शोधार्थी, हिंदी विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय।

आज के मनोरंजन उद्योग ने भारतीय जनमानस के भीतर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज की है। इसका प्रभाव यह हुआ है कि अर्थ ने यहां भी अपने पर्याप्त पैर पसार लिए और यह युवाओं के लिए रोजगार तलाश करने का एक मंच बन गया। मनोरंजन उद्योग ने न केवल साहित्य को प्रभावित किया, बल्कि इसने सिनेमा को नए कलेवर में आने के लिए बाध्य कर दिया। सिनेमा जगत की बात करें तो विज्ञापनों में सिनेमाई कलाकारों ने अभी भी अपना प्रभुत्व बना रखा है। आम जनमानस अपने चहेते कलाकारों द्वारा की हुई ब्रांडिंग देखकर सामान खरीदते हैं।

भारतीय जनमानस पर सिनेमा के प्रभाव को देखने के लिए थोड़ा अतीत में जाना होगा। सिनेमा के प्रारंभिक दौर में यह रंगमंच का ही एक दूसरा रूप था। आदर्श चरित्रों पर फिल्मांकन उसका प्रमुख ध्येय था और इसके माध्यम से शिक्षाप्रद कहानियां प्रसारित की जाती थीं। ‘राजा हरिश्चंद्र’ नामक फिल्म को हिंदी की पहली फिल्म माना गया। इसके बाद स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों को केंद्र में रखकर फिल्मों का निर्माण किया गया। स्वाधीनता के बाद सामाजिक दशाएं फिल्मों के केंद्र में आईं।

भूमंडलीकरण और उसके बाद परिवार व्यवस्था पर केंद्रित फिल्में बनने लगीं। धीरे-धीरे फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म का स्वरूप ग्रहण करने लगीं, क्योंकि दर्शकों का फिल्मों से पलायन होने लगा। फिल्मों के कलाकारों ने इसी ओर रुचि लेनी शुरू कर दी। इसे रोचक बनाने के लिए संगीत का सहारा लिया गया। संगीत के कर्णप्रिय और हृदयस्पर्शी भावों से कई फिल्में चल निकलीं और स्वयं संगीत भी पृथक रूप से मनोरंजन उद्योग का एक हिस्सा बन गया।

ऐसा नहीं है कि सिनेमा से पूर्व मनोरंजन उद्योग सक्रिय नहीं था। सिनेमा के पहले रंगमंच, गायन, नृत्य आदि की परंपराएं थीं। राजाओं के दरबारों से लेकर आम जनमानस के बीच ऐसे कलाकार पर्याप्त मात्रा में थे जिनकी जीविका का स्रोत मनोरंजन था। इनमें नट-नटी, गायक, कलाकार आदि प्रमुख रूप से देखे जा सकते हैं।

आज का दौर, आर्थिक विकास का है। एक समय था जब लोग कैरियर के रूप में मनोरंजन जगत को चुनने से बचते थे। घर-परिवार में इस विचार को प्रकट करने का मतलब ही उपेक्षित दृष्टि से देखा जाना होता था। समय के साथ यहां भी परिवर्तन आया। समाज ने मनोरंजन उद्योग के महत्व को स्वीकार किया। आज भारतीय जनमानस पर मनोरंजन उद्योगों का प्रभाव पहले से बढ़ा है। इनसे जुड़े प्रश्नों पर यह परिचर्चा है। 

सवाल

(1) मनोरंजन उद्योग जनमानस को किस तरह प्रभावित करता है?
(2) पहले और वैश्वीकरण के बाद के मनोरंजन उद्योग में आप क्या फर्क करेंगे? आज कौन-सा मनोरंजन उद्योग अधिक प्रभावशाली है?
(3) हिंदी फिल्म संसार में पहले की तरह अब उत्तेजना नहीं है। बड़े बजट की फिल्मों की तरफ ही अब दर्शक थोड़ा-बहुत आकर्षित होते हैं। हिंदी फिल्मों में आप इन दिनों किस तरह के परिवर्तन देख रहे हैं?
(4) आमतौर पर दर्शक की रुचियों में इन दिनों कैसे परिवर्तन आए हैं, वह आज कहां खड़ा कर दिया गया है?
(5) हिंदी क्षेत्र की आबादी बहुत बड़ी है। क्या लगता है कि बड़े मनोरंजन उद्योगों ने हिंदी जनमानस को मुख्य निशाना बनाकर इस क्षेत्र की बौद्धिकता को नष्ट किया और जिस तरह बांग्ला, मलयालम या कुछ अन्य भाषाओं में स्थानीय स्तर पर समानांतर रूप से अच्छी कलाओं का विकास हुआ, उस तरह हिंदी क्षेत्र में नहीं हो पाया? इसपर आपकी क्या टिप्पणी है?
(6) साहित्य और कलाओं के उन्नत रूपों को मनोरंजन उद्योग के क्षेत्र में लाने और इसके प्रति दर्शकों को आकर्षित करने के लिए क्या किया जा सकता है? हिंदी क्षेत्र में कलाओं के विकास और इस क्षेत्र के  कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए क्या किया जाना चाहिए?

सुधीश पचौरी
सुपरिचित लेखक, मीडिया विश्लेषक और विख्यात स्तंभकार। अद्यतन कृति ‘मिस काउ : ए लव स्टोरी’।

न बाजार पाप न मनोरंजन अपराध

(1)मनोरंजन उद्योग ‘न्यूनतम सामान्य विभाजक’ के नियम से काम करता है। वह मनुष्यों की ‘न्यूनतम सामान्य भावनाओं’ को अपील करके काम करता है। फिल्मों को ‘यूनीवर्सल सर्टिफिकेट’ इसीलिए दिया जाता है, ‘सभी के लिए दर्शनीय’ इसलिए बताया जाता है कि उनको सब देख सकें।

(2)मनोरंजन उद्योग का यह ‘फॉरमूला’ पहले भी था, अब भी है। इसी फॉरमूले के बारे में एक बार बड़े फिल्म निर्माता ने कहा था कि ऐसी हर कहानी में एक ‘राम’ होता है, एक ‘सीता’ होती है और एक ‘रावण’ होता है। मनोरंजन उद्योग में फिल्में कल भी सर्वाधिक प्रभावशाली थीं और आज भी हैं। प्रसंगवश बता दें, आज भारत की मीडिया व मनोरंजन इंडस्ट्री 2.3 ट्रिलियन रुपए की है। यह करोड़ों को आजीविका देती है।

(3)बड़े बजट की फिल्में पहले भी प्रभावशाली थीं और आज भी हैं पहले ‘आग’ थी, ‘आवारा’ थी, ‘मधुमती’ थी, ‘देवदास’ थी, ‘गंगाजमुना’ थी, ‘मुगल-ए-आजम’ थी, ‘जंजीर’ थी, ‘शोले’ थी, ‘दीवार’ थी और अब ‘दंगल’ है, ‘पठान’ आदि हैं। कभी-कभी कम बजट वाली फिल्में भी खूब प्रभावशाली रही हैं जैसे कि ‘एक रुका हुआ फैसला’, ‘जाने भी दो यारो’, ‘अंगूर’, ‘खूबसूरत’, ‘गोलमाल’; अमोल पालेकर आदि और इन दिनों ‘ओटीटी’ फॉरमेट में बनाई जाती कई फिल्में हैं जो ‘कला फिल्मों’  और ‘प्रयोग फिल्मों’ का मिक्स हैं। इनके लिए कोई सेंसर बोर्ड नहीं है। इनमें कई बार किसी ‘समूह’ या ‘एनजीओ’ के ‘एजेंडे’ का भी असर दिखता है। ये फिल्में मेनस्ट्रीम फिल्मों की सीमाओं को तोड़ती हैं, बहुत-सी ‘अति यथार्थवादी’ टाइप होती हैं और सीरीज के रूप में बनाई जाती हैं।

कुछ ‘नयापन’ के लिए पिछले दिनों आईं कुछ दक्षिणी फिल्मों को भी देखा जा सकता है, जैसे कि ‘बाहुबली’ या ‘केजीएफ’ या ‘आरआरआर’ या ‘पुष्पा’ आदि। हिंदी की ‘ब्रह्मास्त्र’, ‘आदि पुरुष’, ‘एनीमल’ में भी कुछ नयापन नजर आता है। इनमें से कई पर हालीवुड की ‘अवेंजर सीरीज’ फिल्मों की तकनीक का असर दिखता है। ऐसी फिल्मों के कई सीन ‘ए.आई.’, कृत्रिम बुद्धि की मदद से कंप्यूटराइज्ड तरीके से बनाए गए हैं।

