कविता, ग़ज़ल, पत्रकारिता, कहानी सहित कई विधाओं में पुस्तकें प्रकाशित। आठ वृत्तचित्रों में संवाद लेखन एवं पार्श्व स्वर, सामाजिक सरोकारों पर कई पुस्तकों का संपादन एवं लेखन। महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर लेखन। आठ वर्षों तक पत्रकारिता के बाद अब शासकीय सेवा में।

 

 

घर से पचास कदम की दूरी पर मस्जिद के सामने कभी उसे इस तरह लेटा रहना पड़ेगा, इसकी कल्पना उसने शायद कभी नहीं की होगी। कभी उसकी ऐसी इच्छा भी नहीं थी। वह तो जीते जी इस मस्जिद में कभी नहीं गया। अंदर जाना तो छोड़िए, इस मस्जिद के सामने कभी बैठा भी नहीं। इधर से जब भी गुज़रता, मुस्कुराता हुआ गुज़रता। मस्जिद से बाहर आते लोगों के चेहरे पढ़ता और फिर ज़ोर का ठहाका लगाता। यह उसका रोज़ का शगल था। उसे शायद इसमें मज़ा आता होगा। हो सकता है यह उसकी फ़ितरत में शामिल रहा हो। कहते हैं न, आदत को तो बदला जा सकता है लेकिन फ़ितरत को नहीं बदला जा सकता।  तो, यह फ़ितरत उसकी यूं ही बदस्तूर जारी रही।

इस इलाके के लोग उसकी बातों पर ग़ौर नहीं करते। वह लोगों से ज़्यादा बात भी नहीं करता, लेकिन उनके आचरण पर तंज़ ज़रूर करता। कभी मस्जिद में पांचों वक़्त की नमाज़ पढ़ने वालों पर उंगलियां उठाता। कभी उनकी नेकनीयत पर व्यंग्य करते हुए तस्लीम करता। जब मूड में होता तो मस्जिद से बाहर निकलते नमाज़ियों से पूछता, ‘अपने गुनाह कुबूल कर आए कि नहीं?’ या कहता ‘अल्लाहताला को फिर से बरगला आए? कह आए ख़ुदा से कि हम नहीं सुधरने वाले। वही सबकुछ करेंगे जो तुमने न करने का हुक़्म दिया है। अपनी ख्वाहिशों की गठरी को एक कोने में रख फिर आ जाएंगे कुछ घंटों बाद यही सब दोहराने? वुज़ू करेंगे मगर मन के मैल को कभी कम नहीं होने देंगे।’

कट्टर किस्म के लोगों के गले कभी उसका क़िरदार नहीं उतरा। उतरता भी कैसे? उसके हाव-भाव, रहन-सहन बिलकुल फक्कड़ जैसे ही थे। वैसे वह कोई फ़कीर नहीं था। अच्छा-भला गृहस्थ। घर-परिवार वाला इंसान। ख़ुदा का शुक्र था कि वह मुसलमान ही था। अगर ऐसा न होता तो ग़ज़ब हो जाता। पंचवक्ता नमाज़ियों को इतना खरा कोई और कह दे, यह मुमकिन ही नहीं। जिस मुहल्ले में वह रहता था वह मुस्लिम बहुल इलाका ही था। इस मुहल्ले के दोनों ओर हिंदू बहुल क्षेत्र थे। मोहर्रम पर निकलने वाले ताज़िए और गणेश उत्सव पर निकलने वाली सवारी के लिए हर बार जहां विवाद की स्थिति निर्मित होती थी, यह वही इलाका था। ऐसे इलाके में इस तरह की बात करना किसी बड़े विवाद का कारण बन सकता था लेकिन लोग उसकी आदत से वाकिफ़ थे। वे उसे सुनकर भी अनसुना कर देते।

इस इलाके में निसार ख़ान के नाम से उसे जाना जाता था। उसका पैदाइशी नाम था भी यही लेकिन वह निसार ‘निर्भीक’ कहलाना पसंद करता था। यानी उसका तख़ल्लुस ‘निर्भीक’ था। अपने तख़ल्लुस के अनुसार ही वह निडर और निर्भीक ही रहा। सरकारी स्कूल में उर्दू शिक्षक की नौकरी की तो वह भी पूरी निडरता के साथ। बच्चों को कुरान की खूबियां बताते-बताते गीता के श्लोकों की व्याख्या समझाने लगता। पालकों ने बच्चों से ऐसी जानकारी मिलने पर उसकी शिकायत की। विभाग की ओर से उसे कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। उसने किसी नोटिस का जवाब नहीं दिया। विभाग ने उसे निलंबित कर दिया। वो तो गनीमत रही कि रिटायरमेंट की उम्र आते-आते बमुश्किल बहाली हो सकी।

