
कहानी संग्रह ‘अजोर’, 17 कविता संग्रह तथा अंग्रेजी में तीन किताबें प्रकाशित। कई पुस्तकों का संपादन।

जब सब कुछ ठीक था तभी एक दिन एक युवक दौड़ता-हांफता केरलमित्र के समक्ष उपस्थित हुआ।
‘भइया, गजब हो गया।’
‘क्या हुआ?’
‘भइया, राजा ने कल अकारण विशेष प्रेम दिखाते हुए बड़े सम्मान के साथ मुझे बुलाया और सेना में शामिल होने के लिए न्योता दे डाला। उसने कहा कि तुम्हारा विशेष ख्याल रखा जाएगा। तुम्हारे परिवार की सुरक्षा का जिम्मा राजा का होगा। भगवान न करे तुम शहीद हो गए, अगर हो गए तो तुम्हारे परिवार की देख-रेख की पूरी व्यवस्था राजकीय कोष से की जाएगी।’
‘तो तुमने क्या कहा?’
‘मैं क्या कहता, भइया। राजा ने यहां तक कह दिया कि देश के प्रति तुम्हारा कुछ फर्ज बनता है, तभी तो सभी शांतिपूर्वक जीवन-यापन कर सकते हैं। अपनी देशभक्ति साबित करने के लिए सेना में शामिल हो जाओ।’
‘तो तुम अभी देशभक्त नहीं हो?’
‘हूँ क्यों नहीं भइया, यह भी कोई कहने की बात है?’
‘क्या तुम सुखी-संपन्न नहीं हो? अपने जीवन से संतुष्ट नहीं हो?’
‘हूँ न भइया, खेती-बाड़ी अच्छी है। मेरी पत्नी का नि:स्वार्थ प्रेम मिलता है। मैं भी उससे उतना ही प्यार करता हूँ। मेरी छोटी बच्ची उन्नति में सारे मानवीय गुण हैं जो एक संपूर्ण व्यक्ति में होने चाहिए। मेरे माता-पिता मेरे ही नहीं, बल्कि सारे पड़ोसियों एवं अनजान पथिकों के हित में लगे रहते हैं। मैंने तो उन्हें कभी भी गप-शप करते नहीं देखा। मेरे परिवार का हाल-चाल जानने में पड़ोसी भी पीछे नहीं रहते। वे सदा सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। हमारे आपसी संबंधों का कोई मूल्य नहीं चुका सकता। यही तो मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।’
आगे के विचार-विमर्श पर लगभग पूर्णविराम लगाते हुए केरलमित्र ने कहा, ‘तो तुम अब क्या सोचते हो?’
‘अब सोचने के लिए क्या बचा है, भइया। इस संवाद से मेरी आंखें खुल चुकी हैं। किसी की हत्या करने मैं सेना में शामिल होने नहीं जा रहा। अब मैं किसी उधेड़बुन में नहीं हूँ।’
उस दिन चौपाल में उपस्थित सारे लोगों ने विकास के निर्णय की सराहना करते हुए तय किया कि वे भी सेना में सम्मिलित नहीं होंगे। अकारण ही किसी की हत्या मात्र मनोरंजन और अपनी महत्वाकांक्षी की सिद्धि के लिए नहीं करेंगे। उन्हें यह महसूस हुआ कि उनमें किसी प्रकार का लालच नहीं है। उन्होंने जाना कि अपने परिश्रम के कारण वे स्वस्थ और समृद्ध हैं। केरलमित्र ने सबसे गले मिलकर कृतज्ञता ज्ञापित की। साथ ही आत्मविश्लेषण करने की महत्ता रेखांकित करते हुए जागरूक रहने का आहवान भी किया। अपने विवेक का उपयोग करने, किसी लालच में नहीं रहने और हिंसा से विरत रहने के संकल्प के उस अवसर पर समूचे प्रांत के कस्बों, नगरों, पंचायतों और ग्रामों में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। चारों ओर फूलों की बारिश की गई और एक-दूसरे के प्रति कृतज्ञता एवं धन्यता का भाव प्रकट किया गया।
