वरिष्ठ लेखिका। 12 प्रकाशित पुस्तकें। कई सम्मान। एक कॉलेज में अध्यापन।

क्या कह रहे हो, मीता तुम्हें छोड़ कर चली गई!

ऐसा कैसे हो गया… अच्छा, चिंता मत करो, लौट आएगी।

रुको, तुम्हारे लिए ठंडा पानी लेकर आता हूँ, फिर डार्क रोस्टेड कॉफी बनाकर पिलाऊंगा। जानता हूँ, तुम्हारी फेवरेट है और दिमाग के लिए एकदम फर्स्ट क्लास… सिप लेते ही मूड फ्रेश न हो जाए तो मेरा नाम नहीं।

लो, ठंडा पानी पीकर पहले दिमाग को ठंडाओ। हां, यह हुई न बात, पर अभी भी माथे पर पसीना चू रहा है। ठहरो, ए सी ज़रा और चिल्ड कर देता हूं।

अब जरा तफ़सील से बताओ क्या माजरा है।

बस, इतनी सी बात! तुम तो ऐसे बदहवास हो जैसे किसी का कत्ल करके आ रहे हो। अमां, इतना भी न घबराओ, तुमने कौन-सा बड़ा गुनाह कर दिया, गुस्से में एक झापड़ ही तो मारा है। हो जाता है कभी-कभी। अब हम मर्दों को हज़ार झमेले हैं। साला घर से निकलते ही सौ जंजाल मुंह बाए खड़े रहते हैं। दफ्तर के काम से लेकर घर के छत्तीस पचड़े, बॉस की डांट से लेकर ट्रैफिक जाम की चिल्लपों… आग का दरिया पार कर घर पहुंचते हैं। दिमाग भन्नाया रहता है, आखिर भड़ास किस पर निकलेगी! यह तो होता ही रहता है और बीवियां ऐसे ही धमकी देती रहती हैं, पर कभी देखा है किसी को घर छोड़कर जाते। चार दिन चलती है इनकी नौटंकी फिर लौट आती हैं। पति छूट जाए, बच्चे छूट जाएं, पर घर उनसे नहीं छूटता। जहाज़ का पंछी लौटकर फिर जहाज़ पर ही आता है।

क्या कहा, सारा सामान लेकर गई है और लखनऊ भी नहीं गई! ऐसे में औैरतें अक्सर मायके की धौंस जमाती हैं… पर मायके भी नहीं गई तो फिर कहां जा सकती है?

हूँ, मुझे तो कुछ लंबी प्लानिंग लगती है। दाल में कुछ काला है…. जरूर कुछ लफड़ा है। यार! बुरा मत मानना, उसका कहीं किसी से टांका तो नहीं भिड़ा हुआ था।

अच्छा, अच्छा! नाराज मत हो, आखिर दरियाफ़्त तो करनी ही पड़ती है न। अब देखो, मेरा भी तो कितनी बार सुजाता से झगड़ा हुआ है, पर आज बीस बरस हो गए, ऐसी नौबत नहीं आई। देखो मियां! तुम्हें लड़कपन से जानता हूँ, तुम ठहरे नाज़ुक मिजाज़ और ढुलमुल आदमी। भई, बीवी को काबू में रखने के गुर होते हैं, पर तुम ठहरे मिट्टी के माधो। अब यूं तो न घूरो, मैं ही एक हूँ जो तुम्हें गरिया सकता हूँ और जानता हूँ तुम मेरी सुन लोगे। पहले तो बीवी को काबू में रखा नहीं, अब किस्मत को रो रहे हो। मैं कहता हूँ किस्मत विस्मत कुछ नहीं होती, हम पतियों के हाथ में तो पुश्तैनी चाबुक है… बाबा आदम के जमाने से हमारा अचूक हथियार, जो दिखता नहीं, पर कभी-कभी लहराते रहो तो औरतों का दिमाग ठिकाने रहता है।

