युवा कहानीकार। कहानी संग्रह ‘अंधेरा कमरा’। जे.एन.यू. में शोधार्थी।

 

एंड्रॉयड मोबाइल के युग में कीपैड मोबाइल की उपयोगिता गिनाने वाले लोग, सैवी के ऐब का बखान कर सकते हैं, पर उसमें टेक्नोलॉजी के खारिज होने का खतरा है।

यह संयोग है कि सैवी टेस्ट ट्यूब बेबी नहीं था, वरना ये लोग टेक्नोलॉजी के माथे न जाने क्या-क्या कलंक मढ़ देते! ऐसे लोगों की कुछ आपत्तियां जायज हो सकती हैं, लेकिन गैजेट द्वारा पाले-पोसे गए सैवी को उससे क्या फर्क पड़ता?

नवजात पोते पर दादा की पहली नजर पड़ी थी तो मन में भावनाओं का ज्वार-सा उमड़ा था। उन्होंने अपनी कांवड़ यात्रा से लौटने के तुरंत बाद पैदा हुए पोते का नाम शिव कुमार रख दिया था। छोटी बहू की नजर में उनका हर फैसला पुरातन और दकियानूसी था। इसलिए उसने पहले मुंह बिचकाया, लेकिन ससुर के आगे अपनी एक नहीं चलने की बात स्वीकार चुकी बहू की प्रतिक्रिया, नथुनों तक आकर दम तोड़ दी थी। पति के साथ शहर में रहने की उसकी पुरानी जिद थी। बच्चे के जन्म की खबर सुनकर घर आए पति से उसने फिर से शहर की जिद दुहराई थी, जैसे जंग लगी जिद को खुरचकर चमकाया गया हो। ढंग की नौकरी के इंतजार में पत्नी की जिद अब तक टलती रही थी। लेकिन छह-सात महीने बाद पत्नी की पुरानी जिद चमत्कारिक ढंग से पूरी हो गई थी। पत्नी ने शहर में बड़े-बुजुर्गों की नकेल से राहत की सांस ली थी। बात-बेबात नए जमाने की वकालत करते रहने से, उस पर ‘कौलेजिया बहू’ जैसे नपे-तुले व्यंग्य पीछे छूट गए थे।

शहर आते ही उसने ससुर की पुरातन परछाई से बचने का जो पहला काम किया, वह था शिवकुमार का नाम बदलना। कई दिनों की माथापच्ची के बाद शिवकुमार सैवी हो पाया था। शायद नाम में उससे ज्यादा परिवर्तन नहीं हो सकता था। उतने ही फेरबदल की छूट थी जितने से गांव जाने पर वह आसानी से शिव बन जाए और शहर वापस लौटने पर उतनी ही सहजता से सैवी।

लेकिन वह सिर्फ सैवी भर नहीं हुआ, बल्कि पत्नी की नजर से शिव कुमार का संकर नस्ल हो गया था। पढ़ी-लिखी भौजाइयों के ऑफिस का जॉब और शहर में रहने से भतीजे-भतीजियों की फर्राटेदार अंग्रेजी, पत्नी को शहर की तरफ आकर्षित करते थे। आखिर करते भी क्यों नहीं?

भौजाइयों जितनी वह भी तो पढ़ी-लिखी थी। सांवले रंग और छोटे कद, इतने बड़े ‘ऐब’ तो थे नहीं कि अनपढ़ जेठानियों के बीच चौका-बर्तन में माथा फोड़ती रहे। पति उसके जॉब के खिलाफ नहीं थे, सैवी के थोड़ा बड़े होने के इंतजार में थे। लेकिन मायके में भौजाइयों का किसी पर भी धौंस जमाना देख चुकी पत्नी में, नाम भर का धैर्य नहीं बचा था।

