
रोसा मोंतेरो
(जन्मः1951) स्पेनिश की प्रसिद्ध कथाकार। कई पुरस्कारों से सम्मानित। यह कहानी ‘मी होंब्रे’ (मेरा आदमी) मध्यम आयु वर्ग के विवाहित जीवन की जटिलताओं की एक मार्मिक खोज है।

मैंने एक एवोकाडो काटने वाले से शादी की। आप समझ जाएंगे कि मेरी शादी असफल हो गई है। जब मैं अपने पति से मिली तब मेरी उम्र उन्नीस वर्ष थी। उस समय मैं यह मानती थी कि एक लड़की के जीवन का सबसे खूबसूरत दिन उसकी शादी का दिन होता है, और जब भी मैं किसी दुल्हन को देखती तो नादान की तरह उत्साह से मेरी नाक बहने लगती। मैं अब तैंतालीस वर्ष की हूँ और मैं तलाक नहीं ले रही हूँ क्योंकि मुझे अकेले रहने में डर लगता है।
वह बहुत अच्छा आदमी है। मेरा मतलब है, वह मुझे नहीं मारता है, वह हमारी कमाई को जुए में नहीं उड़ाता है, वह आवारा बिल्लियों को डोरे नहीं डालता है। लेकिन, वह बेहद स्वार्थी है। वह ऑफिस से घर आता है और टीवी के सामने सोफे पर लेट जाता है। मैं भी अपने कार्यालय से आती हूँ, लेकिन दो घंटे बाद घर पहुंचती हूँ, सुपरमार्केट से खच्चर की तरह लदा हुआ किराने का सामान लेकर। मैं उसे मदद करने को बोलती हूँ। ‘मैं अब जा रहा हूँ’, वह जवाब देता है। वह कभी भी सीधे-सीधे ‘ना’ नहीं बोलता है। लेकिन मैंने सारा सामान रख भी दिया और वह अभी तक अपनी सीट से हिला नहीं है। मैं लिविंग रूम में जाती हूँ, उस पर चिल्लाती हूँ, उसे अनाप-सनाप बोलती हूँ, अपने हाथ हवा में हिलाती हूँ, और एक नाखून भी तोड़ लेती हूँ। उसे जरा भी फर्क नहीं पड़ता है, तो मैं रसोई घर में कुर्सी पर बैठ जाती हूँ और रोने लगती हूँ। थोड़ी देर बाद वह मोजे पहने हुए सामने आता है। रात के खाने में क्या है? वह अपनी सबसे मासूम आवाज में पूछता है। मैं अपशब्द बोलने के लिए मुंह खोलने वाली होती हूँ कि वह वर्षों के अभ्यास से सीखे हुए कौशल से मुझे रोक देता है, ‘मुझे पता है, मैं आपके लिए एक ऐसा सलाद बनाने जा रहा हूँ जिसे खाने के बाद आप अपनी उंगलियां चाटती रह जाएंगी’, उसने शरारती भाव से कहा। ‘वह एवोकाडो, अखरोट और सेब का सलाद जो आपको बहुत पसंद है। इसलिए मैं अपने आप को संभाल लेती हूँ, क्योंकि मैं मूर्ख हूँ, फिर भी बड़बड़ाते हुए, मैं उसे प्लेटें, फल, चाकू निकालने में मदद करती हूँ, और उसकी पीठ के पीछे एप्रन बांध देती हूँ, जबकि वह अपनी भुजाएं सामने की ओर इस प्रकार फैलाए रहता है, जैसे वह कोई शल्यचिकित्सक हो, जो हृदय का उत्कृष्ट ऑपरेशन करने जा रहा हो।