मुझे देखो, कॉलेज में कितनी ही लड़कियों को घुमाया, सिनेमा दिखाया आइसक्रीम खिलाई पर बच्चू निगाह अपनी पैनी थी, सुजाता को देखते ही समझ गया कि खालिस बीवी मटेरियल है। भोली भाली, हरदम होठों पर मुस्कान, पढ़ाई में अव्वल पर एकदम पैसिव एटीट्यूड… मेरे इश्क में ऐसी डूबी कि जींस शर्ट छोड़कर देसी लिबास पहनने लगी। मियां, वही तो समय होता है हावी होने का। जिसने पहले बिल्ली मार दी वही राजा। बिगड़ी से बिगड़ी घोड़ी पर लगाम डाल दी तो बस, जिंदगी भर करो सवारी, नहीं तो तुम्हारी वाली की तरह पटखनी देकर हवा हो जाती है।

तुमने मीता को शादी के बाद ग्रेजुएशन पूरी करने दी, पत्रकारिता का कोर्स कराया, नौकरी लगवाई। आखिर क्या जरूरत थी इतने पंख देने की, अब हो गई न फुर्र। यार, हमारी तो पहले से ही पढ़ी-लिखी थी। मुझसे ज्यादा डिग्री होल्डर, यूनिवर्सिटी टॉपर। पर हमने भी प्यार में शर्त रख दी – प्यार या करियर! बस, लगती नौकरी को तिलांजलि देकर चली आई हमारे संग-संग हमारे शहर।

जनाब, सब इतना आसान नहीं होता। बहुत पहले से तैयारी करनी पड़ती है। गरम लोहा देखो और मनमर्जी के आकार में ढाल दो। बाद में कितना ही हथौड़ा पीट लो, कुछ नहीं होने वाला। मैं तो कहता हूँ औरतें परले दर्जे की इमोशनल फूल होती हैं। उन्हें इतना कमजोर कर दो कि कच्चे धागे की तरह तुम में लिपटी रहें। खुद पर डिपेंडेंट कर दो, गहने गुड़िया से लाद दो। बीवी को लगना चाहिए वह घर की रानी है। इसी गफलत में मेरी वाली पक्की गृहस्थन बन बैठी, पर अपन ठहरे आजाद पंछी… घर से निकलते ही बाहें फैलाए खुला आसमान… जी चाहे इस फुनगी पर बैठो या उस डाल पर, कोई टोकने वाला नहीं।

सच मानो, सुजाता में खूबियां तो इतनी हैं कि क्या गिनवाऊं। रिश्तेदारों की आवभगत हो या बच्चों की पढ़ाई, हारी बीमारी या खरीदारी हर काम में परफेक्ट, मेरी बहन की शादी में चकरघिन्नी की तरह एक पैर पर नाचती रही। तुम्हें क्या लगता है, यह जो आज मेरी इतनी शान शौकत और बंगला गाड़ी देखते हो, क्या सुजाता के बिना हो पाता। सच तो यह है, हमने कमाया उसने सलीके से बूंद-बूंद बचाया तब न आज समंदर लहरा रहा है।

इतनी गुणी और काबिल है, पर हमने सर पर नहीं चढ़ाया। तुम तो जानते हो, शादी के बाद कुछ सालों तक जेब ढीली रही। पर मजाल है अमीर बाप की इस औलाद ने कभी शिकायत की हो। कड़की में भी नरम मुलायम रही, प्यार की चाशनी में डूबे शकरपारे की तरह… एक निहायत वफ़ादार पत्नी, लेकिन अपन को तो जानते हो, हम ठहरे अपने पापा की औलाद, उन्हीं की तरह खुराफाती, ज़िद्दी और गुस्ताख। उन्हीं की तरह गुस्सा नाक पर रहता है। जरा भर किसी ने छेड़ा कि तीसरा नेत्र खुल जाता है। सुजाता भी कहां बच पाती है मेरे तांडव से, जब माथा गर्म होता है तो उसकी सारी खूबियां भस्म हो जाती हैं। क्या करूं आखिर मर्द हूँ हाथ पांव चल ही जाते हैं। पर बंदी महान है, चूं नहीं करती। मेरी आवाज ऊंची होते ही खिड़की दरवाजे बंद करने लगती है। तुम्हारी वाली होती तो फट से सौ नंबर घुमा देती।

