अंग्रेजी में अनूदित कृति पर बुकर पुरस्कार-2025

बानू मुश्ताक़ (1948) जाति और वर्ग व्यवस्था की आलोचना करने वाली प्रमुख कन्नड़ लेखिका हैं। ‘मुस्लिम महिलाओं के मस्जिद प्रवेश की वकालत’ करने के लिए ‘सामाजिक बहिष्कार’। ‘दक्षिण-पश्चिमी भारत के प्रगतिशील साहित्यिक हलकों से जुड़ी हुई हैं। अब तक छह कहानी संग्रह, एक उपन्यास, एक निबंध संग्रह और एक कविता संग्रह प्रकाशित। 1999 में कर्नाटक साहित्य अकादमी पुरस्कार। दीपा भास्थी के अनुवाद ‘हार्ट लैंप’ के लिए अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार से सम्मानित। बानू मुश्ताक जानती हैं कि वे जिनके लिए लिखती हैं, कल वही उनके विरुद्ध खड़े हो सकते हैं। फिर भी उनकी प्रतिबद्धता उन्हें रुकने नहीं देती। वे कहती हैं, ‘गुलाब के बारे में लिखते हुए आप केवल इतना कहकर चुप नहीं हो सकते कि इसकी खुशबू ऐसी है और पंखुड़ियां ऐसी हैं, आपको कांटों के बारे में भी लिखना होगा। यह आपकी जिम्मेदारी है और यह आपको करना ही होगा।’

 

कहानी से पहले  बात कहानी के बारे में… 

बानू मुश्ताक़ के कहानी संग्रह ‘हार्ट लैंप’ को हाल में अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। वह कन्नड़ लेखिका हैं। उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार प्रदान करने की शुरुआत 2005 में हुई थी। बुकर पुरस्कार और अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार दोनों ही साहित्यिक पुरस्कार हैं, लेकिन जहां बुकर पुरस्कार मूल रूप से अंग्रेजी में लिखे गए उपन्यासों को प्रदान किया जाता है, वहीं अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार मूल रूप से किसी अन्य भाषा में लिखे गए अंग्रेजी में अनूदित कथा साहित्य के लिए दिया जाता है। दूसरा मुख्य अंतर दोनों में यह है कि बुकर पुरस्कार में कहानी संग्रह की श्रेणी शामिल नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार में यह श्रेणी भी है। ‘हार्ट लैंप’ इसी श्रेणी में चुना गया पहला कहानी संग्रह है। इसकी आधी राशि लेखिका और आधी राशि अनुवादक में बंटती है।

1990 से 2023 के बीच लिखी गई ‘हार्ट लैंप’ की सभी कहानियां पितृसत्तात्मक समुदायों के गिर्द बुनी गई हैं, जिसमें स्त्री, समाज और धर्म का त्रिकोण अपने अनिवार्य प्रश्नों के साथ उपस्थित होता है। इसे बानू मुश्ताक़ के समस्त लेखन का सार कह सकते हैं।

हालांकि बुकर की घोषणा के बाद बानू के द्वारा कहे गए ये शब्द उनके विषय, चयन और प्रतिबद्धता को बहुत हद तक स्पष्ट कर देते हैं कि स्त्रियों का दर्द, पीड़ा और असहाय जीवन मेरे भीतर एक गहरी भावनात्मक प्रतिक्रिया पैदा करता रहा है, मेरी कहानियां इसी बारे में हैं। साथ ही इस बारे में भी कि धर्म, समाज और राजनीति स्त्रियों से कैसे मौन और प्रश्नरहित आज्ञाकारिता की मांग करते हैं। मैं किसी बड़ी खोज में नहीं हूं, मैं केवल उन लकीरों को मिटाना चाहती हूं जिन्होंने हमें छोटी सोच से बांध दिया है।

कुछ आलोचक संतुष्ट नहीं हैं, न बुकर चयन समिति से और न बानू से। उन्हें आपत्ति है कि ‘हार्ट लैंप’ में स्त्री, समाज और धर्म का त्रिकोण एक अनिवार्य प्रश्नवाचक चिह्न की तरह शामिल तो है, पर इसमें उत्तर की मांग नहीं है। इसमें कोई पुरजोर विरोध नहीं है। परिवर्तन की ललकार या हुंकार नहीं है। उनका कहना है कि इन कहानियों को समय का, समाज का, संस्कारों का यथास्थिति बयान कहा जा सकता है, लेकिन एक सपाट बयान… बुकर जैसे मंच के लिहाज़ से कहानियों का कथ्य, शिल्प और शैली अति-साधारण है।

शायद एक दृष्टि से ये आलोचनाएं सही हैं, पर इस संदर्भ में बुकर सम्मान समिति के सदस्य मैक्स पोर्टर की टिप्पणी भी पढ़ी जानी चाहिए। बानू के नाम बुकर की घोषणा करते हुए यूं तो उन्होंने बहुत-सी बातें कहीं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण थी वह पंक्ति जहां वे बहुत सच्चाई से स्वीकारते हैं कि ‘स्त्रियों के जीवन, अधिकारों, आस्था, जाति, शक्ति और उत्पीड़न की बात करती ‘हार्ट लैंप’ की कहानियों में रचा-बुना संसार अंग्रेजी पाठकों के लिए नया है।’ मुझे लगता है कि इस किताब को दिया गया यह सम्मान, यह पुरस्कार इस ‘नव्यता’ के कारण ही है। अब रहा सवाल विरोध का, तो विरोध का अर्थ हमेशा चीखते लोग, एक-दूजे पर टूट पड़ने को आमादा होते लोग, एक के पक्ष के लिए दूसरे को नकारते लोग नहीं होता। कई बार जो है, उसे वैसे ही कह देना भर भी विरोध होता है। भले इस तरह चीजें न बदलती हों, पर कम से कम दुनिया के सामने आती तो हैं और कई बार बदलाव के लिए बस इतना ही ज़रूरी होता है। तो चलिए इसी आधार और विश्वास के साथ पढ़ते हैं सद्यः सम्मानित कृति ‘हार्ट लैंप’ में शामिल कहानी ‘द अरेबिक टीचर एंड गोभी मंचूरियन’ का हिंदी अनुवाद।