इसी अधीरता ने सैवी का दूसरा जन्मदिन आते-आते पत्नी ने जॉब की कसक पूरी करा ली थी।

बचपन में गैजेट्स से सिंचित-संचित सैवी ऐसा पौधा था जो पंद्रह साल की उम्र में हरा-भरा पेड़ बन गया था। उसे आदमी से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर विश्वास था। परिवार, मित्र, रिश्तेदार जैसों की कमी उसी से पूरी होती थी। बचपन में वह रोने लगता तो उसे गोद में उठाकर पुचकारने में आलस भले दिखाया जाता, मगर लेड बल्ब वाले खिलौने का बटन दबाकर उसे थमाने की फुर्ती एक अनकहा  नियम सी बन गई थी। मां-बाप का इतना भर काम था कि उसे आस-पास के खिलौनों से ऊब होने लगे तो दोनों में से कोई अलसाये पांव जाए और खिलौनों की अदला-बदली करके उसे मना ले। फिर दोनों अपने-अपने काम में व्यस्त हो जाएं। कभी-कभी खिलौने देने की बारी को लेकर भी दोनों में बहस हो जाती थी। घर पहुंचने के बाद दोनों पर ऑफिस के असाइमेन्ट पूरा करने का दबाव रहता। जिस रोज बच्चा खिलौनों की अदला-बदली से भी रोना बंद नहीं करता, उस रोज बिस्तर पर थके-मांदे पति-पत्नी किसी नए खिलौने की योजना बनाने लगते थे।

ऑफिस टाइम में बच्चे की देखभाल का जिम्मा मेड का था। उसके लिए भी बच्चे संभालने का मतलब खिलौने की अदला–बदली भर था और बच्चे के जोर–जोर से रोने की स्थिति में टीवी के तेज वोल्यूम से रोती आवाज को दबाना। इसके बाद भी कभी–कभी बच्चे की रोती आवाज कानों में कर्कश–सी चुभती तो मेड उसके खिलौने तोड़ सारी खीझ निकाल देती। खिलौने के टूटने का इलजाम बच्चे पर तब तक लगता रहा जब तक कि टूटने का अर्थ उसे समझ नहीं आया।

पति-पत्नी में से कोई भी यदि समय से पहले घर आ जाता, तो मेड बच्चे की देखभाल से ज्यादा टीवी का रिमोट बदलते मिलती। लेकिन दो हजार में कोई दूसरी मेड आसानी से नहीं मिलने वाली थी। इसलिए नौकरी से निकालने की हल्की झिड़क खाने के बाद भी मेड लापरवाही से बाज नहीं आती थी।

‘मार-मार-मार !…मार !…मार !…अरे यार!… अबे बहन के…काट!… दाएं!… अरे दाएं से !…’ सैवी के कमरे से गाली-गलौज, मार-काट और हाथ-पैर पटकने जैसी आवाजें आती रहती थीं। कभी आवाज की धमक बिजली की कड़क जैसी अचानक तेज हो जाती, तो कभी अगले ही पल धीमी पड़ने लगती, जैसे दो लोगों के बीच का विवाद अंततः सुलह की ओर बढ़ने लगा हो। हाथ-पैर पटकने की आवाज से तुरंत एहसास होता कि सुलह एक छलावा है। उसके मुंह से कभी-कभी अवरुद्ध आवाजें निकलतीं, जैसे लाख कोशिश करके किसी के मजबूत हाथों से पल भर के लिए गला छुड़ा पाया हो।  आवाज फिर किसी सन्नाटे में गुम हो जाती। इस सन्नाटे को चुनौती ‘मार-मार-मार!’ की डरावनी आवाज से, फिर मिलने लगती।

एक रोज इन आवाजों ने मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए गांव से शहर आए दादा के अंदर घबराहट पैदा कर दी थी। पहले तो किसी डरावने सपने के ख्याल से वे पल भर के लिए शांत रहे। मगर शाम के चार बजे! यह तो सैवी के सोने का समय नहीं होता! दादा ने उस कमरे में किसी बाहरी आदमी के होने की आशंका में मेन गेट की तरफ आंखें फेरीं। ऑपरेशन कराई गई आंखें, मेन गेट के खुलने-बंद होने की टोह नहीं ले पाईं। सैवी की आवाज ने इतना धैर्य भी नहीं छोड़ा कि वे धुंधलाई आंखों से मेन गेट का पूरी तरह से जायजा ले सकें।

