साहित्य अकादमी सम्मान से पुरस्कृत चर्चित कवि और शिक्षाविद। ‘लोक संस्कृति और इतिहास’, ‘लोक संस्कृति में राष्ट्रवाद’, ‘साहित्य और सामाजिक परिवर्तन’, ‘संस्कृति का गद्य’ आदि विचारात्मक पुस्तकों के अलावा ‘सच सुने कई दिन हुए’, ‘शब्दपदीयम’, ‘तुमड़ी का शब्द’ आदि कविता संग्रह। गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान, प्रयागराज में सामाजिक इतिहास और सांस्कृतिक मानव विज्ञान के प्रोफेसर और निदेशक।

वस्तुओं की तरह आज कविता भी बाजार में है, जिसे कभी कबीर ने ‘माया बाजार’ के रूप में देखा था। वह बिग बाजार या तरह-तरह के सामानों से सजे मॉडल में बदल चुका है। टीवी, मोबाइल, टीशर्ट, रोजमर्रा की चीजों की तरह कविता को भी वस्तु में बदल देने की प्रक्रिया जारी है। इस बाजार के पीछे एक ऐसा अदृश्य हाथ है, जो जिस चीज को  छूता है, वह निर्जीव किंतु बिकाऊ चीज में तब्दील हो जाती है। वह चाहे भाव हो, कविता हो या रचना, सब कुछ के लिए इस बाजार के पास कहीं न कहीं एक स्पेस है। बाजार लचीला है, वह सब कुछ अपने में समा लेने की शक्ति से भरपूर है। सबसे पहले बाजार अपनी वस्तुओं के लिए स्पेस बनाता है फिर उन्हें ‘ब्रांड’ में तब्दील कर देता है। इस बाजार ने अपने अतड़े-कोने में साहित्य एवं कविता के लिए भी जगह बना ली है। अब उसकी कोशिश है कि उसे एक ब्रांड में तब्दील कर दे। यह ठीक है कि वह उसके लिए एप्पल, क्रॉक्स, लेविस एवं स्नेचर्स जैसे ब्रांड विकसित करने के लिए सपने नहीं देखता है। हो सकता है कि फिलहाल वह उसे अपने फुटपाथ पर ही सजा दे।

यह बाजार जितना दृश्य है, उतना ही अदृश्य। यह जितना सच है, उतना ही वर्चुअल भी। यह सर्वव्यापी है। यह एक माया की तरह है और सर्वशक्तिमान। राज्य जो हमें सर्व शक्तिमान लगता है, एवं जिससे अपेक्षा की जाती है कि वह बाजार को नियंत्रित करे, वह आज पूरी दुनिया में बाजार के गहन प्रभाव में है। अमेरिका, चीन, रूस, इंग्लैंड आदि देशों का बाजार अपने अदृश्य कार्य प्रक्रियाओं से जनतंत्र, सरकार एवं नागरिक चेतना सबमें शामिल एवं प्रभावी है। वह एक ही साथ उत्सव मनाता है और युद्ध भी कराता है। बाजार अपनी चीजें युद्ध के वक्त भी बेचता है एवं उत्सव भाव के बीच भी। वह मृत्यु बोध को भी बेचता है एवं जन्म की खुशी एवं स्मृति को भी। हालांकि युद्ध के क्षण वह लंबे वक्त के बाद प्राप्त कर पाता है पर उत्सव हर क्षण रचते रहना चाहता है। हम यह लगातार देख रहे हैं कि किस प्रकार भारत में बाजार के आक्रामक होने के बाद नए पर्व, उत्सव एवं त्योहार की संख्या एवं क्षण बढ़े हैं। करवाचौथ के बाजारीकरण के साथ-साथ वेलेनटाइन डे, फादर्स डे, मदर्स डे इत्यादि तो बढ़े ही हैं। भारतीय समाज की अस्मिताओं के भाव को वस्तु में बदलने के  लिए महिला, जनजाति, दलित अस्मिताओं के इर्द-गिर्द इस बाजार ने नए उत्सव सृजित किए हैं। इस अवसरों को इनकी कलाएं, इनका हैंडीक्राफ्ट, इनका सामूहिक संस्कृति को बेचने एवं ब्रांड में तब्दील करने के व्यावसायिक क्षणों में तब्दील कर दिया जाता है।