इतना सबकुछ होने के बावजूद उसकी फ़ितरत नहीं गई। वह वैसा का वैसा ही रहा। इस चक्कर में एक फ़ायदा तो यह हुआ कि उसने जो कुछ भी इल्म हासिल किया था, उसे कई नस्लों तक पहुंचाया। इससे और कुछ हुआ न हुआ हो मगर उसने लोगों की मालूमात में इज़ाफ़ा तो किया।

अपनी बेबाक बयानी को लेकर वह अपने सहकर्मियों के बीच भी चर्चा में रहता। कट्टर किस्म के लोग उसके निशाने पर रहते और वह ऐसे लोगों को अपने निशाने पर रखता। कोई उससे उलझ जाता तो उसे बेलिबास कर देता, यह शे’र पढ़ते हुए,

‘मेरी नज़र मुख़ातिब से बात करते हुए,
तमाम जिस्म से कपड़े उतार लेती है।’

अब आप इतना तो समझ गए होंगे कि उसका तअल्लुक शे’र-ओ-शायरी से भी था। अमूमन कवि, शायर होना ही हर दौर में बड़ा गुनाह रहा है और फिर ऐसा कवि जो मज़हब को न माने, उसे अपने तरीके से समझे और उसी तरह लोगों को भी समझाने की कोशिश करे तो ऐसा कवि किसी के गले नहीं उतरता। मज़हबी लोग उसे काफ़िर कहने से भी नहीं चूकते। वह फिरकापरस्त लोगों को चिढ़ाते हुए ग़ालिब को पढ़ता,

‘ज़हिद शराब पीने दे मस्जिद में बैठकर,
या वो जगह बता दे जहां पर ख़ुदा न हो।’

नासमझ उसे कभी समझने की कोशिश नहीं करते। यहां तक कि उसके घर-परिवार वाले भी उसकी बातों को महत्व नहीं दिया करते, उल्टा उसे गरियाते रहते। उसकी खरी-खरी बातों से तिलमिलाए लोग घरवालों से उलझते और घरवाले उसकी ख़बर लेते। उस पर इसका कोई असर नहीं होता।

एक फनकार को किसी से कोई उम्मीद भी नहीं रहती है। अक्सर अदब की ख़िदमत करने वालों की स़िर्फ पुश्तैनी विरासत उनके घर परिवार वाले अपने कब्ज़े में लिया करते हैं और उसकी कलम के ख़ज़ाने को लावारिस हालत में छोड़ दिया करते हैं। बाद में ज़माना ही उसकी सुध लेता है। ‘जीते जी भला कौन कद्र करता है,  यहां तो मरने के बाद ही बड़ी-बड़ी तस्वीरें लगाई जाती हैं।’ ऐसा कहते हुए वह ज़ोरदार ठहाका लगाता।

निसार के साथ जीवन भर जो कुछ हुआ वह उसे हँसकर सहता रहा। उन लोगों पर तंज़ ज़रूर करता रहा जो ग़लतफ़हमी के शिकार थे। लोगों को धर्म का ध्येय और मज़हब का मर्म समझाने और इनका सही अर्थ बताने की कोशिश मरते दम तक करता रहा। लोगों को उसे नहीं मानना था तो उसकी बात को किसी ने नहीं माना, मगर निसार कभी हारा नहीं, टूटा नहीं, दुखी नहीं हुआ और अपनी वैचारिकता से कभी उसने मुंह नहीं मोड़ा।

यह और बात कि लोगों ने उसे हमेशा शक की नज़रों से देखा। ज़ाहिर-सी बात है कि आज के दौर में अगर कोई मज़हबी मसअलों को उसके असली स्वरूप में सामने रखे तो शायद धर्म के ठेकेदारों को वह ठीक नहीं लगे, यही कारण था कि निसार को कभी लोगों ने गंभीरता से लिया ही नहीं। इल्म और इबादत की बात अगर कोई निसार के मुंह से सुनता तो दांतों तले उंगली दबा लेता। वह कहता, ‘इल्म इंसान को ईमान सिखाता है और इबादत इंसान के भीतर इंसानियत पैदा करती है।’ इसी बात को लेकर वह अक्सर लोगों से उलझता, उन्हें यह मानने के लिए मजबूर करता कि इबादत के नाम पर अवाम में जो कुछ घृणा फैलाई जा रही है, वह सही नहीं है। शायद इसीलिए वह सभी की आंखों में खटकता रहा। वह अक्सर कहता कि जिसका ईमान मुसल्लम है वही तो मुसलमान है। सबकी सलामती की दुआ करना ही इस्लाम का मर्म है।

