अवगत कराया जा सके। इसके हल भी विपत्ति आने से पूर्व लोगों को पता हों। यदि वह अपने प्रोजेक्ट में सफल हो जाते हैं, तो दुनिया को सभी प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के संकट से बचाने में इसका अमूल्य योगदान होगा। यह उनके प्रोजेक्ट के व्यापक उद्देश्यों में से एक था, जिसपर इस समय काम चल रहा था।
‘मैं एक बार फिर कहता हूँ कि मैं ऐसे किसी सीक्रेट प्रोजेक्ट पर काम नहीं कर रहा हूँ। तुम खुद सोचो, क्या कोई व्यक्ति आठ-दस लोगों की छोटी टीम के साथ इतने बड़े प्रोजेक्ट की कल्पना भी कर सकता है? तुम्हें जो कोई भी जानकारी दे रहा है, वह तुम्हें गुमराह कर रहा है’ -प्रो. निरंजन ने काफी सोच-विचार के बाद उत्तर दिया।
‘प्रोफेसर, मैं तुम्हारी मुश्किल और दुविधा, दोनों आसान कर सकता हूँ’ – जेविस ने प्रो. निरंजन की बात पर कोई ध्यान न देते हुए कहा – ‘तुम समय यात्रा के बारे में कितना जानते हो?’
‘यह कुछ भौतिक वैज्ञानियों की कल्पना है जिस पर हॉलीवुड में कुछ फैंटेसी फिल्मों का निर्माण हुआ है… वास्तव में ऐसा कुछ संभव नहीं है।’
‘तुम्हारे यहां यह कहावत बहुत मशहूर है कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है, तो प्रोफेसर, बिना किसी वस्तु की कल्पना किए उसका आविष्कार कैसे हो सकता है। तुम संयोग की बात कर सकते हो, क्योंकि संयोगवश भी बहुत से आविष्कार हुए हैं। जैसे एक्स रे का पता संयोगवश चला था, लेकिन उसकी उपयोगिता के बृहद आयाम तो मनुष्य की कल्पनाशीलता ने ही खोले’ – कहते-कहते जेविस थोड़ा रुका – ‘समय यात्रा तुम्हें अभी कल्पना लग रही है, लेकिन सदियों पहले इस कल्पना पर काम हो चुका है। तुम्हारे धर्मग्रंथों में नारद, अश्विनी कुमार जैसे अनेक मुनियों तथा देवताओं के उदाहरण मिलते हैं जो अन्य ग्रहों के बीच समय-यात्रा करते रहते थे। तुम जानते जरूर होगे, लेकिन कभी इस बारे में सोचा नहीं होगा कि परशुराम, वसिष्ठ, जामवंत और हनुमान सतयुग से त्रेता अथवा त्रेता से द्वापर युग तक कैसे जीवित रहे होंगे? क्या कोई प्राणी इतने वर्षों तक जीवित रह सकता है? दरअसल वे सभी समय यात्रा पर दूसरे ग्रहों पर चले जाते होंगे। फिर कुछ समय बिता कर वापस लौट आते होंगे। कई ग्रहों पर एक साल पृथ्वी के एक साल से बहुत बड़ा होता है। जब वे उस ग्रह पर जाकर एक वर्ष बिताते होंगे तब तक पृथ्वी पर दस, बीस या सौ-दो सौ वर्ष बीत जाते होंगे। उदाहरण के लिए याद दिलाता हूँ कि शुक्र ग्रह का एक दिन पृथ्वी के 243 दिनों के बराबर होता है। वहां पर एक दिन गुजार कर लौटने का मतलब पृथ्वी पर 243 दिन आगे चले जाना है, यानी कि शुक्र ग्रह पर एक साल बिताना, पृथ्वी पर 243 साल बिताने के बराबर है। समय को चक्र माना गया है। चक्र याने कि पहिया। समय की गति को पहिए से जोड़ कर देखा गया है। पहिया आगे भी जा सकता है और पीछे भी। समय यात्रा के लिए हमें केवल ऐसे माध्यम की जरूरत है जो समय की गति से ज्यादा तेज चल सके। ऐसा होने पर समय से आगे की यात्रा की जा सकती है और समय के पीछे भी जाया जा सकता है।’
‘जेविस, अब तुम पका रहे हो मुझे’ – प्रो. निरंजन ने खीझते हुए कहा।
‘मैं तुम्हें समझाने की कोशिश कर रहा हूँ कि टाइम ट्रैवल केवल कल्पना नहीं है, यह मुमकिन है। दुनिया के बहुत से वैज्ञानिक मानने लगे हैं कि अन्य ग्रहों पर जीवन है। तुम्हारे पुराने ग्रंथ भी इसे सत्यापित करते हैं।’