 

कुछ चीजें कितनी भी आसान क्यों न लगें, मगर वे वैसी होती नहीं हैं, या कम से कम हमेशा, हर बार नहीं। जब लोगों को डर लगता है कि उन्हें ज़िम्मेदारी लेनी पड़ सकती है, तो वे बड़े अजीब और बेतुके तरी़के से बर्ताव करने लगते हैं। (ये बात मैं यूं ही नहीं कह रही) मेरे पास ऐसी बात सोचने की मा़कूल वजह है। हालांकि  हाल ही में मुझे यह इलहाम हो चुका है कि कई बार तो मैं ख़ुद अपने अजीब-ओ-ग़रीब बर्ताव को सही नहीं ठहरा सकती, (लेकिन अफ़सोस) यह इलहाम मुझे उस वाक़ये के कई साल बाद हुआ। इसमें कोई शक नहीं कि दिल-ओ-दिमाग का यह चौकस और चौकन्नापन वक्त के साथ और मज़बूत हुआ है, लेकिन फिर भी आज भी मेरी याददाश्त की गहराई से कभी भी, कहीं भी एक धमाके के साथ उस वाकये के अलग-अलग पहलू उभर आते हैं। और हर बार, बिना किसी चेतावनी के उन दिनों कानून के गलियारों में अपना कॅरियर संभालने के दवाब के साथ मेरे ऊपर दो बेटियों को पालने, उन्हें तमीज़ सीखने, उनके चाल-चलन पर निगाह रखने, मजहबी त्यौहारों को मनाने और ऐसे ही तमाम दूसरे कामों की ज़िम्मेदारी भी थी। बच्चों को अच्छी मजहबी तालीम देना, किसी भी दूसरे काम से ज़्यादा अहम था। हालांकि उनके वालिद साहब के पास ख़ासा वक़्त था, लेकिन उनके पूरे खानदान ने यह कहकर मेरे शौहर को इस ज़िम्मेदारी से आज़ाद करने का फतवा जारी कर दिया कि औलादों की अच्छी परवरिश देना उनकी मां का फर्ज़ होता है (यानी अकेले मेरा)। आप कह सकते हैं कि यह फैसला उस ज़माने के हिसाब से सही था। मुझे कभी इस तरह की बातों से कोई हैरानी नहीं होती कि साड़ी अपने धागे जैसी होती है और बेटी अपनी मां जैसी… मेरे मामले में इकलौता फर्क बस यह था कि जहां मेरे शौहर की तरफ़ के रिश्तेदार तमाम ज़िम्मेदारी मेरे सिर पर डालकर किनारे हो गए थे, वहीं मेरे ख़ानदान के लोग इन जिम्मेदारियों को पूरा करने में कम-से-कम मेरी मदद करने की कोशिश तो कर ही रहे थे। जिम्मेदारियां मेरे सुपुर्द किए जाने के तकरीबन एक हफ़्ते बाद मदद के इसी जज़्बे के मद्देनज़र मेरे छोटे भाई इमाद ने मुझे फोन किया। उसने कहा, ‘आपा मैंने बच्चियों को अरबी पढ़ाने के लिए एक उस्ताद ढूंढ़ लिया है। जब तुम घर पर हो, मुझे बता देना। मैं उन्हें ले आऊंगा।’

‘मगर तुमने उन्हें सीधे मुत’अय्यन (नियुक्त) कैसे कर लिया? क्या हमें पहले उनका इंटरव्यू नहीं लेना चाहिए?’

‘इंटरव्यू? ओ हो! जैसे तुम उन्हें सरकारी नौकरी देने वाली हो और तनख्वाह में हज़ारों रुपए… आं!’ उसने इस खीझ और गुस्से से जवाब दिया कि मैं उसकी मदद की कोशिश को ख़ारिज कर रही हूँ।

‘न्ना… ऐसा नहीं है। तुम ग़लत समझ रहे हो भाई। मैं उस वक़्त घर पर नहीं हुआ करूंगी। केवल लड़कियां रहेंगी। अकेली! इसलिए मैं पूछ रही थी कि क्या सब ठीक है? क्या वो शादीशुदा है?’

लो… इस बात पर वो और ज़्यादा आगबबूला हो गया। ‘मुझे यह सब तफ़सील नहीं मालूम, न ही मैंने उनसे यह सब पूछा है। अगर चाहो, तो तुम ख़ुद पूछ लेना। वरना छोड़ो। तुम्हारी औलादें पढ़ें या न पढ़ें, मुझे क्या पड़ी है? मैं उनके लिए उस्ताद सिर्फ इसलिए तलाश रहा था, क्योंकि अम्मी मुझे घर में चैन से बैठने नहीं दे रही थीं और बार-बार ये काम करने की गुज़ारिशें कर रही थीं।’ वह ऐसे बोला, जैसे झगड़-पड़ने के लिए तैयार हो। अगले ही पल वो मेरे शौहर के लापरवाह रवैये को निशाना बनाते हुए कहने लगा, ‘अपने प्यारे मियां जी से कहना वो ले आएंगे अल्लाह के किसी पैगाम-बर को ढूंढकर तुम्हारे पास…।’

