
वरिष्ठ लेखिका।‘सच कहती कहानियाँ’, ‘एक अचम्भा प्रेम’ (कहानी संग्रह)। ‘एक शख्स कहानी–सा’ (जीवनी) ‘लावण्यदेवी’, ‘जड़ियाबाई’, ‘लालबत्ती की अमृतकन्याएं’, ‘मारवाड़ी राजबाड़ी’ (उपन्यास) आदि चर्चित रचनाएँ।

प्रख्यात शिक्षाविद डॉ.सुनील सेनगुप्ता ने हम्बोल्ट यूनिवर्सिटीसे जहां कार्ल मार्क्स समेत अट्ठाईस-उन्तीस नोबेल पुरस्कृत विद्वानों ने पढ़ाई की थी, बुलावा भेजा; ‘कट्टरता बनाम सहिष्णुता’ विषय पर आधारित दो दिवसीय संगोष्ठी में पर्चा प्रस्तुत करने का। प्रतिभागियों की सूची देख छक्के छूट गए और गर्दन स्प्रिंग लगी गुड़िया सी लगातार ‘ना’ में हिलने लगी। संपूर्ण विश्व से चुने हुए विद्वानों की इस विद्वत्सभा में मुझ अल्पज्ञ का क्या काम (?) हाँ, व्यवस्था हेतु आ सकती हूँ!! जवाब लिख भेजा।
डॉ. सुनील सेनगुप्ता की मुझसे आशाएँ और विश्वास दोनों ही इतने घनीभूत हैं कि उन्होंने किसी भी तरह मेरी ‘ना’ को स्वीकार नहीं किया और कसकर डाँट पिलाते हुए कहा, “इधर-उधर भटकना बंद करो, अभी तीन महीने बाकी हैं.. आज से ही नेशनल लाइब्रेरी जाना शुरू करो और ध्यान से पर्चा लिखकर मुझे भेजो, यदि कुछ सुधार करना होगा, तो मैं कर दूँगा!”
उनके प्रति मेरी श्रद्धा को अंधभक्ति भी कहा जा सकता है; ‘अतः मरता क्या न करता’, की मनोदशा में काम शुरू किया, पर आज मुड़ कर देखने पर न तो वह गहन-गंभीर-प्रशंसित पर्चा मेरा लिखा लगता है, न ही यह विश्वास जमता है कि आखिर दलाईलामा के साथ एक मंच पर बैठ कर मेरे गले से आवाज़ निकली कैसे?? हालाँकि श्रोताओं की तादाद बड़ी नहीं थी, पर जो थे वे सब एक से एक धुरंधर और किसी न किसी सत्र के अध्यक्ष।
ख़ैर, यह दृश्य तो विश्वविद्यालय का अंतरंग था, पर उसके बहिरंग तक पहुँचने में मुझ औसत मारवाड़ी महिला को जैसी रुकावटें झेलनी पड़ीं, उनको सोचने मात्र से ही आज भी सिहरन होती है।
क़िस्से की शुरुआत यों है कि किसी भी यायावरी के शौक़ीन को क्या चाहिए; कोई न कोई बहाना शौक़ पूरा करने का!! और बहाना हाज़िर था; इसलिए यात्रा को सहज करने के लिए हमने निश्चित किया कि एक ग्रुप के साथ हम तीनों; अर्थात मेरी समवयसी मित्र विमला, तेरह वर्षीया स्वस्ति और मैं यहाँ से साथ जाएँगे और उनके साथ पूरा यूरोप घूम कर फ्रैंकफर्ट से अपना-अपना गंतव्य चुन लेंगे। मैं ट्रेन से बर्लिन चली जाऊँगी और वे दोनों भारत।
पर ‘प्रथम ग्रास मच्छिकापात’ की तरह ही; सर्वप्रथम तो विमला के वीज़ा की अड़चन से ग्रुप छूट गया, और उसे पकड़ने जब हम एम्सटर्डम पहुँचे, तो वह पर्स जिसमें वीज़ा, पासपोर्ट, ट्रावेलर्स चैक और डॉलर आदि थे; कंधे पर से ऐसा कटा कि पता तक न चला। विदेश की धरती पर भारत का पासपोर्ट और वीज़ा बनवाना असंभव-सा था, पर परिश्रम, व्यय और भारत के दूतावासों से निरंतर मिन्नत करके दो-तीन दिनों में किसी तरह जब सारी कार्यवाही पूरी हुई और हाथ में नया पासपोर्ट आया, तो सहसा विश्वास तो नहीं हुआ, पर फ़ख्र से सिर ज़रूर ऊँचा हो गया कि चलो, हम भी किसी काबिल हैं।