हालांकि प्यार तो उसे करता हूँ, कई बार बाद में पछतावा भी होता है, पर भीतर ही भीतर जब्त कर लेता हूँ… ज़ाहिर नहीं होने देता। सॉरी तो आज तक नहीं बोला, बड़ी मशक्कत से खुद को रोकना पड़ता है… जानता हूँ, आग ठंडी होने पर आएगी और सीने से लिपट जाएगी। तब मैं भी बाहों में जकड़ लेता हूँ। राज़ की बात बताऊं, जिस दिन सॉरी बोलना शुरू कर दिया उसकी आदत खराब हो जाएगी। फिर हर बार मुझे ही मान मनव्वल करनी पड़ेगी।

जानते हो एक बार भावुक होकर बोली थी- जीते जी हसरत ही रह जाएगी कि कभी तुम मुझे मनाओ। यार, क्या कहूं मैं ऐसा निर्दयी भी नहीं… बड़ा प्यार आया था उसके आंसुओं पर। मन हुआ प्रॉमिस करूं मेरी जान! अब से तुम रूठोगी तो ज़रूर मनाऊंगा। पर फिर जी कड़ा करके अपने मान अभिमान के लड़खड़ाते पैरों को टिकाए रखा। मन ही मन सोचा- नहीं, अपनी परंपरा और प्रतिष्ठा को डिगने नहीं देना है…. मनु की संतान है तू! जैसे चल रहा है चलने दे।

ऐसे कमजोर पलों में अगर मैं डिग जाता तो मेरा भी तुझ सा ही हाल होता। अब जो हो गया सो हो गया आगे के लिए मेरी बातों को गुरु मंत्र समझकर याद रखो, मेरे अंदाज में जिंदगी जीना सीख लेगा तो मीता भी सुजाता जैसी हो जाएगी।

अब सुजाता की क्या मिसाल दूं, इतनी नेक और पाक़ औरत है, पर मैं ठहरा आदम की औलाद। ईमानदारी से बता हम मर्द एक डाल पर टिक सकते हैं क्या! अच्छी खासी खूबसूरत बीवी पहलू में है पर कार ड्राइव करते हुए बाजू वाले स्कूटर पर बैठी औरत को ताड़े बिना रह नहीं सकते। भाई करें क्या, अपना तो सब कुछ बाहर है… कुदरत ने हमें ऐसा ही बनाया है। रैपर देखते ही चॉकलेट खाने को ललच उठते हैं।

अब मेरा खुराफाती दिमाग तो तुम जानते ही हो, बस एक ही कमज़ोरी है- औरत। दो तीन बार फिसला हूँ, पर ईमान कसम सुजाता को एहसास नहीं होने दिया, उसे कभी कोई कमी महसूस हुई हो तो पूछ लो। मैंने तो एक बार दोस्तों के सामने मज़ाक-मज़ाक में कह दिया कि देखो भरा हुआ ग्लास बीवी के लिए और जो एक्स्ट्रा है वह छलकने दो यहां वहां जहां तहां …. बस, बीवी को कोई कमी नहीं होनी चाहिए आखिर हमारे बच्चों की मां है, पूरे घर की धुरी है… अमां, वह खिसक गई तो जिंदगी की इमारत भरभरा कर गिर जाएगी… फिर हाथ में जाम थामे जो हवा में उड़ रहे हैं न हम… एक झटके में सब जमींदोज़ …सारा नशा का़फूर!

सुनकर सुजाता की बड़ी-बड़ी आंखें हैरान-परेशान और उदास हो गई थीं, पर वह बोली कुछ नहीं। एक दो बार मेरे फोन में कुछ गड़बड़ मैसेज देख कर उसने सवाल किए थे, मैंने उल्टे ऐसी डपट लगाई कि सिटपिटा कर रह गई। बरखुरदार, यह बात गांठ बांध लो जब बीवी सवाल करने लगे तो आवाज़ नियाग्रा फॉल की तरह बुलंद हो जानी चाहिए, इतनी ऊंची कि ‘लोग क्या कहेंगे’ के डर से वह खामोशी अख्तियार कर ले और जंग से पहले ही मैदान छोड़ दे।

एक बार उसने माया के साथ मेरी चटखारेदार बातों का ऑडियो पकड़ लिया, उस दिन पहली बार ज़ोर से गरजी, गुस्से में आकर बोली, भाई साहब को बुलाकर तुम्हारी करतूत बताऊंगी। झूठ नहीं बोलूंगा, उस दिन पहली बार थोड़ा घबराया, कहीं सचमुच भाई साहब को बता दिया तो घर में किरकिरी हो जाएगी। पर तुरंत संभला, अपने हौंसले की पीठ थपथपाई और दहाड़ा –पंचायत करना चाहती हो… बुलाओ जिस को बुलाना है… तुमने जबान खोली तो मेरे पास भी बहुत कुछ है कहने को।