‘देखो, बातों में बात जोड़कर बहस शुरू मत करो। दुनिया में बहुतेरे अच्छे आदमी हैं। कितने ही लोग मदरसों में पैसा ख़र्च करते हैं ताकि उनके बच्चे अरबी सीख सकें और अच्छी मजहबी तालीम पा सकें। तुम कैसे शकुनि जैसे मामा हो? क्या वो तुम्हारी भी बेटियां नहीं हैं? क्या उनकी पढ़ाई तुम्हारी भी ज़िम्मेदारी नहीं है?’ मैंने अपने भाई को थोड़ा जज्बाती तौर पर ब्लैकमेल किया।

उसने फ़ौरन एतराज़ किया। ‘जहां कुरान को पढ़ने-पढ़ाने जैसी बड़ी बात हो रही हो, वहां मुझे भटकाने के लिए बीच में रामायण-महाभारत को मत लाओ। तब बात में कोई और दाख़िल हो जाएगा और फिर एक अलग ही बात बन जाएगी,’ जज्बाती पकड़ से भाग निकलने की कोशिश में वो चिल्लाया।

‘उफ़्फ़! वो सब तभी होता है जब तुम्हारे जैसे पागल लोग आपस में उलझ जाते हैं। ठीक है! और ऐसा नहीं है कि इन दोनों ने कभी अरबी सीखी ही नहीं है। वो तीन बार पहले भी कुरान पढ़ चुकी हैं। अब उन्हें केवल क़िरात (इस्लामी अध्ययन की एक शाखा, जो पाठ के तरीकों से संबंधित है।) सीखनी है, ताकि वो आयतों को ठीक से पढ़ सकें। उसके बाद उन्हें इक जुबान की तरह अरबी लफ़्जों के मानी सीखने हैं और क़ायदा (व्याकरण) भी। मैं एक ऐसा बंदा चाहती हूं जो इन्हें यह सब ठीक से सिखाए। तुम समझ रहे हो? अच्छा ऐसा करो शाम 5 बजे आ जाओ और अपने साथ उन उस्ताद जी को भी ले आना।’ मैंने कहा और बात ख़त्म कर दी।

(मगर) इमाद के लफ़्ज़ पूरा दिन मुझे परेशान करते रहे। जब मैं शाम को घर के लिए निकल ही रही थी कि गौरी ने फोन करके मुझसे कहा, ‘मैडम फ़ौरन अपील कोर्ट में आ जाइए।’

‘क्यों? वहां क्या है?’

‘अरे वहां मुनिस्वामी का केस है न।’

‘ओह! लेकिन सुबह तो विवेक ने मुझसे कहा था कि वह मुल्तवी हो गया है।’

‘अइयो मैडम आप जानती तो हैं न विवेक को… अगर उसके सामने भी मुक़दमे की आवाज़ पड़ रही हो, तब भी कोई ज़रूरी नहीं कि वो सुन ले। वो हमेशा किसी और ही दुनिया में होता है,’ उसने थोड़ा खीझकर लेकिन बिना आपा खोए जवाब दिया।

‘एक हफ़्ते का टाइम ले लो। फिर देखते हैं।’

‘और टाइम लेना मुश्किल होगा। क्या मैं दलील पेश कर दूं मैडम?’

इसबार मैंने अपना आपा खो दिया। ’नहीं… नहीं! मैं ख़ुद आती हूं। कुछ पॉइंट कोर्ट को तफ़सील से समझाने हैं।’ मैंने जवाब दिया और कोर्ट की ओर भागी।

मैंने रास्ते से अपने शौहर को फोन किया और उनसे कहा कि वो देख लें कि इमाद का लाया टीचर पढ़ाने के लिए रखा जा सकता है या नहीं।

उधर से उन्होंने बड़े इत्मीनान से जवाब दिया, ‘अरे बेग़म वो दोनों 15 मिनट पहले यहां आ चुके हैं। हम अभी चाय ही पी रहे थे। बाकी बातों के बारे में मैं कुछ नहीं जानता। अभी मैं उसे हां कह दूं, फिर तुम्हारी तरफ से कोई चिकचिक हो, वो मैं नहीं चाहता। सो तुम ख़ुद आ जाओ और ख़ुद फैसला करो।’

‘अब्ब…?’ थोड़ी देर के लिए मैं उलझ गई। वह तो भला हो कि मैंने सुप्रीम कोर्ट के एक इसी तरह के मुक़दमे की नज़ीर लेकर पहले ही अपनी दलीलें तैयार कर रखी थीं। हालांकि मैं शुरुआत में थोड़ा चिढ़ी हुई थी कि जो मुक़दमा कोर्ट के पास टाइम न होने के चलते लगातार मुल्तवी होता चला आ रहा था, वो आज अचानक बहस और दलील के लिए सामने आ गया था। लेकिन जब एक बार मैंने जज के सामने दलील पेश करनी शुरू की, तो मैं बाक़ी सब भूल चुकी थी। जब मैं अपना काम ख़त्म करके घर लौटी, छह बज रहे थे।

