
युवा कवि। संप्रति अध्ययन।
गांव की औरतें
गांव की औरतें
जब चल रही होती हैं
किसी खेत की मेड़ पर
तो उनके पैरों की गति के साथ-साथ जैसे
घूम रही होती है पृथ्वी
गांव की औरतें
जब कर रही होती हैं
खेत पर सरसों की लावणी
तो उनकी सुगंधित देह से
निकल रही स्वेद की बूंदें
मानो दे रही होती हैं
थार के कोख में बने
किसी शीतल कुएं की गवाही।
गांव की औरतें जब झूम रही होती हैं
कूद रही होती हैं
गांव की पहली बारिश की बूंदों में
और गांव उल्लास से झूम उठता है
तब धान की रोपाई करते
कीचड़ से सने पानी में वे गुनगुनाती हैं
लोकगीत की धुनें
वो बजी जा रही है नीले आसमान में निरंतर
वायुमंडल में गरज-कड़क के साथ
मधुर वीणा मानो मृदंग बन गई हो
गांव की औरतें जब खेत-खलिहानों में
भविष्य के लिए एकत्रित कर रही होती हैं
पशुओं के लिए चारा और अनाज
तब बचा रही होती हैं वे
सपनों से अधिक जीवन और सभ्यताएं
गांव की औरतें
जब घर आंगन चूल्हा लीप रही होती हैं
तब उनपर अपनी कला से
उकेर रही होती हैं मांडना
उनके घर आंगन गुवाड़ से
झलक रही होती हैं परंपराएं और संस्कृति
तब यह दुनिया
और खूबसूरत लगती है
लगने लगते हैं
यहां के लोग अधिक खूबसूरत।
ग्राम : कुम्हरला, पोस्ट : रोनीजा, तहसील : हिण्डोली, जिला : बूंदी, राजस्थान-323024 मो.9694863097