लोग उसकी बात को इस कान से सुनकर उस कान से निकालने की कोशिश ज़रूर करते मगर उसकी बातें दोनों कानों के बीच कहीं ऐसी उलझती कि बार-बार झकझोरती रहती। सोचने पर मजबूर करती। तालीम और तरबियत को लेकर कोई उसकी तक़रीर सुनता तो ख़ुद शर्मसार हो जाता। वो मिसालें भी पुख़्ता देता और नसीहतें भी। उसे स़िर्फ अज्ञानी या कमअक्ल मानकर ख़ारिज भी नहीं किया जा सकता था। वह हाफ़िज़ था। उसने ़कुरआन के पारों को हिज़्ब कर रखा था। श्रीमद्भागवत गीता के श्लोकों की व्याख्या अगर कोई उसके मुंह से सुनता तो उसे किसी बड़े पंडित की उपाधि से नवाज़ता। गीता के अठारह अध्याय उसकी ज़ुबान पर थे। ईसा मसीह की सीख और महावीर के जीवन दर्शन को वह इतने सलीके से सबके सामने रखता कि उसे सुनने और समझने वाले कहते कि यह इंसान आख़िर है कौन? पीढ़ियों से सुविधाओं का सुख भोग रहे लोगों को वह यह चुनौती देने से बाज़ नहीं आता कि कभी दलित विमर्श पर उससे भी बात तो करो। मगर कोई उसके सामने नहीं आता। सुख, सुविधा और संपन्नता भोगने वाले लोग अपने विचारों की रक्षा कहां कर पाते हैं?

वह ज्ञानी तो था ही फितरती भी था। उसे कट्टर किस्म के लोगों को चिढ़ाने में मज़ा आता था। दरअसल वह चाहता था कि लोग मज़हब के महत्व को समझें। लोग चाहते थे कि मज़हब को बग़ैर समझे उसे आडंबर के लबादे में लपेटकर लोगों को बरगलाया जाए। बस यही बात उसे गले नहीं उतरती थी। वह अक्सर ऐसे कट्टर लोगों को अपने शब्दों से घायल करता रहता था। धर्मांध लोगों को छकाने में उसे मज़ा आता था। मस्जिद के सामने से गुज़रता तो भगवा वस्त्र पहनकर और गीता के श्लोक ज़ोर से बोलता। लोगों को समझाया करता कि इस दिखावे से कुछ नहीं होगा, जब तक तुम अपने भीतर के पाप को अल्लाह के हवाले नहीं करते। उसका रवैया स़िर्फ मुसलमानों के प्रति ऐसा रहा हो, ऐसा नहीं था। वह हिंदुओं को भी खरी-खरी सुनाने से नहीं चूकता। खुद चोले बदलकर चोले बदलने वाले लोगों पर फब्तियां कसता। धर्म रक्षा के नाम पर उन्माद करने वाले उसकी नज़र से नहीं बचते। धर्म के नाम पर जगह-जगह सड़क रोकने वाले और प्रदर्शन करने वाले लोगों को वह कहता,  ’यह धर्म नहीं अधर्म है। जिस जगह तुम नहीं बैठ सकते वहां अपने भगवान को बैठाते हो? बैठाने के बाद उनकी कभी ख़बर नहीं लेते। इससे तो अच्छा है किसी पवित्र जगह उन्हें स्थापित करो।’

ऐसा ही अधर्म कर अपने अतिक्रमण को बचाने वाले लोगों पर वह तंज़ करता। कहता, ‘धर्म करना है तो अपने घर में करो। ईश्वर तभी खुश होगा जब तुम अपने घर में उसे स्थापित करोगे। दिल में स्थापित करोगे। सड़क पर ऐसे स्थापित कर उसके नाम पर अधर्म क्यों करते हो?’  वह अक्सर लोगों से इस तरह की ही बातें किया करता। समझदार लोगों को उसकी बातें ग़लत नहीं लगती। लेकिन वे उसकी तरफदारी नहीं जानते, क्योंकि वह इन समझदारों को भी कहां बख़्शता? ऐसे लोग जहां मिलते, वह उनकी भी जमकर ख़बर लेता। कहता, ‘जब ग़लत बात है और उसे महसूस भी कर रहे हो तो रोकते क्यों नहीं? सड़कों पर ऐसे अधर्म करने से कितनी तकलीफ़ होती है। प्रवचन के पंडाल सड़क पर बनने से जितना धर्म लाभ सुनने वालों को नहीं होता, उससे अधिक पीड़ा उस मार्ग से गुज़रने वाले लोगों को होती है। ‘परहित सरिस धर्म नहिं भाई, पर पीड़ सम नहिं अधमाई।’ हम तो दूसरों को पीड़ा पहुंचा कर उसे धर्म कह रहे हैं? यह कितना जायज़ है?’