धन्य प्रांत की यह घटना पुराना चावल के औषधि हो जाने में लगने वाले समय से भी पुरानी है। पर अधिकांशत: पाशविक प्रवृतियां, हिंसा और अदमी का स्वार्थ आज भी वही है। बदला कुछ भी नहीं है। उस समय जंबूद्वीप चार खंडों में विभाजित था। चारों खंडों पर एकाधिकार करने वाला राजा चक्रवर्ती सम्राट कहलाता था। उस समय जंबूद्वीप पर दो राजा राज करते थे। वे हमेशा एक-दूसरे को पराजित कर एकाधिकार प्राप्त करने के फिराक में रहा करते थे। महत्वाकांक्षा का यह उपद्रव उन दोनों को लगातार बेचैन किए रहता। अतीत की अपनी पीढ़ियों की गौरव-गाथा का बखान करना उनका शगल था और पहचान भी। उनका भरसक यही प्रयास होता कि जनता उनके स्वर्णिम अतीत की गौरव-गाथा से चकाचौंध होकर इतनी आस्थावान, धर्मपरायण और आज्ञाकारी बन जाए कि अपना विवेक खोकर राजा के लिए बलिदान देने के लिए हमशा तैयार रहे। वैसे भी ऐसे राज्य में जनता के भीतर एकाध विवेकशील व्यक्ति का होना अपवाद माना जाता है। वह राजा के लिए सिरदर्द होने के अलावा कुछ नहीं हो सकता। राजा अपनी सुविधानुसार ऐसे लोगों को हमेशा ठिकाने लगाते चला आया था। इसलिए कोई भी तर्क और सिद्धांत का इस्तेमाल नहीं करता था। साढ़े तीन हाथ की काया को सभी आत्ममुग्ध होकर जी लेते थे।
राजा के राज्य का यह प्रांत धन्य-धान से परिपूर्ण था। उस प्रांत की प्रजा विवेकवान, कुशल और आनंदित थी। सबके दिलों में उमंग और उत्साह का निर्बाध संचार होता रहता था। उस प्रांत की मिट्टी अन्नपूर्णा थी। वनस्पतियां फूल-फलों से लदी रहतीं। समय पर सारी ॠतुओं का आने-जाने का नियत क्रम था। प्रजा परिश्रमी और सम्यक आचरण करने वाली थी। सभी स्वस्थ और प्रसन्न थे। कोई बीमार नहीं रहता था। न तो किसी के पास अतीत का बोझ था, न ही भविष्य की चिंता थी।
धन्य प्रदेश के वासी अपनी सारी समस्याओं के निदान स्वयं कर लिया करते थे। इसके लिए अपने बीच से अपना प्रतिनिधि-नायक चुनते थे। उस समय उनका प्रतिनिधि-नायक केरलमित्र था। केरलमित्र के बारे में कहा जाता था कि वह हमेशा एक कदम आगे की सोचा करता था। उदाहरण के लिए सबके जीवन का सम्मान, एक-दूसरे के प्रति आदर और वर्तमान में जीने की कला सिखाता था। वह निडर, उत्साही और अस्तित्व के प्रति आस्थावान था। उसके समक्ष सभी निडर होकर अपनी समस्याएं रखते और मिलकर समाधान निकालते। समस्याओं के निराकरण के लिए केरलमित्र किसी परंपरा की तलाश नहीं करता। वह अतीत का अतीत ढूंढ़ने की कोशिश नहीं करता। वह जानता था कि दुनिया में सबसे नई चीज सत्य है। सत्य ही हमेशा प्रासांगिक, मूल्यवान और अर्थवान है। वह हमेशा कुछ नया सिखाता और दूसरों को भी नया करने की प्रेरणा देता। इसलिए धन्य प्रांत के वासियों में आत्मविश्वास और आत्मगौरव कूट-कूट कर भरा था। वे अनावश्यक रूप से किसी प्राणी की हत्या नहीं करते। अपने साथियों का सम्मान करते और किसी का हुनर छीनकर उसे नीचा दिखाने की कोशिश नहीं करते। एक-दूसरे के प्रति कृतज्ञता के भाव से भरे होते। उनके जीवन में किसी प्रकार की हिंसक प्रतियोगिता नहीं थी। केरलमित्र अपने सभी साथियों को जीवन में चार गुणों को अपनाने पर जोर देता था। इसलिए धन्य प्रांत में लोग एक-दूसरे के प्रति मैत्री भाव, एक-दूसरे के दुख में करुणा, दूसरे के सुख में ईर्ष्या की जगह प्रसन्नता तथा किसी के द्वारा किए जाने वाले दुर्व्यवहार के प्रति उपेक्षा का भाव रखते थे।
धन्य प्रांत में आयोजित की गई चौपाल की चर्चा दूसरे प्रांतों में आग की तरह फैल गई। वहां के लोगों ने अनावश्यक सेना में भर्ती होने और दूसरों की हत्या करने से खुद को किनारा कर लिया। बंधुत्व और परस्पर प्रेम की संवेदना का विस्तार पूरे राज्य में होने लगा। ईमानदारी, निष्ठा और परिश्रम पर आधारित आत्मसम्मान के भाव से सबके चेहरे चमक उठे थे। प्रकृति भी प्रसन्न थी। समय पर बारिश र्प्याप्त होती, पेड़-पौधे फूल-फलों से लदे रहते। नदियों का पानी अमृत की तरह मीठा होता। लोग सुबह-शाम अपने जनजातीय मंत्र दुहराते- भवतु सब्ब मंगलम!