शाम की नमाज़ का वक़्त हो चुका था, (शायद इसी बात से) उस्ताद जी थोड़ा बेचैन-से थे। (बल्कि मुझे ऐसा लगता है कि) जब उनकी नज़र मेरे काले कोट पर पड़ी, तो वे थोड़ा चौंक-से गए थे। वो अभी नौजवान ही थे और उत्तर प्रदेश के किसी गांव-शहर में कहीं से थे। वहीं एक मदरसे में उन्होंने कुरान पढ़ी थी और बहुत कम उम्र में हाफिज़-ए-कुरान का खिताब हासिल किया था। मैं अपनी बच्चियों के लिए अपने ही शहर का और थोड़ा उम्रदराज़ बंदा चाहती थी। ख़ैर! मैंने कोट उतारा और मेहमानखाने में दाखिल हुई। आसिया और अमीना अपने अब्बू के बगल में बैठी थीं। उस वक़्त आसिया ज़रूर 13-14 बरस की रही होगी। अमीना तब 12 की थी। उनकी मां के तौर पर इन सब बातों को लेकर अपनी बेखबरी से मैं खुद थोड़ा शर्मिंदा थी। उधर उस्ताद जी भी बेचैन होकर बार-बार पहलू बदल रहे थे, मानो कांटों पर बैठे हुए हों। इससे पहले मैं कुछ कहती, इमाद ने उनसे पूछने लगा, ’तो आप कब से पढ़ाने के लिए आएंगे?’ मानो उसने पहले ही सब तय कर लिया हो। उस्ताद जी अगले रोज़ से शुरू करने को तैयार थे। उन्हें यह बताने में दिक़्क़त हो रही थी कि वे किस वक्त आएंगे, क्योंकि जिस भी वक्त बच्चियां स्कूल में नहीं होतीं यानी सुबह छह से आठ के बीच और शाम को 5 बजे के बाद। उस्ताद जी का वक्त (पहले से अलग-अलग लोगों में) बंटा हुआ था। मैंने सुझाया कि अगर वे शाम 5 से 6 बजे के बीच आ सकें तो बेहतर रहेगा। इमाद ने मेरी बात की तरफदारी की, पर उस्ताद जी थोड़ी देर किसी कशमकश में रहे। फिर इमाद और मेरे शौहर से मुखातिब होते हुए ठेठ यूपी के लहजे में उर्दू बोलते हुए कहने लगे, ’वैसे तो उस वक्त मैं गफ़्फ़ार साहब के बच्चों को पढ़ाने जाता हूँ। अरे वही फलवाले गफ़्फ़ार साहब… अल्लाह माफ़ करे मैं किसी की बुराई नहीं करना चाहता, पर उन बच्चों को पढ़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है। इसलिए सोच रहा हूँ कि मैं उनके घर जाना बंद कर दूं। उनके बजाय मैं आपकी बच्चियों को पढ़ाने आ जाया करूंगा।’

यह सब बोलने के दौरान उन्होंने एक बार भी, ग़लती से भी मेरी ओर नहीं देखा। (मुझे मालूम था कि) उन्हें (यानी उस्तादों को) यह सिखाया जाता है कि न तो उन्हें औरतों की आंख से आंख मिलानी चाहिए और न सीधे उनसे मुखातिब होकर बोलना चाहिए। यह भी एक तरह का पर्दा होता है, जिसे मर्दों को निभाना होता है। इसीलिए बात करते हुए वे लगातार दीवार को, फ़र्श को, छत को या कमरे में उनके अलावा मौजूद दो अदद मर्दों की ओर देख रहे थे। ख़ैर! आखिर में तय हुआ कि वे हमारी बच्चियों को अरबी सीखने के लिए शाम को पांच बजे आया करेंगे और इसके लिए हम उन्हें पांच सौ रुपए महीना दिया करेंगे।    

इसी के साथ बच्चियों की तालीम शुरू हो गई। मैंने अपने बावर्चिन से कह दिया था कि जब उस्ताद जी आएं तो उन्हें चाय के साथ कुछ स्नैक्स या बिस्किट दे दिया करे। वो हिदायत के मुताबिक काम करके घर चली जाती थी। कभी-कभी, काम के बीच में, अचानक मैं यह सोचकर परेशान हो जाती कि क्या उस्ताद जी मेरी बेटियों के साथ ठीक से बर्ताव कर रहे होंगे या… बेशक, एक मां के तौर पर मैं ज़रूरत से ज़्यादा प्रोटेक्टिव हो रही थी। मुझे आसिया और आमीना की समझदारी पर भरोसा था। भरोसा था कि उनके साथ कोई भी अनहोनी नहीं हो सकती। फिर भी, एक दिन मैंने अपने पति से शाम को घर पर रहने और क्लास के दौरान उन पर तबज्जो देने के लिए कहा। इस पर उन्होंने मुझे जिस तरस और हिराकत की नज़र से देखा न कि मुझमें उनके सामने दोबारा यह बात उठाने की हिम्मत नहीं हुई।

हालांकि मैंने बेटियों के उस्ताद जी को पांच सौ रुपए तनख्वाह देने का फैसला किया था, मगर मैं उससे बंधी नहीं रही। मैं अच्छी तरह से जानती थी कि यह दीनी-मजहबी तालीम मेरी बेटियों के आने वाले कल के लिए कितनी ज़रूरी थी। इसलिए मैंने उस्ताद जी को तनख्वाह थोड़ी बढ़ाकर देनी शुरू कर दी, ताकि वे ज़्यादा अच्छी तरह से अपने सबक याद करवाएं। शायद हर कामकाजी मां के पास यही रास्ता बाक़ी होता है अपने बच्चों के साथ वक्त न बिता पाने की गिल्ट को दूर करने के लिए… माने उन्हें पैसे या तोह़फे देना! लेकिन कुछ ना-मुमकिन हालतों, अजीब-ओ-गरीब रिश्तों और उनके नतीजे में उठ खड़े हुए मसालों में गिल्ट से बच पाना नामुमकिन ही होता है। ऐसे में हम कामकाजी मांओं को बस अल्लाह ही बचा सकता है।