‘क्या हुआ सिव! कौन है रूम में!’ दीवार का सहारा लेकर दादा घबराहट में सैवी के कमरे की ओर भागे थे। दरवाजा के खटखटाए जाने से भी सैवी बेसुध पड़ा रहा। दादा ने धक्के देकर दरवाजा खोलने में जल्दबाजी दिखाई। दरवाजे के खुलने की आवाज से नहीं, बल्कि कमरे में किसी के होने की आहट से सैवी उनकी तरफ मुड़ा था। उनकी घबराहट देखकर उसने जल्दी से कान से ईयरफोन निकाला।

‘अरे, दादा जी! मैं तो गेम खेल रहा था।’ सैवी की बातों में जवाब कम, लापरवाही ज्यादा थी। उसकी नजर फिर से मोबाइल के स्क्रीन में गड़ गई, जैसे आज का टास्क अधूरा न रह जाए। दादा के अचानक आने से उस कमरे की गतिविधियां पूरी तरह से समेटी नहीं जा सकी थीं। वे मुंह बाए अपनी शिनाख्त करा लेना चाहती थीं। उसकी दाईं बांह में फंसा तकिया प्रतिद्वंद्वी जैसा था, जिस पर थोड़ी देर पहले तक मजबूत पकड़ होने के संकेत मिल रहे थे।

उसके घुटनों के नीचे दबा दूसरा तकिया शायद विरोधी गुट का सेनापति था, जिस पर प्रतिवाद की आशंका में अभी भी शरीर का पूरा भार टिकाया गया था। हाथ–पांव पटकने से फर्श पर गिरा आधा बिस्तर हताहत सैनिक थे और पलंग पर आधे बिस्तर के रूप में बचे सैनिकों को हताहत करके ही यह जंग जीती जा सकती थी। शायद इसी उत्साह में सैवी की नजर फिर से मोबाइल के स्क्रीन में गड़ गई थी।

यह उस दौर की बात है जब ‘पब-जी’ सरीखे ढेरों डिजीटल गेम सैवी जैसों के बेडरूम में युद्ध की तरह लड़े जाते थे। स्टेडियम की अवधारणा को खत्म करने के लिए सरकार ने अभियान चलाकर बड़े-बड़े स्टेडियम को उद्योगपतियों को गोदाम बनाने लिए लीज पर बांट दिया था। अब खेल सिर्फ वर्चुअल रह गए थे। अब घरों में जयपाल सिंह मुंडा, मिल्खा सिंह, सचिन तेन्दुलकर, सानिया मिर्जा सरीखे खिलाड़ी पैदा नहीं होते थे। उन्हें लैब में डिजाइन किया जाता था,‡खेल के लिए नहीं, युद्ध के लिए! वर्चुअल और रीयल का फर्क करना उस दौर के लिए अभिशाप था। उस पीढ़ी का एक नमूना भर था सैवी। वह खेल को युद्ध की तरह लड़ता था। हर खेल में बेडरूम के बिस्तर-तकियों को युद्ध की बर्बरता का सामना करना पड़ता था। कभी-कभी दीवारों या पलंग पर घूसा मारने से उसकी हथेलियों में सूजन हो जाती थी। कभी मोबाइल पटकने से स्क्रीनगार्ड की हालत खस्ता हो जाती थी। मोबाइल पटकने या खुद को चोटिल करने की नौबत तभी आती, जब खेल के सारे दांव उल्टे पड़ जाते थे। उसकी हालत विजेता सेना के सामने सर झुकाए खड़े, उन पराजित सैनिकों जैसी हो जाती जिन्हें युद्धबंदी बनाना या वध करना, अभी तक तय नहीं हुआ होता। वह घुटन में मोबाइल पटक देता कि कहीं उसका प्रतिद्वंद्वी विजय-उत्सव में उसे रौंद न डाले।  

उस वक्त सैवी को सही-सलामत देख, दादा की घबराहट तो कम हुई, मगर वे भारी मन से अपनी बिस्तर तक लौटे थे।

