कनाडा के प्रवासी कवि। तीन कविता संकलन– ‘इस समय तक’, ‘कुछ सम कुछ विषम’, ‘अधलिखे पन्ने’ एवं सात व्यंग्य संकलन।

स्नोमैन के हँसने के दिन

गिलहरियों को मालूम है
कब कितनी ब़र्फ गिरेगी
वे अपनी खोहों में दुबक जाती हैं और
हिमपात रुकते ही घर की मुंडेरों
पेड़ की शाखाओं और बाड़ के पटियों पर
उछलकूद करने लगती हैं
खिड़की से झांकते बच्चे
दालान में उतर आते हैं
उनके नन्हे हाथ गढ़ने लगते हैं
कोमल ब़र्फ से स्नोमैन
वे उसमें लगाते हैं
नाक के लिए गाजर
आंखों के लिए जंगली बैरियां और
नाक-कान की जगह टहनियां

गिलहरी जानती है फिर बरसेगा हिम
वह अपने छोटे से मुंह में फल दबा
डाल से झूल जाती है कलाबाज़ है
धरती का गुरुत्व साथ देता है फल तोड़ने में
वह निचली डाल पर पैर जमा
विजयी मुद्रा में
सरपट दौड़ जाती है
ये स्नोमैन के हँसने के दिन हैं।

इक्कीसवीं सदी का ईश्वर

बहुत बदल गया ईश्वर दो हजार बीस से
कई नामों से याद करते रहे अरबों लोग
हर क्षण के साथ
दुनिया के हर कोने में
तमाम भाषाओं में कितने ही मंत्र
झूठे पड़ गए
बीच रास्ते ही मर गईं प्रार्थनाएं

नहीं खुले अधिकतर आस्था घरों के पट
कुछ खुले भी तो
ईश्वर को छूना निषिद्ध था वहां
घंटियाँ टकारने के लिए जो हाथ उठे
सिमट गए किसी अवांछित डर से

न दीप जले
न जलते दुख का धुआं उठा
तमाम कोशिशों के बावजूद
जो लोग बॉडी बैग में भर दिए गए
ईश्वर उनके पास भी नहीं आ पाया
दो हजार इक्कीस, दो हजार बाईस
समय नहीं थमा एक पल भी
पलटकर देखने के लिए
लगा ईश्वर की कोई भूमिका नहीं रही
हमारे समय में।

दो हज़ार तेईस की कविता

यह कविता सॉफ्टवेअर ने लिखी है
अब आदमी ऐसे नहीं लिख पाता
पड़ोसी युवक को रात पुलिस उठा ले गई
पुलिया के पास किसी युवती की लाश मिली
जानवर गैंगरेप कर छोड़ गए उसे

काग़ज़ों पर बेकारी बहुत कम है
हक़ीक़त में छोटे धंधे बंद हैं
संसद अच्छे क़ानून पास कर रही है
बड़े धंधे तेजी से फैल रहे हैं

सरकार बहुत अच्छी है
पांच किलो अनाज मुफ्त दे रही है
सस्ते दामों पर प्याज बेच रही है
लोग निडर और आजाद हैं
सड़क पर त्वरित और
सहज न्याय की व्यवस्था है
इसे लिंचिंग कहना पाप है
यह शब्द हमारी संस्कृति में है ही नहीं

प्रेस को बधाई
भारत के पत्रकार
अमेरिकी राष्ट्रपति को
समझदार लगते हैं
अमेरिकियों के मुकाबले।

प्रश्नवाचक समय

मैं समय हूँ
तिकड़मों का समय
टूटे संवाद का समय
चुप्पी का समय
या फिर जुल्म से जन्मी
जय-जयकार का समय
पर मैं समय हूँ

चीख़-चिल्लाहटों का समय
लूटपाट का समय
मरने-मारने का समय
गुंडागर्दी-धोखेबाजी का समय
या फिर बुल्डोजर का समय
पर मैं समय हूँ

मुग़ालते का समय
छल-कपट का समय
अंधी वैचारिकता का समय
संकीर्णता का समय
या फिर असहमति का समय
मैं समय हूँ

प्रश्नवाचक समय!