‘तुम्हारे सभी तर्क खोखले हैं जेविस, इन तर्कों से तुम मुझे बरगला नहीं सकते’ – प्रो. निरंजन ने उपहासपूर्वक कहा – तुम्हें शायद पता नहीं है कि समय यात्रा के लिए प्रकाश की गति से भी तेज गति से यात्रा करनी होगी, जो संभव नहीं है। जिस वैज्ञानिक ने समय यात्रा का शिगूफा छोड़ा है, वही अब इसे अव्यावहारिक बता रहा है।’
‘कोई चीज असंभव नहीं है प्रोफेसर, यहां कितनी ही बार उड़न तस्तरियों और एलियंस को देखा गया है। उड़न तस्तरियों को एक प्रकार की टाइम मशीन माना जा सकता है, जो अंतरिक्ष के विभिन्न टाइम जोन से गुजर कर यात्रा करती हैं। हम क्यों भूल जाते हैं कि किसी और ग्रह पर भी जीवन है। अपनी आकाशगंगा के अलावा बहुत सी आकाशगंगाएं हैं जिनमें जीवन होगा और वहां की तकनीक हमसे ज्यादा विकसित हो सकती है। एलियंस कहां से आते हैं, हमें तो पता भी नहीं है। इसे भी बहुत से लोग कल्पना मानते हैं, लेकिन दबी जुबान से उनके अस्तित्व को स्वीकारते भी हैं .. क्या मैं कुछ गलत कह रहा हूँ?’
‘नहीं, सत्य के देवता, तुम कुछ गलत कह ही नहीं सकते’ – कहते हुए प्रो. निरंजन ने व्यंग्यात्मक दृष्टि जेविस पर डाली और फिर कहा – ‘पर एक सच यह भी है कि तुमने आज का पूरा दिन बेकार कर दिया, अब जाओ यहां से।’
‘ठीक है प्रोफेसर, मैं अभी जा रहा हूँ, तीन महीने बाद लौट कर आऊंगा और तुम्हें समय यात्रा पर ले चलूंगा, हो सके तो अपना प्रोजेक्ट तब तक पूरा कर लेना और समय यात्रा पर चलने के लिए अपना वजन नियंत्रित और श्वसन तंत्र को मजबूत रखना।’
जेविस के जाने के बाद प्रो. निरंजन काफी देर तक उसके बारे में सोचते रहे। चेहरे-मोहरे से विचित्र लगने वाले जेविस की बहुत सी बातें विचित्र थीं। वह उनमें इतनी दिलचस्पी क्यों ले रहा है, यह प्रश्न उन्हें कचोट रहा था। उसे उनके और उनके काम के बारे में इतनी जानकारी कैसे और कहां से मिली होगी, यह भी उनकी चिंता का विषय था। उनके बहुत से सहयोगी उनके काम के बृहद आयाम से अनभिज्ञ थे। वह इन सहयोगियों से रोबोट के बोलने, सोचने और मनुष्यों के मनोभावों को पढ़ने वाले एप्लीकेशंस बनाने के विषय में ही चर्चा करते थे, इससे ज्यादा नहीं। प्रोजेक्ट की अहम जानकारी, जैसे कि सर्किट डिजाइनिंग या सेंसर की उपादेयता के बारे में वह अपने दो-तीन सहयोगियों के अलावा किसी से डिस्कस नहीं करते थे।
जेविस से मुलाकात के बाद प्रो. निरंजन ने और सावधानी बरतनी शुरू कर दी। लैब की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार किया तथा अपने चैंबर में खास सहयोगियों से भी मिलना बंद कर दिया। प्रोजेक्ट का काम अंतिम चरण में था। कुछ साधारण दिक्कतें आई थीं, जिनका निराकरण कर लिया गया था। मनहरन इलेक्ट्रॉनिक्स को जिन इंटीग्रेटेड सर्किट, मेमोरी चिप्स और सेंसर्स को बनाने का काम सौंपा था, निर्माण-उपरांत उनकी टेस्टिंग का काम चल रहा था। उसमें से कुछ अपेक्षानुरूप कसौटी पर सही उतरे थे, कुछ में आंशिक त्रुटियां थीं। प्रो. निरंजन कार्य को जल्द से जल्द पूरा कर, दी गई जिम्मेदारी से मुक्त हो जाना चाहते थे। काम के दौरान जब कभी उन्हें जेविस की याद आ जाती, उनका मन संशय से भर जाता। कभी लगता कि उनके किसी प्रतिद्वंद्वी ने जेविस को भेजा होगा या फिर जेविस यूं ही