रात में ऑफिस से लौटे बेटे-बहू को उन्होंने सैवी की हरकतें बताईं। उन दोनों ने इसे ‘डेली रूटिन’ समझ कर टाल दिया। लेकिन दादा को तरह-तरह की आशंका से घेराबंदी करने की आदत थी, ‘ऐसी ढील से तो कोई भी हाथ से निकल जाए! खेल के भी कुछ नियम-कायदे होते हैं। ये तो खेल न हो जैसे दौरा पड़ा हो! भूत-बैताल से लड़ाई छिड़ी हो’ आशंका के जाल में डूबते-उलझते वे बोले।

‘आज के बच्चे हमारे जमाने के बच्चे नहीं रहे। अब मोबाइल के जमाने में गुल्ली-डंडा तो नहीं दे सकते? …खेलना-पढ़ना सब उसी से हो रहा। मोबाइल छीनकर गंवार बनाना ठीक नहीं।’ बहू ने तुनक कर जवाब दिया।

‘बाबू जी, सभी के बच्चों का यही हाल है। मोबाइल के बिना उनका काम नहीं चलता। दो-चार थप्पड़ देकर पहले के बच्चों की जिद तोड़ी जा सकती थी। आज के बच्चे जिद के आगे जाने क्या कर बैठें? अब तो उन्हें हर बर्थ-डे पर एक नए मोबाइल की फरमाइश रहती है।’ बीच-बचाव करने आए बेटे ने भी नए जमाने की दस्तूर बता दी।

सैवी के खेल की लत मां-बाप को थोड़ी-बहुत चिंतित तो करती थी, लेकिन ऑफिस के सहकर्मियों में से हर दूसरे-तीसरे के बच्चों की यही कहानी थी। जब जमाने भर के बच्चों ने एक सी हालत के लिए गठजोड़ बना रखा हो तो ‘उनकी चिंता में क्यों आधा हुआ जाए’ वाली उक्ति सटीक बैठने लगी थी। मां इस बात से खुश थी कि सैवी भतीजे-भतीजियों से किसी भी मामले में कमतर नहीं है। फर्राटेदार अंग्रेजी से लेकर मोबाइल, इंटरनेट हर मामले में एडवांस! हालांकि सैवी के कमरे से ‘मार-काट’, हाथ-पैर पटकने वाली आवाज जब भी आती, तो माँ-बाप में से कोई भी डांटने में आलस नहीं दिखाता था। उस वक्त उनके माथे पर तनाव उभरता, मगर आसपास के उदाहरणों से उन्हें तसल्ली मिल जाती। वे अंत में ये जुमला साझा करते कि आजकल के बच्चों की पैदाइश ही नकार की देन है। कितना भी गिड़गिड़ाओ, क्या मजाल वे ‘ना’ छोड़ ‘हां’ के लिए डिग जाएं।

सैवी पर मोबाइल की पाबंदी दूर की कौड़ी थी। उसके ‘आईफोन’ की जिद ‘सैमसंग’ से टाली गई थी। तत्काल के लिए वही किसी उपलब्धि से कम नहीं थी। पंद्रह-बीस रोज बाद आने वाले बर्थ-डे पर ‘आईफोन’ के गिफ्ट से उसकी मनौती उतरेगी या साथ-साथ ‘आईपैड’ के लिए भी जेब ढीली करनी पड़ेगी, यह एक नई चिंता थी।

दादा का सैवी के इस रूप से यह पहला परिचय था। वे तभी से उसकी गतिविधियों पर बारीक नजर रखने लगे थे। निगरानी ताड़ ली जाने की आशंका होने पर वे कनखियों का पहरा बैठा देते थे। सैवी की छोटी–छोटी बातें भी उनमें अजीब कुढ़न पैदा करने लगी थीं। जो बातें सैवी की आदत बन चुकी थीं वे दादा को असहज करती थीं, किसी जरूरी काम से भी ध्यान खींच लेती थीं।