खैर! अपनी इन उलझनों और चिंताओं के बावजूद मुझे लग रहा था कि अरबी के उस्ताद जी अच्छा काम कर रहे थे। उन्हें तालीम शुरू किए तक़रीबन छह महीने बीत चुके थे। उस दिन फातिमा वूमेन ऑर्गेनाइजेशन ‘पैगंबर साहब’ का जन्मदिन मना रहा था। जब मैं प्रोग्राम में पहुंची, तो देखा आसिया और आमीना भी वहां मौजूद थी। मुझे देखकर वो हौले-से मुस्कुरा दीं। अभी मैं सोचने और समझने की कोशिश कर ही रही थी कि मुझे बताए बगैर ये दोनों प्रोग्राम में कैसे और क्यों आई हैं, तब तक दोनों स्टेज पर पहुंच चुकी थीं। थोड़ी देर में उन्होंने पैगंबर साहब की शख्सियत, उनकी ज़िंदगी में आने वाले तूफानों, उनकी मुश्किलातों के बारे में गाना गाना शुरू कर दिया। उनका तलफ्फुज साफ था और चेहरे पर ख़ुद-एतिमादी। बाद में कई खातूनें मुझे बधाई देने आईं। (कुदरती तौर) मुझे ख़ुशी हो रही थी। लेकिन जब मेरी भाभी ने भी अपनी हसद-भरी तारीफ का इजहार किया, तो मुझे लगा वास्तव में लड़कियों ने अच्छी तरक़्क़ी कर ली है।

शाम को अपने अब्बू के सामने फिर से गाना गाते हुए वे जन्नत की हूरों जैसी लग रही थीं। आमीना कहने लगी, ‘अम्मी, हम आपको एक सरप्राइज देना चाहते थे, इसलिए हमने हज़रत के साथ मिलकर ये प्लान बनाया था। हालांकि हमें आखिरी मिनट तक पता नहीं था कि आप आएंगी भी या नहीं।’ खुशी में उस महीने मैंने हज़रत के वेतन में पांच सौ रुपए अलग से जोड़े। लेकिन मैंने नहीं सोचा था कि हज़रत जल्द ही मुझे इससे भी बड़ा सरप्राइज देंगे।

अभी यही कोई तीन-एक महीने बीते होंगे। उस रोज़ भी मुझे एक केस में बहस करनी थी, लेकिन मेरी तबियत थोड़ी खराब थी। मैंने अपने मुवक्किल की ओर से एक लिखित दलील तैयार की और फाइल गौरी को दे दी, जो हमेशा ऐसे मौके के लिए तैयार रहती थी।

‘गौरी इस दलील को एक-दो बार पढ़ लेना और कोर्ट में ठीक से पेश करना। और हां अंत में लिखित दलील भी कोर्ट में पेश कर देना।’ उसे हिदायत देकर मैं घर चली आई।

बावर्चिन ने दरवाज़ा खोला। मैंने बच्चियों के स्कूल से वापस आने के बारे में पूछा। कुछ दूसरे फौरी सवाल किए और सीधा बेडरूम में चली गई। हालत ऐसी हो रही थी कि मुझे लेटते ही गहरी नींद आ गई। कुछ देर बाद जब मैं जागी, तो रसोई से एक साथ कई तरह की आवाज़ें आ रही थीं। एकदम से मेरे भीतर अरबी उस्ताद के चेहरे के साथ न जाने कितने शक फनफना उठे। अपनी बे-अक्ली को लानतें भेजती, एक बार में दो कदम उठाती मैं नीचे दौड़ गई। आवाज़ों का पीछा करते ज्यों ही मैं बावर्चीखाने में पहुंची तो देखा कि एक कड़ाही में तेल गर्म हो रहा था। एक कटोरे में फूलगोभी के टुकड़ों का ढेर रखा हुआ था। आसिया और आमीना के हाथ तेल, आटे और ऐसी ही दूसरी चीज़ों से सने हुए थे। जबकि दूसरे कोने में एक कुर्सी पर उनके अरबी के उस्ताद बैठे हुए थे। मुझे देखते ही वो ठिठक गए। उस्ताद जी का चेहरा ऐसा पीला पड़ा जैसे वो अभी-अभी बेहोश होने वाले हों। एकदम से मैं समझ नहीं पाई कि आख़िर वहां हो रहा क्या है, लेकिन मेरे टेढ़ी भवों और सिकुड़ी पेशानी को देखकर उस्ताद जी फौरन वहां से उठकर बाहर सड़क की ओर भाग गए।

मैं पलटी। बावर्चीखाना कुछ और ही कहानी कह रहा था। मैंने आसिया और आमीना को घूरा। दोनों ने रोते हुए टुकड़ों में बहुत-सी बातें बताईं। उनसे जो मेरी समझ में आया वो यह था कि हज़रत को गोभी मंचूरियन पसंद था। पसंद ही नहीं था, दीवानगी की हद तक पसंद था। हालांकि वो हर रोज़ बाज़ार से एक प्लेट गोभी मंचूरियन खरीदकर खाते थे, लेकिन ठीक-ठाक पैसे खर्च करने के बाद उन्हें जो छोटी-सी प्लेट गोभी मंचूरियन नसीब होता है, उससे उनको तसल्ली नहीं मिलती थी। वो जी भरकर मंचूरियन खाना चाहते थे, भरपूर… पर उनकी इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। शायद उन्हें लगा होगा कि मुसल्सल तादाद में यह डिश उन्हें केवल हमारे बावर्चीखाने के जरिए ही नसीब हो सकती है। लिहाज़ा उन्होंने लड़कियों के साथ मिलकर एक प्लान बनाया। प्लान के मुताबिक लड़कियों ने बावर्चिन से गोभी मंचूरियन की रेसिपी के बारे में पूछा। मेरी बावर्चिन जंक ़फूड बनाना नहीं जानती, लेकिन जब बच्चों ने पूछा तो वह मना नहीं कर पाई और उन्हें अपने मन से एक रेसिपी तैयार करके बता दी। इस वक्त यह तीनों उसी रेसिपी को फॉलो करते हुए प्लान के अगले हिस्से को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे कि तभी मैं उनके बीच आ गई और…।