तो वह एवोकाडो को छीलना शुरू कर देता है और मैं, बस कुछ और काम करने लग जाती हूँ, सलाद पत्ता धोकर काटती हॅूं, प्याज को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटती हूँ, अखरोट के छिलके उतारती हूँ और उन्हें तोड़ती हूँ, और दो सेबों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटती हूँ। मैं उसे तिरछी नजर से देखती हूँ और वह अभी भी एवोकाडो छील रहा होता है। तो मैं आलू निकालती हूँ, उन्हें छीलती हूँ, धोती हूँ, बारीक काटती हूँ, जो कि उसे पसंद है; मैं फ्राइंग पैन लेती हॅूं, तेल डालती हूँ, चूल्हा जलाती हूँ, पहले आलू को सुनहरा भूरा होने तक भूनती हूँ और फिर मैं कुछ अंडे भी बनाती हूँ। तेल चटचटाता है और उछलता है, और चूंकि मैंने एप्रन नहीं पहना है, इसलिए मेरे ब्लाउज के सामने वाले हिस्से पर तेल छिटक जाता है। मैं उसकी ओर देखती हूँ, वह बिना ध्यान भटकाए अपना काम कर रहा होता है, धीरे-धीरे एवोकाडो को संभालता हुआ। इतना अनाड़ी, इतना धीमा और इतना बेकार कि ऐसा लगता है कि फल काटने के बजाय वह एक सावधानीपूर्वक शव-परीक्षा कर रहा है। ‘तुम कोई काम के नहीं हो’, मैं गुर्राते हुए कहती हूँ। और वह मेरी ओर अपमानित हुए चेहरे से देखता है। और ‘मुझे ऐसे मत देखो!’ मैं गुस्से में चिल्लाती हूँ। वह भौंहें सिकोड़ता है और धीरे से अपना एप्रन खोलता है। फिर वह लिविंग रूम में जाता है और टीवी के सामने सोफे पर लेट जाता है, और अपनी उंगलियों पर लगे एवोकाडो के चिपचिपे दाग को चाटता है। मुझे पता है कि अब मैं हर रात की तरह मेज सजाऊंगी और हम एक-दूसरे से बात किए बिना खाना खाएंगे।
सबसे बुरी बात यह है कि एक दंपति के रूप में हमारी असफलता में, इन बेकार के घरेलू झगड़ों से अधिक शायद ही कोई बड़ी लड़ाई होती है। और ऐसा नहीं है कि मुझे घर के कामों से बहुत ज्यादा परेशानी होती है। मुझे ये पसंद नहीं हैं, लेकिन अगर इन्हें करना ही है, तो किया ही जाता है। नहीं, उसकी उपस्थिति ही मेरे जीवन को कष्टदायक बनाती है। क्योंकि मुझे अपनी बेटी के लिए खाना बनाना बहुत पसंद है, उदाहरण के लिए, हालांकि, दुर्भाग्य से, वह शायद ही कभी हमसे मिलने आती है; लेकिन उसकी सेवा करना मुझे पागल कर देता है।
शायद मैं अपने आदमी से नफरत करती हूँ। कई बार तो उसका अखबार खोलने का तरीका भी बर्दाश्त नहीं कर पाती हूँ। वह अपनी बाहें फैलाता है और अखबार को अपने सामने हिलाता है, फिर पन्ना पलटता है, जैसे कोई कपड़े के टुकड़े से हवा कर रहा हो। पिछले कई वर्षों से हम बहस के अलावा शायद ही कभी बात करते हैं।
हमेशा ऐसा नहीं था। पहले तो सबकुछ अलग था। वह रात में नक्शाकशी की पढ़ाई करता था। और वह एक वास्तुकार बनने का सपना देखता था। उसे कुछ बनना था। असल में, मैं सोचती थी कि वह कुछ है। लेकिन वह कभी दिखावा करना नहीं छोड़ा। मुझे नहीं पता कि मैंने कब उस पर से भरोसा खो दिया, लेकिन मुझे पता है कि उसने बहुत समय पहले मुझे निराश कर दिया था।
वह मुझसे न तो अधिक बुद्धिमान था, न ही अधिक मेहनती और न ही अधिक योग्य। वह ज्यादा मजबूत भी नहीं था, मेरा मतलब है, अंदर से, उदाहरण के लिए, जब हमने पाया कि लड़की को मेनिन्जाइटिस है, तो वह मेरे किसी काम नहीं आया। पर मुझे, प्रेम में पड़ने के लिए, उस व्यक्ति की प्रशंसा करनी होगी जो मेरा होने वाला है। तुमने मुझे निराश किया है, मैंने उससे कई बार कहा है। और वह चुप हो जाता है और अखबार फैलाना शुरू कर देता है।