उनके कार्य की टोह लेने चला आया होगा। बात जो भी रही हो, जेविस के इरादे नेक नहीं लगे थे उन्हें। वैसे, जिस तरह का वादा करके वह गया था, उससे उसके दोबारा आने की संभावना नहीं थी, लेकिन प्रो. निरंजन इस संभावना को जड़ से नकार नहीं पा रहे थे। शायद इसीलिए उन्होंने तीन माह के अंदर ही प्रोजेक्ट को किसी भी हालत में पूरा करने का संकल्प ले लिया था और वह इसमें सफल हो गए थे। अब अगले एक माह तक रोबोट की कार्य क्षमता और उसकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता को विश्लेषणात्मक परिमाण और परिशुद्धता के स्तर पर परखा जाना था।
उस दिन वह घर पर अध्ययन कक्ष में बैठे एक जटिल प्रश्नावली को अंतिम रूप दे रहे थे, जिसका हल वह अगले दिन रोबोट से जानने वाले थे। ऐसे ही कुछ राउंड में रोबोट तब तक सफल रहा था। वह अपने काम में पूरी तरह से डूबे हुए थे कि डोर बेल की आवाज सुनाई दी। दरवाजा खोला तो सामने जेविस खड़ा था।
‘हैलो प्रोफेसर, मैं अपने वादे का पक्का व्यक्ति हूँ। देख लीजिए, आज ही तीन माह पूरे हुए हैं’ -जेविस बेतकल्लुफी से अंदर आते हुए बोला- ‘आशा है, मुझे देख कर तुम्हें आश्चर्य नहीं हो रहा होगा।’
जेविस को सामने देख कर प्रो. निरंजन को घोर निराशा हुई पर जबरन हँसी का भाव चेहरे पर लाते हुए बोले- ‘झूठ नहीं कहूंगा जेविस, तुम्हें देखकर आश्चर्य हो रहा है पर खुश भी हूँ कि तुम्हें अपना वादा याद रहा।’
‘मेरी यही खासियत है प्रोफेसर, मैं जो कहता हूँ, वह मेरी मेमोरी में अंकित हो जाता है और सही समय पर याद दिला देता है’ – जेविस बोला – ‘समय-यात्रा पर चलने के लिए तैयार हो?’
प्रो. निरंजन से एकाएक कोई जवाब देते नहीं बना। जेविस ही बोला – ‘आज से ठीक सातवें दिन दोपहर दो बजे हम अतीत की यात्रा पर चलेंगे। हनुमान टेकरी पर मैं समय-यान लेकर उपस्थित रहूंगा। तुम समय पर वहां पहुंच जाना। मन में किसी तरह की दुविधा हो या कोई प्रश्न हो, तो अभी बता दो, मैं उनके निराकरण की कोशिश करूंगा, लेकिन इस मुहिम से पीछे लौटने की कोई बात स्वीकार नहीं होगी। मैं विश्वास दिलाता हूँ, तुम्हें कोई क्षति नहीं पहुंचेगी। सही सलामत लेकर आऊंगा।’
प्रो. निरंजन को लगा कि वह जेविस की बातों में फंस गए हैं। समय की सीमा लांघ कर किसी भी यात्रा की अवधारणा में उनका कतई विश्वास नहीं था। ऐसी अवधारणा को वह निरी शिगूफेबाजी मानते थे, ठीक वैसी ही जैसी कुछ विशेषज्ञ पिछले जन्म की याद दिलाने का दावा कर आंखों में धूल झोंकते हैं। इसके बावजूद प्रो. निरंजन, जेविस के दावे को पूरी तरह से खारिज नहीं कर पा रहे थे। मन के किसी कोने में जेविस के दावे को परखने की उत्कंठा ने स्थान तलाश लिया था। यही उत्कंठा उन्हें नियत समय पर हनुमान टेकरी पर ले गई। जेविस इंतजार ही कर रहा था। वह हाथ पकड़ कर प्रो. निरंजन को पहाड़ी के दूसरी ओर ले गया। वहां पेड़ों की आड़ में उसने कवर्ड डोंगीनुमा कोई यांत्रिक यान छुपा रखा था जिसकी लंबाई-चौड़ाई छह फुट और ऊंचाई चार फुट के आसपास थी। यान के पास पहुंचकर जेविस ने अब्रकदबरा जैसा कुछ अस्पष्ट सा उच्चारण किया, देखते ही देखते यान का कवर हट गया। जेविस फुर्ति से उसमें सवार हो गया। उसने प्रो. निरंजन को भी अंदर खींच लिया। उनके बैठते ही कवर अपने स्थान पर आ गया। प्रो. निरंजन चकित थे कि क्या हो रहा है, जेविस क्या करने वाला है कि तभी जेविस की आवाज आई – ‘रिलैक्स प्रोफेसर, हम अतीत की यात्रा के लिए तैयार हैं। बोलो किस समय में चलना चाहते हो। आज हम अधिकतम तीन समय की यात्रा पर जा सकते हैं।’