दर्शन के नाम पर प्रदर्शन करने वालों को वह आड़े हाथों लिया करता। कबीर को उद्धृत करता,

माला फेरत जुग गया, मिटा न मन का फेर,
कर का मनका डारि दे, मन का मनका फेर।

इस सबके बावज़ूद निसार ने कभी किसी की आस्था को चोट नहीं पहुंचाई। सबकी आस्थाओं का सम्मान किया। जहां उसे लगा कि आस्था शोशेबाज़ी में तब्दील हो रही है, वही उसने प्रतिकार किया। वह कहता, ‘सबका अपना धर्म है और उसे मानने का सभी को अधिकार है, लेकिन धर्म के नाम पर अधर्म तो नहीं होना चाहिए। मज़हब की आड़ में अपने मतलब निकालने वालों से उसे सख़्त नफ़रत थी।

आश्चर्य इस बात का था कि इतना तीखा बोलने के बाद भी कोई उससे कभी उलझता नहीं। कोई हमदर्द समझाता भी कि इतना खरा-खरा क्यूं बोलते हो? कोई बुरा-भला कह देगा।

वह कहता, ये गिंडोले हैं। दो मुंहे। सबकी जय-जयकार करते हैं। अपने भीतर जो है वह कभी बाहर नहीं लाते। अपने फायदे के लिए किधर भी चल पड़ते हैं। इन लोगों में इतनी ग़ैरत ही नहीं है कि ये मुझसे उलझ जाएं। ऐसे लोगों ने ही हमारी साझी विरासत को नेस्तनाबूद कर दिया है।

उसका क़िरदार बड़ा अजब था, मगर था बड़ा मानीखेज़। निसार की इन हरकतों को सुनकर शायद आप उसे कोई मसखरा इंसान समझ रहे होंगे, मगर आपको जानकर आश्चर्य होगा कि वह अदबी नशिस्तों में पूरे सलीके से शामिल होने वाला इंसान रहा। कभी वह फैज़ को याद करता, ‘ये दाग़ दाग़ उजाला, ये शब ग़ज़ीदा सहर…’, तो कभी निराला की ‘वह तोड़ती पत्थर’ को गुनगुनाता रहता। ‘राम की शक्ति पूजा’ को उसके मुख से सुनने का सुख अलग ही था। मुक्तिबोध की ‘अंधेरे में’ की व्याख्या ऐसे करता कि सब दंग रह जाते।  ऐसा लगता था कि उसने सूर के पद उसी तरह पढ़े हैं जैसे साहिर की मायारी नज़्मों को। मुंशी प्रेमचंद की ‘सवा सेर गेहूं’ हो या मंटो की ‘दो क़ौमें’, सभी कुछ उसके भीतर जज़्ब था।

कोई इंसान इतना पढ़ सकता है? यह जानकर आश्चर्य भी होता। फिर यह भी लगता कि कोई कितना ही पढ़े इससे महत्वपूर्ण यह है कि उसने जो कुछ पढ़ा है उसे वह कितना याद रखता है और लोगों तक कैसे पहुंचाता है। इस लिहाज़ से निसार का कोई मुक़ाबला नहीं था। वह ज़ुबान भी लड़ाता तो इल्मोफन के साथ। उसके पास अपने जज़्बात को पेश करने का सलीक़ा था। उसमें सलासत थी, नफ़ासत थी, उसकी बातों में नफ़ासत भी थी। एक तहदारी उसकी बातों में नज़र आती थी।

जनाज़े के भीतर लेटा निसार अगर इस वक़्त कुछ सोच पाता तो शायद यही सोचता कि जिन लोगों को वह उम्र भर समझाता रहा, आज आखरी वक़्त उन्हीं की नासमझी का शिकार हो रहा है। उसे ग़ालिब याद आ रहे होते –

हुए मर के हम जो रुस्वा, हुए क्यूं न ग़र्क़-ए-दरिया,
न कभी जनाज़ा उठता, न कहीं मज़ार होता।