पूरी कहानी सुनकर मैंने राहत की सांस ली। मैं खुश थी कि कोई अनहोनी नहीं हुई। मगर यह नज़ारा मेरे बजाय अगर मेरे रिश्तेदारों ने देखा होता, तो अल्लाह जाने क्या आफत मचती। बात को पंख लग जाते और बात बनाने वालों के मन की उड़ान के साथ-साथ बात फैलती-फैलती न जाने कितनी और कैसी शक्ल ले लेती। शुक्र है हम इस सबसे बच गए और मैंने दोबारा राहत की सांस ली। मैंने कयास लगाया कि वो हज़रत अब कभी हमारे घर की ओर नहीं देखेंगे और वक्त के साथ मेरा ख़याल सही निकला।

अलबत्ता उनके बारे में खबरें ज़रूर रह-रहकर सुनाई देती रहती थी। मसलन अपने कुछ मुवक्किलों से मुझे मालूम हुआ कि हज़रत उनके घरों में अपने लिए दुल्हन तलाश करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अभी तक कहीं कामयाब नहीं हुए थे। एक शाम मैंने देखा अब्दुल सुभान (एक पुराना मुवक्किल) दरवाजे के पास खड़ा था। अपने मुक़दमे के बारे में बात करने के लिए वो अक्सर ऑफिस बंद होने के समय ही आता था और कभी-कभी निजी मामलों में भी सलाह-मशवरा मांगता रहता था। अंदर बुलाया, तो वह कुर्सी पर बैठते हुए बोला, ‘जरा देखिए मैडम, मेरी सबसे छोटी बेटी के लिए एक पैगाम आया है। लड़का हमारी अजीम मस्जिद में मौलवी है। लेकिन वह हमारे इला़के का नहीं है, उत्तर प्रदेश में कहीं से है। यहां तो मैं लड़की की शादी किसी चोर से भी करवा सकता हूँ, लेकिन बाहरी लोगों पर कोई भरोसा नहीं कर सकता।’

‘यह तो सही है…. तो फिर पैगाम का क्या हुआ?’

‘वही तो बता रहा था मैडम। मौलवी साहब ने आपका नाम लिया था, इसलिए शुरू में मुझे लगा कि बेटी-जमाई के लिए मैं यहीं किराए पर एक घर ले लूंगा, खुद ही थोड़ा एडवांस दे दूंगा, घर-गृहस्थी चलाने के लिए जो भी ज़रूरी सामान होगा, खरीद दूंगा और उन्हें अपने आस-पास रखूंगा। मगर फिर ख्याल आया कि क्या होगा अगर वो एक-दो बच्चों का बाप बनने के बाद गायब हो गया तो? मैं उसे कहां ढूंढ़ता रहूंगा? कौन करेगा मेरी बेटी और उसके बच्चों की देखभाल? सो मैडम आखिर में मैंने यही तय किया कि मुझे यह परेशानी नहीं चाहिए और मैंने उस बात को वहीं छोड़ दिया।’ मुझे भी लगा कि उसने सही किया। आखिर बेटी का मामला था।

इस बात को बीते दो-तीन महीने हो गए थे।

इतवार की एक शाम मुझे ढूंढ़ते हुए सलीमा जान आ पहुंची। अरे सलीमा जान… हमारी बावर्चिन। खराब सेहत की वजह से अब उसने अब हमारे घर का काम छोड़ दिया था। लेकिन अब भी उसे सब मालूम था कि मैं किस वक्त काम के प्रेशर मे रहती हूँ और कब खाली। पहले तो वो इधर-उधर की बातें करती रही, फिर बोली, ‘अक्का, मेरी बहन की बेटी के लिए एक रिश्ता आया है। मैं तुमसे पूछे बिना कुछ नहीं करती, इसीलिए आपके पास आई हूँ। हमारी लड़की बीए पढ़ी है और एक कॉर्मेंट स्कूल में पढ़ाती है।’ कॉर्मेंट, मेरे कान चौंके, मगर अगले ही पल समझ गए कि इलाके के बाक़ी लोगों की तरह सलीमा भी ’कॉन्वेंट और गवर्नमेंट’ जैसे शब्दों को एक साथ मिलाकर बोल रही थी। मैं मुस्कुरा दी। वो भी मुस्कुराते हुए कहने लगी, ‘आप तो जानती ही हो अक्का यह लड़की अपने मां-बाप की इकलौती औलाद है। उधर लड़के के घर-परिवार में कोई है ही नहीं, जिसका इसकी पीठ पर वजन हो। इसलिए यह लोग सोच रहे थे कि वे लड़के को अपने साथ रख लेंगे।’

पता नहीं क्यों, जब से मैंने लड़के के बारे में सुना था, मुझे लग रहा था कि मैं इस कहानी के हीरो को जानती हूँ, जिसमें (आगे-पीछे) मुझे भी एक किरदार निभाना है। किसी तरह मैंने अपने ख़यालों पर काबू किया और सलीमा से पूछा, ‘लड़का कौन है?’

‘अरे वही मौलवी हजरत, जो तुम्हारी लड़कियों को पढ़ाने आते थे। वही तो है लड़का…’ अब मुझे शक हुआ कि कुछ तो गड़बड़ है यहां।

‘हम्म। तो बात तय हो गई? शादी कब है?’ मैंने पूछा।

‘अभी कैसे तय होगी अक्का? तुम तो जानती ही हो हमारी लड़की तो कॉर्मेंट भी बुर्का पहनकर जाती है। लड़के ने एक बार भी उससे मिलने के लिए नहीं कहा। न हमसे पूछा कि हम शादी में क्या देंगे या क्या लेंगे। बजाय इसके वो रास्ते में खड़ा होकर लड़की के घर से निकलने का इंतज़ार करता रहा, जैसे ही मौका लगा उसने उसे बीच सड़क पर रोक लिया और पूछने लगा, ’क्या तुमको गुबे मंचूरी अब अल्लाह जाने ये जो भी हो, बनाना आता है? अइ अक्का देखो तो किस तरह का आदमी है वो?’ उसने मानो खुद से सवाल किया और एक मिनट के लिए चुप हो गई।