इसके अलावा, ‘केजीएफ’ से लेकर ‘एनीमल’ व ‘भोला’ जैसी फिल्मों में कुछ ‘नए सीन’ भी दिखे हैं। इनमें ‘एनीमल’ और ‘भोला’ के हीरो ‘मल्टीबैरल मशीनगन’ चलाकर देर तक गोलियों की बौछार करके दो-चार सौ गुंडों को ‘भूनते’ चलते हैं, जबकि केजीएफ का हीरो सरकारी दफ्तर को आतंकित करने के लिए उसपर देर तक गोलियों की बौछार करता रहता है। नए हीरो ‘अवचेतन’ में बढ़ती घृणा व हिंसा को दिखाते हैं।

(4)दर्शक की रुचियां सामाजिक विकास के साथ उसकी बदलती जरूरतों के हिसाब से हमेशा बदलती रही हैं। मसलन, बहुत पहले फिल्मों ने संयुक्त परिवार से एकल परिवार तक की यात्रा को चित्रित किया, साथ ही सामंती परंपरा और जाति आदि की संकीर्ण सीमाओं को तोड़ते हुए ‘प्रेम की स्वतंत्रता’ का उद्घोष किया। आम आदमी को नया शहरी आधुनिक ‘व्यक्तित्व’ दिया, आम युवक-युवती को प्रेम करना, प्रेम को ‘सेलीब्रेट’ करना और छोटा परिवार बसाना सिखाया।

लेकिन इन दिनों ‘रोमेंटिक कहानियों’ की जगह ‘लव आजकल’ बनती है जो शादी नहीं उसके ‘ब्रेक अप’ को ‘सेलीब्रेट’ करती है या ‘देवदास’ के ‘परमानेंट निराश प्रेमी’ की जगह हीरोइन के ‘ऐग्रेसिव लव एक्ट’ से भागने वाले ‘डी देव’ की कहानी कहती है, या ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ बनाई जाती है जो ‘कोयला माफिया के लोमहर्षक हिंसक प्रतिशोध’ को चित्रित करती हैं या ‘लव, सेक्स और धोखा’ जैसी फिल्में बनती हैं जो निरी ‘एंटी-रोमेंटिक’ हैं।

और दर्शक? आजकल फिल्मों के आम दर्शक अपेक्षाकृत अधिक सजग और चयनशील हैं। पहले वह ‘फिल्मी फेंटेसी’ से चमत्कृत रहता था और मात्र ‘दर्शक’ होता था, लेकिन आज के स्मार्टफोन ने हर बंदे को तरह-तरह की ‘रील्स’ बनाने वाला बना दिया है। कल का ‘दर्शक’ आज का ‘रील निर्माता’ बन चला है, आज हर बंदा ‘कैमरामैन’ है और ‘कराओके’ सांउड आर्टिस्ट हो चुका है। फ्यूजन म्यूजिक का एक्सपर्ट तक बन चला है। वह पांच-दस सेकेंड की फिल्में, रील स्वयं बनाता है, यूट्यूब पर डालकर अपने ‘श्रोता-दर्शक’ बनाता है, उनमें बहुत-सी वायरल, हिट होती रहती हैं। कुछ उनसे कमाई भी करने लगे हैं। इस तरह कल का दर्शक आज अपनी रील का पटकथा लेखक-निर्माता-निर्देशक-कैमरामैन, यानी ‘आल इन वन’ प्रोडयूसर बन चुका है, ‘इन्फ्लूऐंसर’ बन चुका है, सफल ‘यू ट्यूबर’ बनकर पैसे भी कमाने लगा है!

(5)आपका पांचवां सवाल मनोरंजन उद्योग को किसी ‘षडयंत्रकारी कर्म’ की तरह कल्पित करता है और ऐसा ही नजरिया ‘बाजार’ को लेकर है जो हिंदी साहित्यकारों में आम है। यह लेखक आपके प्रस्ताव के इस नजरिए से एकदम असहमत है। हमारी नजर में यह नजरिया न तर्कसंगत है न तथ्यसंगत! इतिहास गवाह है कि बाजार हमेशा से ‘विनिमय’ की जगह रहा है। उसके बिना जब जीवन तक नहीं चल पाता तो साहित्य की क्या बिसात?

इसलिए यह मान्यता कि मनोरंजन उद्योग ने हिंदी जैसे बड़े क्षेत्र की ‘बौद्धिकता’ को नष्ट किया है, मनोरंजन उद्योग को लेकर निरी नासमझी को दिखाता है। यह हिंदी समाज के प्रति हिंदी साहित्यकारों के ‘हीनताबोध’ का हिस्सा है। जरा बताएं तो कि ‘बांग्ला’ या ‘मलयालम’ आदि में क्या कोई  अपनी कमाल की ‘बौद्धिकता’ विकसित हुई है? क्या इन क्षेत्रों में कोई ‘नए टैगोर’ या ‘नए नारायण गुरु’ पैदा हो गए? या कला के क्षेत्र में ही इन्होंने कौन-से नए तीर मार दिए?

याद रखें, हर ‘महानता’ ताकत के तंत्र, पावर नेटवर्क द्वारा ‘निर्मित’ की जाती है और नए पूंजीवादी ‘उत्तर-आधुनिक’ समय  में  हर तरह की ‘महानता’ संदिग्ध है। सब छोटे-छोटे महारथी हैं जो खुद को महान समझते हैं और जब कोई मानता नहीं तो रोने लगते हैं। सोशल मीडिया में ऐसे न जाने कितने छोटे-छोटे महारथी रोज अपनी टुच्ची लीलाओं की स्व-स्थापित महानता में डूबे रहते हैं और हर तीसरे दिन अवसाद की शिकार होते हैं।

हमारा निवेदन है कि हिंदी की इस आत्मारोपित ‘आत्महीनता’ और ‘आत्मघृणा’ को छोड़िए और देखिए कि न वहां कोई तीसमार खां हुआ, न अपने यहां! तो रोना क्या? फिर यह दौर यों भी ‘महान वृत्तांतों’ या ‘महानायकों’ की विदाई का और उनकी जगह परिधि के ‘छोटे-छोटे वृत्तातों’ व छोटी-छोटी ‘लघुताओं’ और ‘तुच्छताओं’ का है!

(6)कलाओं के ‘उन्नत रूप’ का मतलब ‘हाई कल्चर’ यानी ‘ऐलीट कल्चर’ ही है। दुनिया की हर भाषा में ‘ऐलीट कल्चर’ है, जो ‘लो कल्चर’, जनता की कल्चर को ‘हीन’ समझती है। यह ‘आम जनता’ को और ‘बाजार’ को ‘पाप’ समझती है, लेकिन इतना भी नहीं जानती कि बाजार के बिना न आज कल्चर जिंदा रह सकती है न ‘जन मनोरंजन’!

हिंदी की एक बड़ी समस्या ‘ऐलीट कल्चर बरक्स लो कल्चर’ है। एक साहित्य ‘एसी’ में रहता है दूसरा ‘फिल्मों’ व ‘कवि सम्मेलनों’ में रहता है। अगर कुछ न कर सकें तो इतना ही करें कि पहले बाजार आदि के बारे में अपनी समझ दुरुस्त करें और उसके लायक बनें, ताकि आप ‘कुछ हस्तक्षेप’ करने लायक बन सकें!

 

17/बी–1, हिंदुस्तान टाइम्स अपार्टमेंट्स, मयूर विहार, फेज–1, दिल्ली–110091 ईमेल :spachauri17@gmail.com

 

विजय शर्मा
वरिष्ठ लेखक, फिल्म समीक्षक और अनुवादक।  अद्यतन आलोचना पुस्तक :‘क्षितिज के उस पार से’।

मनोरंजन उद्योग ने दर्शकों की रुचि का विस्तार किया है

(1)जब आप मनोरंजन उद्योग कह रहे हैं, तो इसके अंदर तमाम माध्यम आ जाते हैं। मसलन टीवी, रियालिटी टेलिविजन, फिल्म, रेडिओ, ऐनिमेशन, विजुअल इफैक्ट, संगीत, खेल जिसमें आजकल डिजिटल गेम प्रमुख हो गए हैं, विज्ञापन, लाइव इवेंट, फेसबुक, ह्वाट्सऐप, इंस्टाग्राम और छपी सामग्री यानी अखबार, पत्र, किताबें आदि बहुत कुछ शामिल है।

ये सब मनोरंजन उद्योग के हिस्से हैं और जनमानस को तरह-तरह से प्रभावित करते हैं। इनसे कभी सही-सटीक सूचना मिलती है, कभी ये भ्रामक और गलत तथ्य फैलाते हैं। कई बार ये जानबूझ कर ऐसा करते हैं। यह सब बहुत सूक्ष्म और प्रभावशाली ढंग से होता है। अक्सर इनसे गलत धारणाएं बनती-फैलती हैं। एक उदाहरण हम टेलिविजन रियलिटी शो का ले सकते हैं। उसमें दिखाए गए मानवीय संबंध बहुत गलत तरह से प्रोजेक्ट होते हैं। वास्तविक संबंध कदाचित ही वैसे होते हैं। दर्शक उसे ही वास्तविक मानकर बहुत गलत धारणाएं बना सकता है।

खासकर मीडिया एक्पोजर बच्चों के मन-मस्तिष्क पर बहुत जबरदस्त प्रभाव डालता है। यह उनके मनोविज्ञान को प्रभावित करता है। आजकल आप बच्चों को मीडिया से किसी भी तरह दूर नहीं रख सकते। मीडिया न केवल बच्चों वरन वयस्कों की प्रवृत्ति, उनके विश्वास-व्यवहार को प्रभावित करता है। मीडिया उनके सामाजिक प्रतिमानों को तय करने लगता है। आप देख सकते हैं, आजकल लोग रील्स देखने-सुनने में अपना कितना समय लगाते हैं और क्या दिखाया जा रहा है, इन रील्स में?