मस्जिद के सामने निसार ‘निर्भीक’ का जनाज़ा रखा हुआ था। आखिरी नमाज़ का वक़्त आ चुका था। मुस्लिम परिवार में पैदा होते ही किसी इंसान की ज़िंदगी अज़ान से नमाज़ तक के वक़्फे में ़कैद हो जाती है। बच्चे के जन्म लेते ही उसके कान में अज़ान फूंकी जाती है और आखिरी वक़्त जनाज़े की नमाज़ होती है। बस इन दो सिलसिलों के बीच की ज़िंदगी से ही तय हो जाता है कि उम्र भर इसने इस्लाम की सोहबत अख़्तियार की है। निसार भी जब पैदा हुआ होगा तब उसके कान में अज़ान फूंकी गई होगी। अगरचे उसके वालिद भी कोई तरक्कीपसंद इंसान रहे होते तो वे भी कह देते कि इसके कान में अज़ान के बजाय कम्युनिस्ट पार्टी का मैनिफेस्टो फूंक दो। मगर शायद ऐसा नहीं हुआ होगा। अगर हुआ भी हो तो किसे ख़बर। निसार की पूरी ज़िंदगी तो किसी कम्युनिस्ट की भांति ही गुज़री। मगर इस वक़्त उसकी आखिरी नमाज़ में कई सारी अड़चनें आ चुकी थीं।

एक तो उसके जनाज़े में बहुत कम लोग शामिल थे। ज़ाहिर सी बात थी कि जो इंसान उठते-बैठते, घूमते-फिरते लोगों को मज़हब और दिखावे को लेकर तंज़ करता रहा हो उसके प्रति कौन हमदर्दी रखता?  वैसे भी निसार तो सबकी नज़रों में काफ़िर था। अमूमन इस मुहल्ले में जब कभी कोई जनाज़ा गुज़रता तो वहां मौजूद हर इंसान उसमें शरीक होता। जनाज़े को अपना कांधा भी लगाता। ज़ाहिर-सी बात थी, जो चला गया है, उससे क्या बैर!  वह कौन था, कैसा था, इस बात को क्यों सोचा जाए? उसे ठीक से विदा किया जाए।

मगर निसार के मामले में यह सोच न जाने कैसे बदल गई थी। ऐसा लगता था जैसे सभी ने यह फैसला ले लिया था कि इसकी मय्यत में शामिल होने का कोई सवाल ही नहीं। लिहाज़ा घरवालों के अलावा वही लोग उसकी अंतिम यात्रा में शामिल थे जो वैचारिक रूप से स्वतंत्र थे। किसी न किसी दायरे में कैद इंसान तो वैसे ही निर्भीक के सामने आ ही नहीं सकता था।

फ़िलहाल, निसार का जनाज़ा आख़िरी नमाज़ के लिए मस्जिद के बाहर रखा हुआ था। मौलवी साहब को इत्तिला कर दी गई थी। कुछ देर तक जनाज़ा यूं ही रखा रहा। मौलवी साहब अमूमन आख़िरी नमाज़ के लिए तत्काल मस्जिद के बाहर हाज़िर होकर नमाज़ पढ़ दिया करते हैं मगर आज न जाने क्यों इतनी देर हो रही थी। आसपास खड़े चंद लोगों में खुसुर-फुसुर होने लगी। कुछ ने भीतर जाकर यह पता करने की कोशिश की कि आख़िर मौलवी साहब को बाहर आने में इतनी देरी क्यों हो रही है? बाहर आकर उन्हीं लोगों ने बताया कि मौलवी साहब नमाज़ पढ़ने से इनकार कर रहे हैं।

यह लोगों के लिए हैरत की बात थी। आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ कि आख़िरी नमाज़ के लिए रखे गए जनाज़े के सामने नमाज़ पढ़ने से किसी मौलवी ने इनकार किया हो। पता नहीं आज मौलवी साहब को क्या हो गया था जो नमाज़ नहीं पढ़ रहे थे।

हक़ीक़त से रूबरू होने की गरज़ से कुछ लोग फिर से मस्जिद के भीतर गए और वहां हो रही बातों को सुना। बाहर आकर उन्हीं ने बताया कि मौलवी साहब का यह कहना है कि यह इंसान ख़ुदा के हुक्म की तामील करने वाला नहीं था। इसने हमेशा अल्लाह के बंदों को भला-बुरा कहा। यहां तक कि यह ग़ैर मज़हबी लबों लहजे में रहने वाला इंसान था। ऐसे इंसान की आख़िरी नमाज़ पढ़कर मैं अपने दामन पर दाग़ नहीं लगाना चाहता। आख़िर मुझे भी अल्लाह को जवाब देना है। अल्लाह को ख़ुद जवाब देने की बात करने वाले मौलवी साहब इस वक़्त अल्लाह की ही उस बात को नज़रअंदाज़ कर रहे थे जिसमें एक इंसान की मौत पर आखिरी नमाज़ ज़रूरी कही गई है।

