वरिष्ठ लेखिका।‘सच कहती कहानियाँ’, ‘एक अचम्भा प्रेम’ (कहानी संग्रह)। ‘एक शख्स कहानी–सा’ (जीवनी) ‘लावण्यदेवी’, ‘जड़ियाबाई’, ‘लालबत्ती की अमृतकन्याएं’,  ‘मारवाड़ी राजबाड़ी’ (उपन्यास) आदि चर्चित रचनाएँ।

 

निर्मल भाई (निर्मल वर्मा) से प्राग के बारे में ढेरों सुना और उनके ‘चीड़ों पर चांदनी’ में प्राग को ऐसा महसूस किया कि एक साध सी हो गई- उस शहर से मिलने की। इस प्यास को और बढ़ा दिया भीष्म साहनी ने- उनके नाटक ‘हानूश’ का ज़िक्र आया तो उन्होंने प्राग की ऐसी चर्चा की कि रोम-रोम पुलक उठा।..

हे भगवान! कैसे जाना हो.. की रट-माला के मनकों सी मन में फिरती रही कि अचानक मेरी बेटी जैसी पोती स्वस्ति ने बम्बई से फोन कर कहा, ‘मां! तुम प्राग, मास्को और सेंट पीटर्सबर्ग के लिए कई दिनों से कह रही हो, बम्बई आ जाओ, यहां से ये तीनों शहर घूम आएंगे।’ (पिछले वर्ष हम दोनों अंकोरबाट भी गए थे)

‘अंधा क्या चाहे दो आंखें’.. उम्र को ठोकर मार, मन बच्चों सा ‘कुदकड़े’ मारने लगा। ..मरी पड़ी शहरी आवाज़ में ग्रामीण उच्छलता और चंचलता छलकने लगी। उठते-बैठते, सोते-जागते, सपने बुनती आंखों ने पतिदेव को मनाया और मेरे पैर प्राग की ज़मीन पर और आंखें उसके सौंदर्य पर स्थिर थीं।..

हवाई अड्डे से होटल तक चारों ओर नज़र घुमाकर ‘हाय!’ ‘हाय!’ ‘अरे! वह देखो! वह देखो!’ करते हम अपने डेरे पर पहुंचे। गाइड, किताबों और निर्मल भाई की बात से समझ बन गई थी कि प्राग में जहां तक हो सके पैदल घूमना चाहिए। इसलिए हमलोगों ने प्राग शहर के ठेठ केंद्रबिंदु में अपना डेरा जमाया।

पहले दिन हमने पूरे शहर का एक ‘वाकिंग बस टूर’ ले लिया। इससे हम शहर के एक ओर स्थित ‘लेसर क्वार्टर’ (क़ाफ़्का का घर) दूसरी ओर ‘बर्त राम्का’ (‘मोज़ार्ट’ के घर) से परिचित हो गए।

यहाँ हज़ार वर्ष पुराने किले को अपने हृदय से घेरती हज़ारों सालों से वल्तवा नदी बह रही है। वल्तवा ने प्राग शहर के बार-बार दबोचे जाने से हुई मृत्यु सम क्षति को, और पुनर्नवा की तरह पुन: पुन: नया जन्म लेने की सुंदरता को पास से निहारा है। कलकल-छलछल करती वल्तवा अनेकानेक छोटी-मोटी नदियों को अपने आंचल में समेट प्राग को चारों ओर से खंगालती रहती है। वह प्रागवासियों को जितना प्रेम करती है प्रागवासी भी उससे कम स्नेह नहीं करते। उसकी बाढ़ रूपी नाराज़गी को कई बार सहने के बावजूद वे उसे अपनी ‘प्यारी नदी’ कहकर ही बुलाते हैं।

प्राग को ‘योरोपीय शहरों की मां’, ‘यूरोप का दिल’, ‘पूर्व-पश्चिम का सुंदर सेतु’ आदि-आदि कई नामों से पुकारा जाता है। उसे देखे बिना भले ही हमें ये अभिव्यक्तियाँ ‘अतिशयोक्ति-वाचक’ लगें लेकिन प्राग के सौंदर्य को देखकर स्तंभित होने के बाद, कोई भी इन सारे उद्गारों को कमतर ही मानगा।

‘हां,… प्राग बेजोड़ है!’ उसे देखकर ऐसा लगता है मानों प्राग शहर की आत्मा बहुत ही चतुर और समझदार है। उसने अपनी व्यावहारिक बुद्धि से यूरोप का देश-प्रेम, सफाई, अनुशासन, पर्यटन की तिज़ारत आदि की समझ ली, तो पूर्व से संगीत, कविता से प्रेम, सांस्कृतिक उत्थान, और निजता की धरोहरों की रक्षा करना सीखा।