तुम क्या कहोगे? उसने तड़पकर सवाल दागा।

यही कि तुम्हारा भी नीरज के साथ चक्कर चल रहा है। मैं दफ्तर के काम से जयपुर गया तो मेरे पीछे से आकर एक रात मेरे घर में रहा था, तुम्हारे अलावा उस दिन घर में और कोई नहीं था।

पर वह तो तुमसे पूछ कर ही मैंने उसे घर में ठहराया था – वह आंखें तरेर कर बोली।

कुछ तो शर्म करो, वह मेरी बुआ का बेटा है, रिश्ते में भाई लगता है।

पर उसने तुम्हें एक लव लेटर लिखकर दिया था, तुमने ही बताया था।

छि:, लड़कपन की उस बात को तुम यहां कैश करोगे, वह मुंह ढांप कर रोने लगी।

मैंने देखा, तीर निशाने पर लगा था। आखिर खुद को बचाने के लिए कभी-कभार झूठ फरेब मक्कारी का पांसा फेंकना पड़ता है।

क्या बताऊं, उसके बाद कुछ दिन वह बहुत नाराज़ रही, फिर छुट्टियों में बेटे के हॉस्टल से आ जाने पर बेचारी को नार्मल होना पड़ा। पर उस घटना के बाद मैं तो एकदम चौकन्ना हो गया। उस बात को तीन साल हो गए, मजाल है मैं फिर उसके हत्थे चढ़ा होऊं। बेचारी भूल भी गई होगी मेरी एक ही भूल समझ कर।

उस दिन मेरा फौलादी हौसला ही काम आया, तुम भी ज़रा हिम्मत रखो। बीवी के लौटने पर मेरे सारे नुस्खे अपनाओगे तो बेटा राज करोगे वरना रह जाओगे हाथ मलते।

अब चला मैं तुम्हारे लिए कॉफी बनाने। पर ठहरो ज़रा, दरवाजे पर घंटी बजी है। कौन आ सकता है, सुजाता तो अपनी सहेली के यहां गई है, शाम से पहले नहीं लौटेगी।

अरे भाई आ रहा हूं, ज़रा सब्र रखो….इतनी घंटी बजाने की क्या जरूरत है?

मीता तुम! सुजाता तुम भी …लौट आईं अपनी सहेली के घर से? अरे, साथ में यह पुलिस…?

क्या बात है जनाब?

क्या कहा…. हम दोनों के खिलाफ एफ आई आर?

पर इंस्पेक्टर, मीता का अपने पति से झगड़ा हुआ है, मैंने तो… सुजाता! इन्हें बताओ न… जरूर कोई गलतफहमी हुई है।

यह क्या, तुमने रिपोर्ट लिखवाई है, पिछले 20 सालों में मैंने बीसियों बार तुम पर हाथ उठाया… पर यह तो कोई बात नहीं हुई… अब तुम गड़े मुर्दे उखाड़ोगी? यह ठीक नहीं है… देखो, मैं कहे देता हूँ, कंप्लेंट वापस लो… वरना, वरना अंजाम बुरा होगा।

तुमने सुना नहीं ….सुजाता ! क्या कर रही हो यार तुम्हारा पति हूँ मैं! तुम तो मुझसे बहुत प्यार करती हो, कुछ बोलती क्यों नहीं? और यह मुस्करा क्यों रही हो?

सुजाता…. मीता! तुम दोनों एक दूसरे का हाथ थामे क्या तमाशा देख रही हो? कुछ बोलो न! समझाओ इंस्पेक्टर साहब को!…

अरे इंस्पेक्टर साहब, मैं चल रहा हूँ न! आप मेरा कॉलर तो छोड़िए…. आखिर मैं एक इज़्ज़तदार आदमी हूँ।

संपर्क सूत्र :  शब्दायन, 1 विश्वेश्वरैया कोऑपरेटिव, ट्रैम्पोलिन पार्क के पास,  (कुसुम होम्स के सामने) रूपसपुर, बेली रोड,  पटना – 801503