‘बड़ी अजीब बात है। एक आदमी का जनाज़ा पड़ा है और आप हैं कि आख़िरी नमाज़ पढ़ने से इंकार कर रहे हैं।’ निसार के जनाज़े में शामिल एक ज़हीन इंसान ने मौलवी साहब से सवाल किया। ‘आप जानते हैं यह आपका फ़र्ज़ है। मरने वाला इंसान कैसा था। उसने अपनी ज़िंदगी में क्या किया, क्या नहीं किया। कितना ग़लत किया, कितना सही किया। उसने अल्लाह की राह पर चलने या न चलने में से किसे चुना। उसकी नज़रों में कौन सही रहा, कौन ग़लत रहा। उसने किस को भला-बुरा कहा। इसका फैसला करने वाला तो ख़ुद अल्लाह है। आप यहां उसके लबोलहजे, उसकी बातों, उसके पहनावे और उसके रहन-सहन को देखकर ही यह फैसला कैसे ले सकते हैं? मुआफ़ कीजिए मौलवी साहब, मगर ऐसा कर आप अल्लाह के हुक्म की नाफ़रमानी कर रहे हैं।’

मौलवी साहब के सामने ऐसी बात आज तक किसी ने नहीं की थी। वे हैरान थे कि उनके बीच रहने वाला ही कोई आदमी उनसे इस तरह भी पेश आ सकता है। वे कहने लगे, ‘आपकी बातें जायज़ हो सकती हैं, मगर मेरा दिल इस बात की गवाही नहीं देता कि मैं कोई ऐसा काम करूं जो ठीक नहीं है।’

‘आपने यह कैसे तय कर लिया कि जो आपका दिल कह रहा है, वही ठीक है? आप हर बात को अपने नज़रिए से क्यों देखते हैं? आप यहां अल्लाह के बंदे हैं। अल्लाह ने जो हुक़्म दिया है, उसकी तामील करना, लोगों को नेकियों के रास्ते पर चलने की तालीम देना आपका फर्ज़ है। आप ही ऐसा करेंगे तो आपसे आम इंसान क्या सीखेगा भला!’

इस मस्जिद में मौलवी साहब को पंद्रह साल हो चुके थे। आज तक उनके सामने ऐसी पसोपेश की स्थिति नहीं आई थी। निसार से भी कभी उनका कोई सामना नहीं हुआ। दोनों के रास्ते ही अलग थे। एक की राह बंद आंखों से मज़हब का अनुसरण करने की, दूसरे की राह मज़हब को समझ कर बंद आंखें खोलने की।

मौलवी साहब मस्जिद में ही रहते और निसार कभी मस्जिद में गया ही नहीं। ऐसा कहा जाता है कि कोई मुसलमान हर रोज पांच वक़्त की नमाज़ न पढ़े मगर जुम्मे की नमाज़ ज़रूर पढ़ता है। जो जुम्मे की नमाज़ भी न पढ़ पाए, वह ईद की नमाज़ पढ़ ही लेता है, लेकिन निसार तो निसार ही था। उसने आज तक ईद की नमाज़ भी कभी नहीं पढ़ी। घरवाले लाख मिन्नतें करते तो वह इधर-उधर हो जाता। ईद के दिन नमाज़ के वक़्त उसे जबरन घर से भेजते। वह घर से निकलता ज़रूर लेकिन इस तरह निकलता कि जब लोग नमाज़ पढ़कर बाहर निकल रहे होते। वह बाहर निकलते लोगों से गले मिल लेता और मुबारकबाद देने लगता। जब लोग भीतर नमाज़ पढ़ रहे होते तब वह मस्जिद के बाहर इमदाद का इंतज़ार करते लोगों के चेहरे पढ़ता। यहीं बैठकर दुआ करता कि इन ग़रीबों के चेहरे से चिंता की लकीरें मिट जाएं। इन्हें दो वक़्त की रोटी मिल जाए। इन्हें सर छुपाने के लिए आशियाना नसीब हो। निसार की यही नमाज़ थी, यही इबादत।

मोहल्ले वालों की नज़र में उसकी इस इबादत के कोई मायने नहीं थे। यही कारण था कि आज उसकी आखिरी नमाज़ में इतने लफड़े पड़ रहे थे।

‘उम्र भर जो नमाज़ नहीं पढ़े, उसकी आखिरी नमाज न भी पढ़ी जाए तो क्या है?’ मौलवी साहब ने ऐसा कह तो दिया, लेकिन वे अपने ही कहे हुए पर सामने खड़े शख़्स की नज़रों में गिर गए।

‘आपको ऐसी बात शोभा नहीं देती मौलवी साहब’, यह कहते हुए उस शख़्स ने मौलवी साहब को आईना दिखा दिया। कहने लगा, ‘दिन -रात नमाज़ पढ़ने वाले अपनी ज़ाती ज़िंदगी में क्या-क्या गुल खिलाते हैं, आपको ख़बर है इसकी? उनका हिसाब-किताब तो कभी नहीं रखते? जो इंसान खरी-खरी कहता रहा, उसमें सौ ऐब ढूंढ़ रहे हैं, वह भी उसके मरने के बाद। अगर ऐसा ही था तो जीते जी उसके मुंह पर कहते। हो सकता था आपके बोलने से ही यह आदमी आपकी तरह हो जाता।’