‘मुझे बापू के दर्शन करना है’ – प्रो. निरंजन के मुंह से अचानक निकल गया।
समय-यान चल दिया। आज की रंगीन दुनिया की चहल-पहल को पीछे छोड़ता हुआ यान अतीत की धूसर सुरंग में जा घुसा। यान की गति और समय का अंदाज लगा पाना मुश्किल हो गया था, लेकिन सत्तर-अस्सी साल पहले की चित्रों में देखी दुनिया साकार होने लगी थी। सामने बिड़ला भवन दिखाई दिया। गांधी जी आभा तथा मनु के कंधों पर हाथ रखे सामने से चले आ रहे थे। प्रो. निरंजन ने हाथ जोड़कर बापू को मन ही मन नमन किया। तभी अचानक से नाथूराम गोडसे गांधी जी के सामने आ गया। उसने झुक कर पैर छुए और मनु को एक ओर धकेलते हुए गांधी जी पर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं। गांधी जी गिर गए। उनका देहांत हो गया। चारों ओर शोक की लहर छा गई। प्रो. निरंजन की आंखों में आंसू आ गए। जेविस ने देखा तो उसे भी अच्छा नहीं लगा। यान तब तक सतरह साल और पीछे आ गया था।
प्रो. निरंजन की इच्छा थी कि वह शहीदे-आजम के भी दर्शन करने का पुण्य अर्जित करे। शाम का समय था। भगत सिंह जेल की कोठरी में बैठे ‘रिवॉल्युशनरी लेनिन’ पढ़ रहे थे, जिसे दो घंटे पूर्व वकील प्राणनाथ मेहता उन्हें देकर गए थे। उनके आस-पास की कोठरियों में बंद आजादी के परवाने परेशान दिखाई दे रहे थे। थोड़ी देर पहले ही जेल का नाई बरकत फुसफुसाते हुए गुजरा था कि आज रात को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी जाएगी। थोड़ी देर बाद ही जेल अधिकारी तीनों क्रांतिकारियों को कोठरी से बाहर लेकर आ गए। तीनों क्रांतिकारियों ने हाथ जोड़े और अपना प्रिय गीत गाने लगे – ‘कभी वो दिन भी आएगा, कि जब आज़ाद हम होंगे। ये अपनी ही ज़मीं होगी, ये अपना आसमां होगा।’
प्रो. निरंजन ने आंखें बंद कर लीं। वह तीनों को फांसी पर लटकाए जाने का दृश्य देखने की कल्पना से सिहर उठे। जेविस ने उनके कंधे पर हाथ रखा। जब प्रो. निरंजन कुछ शांत हुए, समय-यान पंद्रहवीं शताब्दी में पहुंच चुका था। प्रो. निरंजन ने पल भर के लिए जलालुद्दीन अकबर को फतेहपुर सीकरी स्थित किले में लोगों की फरियाद सुनते देखा। वह कुछ देर के लिए वहां रुकने का इशारा जेविस को कर पाते, इससे पूर्व ही समय-यान वापस आने के लिए मुड़ चुका था। चारों तरफ गहन अंधेरे का आभास होने लगा था जैसे समय-यान किसी सुरंग से गुजर रहा हो। बाहर कुछ भी देख पाना संभव नहीं था। प्रो. निरंजन वापस लौटते हुए विचारों में डूबे हुए थे। अतीत के जो रोमांचकारी दृश्य उन्होंने अपनी आंखों से देखे थे, वे कल्पना से परे थे। आत्म गौरव का एहसास उनके भीतर हिलोरें लेने लगा था। यदि जेविस ने उन्हें हिला कर सचेत न किया होता तो वह उन्हीं पलों की स्मृतियों में खोए रहते। अंधेरे में उन्होंने समझने की कोशिश की, कि वह कहां हैं।
जेविस ने ही उनकी शंका का समाधान किया– ‘हम हनुमान टेकरी पर वापस पहुंच गए हैं प्रोफेसर। उठो, मैं तुमको घर तक छोड़ देता हूँ। रात काफी हो गई है।’
प्रो. निरंजन मना नहीं कर सके। साथ चलते–चलते जेविस ने अचानक पूछा– ‘अतीत की यात्रा कर कैसा महसूस हुआ प्रोफेसर?’
