बनारस, बीएचयू और श्रीप्रकाश शुक्ल
(आलोचना)
आर्यपुत्र दीपक,
अक्षत पांडेय
सेतु प्रकाशन, नोएडा
मूल्य : 425 रुपए
पुस्तक में श्रीप्रकाश शुक्ल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विभिन्न लेखकों और छात्रों ने अपने-अपने दृष्टिकोण से लिखा है। इसमें श्रीप्रकाश शुक्ल का निजी बनारसी फक्कड़पन, एक कवि की विरासत का वैभव और एक शिक्षक की जौहरी प्रवृत्ति की पहचान है। पुस्तक बनारस, बीएचयू एवं विभिन्न मानवीय संबंधों पर आधारित लेखक के अपने संस्मरणों का भी एक अद्भुत संकलन है।

स्त्री दृष्टि में स्वयं प्रकाश
(आलोचना)
सं. एकता मंडल
सर्व भाषा ट्रस्ट, दिल्ली
मूल्य : 599 रुपए
इस पुस्तक में 42 स्त्री आलोचकों द्वारा प्रसिद्ध कथाकार स्वयं प्रकाश के लेखन के विविध पक्षों का विशद मूल्यांकन है। स्त्री की दृष्टि से उनके व्यापक रचना संसार को एक पुस्तक में देखना-समझना एक अनोखा मामला है। कथा आलोचना के क्षेत्र में स्त्री आलोचकों का यह कार्य प्रेरणादायक होगा।

जामिया-बीती
(संस्मरण)
असगर वजाहत
वाणी प्रकाशन, दिल्ली
मूल्य : 295 रुपए
संस्मरण की यह पुस्तक जामिया मिल्लिया इस्लामिया से संबंधित है। इसमें राजनीतिक उथल-पुथल के बीच मनुष्यों के अंतर्द्वंद्व को पाठकों के समक्ष रखा गया है। यह संस्मरण अपने एक सौ वर्ष पूरे कर चुकी संस्था जामिया की राजनीतिक गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था और संघर्ष को दिखने का प्रयास है।

नूह का कबूतर
(पत्र संकलन)
आमिर हमजा
हिंदीस्थान प्रकाशन, जयपुर
मूल्य : 249 रुपए
इस पुस्तक में हिंदी-उर्दू-फारसी भाषा के पच्चीस समादृत कवियों-लेखकों के खतों का संकलन है। ये खत दुनिया भर के विख्यात लेखकों, कवियों, फिल्मकारों, नाटककारों और चित्रकारों की रचनाओं, फिल्मों, नाटकों और चित्रों में आए किरदारों के नाम लिखे गए हैं।

मन नहीं मानता
(कहानी संग्रह)
महावीर रवांल्टा
एस. कुमार एंड कंपनी दिल्ली
मूल्य : 550 रुपए
इस संग्रह में लेखक जल, जंगल, जमीन के एक मजबूत प्रवक्ता के रूप में उपस्थित है। उसकी कहानियों में लोक संसार के साथ उसका जनपद है। इनमें पहाड़ी जीवन के सौंदर्य और संवेदना का सुंदर अंकन है।