जब आप ‘सेंट बाइटस कैथेड्रेल’ की तीन सौ सीढ़ियां चढ़कर ऊंची बुर्ज़ पर से पूरे प्राग को देखेंगे तो लगेगा- यह सच हो ही नहीं सकता? यह तो किसी अलौकिक चितेरे ने सात पहाड़ियों की ऊंची-नीची सतहें लेकर उसपर अपनी भावभीनी कूंची से ऐसे-ऐसे भवन चित्रित कर दिए हैं मानों यह इन्द्रलोक हो। क्या यहां ब़र्फ नहीं पड़ती? ..तेज वर्षा नहीं होती?.. ये चारों ओर के रंग-बिरंगे भवन ऐसे चमचम ओर साफ़-सुथरे कैसे हैं? क्या यहां हर वक्त ‘रेज़ालोग’ रंग और मरम्मत करते रहते हैं?.. आदि ढेरों पहेलियां आपके मन:आकाश को ढक लेंगी।

जवाब में पता चला कि वाकई प्राग में ब़र्फ का प्रकोप कम है और आबो-हवा भी ऐसी है कि आप चाहें तो उसे ‘स्वर्ग का बसन्त’ कह सकते हैं। हां! कभी-कभी वहां के लोगों के हिसाब से (भारत के नहीं) गर्मी ज़्यादा हो जाती है- (वैसे घरों में कहीं भी पंखें नज़र नहीं आए) मुख्य व्यवसाय पयर्टन होने के कारण औद्योगिक कल-कारखानों के प्रदूषण से नदियां और शहर बचे हुए हैं।.. इक्का-दुक्का कोने में बैठे भिखारियों के अतिरिक्त वहां ख़ास ग़रीबी नहीं है।.. सरकार बूढ़ों-बच्चों के प्रति उत्तरदायी है और जवान खटकर कमा खा लेते हैं।

यूरोप के ढेरों देशों से जत्थे के जत्थे पर्यटक जून-जुलाई से लेकर अक्टूबर-नवम्बर तक लगातार वहाँ आते रहते हैं। वहां हर सड़क के दोनों ओर होटल, और ‘होस्पदा’ (पब) भरे पड़े रहते हैं- तीन-चार गलियों के बीच में एक-दो म्यूज़ियम और थियेटर होना मामूली बात है। जैसे कि हरेक बंगाली रवीन्द्र संगीत के बारे में जानता है, वैसे ही प्रागवासी- क़ाफ़्क़ा और नेरुदा के लेखन और मोत्ज़ार्ट के संगीत के बारे में गहराई और तल्लीनता से चर्चा करते दिखते हैं। यहां के लोग कर्मकांडी धार्मिक नहीं हैं लेकिन उन्होंने यूरोप के किसी भी देश से ज़्यादा 500 गिरजे यहां बनाए हैं जिनमें से कई अपनी अद्वितीयता के लिए प्रसिद्ध हैं।

कोई आश्चर्य नहीं कि यहूदियों का सबसे पुराना ‘सिनोगॉग’ यहां है। इससे सटे कब्रिस्तान में आज तक एक लाख यहूदियों को दफनाया गया है। ‘लिटिल क्वार्टर’ में घूमते हुए किले के दायीं ओर यहूदियों के वैभव और ऐश्वर्य का वर्चस्व उनकी सुंदर इमारतों (जिनमें कई अजायबघर भी हैं) से झाँकता दिखता है।

किले की चौड़ी ‘सुनहरी चहारदीवारी’ ने अपने गर्भ में गहन इतिहास छिपा रखा है। इस चहारदीवारी में अनेक छोटे-छोटे ‘स्टूडियो कमरे’ हैं जिनमें से एक 22 नंबर कमरे में 1916-17 में क़ाफ़्क़ा रहते थे। क़ाफ़्क़ा का प्रख्यात घर उनके हस्तलिखित पत्रों और पांडुलिपियों से सजा किले के बाईं ओर है जिससे सटकर वल्तवा बहती रहती है। इस वल्तवा ने 2002 में एक बार उफ़ान खाकर क़ाफ़्क़ा को प्रणाम करने के लिए छलांग भरी थी, पर उनकी हस्तलिखित प्रतियों तक पहुंचे बिना, उसका जल वापस चला गया था। क़ाफ़्क़ा का जो दर्द उनके साहित्य में विद्यमान है, उसकी वजह है ‘एलियनेशन’। चेक लोगों में वे जर्मन थे और जर्मन में यहूदी। अंतरंगता के क्षणों में  उन्होंने अपनी प्रेमिका मिलेगा से चेक भाषा में पत्र लिखने की प्रार्थना की थी; जो उनके चेक देश और चेक भाषा के प्रति प्रेम का द्योतक है।

