
साहित्यिक लेखन के अलावा पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में कार्य। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मीडिया अध्ययन केंद्र में पाठ्यक्रम समन्वयक। हालिया प्रकाशित पुस्तकें हैं–‘संचार शोध और मीडिया’, ‘फोटो पत्रकारिता के विविध आयाम’ तथा ‘भारत में कुंभ’।

इतने बड़े शहर में और इतनी अधिक ऊंचाई पर वह पहली बार खड़ा था। तेईसवीं मंजिल से नीचे झांकने की हिम्मत ही नहीं हो रही थी। शायद इसीलिए कि वह उन आवारा बादलों की तरफ निगाह गड़ाए था, जो बहुत तेजी से भागते हुए उसी की ओर बढ़े चले आ रहे थे। आवारगी उसे पसंद है, लेकिन इतनी भी नहीं कि……।
तय था कि बारिश होगी, सो मन ही मन यह तय करके कि एक कप कॉफी बनाई जाए, वह भीतर आ गया।
अभी कुछ ही दिन हुए हैं उसे इस शहर और इस अपार्टमेंट में आए हुए। गेट पर और लिफ्ट के पास तैनात गार्ड्स के अलावा यहां के कुछ बच्चे हैं, जो लिफ्ट में आते-जाते उससे अनायास ही नमस्ते कर लेते हैं। वैसे उसे पता है कि इस तरह के अपार्टमेंटों में गार्ड्स और बच्चों की सभी से नमस्ते करने की आदत-सी बन जाती है। भले ही वे किसी को पूरी तरह जानते ही न हों। बहरहाल वह इन सभी से एक भली-सी स्माइल के साथ नमस्कार कर ही लेता है। एक दिन तो उसने लिफ्ट में सवार एक बच्ची से पूछ ही लिया- ‘मुझे जानती हो, मैं कौन हूँ।’ बच्ची ने तपाक से कहा- ‘2312 वाले अंकल।’ उसे कुछ अजीब तो लगा, लेकिन मजा भी आया। पहली बार उसकी पहचान किसी नंबर से हो रही थी। ठीक-ठीक किसी कैदी की तरह। वैसे उसे अपार्टमेंट में रहना किसी कैद से कम नहीं लगता है, यह बात वह कई बार अपनी मां से बता चुका है। तेइसवीं मंजिल पर अटकी जिंदगी, वह भी एकदम अकेले।
इस अपार्टमेंट में फ्लैट देखने आने से पहले ही वह ‘अपार्टमेंट कल्चर’ से पूरी तरह वाफिक था। दरअसल इलाहाबाद युनिवर्सिटी में उसने अपने एक अध्यापक से उनके अपार्टमेंट की कई कहानियां सुन रखी थीं। उनकी एक रात की आपबीती तो रोंगटे खड़े कर देने वाली थी। हुआ यह कि उनकी तबीयत अचानक रात के दो बजे खराब हो गई। वे वहां नए थे। किसी का मोबाइल नंबर नहीं ले पाए थे सो उनकी पत्नी ने सहायता की गुहार लगाने के लिए अपने फ्लोर के कई घरों की बेल बजाई, दरवाजा भड़भड़ाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हारकर वे अकेले ही टैक्सी बुलाकर उन्हें लेकर अस्पताल पहुंच गईं। अध्यापक तो बच गए, लेकिन उनकी पत्नी ने जिद पकड़ ली कि वे अब यहां नहीं रहेंगी। दरअसल जब उन्हें पता चला कि उनकी फ्लोर के लोग सुबह अपार्टमेंट के ऑफिस में पहुंचकर सीसीटीवी में यह देखने में जुटे हैं कि रात में उनके घरों की बेल कौन बेल बजा रहा था, तो उन्हें इन सबसे घृणा-सी हो गई। वह सोच रही थीं कि वे किसी को जगा नहीं पाईं और यहां सब के सब जागे थे और बेल की आवाज भी सुनी थी। रोचक यह कि जब उन सबने देखा कि नए फ्लैट में आए प्रोफेसर साहब की पत्नी हैं तो सब चुपचाप बिना कारण जाने अपने-अपने रास्ते चल दिए। सिवाय एक सज्जन के, जो हालचाल लेने अस्पताल तक पहुंचे।