‘मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है। क्या तुम मेरे एक प्रश्न का उत्तर दोगे? क्या हम अतीत की धारा को परिवर्तित कर सकते हैं? मसलन अतीत में हुई किसी घटना के कारक को समाप्त कर सकते हैं?’ –प्रो. निरंजन ने जेविस के प्रश्न का जवाब देने के बदले नया प्रश्न दाग दिया।
‘ये फिलहाल संभव तो नहीं है प्रोफेसर, लेकिन भविष्य के बारे में कुछ नहीं कह सकता’ जेविस प्रो. निरंजन की प्रतिक्रिया जानने के लिए कुछ पल रुका, लेकिन जब वह चुप रहे आए तो उसने आगे कहना शुरू किया – ‘प्रोफेसर, लगता है कोई बात तुम्हें परेशान कर रही है, मान लो तुम्हारे प्रश्न का उत्तर हां है, तो तुम कौन से कारक को समाप्त करना चाहोगे?’
‘बापू की हत्या करने से पहले ही मैं नाथूराम को मार देना चाहूँगा’ – प्रो. निरंजन अचानक उत्तेजित होते हुए बोले।
‘गजब प्रोफेसर, मैं तो सोच रहा था कि तुम बाबर को बचपन में खतम करना चाहोगे।’
प्रो. निरंजन का घर आ गया था। जेविस ने कल फिर मिलने की बात कहते हुए उनसे विदा ली।
शेष रात लगभग करवट बदलते हुए बीती। प्रो. निरंजन समय-यात्रा के बारे में सोचते रहे – क्या सच में वह अतीत की यात्रा कर वर्तमान में लौटे हैं? जेविस ने उन्हें भविष्य की यात्रा कराने का भी आश्वासन दिया है, क्या जेविस सच में समय-यात्री है? क्या वह पहले भी समय-यात्रा पर जा चुका है? क्या सच में उसके पास समय-यान है? यदि यह सच है तो दुनिया अभी तक इन तथ्यों से अनभिज्ञ क्यों है? समय-यात्रा को दुनिया अभी तक एक काल्पनिक अवधारणा क्यों मान रही है?
उन्होंने समय-यात्रा की है, वह एक समय-यात्री है, लेकिन वह किसी को बता नहीं सकते। उनकी बात पर कौन यकीन करेगा? उनके पास कोई सबूत भी नहीं है? उन्होंने जब जेविस से अतीत-यात्रा को कैमरे में कैद करने के बारे में पूछा था तो उसने तर्क के साथ समझा दिया था कि चित्र नहीं ले सकते। जेविस का कहना था कि समय-यान जिस गति से चल रहा है, उस गति के सापेक्ष शटर-स्पीड वाला कोई कैमरा अभी तक नहीं बना है। उन्हें जेविस की बात में दम लगा था। इसलिए उन्होंने चित्र लेने की कोशिश नहीं की थी। लेकिन अब उसका तर्क बचकाना लग रहा है। जब प्रकाश से भी तेज गति से चलने वाला समय-यान बनाया जा सकता है तो फिर एक अदना सा कैमरा क्यों नहीं?
जेविस है बहुत बुद्धिमान। उसके पास हर बात का सटीक और तर्कपूर्ण उत्तर होता है। पूछने पर वह इसका भी कोई न कोई उपयुक्त उत्तर अवश्य दे देता। कहीं जेविस किसी दूसरे ग्रह का प्राणी तो नहीं है, जो समय-यान पर इस ग्रह की यात्रा पर आया हुआ है? यदि ऐसा है तो जेविस ने पूरी दुनिया में उन्हें ही क्यों अपने साथी के रूप में चुना? आखिर क्या चाहता है जेविस? उसकी बहुत सी बातें रहस्यमय हैं, लेकिन अभी तक उसने उन्हें नुकसान पहुंचाने की किंचित भी चेष्टा नहीं की है। कल फिर आएगा वह। इस बार वह उससे, उसके बारे में पूरी जानकारी लेने की कोशिश करेंगे।
प्रो. निरंजन अगले दिन लैब नहीं गए। घर पर ही रहे। उनका शरीर टूट रहा था, अजीब सी थकान दिलो-दिमाग पर हावी थी। जेविस ने आने का निश्चित समय नहीं बताया था। जब जेविस सुबह नहीं आया तो प्रो. निरंजन ने मान लिया कि वह आज नहीं आएगा, लेकिन वह शाम को मिलने आ गया। आते ही पूछा- ‘कैसे हो प्रोफेसर, क्या अभी भी थकान लग रही है? समय-यात्रा के बाद मस्तिष्क की कोशिकाओं पर बहुत दवाब पड़ता है, इसलिए शरीर को सामान्य होने में कुछ समय लगता है।’
‘आज दिन भर आराम ही किया है, अच्छा हूँ’ – प्रो. निरंजन बोले – ‘तुमसे कुछ पूछना चाहता हूँ।’
‘यदि तुम मेरे बारे में जानना चाहते हो तो आज नहीं। जब समय-यात्रा का अगला चरण पूरा हो जाएगा, उसके बाद मैं स्वयं बता दूंगा, तब तक तुम्हें इंतजार करना होगा।’
‘लेकिन क्यों, अब तो हम मित्र बन चुके हैं और तुम मेरे बारे में बहुत कुछ जानते हो, लेकिन मैं यही बात तुम्हारे बारे में नहीं कह सकता।’
‘मेरे कुछ सिद्धांत हैं, मैं उनको नहीं तोड़ सकता। दूसरी बात, मैंने तुमसे कभी तुम्हारे बारे में जानकारी देने के लिए नहीं कहा, तुम्हारी जितनी भी जानकारी मेरे पास है, वह स्व-अर्जित है।’
जेविस की बात सुनकर प्रो. निरंजन निरुत्तर हो गए। कुछ देर शांत रहने के बाद बोले- ‘तो फिर बताओ, भविष्य की यात्रा पर कब ले चलोगे?’