अधिकांश रील बिना प्रौढ़ मस्तिष्क के लोगों द्वारा बनाई जाती हैं। जिनके भी हाथ में स्मार्ट फोन है, वह रील बना रहा है! इन रीलों में लैंगिक भेदभाव, अत्याचार, अपशब्द का जमकर प्रयोग होता है। यही हाल ओटीटी से जुड़े दर्शकों का है। ओटीटी पर अधिकांशत: नकारात्मक सामग्री परोसी जाती है। दर्शक लगातार सेक्स, हिंसा, शोषण देख रहे हैं। जाहिर है, यह सबकुछ चेतन और अचेतन दोनों पर प्रभाव डालता है।

आज प्रत्येक अखबार-पत्रिका का डिजिटल संस्करण है। दिन-रात खबर, सूचना और मनोरंजन का प्रसारण हो रहा है। मीडिया का प्रयोग सदा से सत्ता और विपक्ष दोनों अपने-अपने हित में करते आए हैं। अक्सर जनता की राजनैतिक धारणा इससे प्रभावित होती है।

ऊपर मैंने मीडिया के दुष्प्रभाव की बात की है, पर मीडिया का सकारात्मक असर भी होता है। यह हमें विश्व साहित्य, संगीत-नृत्य से जोड़ता है, हमारा सांस्कृतिक परिष्कार करता है, हमारी रुचियों का विस्तार करता है। हमारी विरासत संभालता है, उसका संरक्षण करता है। घर बैठे आपके लिए कोई भी सामग्री उपलब्ध कराता है। मीडिया के डिजिटल होने के कई सकारात्मक नतीजे हैं। लेखक को अपनी सामग्री पर तत्काल पाठक की प्रक्रिया मिल जाती है, हालांकि यह प्रतिक्रिया अक्सर पूर्वाग्रह ग्रसित होती है। मीडिया हमें दूसरों से जोड़े रखता है, हम कहीं से भी किसी तक पहुंच सकते हैं, इसने महादेशों-महासागरों की दूरी पाट दी है।

मीडिया से हम जो कुछ ग्रहण करते हैं, वह अंतत: हमारे विचारों को आकार देता है, हमारे सोचने-समझने को प्रभावित करता है, हमारे व्यवहार को तय करने में मुख्य भूमिका निभाता है। जीवन बहुत जटिल है, मीडिया का प्रभाव भले ही तुरंत नजर न आए, पर यह असर अवश्य डालता है।

(2)पहले और वैश्वीकरण के बाद के मनोरंजन उद्योगों में जमीन-आसमान का फर्क है। कहा जा रहा है, भारत का मीडिया तथा मनोरंजन उद्योग 2030 में 100 बिलियन डॉलर पहुंच जाएगा। निस्संदेह डीटीएच (डाइरेक्ट-टू-होम), केबल नेटवर्क, मोबाइल टीवी, डिजिटल प्रिंटिंग, स्मार्ट फोन, मोबाइल ऐप, ओटीटी, क्षेत्रिय भाषाओं का पहली बार प्रचार-प्रसार, बच्चों के लिए तमाम तरह के मनोरंजन चैनल, डिजिटल विज्ञापन, आदि सब वैश्वीकरण के पश्चात आए हैं। 2023 में ऑनलाइन गेमिंग की बढ़त 22% आंकी गई थी। 2023 में भारत में 1790 से अधिक फिल्में रिलीज हुईं। ऐनिमेशन और वीएफएक्स (विजुअल इफैक्ट) में भी अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। आज डिजिटल मनोरंजन उद्योग सर्वाधिक प्रभावशाली है। कोरोना काल ने डिजिटल माध्यम पर हमारी निर्भरता बढ़ा दी है।

स्वयं सरकार इसमें रुचि ले रही है। 2020 में भारत सरकार ने आईआईटी, बॉम्बे के साथ मिल कर सेंटर फॉर एक्सलेंस की योजना बनाई है। इस सेंटर द्वारा ऐनिमेशन, विजुअल इफैक्ट, गेमिंग तथा कॉमिक (एवीजीसी) का विकास किया जाएगा।

वैश्वीकरण के पश्चात मीडिया उद्योग ने नए-नए रोजगार उत्पन्न किए हैं। कंटेंट राइटर, वीडियो एडिटर, वॉयस ओवर आर्टिस्ट, मीडिया आर्ट डिजाइनिंग, मीडिया प्लानर, डिजिटल मार्केटर, ग्राफिक डिजाइनर, कंटेंट स्ट्रटेजिस्ट, आर्ट डायरेक्टर आदि का नाम पहले नहीं सुना गया था। अब ये रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।

(3)मैं इस बात से सहमत नहीं हूँ कि हिंदी फिल्म संसार में अब पहले की तरह उत्तेजना नहीं है। फिल्म मनोरंजन का एक बहुत लोकप्रिय और सर्वसुलभ माध्यम है। अब भी बच्चे, वयस्क, वृद्ध सबलोग मनोरंजन के लिए फिल्म को प्रिफरेंस देते हैं। नई से नई फिल्म के रिलीज होने का दर्शक बेसब्री से इंतजार करते हैं। आज छोटे बजट की फिल्में भी देखी और सराही जा रही हैं। इसी कारण नए-नए इंडिपेंडेंट फिल्ममेकर आगे आ रहे हैं और अर्थपूर्ण सिनेमा बना रहे हैं। इतना ही नहीं छोटे बजट की फिल्में प्रतियोगिताओं के लिए आगे आ रही हैं और सम्मानित हो रही हैं। ताजातरीन उदाहरण ‘ऑल वी इमैजिन एज लाइट’ का है। पायल कपाडिया इंडिपेंडेंट फिल्म मेकर हैं।

इसी तरह भारत के छोटे-छोटे शहरों में लोग अर्थपूर्ण सिनेमा बनाने में प्रयासरत हैं। ये मीडिया हाउस बॉलीवुड से हटकर फिल्म बना रहे हैं। गुरमीत मोंगा, रीमा दास, विक्रमादित्य मोटवाने, अलंकृता श्रीवास्तव, नीरज घेवान, तिग्मांशु धूलिया, सुदीप सोहिनी आदि कुछ नाम हैं, जो कम बजट में नए विषय लेकर दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। यह सार्थक सिनेमा खालिस मनोरंजन नहीं है। ओटीटी की उपलब्धता ने इनका काम सरल कर दिया है।

हिंदी फिल्मों के बनने, प्रदर्शित होने में बहुत परिवर्तन आया है। विज्ञान की उन्नति से फिल्म निर्माण से जुड़े उपकरणों ने फिल्में बनाना आसान कर दिया है। कस्टम ड्युटी सिने-डबिंग से जुड़े नियमों के कारण विदेश से सामान मंगाना सुविधाजनक हो गया है। डिजिटल उपकरणों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर लाना, ले जाना कठिन नहीं है। सेल्युलाइड की बनिस्बत डिजिटल फिल्म का निर्माण, उसकी एडिटिंग, उसका संरक्षण, प्रदर्शन की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

सिने-डबिंग से जुड़े नियमों के कारण अंतरराज्यीय डबिंग की सुविधा बढ़ी है। डबिंग, सबटाइटिल की साध्यता ने हिंदी फिल्म की पहुंच दूर-दराज तक कर दी है और अन्य भाषाओं की फिल्म को हिंदी दर्शक के लिए सुलभ कर दिया है।

