
युवा कवि। पत्र–पत्रिकाओं और साझा संग्रहों में कविताएं प्रकाशित। आरक्षक, म. प्र. पुलिस।

1
पानी ने सर्वदा भेदा है
पत्थरों को
ताज्जुब कोई पत्थर
नहीं भेद सका
पानी की बूंद को..!
2
किसी-किसी के पास होते हैं
दोनों गुण
किसी का हो जाने अर्थात उसमें समा जाने का
और किसी को अपने में समा लेने का
आत्मसात कर लेने का
दोनों गुण पानी में हैं!
3
अपनी प्यास की परवाह नहीं उसे
सर्वदा पत्थरों की प्यास बुझाया
तभी पत्थर जमे रह गए
और पानी निकल गया
अपनी विराट यात्रा पर!
4
मिलनसारिता
पानी का जन्मजात गुण है
वह बखूबी जानता है
मिलना और मिलाना..!
5
प्रीत का रंग
पानी है
चढ़ेगा तो
संवर जाओगे..!
6
पानी जमकर नमक बना
नमक फिर कभी
पानी न बन सका..!
7
पानी होना आसान है
उससे कहीं आसान है
पानी-पानी होना
पानी होकर बहना
सृष्टि का सबसे कठिन कृत्य है!
संपर्क :ग्राम–पोस्ट : झिरी, छपारा, जिला–सिवनी, मध्य प्रदेश-480887 मो.9406706752