‘ये तुम पर निर्भर है। पहले तुम्हें अपने ड्रीम रोबोट से मुझे मिलवाना होगा। उसके तीन दिन बाद हम भविष्य-यात्रा पर चलेंगे।’
‘अभी मेरा प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ है’ -प्रो. निरंजन ने टालने वाले अंदाज में कहा।
‘देखो प्रोफेसर, मुझसे कुछ छिपा नहीं है। तुमने भैरवी से, यही नाम दिया है न तुमने रोबोट को, पिछले गुरुवार को ही ज्यो मार्फोलोजिकल सैटेलाइट मैप्स और ज्यो फिजिक्स डाटा का एनालिसिस कराया है और बक्स्वाहा में हीरे के नए स्त्रोतों के बारे में जानकारी प्राप्त की है… नागौर में भी पोटाश के अकूत भंडार होने के बारे में पता चला है… मैं समझता हूँ तुम्हें झूठ बोलने की जरूरत नहीं है।’
‘देखो जेविस, मेरे काम में तुम्हारी इतनी दिलचस्पी समझ से परे है। मैं तुमसे कह चुका हूँ कि अभी मेरा प्रोजेक्ट परीक्षण के स्तर पर है। उसकी सत्यता को परखने का कोई टूल अभी विकसित नहीं हुआ है।’
‘मैं इस सप्ताह किसी भी दिन तुमसे लैब में मिलने आऊंगा और तुम्हें भैरवी से मुझे मिलवाना ही पड़ेगा। अतीत की यात्रा कर चुकने के उपरांत तुम्हें यह काम करना ही होगा। तुम इस तरह बहानेबाजी कर मना नहीं कर सकते। फिलहाल मैं जा रहा हूँ, जल्द आऊंगा, बाई प्रोफेसर!’
प्रो. निरंजन को जेविस की बात सुनकर दुख हुआ। उन्हें जेविस के लहजे में धमकी नजर आई। वह जेविस को इतना तो जान ही चुके थे कि वह पहुंचा हुआ घाघ व्यक्ति है। उसे कमतर आंकने की गलती नहीं की जा सकती। जेविस को कमतर आंकने का मतलब बैठे-ठाले मुसीबत मोल लेना था। अब तक जेविस ने जो भी उनसे कहा था, उसने पूरा किया था, यहां तक कि समय-यात्रा जैसी असंभव प्रतीत होने वाली यात्रा को भी उसने संभव करके दिखाया था। अब उसके आ धमकने पर, उससे आसानी से पिंड छुड़ाना असंभव होगा। कैसे रोकें उसे, यह प्रश्न प्रो. निरंजन के दिमाग में जब-जब आता, वह परेशान हो उठते। जेविस की भैरवी से मुलाकात की कल्पना उन्हें डराने लगती। यदि जेविस को भैरवी से मिलवाना ही पड़ा, तो क्या जेविस भैरवी की अविश्वसनीय कार्य-क्षमता का पूर्वानुमान लगा सकता है? यह सोच कर ही वह बेचैन हो जाते। यह एक ऐसा गुप्त प्रोजेक्ट था जिसकी सफलता मानव-कल्याण के अकल्पनीय द्वार खोलने वाली थी। भैरवी कोई सामान्य रोबोट नहीं था, वह सोफिया से सैकड़ों गुना अधिक सामर्थ्यवान था। उन्होंने भैरवी को अब तक के ज्ञात सर्वश्रेष्ठ रोबोट से कई गुना बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया था और अब तक के समस्त परीक्षणों में वह और भैरवी सफल रहे थे। बीमारियों, व्याधियों, प्राकृतिक प्रकोपों की समय पूर्व पहचान और उनके निवारण, मानव निर्मित विध्वंसक, जैविक और रसायनिक हथियारों की मारक शक्ति को निष्क्रिय करने की तकनीक, भूत-भविष्य-भूगर्भ और ब्रह्मांड के रहस्यों को उजागर करने में भैरवी समर्थ था। वह नहीं चाहते थे कि भैरवी की इन क्षमताओं