बालकनी में रखी आराम कुर्सी पर बैठा-बैठा वह खुद को ही समझाने लगा कि बड़े-बड़े शहरों में अपार्टमेंट स्वार्थ सिद्ध करने का ठीहा बनते जा रहे हैं। अपने-अपने स्वार्थ समेटे लोग छोटे-छोटे शहरों-गांवों से यहां पहुंचते हैं और यहां आकर डरे-डरे अपने-अपने में संकुचित होकर रहते हैं। …अब उसे ही देखिए, यहां आए दो हफ्ते हो रहे हैं, लेकिन उसे नहीं पता कि उसके ठीक बगल वाले फ्लैट में कौन रहता है। बगल वाले ने भी तो उसकी कभी सुध नहीं ली। बस, आमना-सामना होता है तो स्माइल पास करके काम चला लिया जाता है।
कॉफी को फेंटकर बनाना उसे पसंद है, सो गैस पर दूध चढ़ाकर वह कप में दो चम्मच दूध में दो चम्मच कॉफी और थोड़ी-सी चानी लेकर फेंटने लगा।
किचेन और लिविंग रूम लगभग साथ-साथ हैं इस फ्लैट में। लिविंग रूम की बालकनी सबसे मुफीद जगह लगती है उसे। कम से कम यहां बैठकर कुछ सुकून तो मिलता है। वरना, वही टेलीविजन पर सीरियल या ओटीटी का सहारा लो या फिर फोन पर बेवजह की चैटिंग। चैटिंग भी वही घिसी-पिटी और बेमानी मुद्दों पर। फिलहाल वह इन दोनों माध्यमों से मुक्ति पा चुका है। पा चुका क्या है, स्वतः मुक्ति ले ली है। हां, दोस्ती के नाम पर जो लोग थे, वे सब के सब इन दिनों खुद के लिए जूझ रहे हैं। कुछ के अपने सपने हैं, जिन्हें वे पूरा करने की होड़ में हैं, तो कुछ ऐसे भी हैं, जो नए-नए सपनों की तलाश में हैं। वह भी तो सबकुछ छोड़-छाड़ के इस शहर में आया है, एक नए सपने की तलाश में। पुराने सपने के टूटने के बाद उसमें नया सपना गढ़ने का जुनून कुछ इस कदर चढ़ा कि उसने किसी की नहीं सुनी। वैसे उसके इस जुनून ने मां को बहुत राहत दी। वह तो सोच रही थी कि सपना टूटने के साथ ही वह भी टूट जाएगा। हां, उसने यह कहकर मां को चौंका दिया था कि वह अब अकेले ही रहेगा। शादी के लिए तो कहना भी मत।
…अचानक उसका हाथ तेजी से चलने लगा, नतीजतन चम्मच की कप के साथ टकराने की आवाज बढ़ गई।
आवारा बादलों ने कहां तक का सफर पूरा कर लिया, यह देखने वह कॉफी फेंटते हुए बालकनी में आ गया। बादल लगभग उसकी खोपड़ी यानी उसके अपार्टमेंट की खोपड़ी के ठीक ऊपर आ चुके थे। उनका घेरा बहुत बड़ा हो गया था और रंग भी गहरा गया था। हां, उनके गहरे रंग में शाम का रंग भी तो शामिल था।
ठीक सामने वाली बिल्डिंग रोशनी से नहाना शुरू कर चुकी थी। उसने अंदाजा लगाया कि शाम के सात बज रहे होंगे। पलटकर लिविंग रूम की पूर्वी दीवार पर लगी घड़ी से उसने इसकी तस्दीक भी कर ली।
