सिद्धेश
सागर प्रार्थना (कविता संग्रह)
उदंत मरुतृण प्रकाशन, कोलकाता, मूल्य :175 रुपये
कविताओं के इस संकलन में कथाकार सिद्धेश का अनोखा कवि रूप है। इसमें वैचारिक प्रतिबद्धता और प्रेमोच्छवास के बीच सामंजस्य है। भावों में समुद्र की सी गहराई है। इसी तरह अतीत से जुड़ी स्मृतियां हैं। शंतिनिकेतन की प्रकृति सुषमा है, तो पलाश वन की लालिमा भी है।

स्कै बाबा
अधूरे (तेलुगु कहानी संग्रह)
हिंदी अनुवाद : एस. के. साबिरा
प्रलेक प्रकाशन, मुंबई, मूल्य :220 रुपये
इस कहानी संग्रह की कहानियां उन अधूरी जिंदगियों की दास्तान हैं जो कई रूपों में अभिशप्त हैं। सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर संघर्ष करती ये जिंदगियां रचनात्मक रूप में अपनी सुंदर उपस्थिति दर्ज करती हैं। मुस्लिम समाज के पिछड़ेपन की वजहें खोज निकालने का प्रयास इन कहानियों में है।

संपादक मंडल :लीलाधर मंडलोई, चंद्रकला त्रिपाठी, कृपाशंकर चौबे, राकेश बिहारी
शिव कुमार ‘शिव’ रचनावली
सान्निध्य बुक्स, दिल्ली, मूल्य :6000 रुपये
प्रमुख कथाकार और ‘किस्सा’ पत्रिका के संपादक शिवकुमार ‘शिव’ की 5 खंडों की रचनावली में उनके उपन्यास, कहानियां, यात्रा वृत्तांत, संस्मरण, समीक्षाएं, लेख, वक्तव्य आदि संकलित हैं। ये उनके व्यक्तित्व और कृतित्व के जरिए एक खास दौर की साहित्यिक प्रवृतियों का विस्तार से पहचान कराते हैं।

बृजनंदन प्रसाद वियोगी
विजेता (कहानी संग्रह)
अस्तित्व प्रकाशन, बिलासपुर, मूल्य : 249 रुपये
इस संग्रह में कुल 15 कहानियां शामिल हैं। इन कहानियों में मानवीय रिश्तों की अहमियत को बखूबी दर्शाया गया है। टूटन भरे इस दौर में बिखरते संबंधों को जोड़ने की अच्छी कोशिश हैं ये कहानियां।

रमेश उपाध्याय
छोटे शहर की
बड़ी बिरादरी (उपन्यास)
शब्दसंधान प्रकाशन, दिल्ली, मूल्य :400 रुपये
नाटकीय शैली में लिखा गया यह अद्भुत उपन्यास है। इस उपन्यास में हिंदी की समस्याग्रस्त दुनिया उभर कर आई है। कथा में एक खास दौर की साहित्यिक बहसें हैं। साहित्य के प्रति दृष्टिकोण के साथ देश-दुनिया की घटनाओं के बारे में कथाकार की सोच अच्छी तरह व्यक्त होती है।