
वरिष्ठ लेखिका।‘सच कहती कहानियाँ’, ‘एक अचम्भा प्रेम’ (कहानी संग्रह)। ‘एक शख्स कहानी–सा’ (जीवनी) ‘लावण्यदेवी’, ‘जड़ियाबाई’, ‘लालबत्ती की अमृतकन्याएं’, ‘मारवाड़ी राजबाड़ी’ (उपन्यास) आदि चर्चित रचनाएँ।

आजकल हमारी चिंता का प्रमुख विषय है सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का विघटन; अँग्रेजी भाषा का प्रभुत्व; पश्चिमी तौर-तरी़क़ों की अंधाधुंध नक़ल। हमारी भाषा हमें पहचान देती है। इसलिए स्वाभाविक है कि उस पर छाए विदेशी बादल हमें डराएँ-धमकाएँ। रघुवीर सहाय ने कभी बहुत पीड़ा से लिखा था- ‘हिन्दी का प्रश्न हम हार चुके हैं..।’ इस संदर्भ में मैं एक ऐसी चौंकानेवाली बात पर आपका ध्यान आकृष्ट करना चाहूँगी, जो सतह पर देखने से अटपटी लगेगी, पर यदि इस पर गहराई से विचार करें, तो शायद इससे असहमत नहीं हुआ जा सकेगा।
मेरे विचार से भविष्य में इस हारी हुई बाज़ी को जितानेवाले कारकों में प्रमुख भूमिका सिनेमा की होगी, जो हमारी भाषा को प्रवहमान, गतिमान और जीवंत कर हमारी पराजय को विजय में बदल सकता है। यह जानना विस्मयकारी होगा कि यही स्थापना हज़ारों वर्ष पहले हमारे आदिकवि वाल्मीकि ने भी की थी-
‘क्रौंच वध’ से उद्वेलित अपनी व्यथा का साझा जनमानस से करने हेतु वाल्मीकि ने ब्रह्मा का स्मरण किया। ब्रह्मा ने उन्हें एक महाकाव्य की रचना करने को कहा और उनकी सहायता के लिए सरस्वती, गणेश और नारद को भेजा। सरस्वती वाक्, गणेश लेखन और नारद आलोचना के स्वामी बने। महाकाव्य की रूपरेखा तैयार हो जाने पर नारद ने पूछा “महर्षि, इसे जन-जन तक पहुँचाएँगे कैसे?” … यही वह बिन्दु है, जहाँ हमारा सिनेमा प्रवेश करता है।
वाल्मीकि का उत्तर था “कामदेव-सद़ृश बालक (हीरो) इसे मधुर कंठ से नाच-गाकर (गाने) जनता को सुनाएँगे, जिससे सामाजिक (दर्शक) के हृदय में उद्रेक (क्लाइमैक्स) होगा और कृति लोकप्रियता के शीर्ष (बॉक्स ऑफिस हिट) पर पहुँच जाएगी।”
हम सब जानते हैं कि मनुष्य ने भाषा को संप्रेषणीयता के लिए पैदा किया और उसे स्थायित्व प्रदान करने के लिए साहित्य का जामा पहनाया। साहित्य अनेक विधाओं में विकसित हुआ, लेकिन सम्प्रेषणीयता की दृष्टि से इसका सबसे सशक्त माध्यम नाटक माना गया, जिसका एक लोकप्रिय रूप आज का सिनेमा है।
सम्प्रेषणीयता के प्रसंग में अज्ञेय जी से हुई एक चर्चा इस प्रकार है-
कलकत्ता विश्वविद्यालय में ‘काव्य की सम्प्रेषणीयता’ विषय पर अज्ञेय जी के व्याख्यान के बाद छात्रों ने उनसे पूछा- “क्या कारण है कि रामचरित मानस सुदूर गाँवों तक में गाया जाता है, जबकि आप सरीखे महान लेखकों का लेखन बुद्धिजीवियों और छात्रों तक ही सीमित है?”