बेशक, शायद मैं भी बदल गई हूँ। इससे पहले, जीवन रोमांच से भरी जगह की तरह लगती थी, और रात में, जब मैं सोती थी तो मेरे सिर सुखद यादों से भर जाता था। हम दोनों और हमारी छोटी बेटी, जिनसे हर कोई ईर्ष्या करता था; वह एक वास्तुशिल्प स्टूडियो में काम करता था और हर कोई उससे ईर्ष्या करता था, हम दोनों विमान से दुनिया भर की यात्रा करते थे और हर कोई हमसे ईर्ष्या करता था। वे अचल चित्र थे, जैसे मेरे बचपन के स्टिकर एल्बमों में होते थे। उसके बाद मैंने उन चीजों के बारे में सोचना बंद कर दिया, क्योंकि मैं हमेशा इतनी थकी रहती थी कि बिस्तर पर जाते ही मुझे नींद आ जाती थी। और फिर मेरी जवानी बीत गई। एक दिन ऐसा आता है जब आप जागते हैं और अपने आप से कहते हैं: यही तो जीवन है, बस।
मैंने उसे दो बार धोखा दिया है। कार्यालय के दो सहकर्मियों के साथ। बहुत विचित्र स्थिति थी। मैं उनके माध्यम से प्यार की तलाश कर रही थी, और मुझे डर था कि वे केवल मेरा शरीर ही ढूंढ रहे थे। वे दोनों विवाहित थे। मुझे ऊटपटांग-सा लगा। एक बात के बाद दूसरी बात, इन बातों और बाकी सब बातों के बीच, मेरा चरित्र खराब हो गया। मैं जवानी के समय में बहुत खुश थी। वह मुझसे हमेशा कहता था, ‘मुझे तुम्हारी जिंदादिली पसंद है।’ और जब हम डेटिंग करते थे तो वह मुझे कास्काबेलितो कहकर बुलाता था। अब जब मैं वह सब सोचती हूँ तो लगता है कि शायद यह उसके लिए भी निराश करने वाली बात होगी। कुछ समय से मैं सारा दिन बड़बड़ाने, शिकायत करने और नाराज होने के अलावा कुछ नहीं कर रही हूँ।
हालांकि, कभी-कभी मैं आधी रात को जागती हूँ और यह भूल जाती हूँ की मैं कहां हूँ। मेरे चारो तरफ अंधेरा होता है, चक्कर मुझे परेशान करता है, मैं स्वयं को इस मतलबी दुनिया में अकेली और असहाय पाती हूँ। तभी मेरा हाथ एक नरम, गर्म पीठ से टकराता है। और एक परिचित सांस की लयबद्ध ध्वनि मेरे कानों पर मरहम की तरह पड़ती है। यह वही है, मेरे बगल में सो रहा है; मैं उसकी महक, उसका स्पर्श, उसकी गर्माहट पहचानती हूँ।
धीरे-धीरे, अंधेरा, अंधेरा नहीं रह जाता है और मेरे चारों ओर फिर से कमरा बनने लगता है। नाइटस्टैंड, अलार्म घड़ी, पीछे की दीवार, तेल से सना ब्लाउज जिसे मैंने कल रात उतार दिया था और अब कुर्सी पर रखा हुआ है। रोजमर्रा की जिंदगी एक बार फिर खालीपन पर विजय पाती है। मैं उसे पीछे से गले लगाती हूँ और आधी नींद में देखती हूँ कि कैसे भोर की रोशनी पड़ोस के घरों की छतों पर फैल रही है। और तब, केवल उस वक्त, मैं अपने आप से कहती हूँ: ‘यह मेरा आदमी है।’
![]() |
अंग्रेजी और विदेशी भाषा विश्वविद्यालय, हैदराबाद में सहायक प्राध्यापक |
श्री तिरुमाला मिलेनियम सोसाइटी, ब्लॉक–डी 420, चौथी मंजिल, मल्लापुर, एचसीएल नगर के पास, सिकंदराबाद– 500061 मो. 9811867280