फिर उसने अपनी आंखों और कानों से पूरे कमरे की स्कैनिंग की कि आस-पास घर के मर्द या बच्चों के होने की कोई निशानी तो नहीं है। हालांकि उसे तसल्ली हो गई थी कि आस-पास कोई नहीं है। फिर भी वो मेरे करीब आई, अपने बुर्के का पर्दा नीचे खिसकाया ताकि कोई उसके होठों की हरकत भी न देख सके और बोली, ‘देखो अक्का, वो आदमी मर्दों की तरह भी बर्ताव नहीं करता। शादी के बारे में बात करने के लिए उसके साथ कोई बड़ा-बुजुर्ग भी नहीं है। लेकिन फिर भी लड़का पढ़ा-लिखा है। दिन-रात मस्जिद में वक्त बिताता है। होठों से हमेशा अल्लाह का नाम लेता रहता है। लोगों को मशवरे देता है। उनकी परेशानियों के हल बताता है। बाद में अगर यह लड़की को छोड़ भी देता है या अपने गांव चला भी जाता है, तब भी लड़की इतनी है कि अपनी ज़रूरतों का ख्याल खुद रख लेगी। लेकिन सच तो यह है कि उसे शादी या लड़की की बिलकुल भी परवाह नहीं है। उसे तो बस इस बात की फिक्र है कि शादी की दावत में हम लोग गुबे करी और ऐसा ही कुछ बनवाएंगे या नहीं। लो बताओ! ये भी कोई बात हुई। इसलिए मैंने सोचा कि आकर तुमसे उसके बारे में पूछकर देखूं। तुम्हारा पाला तो अक्सर ऐसे क्रेक लोगों से पड़ता रहता होगा न, तुम्हीं बताओ हमें क्या करना चाहिए?’

मैं सलीमा का मतलब समझ गई थी कि हज़रत इन लोगों से शादी में अपना पसंदीदा गोभी का नाश्ता परोसने के लिए कह रहे थे और इसी बात से यह परेशान थे, लेकिन पता नहीं क्यों मुझे एक हमदर्दी महसूस हो रही थी। मैं सोचने लगी कि आख़िर कौन-सी चीज़ हज़रत को गोभी मंचूरियन के जुनून से छुटकारा दिला सकती है। थोड़ा सोचकर मैंने जवाब दिया, ’मैं उनके बारे में ज़्यादा नहीं जानती। ऐसे तो अच्छे आदमी लगते हैं। वे कुछ वक्त के लिए हमारे बच्चों को अरबी पढ़ाने आते थे। उसके बाद मुझे नहीं पता… तुम्हारी मर्ज़ी है। करवाना चाहो तो यह शादी करवा सकती हो। वैसे बेहतर होगा कुछ और लोगों से पूछताछ कर लो और फिर कोई ़फैसला लो।’ बेशक यह अपना पल्ला झाड़ने जैसा निहायत ही गैर-ज़िम्मेदारना जवाब था और सलीमा मुझे इतनी आसानी से छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी।

थोड़ा-सा और करीब आकर वो फुसफुसाते हुए बोली, ‘अच्छा अक्का हम कैसे पता लगा सकते हैं कि वह पूरा मर्द है भी या नहीं?’ अब मुझे चिढ़न होना शुरू हो गई। कहीं न कहीं उसे भी यह अहसास हो गया, सो फौरन बोली, ‘वैसी बात नहीं है अक्का, मुझे गलत मत समझो। मैंने बस इसलिए पूछा क्योंकि तुम वकील हो। ऐसे देखे तो नज़र आता है कि बड़ा आमिल-फाजिल है वो। अरबी और उर्दू सीख रखी है उसने, लेकिन अगर वो बीच सड़क में लड़की को रोककर पूछता है कि तुम गुबे करी बना सकती हो या नहीं, तो हम क्या करें? हज़रत की अजीब-ओ-गरीब हरकतों के लिए कभी तारीफ करती, कभी लानत भेजती सलीमा न जाने क्या-क्या बोलती जा रही थी।

मुझे भी इन बातों से लग रहा था कि वाकई यह पूरी तरह से हज़रत की सनक का मामला था। अगर उसने बिरयानी, पुलाव या इसी तरह के दूसरे व्यंजन मांगे होते, तो शायद लड़की वाले खुशी-खुशी मान लेते। लेकिन एक शाकाहारी व्यंजन की डिमांड ही उनके लिए अजीब थी। फिर भले उसे कुछ भी कहो गुबे मनचली या गोभी मंचूरियन… मुझे लगा कि शायद मुझे इमाद को फोन करके कहना चाहिए कि वो हज़रत को थोड़ा समझदारी से काम लेने के लिए कहे। लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि इस मामले में मेरा इस तरह की दिलचस्पी दिखाना ठीक नहीं… इसी के साथ यह सारी बातें मेरी कभी न खत्म होने वाली जिम्मेदारियों के सामने गौरैया की तरह उड़ गईं और एक बार फिर मैं अपनी पेशेवर दुनिया में डूब गई।

इन बातों को छह महीने और बीते होंगे कि एक दिन जब मैं कोर्ट जाने की तैयारी कर रही थी ठीक उसी समय इमाद खुद मेरे लिए एक बड़ी खबर लेकर आ धमका। वह अपने साथ खजूर, बादाम और मिठाई से भरे दो डिब्बे लेकर आया था। आसिया और आमीना को बुलाते हुए उसने कहा, ‘तुम्हारे उस्ताद का निकाह हो गया है। मैं सीधे मस्जिद से आ रहा हूँ। शादी की सारी हलचल के बीच भी तुम्हारे उस्ताद तुम दोनों को भूले नहीं, उन्होंने तुम्हारे लिए ये सूखे मेवे भिजवाए हैं।’ उसने एक-एक डिब्बा दोनों बेटियों को थमा दिया। जैसे ही मेवे उनके हाथों में पहुंचे, वे गायब हो गईं। मुझे उस दिन वाला बावर्चीखाने का मंज़र याद आ गया और मैं हंस पड़ी। यह सुनकर मेरा दिल थोड़ा हल्का हो गया था कि आखिरकार हज़रत ने शादी कर ही ली। यह उम्मीद करते हुए कि अब वह चैन से रहेंगे, मैंने अपने चेहरे पर उभर रही हल्की मुस्कान को तैरने दिया।

