प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्ति के बाद स्वतंत्र लेखन। अद्यतन कविता संग्रह ‘डुमरांव नजर आएगा’। भोजपुरी में भी लेखन।

मेरे पास न लाठी न भाला

मेरे पास न लाठी न भाला
न तीर न कमान

न ढाल न तलवार
न गोली न बंदूक

बस एक सीना किसी नवजात
शिशु के कोमल माथे के बराबर!

किसी स्नेहिल हथेली के बराबर
वह भी कवच रहित
बस एक मन शब्दों में रमा
जगमग होता उनके प्रकाश से!

उसी मन से जुड़ा एक मस्तिष्क
तर्कशील विवेक संपन्न
जो नहीं जानता
दैन्य…पलायन…

इस मेरे जिद्दी मन-मस्तिष्क का
क्या बिगाड़ लोगे

देह तो ठहरी ससुरी नश्वर
इसके नष्ट होने का क्या गम
अगर कोई बड़ा उद्देश्य हो सामने!

संपर्क : ‘सुयश’, 631/58, ज्ञान विहार कालोनी, कमता (फैज़ाबाद रोड), लखनऊ–26028 मो. 7355644658