(4)आमतौर पर दर्शक की रुचि का विस्तार हुआ है। दर्शक का वैश्विक एक्सपोजर और रुचि अनुसार मनोरंजन सामग्री का प्रचार-प्रसार इसका एक कारण है। समाज में कई तरह के दर्शक हैं, सबकी रुचियां भिन्न होती हैं। आज का दर्शक फिल्म, गेम, स्पोर्ट, संगीत-नृत्य, लाइव शो, रील्स, ह्वाट्सऐप, फेसबुक तमाम खातों में रखा जा सकता है। आज हर तरह के दर्शक के पास वैश्विक मनोरंजन के साधन उपलब्ध हैं।

दर्शक बीच बाजार खड़ा है, अपनी जेब/डिजिटल कार्ड की सुविधानुसार मनोरंजन सामग्री चुनने को स्वतंत्र है। वह अच्छी-बुरी जो सामग्री चाहे चुन सकता है। असल समस्या दर्शक के मीडिया प्रशिक्षित न होने की है। जिस तरह व्यक्ति गणित, भाषा, विज्ञान, कॉमर्स, संगीत का प्रशिक्षण लेता है, उसी तरह दर्शक का मीडिया प्रशिक्षण आवश्यक है।

एक समय था बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखने का प्रयास किया जाता था, आज स्कूल के सारे प्रोजेक्ट, गृहकार्य, क्लास तक स्मार्टफोन द्वारा हो रही हैं। अब यह अभिभावकों तथा शिक्षण संस्थानों का दायित्व है, वे बच्चों को प्रारंभ से सकारात्मक मीडिया सामग्री से परिचित कराएं और उसमें सुरुचियों का विकास करें, बच्चों की रुचियों का परिष्कार करें। उन्हें सही-गलत की पहचान करना सिखाएं। उन्हें मनोरंजन के स्वस्थ साधनों का चस्का लगाएं।

(5)इसमें शक नहीं कि हिंदी क्षेत्र की आबादी बहुत बड़ी है। न केवल बड़े मनोरंजन उद्योग वरन सब सत्ताधारी ही हिंदी जनमानस पर कब्जा करना चाहते हैं। क्या इतने बड़े जनमानस पर कब्जा करना संभव है?

बौद्धिकता नष्ट हुई है, यह कहना पूरी तरह उचित नहीं है। इतने बड़े जनमानस में सब बुद्धि के पैदल हैं, यह मानना गलत होगा। इसी हिंदी क्षेत्र से एक से एक क्रांतिकारी, बुद्धिजीवी भी निकलते हैं। इन बुद्धिजीवियों का भी दायित्व है कि वे बाकी लोगों को जागरूक करें। मीडिया में भी हिंदी क्षेत्र के लोग हैं। हिंदी क्षेत्र से जो पत्रिकाएं निकलती हैं, उन्हें निकालने वाले भी इसी इलाके के लोग हैं। मुद्रित सामग्री कम लोग पढ़ते हैं, पर डिजिटल से बहुत जनता जुड़ी हुई है। लगभग सभी पत्र-पत्रिकाएं डिजिटल रूप में उपलब्ध हैं। यदि कमर कस ली जाए और मुद्रित सामग्री के अलावा दूसरे माध्यमों का प्रयोग किया जाए, तो स्थिति को बेहतर बनाया जा सकता है।

सरकार को भी कुछ कड़े कदम उठाने होंगे, मसलन ओटीटी पर भी नियम लागू होने चाहिए। पता चला है, सरकार इसके लिए प्रयासरत है। साथ ही जैसा मैंने ऊपर कहा है, परिवार, स्कूल-कॉलेज में नई पीढ़ी को मीडिया के क्षेत्र में प्रशिक्षित करना आवश्यक है। इससे जनता स्वयं सही-गलत का निर्णय करने में सक्षम होगी। उसकी रुचि का परिष्कार होगा।

यहां हम मुख्य रूप से फिल्मों की बात कर रहे हैं। अभी जो लोग बॉलीवुड फिल्म निर्माण से जुड़े हैं, उसमें बहुत कम लोग अपनी जड़ों से जुड़े लोग हैं। जबकि क्षेत्रीय भाषा में सिनेमा बनाने वाले अपनी भाषा-संस्कृति से शिद्दत से जुड़े लोग हैं। मैं चूंकि हिंदी-इंग्लिश के अलावा बांग्ला एवं मलयालम भाषा की फिल्मों पर काम करती हूँ, इसलिए कह सकती हूँ कि इन दोनों भाषाओं के सिने-निर्माता अपनी मिट्टी से जुड़े लोग हैं। इसीलिए वे अपनी कला-संस्कृति की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं, उसका संरक्षण करना चाहते हैं। ऐसा भी नहीं है कि वहां सबकुछ अच्छा है और हिंदी क्षेत्र में सब खराब है।

डिजिटल दुनिया से जुड़े होने के कारण हिंदी जनमानस अब हिंदी क्षेत्र तक ही संकुचित नहीं है। उसका एक्स्पोजर हिंदी क्षेत्र के बाहर भी हो रहा है। जाहिर-सी बात है, उसपर इन सबका प्रभाव पड़ेगा। हिंदी प्रदेश में भी अब छोटे-छोटे स्थानों से आ रहे युवा बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और बॉलीवुड में भी कुछ लोग अच्छा काम कर रहे हैं।

2015 की फिल्म ‘नील बटे सन्नाटा’, 2023 की फिल्म ‘कटहल’ हिंदी भाषी लोगों द्वारा बनाई फिल्में हैं, जो स्त्री की सामाजिक स्थिति और समाज की कई अन्य बुराइयों पर अंगुली धरती हैं। कॉमेडी जोनर की होने के बावजूद ये फिल्में उचित संदेश देती हैं। 2010 की किरण राव निर्देशित फिल्म ‘धोबी घाट’ एक अच्छी फिल्म है। 2016 की अनंत महादेवन निर्देशित फिल्म ‘डॉक्टर रख्माबाई’ वैसे तो मराठी भाषा की फिल्म है, मगर हिंदी दर्शकों ने इसे खूब सराहा। ये कुछ उदाहरण हैं, जो भविष्य के प्रति आशा जगाते हैं।

(6)कुछ लोग मानते हैं कि ‘जनता’, यानी गैर-बुद्धिजीवी, परिष्कृत, सूक्ष्म अवलोकन और सोच में असमर्थ है। मैं ऐसा नहीं मानती। इसी तरह लोकप्रिय साहित्य मेरे लिए अछूत नहीं है।

कलाओं के उन्नत रूप से आपका क्या तात्पर्य है? क्या हमारी ग्रामीण कलाएं उन्नत नहीं हैं। आदिवासियों की भित्ति-सज्जा, मिथिला पेंटिंग, अल्पना जैसी लोक कलाएं, गणगौर, नृत्य जैसे भारत के लोक त्यौहार, केरल का कोलकलि लोक नृत्य, लोक कथाएं उच्च कला की श्रेणी में नहीं आती हैं? क्या हमारी गाथाएं हमारा उच्च साहित्य नहीं हैं? यह हमारी गुलाम मानसिकता है, हम देशज को छोड़ कर विदेशी कलाओं को ही उन्नत मानते हैं। राजा रवि वर्मा जैसे कलाकार को नकारने की प्रवृत्ति इसी दृष्टि का नतीजा है।

हम शेक्सपियर को सिर-आंखों पर बिठाते हैं और कालिदास-देव को मांसलता का कवि कह कर दुरदुराते हैं। मैं नहीं कहती हूँ, शेक्सपियर खराब हैं, मगर हमारे अपने कालिदास-तुलसीदास में क्या खराबी है? अगर ये उच्च कोटि के रचनाकार न होते तो शताब्दियों बाद जनता की जुबान पर न होते। हम सब जासूसी, तिलिस्म, रोमानी उपन्यास पढ़ कर बड़े हुए हैं और आज फेसबुक पर जासूसी उपन्यास की धज्जियां उड़ा कर बौद्धिकता का मुखौटा ओढ़ते हैं।

हमें बोनसाई की जरूरत नहीं है। कला-सिनेमा दौर की फिल्में आर्काइव का हिस्सा हैं, पठन-पाठन के काम आती हैं। भला कितने दर्शक इसे देखते हैं? हर तरह का साहित्य, हर तरह की फिल्में बनती रही हैं और बनती रहेंगी। भारत समावेशी देश है, विविधताएं यहां की खूबसूरती हैं। सब तरह के साहित्य और कलाओं से मिलकर मनोरंजन उद्योग बनता है। वह ऐसे ही चलेगा।