इसका जवाब अज्ञेय जी ने यह दिया था- “मानस एक लीला-काव्य है। उसमें सिनेमाई लोकरंजकता भी है। भविष्य में जब साहित्य और सिनेमा परस्पर मिल जाएँगे, तब साहित्य आम आदमी तक पहुँच जाएगा।”
याद कीजिए ‘रामायण’, ‘महाभारत’ के सिनेमाई रूपान्तरण ने अँग्रेजी माध्यम से पढ़े-लिखे बच्चों को हमारी विरासत सम्हला कर उन्हें ‘रामा’ को ‘राम’ और ‘दाशरथा’ को ‘दशरथ’ कहना सिखा दिया। उपनिषदों पर भी हिन्दी बालचित्र बने हैंऔर निर्माताओं का दावा रहा है कि ये चित्र बच्चों के साथ-साथ अनपढ़ और निरक्षर जनता को भी लुभाएँगे।
एक विशेष तथ्य यह है कि ग़ैर हिन्दी प्रदेशों और विदेश के अनेक देशों में हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार में सिनेमा की अनूठी भूमिका रही है। कुछ ऐसे तथ्य जो अनुभव-सिद्ध हैं- वे प्रस्तुत हैंः
“दक्षिण भारत में हिन्दी-विरोध ज़ोरों पर था। ..हम एक ‘घनघोर प्राकृतिक संस्थान’ (जहाँ टी.वी., अख़बार भी वर्जित) से लौटकर जब मद्रास पहुँचे, तो देखा कि थोड़ी-थोड़ी दूर पर बड़े ‘नियोन साइन्स’ चमक-चमक कर ‘पल्स रेट’, ‘हाई रेट’ आदि दिखा रहे हैं। आख़िर हुआ क्या..? पूछने पर सड़क किनारे के दुकानदार ने हमें हिकारत से देखते हुए कहा- “अमिताभ बच्चन गंभीर चोट लगने के कारण मृत्यु से जूझ रहे हैं और पूरा मद्रास इस ‘घोर संकट की घड़ी में’ प्रार्थनारत है।”
‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘दिलवाले दुल्हनियाँ ले जाएँगे’ आदि फ़िल्मों ने तो वहाँ ऐसा तहलका मचाया कि दक्षिणी फ़िल्मों को हॉल मिलने बन्द हो गये। यों भी दक्षिण भारत में अभिनेताओं के प्रति अद्भुत श्रद्ध भाव है। अभिनेता-अभिनेत्रियों के तीन मंज़िले ‘कटआउट’ वहाँ साधारण-सी बात है। अभी पिछले ह़फ़्ते ही टीवी पर रजनीकांत के ‘कटआउट’ उनके प्रेमियों द्वारा दमकल की सीढ़ी लगाकर ‘दुग्धाभिषेक’ कराते हुए दिखाये गये। इन घटनाओं से ज़ाहिरहै कि हिन्दी सिनेमा उन्हें हिन्दी से प्रेम, या कम से कम ‘विरोध कम’ करने को बाध्य करता ही होगा।
दक्षिण ही नहीं सुदूर उत्तर-पूर्वी इलाके मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मिज़ोरम आदि में भी यदि आप किसी से हिन्दी में बात करना चाहें, तो यह जैसे असंभव है, पर हिन्दी सिनेमा और गानों की बातों में उनकी सुबह कब शाम में तब्दील हो जाती है, पता ही नहीं चलता। हवाला एक घटना काः
इम्फाल में एक सात दिवसीय अखिल भारतीय नृत्य महोत्सव आयोजित था। पूरे भारतवर्ष से ढेरों-ढेर दिग्गज कलाकार उसमें भागीदारी करने आए थे। कल्पनातीत समाँ था.. अचानक दिखा कि ठठ्ठ के ठठ्ठ दर्शक एक ओर खड़ी एक साधारण-सी अभिनेत्री और टीवी एंकर के साथ फोटो खिंचवाने के लिए मार-काट पर तुले हैं और बड़े नृत्यकार इस बौने सिने कलाकार की लोकप्रियता देखकर होंठों के कोनों से टेढ़े-टेढ़े मुस्करा रहे हैं।