उसी ‘सुनहरी चहारदीवारी’ में क़ाफ़्क़ा के कमरे के पास ही नोबल पुरस्कार विजेता ‘ज़ेरारे लॉक सीफर्ट’ भी रहे थे।

‘प्राग’ की एक ख़ासियत ऐसी है जो आपको रह-रहकर काशी की गलियों और घाटों में ले जाती है। यहां ज़र्रे-ज़र्रे के पीछे कहानी है। जैसे कि इस चहारदीवारी में राजा रुडोल्फ के कीमियागर रहते थे जो यहां राजा के लिए छिप कर सोना बनाते रहते थे। इस चहारदीवारी से सटा 800 वर्ष पुराना चार्ल्स ब्रिज है जिसके दोनों ओर भव्य मूर्तियां बनी हैं।

इसकी कहानी यह है कि राजा ने इसे बनाते वक्त जब देवताओं से आज्ञा मांगी और उनको नज़राना पेश किया तो शैतान दौड़ कर आया और राजा से कहने लगा, ‘मुझे भी नज़राना चाहिए।’ राजा ने भयभीत होकर पूछा, ‘कहो! क्या लोगे?’ शैतान तो आख़िर शैतान ही होता है.. मांग बैठा राजा की परम सुंदरी पत्नी को!!’ राजा ने ‘ना’ कहा तो उसने श्राप दे दिया कि जो भी प्राणी सर्वप्रथम इस पुल पर पैर धरेगा, वह मर जाएगा।

पुल के उद्घाटन का दिन आया.. नियम से राजा या पादरी को वहां प्रवेश करना चाहिए था, पर वह यह हो कैसे? राजा इतना क्रूर भी नहीं था कि प्रजा में से किसी को भेज देता। राजा ने सोचा सुबह किसी कुत्ते या बिल्ली को पहले उस ओर भेजकर शुद्धि कर लेंगे।

पर शैतान की शैतानियत देखिए- वह आधी रात को रानी के पास राजा के मंत्री का भेष बनाकर पहुंचा और बोला, ‘राजा पुल पर गिर गए हैं’- घबराई हुई रानी दौड़कर पुल पर पहुंची और मृत्यु का ग्रास बन गई।”

इसी तरह की ढेरों ढेर कहानियां वहां पर स्थित मूर्तियों और भवनों के पीछे है। और तो और 200 मीटर लम्बी एक दीवार को वहां ‘हंगर वाल’ (भूख की दीवार) कह कर पुकारा जाता है। कहते हैं इसे 1360 में चार्ल्स चतुर्थ ने इसलिए बनवाया था कि अकालग्रस्त जनता को रोज़गार मिल सके।

ऐसा कम ही होता है कि किसी देश का विश्वविद्यालय वहाँ की राजनीति और युद्ध में सक्रिय भागीदारी करे, लेकिन पंद्रहवीं और सोलहवीं सदी के ‘ह्वाईट माउन्टेन’ संघर्ष में कैरोलियाम विश्वविद्यालय की अहम भूमिका रही और उसने ‘रिफार्मिस्ट मूवमेंट’ को सम्बल प्रदान किया।

यहाँ का पुस्तकालय 800 वर्ष पुराना है शायद यह यूरोप  का प्राचीनतम पुस्तकालय है। ऐसे देश में प्रथम श्रेणी के बुद्धिजीवियों की क्या कमी! मिलान कुन्देरा और हावेल (जो बाद में चेकोस्लाविया के राष्ट्रपति बने) ने कभी समझौता नहीं किया वे कोलम्बिया विश्वविद्यालय (अमेरिका) में बतौर अतिथि प्रोफेसर पढ़ाने भी गए। 1995-96 में उन्होंने सरकारी नीतियों के ख़िलाफ़ अनशन किया और जिस जेल के कमरे में रहे अब वह (वैक्लॉव) ‘पेन्शन यूनीटॉग’ होटल का एक हिस्सा है।

हमने वहां बुकिंग मांगी तो पता चला वह तीर्थ स्थान की तरह तीन चार वर्षों तक बुक हो चुका है। अच्छा लगा यह जानकर भी कि आज जब हम चारों ओर मूल्यों के विघटन की चर्चा करते रहते हैं; ऐसे में यदि ऐसे भाव लोगों में जिन्दा हैं, तो समझना चाहिए कि कविता और साहित्य अमर है।