ख़ैर.. जब हम मरते-पड़ते दल को पकड़ने हाईडेलबर्ग जा रहे थे, तो एक अनूठा अनुभव हुआ। रेल में हमारे पास कारीन नाम की एक जर्मन लड़की बैठी थी। उसके चेहरे पर गज़ब की मिठास थी। सुन्दर न होते हुए भी उसके भावों की उष्मा उसे बहुत ही आकर्षक बना रही थी। चूँकि जर्मनों के बारे में हमारी धारणा थी कि वे बहुत शुष्क और रूखे होते हैं; इसलिए हम उससे खास रुख नहीं जोड़ रहे थे, पर यह क्या!.. वहाँ की संस्कृति के बिल्कुल उलट वह आगे बढ़कर हमारे पास आई और भारत के गुण बखानने लगी; यहाँ तक कि भारत के प्लेटफार्मों और बस की भीड़ में भी उसे आत्मीयता का बोध हुआ, जो कि उस ठण्डे मुल्क के ठण्डे लोगों में नहीं होता।
खाते-पीते घर की जर्मन लड़की कारीन को भारत इस हद तक पसन्द है कि वह प्लेटफार्म पर सोए हुए लोगों के बीच सोयी; बस-ट्राम में घूमी; सिर्फ इसलिए कि उसे इन सबमें अपनापन लगा। यह जानते ही पर्स खोलकर रख दिया और सिर्फ एक छोटा नोट खुद के लिए रखकर बाकी हमें देने पर उतारू हो गई। जब उसे डॉलर में से देने लगी; वह बार-बार बस एक ही बात दोहराती रही कि पता नहीं क्यों हमारे यहाँ लोगों ने सुख नाम को बड़ी गाड़ी से जोड़ रखा है। जीवन भर पैसा जोड़ेंगे और बड़ी गाड़ी या मकान खरीद लेंगे.. क्या फायदा है भला इस तनाव का?
क्या बड़ी गाड़ी सचमुच जल्दी गंतव्य पर पहुँचाती है या आरामदायक है? यह क्या सिर्फ अहं या भ्रम नहीं? मेरे यह कहने पर कि हम तो सिर्फ दर्शन पढ़ते हैं और नैतिकता बघारते हैं, पर तुम उसमें जीती हो, उसका शर्म से उसे नकारना उसे कैसी शोभा प्रदान कर रहा था! ..कैसी भव्यता दे रहा था!.. साधारण-से चेहरे-मोहरे की कारीन को दिव्य सुंदरी बना रहा था!!.. चेहरा सचमुच हमारे अंतस का शीशा है।
बातों-बातों में जब उसे पता चला कि ‘एम्स्टर्डम’ में हमारे पासपोर्ट, वीज़ा, पैसे आदि से भरा पर्स किसी ने काट लिया, तो वह रोने लगी और यह सुनते ही कि समयाभाव के कारण हम करेंसी नहीं बदलवा पाए उसने एक छोटा सा नोट खुद के लिए रखकर मार्क्स के नोटों से भरा अपना पर्स खोलकर रख दिया हमारे सामने। हम सब अवाक् होकर उसका और एक-दूसरे का मुँह देखने लगे; सोचने लगे इसे क्या कहें?? भलमनसाहत की इन्तिहा?? लगा… नहीं, कोई और ही भारी शब्द कोश में ढूंढ़ना पड़ेगा!!
हमें चुप देखकर वह गिड़गिड़ाती-सी कहने लगी, “कृपया इसमें से जितने मार्क्स चाहिए, ले लीजिए!”