राजा को ये सारी बातें नागवार लगीं। वह पहले से अधिक बेचैन हो उठा। उसकी अपनी लालसा और निजी महत्वाकांक्षा की पूर्ति में उसकी प्रजा की सोच बाधक थी। वह किसी भी कीमत पर युद्ध चाहता था, ताकि वह अपने पड़ोसी राजा को हराकर चक्रवर्ती सम्राट बन सके। ऐसा करने के लिए उसे विशाल सेना की आवश्यकता थी। राजा के पूर्वज भी तो लगातार युद्ध करते चले आ रहे थे। उनके मान-सम्मान में वृद्धि राजा अपनी स्वार्थ पूर्ति के माध्यम से कर सकता था। ऐसा करने के लिए प्रजा का लड़ना जरूरी था। यह असंख्य मनुष्यों की हत्या किए बिना संभव नहीं था। राजा ने अपने प्रधान आमत्य तथा अन्य मंत्रियों से सलाह-मशविरा करने तथा समस्या का समाधान ढूंढ़ने के लिए जनता की भागीदारी से अनेक कार्यशालाओं का आयोजन किया। इन कार्यशालाओं का एकमात्र उद्देश्य जन-कल्याण निरूपित किया गया जो बिना युद्ध के संभव नहीं था। फिर भी राजा के पक्ष में जनमत तैयार नहीं हो सका। अंत में राजा ने सभी को सेना में भर्ती होने का राजकीय फरमान जारी कर दिया। राजा के भय से कुछ लोग सेना में भर्ती हो भी गए, पर धन्य प्रांत के लोग चौपाल पर विमर्श करने के लिए एकत्र हुए।
– ‘यदि हम डर गए तो मारे जाएंगे। जितने डरेंगे उतने मारे जाएंगे। यह भी सत्य है कि राजा हमारे बिना युद्ध नहीं जीत सकता। उसे हमारी जरूरत होगी, उसके निजी हितों की रक्षा के लिए। हमें मारकर उसकी महत्वाकांक्षा कभी पूरी नहीं होनेवाली। इसलिए हमें डरने की आवश्यकता नहीं। यदि हम डर गए तो आनेवाली पीढ़ियों का भविष्य गर्दिश में होगा।’ केरलमित्र ने अपनी बात रखी।
चारों ओर खुसुर-पुसुर होने लगी। कुछ पलों के बाद आसमान गूंज उठा, ‘हम युद्ध नहीं लड़ेंगे भइया!’ समवेत स्वर के बाद चारों ओर शांति फैल गई।
राजा हार नहीं मानने वाला था। वह गहन चिंता में डूब गया। सहसा उसके चेहरे पर मुस्कान तैर गई।
‘यदि प्रजा मेरी बात नहीं मानती है तो ईश्वर की जरूर मानेगी। ईश्वर का भय दिखाकर प्रजा को जीता जा सकता है। ईश्वर की अपार काल्पनिक शक्तियों का उपयोग कर प्रजा को युद्ध के लिए तैयार किया जा सकता है।’ राजा ने मन ही मन कहा।
इस युक्ति को चरितार्थ करने के बारे में सोचते हुए राजा को एक दिन उसके राज्य में रहनेवाले एक चतुर एवं जानकार ब्राह्मण की याद आई। उसने ब्राह्मण को ढेरों स्वर्ण मुद्राएं और रेशमी वस्त्र भेजकर अपने महल के पार्श्व द्वार से भीतरी कक्ष में मंत्रणा के लिए बुलाया।
ब्राह्मण को समझाते हुए राजा ने कहा, ‘हमारे बीच जो बात होने वाली वह सदा के लिए गोपनीय होगी। तुम एक ऐसा ग्रंथ लिखोगे जिसे पढ़कर प्रजा युद्ध से इंकार न कर सके। इसके लिए तुम्हें और तुम्हारी आनेवाली पीढ़ियों को सदा के लिए हर प्रकार का राजकीय संरक्षण मिलेगा।’
एक माह तक ब्राह्मण ने उसी कक्ष में रहकर ग्रंथ पूरा किया। ब्राह्मण को वापस भेजकर राजा ने ग्रंथ को शिकार के बहाने जंगल जाकर एक पहाड़ की खोह में चुपके से छिपा दिया।
इस घटना के कई वर्ष बीत गए। इस अवधि में राजा ने युद्ध की चर्चा को स्थगित कर रखा था।