के बारे में किसी को जरा-सा भी आभास हो। जेविस कोई साधारण वैज्ञानिक या व्यक्ति होता तो वह इतना सोच-विचार नहीं करते। मिलवा देते भैरवी से एक बार। पर जेविस को साधारण मानने की भूल वह नहीं कर सकते थे। जेविस की कार्य और तार्किक क्षमता वह देख चुके थे। उनका मानना था कि जेविस इससे भी कहीं अधिक काबिल और समर्थ है। उसकी वास्तविक क्षमताओं का पूर्वानुमान कर पाना उनके लिए सहज नहीं है।
जेविस ने प्रो. निरंजन को ज्यादा इंतजार नहीं कराया। वह गुरुवार की दोपहर में लंच टाइम के बाद उनसे मिलने पहुंच गया।
‘कैसे हो प्रोफेसर? देखो मैं आ गया।’ – जेविस बेतकल्लुफी से पास ही रखी कुर्सी पर बैठ गया।
‘तुम चाहते क्या हो, क्यों मिलना है तुम्हें भैरवी से?’
‘तुम्हारा बहुत नाम है रोबोटिक दुनिया में, बस तुम्हारे काम की झलक देखने की अभिलाषा है।’
‘तुम झूठ बोल रहे हो, तुम्हारा प्रयोजन कुछ और है। एक अदना से रोबोट के लिए तुम मुझे समय–यात्रा पर नहीं ले जाते। पहले तुम अपना सही–सही परिचय दो, इसके बाद ही मैं निर्णय लूंगा कि तुम्हें भैरवी से मिलवाना है या नहीं।’
‘मेरा नाम जेविस है, जो तुम जानते हो प्रोफेसर। यदि तुम्हारा रोबोट सच में अदना सा है तो तुम इतनी सीक्रेसी क्यों बरत रहे हो, मिलवा दो मुझसे’ –जेविस के स्वर में तल्खी के साथ व्यंग्य का लहजा भी था।
प्रो. निरंजन को लगा कि वह अपनी कही बात में फंस गए हैं, उनकी इसी सतर्कता ने जेविस के मन में जरूरत से ज्यादा जिज्ञासा पैदा कर दी है। जेविस ने यदि उनके साथ कुछ अनहोना कर दिया तो यह प्रोजेक्ट अधूरा ही रह जाएगा। उनकी टीम में भी कोई भैरवी की संपूर्ण क्षमताओं के बारे में नहीं जानता। अब उसने प्रोजेक्ट के बारे में और सतर्कता बरती तो जेविस का शक बढ़ जाएगा। यह प्रोजेक्ट अपने अंजाम तक पहुंचे, इसके लिए जेविस को भैरवी से एक बार मिलवाने का चांस लिया जा सकता है।
‘ठीक है जेविस, मैं तुम्हें भैरवी से मिलवाता हूँ, लेकिन तुम उससे अधिक प्रश्न पूछकर परेशान नहीं करोगे’ – प्रो. निरंजन कुछ सोचते हुए बोले।
‘रोबोट और परेशान!’ -जेविस मन में ही बुदबुदाया – ‘ठीक है, तीन से ज्यादा प्रश्न नहीं पूछूंगा।’
भैरवी को देखकर जेविस मंत्रमुग्ध हो गया। कुछ देर तक अपलक वह उसके ऊपरी रूप और साज-सज्जा को देखता रहा। एक नजर उसने अपने ऊपर भी डाली और फिर कुछ सोचते हुए बोला- ‘तुम अप्रतिम हो भैरवी, तुम्हारा अभिनंदन।’
‘शुक्रिया जेविस, आपकी तारीफ अभिभूत करने वाली है’ – भैरवी ने गर्मजोशी से उत्तर दिया।
‘क्या तुम मेरे प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार हो?’ जेविस ने कहा और कुछ क्षण इंतजार करने के बाद बोला – ‘एक पश्चिम एशियाई देश में यूरेनियम का भंडार मिला है, उसने उसे कहां छुपाकर रखा है… हाइपर सेंसेटिव सैटेलाइट इमेजेज का एनालिसिस क्या कहता है इस बारे में? उसकी सुरक्षा की कैसी व्यवस्था है उस देश में?’