वह भीतर आकर सोफे पर बैठ गया। कॉफी लगभग फिट चुकी थी, लेकिन उसका हाथ अभी भी चम्मच नचाने में लगा था। चकरघिन्नी काटता हुआ। …किचेन में आकर उसने फिट चुकी कॉफी और पतीले में खौल चुके दूध का मिलन करा दिया। कॉफी के साथ के लिए थोड़ी सी चिप्स लिया और कॉफी को बड़े से कॉफी स्पेशल कप में लकेर वह एक बार फिर लिविंग रूम में आकर बैठ गया। पतीले में अभी एक कप कॉफी बची है, कोई आ जाए तो उसे मिल सकती है। लेकिन, यहां आएगा कौन। और, आए भी न। यहां अब किसी की जरूरत नहीं है।… मन ही मन बड़बड़ाकर उसने किसी के भी आने की उम्मीद को सिरे से खारिज कर दिया।
कॉफी की सिप के साथ उसकी आदत अखबार पढ़ने की है, सो सेंटर टेबल पर सुबह से तहकर रखा अखबार उठ ही गया। बादल अभी भी चुपचाप आसमान में अड़े पड़े थे। कुछ कह देने का इंतजार कराते हुए। उसने अचानक अखबार के पिछले पन्ने को पढ़ना शुरू कर दिया। वह थोड़ा चौंका। अब यह अनायास है या फिर बस यूं ही कि एक खबर का शीर्षक है- ‘अकेलापन रोजाना 15 सिगरेट पीने जैसा घातक!’
उसके चेहरे पर मुस्कुराहट तैर गई– जब अकेला नहीं था तो सिगरेट साथ थी और अब अकेला हूँ तो पंद्रह सिगरेट के बराबर का खतरा लिए अकेलापन। अखबार वालों का क्या है। कुछ न कुछ छापते रहने का मसाला चाहिए। कुछ नहीं तो यही सही। अभी कुछ दिन पहले अकेले रहने वाले कुछ प्रसिद्ध लोगों की कहानी छापकर यह जता रहे थे कि अकेले लोग अधिक तरक्की करते हैं। और अब…!’
अखबार टेबल पर वापस रखकर उसने गर्दन सोफे के हुड पर टिका दी और गुलजार की नज्म गुनगुनाने लगा… ‘किस कदर सीधा, सहल, साफ़ है रस्ता देखो/न किसी शाख का साया है, न दीवार की टेक/न किसी आंख की आहट, न किसी चेहरे का शोर/दूर तक कोई नहीं, कोई नहीं, कोई नहीं/चंद कदमों के निशां हां कभी मिलते हैं कहीं/साथ चलते हैं जो कुछ दूर फकत चंद कदम/और फिर टूट के गिर जाते हैं ये कहते हुए/अपनी तन्हाई लिए आप चलो, तन्हा अकेले/साथ आए जो यहां कोई नहीं, कोई नहीं/किस कदर सीधा, सहल, साफ है रस्ता देखो।’
कॉफी का कप लिए हुए वह एकबार फिर बालकनी में आ गया। सामने वाली तीस मंजिला बिल्डिंग अब पूरी तरह जगमगाने लगी थी। बादलों का रंग कुछ अधिक गहरा होकर रात के अंधेरे के साथ मिलकर डरावना लग रहा था। फिलहाल बादल अभी तक न गरजे हैं, न चमके हैं। बरसने की तो बात ही नहीं है। उसे कुछ बारिश हो जाने का बेसब्री से इंतजार है। ‘कॉफी विद बारिश’ का मजा लेने का मन जो है।