जैसा कि हमने पहले जिक्र किया है कि यह बाजार जितना ‘रियल‘ है, उतना ही वर्चुअल भी है। सोशल साइट्स आज बेचने के स्थल एवं औजार में बदल गए हैं। ये अमेजन, फ्लिपकार्ड जैसे अनेक सप्लाई–चेन सर्विसेज तो भरे ही हैं साथ ही साथ ये अनेक तरह के विचारजनित उन्माद, अतिरेक एवं एक्साइटमेंट को बेचने के माध्यम बन गए हैं।

कोई यहां वाम बेच रहा है, कोई दक्षिण। कोई जातीय उन्माद बेच रहा है। कोई अपना ‘सेंटर एवं लिबरल’ विचार बेच रहा है, कोई अपने को ही बेच रहा है। कोई अपनी किताबें बेच रहा है, कोई कविताएं बेचने के काम में लगा है। कविता यहां ‘साइबर स्पेस’ के बाजार में कवियों द्वारा बेची जा रही है। कई कवि चाहे लय बाले हों, छंद वाले, छंद मुक्त या संवादी, अपने शब्द एवं वाक्य को बाजार में विज्ञापनों, टीवी सीरियल, एक फिल्म हाट में तो बेच ही रहे हैं।

हम सबने महसूस किया है कि 1990 का दशक भारतीय सामाजिक एवं राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में आया। 1990 के दशक में भारत में नई आर्थिक उदारवादी व्यवस्था कांग्रेस सरकार ने पी.वी. नरसिम्हा राव के नेतृत्व में लागू की। विनय सीतापति ने नरसिम्हा राव की जीवनी लिखी है, जिसका नाम है – हाउ पी.वी. नरसिम्हा राव ट्रान्सफॉर्मड् इंडिया, जो 2016 में पेंगुइन से छपी है। इसमें इस बदलाव एवं प्रक्रिया का विस्तृत वर्णन किया गया है। इसके बाद भारत में बाजार अत्यंत आक्रामक होकर उभरा। इस नीतिगत निर्णय के सकारात्मक एवं नकारात्मक परिणाम दोनों ही हुए, किंतु हम यहां इसी सकारात्मकता एवं  नकारात्मकता पर विचार न कर उसे एक प्रक्रिया के रूप में देखने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके कारण भारत में बाजार शक्ति प्रभावी हुआ। इसके कारण बाजार की यथार्थ एवं मायावी दोनों ही प्रकार की शक्तियां बढ़ीं। इसने हमारे समाज, संस्कृति, राजनीति एवं आर्थिक सबके रूप एवं चरित्रों को रूपांतरित कर दिया। भारतीय राज्य के साथ इसका संबंध और ज्यादा सघन हुआ। बाजार एवं जनतंत्र की राजनीति का भी नाभिनाल संबंध गहरा हुआ। इसने जनतंत्र, विशेषतः चुनावी जनतंत्र के स्वरूप को भी बदला।

यह जानना रोचक है कि न केवल भारत में वरन पूरी दुनिया में उपनिवेशवाद एवं उपनिवेशवादजनित पश्चिमी आधुनिकता ने बाजार को अनंत प्रसार का तर्क, दर्शन एवं विचार सारिणी दिया। इसी आधुनिकता ने हममें वह जीवन दर्शन, जीवन शैली एवं एटिट्युड विकसित किया, जिससे हम सबमें वह उपभोक्ताभाव विकसित हुआ, जिसका  ज्यादा संगठित विस्तार पूरी दुनिया में नव-उदारवादी अर्थव्यवस्था के लागू होने के बाद हो सका। इसी उपभोक्तावाद ने बाजार को एक ऐसे स्पेस में तब्दील कर दिया, जहां सब कुछ बेचा जा सकता है। इसमें सब कुछ बिक सकता है – कला भी, साहित्य भी, संगीत भी, माया भी।

भावना का बाजारीकरण या यूं कहें उसे विकास उत्पाद में बदल देना एक तरफ इस बाजार की सबसे बड़ी सफलता मानी जा सकती है, वहीं दूसरी तरफ इसे मानवता एवं मानवीय भावों के लिए सबसे हानिकारक भी कहा जाना चाहिए। हमने भावनाओं के अर्थ एवं स्वरूप में आमूलचूल परिवर्तन कर उन्हें बाजार के उत्पाद में तब्दील करने की कोशिश की है। बाजार आज भावनाओं का व्यापार कर रहा है। इस प्रक्रिया में एक तरफ वह उसे अपने उत्पादों को लेजिटिमाइज करने के लिए उपयोग कर रहा है, दूसरी तरफ इसी प्रक्रिया में ‘भाव’ अपने मूल स्वरूप से अवमूल्यित हो भावना आधारित उत्पादों के विक्रय का मनोविज्ञान रच रहा है।