एक दिन सुबह भरे दरबार में विलाप करते हुए राजा ने घोषणा की, ‘मैं किसी काम का नहीं हूँ। मुझमें कोई ऐसा गुण नहीं है। इसलिए इस सिंहासन पर बैठने के योग्य नहीं रह गया हूँ। पर ईश्वर ने मुझपर अपार कृपा करते हुए कल रात सपने में दर्शन दिए और कहा कि तुम्हारे राज्य में एक दैवीय आध्यात्मिक ग्रंथ हैं जो अमुक पहाड़ की एक खेाह में बरसों से छिपा हुआ है। उसमें तुम्हारी प्रजा के कल्याण के लिए ईश्वरीय निर्देश हैं। तुम और तुम्हारी प्रजा उन निर्देशों का पालन कर सुखी, संपन्न हो सकती है।’
इतना कहकर राजा ने फौरन उस ग्रंथ की तलाशी का आदेश दिया। उसने अपने सभी अमात्यों और सेनापति को मुख्य अमात्य सहित चारों दिशाओं में भेज दिया। राजा के संकेत के आधार पर एक पहाड़ी की गुफा से, जो झाड़ियों और कांटों से भरी थी, उस धर्मग्रंथ को ढूंढ़ लिया गया। ग्रंथ मिलने की खबर पाकर समस्त जनता और मंत्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। धर्मग्रंथ की मुख्य बातों को पढ़कर प्रजा को सुनाने का समय निर्धरित किया गया। चारों दिशाओं में अनगिनत अश्वारोही दल भेजकर अधिक से अधिक संख्या में लोगों को आमंत्रित किया गया। खचा-खच भरे दरबार में ग्रंथ के मुख्य अंश को पढ़कर सुनाया गया।
‘जन्म-मरण का चक्र अबाध गति से निरंतर घूम रहा है। जो अज्ञानतावश इस जन्म के भवसागर में आकंठ निमग्न हैं वे किसी भी उपाय से दुखों से अपनी रक्षा नहीं कर सकते। राजा के पास एक उत्तम और जादुई तरीका है जो सबको जन्म-मरण के बंधनों से मुक्त कर दुख की अनंत धारा से छुटकारा दिला सकता है। यह धन्य प्रदेश राजा की अनेक पीढ़ियों के पुण्यों का प्रतिफल है। इस संबंध में पूर्व जारी किए गए शिलालेख मिट चुके हैं। उन्हें प्रजा ने भुला दिया है। चूंकि आम आदमी इन तथ्यों से अनभिज्ञ है, इसलिए वह दुखों के सागर में डूबा हुआ है। लोग क्या कहेंगे, जब राजा इन दुखों से जनता को मुक्त नहीं कर सकता। यह अत्यंत शर्म की बात होगी। आप सभी लोग दुबारा उच्च कोटि के मनुष्य के रूप में पुनर्जन्म लेंगे, यदि आप दुश्मनों से लड़ते हुए शहीद हो जाते हैं। और वे लोग जो अधिक से अधिक दुश्मनों की हत्या करेंगे वे सीधे स्वर्ग जाएंगे जहां तीनों लोक का अलौकिक सुख और ऐश्वर्य उनकी प्रतीक्षा कर रहा है। उनके परिवार में आज्ञाकारी पुत्र, पोते तथा परपोते जन्म लेंगे जो अपने माता-पिता की सेवा करते हुए इस धन्य भूमि पर भ्रमण करते हुए असीम आनंद प्राप्त करेंगे। तो क्यों हम उस असीम आनंद और परम शांति से अपने आप को वंचित रखें जो महज एक छोटा-सा सद्कार्य करके प्राप्त किया जा सकता है। जब इस मानव शरीर नष्ट हो जाएगा, तब हम तीनों लोक की बुराइयों के अंधेरे के शिकार हो जाएंगे। उस घोर नरक में कौन हमारी मदद के लिए आएगा। इसलिए इस जीवन के रहते हुए हममें से प्रत्येक को सद्कर्मों के संपादन में जुट जाना चाहिए।’
इतना सुनते ही प्रजा आवाक रह गई। उसका दिमाग घूम गया। अब उन्हें लगने लगा कि सच में वे अपार दुख भोग रहे हैं। उनका वर्तमान जीवन निरर्थक हो चला है। वे वास्तव में अंधेरे में जी रहे हैं। अब जाकर उनकी आंखें खुली हैं।