क्या आश्चर्य है कि ‘फ्रांज क़ाफ़्क़ा’ और ‘मोत्ज़ार्ट’ दोनों को आस्ट्रिया या जर्मनी से ज़्यादा प्राग से प्यार था। मोत्ज़ार्ट का सर्वश्रेष्ठ ऑपेरा ‘डॉन ज़िओनी’ सर्वप्रथम यहां के ‘स्टेट थियेटर’ में प्रस्तुत किया गया जिसे स्वयं मोज़ार्ट ने संचालित किया। मोत्ज़ार्ट का मानना था कि इस जटिल ऑपेरा की समझ प्रागवासियों में सघनतम है। आज तक इसकी लगभग 2800 प्रस्तुतियां हो चुकी हैं जो अधिकतर ‘हाऊसफुल’ जाती हैं।

‘मोत्ज़ार्ट’ का वह घर जिसमें उन्होंने इस सिम्फ़नी को रचा था देखने लायक है। यहां एक पवित्र शांति चारों ओर छाई हुई है। चिड़ियों के शालीन कलरव के सिवा वहां कोई भी आवाज़ सुनाई नहीं पड़ती। कहते हैं कि मोत्ज़ार्ट कई बार रात को यहां से चलकर ‘नौसस्टिज थियेटर’ में रिहर्सल देखने जा पहुंचते थे, जाते वक्त वे एक ‘हेपादा’ (पब) मे बीयर पीते और लौटते वक़्त आधी रात को ‘लिटल क्वार्टर’ के एक छोटे से कॉफी हाऊस का दरवाज़ा खटखटाते थे। मालिक समझ जाता था कि कौन होगा? वह जाग कर दौड़ता सा दरवाज़ा खोलता और कुछ ही देर में रेस्तरां कॉफी की सोंधी गंध से भर उठता।..

सुंदर!.. सुंदरतर!.. सुंदरतम!! वहां से लौटते वक्त चारों ओर के घरों को देखते हुए ऐसा लग रहा था जैसे इन ‘घर बच्चों’ ने ‘पिनोकियो’ या ‘जोकर’ जैसे तिकोने टोप पहन रखे हों।.. ये बच्चे देखते-देखते दरख्तों ओर पहाड़ियों के बीच से खिलखिलाते हैं और फिर उन पहाड़ियों पर चढ़ कर उनके सिरों पर जाकर टंग जाते हैं। समझ नहीं आता कि पीले.. हिरमिची और गेरु के हल्के गहरे रंगों से रंगे ये घर कैसे लगते हैं?.. किसी झोंपड़ी सरीखे?.. या आधुनिक शृंगार से सजे महलों जैसे?.. हाँ एक बात तो निश्चित है कि ये घर कहीं भी प्रकृति से छेड़छाड़ करते नहीं दिखते और न ही कोई हस्तक्षेप.. बस चुपचाप उसकी लय से एकाकार हो एक पंक्ति में उग आते हैं.. एक दूसरे पर लद कर नहीं.. दूसरे के ‘आत्मसम्मान’ की रक्षा करते हुए, उसे पूरा ‘स्पेस’ देते हुए..

मोत्ज़ार्ट के घर से वल्तावानदी के दूसरी ओर ‘मालास्राना’ में छोटी पहाड़ी तले सिमटा, कुछ ऊंचाई पर निकोलस चर्च की बगल से गुज़रता ‘यान नेरुदा’ का घर है। ‘यान नेरुदा’ की कहानियों के पात्र इतने जीवंत माने जाते हैं कि प्रागवासियों को आज भी युगल जोड़ियों में उनके चेहरे दिखाई देते हैं। उस लेखक की सशक्त लेखनी के लिए एक ही उदाहरण काफी है कि प्रख्यात नोबल पुरस्कार विजेता पाब्लो नेरुदा ने उनके लेखन से प्रभावित होकर अपने नाम के साथ ‘नेरुदा’ जोड़ा था। यान नेरुदा की मृत्यु 1891 में हो गई लेकिन उनके लेखन ने चेक भाषा को उतना ही समर्थ साहित्य दे दिया कि जितना सूरदास ने ब्रज और तुलसी ने अवधी को।