मैंने पचास का डॉलर उसकी ओर बढ़ाकर कहा- “बस! इसके ही मार्क्स दे दो।”
विनिमय में जब उसने मुझे 200 मार्क्स पकड़ाए, तो उन्हें देख स्वस्ति ने कहा, “ये तो बहुत ज्यादा हैं, वापस लीजिए।”
उसके व्यवहार ने याद दिला दी उस ‘फरहान’ की, जिसने हमारा बैग खोते ही हमें घेर लिया था.. और हमें पुलिस स्टेशन ले जाकर हमारी मदद करने का ढोंग कर रहा था। हमारे देश का सुन्दर नौजवान होते हुए भी वह कितना जालिम था। हमारी दी हुई भेंटों को स्वीकारते समय उसके हाथ कांपे तक नहीं। मैं उस पर मुग्ध थी कि जब तीन दिन बाद हमें यह पता चला कि इस कारस्तानी के पीछे उसका ही हाथ था, हम स्तब्ध रह गये!! इच्छा हुई उससे पूछूँ- फरहान, क्यों हुए तुम ऐसे?.. देखो इस कारीन को!! गैर पर कितनी अपनी.. और तुम??.. अपने होते हुए भी..??
उसने स्वस्ति की पीठ पर हाथ फेर कर बच्चे की तरह उसे बहलाते हुए कहा, “स्वस्ति! प्लीज़!! टेक दीज़.. इट्स नॉट मोर स्वस्ति, प्लीज़!!” ख़ैर, अंत में उसने विनिमय से कुछ अधिक ही मार्क्स हमें दिए और हमें लगा कि यदि अब और ‘ना’ की, तो यह रो पड़ेगी। अद्भुत लड़की थी वह ‘कारीन’!!.. मेरा पक्का विश्वास है कि इतने वर्षों बाद भी यदि मैं उसे देखूँगी, तो पहचान लूँगी-क्योंकि उसकी पूरी छवि ज्यों की त्यों अंतर पर गहरी छप गई है।
बुरी बातों को भूलने में उसके औदार्य ने मदद की और हम पूरे दल के साथ 25 दिनों तक विभिन्न देशों की यायावरी कर फ्रैंकफ़र्ट जा पहुँचे। योजना के अनुसार मैंने रेल का टिकट थामा और अपनी दोनों साथिनों को भारत के लिए विदा कर दिया।
हालाँकि जर्मन लोगों के चुप्पा, शुष्क और रूखे होने के अनुमान को मारिया के व्यवहार ने तसल्ली बख़्शी थी, पर वह तो अकेला उदाहरण थी.. बाक़ी के लोगों के वर्तन का क्या भरोसा??
रेल के डिब्बे में बैठे मेरे शरीर की जान यह सोचकर निकली जा रही थी कि कैसे पार पड़ेगा! एक तो जर्मन महा रूखे-सूखे!!.. और ऊपर से फ्रैंकफ़र्ट से अकेले रेल में बर्लिन पहुँच कर आयोजकों का घर खोजना; और वहाँ का रंग-ढंग भी ऐसा कि हिन्दी तो दूर कोई अंगरेज़ी भी न समझे!.. बहरहाल यह सोचकर कि जब बला को न्यौता दिया है, तो उसे झेलना तो पड़ेगा ही; मैं उठी और कॉफी खरीदने की लाइन में जा लगी। वैसे यहाँ बिस्कुट का एक पैकेट और कॉफी ही इतने पैसे खा जाते हैं कि आप और क्या खाएँ- यह एक सवाल होता है। पंक्ति में मेरे पीछे खड़ी महिला ने जब मुझसे पूछा कि इस बिस्कुट के क्या दाम हैं, तो मुझे कुछ अचरज हुआ; क्योंकि मेरी अभी भी यही धारणा थी कि जर्मन बहुत ही चुप्पे होते हैं।.. मैंने झट से कुछ इशारे से और थोड़े से अंगरेजी के शब्दों से उसे बताया कि वे बिस्कुट बिल्कुल न खरीदें; क्योंकि यह एक पैकेट ही हम दोनों के लिए काफ़ी है। काफ़ी ज़द्दोज़हद के बाद उसने बिस्कुट तो एकाध ही खाया; पर वह 51 वर्षीय महिला क्रिस्टल पूरी तरह मेरी आत्मीय संरक्षक (गार्ज़ियन) बन गयी। उसने न केवल रास्ते भर मेरी सम्भाल की, वरन् स्टेशन पर भी मुझे बाध्य किया कि मैं टैक्सी न लूँ। ..उसके पति और उसने मिलकर मेरा सारा सामान उठाया और घर ढूँढ़ कर मुझे अपने आतिथेय के घर पहुँचाया। वे पश्चिम बर्लिन के थे, इसलिए उन्हें इस पूरबिया घर को ढूँढ़ने में काफी समय भी लगा।