ऑपरेशन से धुंधलाई आंखों में कभी-कभी इतनी संवेदना आ जाती थी कि वे सैवी की हर गतिविधि का एक्स-रे कर लेती थीं। लिविंग रूम में सभी टीवी देखते मगर वे अनायास सैवी को देखने लगते, जैसे उसके दर्जनों हाथ-पैर उग आए हों। अनुमान से पहले ही वे हाथ-पैर त्वरित गति से अलग-अलग विध्वंस में लग जाते और दादा की आंखें कभी-कभी तालमेल न बिठा पातीं कि किस हाथ-पैर ने किस विध्वंस को अंजाम दिया है। उन्हें टीवी में ऐसी कोई चीज नहीं दिखती जो सैवी की प्रतिक्रिया से मेल खाए। वह कमरे में एकमात्र ऐसा दर्शक होता जिसकी प्रतिक्रिया शेष दर्शकों के एकदम विपरीत होती। अगर क्रिकेट मैच चल रहा होता और खिलाड़ी बल्ले से छक्का लगाता तो कमरे के शेष दर्शक ताली पीटते, लेकिन सैवी कैच लेने के लिए हाथ ऊपर उठा देता। निराशा में उसकी सांसें लोहार की धौंकनी जैसी तेज-तेज चलने लगतीं। मां-बाप की एक राय बन चुकी थी कि वह हमेशा उनके विरोधी टीम का समर्थन करता है। इसलिए उसकी ऐसी प्रतिक्रिया उन्हें असहज नहीं करती थी। लेकिन दादा को लगता कि बात सिर्फ विरोधी टीम के समर्थन भर की नहीं है, उसके दर्जनों हाथ-पैर उग आने के बाद, उनका विध्वंस के लिए उतावला होने की है। जिस तरह शैतान का मालिक ही कब उसकी खुराक बन जाए, यह संशय हमेशा लगा रहता है। वही संशय सैवी के उग आए हाथों द्वारा भावी विध्वंस को लेकर था।

बल्ले से मारा गया बॉल, अगर तेजी से टीवी स्क्रीन की तरफ आता तो सैवी चोट खाने की आशंका में झटके से सर नीचा कर लेता। न्यूज देखने के वक्त भी उसकी वही हरकतें! एंकर की भड़काऊ बातों में आकर सामने वाले पैनलिस्ट को दबोच लेना चाहता। एंकर की भड़ास उसकी भड़ास हो जाती। एंकर जिस पैनलिस्ट के खिलाफ होता सैवी भी उसे अपना प्रतिद्वंद्वी मान बैठता। उसकी तीव्र इच्छा होती कि विरोधी को टीवी से घसीटकर बाहर निकाल दे या स्वयं उसमें समा जाए और उसे भी तकीये-बिस्तर जैसे अपना शिकार बना डाले। मुट्ठी भींचने और दांत पिसने से उसके गाल थोड़े चपटे हो जाते थे। एकटक घूरने से उसकी आंखें बड़ी-बड़ी हो जाती थीं। भूत-प्रेत में विश्वास करने वालों की भाषा में कहें, तो लगता जैसे उसके शरीर में ऐसी बुरी आत्मा जा घुसी हो जिसे सदियों से किसी बदले की साध पूरी करने की प्रतीक्षा हो।

दादा सैवी को घूरते रहते। जब उनका धैर्य चूक जाता तो वे अनायास ‘सिव’ की आवाज लगाकर उसका ध्यान भंग करने की कोशिश करते। सैवी दादा की आवाज से हांफने लगता, धड़कन की रफ्तार तेज हो जाती। उस वक्त टीवी स्क्रीन पर ध्यान देने के बजाए कुछ देर इधर-उधर ध्यान भटकाए रहता, जैसे किसी बुरे सपने से जगा हो। दोबारा देखने से कहीं फिर से वही सपना पीछा न करने लगे। लेकिन टीवी स्क्रीन में अजीब तरह का आकर्षण था जो उसे कुछ ही देर में अपने वश में कर लेता था। उन्हीं बुरे सपनों में घसीट लेता था।

दादा को तरह-तरह की आशंका होने लगी थी। उन्हें लगता था कि सैवी, सैवी नहीं है और शिव तो कतई नहीं है। वह सिर्फ किरदार है मोबाइल या टी.वी. में दिखने वाली हर घटना का एक जीवित किरदार। उनमें दिखने वाली हर घटना में वह अपने लिए जगह ढूंढ़ लेता है। हर घटना उसे आमंत्रित करती, जैसे उसके बिना किसी अंजाम तक न पहुंचती हो।