बंगाली अपने भाषा प्रेम के लिए जगत प्रसिद्ध हैं, पर मेरे बंगाली मित्रों को हिन्दी सिनेमा की जानकारी मुझसे ज़्यादा है। 1965 से 80 तक के फ़िल्मी गाने वे झूम-झूम कर गाते हैं और उसे ‘विश्व का सर्वश्रेष्ठ संगीत’ ठहराते हैं।
अब प्रस्तुत हैं विदेश के कुछ अनुभव-
कनाडा के ‘वैंक्यूवर’ शहर के महाविद्यालय के छात्रों (पुराने प्रवासियों की नयी पीढ़ी) ने उन्मुक्त कंठ से स्वीकार किया कि वे अपने माता-पिता के हिन्दी-आग्रह को ठुकरा चुके थे, लेकिन हिन्दी सिनेमा ने उन्हें इतना लुभाया कि उन्होंने ‘विशेष हिन्दी’ पढ़ने की ठान ली।
मैंने ‘प्राग’ (चेक रिपब्लिक) और ‘सेंट पीटर्सबर्ग’ (रूस) की यात्रा में पाया कि हमारी यह मान्यता है कि मात्र राजकपूर हीवहाँ लोकप्रिय हैं, यह बात ग़लत है। वहाँ यह स्थिति रही है कि एक साधारण रूसी भी हिन्दी सिनेमा कई-कई बार देखता है। (चाहे इसका एक अहम कारण हिन्दी सिनेमा की रूमानियत ही हो)।
‘डरबन’ (दक्षिण अफ्रीका) और ‘जोहॉन्सबर्ग’ में हिन्दी सम्बोधनों के अलावा भारतीय मूल का कोई भी युवा हिन्दी नहीं समझता, पर हिन्दी सिनेमा में उसकी परम आसक्ति का परिचय तब मिला, जब भारतीय कलाकारों के शो के टिकट ‘ब्लैक’ में बिकते देखे और लोगों का दूसरे शहरों से ब़ड़ी संख्या में ‘डरबन’ आना देखा। अस्सी हज़ार आदमियों की भीड़ से खचाखच भरा वहाँ का स्टेडियम ‘भारत हमारी माँ है’, ‘भारत देश स्वर्ग से महान है’ के नारों से गूँज रहा थाऔर उसी के बीच डरबन विश्वविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ.सीताराम रामभजन मुझे बता रहे थे कि यहाँ युवाओं में हिन्दी सीखने के प्रति ख़ास ललक हिन्दी सिनेमा की वजह से ही है।
‘मॉरिशस’ में तो ख़ैर हिन्दी और भोजपुरी बोली जाती है, पर हिन्दी सिनेमा का जादू ‘त्रिनीदाद’ तक में देखने को मिला। वहाँ के लोग नोबेल पुरस्कार से पुरस्कृत अपने बाशिंदे वी.एस.नॉयपाल को चाहे न जानें, पर शाहरुख ख़ान और ऐश्वर्या राय पर वे मुग्ध रहते हैं। बुजुर्गों ने बताया कि यदि ब्रायन लारा और अमिताभ बच्चन एक साथ खड़े हों, तो भीड़ बच्चनजी की ओर ही जाएगी, हालाँकि वह देश ‘क्रिकेट पागल’ है। कमोबेश ये ही अनुभव केपटाउन, सूरीनाम, फिजी आदि में हुए। लंदन और अमेरिका ऐसा है कि वहाँ अब हिन्दी सिनेमा बनाये भी जाने लगे हैं।
अफ़गानिस्तान से लौटे श्री ओम थानवी ने लिखा था कि अफ़गानी लोग अमिताभ बच्चन, शाहरुख ख़ान आदि पर मुग्ध हैं, पर ‘कन्धार’ वे नहीं जानते। ‘मैडम टूसाड’ (लन्दन) का प्रख्यात ‘वैक्स म्यूज़ियम’ विश्व के यशस्वी व्यक्तियों (सेलिब्रिटी) की कोटि में प्रतिदिन हमारे अभिनेता-अभिनेत्रियों की संख्या बढ़ा रहा है।