मैं उनके व्यवहार से मुग्ध होकर सोचने लगी कि क्या मैं भी भारत में किसी विदेशी या अजनबी के साथ यही व्यवहार करती?.. बावजूद इसके कि उनकी तुलना में मेरे पास काफी समय और सुविधाओं का अम्बार है। बात सिर्फ क्रिस्टल की नहीं है; मैंने पाया कि आमतौर पर यहाँ के लोग आपके प्रति एक सहानुभूतिपूर्ण रवैया अख्तियार किए रहते हैं। जर्मन सड़कों के नाम ऐसे हैं कि मैं जीभ जितनी भी मरोड़ती उन्हें सही ढंग से बोल ही नहीं पाती थी, पर बर्लिन में घूमते समय लोगों ने मुझसे पग-पग पर बसें बदलवायीं; अपना रास्ता छोड़कर आगे तक जाकर रास्ता दिखाया; और यातायात का बेहतर तरीका (मेट्रो रेल आदि) सुझाया। भाषा के व्यवधान के बावजूद; उन्होंने मेरी यात्रा के ऊबड़-खाबड़ रास्तों को सुगम और प्रेममय बनाया। वैसे भी इस यात्रा में एक प्रश्न रह-रहकर मन पर मंडराता रहा कि पिछले एक महीने से हम विविध देशों के विविध लोगों से मिल रहे हैं; हमने यूरोप के ही दस देशों की यात्रा की है; पर हमें कहीं भी कोई भी बुरा आदमी नहीं मिला!!.. सब देवदूत-से लगे..
मारिया और क्रिस्टल से मुलाक़ात और इन यादों ने मेरे अकेले बर्लिन-भ्रमण को आश्वस्ति-बोध प्रदान किया और मैंने शांत मन से स्वयं को लक्ष्य पर केन्द्रित किया और दृढ़ मनोबल के साथ बस में जा बैठी। बर्लिन का दिग्दर्शन कराती पर्यटक-बस में घोषणा हुई- यदि ‘चेक प्वाइंट चार्ली’ देखना हो, तो आप उतर जाएँ- प्रति आधे घण्टे पर घुमंतू बस आएगी और इसी 30 मार्क की टिकट पर आपको आगे ले जाएगी। ‘चेक प्वाइंट चार्ली’ 13 अगस्त 1961 में बनी बर्लिन की दीवार का वह हिस्सा है, जहाँ से निरन्तर.. पश्चिम बर्लिन और पूर्व बर्लिन के बीच कानूनी और गैर-कानूनी आवा-जाही होती रही। गोर्बाचोव के ऐतिहासिक प्रयास से बृहद दीवार को पूरी तरह गिराने के बाद 22 जून 1990 को उस जगह पर अमेरिकी और रूसी तमगों से सजी एक नौजवान सिपाही (काल्पनिक) की वृहदाकार तस्वीर टाँग दी गई। ‘चार्ली’ को प्रतीक माना गया है- चार बड़ी शक्तियों की एकता का। इसी तस्वीर के करीब ‘चेक प्वाइंट चार्ली’ के नाम से एक संग्रहालय बनाया गया है, जिसमें द्वितीय महायुद्ध से लेकर 1990 तक के दीवार-पार जाने के अनेक कारनामे, साहसिक करतब और साधन आदि फोटो और विवरणों में प्रदर्शित हैं। कई नामी-गिरामी इतिहासकारों और दार्शनिकों के कथनों के साथ वहाँ ‘ब्रोंज’ के कुछ रूपाकार भी रखे हुए हैं जो उस समय की भयावहता को रूपायित करते हैं।
अचानक आँखें अचरज से भर उठती हैं जब हमें एक बड़े हॉल पर गांधीजी की आदमकद विशाल तस्वीर दिखाई पड़ती है। उस तस्वीर की उपस्थिति और आकार ने वहाँ के पूरे परिवेश में एक प्रकार की शांति स्थापित कर रखी है।