वैसे इंतजार भी अजब फितरत होती है। हम सब हमेशा कुछ बेहतर होने का इंतजार करते रह जाते हैं। भले ही इंतजार में कितना कुछ पीछे छूट जाता है। सच कहा जाए तो इंतजार, हमारे अकेलेपन की पूर्वपीठिका की तरह होता है। यह बात और है कि लंबा इंतजार हमें अकेला कर देता है। हां, यह भी तो है कि इंतजार हमें उन चीजों से रू-ब-रू कराता है, जिनसे हम बचना चाहते हैं। वैसे यह भी तो है कि किसी चीज या मंजिल या फिर किसी के इंतजार में हम पहले से अधिक मजबूत और आत्मविश्वासी होते जाते हैं। सोचते-सोचते वह एक बार फिर मुस्कुरा दिया। लेकिन, इस बार की मुस्कुराहट में व्यंग्य अधिक रहा।
कॉफी का आखिरी सिप लेते हुए वह फिर भीतर आ गया। कप में कॉफी खत्म हो चुकी थी। उसने टेबल पर कप रखते हुए अखबार को घूरा और अजीब-सी हताशा का अहसास करते हुए सोफे पर बैठ गया।
…सच है अकेलापन काटता तो है। अकेले रहते हुए समय नहीं कट पाता है। पिछले दिनों उसने एक लेख पढ़ा था, जिसके लेखक ने तकनीक के अधिक प्रयोग को अकेलापन बढ़ाने का जिम्मेदार माना था। लेख में कही यह बात उसने गांठ बांध ली थी कि तकनीक का उतना ही इस्तेमाल करो जितना जरूरी हो। बेवजह उसका दखल बढेगा तो जिंदगी आसान होने की बजाय परेशान हो जाएगी। उसी दिन से वह किताबों से दोस्ती के फंडे पर चल पड़ा था। नतीजा यह कि टेलीविजन की बेमानी बहसों और ‘अकथा’ कहते धारावाहिकों से मुक्ति मिल गई थी और सोशल मीडिया से भी। लेकिन, किताबें हर समय तो नहीं पढ़ी जा सकतीं न। अकेला हूँ तो हूँ। इससे बचूं या फिर….। अचानक वह फिर गुनगुनाने लगा- ‘अकेले हैं तो क्या गम है/चाहें तो हमारे बस में क्या नहीं/बस एक जरा साथ हो तेरा…।’ और फिर, गहरी सांस लेकर वह इतना ही कह पाया- ‘साथ ही तो नहीं रहा।’
किचेन में पहुंचकर उसने बची हुई कॉफी को गरम करना शुरू कर दिया। अकसर यही होता है। दो कप कॉफी बन जाती है। उतनी कि कोई एक और पी ले। लेकिन, हर बार वही ‘कोई और’ की भूमिका निभाता है। कॉफी को कप में उड़ेलकर वह सिप मारता हुआ फिर से सोफे पर आकर धम्म से बैठ गया। इस बार बैठने में उसका लापरवाहपन शामिल था। वह सोचने लगा कि खबर का अखबार में छपने का मतलब है कि दुनिया में अकेलापन बढ़ रहा है यानी दुनिया में मेरे जैसे लोग बढ़ रहे हैं यानी अकेलेपन का शिकार वह अकेला नहीं है, ढेर सारे लोग उसके साथ हैं।
सामने शांत पड़े अखबार की उस खबर ने उसकी उधेड़बुन बढ़ा दिया है। न जाने बीती जिंदगी कितनी तुरपाई उसे उधड़ी हुई-सी दिखने लगी… इन्हें वह समय रहते ठीक कर सकता था या फिर करा सकता था। दोनों में से किसी एक का कोई जिम्मा तो वह ले ही सकता था। …वैसे उसे यह तो मान ही लेना होगा कि उसने अपने अकेलेपन को ‘एडॉप्ट’ किया है… ‘एडॉप्टेड लोनलिनेस’। वह चाहता तो कभी अकेला नहीं होता। लेकिन, यह सबकुछ उसके अकेले चाहने पर तो संभव नहीं था न। रिश्ते तो पारस्परिकता पर निर्भर होते हैं, फिर इस अकेलेपन का मैं क्यों खुद पर दोष लूं। मैं अपना सबकुछ छोड़कर नया करने निकल सकता हूँ तो वह क्यों नहीं। फिर मैं तो साथ देने के लिए तैयार था। आज अगर हम साथ होते तो कह सकते थे- हमने सब कुछ छोड़ा नहीं है। कम से कम हम दोनों एक-दूसरे के साथ तो हैं।