हालांकि जिस वक्त मुझे लग रहा था कि शैतान चला गया है, असल में वह पिछले दरवाज़े से वापस दाखिल हो रहा था और उसी के साथ अरबी उस्ताद भी… मानो ज़िंदगी यह साबित करना चाहती हो कि वास्तव में दुनिया बहुत छोटी और गोल है। मुझे हैरान करते हुए बार-बार उनके बारे में खबरें मुझ तक आ रही थीं। यूं मुझे खुशी थी कि उनका घर बस गया, फिर भी भीतर यह जानने की एक हलचल-सी थी कि किसने उन्हें अपनी बेटी दी होगी? मैंने खुद से कहा कि अगर वह मेरा कोई जानने वाला होता, तो मुझे या तो शादी का न्यौता मिलता या कम से कम इसके बारे में पता ज़रूर होता। हो न हो वह कोई और है। पर कौन??

खैर मैं जो भी राहत महसूस कर रही थी, वह ज़्यादा देर कायम नहीं रही। मानो इस सच को पुख्ता करने के लिए ही एक दिन एक लड़का और उसके साथ एक बुर्कानशीं औरत मेरे ऑफिस आए। मैं उन्हें पहले से नहीं जानती थी। लड़की ने अपने चेहरे से पर्दा उठाया, मगर थोड़ा ही… उसकी नाक पर खरोंच के निशान थे और दोनों हाथों पर कांच की चूड़ियों के टूटने और चुभने के निशान थे। जब वो मुझे अपने घाव दिखा रही थी, उसकी आंखें भरी हुई थीं।

मैंने सवालिया नज़रों से देखा तो युवक भड़कते हुए बोला, ‘मैडम, यह मेरी छोटी बहन है। इसकी शादी को छह महीने हुए हैं। लड़का मौलवी है, लेकिन शादी के दिन से ही इसे पीट रहा है। शौहर की इज्जत रखने के लिए इसने बहुत सहन किया, पर उसके तशद्दुद (अत्याचार) बंद नहीं हुए। हम भी तंग आ चुके हैं। मस्जिद में तीन बार पंचायत कर चुके हैं। वहां के मुतवल्ली और अन्य कमेटी के लोगों ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी या यूं कहूं कि वह किसी की सुनने की हालत में ही नहीं है। आखिर में उसे मस्जिद की नौकरी से निकाल दिया गया। इतने पर भी उसने मेरी बहन के साथ मारपीट करना बंद नहीं किया। अल्लाह के वास्ते आप हमारी शिकायत पुलिस में लिखवा दीजिए।’

मैं बहुत हद तक खुद ही चीजें समझ रही थी, इसलिए उन लोगों से ज़्यादा तफसील नहीं मांगी फिर भी दुख और गुस्से से भरा लड़का मुझे अपनी बहन के शौहर के बारे में बताए जा रहा था।

‘अल्लाह जाने मैडम वो इसे न जाने खाने की कौन-सी डिश बनाने के लिए कहता रहता है। ये बिचारी समझ नहीं पाती कि वो खाना क्या चाहता है और जो यह बनाती है वो चीज उसे अपने मन मुताबिक नहीं लगती। नतीजा (दोनों ही सूरत में) वो इसे पागलों की तरह पीटना शुरू कर देता है। हम ये बर्दाश्त नहीं कर सकते। आप उसे जेल भेज दो।’

गोभी मंचूरियन के लिए हज़रत की ऐसी सनक के बारे में सोचकर और उसके ऐसे नतीजे देख मुझे बहुत तकलीफ हो रही थी। बिलाशक इस जुर्म के लिए वह जेल जाने के ही काबिल था। लेकिन मुझे इसमें भी कोई शक नहीं था कि अपने खिलाफ मामला दर्ज होते ही वह गायब हो जाएगा। उसके बाद इस लड़की का क्या होगा? मैंने तय कर लिया था कि मुझे इस लड़की की जान और हो सके तो इनकी शादी बचाने की एक कोशिश तो (कम से कम) करनी चाहिए। अगले ही पल मैं एक फोन से अपने भाई इमाद को फोन मिला रही थी और दूसरे पर गोभी मंचूरियन की रेसिपी खोज रही थी।

 


कन्नड़ से अंग्रेजी अनुवाद : दीपा भास्थी

 

दक्षिण भारतीय लेखिका और अनुवादक हैं। पत्रिकाओं में स्तंभ लेखन। निबंध और सांस्कृतिक आलोचनाएं प्रकाशित। कन्नड़ से उनके प्रकाशित अनुवादों में शिवराम कारंत का एक उपन्यास और कोडागिना गौरम्मा की कहानियों का संग्रह शामिल। ‘हार्ट लैंप’ के लिए अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार।

अंग्रेजी से अनुवाद और टिप्पणी : उपमा ऋचा

 

 

लेखिका, अनुवादक। हिंदी की पहली ऑडियो-विजुअल पत्रिका ‘अबे कलजुग’ का संचालन। इंदिरा गांधी की जीवनी ‘एक थी इंदिरा’ सहित अनुवाद की कई किताबें और साझा कविता संग्रह प्रकाशित। संप्रति मल्टीमीडिया एडीटर, ‘वागर्थ’।