यह कैसा विरोधाभास है, एक ओर हम सूप, डगरा बनाने की कला का संरक्षण करने की बात करते हैं, दूसरी ओर मात्र उच्च कला की बात! हमें समाज की कुरीतियों को उजागर करने की आवश्यकता है। लोक इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मात्र उच्च (?) इसका वाहक नहीं हो सकता। इस उद्देश्य से सरकार द्वारा नियम बनाए जाने मात्र से समाज की बुराइयां दूर नहीं होंगी। जैसा मैंने पहले कहा है, इसके लिए घर-परिवार से काम प्रारंभ होना चाहिए।

हम पहले परिवार में लैंगिक, जातिगत भेदभाव, शोषण, अत्याचार, दमन समाप्त करें। कलाकारों का सम्मान करना सीखें, बच्चे अपने आप उनका आदर करना जान जाएंगे।

सरकार कुछ कलाकारों को सम्मान देगी। यह हमारा दायित्व है, हम अपने इलाके के छोटे-छोटे कलाकारों को अपने स्तर पर सम्मानित करें। उन्हें उनकी कलाओं के प्रदर्शन का अवसर प्रदान कर प्रोत्साहन दें। हिंदी प्रदेश बहुत उर्वर है। निराश होने की जरूरत नहीं है। आज कई प्लैटफॉर्म उपलब्ध हैं। निश्चय ही साहित्य और कला के विभिन्न रूप मनोरंजन उद्योग का अंग बनने की संभावना रखते हैं।

9-10, 326 सीताराम डेरा, एग्रिको, जमशेदपुर-831009 फोन: 8789001919

धनंजय चोपड़ा
पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में कार्य। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मीडिया अध्ययन केंद्र में पाठ्यक्रम समन्वयक। हालिया प्रकाशित पुस्तकें हैं। ‘संचार शोध और मीडिया’, ‘फोटो पत्रकारिता के विविध आयाम’ तथा ‘भारत में कुंभ’।  

मनोरंजन उद्योग सामान्य जन के मन–मस्तिष्क का अपहरण कर लेता है

(1)मनोरंजन उद्योग का एकमात्र लक्ष्य होता है किसी भी तरह से सामान्य जन के मन-मस्तिष्क का अपरहण कर लिया जाए। भले ही इसके लिए उसे किसी भी हद तक क्यों न जाना पड़े। दरअसल हर किसी के पास ढेर सारे सपने होते हैं और तरह-तरह की आकांक्षाएं होती हैं और वे उन्हें सच होते देखना चाहते हैं। मनोरंजन उद्योग अपनी प्रस्तुतियों में इन्हीं सपनों और आकांक्षाओं (सही-गलत सब) को पूरा होते दिखाने की जुगत भिड़ाता है या फिर यूं कहें कि वह अपने लटके-झटके में फंसाकर भ्रम यानी लगभग यथार्थ का आभास पैदा करता है और लोगों की अटेंशन को बेच खाता है।

इस काम में पहले फिल्में (कुछ हद तक सार्थक रंगमंचीय प्रस्तुतियां भी) सबसे मुफीद हुआ करती थीं, लेकिन आज टेक्नोलॉजी के बलबूते बदलती दुनिया में मनोरंजन परोसने और स्वाद पाने के कई मंच क्रिएट हो गए हैं, जहां मनोरंजन के बहाने लोगों की मानसिक खुराक की सप्लाई का दंभ भरा जा रहा है। कहा जा रहा है कि हम जन सामान्य के द्वारा भोगे जा रहे सच को जस का तस प्रस्तुत कर रहे हैं और यही हमारी लोकप्रियता का आधार भी है।

इस बात को कतई नकारा नहीं जा सकता कि मनोरंजन उद्योग के सभी उपक्रम सामाजिक सरोकार, संस्कृतियों और भाषाओं की गतिशीलता के पर्याय होते हैं। इनमें जरा-सी भी दरकन बड़े विक्षोभ का कारण बन सकती है। वैसे यह स्वीकारने में गुरेज नहीं होना चाहिए कि इस दरकन की आवाज अब पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से सुनाई देने लगी है, या यूं कहें कि अब बैचेनी का सबब बन रही है।

(2)वैश्वीकरण ने पहले के बने हुए सांचों में बाजार को फिट होने के रास्ते बनाने का काम किया। जाहिर है कि जब बने-बनाए सांचे में कोई नई चीज फिट होती है तो कुछ पुरानी चीजों को बाहर होना पड़ता है। यही हुआ। सबसे अधिक नुकसान हमारी लोक संस्कृति को हुआ। वह हमारे संग उद्योग के रूप में नहीं थी, लेकिन किसी मजबूत उपक्रम से कम भी नहीं थी। हमारी संवेदनाओं का आईना बन हमारा साथ निभाती आ रही लोक-संस्कृति की थाती को कमजोर करने में बाजार की गिरफ्त में आए मनोरंजन उद्योगों का ही योगदान रहा है।

दरअसल मनोरंजन उद्योग, जो कि पूरी तरह से मानवीय संवेदना के बल पर टिके रहने का दंभ भरते थे, बाजार की गिरफ्त में आते ही हमारी अपनी परंपरागत सामाजिक-सांस्कृतिक थाती के बहुत जरूरी आधारों को ही खारिज करने में जुट गए।

तमाशा यह हुआ कि मानवीय संवेदना के सबसे सबल पक्ष हमारी भाषा और मानवीय संचार की पारस्परिक नातेदारी का जरूरी नमक बाजार चाट ले गया और बहुतों को पता ही नहीं चला।

पिछली सदी के अंतिम दशक से ही बदलते समय और बदलती दुनिया में कास्टिंग का एक नया प्रतिरूप यानी वेब कास्टिंग सिस्टम जुड़ गया है। तमाशा यह है कि इसी पर सभी अन्य सिस्टम यानी कि ह्यूमन कास्टिंग, प्रिंट कास्टिंग, ब्रॉड कास्टिंग और टेली कास्टिंग कुलांचे भरने में अपना हित और सौभाग्य मान रहे हैं। अब आप वेब पर ही लोक संस्कृति, समाचार पत्र-पत्रिकाओं, रेडियो और टेलीविजन से रू-ब-रू हो सकते हैं।

सबसे बड़ा तमाशा जन संचार की मृत्यु घोषित करने के साथ हुआ है। परिणाम यह कि ‘एवरी वन इज जर्नलिस्ट’ के फंडे को नई हवा मिल गई है और वेब माध्यमों पर आधारित नए-नए मनोरंजन प्लेटफार्म पर ‘अन-एडिटेड’ चीजों को देखने के आदी पड़ चुके लोगों के समक्ष कुछ भी परोसकर ‘ऑडियंस सटिस्फेक्शन’ का ग्राफ तैयार करने की मीटरिंग लोकप्रिय होती जा रही है। आखिर बाजार को इसी मीटरिंग पर पूंजी निवेश करना होता है। इतिहास गवाह है कि पूंजी और मुनाफे की मुठभेड़ में मिशन को हाशिए पर जाना होता है।

(3)शुरुआती दिनों से ही फिल्मों को समाज का दर्पण माना जाता रहा है और यह धारणा पिछली सदी के अंतिम दशक तक बनी हुई थी। लेकिन, पहले टेलीविजन चैनलों के बढ़ते जाने और फिर इंटरनेट के प्रसार ने इस धारणा पर ब्रेक लगा दिया या कह सकते हैं कि तेज भागती गाड़ी को पहले गियर पर वापस ला दिया। मैं मानता हूँ कि फिल्मों की वापसी के रास्ते अभी भी खुले हुए हैं, बशर्ते कि वे दर्शक को सही ढंग से समझकर बनाई जाएं। केवल ‘टार्गेट ऑडियंस’ और ‘ऑडियंस डिमांड’ की बात कह के अब कुछ भी प्रस्तुत कर देने से काम नहीं चलनेवाला। कोशिश होनी चाहिए कि हम ‘पार्टिसिपेटरी ऑडियंस’ तैयार करने के लिहाज से कहानी और निर्देशन तय करें।

वास्तव में अब लोगों में फौरी तौर पर सबकुछ पा लेने की तुरत-फुरत की संस्कृति घर कर रही है। इसी का नतीजा है कि बड़े बजट की फिल्मों की तरफ आकर्षण बढ़ा रहा है। बहरहाल नए और युवा फिल्मकार कहानी को लेकर बहुत ही संजीदगी के साथ कदम बढ़ा रहे हैं। पटकथा लेखन, निर्देशन और संपादन में नए-नए प्रयोग हो रहे हैं। ऐसे में फिल्मों में सामान्य जन और उनकी संवेदनाओं के वापस लौटने की उम्मीद बढ़ी है। आने वाले दिनों में तकनीक और मानवीय संवेदना के बीच पारस्परिक नातेदारी का नया रूप देखने को मिल सकता है।

