मणिका देवी
(जन्म 1979) पेशे से शिक्षिका। दस कहानी संग्रह प्रकाशित। चर्चित पुस्तक ‘जहर महर’। साहित्य अकादमी के युवा पुरस्कार से सम्मानित।

 

 

अब इसकी रास्ते की मटरगश्ती शुरू हो चुकी है, मां ने बड़बड़ाते हुए कहा था। पिताजी ने  कहा- रहने दो। घर में ही घुसी रहती है दिनों दिन।

-आपने ही ढील देकर सिरपर चढ़ा रखा है उसे। इस बार मां को पिताजी पर गुस्सा आया। उसी मौके का फायदा उठाकर मैं चुपके से घर से निकल गई।

पगथली में पिताजी ने एक मचान बना रखा है। बटोही बैठेंगे कभी। रास्ते की थकावट दूर करेंगे। वैसे इस रास्ते के बटोही कम ही हैं।

एकाकी रास्ता। यह देखकर मैं मौका पाकर निकल आती हूँ। बातें करती हूँ रास्ते के साथ। रास्ते की तन्हाई बांटती हूँ। लेकिन ऐसा कहने पर नाराज हो जाता है रास्ता- रहने दो रहने दो। जानता हूँ तुम्हारी बात। क्यों बार-बार रास्ते पर दौड़कर आती हो, क्या मुझे मालूम नहीं है!

हर बात जाननी ही पड़ेगी, ऐसी कोई बात नहीं है, समझे? कुछ बातें जाने बगैर रहना ही ठीक है। कुल मिलाकर जाने बगैर रहना ठीक है, यह जानना ठीक है।

रास्ते के साथ गपशप करना अच्छा लगता है। बातों के भंवर में चक्कर कटवाना अच्छा लगता है। घुमावदार बातें मुझे अच्छी नहीं लगतीं। मैं सीधा रास्ता हूँ, तना हुआ रास्ता हूँ। आंखों से देखकर भी खत्म नहीं होने वाला रास्ता। यह देखकर ही तुम पसंद करती हो मुझे। है या नहीं बताओ? वहां अगर मेरा एक मोड़ होता, तो क्या तुम मुझे पसंद करती?

बात सही है। वहां अगर एक मोड़ होता, मुझे कभी अच्छा नहीं लगता। क्या पता मोड़ के उस पार ही खो जाती मेरी उम्मीद। खत्म हो जाती शायद वहीं। कौन जानता है यह बात। मेरा आशय समझकर ही शायद रास्ता तनकर पड़ा हुआ है, हिले-डुले बिना बिलकुल सीधा। आसमान की तरफ मुखातिब होकर आसमान को ही सिर्फ निहारते हुए लेटा है।

रास्ता काफी बातें समझता है। बिना कहे समझता है। फागुन-चैत महीने में यह रास्ता बिछाकर रखता है सेमल फूल की पंखुड़ियों का गलीचा। मेरे लिए ही तो? फूल की पंखुड़ियां नाखून में पहनना कितना अच्छा लगता है, यह मैं ही जानती हूँ। सिर्फ इतना ही? इस रास्ते ने मुझे क्या नहीं दिया है? मुझे सराबोर कर रखा है। इस रास्ते पर कदम रखते ही सुनती हूँ पंछियों के गीत, देखती हूँ पंछियों को नाचते हुए। क्या सिर्फ मोर ही पंख फैला कर नाचते हैं? गौरैयों और बुलबुलों के नृत्य ही बेचैन करते हैं मुझे। मन पंख उठाकर नाचता है। इसीलिए मां मुझे फटकार लगाते हुए कहती है कि इसकी रास्ते की मटरगश्ती शुरू हो गई है। मां की क्या गलती है, गलती है उन पंछियों की! रास्ते पर मटरगश्ती करते हुए वे ही लुभाते हैं मुझे।

मैं मां को नजरंदाज नहीं करती। सहजन के गिरे हुए फूल बटोरकर ले जाती हूँ, कभी ढेंकिया साग के कोमल पत्ते लेकर जाती हूँ। मां गुस्सा भूलकर मुस्कुरा उठती है।

इतनी आसानी से खुश हो जाती है मां। होठों पर पसर जाती है संतुष्टि की हँसी। लेकिन मेरी हँसी संजोई हुई है। जिसके लिए संजोई है, वही नहीं आता इस तरफ। निगाहें धुंधलाने तक देखती रहती हूँ। आंखें दुखने लगती हैं।

वैसे तो कितने सारे लोग आते-जाते हैं इस तरफ। मन का आदमी ही दिखाई नहीं देता। आज भी नहीं देख पाऊंगी!

कभी-कभी लगता है एक मोड़ होता तो अच्छा होता। मोड़ पर आकर कोई रास्ता भटक भी सकता है। ऐसा कहकर तसल्ली दे सकती थी मन को। आने वाला शख्स आकर भी ठिठक गया, शायद मोड़ के उस पार। यह सब सोचने की ही बातें हैं। सोच लिया जाए- अचानक किसने कही यह बात? रास्ते ने, या यह भी मेरी सोची हुई बात थी, सोच नहीं पाई यह बात!

सिर्फ समझ गई आज रास्ता मुझे सराबोर कर देगा। सराबोर करेगा अलग अंदाज में।

 

 

दिनकर कुमार, व्हाइट बिल्डिंग, शांति पथ, कलिताकुची, गुवाहाटी-781171 मो.9435103755