वरिष्ठ लेखिका।‘सच कहती कहानियाँ’, ‘एक अचम्भा प्रेम’ (कहानी संग्रह)। ‘एक शख्स कहानी–सा’ (जीवनी) ‘लावण्यदेवी’, ‘जड़ियाबाई’, ‘लालबत्ती की अमृतकन्याएं’,  ‘मारवाड़ी राजबाड़ी’ (उपन्यास) आदि चर्चित रचनाएँ।

 

देश या राष्ट्र की परिभाषा करते समय उसके क्षेत्रफल, संविधान, संस्कृति, धर्म और भाषा की बात होती है, और चूँकि भाषा मनुष्य को अन्य प्राणियों से उच्चतर कोटि का प्राणी स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है  स्वभावतः उसकी भूमिका बड़ी हो जाती है।

अपने किसी भी प्रकार के भाव को संप्रेषित करने के लिए मनुष्य भाषा का सहारा लेता है। भाषा ही वह सेतु है, जिससे चलकर वह दूसरे व्यक्ति तक; समाज-देश तक; और व्यापक परिप्रेक्ष्य में पूरे विश्व तक पहुंचता है। स्वाभाविक है कि अपनी इस शक्ति के कारण भाषा आदमी के लिए अहम चीज़ बन जाए।

मनुष्य जब पराधीन होता है, तब उसका ध्यान केवल मुक्ति या स्वतंत्रता पाने पर केन्द्रित रहता है, पर स्वतंत्र होने के बाद, जब वह अपनी जड़ें टटोलता है, तो भाषा उसकी सम्पूर्ण अस्मिता का एक अविभाज्य अंग बन; उसके सामने आ खड़ी होती है। लोकतंत्र के साथ-साथ विकास के इस क्रम में व्यक्तियों की आकांक्षाएँ अपनी भाषा को प्रतिष्ठा दिलाने में जुट जाती हैं; क्योंकि भाषा उनके जीवन, संस्कार और मिट्टी से जुड़ी होती है। भाषा की यह गंध उसके दुर्दिनों के एकान्त को अपने सोंधेपन से भरती है; इसलिए अपनी भाषा के प्रति मोह या आग्रहशील होना मनुष्य मात्र के लिए सहज और स्वाभाविक हैै।

अपनी भाषा के प्रति मोह यदि रचनात्मक प्रक्रिया से जुड़ जाता है, तो वह केवल भाषा का ही नहीं; उस पूरे समाज के विकास का मूल बन जाता है और यदि यही मोह अंधा हो जाता है, तो वह इसी विकास के पुल को उड़ाने का भयानक हथियार विस्फोटक डायनामाइट बन जाता है।

भाषा देश की सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक; इन तीनों स्थितियों को प्रभावित करती है। पीढ़ियों और संस्कारों की भिन्नता के बावजूद; आदिम मानवीय आकांक्षा, स्वतंत्रता, समता, न्याय, शोषण-मुक्ति और निजी पहचान पाने की अदम्य आकांक्षा जोर पकड़ती है और इसकी अभिव्यक्ति का सबसे प्रमुख और सबसे अधिक महीन और संश्लिष्ट माध्यम साहित्य ही होता है। साहित्य रूप-रचना है और उसका माध्यम भाषा, अपने स्वभाव से ही अनेकार्थी, बहुआयामी और संश्लिष्ट प्रक्रिया की पोषक रही है। वह मनुष्य के जीवन में व्याप्त अनेकानेक बोलियों को साहित्य के रूप में प्रस्तुत करती रहती है।

दुनिया बहुत बड़ी है और उसमें रहने वाले मनुष्यों की निजी पहचान उनकी भाषा है। ऐसे में यदि इस धरती पर भाषा की विविधताओं से भरा एक व्यापक साम्राज्य फैल जाए, तो इसमें आश्चर्य क्या है! और भाषाओं का फैलाव हमारी समृद्धि का सूचक है, दरिद्रता का नहीं। वैसे भी बोली को भाषा का दर्जा पाने के लिए बहुत तपस्या करनी पड़ती है; उसे अपनी बोली में अच्छा साहित्य लिखना पड़ता है, नये मानक स्थापित करने पड़ते हैं, शब्द-भंडार बढ़ाना पड़ता है, अपने पाठक तैयार करने पड़ते हैं, तब कहीं जाकर उसे भाषा का दर्जा मिल पाता है।

भाषा की अहमन्यता इस एक उदाहरण से समझी जा सकती है कि धर्म के नाम पर अलग हुए पाकिस्तान को भाषाएँ फिर से दो भागों में बाँट देती हैं। यहाँ धर्म पीछे रह जाता है और भाषा एवं संस्कृति आगे आ जाती हैं।

आजकल एक मुहावरा बहुत चल निकला है- हम पर अमुक भाषा थोपी जा रही है, अमुक साहित्य थोपा जा रहा है आदि। लेकिन आश्चर्य की बात है कि आज़ादी की लड़ाई में, जबकि भाषा उसका बड़ा हिस्सा थी, ऐसी कोई बात कभी नहीं उठी। भाषा के आधार पर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक आदि प्रांत बनाए गये; पूरी सहजता से, किसी मनोविकार या लड़ाई से नहीं। कभी कोई विवाद न कांग्रेस कमेटियों को लेकर उठा, न प्रांतों की संरचना को लेकर।