बाहर बादल कुछ कहने लगे थे। वह फिर बालकनी में आ गया। सामने वाली बिल्डिंग की रोशनियों से झांकती फुहारों में शामिल तरह-तरह के रंग अच्छे लग रहे थे। झिंझियाती फुहारों ने तो हर बार की तरह इस बार भी बहुत कुछ याद दिलाने की कोशिश की, लेकिन लापरवाह की तरह उसने सिर झटक दिया।’ आखिर उसका भी तो फर्ज बनता था कि फोन पर हाल-चाल ही ले लें। चलो मैंने यहां आकर बात करने की कोशिश नहीं की। मेरी गलती। हां, यह भी सही है कि आते समय भी मैं कम से कम यह तो बता ही सकता था कि मैं शहर छोड़कर अपने लिए नया ताना-बाना बुनने की कोशिश करने जा रहा हूँ। लेकिन, वह भी तो…।
आसमान में कहीं दूर चमक-सी दिखी। बिजली कड़की होगी। गरज के साथ छींटे पड़ने की बात इसी को कहते हैं।… तो क्या वहां भी बारिश के आसार बने होंगे… तो क्या उसने भी कॉफी बनाई होगी… उसे भी तो बारिश की इन इठलाती बंदों के साथ कॉफी पीना बेहद पसंद है।
उसने कुछ तेजी से कॉफी के सिप लिए और कप खाली कर दिया। अजीब-सी बेचैनी का अहसास हुआ उसे… यादों को खंगालती और उनमें खो जाने से बचने की कवायद करती हुई बेचैनी।
अनायास ही उसकी जुबान पर मुनीर नियाज़ी की ये प्रसिद्ध पंक्तियां आ गईं, ‘हमेशा देर कर देता हूँ मैं हर काम करने में/जरूरी बात कहनी हो, कोई वादा निभाना हो/उसे आवाज देनी हो उसे वापस बुलाना हो/हमेशा देर कर देता हूँ मैं।’ …और कुछ देर चुप खड़े रहने के बाद उसने जेब से मोबाइल फोन निकालकर उसका नंबर डायल कर ही दिया, यह कहने के लिए कि रोज-रोज वह उसके हिस्से की कॉफी और बारिश की बूंदों का ख्याल नहीं रख सकता। हो सके तो साथ देने आ जाओ।
आज पहली बार उसने तेइसवीं मंजिल से नीचे देखा है… अपार्टमेंट की ओर आती हुई सड़क को!
संपर्क :984/6ए, मीरापुर (इमली की ढाल, तिकोना पार्क के निकट) प्रयागराज– 211003मो. 9415235113

खूबसूरत सही राह दिखाती हुई कहानी।
शायद इसने लेखक के व्यक्तित्व से भी हमारा परिचय करा दिया। मसलन लेखक के कॉफी बनाने का अंदाज़, संभवतः लेखक का कोई बहुत करीबी ऐसी गगनचुंबी इमारत में रहता है। हो सकता है ये सिर्फ अनुमान ही हो पर Chopra sir की शागिर्दी में कहानी बनाना और लिखना तो हमने सीख ही लिया है ये तो अब स्पष्ट ही है।
गुरुवर के आशीर्वाद की आकांक्षा में एक शिष्य। 🙏
बेहद मार्मिक और आधुनिक जीवन के सत्य को अपने विधिवत उकेरा है
Bhut hi behtreen Story Sir
बहुत अच्छी रचना सर । मैं भी प्रयागराज से
हूं । आपको बधाई एवं शुभकामनाएं ।