अथातो चित्त जिज्ञासा (मनोविश्लेषण) :अरुण माहेश्वरी
सूर्य प्रकाश मंदिर, बीकानेर : मूल्य :700 रुपये
जॉन लकान और मनोविश्लेषण के सिद्धांतों पर केंद्रित एक पठनीय पुस्तक।इसमें सोच का एक विशाल परिसर है जहां कई अवधारणाओं पर पारदर्शिता से चर्चा है।

अमलकांटा (कहानी संग्रह) : राजेंद्र केडिया
वृंदा प्रकाशन, कोलकाता : मूल्य :550 रुपये
इस संग्रह में लोक जीवन की धड़कनों से बनीं राजस्थानी कहानियां हैं।इनमें निष्कलंक बचपन की तलाश है तो आपसी रिश्तों की प्यार भरी टकराहट भी है।अमलकांटा का धरम है दोनों तरफ चुभना, यानी- कथा कहने वाले के मन में चुभती है तो सुनने वाले को भी चुभती है।

कथांतर : खंड :1 और 2 (कथा संकलन) : संपादक :मृत्युंजय सिंह
अंतिका प्रकाशन, गाजियाबाद : मूल्य :1950 रुपये
दो खांडों में 1975 के आसपास से 2000 तक के उभरे कथाकारों की एक-एक चर्चित कहानी संकलित है।हिंदी कहानी का यह काल गुणवत्ता की दृष्टि से विशिष्ट रहा है।इन कहानियों में सामाजिक – राजनीतिक चेतना के साथ नए प्रयोगों का आनंद लिया जा सकता है।

दिनांक के बिना (जीवन यात्रा) :उषाकिरण खान
वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली : मूल्य :299 रुपये
यह एक ऐसा दस्तावेज है जो समय के पार जाते जीवन के अध्यायों को स्पष्टता से पाठकों के समक्ष रखता है।यह पुस्तक आत्मा की खोज में उस अबोध पाखी के समान है जो एक ऊंची उड़ान भरते हुए जीवन के तमाम रसों पर दृष्टिपात करता है।

सीतायन (उपन्यास) : मल्लिका सेनगुप्ता
अनुवाद :सुशील कान्ति
शिवना प्रकाशन, भोपाल : मूल्य :225 रुपये
बांग्ला से अनूदित इस उपन्यास में रामायण को सीता की दृष्टि से देखा गया है।जीवन भर दुख झेलती सीता का आक्षेप बहुत मार्मिक ढंग से व्यक्त हुआ है।