‘मुझे नहीं पता’ – भैरवी ने संक्षिप्त उत्तर दिया।
‘लेकिन तुम्हें इतना तो पता ही होगा कि तुम्हारे उत्तर न देने से प्रोफेसर निरंजन की जान को भी खतरा हो सकता है?’
‘तुम्हें गलतफहमी है जेविस, दुनिया में ऐसा कोई भी रोबोट नहीं है जो मेरे सामने प्रोफेसर साब को नुकसान पहुंचा सके’ – कहते हुए भैरवी ने बिजली की फूर्ति से जेविस को दबोच कर उसके गले पर लगी लीथियम माइक्रो बैटरी को निकाल फेंका।
‘भैरवी, क्या है यह?’
‘रोबोट…!’
‘क्या जेविस रोबोट है?’ – प्रो. निरंजन विस्मय से कभी भैरवी को तो कभी जमीन पर पड़े जेविस को देख रहे थे।
‘आप देख ही रहे हैं। जेविस को खुफिया जानकारी हासिल करने के लिए एक तानाशाह देश के शासक ने डिजाइन कराया है, जो दुनिया पर शासन करने के सपने देख रहा है।’
‘यह अविश्वसनीय है भैरवी। मैं तो जेविस को बहुत करिश्माई व्यक्ति समझता रहा, उसने तो मुझे अतीत की यात्रा भी कराई है।’
‘आप भी ऐसा धोखा खा जाएंगे, उम्मीद नहीं थी। समय-यात्रा महज कल्पना है’ भैरवी बोला – ‘जेविस ने आपको बेवकूफ बनाया है, उसने आपको एक ऐसे यान में बैठाकर यात्रा कराई है जो अपनी जगह से हिला भी नहीं .. तीव्र बाइब्रेशन और सेवेन-डी मायाजाल में आपके मन को उलझाकर उसने यह प्रपंच किया था।’
भैरवी की बात सुनकर प्रो. निरंजन किंकर्तव्यविमूढ़ स्थिति में आ गए। भैरवी की ओर अचरज से देखते हुए बोले – ‘यह क्या कह रहे हो तुम?’
‘जेविस एक राक्षसी रोबोट है, उसके आका दुनिया को नष्ट करना चाहते हैं।’
प्रो. निरंजन के चेहरे पर असमंजस और चिंता की लकीरें गहराने लगीं – जेविस जब उन्हें इतनी आसानी से इतना बड़ा धोखा दे सकता है तो जेविस के आका तो पता नहीं क्या-क्या कर सकते हैं। जेविस सरीखे पता नहीं कितने रोबोट होंगे उनके पास? एक तानाशाह की सनक पूरी दुनिया को तबाही की कगार पर ले जाकर खड़ा कर सकती है। जिस रोबोट को उन्होंने दुनिया में अमन की खातिर तैयार किया है, यदि उसका नियंत्रण उस तानाशाह के हाथ में चला गया, तो? यह सब सोचकर पसीने-पसीने हो गए प्रो. निरंजन।
‘भैरवी, तुम्हीं इस समस्या का कोई हल सुझा सकते हो… मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा है।’
‘मैंने पहले परीक्षण वाले दिन ही आपको सचेत किया था कि आप बहुत बड़ी परेशानी में घिरने वाले हो। इस दुनिया में शैतानी ताकतें लगातार बढ़ रही हैं। वे किसी को चैन से जीने नहीं देंगी.. आगे मुझे हथियाने के और भी प्रयास होंगे।’
प्रो. निरंजन चिंतित हो गए। उनके चेहरे पर पसीने आ गए, ‘तुम सही कह रहे हो…। सॉरी भैरवी, तुम्हारी जरूरत अभी इस दुनिया को नहीं है। तुम्हारा यहां रहना उचित नहीं है… तुम्हें भी जेविस के साथ जाना होगा। मैं तुम्हें दुनिया के अंत का कारण नहीं बना सकता। दुनिया इतनी खराब है, मुझे पता नहीं था। पवित्र उद्देश्य के साथ काम करना भी खतरनाक हो सकता है, मैं नहीं जानता था। अलविदा मेरे बच्चे … मुझे माफ करना।’
इसके बाद प्रो. निरंजन घंटों सुबकते रहे। जब वह लैब से बाहर निकले, उस समय वह बहुत निर्बल और हताश लग रहे थे। उनके पैरों में जैसे जान ही शेष नहीं थी।
संपर्क : डी 1/35 दानिश नगर, होशंगाबाद रोड, भोपाल (म.प्र.) 462026 मो. 9893007744