हम यदि कैनडा और बेल्जियम की ओर गौर करें, तो पाएँगे कि कैनडा में दो समानान्तर भाषाएँ चलती हैं- फे्रंच और इंग्लिश, जिनका मूल ही भिन्न है। प्रत्येक का वर्चस्व इतना प्रबल है कि कैनडा का एक हिस्सा फे्रंच कैनडा और एक हिस्सा इंग्लिश कैनडा कहलाता है। बेल्जियम में भी फ्लेमिश और फ्रेंच दोनों को बराबरी का दर्जा प्राप्त है। ऐसे में जब हम अपने देश की ओर देखते हैं, तो भाषाओं के ग़लत इस्तेमाल को देख कर बहुत क्षोभ होता है। भारत बहुलतावादी देश है। यहाँ अनेक धर्म, अनेक जातियाँ, अनेक भाषाएँ फल-फूल रही हैं, लेकिन कई उपद्रवी तत्त्व भाषारूपी हथियार से अखण्ड भारत की अस्मिता को चीर डालने के लिए उद्धत दिखाई देते हैं।

भारतीय भाषाएँ सहोदर बहनें हैं, उनमें आपसी वैमनस्य हो ही कैसे सकता है! और यदि प्रयास करके ऐसा किया गया है, तो यह दोष विकार पैदा करने वालों का है, भाषा की प्रकृति का नहीं।

यदि हम कुछ एक मूलभूत निर्णय लें, तो ये सारे भाषायी विवाद मिट सकते हैं। डॉ. राममनोहर लोहिया ने कहा था, “अँग्रेजी के दरवाज़े बंद कर दो, तो खिड़कियों से सारी भारतीय भाषाएँ भीतर आ जाएँगी।” लेकिन आज हो उलटा रहा है; अँग्रेजी सिंहासन पर बैठी सारी क्षेत्रीय भाषाओं को धकिया रही है। तमिल, तेलुगु का प्रेम अँगे्रजी से नहीं है; और न ही उन्हें हिन्दी से घृणा है, लेकिन निहित स्वार्थों ने इस बात का अपने क्षुद्र हितों के लिए खुुलकर प्रचार किया है।

अँगे्रजी को सरकारी नौकरी और उच्चता का प्रमाण-पत्र मान लिया गया है, जो कि चिंतनीय स्थिति है। अँग्रेजी भाषा एक विषय की तरह पढ़ी जाए- यह बात इतर है, पर अँग्रेजी को मातृभाषा की तरह सोच-विचार की भाषा मान लेना ठीक नहीं है। यदि मात्र अँग्रेजी ही शिक्षा का माध्यम बन जाती है, तो क्या हम अपनी अभिव्यक्ति और चिंतन की भाषा को लगातार अनुवाद की बैसाखियों पर खड़े रखना पसन्द करेंगे?

आज आवश्यकता है एक ऐसी भाषा को विकसित करने की, जिसमें अधिकाधिक क्षेत्रीय भाषाओं के संश्लिष्ट शब्द समाए हुए हों। विभिन्न भाषाओं के संश्लिष्ट शब्द न केवल उस भाषा को समृद्ध करेंगे वरन् उसमें एक अनूठा जीवंत रंग भी पैदा करेंगे। संश्लिष्टता का अर्थ जटिलता या दुरूहता नहीं, उसका बहुआयामी होना है। जैसे ‘फड़द’ (बेजोड़), ‘उल्ला’ (हिलना-डुलना), ‘चांदराणा’ (सूराख़ से आती रोशनी) आदि शब्द उर्दू, राजस्थानी, गुजराती के होते हुए भी कबीर, नानक आदि की रचनाओं में प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं। सम्प्रेषणीयता के लिए आरंभ में ऐसे शब्दों को कोष्ठों में परिभाषित किया जा सकता है; बाद में तो ये स्वयं ही बजने लगेंगे। यदि क्षेत्रीय भाषाओं का विकास होगा और उनके उन्नत साहित्य का अन्य भाषाओं में अनुवाद होगा, तो इससे आपस में एक समझ और सहिष्णुता पनपेगी, जिसके दूरगामी प्रभाव होंगे।

जिस प्रकार जल-सम्पन्न नदियाँ लोक-जीवन को भौतिक समृद्धि प्रदान करती हैं, वैसे ही विभिन्न भाषाओं से सम्पन्न साहित्य, देश के सांस्कृतिक पक्ष को पोषित करते हैं। नदियों पर बाँध बनाकर हम उन्हें जन-कल्याण की ओर मोड़ लेते हैं, तो क्या भाषाओं के पुल से सौहार्द और विकास के मार्ग का संधान नहीं कर सकते?

बात सिर्फ एक सोच और दृढ़ निश्चय की है। सर्वविदित है कि अतातुर्क प्रमुख कमाल पाशा नेअपने शिक्षा मंत्री को बुलाकर पूछा कि तुर्की को राष्ट्र भाषा बनने में कितना समय लगेगा? शिक्षा मंत्री का उत्तर था कि दस वर्ष लगेंगे। इस पर कमाल पाशा ने हिदायत दी कि- समझ लो कि उस दसवें वर्ष का अंतिम दिन आगामी कल है।

भाषा की इन स्थापित समस्याओं के समाधान की दिशा में कुछेक मज़बूत क़दम उठाने बहुत ज़रूरी हैं। प्रथमत:, हमें अपनी भाषाओं में चारों ओर; मसलन बाज़ार में, युवाओं में, साहित्यकारों में, अख़बारों में फैले शब्दों को समेटना होगा। साथ ही दूसरी बोलियों और भाषाओं का स्वागत भी खुले मन से करना होगा; तभी हमारी भाषा इतनी सशक्त और सम्यक् होगी कि जनमानस को आकृष्ट कर सके।