…आज गांधी की सत्यता का आभास भारत से दूर देश बर्लिन में हो रहा है। ‘चेक प्वाइंट चार्ली’ संग्रहालय का विशेष हिस्सा है ‘गांधी से वेलसा तक’। इस अजायबघर के संस्थापक ‘रायनर’ और उनके मित्रों ने गांधी जी को इसलिए इतनी अहमियत दी है कि उनके अनुसार इस सीमा पर जहाँ संसार की निकृष्टतम गतिविधियाँ घटी हैं, वहाँ शायद अहिंसा (नॉनवायलेंस) ही एकमात्र ऐसा दृष्टिकोण है, जिससे जीवन को देखा और समझा जा सकता है। यहाँ लाओत्से, बुद्ध, टॉलस्टाय, सखारोव, आइंस्टीन, स्वाइत्ज़र, किंग मार्टिन लूथर आदि के हवाले से बार-बार गांधी को स्मरण किया गया है और आने वाली पीढ़ियों को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि “यदि वे सुख-शांति पाना चाहते हैं, तो गाँधी जी का मार्गदर्शन ही सही है, उसी पर चलें।” उस विशाल कक्ष से निकलते समय हृदय आनन्दित था.. अनजाने में एक धन्यता-बोध-सा हो रहा था..
दूर से घुमतूं बस को आते देख हम सब दौड़कर उसमें चढ़ गए और उसने हमें ‘पाब्लो पिकासो-म्यूज़ियम’ पर उतार दिया। बर्लिन में एक पूरा म्यूज़ियम पाब्लो पिकासो को समर्पित है। पाब्लो पिकासो का काम आकार में ही नहीं, संख्या में भी इतना बड़ा है कि उसे प्रदर्शित करने के लिए पूरे विश्व में अनगिनत अजायब घर हैं। उसी पिकासो में साहस था- नात्सी सैनिकों को यह कह देने का कि- “नहीं- ‘गुएर्निका’ का यह भयावह चित्र मैंने नहीं, तुम लोगों ने बनाया है।”
ओशविश कैम्प और यहाँ के संग्रहालय को देखते समय मन इतना भारी हो जाता है कि इच्छा करती है हिटलर को झिंझोड़कर पूछा जाए- “क्यों किया तुमने यह अत्याचार? तुम क्या हो? नर-पिशाच? नहीं, उससे भी आगे कुछ और.. शायद शब्दकारों को कोई नया घिनौना शब्द ढूँढ़ना पड़ेगा तुम्हारे लिए।.. इस नीचता का.. इस कुकर्म का.. क्या अर्थ था? ..क्यों तुमने उन नर्म-नर्म छोटे बच्चों को लॉरियों में भरा और फिर उन्हें कूड़े के ढेर की तरह जमीन में खोदे हुए धधकते दावानलों में जलने के लिए ऊँड़लवा दिया? ..क्या वे प्यारे और सुकुमार नहीं थे? ..क्या उनकी मासूमियत, ..फूलों से चेहरे की हँसी, ..हवा की सुगंधित बयार के मानिंद नहीं थीं? ..क्यों किया तुमने लाखों लोगों का ख़ून?.. क्या किसी वैज्ञानिक ने तुम्हारे इस बदबूदार मगज की शोध नहीं की?.. क्या तुम भी उसी हाड़-मांस से बने थे, जिससे सब बनते हैं? नहीं- ऐसा नहीं हो सकता! ‘औशविश’ के कैम्प ऐसा नहीं कहते?.. बच्चों के बालों में बांधे जाने वाले ये रिबन के छोटे-छोटे फूल और उनके मासूम चेहरों की मीठी हँसी पर आच्छादित भय की छाया?? ..इस दृश्य की सोच से ही किसी मनुष्य के मस्तिष्क की कोमल शिराओं में विस्फोट हो सकता है- और तुमने तो पूरी तैयारी;.. पूरी योजना के साथ ऐसा किया। कैसे सम्भव हुआ यह..? कैसे घटा ऐसा???”