नेरुदा के बाद कारेल चापेक, न्यूमान तोमान, हाशेक आदि ने चेक भाषा को अमर साहित्य दिया। हाशेक के ‘अच्छा सिपाही श्वायक’ को ऐपिक और उनके पात्र श्वायक को विश्व कथा साहित्य के ‘डॉन क्विज़ोट’ के बाद सबसे अद्भुत पात्र की संज्ञा दी गई है। नेरुदा के घर से निकल कर नए प्राग के रास्ते में हम उस ‘नक्षत्रों वाली घड़ी’ (एस्ट्रोनोमिकल क्लॉक) के सामने आ गए जिसे प्रागवासी विश्व की पहली अनूठी घड़ी मानते हैं।

सैकड़ों पर्यटक 12 बजने का इंतज़ार कर रहे थे ताकि घड़ी की घंटियां सुनें और उससे निकलती सवारियों को देखें। हमारी ‘गाईड’ ने जैसे ही उसकी कहानी शुरू की.. भीष्म साहनी, मेरी बगल में ‘हानूश’ लिए आ गए और मैंने गाइड से पहले ही उसकी कहानी शुरू कर दी। अब तो ऐसा नज़ारा बना कि न केवल हमारा 35-36 व्यक्तियों का दल बल्कि हमारी गाइड और इर्द-गिर्द के दूसरे लोग भी मुझसे पूछने लगे- क्या सच! ‘हानूश’ का जंवाई पुल पार कर तुला शहर चला गया था, घड़ियाँ बनाने। ..हम तो यही जानते थे कि इस अद्भुत घड़ी के निर्माण के कारण हानूश की आंखें इसलिए फोड़ दी गई कि यह सम्पूर्ण विश्व की इकलौती घड़ी रहे। वैसे तुला शहर की बात समझ में आ रही है क्योंकि वहां दूसरा राजा था और वह हमारे शहर के एकदम पास है।.. बस पुल पार करिए और तुला आ जाता है।

मन ही मन भीष्म साहनी को प्रणाम करते हुए मैंने उनसे कहा कि ‘इन प्रागवासियों को आश्चर्य हो रहा है कि हमारे देश की ऐतिहासिक कहानी को यह हिन्दुस्तानी महिला इतनी परतों में कैसे जानती है? उन्हें क्या पता कि यह करामात मेरी नहीं आपकी है।’

प्राग शहर के सौंदर्य के साथ यदि हम उसके साहित्य और सांस्कृतिक संघर्ष का इतिहास भी देखें तो हमारी आँखें विस्मय से विस्फारित हो अनिमेष हो जाएंगी। इसका सम्पूर्ण इतिहास ही अपनी भाषा, अपनी संगीतिक परम्परा और अपने साहित्य को बचाने के मुद्दों से भरा है। यहाँ सात सौ वर्षों पहले ‘जूलियास फूचिक फासिज़्म के बर्बर दर्शन को अस्वीकृत करने का टेस्टामेन्ट प्रस्तुत कर फांसी के तख्ते पर झूल गया था।’

चेक भाषा की सूक्ष्मता, लचीलापन, अर्थ देने की अद्भुत क्षमता इस बात के प्रमाण हैं कि इस भाषा ने अपना अस्तित्व बचाए रखने के लिए सदियों तक अनवरत संघर्ष किया है। आज भी मिलान कुन्देरा जैसे लेखक चेक में ही लिख रहे हैं, यह इतर है कि वे वहां के निवासियों (या सरकार) से मायूस रहे हैं। अत: अपनी पुस्तक चेक में नहीं छपवाते।

आज भी यहाँ के निवासियों का खुलापन और व्यावहारिक समझ देख कर हैरानी होती है। एक नमूना..

आजकल ‘बाज़ारवाद’ के खिलाफ़ बात करना एक फैशन सा हो गया है। हो सकता है उसी भावना से जब हमने वहां के प्राचीन भवनों के नीचे खुले बड़े-बड़े विदेशी ब्रांड के स्टोरों पर आक्रमण किया तो हमारी गाईड मित्र और 35-36 प्रागवासियों का पूरा दल एक स्वर में उसका विरोध करने लगा। उन्होंने तपाक से कहा ‘ये स्टोर्स’ न खुलते तो ये मकानात खंडहर हो जाते।.. समय के साथ बदलिए और अपनी धरोहरों की रक्षा करिए, बाज़ार का सदुपयोग इतिहास और मूल्यों की रक्षा के लिए कीजिए, उसके ग़ुलाम मत बनिए।

प्राग शहर की सबसे बड़ी ख़ासियत शायद यह है कि आकार में इतना छोटा होकर भी वह अत्यंत जीवंत, समृद्ध, सांस्कृतिक, साहित्यिक और ऐतिहासिक सम्पदा से चतुर्दिक भरा-पूरा एक लहलहता खुशनुमा देश है।..