
साहित्य अकादमी सम्मान प्राप्त चर्चित कवि और शिक्षाविद। ‘सच सुने कई दिन हुए’, ‘शब्दपदीयम्’, ‘तुमड़ी का शब्द’ कविता संग्रह।

मौसम
कैसा मौसम छाया है
आकाश में अजीब से बादल
उमड़ रहे हैं
रुंध रहा है मेरा गला
सांसें बार-बार रुक रही हैं
आंखें हो रही हैं उल्टी
अरे यह क्या!
मेरे मानुष के भीतर
उग रहा है एक रीछ
मैं होता जा रहा हूँ
चेतनाविहीन और
विचारशून्य
तन को निहारता
पर मन के बिना
सब कुछ उल्टा-पुल्टा देखता और दिखाता
खाता-पीता, हँसता
और फेसबुक पर
लाल-पीले रंग में
जुगाली करता हुआ
कट चुकी मेरी नाल
मेरी जड़ से
सरोवर तो न जाने कब का
सूख चुका है
कोई भी चेहरा रहा नहीं
मेरे भविष्य का
आप समझ नहीं सकते
कि मैं कैसे जी रहा हूँ
इतिहास में
इतिहास के खिलाफ।
समय
समय का
कल ही हुआ है एक बड़ा एक्सीडेंट
आज का समय गहरे दुर्घटनाग्रस्त है
दर्द से कराह रहा है
समय
ऊपर से नीचे तक
नीचे से ऊपर तक
बाएं-दाएं
कोने-अंतरे
हर जगह
वह टूट-फूट गया है
हिटलर, मुसोलिनी, तोजो, जार
फिर से आकर
उसके टूटे अंगों को
जहां मन करे वहां से दबाते रहते हैं
चीत्कार उठता है
समय
दारुण दुख से
समय को लाया गया है
दुनिया के सबसे बड़े अस्पताल में
बता सको तो
बता दो मुझे
हे दुनिया के सबसे बड़े डॉक्टर!
इस घायल समय की
सबसे बड़ी टूटन क्या है
और कहां है।
नया भजन
मैं छितरा हूँ
छितरा ही सही
मैं ठीक हूँ बिखरा बिखरा ही
मुझे काटो पीटो मत
मुझे चाम की रस्सी से मत गांठों
अपने अनुसार शक्ल देने के लिए
दर्द होता है असह्य
ग़लत सलत
इधर का उधर
मुझे मत जोड़ो
गुना भाग घटाओ नहीं अपनी तरह से
मुझे अपने सांचे में मत ढालो
मेरा बहुत कुछ टूट जाता है
बहुत कुछ फूट जाता है
मुझे ऐसे हो स्वीकारो।
ईर्ष्या
मुझे ठीक से पता तो नहीं है ईर्ष्या का इतिहास
लेकिन यह मैंने सुना है कि
बीच आकाश से जब
टपक कर गिर रही थी ईर्ष्या
तो उसे आकाश में उड़ते एक गिद्ध ने
अपनी चोंच में रोक लिया था
वह गिद्ध जब उड़ रहा था निश्चिंत
तो उसकी चोंच से छूट गिर रही ईर्ष्या को
एक तानाशाह ने रोक लिया था
तानाशाह के हाथ में जैसे ही आई ईर्ष्या
तो वह फैल गई सहस्त्रबाहु के समान
वह इतनी और ऐसी फैली
कि जनतंत्र के कपड़ों में फंस गई
सबकुछ जल रहा है इसके फुंफकार से
हवा पानी हम तुम और जनतंत्र
जनतंत्र को इस भयानक ईर्ष्या से
बचाओ जनतांत्रिको!
और अपने को तो ख़ास तौर पे बचाओ।
सूखा दुख
सुखाना शुरू हो जाता है दुख उगते ही
दुख हरा
और दुख सूखा
एक साथ ही रहते हैं
दुख कभी मरता नहीं
हमारे साथ ही रहता है
बनकर कभी हरा दुख
कभी सूखा दुख
मुझे यह नहीं पता
कि आप यह जानकर
खुश होंगे
या दुखी
कि मेरा जीवन
ऐसे अनेक
सूखे पत्तों के मानिंद
झरे
बिखरे दुखों से भरा है।
संपर्क :जी बी पंत सोशल साइंस इंस्टिट्यूट, झूंसी, प्रयागराज-211019, मो.9450613293

बहुत ही सुन्दर …उद्वेलित हृदय की चित्कार …संवेदनाओं पर प्रहार करती रचनाएं
बहुत बहुत बधाई आदरणीय