अजायबघर में रखी हुई चीज़ों को देखते हुए अपने आप तक से घृणा होने लगती है। लगता है कितने पापी हैं हम। एक व्यक्ति के नरसंहार ही नहीं, उससे भी कुछ भयानक के साक्षी..। कैसे जिंदा रहे हम? ..फटी क्यों नहीं यह धरती? ..उठा क्यों नहीं कोई हाथ? यदि हिटलर की माँ ऐसा जानती कि वह एक नृशंसता के अवतार को जन्म दे रही है तो क्या वह उसे पैदा करती? ..पर धरती भी तो माँ है, उसने कैसे सहा यह क्रूरतम कृत्य? ..आकाश कैसे चुप रहा?.. बिजली क्यों नहीं गिरी उस पर? ..समुद्र के आन्दोलन ने उसे लील क्यों नहीं लिया? मन में निरन्तर चलता विचारों का यह धुआँधार रेला झटके से रुक जाता है.. जब हम वापस ‘चेक़ प्वाइंट’ आ पहुँचते हैं और सामने गाँधी जी की आदमकद तस्वीर दिखाई देती है। बूढ़े चेहरे पर बच्चों-सी सरल हँसी की तस्वीर।
विश्वास नहीं होता यह सोचकर कि इस धरती पर जब गाँधी जिंदा थे, तब हिटलर भी जिंदा था.. यह कैसे हो सकता है? एक ओर मानवता, करुणा और सत्य का ज्वलंत पुँज गाँधी और दूसरी ओर क्रूर, नीच, घमंडी, बदजात, राक्षस हिटलर!!
बैरक 38 एवं 39 के यातना-शिविर में प्रदर्शित क्रूर दृश्यों के नमूने आँखों के आगे से हटाए नहीं हट रहे थे। हमारी मेज़बान ने खाना तैयार कर रखा था, पर किसी ने उसे हाथ नहीं लगाया। सब अपने बिस्तरों पर सिर ढाँप कर पड़ गए। प्राणायाम भी किया, ‘बीती ताहि बिसार दे’ कह कर मन को समझाया भी.. पर कोई भी दवा काम नहीं कर रही थी। दूसरे दिन से संगोष्ठियाँ आरम्भ होने वाली थीं। आखिर में सबने हल्की नींद की एक-एक गोली खाई और जैसे-तैसे सो गए।
हम्बोल्ट यूनिवर्सिटी पूर्व बर्लिन में है। आज भी पश्चिम बर्लिन की समृद्धि और पूर्व बर्लिन की टूट-फूट पश्चिमी देशों और रूस का प्रतिनिधित्व करती है। हालाँकि पूर्व बर्लिन के लोगों का मानना है कि जितने विश्वविद्यालय, थियेटर केंद्र, ऑपेरा, पुस्तकालय आदि पूर्व बर्लिन में हैं उनके सामने पश्चिम बर्लिन की कोई श्रेणी ही नहीं है। वहाँ मात्र ‘चाकचक्य’ है; गंभीरता तो सारी पूर्व बर्लिन में ही है। वैसे वहाँ की दृश्यावली इस मत की पुष्टि कर रही थी, पर किसी भी तथ्य की सत्यता की परख; गहरी छानबीन के बिना नहीं हो सकती!! पश्चिम बर्लिन की सजावट, सड़कें, यातायात, भवन, होटल आदि निश्चित रूप से भव्य थे और पूर्व बर्लिन इसकी तुलना में काफ़ी फ़ीका था, पर अब चूँकि दोनों एक हो गए हैं इसलिए धीरे-धीरे वहाँ के बाशिंदे दोनों दिशाओं में पूर्व बर्लिन को समृद्धि की ओर, पश्चिम बर्लिन को ज्ञान की ओर उन्मुख कर रहे हैं।