इसी बीच केरलमित्र ने चौपाल पर प्रबुद्ध लोगों को एकत्र कर आनेवाली भयानक त्रासदी से बचने का मार्ग समझाने का प्रयास किया, पर किसी ने एक न सुनी। प्रबुद्ध लोगों की बुद्धि सबसे पहले मारी गई, क्योंकि उनमें से अधिकांश का दिल लालच और अपने स्वार्थ से भरा था। सभी को स्वर्ग जाने का सीधा रास्ता नजर आने लगा था। अब सबको अपनी मृत्यु में अपने नैसर्गिक घर लौटने की मनोहारी राह दिख रही थी।
सेना में शामिल होने की अंधी प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई। पलक झपकते ही चारों ओर सैन्य प्रशिक्षण शिविर खुल गए। साथ ही उपद्रव और खुराफात की दौड़ भी आरंभ हो गई। राजा ने उत्साही और अति आज्ञाकारी युवकों को अलग कर उनका सबसे घातक सैन्य दल तैयार किया। विशाल सैन्य बल तैयार होते ही राजा ने पड़ोसी देश पर आक्रमण कर दिया। भयंकर एवं वीभत्स युद्ध हुआ जो महीनों तक चलता रहा। पर किसी की जीत नहीं हुई। इसके विपरीत दोनों मुल्कों के मारे सैनिकों के शवों का पहाड़-सा बन गया। कई शवों का अंतिम संस्कार करने वाला नहीं बचा। जो किसी देश के सैनिक नहीं थे, ऐसे तमाम निर्दोष लोग भी भारी संख्या में मारे गए। नदियों में खून की धाराएं बहने लगीं। जंगल और खेत लाशों से भर गए। सड़ती लाशों से उठती दुर्गंध एवं सड़ांध ने पशु-पक्षियों का जीना हराम कर दिया।
विजय न मिलने के बावजूद राजा के चेहरे पर आत्मगौरव का भाव था। भीतर ही भीतर वह आह्लादित हो रहा था कि वह अपनी पीढ़ी की गौरवमयी परंपरा को जीवित रखने में सफल हो गया था, जबकि समूची धन्य भूमि कब्रगाह में तब्दील हो चुकी थी। राजा के चक्रवर्ती सम्राट बनने की संभावना अभी खत्म नहीं हुई थी। वह काफी आशान्वित था कि वह अगले प्रयास में ऐसा कर पाएगा। स्वर्ग जाने के रास्ते में पड़ी सड़ती लाशों से वह जरा भी विचलित नहीं था। युद्ध समाप्ति के पश्चात सामंतों, मंत्रियों, अमात्यों आदि की बुलाई गई आपातकालीन सभा में वह जन-कल्याण एवं शांति बहाल करने की अगली रणनीति पर विचार कर रहा था।
तभी सामने से चीत्कारती हुई गिद्धों से बचती एक नवयुवती केरलमित्र को ढूंढ़ती हुई आती दिखी। अगले पल उसने नदी में छलांग लगा दी। वह देखते ही देखते मगरमच्छों द्वारा लूट ली गई। वह उन्नति की पुत्री समता थी। विकास भी युद्ध में मारा जा चुका था।
किसी प्रकार बचे रह गए लोगों की भावी पीढ़ी जन्म ले रही थी। ढाई साल के होते ही सारे बच्चों को सैन्य प्रशिक्षण शिविरों में दाखिला कराकर उन्हें युद्धवीर बनाने का कौशल सिखाया जाने लगा था। लोग अकल्पनीय पीड़ा झेल रहे थे, पर वे अपने ही दुख के प्रति संवेदना-शून्य हो चुके थे। उनकी आजीविका के कई साधन नष्ट हो चुके थे। अब प्रजा राजा की दया पर आश्रित थी। उसकी जिंदगी कब्रगाह पर पड़े घूरे के ढेर जैसी हो गई थी। अपने हुनर, आत्मविश्वास और परिश्रम से मरहूम हो चुकी प्रजा फिर भी खुश इसलिए थी कि एक न एक दिन स्वर्ग जाने का रास्ता उसे मिल जाएगा। राजा चक्रवर्ती सम्राट बनने की अधूरी ख्वाहिश लिए जन-कल्याण का अधिक प्रभावी मार्ग ढूंढ़ रहा था।
केरलमित्र का कहीं अता-पता नहीं था। वह फिर लौट पाएगा, ऐसी जिज्ञासा भी खत्म हो चुकी थी!
एचआईजी-2, 425, अरविंद विहार, बागमुगालिया, भोपाल-462043 मो.9981816311