 (4)बाजार की फितरत होती है कि वह लोगों को अकेला कर दे, ताकि उसके भ्रम में फंसकर वे बिना विचार-विमर्श यानी ना-नुकुर के उसकी गिरफ्त में आ जाएं और लगातार बने रहें। देखिए, किस तरह लोग सोशल मीडिया में अपनी उपस्थिति को ही सामाजिक सरोकार मान बैठे हैं। बाजार चाहता है कि लोग उसके द्वारा सजाए गए जाल (नेटवर्क) का हिस्सा बने रहें। यहीं सामाजिक-सांस्कृतिक-शैक्षिक-आर्थिक रिश्ते निभाएं, रोटी-कपड़े-दवाई की खरीददारी करें और मनोरंजन के नए-नवेले (ओटीटी आदि) ठीहों पर अपनी उपस्थिति जताएं। सहभागिता का आभासी सुख भोगने वाली कई-कई पीढ़ियां एक साथ तैयार हो रही हैं। लोगों की जुटान तो है, लेकिन साथ में कोई नहीं है। लोगों को निपट अकेला करके छोड़ दिया जा रहा है। अब यह अनायास नहीं है कि नई पीढ़ी में ‘वर्चुअल ऑटिज्म’ बढ़ रहा है।

 (5)सर्वविदित है कि किसी भी समाज की बौद्धिकता के विकास में वहां का सृजनात्मक परिवेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्भाग्यवश या लापरवाहीवश हिंदी जनमानस ने कभी यह कोशिश ही नहीं की कि उसके आस-पास की सृजनात्मक प्रवृत्तियां उसके मनोरंजन में शामिल हों। मुनाफे की चाह रखने वालों ने मनोरंजन के नाम पर जो परोस दिया, उसे ही नियति मानकर स्वीकार कर लिया गया। नतीजा यह कि हम पिछले पचास वर्षों से अधिक समय से हिंदी नाटकों, लोक-कलाओं की प्रस्तुतियों और चित्र प्रदर्शनियों आदि में दर्शकों के न पहुंचने का रोना रोते आ रहे हैं। यह कोई नहीं मानता कि दर्शक तैयार करने में किए जाने वाले जरूरी प्रयासों से हिंदी पट्टी के लोग कोसों दूर रहे हैं।

दूसरी ओर, हिंदीतर क्षेत्रों में सांस्कृतिक चेतना का विकास भाषाई समाज के अस्तित्व से जोड़कर हुआ। नतीजा यह है कि उनकी पीढ़ियों की बनावट-मंजावट में कलाओं के विविध रूपों को स्थान मिल जाता है और अलग से कोई प्रयास नहीं करना पड़ता। यहां यह कहने में भी मुझे कोई गुरेज नहीं कि हिंदी समाज में शुरू से ही राजनैतिक चेतना के विकास पर जोर रहा और इसमें जातीय और धार्मिक भावनाओं का तड़का लगता रहा। अब यह अनायास नहीं है कि लोक-संस्कृतियां भी जातीय, धार्मिक और राजनैतिक चेतना के प्रचार-प्रसार का हिस्सा बनती रही हैं और आज भी बनती चली आ रही हैं।

(6)हमें यह बखूबी समझना होगा कि साहित्य और कलाओं का सान्निध्य ही मनोरंजन उद्योग को अधिक जन-सापेक्ष और जन-उपादेय बना सकता है। यह भी सही है कि हिंदी क्षेत्र में साहित्य और कलाओं के प्रति जन-अनुराग और फिर जन-भागीदारी बढ़ाने के प्रयास में मनोरंजन उद्योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

जाहिर है कि नई सदी में जब तकनीक की दुनिया अपने पूरे ऊफान पर है, तब हमें उसी के सहारे लोगों तक पहुंचकर अपनी सांस्कृतिक थाती को मजबूत करने की पहल करनी होगी।

दरअसल तकनीक को नकार कर हम आगे बढ़ नहीं सकते हैं। उसके विरोध के बजाय सहारा लेने की जुगत भिड़ानी होगी। मुख्य मुद्दा अपने लोगों को अपनी सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने का है। और, इसके लिए जरूरी है कि साहित्य और कलाओं को अपने पारिवारिक और व्यावहारिक करिकुलम का हिस्सा बनाकर पीढ़ियों की बनावट और मंजावट का काम किया जाए। यह तरीका न केवल साहित्य और कलाओं को निरंतरता देकर मजबूत करेगा, बल्कि नए कलाकारों को तैयार करने और पुराने कलाकारों को मजबूती प्रदान करने में मददगार साबित होगा।

984/6ए, मीरापुर (इमली की ढाल, तिकोना पार्क के निकट) प्रयागराज– 211003 मो. 9415235113

मृत्युंजय श्रीवास्तव
प्रबुद्ध लेखक, रंगकर्मी और संस्कृतिकर्मी।

 

 बाजार, राजनीति और मनोरंजन ने अपना गहरा नेक्सस बनाया है

मनोरंजन उद्योग धमाल कर रहा है। भारत में इसका विस्तार छप्पर फाड़ तरीके से  हुआ है। इसमें मीडिया उद्योग शामिल है। मीडिया उद्योग और मनोरंजन उद्योग आपस में घुलमिल गए हैं। इन्हें अलग करके नहीं देखा जा सकता। अखबार, पत्रिका, पुस्तक, फिल्म, टीवी, ओटीटी, खेल यानी मुख्य रूप से क्रिकेट-फुटबॉल और इसके साथ-साथ अब सोशल मीडिया की प्रस्तुतियां और कारस्तानियां भी इसमें शामिल हैं। घालमेल ऐसा है कि खबरें और राजनीति भी मनोरंजन के क्षेत्र बन गए हैं।

मनोरंजन के मारे मस्तिष्क की उर्वरता नष्ट हो रही है। यह हालात केवल भारत की नहीं है। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने ‘ब्रेन रॉट’ शब्द को 2024 का ‘वर्ष का शब्द’ चुना है। ‘ब्रेन रॉट’ शब्द का प्रयोग स्क्रीन सर्फिंग में लत की हद तक डूबी दुनिया को देखकर किया गया है। इसका मतलब मानसिक सड़ांध है। जब मनोरंजन में मूल्यबोध का बिलकुल अभाव होता है, ब्रेन रॉट की स्थिति बनती है। पहले बुरी से बुरी किताब पढ़कर भी ब्रेन रॉट के नजारे नहीं बनते थे, डिजिटल दौर में ये नजारे आम हैं।

भारत में पर्व-त्यौहार और उनसे जुड़े मेले ही वस्तुतः मनोरंजन और इसके साथ-साथ सामाजिकता के प्राथमिक माध्यम थे। अड्डा और चौपाल मनोरंजन के मंच हुआ करते थे। विवाह-शादी और सत्यनारायण की पूजा फैमिली गैदरिंग का आनंददायक अवसर हुआ करते थे। इनमें सामाजिक भागीदारी थी। यह वह जमाना था, जब मनोरंजन और सामाजिकता गहरे रूप से आपस में जुड़े हुए थे।

जमाना बदला मनोरंजन का सामाजिकता से संबंध विच्छेद हो गया। मनोरंजन अकेले अपने रास्ते निकल गया। मनोरंजन के नए युग ने आदमी को अकेला कर दिया। आदमी एकांतिक मनोरंजन में रम गया। टीवी एक ही समय में लाखों को हँसाता-रुलाता था, मगर वे लाखों लोग अकेले में हँसते-रोते थे।

एक जमाना था जब पुस्तकें और पत्रिकाएं पढ़ना केवल बौद्धिक कर्म नहीं था। कहानी, उपन्यास, गीत-गजल भी मनोरंजन की जरूरतें पूरी करते थे। कम से कम हिंदी समाज में किताबें और पत्रिकाएं अब मनोरंजन के माध्यम नहीं रह गए हैं। किताबें या पत्रिकाएं अब टाइम पास के लिए भी नहीं पढ़ी जातीं। बच्चे भी वे खेल नहीं खेलते जो एक जमाने में बच्चे खेला करते थे। आज के हिंदी भाषी बच्चे नहीं जानते कि कभी उनके लिए हिंदी में बाल-पत्रिकाएं निकला करती थीं। खेलौने अब आउट ऑफ चलन हो गए हैं। घर की लुगाइयों का मौके-बेमौके गाना मनोरंजन हुआ करता था। परिवार की बुनावट और बनाबट ऐसी बदली है कि रोजमर्रा की जिंदगी में उनका गाना प्राय: समाप्त हो गया। टाइम पास के लिए अंताक्षरी का चलन सीमित हो गया, हालांकि फिल्मी गाने जुबां-जुबां पर हैं। शाम को भजन-कीर्तन करने वाले बुजुर्ग नहीं देखे जाते।