हम भी अजीब हैं। जीते जी न तो किसी इंसान की क़द्र करते हैं और न ही कभी उसे समझने या समझाने की कोशिश करते हैं। मरने के बाद वह सबकुछ करते हैं जो उसके जीते जी किया जाना चाहिए। जीते जी कभी किसी की क़द्र की गई हो यह अपने तो देखने में नहीं आता और मरने के बाद किसी में कोई खूबी या कमी न ढूंढी गई हो यह भी नहीं देखा गया।

निसार तो अक्सर कहता भी था कि जिंदा लोगों के सामने बोलने की जिनकी हिम्मत नहीं होती वे मरने के बाद उनपर ऐसी तक़रीर करते हैं जैसे जीवन भर उन्हें समझते ही रहे हों। हमने जीते जी कबीर को नहीं समझा। ग़ालिब को नहीं समझा। मीर और तुलसी को नहीं समझा और अब उनकी कही हुई बातों में तरह-तरह के ऐब निकालकर उन्हें कटघरे में खड़ा किया करते हैं। कभी किसी को इंसानियत का दुश्मन निरूपित करते हैं। कभी किसी को शूद्र और नारियों के ख़िलाफ़ बताते हैं। कभी किसी को आडंबरों में जकड़ने की कोशिश करते हैं। किसी को क्लिष्ट बताते हैं तो किसी को ज़रूरत से ज़्यादा आसान। अदबी सलीके से जुदा। अजीब है हमारा चरित्र!

निसार के साथ भी आज मरने के बाद यही हो रहा था। जीते जी उसके सामने बोलने की जिनकी हिम्मत नहीं हुई वे ही आज उसकी मौत पर इस तरह उंगली उठा रहे थे, जैसे वह इंसान ही नहीं था। यह अलग बात है कि उसका अपना अंदाज़ था, उसकी अपनी सोच थी, उसके अपने ख़याल थे, लेकिन मरने के बाद उसे एक इंसान की तरह क्यों नहीं समझा जा रहा इसका दर्द शायद इस वक़्त निसार भी महसूस कर रहा था। उसे मीर याद आ रहे होंगे,

सद कारवाँ वफ़ा है कोई पूछता नहीं,
गोया मता-ए-दिल के ख़रीदार मर गए।

ख़ुद पर उंगली उठते देख मौलवी साहब थोड़े विचलित हुए, मगर फिर भी वे अपने फैसले को बदलने के लिए राज़ी नहीं थे। कहने लगे, ‘जिस इंसान ने दीन को कभी माना ही नहीं, कभी नमाज़ अदा नहीं की, कभी बिरादरी में बैठा नहीं, ऐसे इंसान को अगर इस्लाम के तौर-तरीकों से दफ़नाया गया तो अल्लाह हमें नहीं बख़्शेगा।’

‘तो चलिए हम इसे आग के हवाले कर देते हैं। एक मुसलमान को श्मशान में ले जाकर जला देते हैं। क्या आपको यह गवारा होगा?’ वह शख़्स बोला।

यह ऐसा सुझाव था जिसकी उम्मीद मौलवी साहब ने कभी की ही नहीं थी। एक मुसलमान को मरने के बाद श्मशान ले जाकर जलाया जाए, यह तो और भी इस्लाम के ख़िलाफ़ होगा। उनके भीतर एक बेचैनी होने लगी। अगर ये सरफिरे लोग ऐसा कुछ कर बैठे तो क्या होगा? जो होगा वो तो ठीक है, मगर उंगलियां तो मुझ पर ही उठेंगी। ज़माना कहेगा, सब लोग तो जाहिल थे, मगर आपको तो अल्लाह के राह पर चलते हुए सबकी रहबरी करनी थी। आपने सबकुछ कैसे होने दिया? उनके भीतर एक द्वंद्व पैदा हो गया था। इतना द्वंद तो निसार के जिंदा रहते भी उनके जीवन में कभी पैदा नहीं हुआ होगा।

उसकी इस बात से मौलवी साहब और घबरा गए। कहने लगे, ‘ऐसा हर्गिज़ न कीजिएगा। वरना भूचाल आ जाएगा। शहर की फिज़ा तो बिगड़ेगी ही, इस्लाम पर भी लोग उंगली उठाएंगे। कहेंगे, कैसे मज़हबी लोग हैं जो अपने इंसान को ही अपना नहीं समझ रहे हैं।’

