पत्र–पत्रिकाओं और साझा संग्रहों में कविताएं प्रकाशित।आरक्षक, म. प्र. पुलिस।

गौरैया

1
पहले एक गौरैया होती थी
जब आदमी
आदमी होता था

अब आदमी
आदमी न रहा
तो गौरैया भी
नहीं रही..!

2
मुट्ठी भर कोदमा लेकर
बुलाया करते थे दादा जी उसे
वह फुदक-फुदक कर आ जाया करती थी
लेकर अपना समूह

हमारा आंगन क्रीड़ांगन हो जाया करता था
मैं खूब खेला करता था उनके साथ

जब से गुजरे हैं दादा जी
आती नहीं उदास गौरैया

अब मिलता नहीं उसे मुठ्ठी भर कोदमा
और नारियल की खोपड़ी भर पानी..!

3
बांध निर्माण के कारण
विस्थापित घरों में
एक घर मेरा भी था

मुझे तो सरकारी खजाने से
मुआवजा मिल गया
भूमि आबंटित हुई
और आलीशान घर भी बना लिया मैंने

मेरे घर के छप्पर में
यही कोई चार-पांच गौरैया भी
रहती थी

मेरा घर विस्थापित होने से
उनके घर भी विस्थापित हुए

किंतु उन्हें नहीं मिली अब तक
किसी भी तरह की सरकारी मदद
न छप्पर आबंटित हुई

विस्थापित नहीं
बेघर हो गईं गौरैया..!

यदि युद्ध नहीं रोक पाए

घर टूटा पड़ोसी का
दरक मेरे घर तक
खुद-ब-खुद चलकर आई

मेरे आंगन में
जब खिले मोगरे के फूल
गंध खुद-ब-खुद फैल गई
पूरे मुहल्ले में
मैं रोक न सका खुद तक

आज पड़ोस के युद्ध नहीं रोक पाए हम
तो कल इन्हीं मस्त हवाओं में
लिपटकर आएंगी
बारूद और शवों की बदबू
उसे रोक न पाएंगे हम

कोसेंगी आने वाली पीढ़ियां
यदि रोक न पाए युद्ध हम।

युद्ध की भूख

युद्ध की भूख विकराल
काल से भी महाविकराल

बम के गोले
निगल जाते हैं सब
कहां देखते हैं भला
गुलाबी, काला, पीला या लाल रंग

रक्तपिपासु हो जाती हैं
युद्ध में राइफलें
फिर रहम कहां
क्या बूढ़ा, क्या जवान, क्या बाल

जीवन के मानचित्र में
युद्ध भर देता है
एक ही रंग बदरंग।

संपर्क :ग्राम–पोस्ट : झिरी, छपारा, जिला – सिवनी (मध्य प्रदेश) पिन – ४८०८८७ मो. ९४०६७०६७५२