हिन्दी सिनेमा ने हिन्दी भाषा एवं संस्कृति के विकास का ऐतिहासिक दस्तावेज़ उपलब्ध कराया है। तीन दशक पहले तक ‘विडम्बना’ जैसे शब्दों का प्रयोग सिनेमा (अदालत) में होता था, फिर ‘मुन्नाभाई’ की मिलावटी हिन्दी का बोलबाला हुआ। कई दशक पहले की ‘अछूत कन्या’ में माँ बेटी से कहती है “अशोक के ब्याह को महीना भर ही रहा है और मैं ज्वर के कारण ब्याह के काम में हाथ नहीं बँटा पा रही हूँ।.. तुम उसकी माँ से मेरी तरफ़ से माफ़ी माँग लेना।” इस उक्ति से हमें उस समय के पारस्परिक लगाव, सामाजिकता और कर्त्तव्यबोध वाली संस्कृति का परिचय मिलता है।
मित्रो, एक अर्से तक मुझे हिन्दी सिनेमा से विरक्ति-सी थी, लेकिन उम्र के साथ जब प्रत्येक चीज़ के श्वेत और श्याम दोनों पक्षों को समझने की समझ हुई, तो हिन्दी सिनेमा के प्रति भी एक उदार भाव विकसित हुआ। एक ओर ‘क़ाग़ज के फूल’, ‘मेरा नाम जोकर’, ‘इक़बाल’, ‘स्वदेश’, ‘रंग दे बसन्ती’, ‘वॉटर’, ‘परज़ानिया’, ‘ख़ामोश पानी’ आदि फ़िल्मों ने मेरे पूर्वग्रह को तोड़ा, तो दूसरी ओर ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ को मात्र छिछला-हास्य मानकर मैं इसलिए नहीं नकार सकी, क्योंकि चाहे ‘गाँधीगिरी’ से असहमति ही हो, पर उसने कहीं-न-कहीं युवाओं के हृदय को ‘गाँधी’ की ओर आकृष्ट किया; यह तो हम सबको मानना ही पड़ा। रघुवीर सहाय की पंक्तियों हैं-
देखो शाम को घर जाते
बाप के कंधे पर बच्चे की ऊब देखो
उसको तुम्हारी अँग्रेजी कह नहीं सकती
और मेरी हिन्दी
कह नहीं पाएगी अगले साल।
क्या आपको नहीं लगता कि अँग्रेजी के इस आतंकवादी मारक शस्त्र का सामना करने की शक्ति यदि किसी में है, तो वह है सिनेमा, क्योंकि लोकमानस ही भाषा की जड़ों को हरा करने वाला रसायन है। चूँकि बोलियाँ और भाषाएँ ज़मीन से जुड़ी होती हैं, अत: वे अपनी ताक़त यहीं से ग्रहण करती हैं। आज भाषा को गंगा की तरह अपने में समेट ‘सिनेमा’ उसे तरलता, सरलता, गतिमयता और ग्रहणशीलता दे रहा है।
ज्ञान के कर्म में क्रियान्वित करने के लिए एक वाहन की आवश्यकता होती है। दिलचस्प है यह जानना कि भाषा ज्ञान है और उसका सर्वश्रेष्ठ वाहन है ‘सिनेमा’।
जनमानस में आज के युग का व्याप्त सबसे सशक्त माध्यम है मीडिया, जो करोड़ों लोगों की बोली-बानी बना हुआ है। यदि कहा जाए कि हम साँस भी मीडिया की कृपा से ले रहे हैं, तो यह अत्युक्ति होते हुए भी अतिशयोक्ति नहीं होगी। मीडिया का अर्थ ही है एक माध्यम! एक ऐसा विराट सेतु जो हमें पूरी कायनात के सारे प्रश्नों से जोड़ता है।
संपर्क सूत्र : 3 लाउडन स्ट्रीट, कोलकता-700017