हमने यह देखा है किस प्रकार 90 के दशक से बाजार ने अनेक नए उत्सव सृजित किए हैं। इन उत्सवों का आधार हमारे स्वयं के सेलिब्रेशन से जुड़े ‘आत्मबोध केंद्रित’ भाव हैं, इसी के परिणाम स्वरूप आज सोशल मीडिया पर जन्मदिन मनाने के अवसर, एवं उससे जुड़े कार्ड एवं अन्य उत्पाद, बने हैं।

भारतीय जीवन के शादी, ब्याह, जैसे प्रेम से जुड़े भाव को बाजारूदोहन के लिए वैलेंटाइन डे, शादी के हर साल का उत्सवीकरण, मां–पिता से जुड़े माता दिवस, पिता दिवस, बेटी दिवस जैसे नए अवसरों को सृजित करने की कोशिश हो रही है। ये उत्सव एक अवसर है, उत्पादों की नवीन संकल्पना, उनके प्रचार, प्रकार एवं विक्रय करने के लिए।

इस बढ़ते बाजार ने पूंजीवाद को एक नया फॉर्म दिया है और वह है इसका कॉरपोरेट स्वरूप प्राप्त कर लेने का। इसने पूंजीवाद को और ज्यादा प्रभावी बना दिया है। पूंजीवाद के कार्य स्थल के रूप में बाजार में बढ़ते एवं फैलते कारपोरेट के प्रभाव ने ‘क्रॉनिकैपिटलिज्म‘ को सशक्त किया है। फ्रांसीसी अर्थशास्त्री थॉमसपिकेटी ने अपनी नई पुस्तक ‘कैपिटल इन ट्वेंटी फस्ट सेंचुरी’ में पूंजी के असमान वितरण की बढ़ती मारक असमानता का विस्तृत विवरण दिया है। उनके अन्य लेखों में बाजार, पूंजीवाद एवं उसके क्रॉनि स्वरूप पर विमर्श भी मिलता है। मैं इस आलेख में उद्धरणों एवं अन्य अध्ययनों का जिक्र करने से बचना चाहता हूँ, जो प्रायः हम शोध आलेखों में करते हैं। यहां मैं एक कवि का अपने समकाल से संवाद एवं आत्म ऑवजर्वेशन एवं अनुभव से जुड़ीं बातें करना चाहता हूँ।

यह ठीक है कि इस बाजार में कविता एवं साहित्य कहीं अतड़े-कोने में पड़े हैं। बाजार को न यह चिंता है, न उसकी चाह कि उन्हें वह एप्पल जैसे किसी ब्रांड में बदल दे। वह तो सिर्फ अपने को लेजिटिमाइज करने के  लिए हर पवित्र, नैतिक भाव एवं रचना का इस्तेमाल करना चाह रहा है, ताकि उसे राजा ययाति की तरह लंबा जीवन मिले। एक ऐसा ‘लॉगेड्यूरे’ जिसमें पूंजी का देह हाथी स्वरूप विकसित हो सके और वह समाज शक्ति को अपने पांवों के तले दबाए रख सके। बाजार आज अपने उत्सव रचने के क्रम में ही झांसी से जयपुर तक अनेक ‘लिटफेस्ट’ सृजित कर रहा है। इसमें कवि के पीछे स्पॉनसर के बोर्ड होते हैं। इसमें लेखक एवं कवि मार्जिन पर होता है, एक सौतेले पोस्टर ब्यॉय के रूप में प्रचार सामग्री का हिस्सा बनता है। इनके केंद्र में होते हैं गायक, फिल्मी लेखक, फिल्मी कवि, एक्टर्स, पूंजीपति इत्यादि। इसमें अंग्रेजी लिटफेस्ट एवं भारतीय भाषाओं के लिटफेस्ट के स्वरूप एवं प्रभाव एवं उनमें किए जाने वाले जनता, आयोजक एवं प्रतिभागियों के व्यवहार में संस्कृति के फर्क होते हैं। यह ठीक है कि हिंदी लिटफेस्ट में इस वक्त जन प्रतिभागिता कम होती है, पर यह भविष्य का संभावनाशील साहित्य बाजार है, जिसमें कॉरपोरेट, धनवान, रिटायर्ड नौकर शाह, सब शामिल हैं।