मनोरंजन की दुनिया को बदलने में टीवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उसने सबसे पहले आदमी की सामाजिकता समाप्त करके मनोरंजन के लिए उसे घर में कैद किया। टीवी केवल हँसाता-रुलाता नहीं था, बल्कि वह लोगों को एक जैसा सोचने के लिए तैयार करने लगा। यह राजनीति और मनोरंजन के बीच सांठगांठ का महत्वपूर्ण कारक बना।

21वीं शताब्दी में हिंदी सिनेमा ने अपना फ्लेवर बदल दिया। हिंदी सिनेमा पहले पर्दे पर मध्यवर्ग को ज्यादा जगह देता था, वह यहां से सरक गया। 20वीं सदी में अमिताभ बच्चन ने जो किरदार निभाए, वे मध्यवर्ग के थे। 21वीं सदी की शुरुआत की उनकी दो फिल्मों- एक : ‘मोहब्बतें’ (2000) और दूसरी : ‘कभी खुशी कभी गम’ (2001) इसके उदाहरण हैं। 2000 में टीवी पर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को भी देखा जा सकता है।

21वीं सदी का पहला दशक मनोरंजन का स्वभाव और चरित्र बदलने में पत्थर तोड़ साबित हुआ। फिर मनोरंजन के परिदृश्य में आए ओटीटी, आईपीएल। दूसरी ओर से आए फेसबुक और यूट्यूब। फेसबुक और यूट्यूब मुख्यतः जनता के मन, दिमाग और रुचि का टोह लेने वाले टूल्स के रूप में आए। बहुत वर्षों तक यूट्यूब का टैगलाइन था, ‘ब्राडकास्ट योरसेल्फ’। इसका तरजुमा होगा, ‘अपना मन खोलो’। बाजार के विस्तार के लिए भारतीयों का मन खोलना जरूरी था। भारतीयों के मन की चाहत बाजार के लिए जरूरी डेटा थी।

ओटीटी सिनेमा और आईपीएल क्रिकेट भारतीयों के लिए मनोरंजन का नया अनुभव था। ओटीटी पर बिलकुल नई किस्म का मसाला रहता है। यहां सेक्स और हिंसा मुख्य इंग्रिडेंट है। अपराध का बोलबाला है। अपराध के चित्रांकन के लिए बिहार और यूपी की पृष्ठभूमि का बखूबी इस्तेमाल किया गया। यह वह समय है जब राजनीति, बाजार और मनोरंजन ने अपना गहरा नेक्सस बनाया है। इस नेक्सस ने जनता को केवल विवेकहीन उपभोक्ता बनाना शुरू कर दिया। मनोरंजन एक ओर उच्चवर्ग और उसके परिवेश तथा दूसरी ओर अपराध और उसके परिवेश को पोट्रेट करने लगा।

जब जनता विवेकहीन उपभोक्ता बन गई धर्म और मानव मन की भावनाओं का इस्तेमाल मनोरंजन के लिए करते हुए अपनी सत्ता भी साधी जाने लगी। पिछले एक दशक में कई फिल्में ऐसी आईं जिनने धार्मिक भावनाओं को बाजार के जिंस में बदल दिया। ऐसी फिल्मों का एक मकसद राजनीति को प्रभावित करना था। इसने हवा का रुख बदल दिया। मनोरंजन को चरित्रवान नहीं रहने दिया गया। मनोरंजन मनोरंजन न रहा, मानसिक प्रदूषण बन गया।

फिर आया कोरोना। कोरोना के आते ही मनोरंजन ने अपना विस्तार मोबाइल पर किया। अब जनता के हाथ का मोबाइल संवादकारक होने के अलावा किसिम-किसिम के मनोरंजन का पिटारा हो गया। यह चौबीस घंटों का मामला बना। लोग उसके साथ खाने, सोने और जगने लगे। मोबाइली मनोरंजन में भारत के लोग ऐसे डूबे कि उनकी गर्दन और नजर हमेशा झुकी रहने लगी। संभव है कि अब जो बच्चे जन्म लेंगे, वे झुकी गर्दन और झुकी नजर के साथ पैदा हों।

भारत में स्टैंडअप कॉमेडी एक नया तमाशा है। मानसिक सड़ांध की अभिव्यक्ति का यह एक और नमूना है। स्टैंडअप कॉमेडी का कंटेंट आमतौर पर द्विअर्थी संवादों को नए फ्लेवर में फ्लोर पर फैलाता है। इनका यूएसपी इनकी अभद्र भाषा और अभद्र अभिव्यक्ति है। टीजिंग और एब्युजिंग इनके कंटेट का मुख्य आकर्षण होता है। पिछले पंद्रह वर्षों में भारत में इनका बाजार बड़ा हुआ है। ऑनलाइन बाजार है और छोटे-बड़े शहरों में इसके शो भी होते हैं। टीवी और ओटीटी प्लेटफार्म पर स्टैंडअप कॉमेडी का संजाल काफी घना है। एक ओर स्टैंडअप कॉमेडी की भाषा हिंगलिश है, दूसरी ओर यूट्यूब पर लोकल हिंदी टोन में स्टैंडअप कॉमेडी करने वालों की बाढ़ है। इनके लिए हर संबंध एक लतीफा है। माता-पिता भी लतीफा के विषय हैं और वांछित-अवांछित परिस्थितियां भी। इनके प्रजेंटेशन में करुणा और संवेदना के लिए नो एंट्री का बोर्ड लगा होता है। इस तरह मनोरंजन मनुष्य को ठूंठ बनाने का काम  सफलतापूर्वक कर रहा है।

मनोरंजन और मीडिया उद्योग से संबंधित नए  आंकड़े भरोसा देते हैं कि यह उद्योग एक नया क्षितिज बनाएगा। मीडिया और मनोरंजन उद्योग एक नया प्लैनेट है। यह 21वीं सदी की सबसे बड़ी खोज है। भारतवासी इस प्लैनेट पर खूब विचरण करते हैं। इस प्लैनेट पर उपलब्ध सामग्री को बड़े चाव से भारतवासी कनज्यूम करते हैं। बोलचाल में इसे भोग करना कह सकते हैं। यह अगर प्रारब्ध है तो पीड़ादायक भी।

मनोरंजन उद्योग का आंकड़ा यह है कि भारत अपना 78 प्रतिशत समय मोबाइल पर मीडिया और मनोरंजन ऐप के साथ बिताता है। ऐप डाउनलोड करने के मामले में भारत विश्व में दूसरे नंबर पर है। 2024 में भारत का मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र का व्यापार 2.55 ट्रिलियन था। 2026 तक इसके 3.8 ट्रिलियन हो जाने की संभावना है। इस व्यापार में दुनिया में 5 वें पायदान पर है भारत। हर साल 20 प्रतिशत विस्तार की संभावना देखी जा रही है।

भारतवासी ऑनलाइन गेम में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं। ऑनलाइन गेम मनोरंजन का नया क्षेत्र है। इसने फिल्म माध्यम को पछाड़ दिया है।

डिजिटल मनोरंजन में मीम और अब रील का तूफान आया हुआ है। पॉडकास्ट मनोरंजन के पहाड़ पर झंडा गाड़ने के लिए निकल पड़ा है। भारत के लोग ऑनलाइन मनोरंजन की ओर तेजी से मुड़ गए हैं।

हॉल में सिनेमा देखना मनोरंजन का लोक माध्यम रहा है। नई अर्थनीति की मार से मॉल-मल्टीप्लेक्स के हॉल में सिनेमा देखना आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है। मल्टीप्लेक्स की जेंट्री को देखकर समझा जा सकता है कि खर्च करने में सबल नागरिकों के लिए ही मल्टीप्लेक्स मुफीद जगह है। स्टेडियम में आइपीएल या फुटबॉल देखना महंगा मनोरंजन है। धार्मिक इमोशन भी मनोरंजन का एक बड़ा अंग बना है।

मनोरंजन उद्योग फिलहाल भारत के जीडीपी में केवल एक प्रतिशत का योगदान कर रहा है। जैसे-जैसे मनोरंजन उद्योग और मीडिया पर जीडीपी में अधिक हिस्सेदारी का दबाव बनेगा, मनोरंजन और मीडिया दोनों ही आज की तुलना में अधिक तेजाबी होते जाएंगे।

नागरिकों में मनोरंजन का इतना अधिक चस्का क्यों है कि वह अपना 78 प्रतिशत समय यहां लगाता है? निश्चित रूप से मनोरंजन में वे नहीं लगे रहते जिनसे सप्ताह में 90 घंटे काम करने की उम्मीद की जाती है। वे ही लगे होते हैं जिनके पास इफरात अनुत्पादक समय है। अपने नागरिकों के इस अनुत्पादक समय को उत्पादकता में बदलने के लिए सरकारों के पास कोई कार्य योजना नहीं है। बल्कि वे खाली रहें, सरकारें यही चाहती हैं। मनोरंजन लोक कल्याण का माध्यम नहीं है, वह सत्ता कल्याण का सर्वाधिक सशक्त शस्त्र है।