‘तो फिर आप ही बताइए क्या किया जाए?’ वहां मौजूद एक उम्रदराज़ ने पूछा।

मौलवी साहब के सामने मुश्किल की घड़ी थी। ऐसे आदमी के लिए अल्लाह से जन्नत अता करने की दुआ कैसे की जा सकती है जिसने कभी अल्लाह को मानने से ही इनकार किया। पसोपेश में मौलवी साहब को कुछ सूझ नहीं रहा था।

इसी बीच आसपास के दोनों मोहल्लों में यह बात न जाने कैसे पहुंच गई कि इधर एक मुसलमान का इंतकाल हुआ है जिसे दफ़नाने के बजाय जलाने की तैयारी की जा रही है। यह सुनते ही उधर से रेंगते हुए कुछ गिंडोले इधर आ पहुंचे। तस्दीक़ करने लगे। इधर-उधर पूछने लगे। किसकी मौत हुई है? जनाज़ा यहां क्यों रखा है? दफ़नाने कौन-से कब्रिस्तान ले जा रहे हैं? ऐसे कई सवाल वे इधर-उधर पूछ रहे थे। किसी को कुछ पता होता तो बताता। सभी अपने सिर हिलाने के अलावा कुछ नहीं कर पा रहे थे। इससे उनका शक और बढ़ने लगा। उन्हें लगा कि हो न हो, यहां कुछ वैसा ही होने वाला है जैसा कि सुना गया। उन्होंने अपने संपर्कों को तेज़ किया। देखते ही देखते पूरी फौज तैयार हो गई।

इस वक़्त अगर निसार कुछ बोल सकता तो इन सबकी लू उतार देता। इतने तंज़ करता कि ये शर्मसार होकर यहां से चले जाते। मगर निसार के जाने के साथ उसका वह रूप भी ग़ायब हो चुका था जो सही को सही कहने से कभी नहीं डरता था।

यहां खड़े कितने ही चेहरों पर इस भीड़ को देखकर एक डर पैदा हो गया था। ये चेहरे सोच रहे थे कि जाने क्या हालात बनेंगे। पहले भी इन मोहल्लों ने बहुत-सी बरबादियां देखी हैं। ज़रा सी ज़िद के काफ़ी गंभीर परिणाम यहां के लोगों ने भुगते हैं। ये चेहरे शायद निसार पढ़ रहा होगा और इन चेहरों पर मौजूद डर को देख हँस भी रहा होगा। मुमकिन है यह भी कह रहा हो कि, जो डर का मुकाबला नहीं करता वह मुर्दा ही होता है।

माहौल बदलते ही भीतर मौलवी साहब तक भी यह ख़बर पहुंची। किसी ने कहा, ‘माहौल ख़राब हो सकता है।’ वक़्त की नज़ाकत को समझते हुए मौलवी साहब ने अपनी ज़िद छोड़ी। जनाज़े की नमाज़ पढ़ने के लिए बाहर निकले। नमाज़ ख़त्म होते ही जनाज़ा उठा। कब्रिस्तान में निसार को सुपुर्द-ए-खाक़ किया गया।

भीड़ बिखरने लगी। दूर जा रहे लोगों के साथ,  जहालतों के अंधेरे और बढ़ते जा रहे थे। धीरे-धीरे बढ़ते अंधेरों ने झिलमिलाती रोशनी को भी अपनी आग़ोश में ले लिया था।

कहने को निसार का किस्सा यहां तमाम होता है। मगर ख़त्म होकर भी रूदादे-निसार कभी ख़त्म होती है भला? यह और फैलती ही जाती है। ज़िंदगी से मौत के बीच हर कहीं कितने ही निसार ऐसे ही पड़े हुए हैं। उनके आसपास ऐसे कितने ही गिंडोले रेंग रहे हैं। जिनकी तादाद दिनोंदिन बढ़ती ही जा रही है। इंसान से इंसान की दूरियों को ये मुसलसल बढ़ा रहे हैं। निसार आज भी कहीं ऐसे ही किसी चौराहे पर लेटा हुआ फिर ग़ालिब को याद कर रहा है,

मरते हैं आरज़ू में मरने की,
मौत आती है पर नहीं आती।

आज भी यह तय नहीं हुआ है कि उसे दफ़नाया जाए या जलाया जाए। उसके आसपास गिंडोलों की भीड़ जमा है, जो कभी अपने एक मुंह से कुछ कहते हैं तो कभी दूसरे मुंह से कुछ। इनकी तादाद बढ़ती ही जा रही है। निसार उनके बीच कहीं पड़ा, हर पल अपनी मुक्ति का इंतज़ार कर रहा है।

संपर्क : 12/2, कोमल नगर, बरबड़ रोड़, रतलाम -457001 (म.प्र.) मो. 9827084966