
सारा के
अमेरिकी कवयित्री। ‘स्पोकन वर्ड’ कविता के प्रोजेक्ट वॉयस की संस्थापक। वेब सिरीज ‘देयर्स ए पोएम फॉर दैट’ का निर्माण किया, जो कविता और एनिमेशन को एक साथ लाकर नया आयाम स्थापित करती है।
उस तरह की
यदि आप बड़ी होती हैं वैसी ही स्त्री के रूप में
जैसी देखना चाहते हैं पुरुष
तो उन्हें खुद अपने को देखने दें
न समझें आंखों को हाथ
न खिड़कियां न दर्पण
उन्हें देखने दें कि कैसी दिखती है एक स्त्री
हो सकता है उन्होंने इससे पहले
कभी देखी न हो ऐसी स्त्री
यदि आप बड़ी होती हैं वैसी ही स्त्री के रूप में
जिसे छूना चाहते हैं पुरुष
तो उन्हें खुद अपने को छूने दें
कभी-कभी वे नहीं आते आपको छूने
वे छूते हैं एक बोतल को
एक दरवाजे को, सैंडविच को
पुलित्जर को, किसी अन्य स्त्री को
लेकिन उनके हाथों ने पा लिया है आपको पहले
न समझो स्वयं को अभिभावक
या प्रेरणा शक्ति या वादा या पीड़ित या अल्पाहार
आप हैं एक स्त्री-त्वचा और मांस-मज्जा से
नसों और तंत्रिकाओं से बालों और पसीने से
आप नहीं बनी हैं रूपकों से
न क्षमायाचनाओं से, न बहानों से
यदि आप बड़ी होती हैं वैसी ही स्त्री के रूप में
जिसे चाहते हैं पुरुष पकड़ कर रखना
तो उन्हें खुद अपने को पकड़े रहने दें
पूरे दिन वे करते हैं अभ्यास
स्वयं के शरीर को सीधा रखने का
समूचे विकास के बाद भी
लगता है यह अब भी अप्राकृतिक
अब भी वे कसते हैं अपनी मांसपेशियां
तानते हैं अपनी भुजाएं और रीढ़
कुछ ही पुरुष चाहते हैं जानना
कि लगता होगा कैसा
आपको चारों ओर से लपेटना
स्वीकार करें
उनके पास नहीं है जवाब उस सवाल का
जिसके बारे में
उन्हें लगता था है कि है अब उनके पास
कुछ पुरुष आपको रखना चाहेंगे जवाब की तरह
आप नहीं हैं जवाब
आप नहीं हैं सवाल आप नहीं हैं कविता
न ही पंच लाइन या पहेली या मजाक
यदि आप बड़ी होती हैं वैसी ही स्त्री के रूप में
जिससे चाहते हैं पुरुष प्रेम करना
तो उन्हें आप प्रेम करने दे सकती हैं
प्रेम पाना प्रेम करने जैसा नहीं है
जब आप पड़ते हैं प्रेम में
तो यह सालों
पोखर में कूदते रहने के बाद
समुद्र की खोज करना है
आपको महसूस होता है कि आपके हाथ हैं
जो संभलने के लिए रस्सी तक पहुंचते हैं
जब भीड़ जा चुकी होती है घर
न बर्बाद करो समय यह सोचने में
कि आप वैसी ही स्त्री हैं
जिसे पुरुष देंगे तकलीफ
यदि वे आपके पास
हृदयनुमा अलार्म छोड़ देते हैं
तो आप उससे गाना सीख सकती हैं
समुद्र को प्रेम न करना मुश्किल है
भले वह आपको छोड़ गया हो हांफता हुआ
एक नमकीन अनुभव के साथ
अपने लिए किए गए निर्णयों के लिए
खुद को क्षमा कर दें
जिन्हें आप अभी गलतियां कहती हैं
वे नहीं रहती हैं रात सोने के बाद
और जान लें यह
जान लें कि आप वैसी ही स्त्री हैं
जो तलाश रही है
एक जगह जिसे वह अपना कह सके
मूर्तियों को ढह जाने दें
आप रही हैं हमेशा से ही वह जगह
आप वह स्त्री हैं जो स्वयं मूर्ति बना सकती है
आप पैदा हुई हैं निर्माण के लिए।
प्रेम कविता
मैं जगा दूंगी तुम्हें जल्दी, पर मुझे पता है
कि तुम कर्ज रहने तक रहना पसंद करोगे
मैं छोड़ दूंगी तुम्हारी जेबों में पैसे
सुपरहीरो के डाक टिकट
शक्कर के पैकेट तुम्हारे किचन में
मैं हंसेल और ग्रेटेल को तुम्हारे घर तक ले आऊंगी
मैं करती हूँ बात फिल्मों के माध्यम से
यहां तक कि जो मैंने पहले देखीं नहीं
मैं करूंगी तुम्हें प्रेम बहुत से अल्पविरामों के साथ
लेकिन शर्तहीन
तुम्हें आएगा कुछ ज्यादा ही पसीना
समूची त्वचा से
होंगे शब्द जरूरत से ज्यादा
होंगे मेरे बाल शॉवर ड्रेन में
तुम्हारे स्वेटर में मेरी महक
खिड़की के चौखटों पर बॉबी पिन
मैं बनाऊंगी सबसे बढ़िया सैंडविच
जो कभी चखा नहीं तुमने
तुम साथ रखना नैपकिन
मैं रख नहीं पाऊंगी
लेकिन मैं हूँ माहिर बहाने बनाने में
मैं गिनती हूँ टूटी हुई छतरियों को
हर आंधी के बाद
और सो जाती हूँ
शब्दों को दुहराते हुए
तुम्हें धन्यवाद
मैं अपनी भारी धड़कनों के साथ
तुम्हें जल्दी जगा दूंगी
तुम कहोगे
क्या हम कुछ देर तक सो नहीं सकते
और मैं कहूंगी भरोसा करो मुझपर
नहीं होगी तुम्हें कोई कमी।
कोई मुझे…
कोई मुझे कृपया नया गाना सिखाए
लाकर दे मुझे कोई एक चम्मच
और एक मुंह जिससे झुक सकूं मैं मेज पर
कि मैं हूँ ढीले दांतों वाला जबड़ा
हूँ एक संग्रह डोरियों का
हूँ चिंता का ग्लोब ग्लास का बना
हूँ घूमता हुआ यंत्र भय का
वे फुटपाथ पर बच्चों पर बैग लाद रहे हैं
जहां मैंने एक बार धकेल दिया था
दूध का एक कटोरा
हँसते हुए
मैं अब और नहीं खा सकती
मेरा पेट पहले से भरा हुआ है।
![]() |
| बालकृष्ण काबरा ‘एतेश’ कवि और अनुवादक। कविता संग्रह ‘दूसरा चित्र’, ‘मन की स्याही’, ‘गीत अकवि का’ और ‘अपने-अपने ईमान’। अद्यतन कविता संग्रह ‘छिपेगा कुछ नहीं यहां’। विश्व साहित्य के अनुवादों के तीन संग्रह।
11, सूर्या अपार्टमेंट, रिंग रोड, राणाप्रताप नगर, नागपुर (महाराष्ट्र)- 440022 मो.9422811671 |
इमेज क्रेडिट : स्टीव जर्वेटसन