17-18 जून पूर्णतः संगोष्ठियों को समर्पित दिन थे। इसमें ठेठ नागपुर से हिन्दू राष्ट्रभक्त डॉ.वसन्त ए. खोकले भाग ले रहे थे, तो रुबीना सैगल और ख़ालिद मोहम्मद का पाकिस्तानी प्रतिनिधि मण्डल भी जमकर भागीदारी कर रहा था। कुल मिलाकर अद्भुत परिकल्पना थी इस संगोष्ठी की जिसमें 18 देशों के 23 समर्पित अधिकारी विद्वान जिनमें महामहिम दलाईलामा भी एक थे; अपने विचार प्रस्तुत करने वाले थे। ‘कट्टरता बनाम सहिष्णुता’ के सेमिनार में विद्वानों पर इससे बढ़िया चुनाव क्या हो सकता था? विभिन्न उपशीर्षकों में विभाजित यह संगोष्ठी अपने ‘पूरे यौवन’ में चल रही थी कि तभी ‘कारगिल’ युद्ध की ख़बर आयी!! इसके पहले कि हम पाकिस्तान पर रोष व्यक्त करते, पाकिस्तानी प्रतिनिधियों ने अपने हुक़्मरानों पर धुँआधार क्रोध के गोले बरसाने शुरू कर दिए। उनका कहना था कि यह सब अवाम को बहकाने के तरीक़े हैं; जनवरी से ही ठण्ड में ठिठुरते सैनिकों को पहाड़ों पर पटक कर; चुनावों की प्रतीक्षा की गई और चुनावी-समय आते ही युद्ध छेड़ दिया!! उनके चेहरों की वितृष्णा ने हमें तुरन्त उनका दोस्त बना दिया और हम दोनों भाई-भाई बनकर सारे विश्व के सत्ताधारियों का रोना रोने लगे। ठीक ही कहा है किसी ने कि “दर्द का रिश्ता तुरन्त बन जाता है, और इसकी भागीदारी में बना पुल टिकाऊ भी होता है।”
मेरा बर्लिन प्रवास पाकिस्तानी भाई-बहनों के कारण अत्यधिक सुखद हो गया । कितने नाराज़ थे वे इस बात से कि पाकिस्तान भारी ‘फन्डामेंटलिस्ट’ है और वहाँ का परिवेश भी वैसा ही है कि उसमें से जड़बुद्धि के धर्मान्ध लोग ही पैदा हो रहे हैं..।
ठीक ही है कि स्वयं को ‘सेक्यूलर’ कहने वाले भारत में यदि ‘जॉन स्टेन्स’को जलाकर मार दिया जाता है.. या कि सिक्खों को.. या कि बेगुनाह गोधरावालों को.. तो कट्टर इस्लामपंथी पाकिस्तान ‘घाट माया’ कैसे होगा? सबकी एक ही पीड़ा थी; कि कब तक आम आदमी सत्ता के मठाधीशों के निहित स्वार्थों में पिसता रहेगा;.. कुचला जाता रहेगा;.. क्या यह खेल अन्तहीन है?.. जो कभी ख़त्म नहीं होगा??
बर्लिन की धरती पर मनुष्य के हृदय का इस तरह के उद्वेलनों से भरना स्वाभाविक है; क्योंकि यहाँ की धरती ने इस सदी का नृशंसतम नरसंहार झेला है। क्या आश्चर्य है कि इस जगह का पुत्र ‘रायनर’ अहिंसा को परम धर्म और गाँधी को भगवान मान कर उनकी स्थापना करना चाहे??.. यदि ‘यदा यदा हि धर्मस्य’ की स्थापना पर हमारा विश्वास है, तो भविष्य में इस हिटलरी धरती पर अवश्य ही ‘संभवामि युगे-युगे’ की तरह किसी गाँधी का आविर्भाव होगा और वहाँ रायनर बंधुओं का चिर-प्रतीक्षित अहिंसा का कमल खिलेगा..
बर्लिन, 17-18 जून 1999
संपर्क सूत्र : 3 लाउडन स्ट्रीट, कोलकता-700017

