युवा कवयित्री। ‘आशाएं हैं आयुध’ (काव्य संकलन) ‘गही समय की बांह’, ‘दक्ष की फुलवारी’ (बाल कविता संग्रह)।

जंगल

सुबह आंगन, दोपहर दीवार, शाम मुंडेर
धूप की तरह बढ़ती हैं लड़कियां
इसी उजाले से डर कर
उनके सामने खींच दी जाती हैं
अनगिनत लक्ष्मण रेखाएं

हर बीतते दिन के साथ
रेखाओं का यह जंगल
घना और अबूझ होता जाता है

इसकी कैदी रही अनेक लड़कियां
अब केवल किस्सों में सांस लेती हैं

कुएं की जगत पर मिली सपनों की राख
फंदों से झूलती सिसकियां
या
सल्फास की गोलियों में घुली
घुटी हुई चीखें ही
उनके राज जानती हैं

जंगल फिर भी भूखा है
नई कोंपलों की तलाश में
फैलता ही जा रहा है।

प्रतिकार

पसीने की बूंदों से की गई
सफाई आज फर्श की
महरी से हुई छोटी-सी चूक
और मिल गई उसे खरीखोटी खूब

दूध में पानी था या मन में था उफान
एक किस्त झुंझलाहट
दूधवाले के नाम हुई

सब्जीवाली से आज
मोलभाव की गुंजाइश नहीं बनी
अंदर की कोई झल्लाहट
शामत बनकर टूट पड़ी
मुनगे की मोटाई पर

बर्तन बोले देर तक
टीवी चुप रहा
पप्पू ने किताब खोली
बंद हुई झिड़कियों के साथ

और तो और
भगवान जी से भी हो गई अनबन आज
न सपराए गए, न जिमाए गए
बैठे रह गए कोने में
बासे फूलों से ढंकेपुके

आंखों के कोरों पर जब जम गया नमक
हवा का किया गया आहार
सच कहना, ओ सद्गृहिणी
यह आघात किसका
यह किससे है प्रतिकार!

फर्क

हर बार
जब कोई दरिंदगी सड़क पर बिखरती है
लड़की के दुपट्टे की लंबाई
निशाने पर आ जाती है
उसकी हँसी की गूंज
लहजे की धार
चालचलन की लकीर
थोड़ी और लंबी कर दी जाती है

बढ़ा दी जाती हैं हिदायतें
घटा दिए जाते हैं हक
संशोधित की जाती है आचार संहिता
नए सिरे से
रास्ते छोटे, दीवारें ऊंची हो जाती हैं

उधर
लड़के के लिए लकीरें छोटी कर दी जाती हैं
बेहयाई दब जाती है अखबारी सुर्खियों में
हैवानियत को बहाने के पर्दे मिलते हैं
बेशर्मी को बचाव के तर्क

उसकी नीयत पर उठने वाली
उंगलियां झुकने लगती हैं
हर बीतते दिन के साथ
लड़कों की गलतियों को
गलतियां कहां माना जाता है!

मिर्च

चूल्हे की आंच से तेज जलती हैं मिर्चें
मिर्च कम हुई तो चिल्लाहट बढ़ी
ज्यादा हुई तो भी

नमक के कण जितनी छोटी वजहें
थप्पड़ जितने बड़े नतीजे

हथेली की लकीरों में घुलती मिर्च
स्वाद नहीं, जलन देती है
भाप उड़ जाती है, आंसू ठहर जाते हैं
और हर बार वही सवाल
‘सीखो जरा अलानी से
बनो थोड़ी फलानी-सी’।

सीख ही तो रही हैं औरतें
कि मिर्च का तीखापन स्वाद तक रहे
जुबान पर न आए।

उनकी जगह

जब पंचसितारा सेमिनार में
पढ़ा जा रहा होता है
‘लड़की बचाओ – लड़की पढ़ाओ’ पर पर्चा
वे सिर पर तसला रखे
ईंटों के जोड़-गणित में उलझी होती हैं

बालिका दिवस के जुलूसों के बीच
वे छोटे भाई की मां बनी
किनारे खड़ी होती हैं
सूनी कलाइयां
रोटियों की गोलाइयां खोजतीं

नारे उनकी दहलीज तक नहीं पहुंचते
घोषणाएं पेट नहीं भरतीं
वे नहीं पढ़ पातीं नीतियों की भाषा

रईसों की लार टपकातीं
नजर-इबारतें पढ़ना सीख जाती हैं
वे फाइलों में दर्ज हैं
रिपोर्टों में, योजनाओं में
जबकि उन्हें होना चाहिए
हमारी-आपकी चिंताओं में।

ब्याह के बाद

विदा के समय
लड़कियां पूजती हैं देहरी
कामना करती हैं
इस आंगन में
खुशियों का सदा बसेरा रहे

छूट जाता है बचपन का घर
पर बरसों बाद भी
उनकी सांसों में ताजा रहता है
बीते दिनों का पूरा ककहरा
पत्नी और बहू बनने की
सतत और सताऊ प्रक्रिया के बीच
व्यस्तता के तंग क्षणों में भी

आंगन की तुलसी को
चढ़ा आती हैं
आंखों का गंगाजल
गले लग जाती हैं उस पड़ोसन के
जो बोलती मिल जाती है
अपनी तरफ की बोली-बानी
अपने छूटे हुए दिनों को इस तरह
जी लेती हैं दुबारा

उनकी सांसों में बसी रहती है
मां की रसोई की महक
मां बनने के बाद भी
पिता के घर की गमक
वो तसल्ली

उसी तलाश में
लड़कियां लौटती हैं मायके
और जाते समय देखती हैं मुड़ के
बार-बार।

संपर्क : ए – 404, शिवपूजा अपार्टमेंट, दत्त मंदिर मार्ग, शंकर कलात नगर, वाकड़, पिंपरी चिंचवड पुणे-411057 (महाराष्ट्र) मो. 9922822699