पैट्रीज़िया सेर्रोनी
नग्न सत्य सा नृत्य (आत्मकथा)
(अनुवाद : स्मिता मिश्रा चतुर्वेदी)
वाणी प्रकाशन, दिल्ली
मूल्य :499 रुपये
यह पुस्तक एक प्रसिद्ध नृत्यांगना के अंतरंग जीवन की सुंदर आत्मकथा है, जिसमें उनकी बाल्यावस्था से लेकर किशोरावस्था तथा वयस्क जीवन के भावनात्मक अनुभवों के चित्र हैं। यह एक ऐसी महिला की कहानी है जिसने अपना अनोखा साहसपूर्ण प्रयोगों से भरा जीवन रोम, न्यूयार्क और भारत में व्यतीत किया।

रूपा सिंह
दुखाँ दी कटोरी सुखाँ दा छल्ला
(कहानी संग्रह)
वाणी प्रकाशन, दिल्ली
मूल्य :399 रुपये
प्रेम कहानी के जाने-पहचाने दायरे से ये कहानियां अलग हैं। इनमें भावुक, कच्चा और सुकुमार प्रेम की जगह प्रेम की बौद्धिक संवेदना व्यक्त हुई है। इनमें वह लैंगिक सचेतनता भी है, जिसका हमारे समय में अभी भी काफी अभाव है।

अल्पना मिश्र
स्त्री विमर्श का नया चेहरा (आलोचना)
वाणी प्रकाशन, दिल्ली
मूल्य :200 रुपये
पुस्तक में स्त्री जीवन के प्रश्नों को स्वाभाविक भारतीय ऐतिहासिक विकास के परिप्रेक्ष्य में देखने की कोशिश की गई है। स्त्री प्रश्न नवजागरण के साथ उभरे और केंद्रीय भूमिका में आ गए। लेखिका ने स्त्री समस्याओं को मानवीय समस्या की तरह देखने की बात की है और मनुष्यता के आलोक में उस पर विचार करने का मुद्दा उठाया है।

प्रबोध कुमार गोविल
हडसन तट का जोड़ा (उपन्यास)
शिवना प्रकाशन, सीहोर
मूल्य :200 रुपये
प्रबोध कुमार गोविल का यह अद्यतन उपन्यास हटसन तट पर टहलते हुए दो पंक्षियों की मासूम दास्तान है। इसमें पशु-पक्षियों को चरित्र बनाकर मानव जीवन के प्रश्नों का कुशलता से सामना है।

संतोष भदौरिया
हिंदी भाषा परंपरा और प्रयोग (आलोचना)
साहित्य भंडार, प्रयागराज
मूल्य :160 रुपये
कुल दस अध्यायों में विभक्त यह किताब हिंदी भाषा और देवनागरी लिपि की परंपरा और समय-समय पर हुए विभिन्न प्रयोगों को जानने-समझने के उद्देश्य से लिखी गई है। भूमंडलीकरण और बाजारवाद के वर्तमान परिदृश्य में यह पुस्तक हिंदी की समृद्ध भाषिक एवं साहित्यिक परंपरा को यथार्थपरक दृष्टि से देखने की कोशिश है।