
युवा कवयित्री। कविता संग्रह ‘आँखों में मानचित्र’। कला संकाय की छात्रा।
बुजुर्गों की मृत्यु
उसके गुजर जाने के कई बरस बाद
वह घर गई थी
सबकुछ उजाड़ हो चुका था
तालों में लग चुकी थी जंग
पत्थरों पे उग आई थी छोटी-छोटी घास
कितना भयावह लग रहा था मेरा अपना घर
जिसमें बचपन की बीती अनगिनत कहानियां हैं
जिस घर को देखा था बनते हुए अपनी आंखों से
उसी का बिखराव कितनी टीस दे रहा है
घाव अनगिनत हैं
पर कुछ घाव ताउम्र टीसते रहते हैं
न जाने कितने वसंत बीते उसमें
अबका यह वसंत ऐसा है
जहां न कोई फूल है न रंग
वसंत होता तो इंतजार करती
परदे को खोस देती ग्रिल में
जो मारे हवा के परेशान करता रहता है
निगाह ठहराए टुक-टुक
देखती रहती सड़क की ओर
कब किस ओर से आ जाए और लग जाए गले
कितने बरस बीत गए इस घर में चूल्हा जले
पकी रोटियों की खुशबू नसीब नहीं
पूजाघर से नहीं आती खुशबू अगरबत्ती की
मानो ईश्वर चला गया है इस घर से ऊबकर
पौधे की हरियाली हो चुकी है पीली
अनार के दाने झक्क सफेद हैं
जैसे किसी ने छीन ली हो उसकी लाली
अब अमरूद खाने नहीं आती कोई चिड़िया
कि उसे लग चुकी थी आदत झिड़की की
इतनी शांति नहीं आती रास
बुजुर्गों की मृत्यु हमारे बचपन की हत्या है।
संपर्क :ग्राम+ पोस्ट– मेघौल, थाना– खोदावंदपुर, बेगूसराय– 848202 बिहार मो. 8102379981