आज बाजार अपनी माया के लिए ‘साहित्य’ की अभी तक बची हुई पवित्र सी लगने वाली नैतिक शक्ति का भी इस्तेमाल कर रहा है। कवि एवं कविता इस बाजार स्पेस में हारे–थके, लुटे आदमी की तरह खड़े रहते हैं। जैसा कि हम जानते हैं कि यह बाजार मेट्रोपोल से लेकर बिहार के गांव–कस्बे तक फैला हुआ है।

अतः ऐसे ‘लिट्फेस्ट’ आज बेतिया, मुंगेर जैसे डिस्ट्रिक्ट, टाउन से होते हुए पटना, बनारस, लखनऊ की यात्रा करते हुए दिल्ली तक फैले हैं। बाजार अपने उत्पाद एवं खरीददार दोनों को इतना तेज दौड़ाता है कि हम रुक कर कुछ सोच भी नहीं सकते। हमें थोड़ा रुक कर इन लिट्फेस्ट की बाढ़ के समाजशास्त्र एवं अर्थशास्त्र को भी समझना होगा।

90 के दशक से ‘बाजार’ के प्रभावी होते जाने से कवियों की जो पीढ़ियां आईं, उनमें से एक पीढ़ी जो गांवों, कस्बों से निकली थी, एवं जिसके पास ‘भक्त कवियों’ की लोक चेतना से लैस काव्य शक्ति थी- कबीर, रविदास, स्वामी शिवनारायण, गुरु गोरखनाथ से सीखते हुए इस दमनकारी ‘बाजार’ की आलोचना खड़ी की, वहीं दूसरी तरफ वह मेट्रोपोल कवियों का एक बड़ा वर्ग खड़ा हुआ, जो इस बाजार में अपने क्षरण की मृतप्रायः उदासी व्यक्त कर रहा था। किंतु उसके पास न तो गालिब जैसी आलोचना शक्ति थी और न ही नागार्जुन, केदारनाथ अग्रवाल, केदारनाथ सिंह, अरुण कमल, राजेश जोशी जैसी इस मेट्रोपोलजनित शक्ति एवं संस्कृति के प्रभावी सबवर्जन की काव्य चेतना और रचना शक्ति ही।

बाजार में कविता ‘पैसिव‘ हो जाती है। बाजार में आकर वह दंतहीन हो जाती है। उसके दांत होते भी हैं तो वे कितने तीक्ष्ण होंगे, कितने भोथरे यह बाजार तय करता है। बाजार में कवि को अपने भावों को बाजारू रूप देना होता है। आज के दौर में कवि जब अपने घर में होता है तो वहां भी बाजार टीवी, मोबाइल एवं अन्य वर्चुअल माध्यमों द्वारा पहुंच जाता है एवं उसे उसकी सामूहिकता एवं सामाजिकता से काट कर आत्मकेंद्रित बनाता जाता है। बाजार कवि को भी उपभोक्ता में बदल देता है। या यूं कहें कि वह उसकी कवि चेतना को उपभोक्ता चेतना में बदल देता है।

बाजार में कविता धीरे-धीरे मानवीयता की मातृभाषा से मरहूम होती जाती है, और बाजार की बेचने, बिकने, बिकाने की भाषा में रूपांतरित होती जाती है। इस बाजार में चाहे ऑक्टोवियो पॉज हों या अशोक बाजपेयी, अरुण कमल या राजेश जोशी, सबको इस बाजाार में होते हुए भी मानवीय भावों को बचाने के लिए सतत रचनात्मक संघर्ष तो करते ही रहना होगा। क्योंकि अब इस बाजार से कोई ‘इस्केप’ नहीं है। जरूरत है अपनी आलोचनात्मकता को लगातार विकसित करते रहने की एवं उसे सतत धार देते रहने की। तभी हम बाजार की ‘हेजेमोनी’ को कहीं न कहीं सबवर्ट कर पाएंगे। हालांकि इसमें रहकर इससे जूझते रहना आसान नहीं है, क्योंकि धीरे-धीरे यह हमारी आत्मचेतना (सबजेक्टिविटि) का हिस्सा होती गई है।

 

जी बी पंत सोशल साइंस इंस्टिट्यूट, झूंसी, प्रयागराज-211019, मो.9450613293