मनोरंजन की बढ़ती भूख के दबाव में खबरों ने अपना वजन खो दिया है। इसलिए खबरों में मनोरंजन का मेल अनिवार्य तत्व की तरह किया जाने लगा है। मनोरंजन के लिए कभी कल्पना अनिवार्य तत्व रहा होगा, आज गप्प या झूठ मनोरंजन के बुनियादी मसाले हैं। खबरों में बेलिहाज होकर गप्प और झूठ का मिश्रण किया जाता है। खबरें अब हमें सजग और सचेतन नहीं बनातीं। खबर वाचक खबरें ऐसे पढ़ते हैं जैसे वे एंकर नहीं, हॉकर हों। हर हॉकर अपनी वाचन शैली में मनोरंजन का तत्व शामिल रखता है। नए जमाने में संचार माध्यमों का ही विस्फोट नहीं हुआ, मनोरंजन माध्यमों का भी सैलाब आया। इस सैलाब में सब बह रहा है। इस दौर ने रोटी, कपड़ा और रैन बसेरा को छोड़कर सबकुछ को मनोरंजन बना दिया है। हम ज्ञान और सूचनाओं के युग में नहीं हैं। हम मनोरंजन-युग के कीड़े हैं।

सी–11.3, एनबीसीसी विबज्योर टावर्स, न्यू टाउन, कोलकाता–700156, मो.9433076174

अजय ब्रह्मात्मज
फिल्म पत्रकार के रूप में पत्र पत्रिकाओं में निरंतर लेखन। संप्रति दैनिक जागरण में फिल्म–प्रभारी।

हिंदी क्षेत्र में हिंदी फिल्मों के निर्माण केंद्र न बन सके

(1)मनोरंजन उद्योग जनमानस को निःसंदेह प्रभावित करता है। हमारे समाज में मनोरंजन के जो पारंपरिक साधन थे, वे बहुत कम हो गए हैं। इस संदर्भ में लोगों की रुचि बदलती चली गई। आज का मनोरंजन जिस तरह का हो गया है, वह डिजिटल युग का मनोरंजन है। हालांकि समाज और बुद्धिजीवी इसे स्वीकार नहीं करते।

(2)आज के दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे ओटीटी फिल्में महत्वपूर्ण हैं। इनके अतिरिक्त कंसर्ट प्रोग्राम बहुत बढ़ रहे हैं। इनमें एक नया चेंज देख रहा हूँ और भीड़ भी उसकी ओर जा रही है। यह भी मनोरंजन का एक हिस्सा है जहां तमाम फिल्मों और संगीत से जुड़े लोग अपने कार्यक्रम करते रहते हैं। इस माध्यम से दर्शकों को एक अवसर मिलता है जहां वे अपने प्रिय स्टार को लाइव देख सकते हैं और उसका मजा ले सकते हैं। यह प्रोग्राम हालांकि बड़े शहरों में ही संभव हो पाते हैं। लेकिन सिनेमा वस्तुतः मास मीडिया का सबसे बड़ा साधन है जो आसानी से सब स्थानों पर पहुंचता है।

वैश्वीकरण के पहले और बाद के मनोरंजन की बात करें तो पहले मनोरंजन के लिए अलग-अलग जगह जाना पड़ता था, लेकिन अब वह लोगों की मुट्ठी में आ गया है। यही नहीं कंटेंट और समय सीमा में पर्याप्त फर्क आ गया है। सर्वे बता रहा है कि लोगों का यथार्थ के प्रति आकर्षण बढ़ा है।

(3)हिंदी फिल्में एक संक्रांति के दौर से गुजर रही हैं, और यह हमेशा होता रहा है। जब भी कोई नई तकनीक आती है, यह परिवर्तन शुरू हो जाता है। अभी ओटीटी के दौर का परिवर्तन आया है। नए सर्वे बता रहे हैं कि यूट्यूब इतना पॉपुलर होता जा रहा है कि वह सिनेमा की जगह ले रहा है। ऐसी चुनौतियां सिनेमा के सामने हैं ही, लेकिन मनोरंजन के पारंपरिक साधन के रूप में उसका जो कला रूप है वह जल्दी खत्म नहीं होगा। हां, इस संक्रांति से निकलने में उसे थोड़ा समय जरूर लग रहा है।

दर्शक सिनेमा देखने को तैयार हैं और निर्माता-निर्देशक उसे समझ रहे हैं। उसे नए फॉर्म में लाने की कोशिश कर रहे हैं। फिर भी लग रहा है कि आज के दौर में सिनेमा की स्थिति थोड़ी डांवाडोल है।

(4)दर्शक को कहीं नहीं खड़ा किया गया है। वह अपने घर में मौजूद है, बल्कि दर्शक का दायरा सिमट गया है। वह अब अपने घर में चीजों को देखना चाहता है। दर्शक की यही रुचि बन गई है। इस हिसाब से वह बदल रहा है। आज का दर्शक इवेंट सिनेमा देखना चाहता है और जो बड़े बजट की फिल्में होती हैं, उनके लिए वह थिएटर जाना चाहता है। लेकिन ओटीटी पर अगर उन्हें छोटी फिल्में मिल जाती हैं जिनका कंटेंट महत्वपूर्ण है तो वह उन्हें पसंद करता है। लेकिन इनके लिए वह पैसे खर्च करने को तैयार नहीं है। पहले दर्शकों के पास कोई विकल्प नहीं था, लेकिन ओटीटी वैकल्पिक प्लेटफॉर्म के रूप में सामने आया है।

(5)हिंदी समाज की अपनी उदासीनता है। सरकारों ने भी इसके लिए कोई इनीशिएटिव नहीं लिया। अब जाकर यूपी और बिहार में फिल्म पॉलिसी आई है। बंगाल और केरल में दशकों पहले से फिल्म पॉलिसी चल रही है। दशकों पहले से ये राज्य फिल्म निर्माताओं को पैसे देते रहे हैं और फिल्में बनती रही हैं।

हमारा समाज आज भी फिल्मों को अच्छा व्यवसाय नहीं मानता। कहीं न कहीं लोगों के मन में आशंकाएं हैं। इस वजह से हिंदी फिल्मों के निर्माण केंद्र हिंदी क्षेत्र नहीं हैं, बल्कि वह मराठी क्षेत्र है। इसके पूर्व हिंदी फिल्में कोलकाता में बनती थीं, जो बंगाली क्षेत्र है। इसके भी पूर्व लाहौर में बनती थीं, जो पंजाबी क्षेत्र है। कुल मिलाकर हिंदी क्षेत्र में हिंदी फिल्मों के निर्माण केंद्र नहीं बन सके।

इस तरफ न सरकारों ने ध्यान दिया न ही परिवारों ने और न हमारे बौद्धिकों ने। आज भी कोई युवा यदि फिल्मों में जाने का इच्छुक है तो सबसे पहले उसे धिक्कारा जाता है। यह विषमता समाज में बनी हुई है, उसके कारण तमाम दावों के बाद भी हिंदी सिनेमा आज पिछड़ा हुआ है।

(6)कलाओं को उनके उन्नत रूप में लाने की मुझे कोई जरूरत महसूस नहीं होती। नाटक और फिल्मों की प्रस्तुति का अपना एक तरीका है। यहां बस यही कहना चाहूंगा कि उन्हें एक नई दृष्टि से देखना चाहिए, जबरदस्ती कला रूपों के प्रवेश की कोई जरूरत नहीं है।

यूपी और बिहार जैसे हिंदी क्षेत्र से लोगों को मुंबई जाना पड़ता है, धक्के खाने पड़ते हैं और हम स्थानीय स्तर पर उन प्रतिभाओं का इस्तेमाल नहीं कर पाते। इसलिए मुंबई में उनका स्थानांतरण हो जाता है। मैं कहना चाहूंगा कि सभी गढ़ तोड़ने होंगे, तभी फिल्मों का लोकतंत्रीकरण होगा और फिल्मों का विकेंद्रीकरण होगा और फिल्मों का नया रूप सामने आएगा स्थानीय विशेषताओं के साथ।

302 ए, धीरज रेजीडेंसी, ओशिवारा बस डिपो के सामने, गोरेगांव पश्चिम, मुंबई 400104 मो. 9820240504

संपर्क प्रस्तुतिकर्ता : पूरे गुर्दी कोरिहरा, पोस्ट– सेमरपहा, लालगंज, रायबरेली–229206 मो.9369422456