एक दिन क्रिकेट चल रहा था। सभी की नजर टीवी पर थी। लेकिन दादा ने आजकल टीवी में कुछ भी देखना छोड़ दिया था। वे सिर्फ सैवी की निगरानी करते थे। उसे देखकर कुढ़ने की अब आदत–सी बनती जा रही थी। मां–बाप की नजर टीवी पर थी। इसी बीच सैवी हाथ से कुछ घसीटने लगा। दादा उस वक्त किसी चिंता में डूबे थे। चिंतित नहीं होते तो भी शायद सैवी की यह हरकत कुछ नई नहीं लगती। उनका ध्यान तो तब भंग हुआ जब कमरे में एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बीच मां–बाप द्वारा ‘सैवी!’ और दादा द्वारा ‘सिव!’ की चीख एक साथ घुलमिल गई।

‘ये क्या किया तूने टीवी तोड़ दिया!’ मां आगबबूला हो गई।

सैवी ने अपनी कुर्सी से टीवी पर धावा बोल दिया था।

‘माथे पर भूत सवार है क्या! इससे तो तंग आ गया हूँ।’ बाप का गुस्सा भी कहीं कम नहीं था। दादा एकदम कांप रहे थे। उनके मुंह से तत्काल कोई शब्द नहीं निकला।

‘ये ऐसे नहीं मानेगा, सब नास करके दम लेगा।’ दादा का हांफना अभी भी जारी था। वे दर्जनों हाथों के विध्वंस को शब्दों में नहीं बांध पाए।

सैवी की चेतना भी किसी अज्ञातलोक से अब तक कमरे में लौट चुकी थी। वह कमरे के बाकी लोगों जैसे ही सामान्य मानव की तरह सोचने लगा था। वह अपराधबोध से फफक पड़ा।

‘सॉरी, आगे से नहीं होगा’ रूंधे गले से वह इतना ही बोल पाया। अपराधबोध में उसने दोनों कान पकड़ लिया था। वह अपराधी की तरह कभी मां की तरफ देखता तो कभी बाप की तरफ। लेकिन टूटी हुई टीवी की तरफ नहीं देखना चाहता कि कहीं फिर से किसी बुरे सपने का दानव उसके कानों में चीखने न लगे। किसी विध्वंस के लिए भड़काने न लगे।

‘चलो कोई नहीं। बस आगे से ध्यान रखना।’ सैवी का इस तरह से रोना देख, मां ने भारी मन से बोला।

‘लेकिन तोड़े क्यों?’ बाप के लिए टीवी का टूटना अभी भी रहस्य बना हुआ था।

 रहस्य तो सैवी के लिए भी था। टीवी टूटने से पहले कोई पूछता तो शायद पता चल जाता। लेकिन टूटने के बाद तोड़ने वाले का व्यक्तित्व वही नहीं रह गया था जो कि तोड़ने के वक्त था। सैवी बाप के जवाब में अभी भी फफक रहा था।

‘इसकी टीम हार जाती इसलिए।’ मां ने अनुमान से जवाब दिया।

‘लेकिन मैच तो अभी शुरू हुई थी। अभी तो किसी भी टीम के हारने-जीतने जैसी बात नहीं थी।’ बाप अभी भी टीवी टूटने के रहस्य के आस-पास नहीं पहुंच पा रहे थे।

‘असल समस्या खेल नहीं टीवी है, मोबाइल है। जब-जब देखेगा, यही सब करेगा।’ दादा की बातों में अनुमान कम, आशंका ज्यादा थी।

फफक रहे सैवी ने जवाब में फिर से ‘सॉरी’ दुहरा दी थी। सभी अपने-अपने अनुमान के अनुसार टीवी टूटने का कारण सोचते रहे मगर सैवी की तरफ से टीवी का टूटना अंततः एक रहस्य बना रह गया।

दादा ने उस दिन तरह–तरह की आशंका में रात भर करवटें बदलीं। उन्हें लगता कि सैवी अभिमन्यु की तरह किसी चक्रव्यूह में जा फंसा है। महाभारत का अभिमन्यु सोलहवें साल में चक्रव्यूह में फंसा था। सैवी का भी अगले दिन सोलहवां जन्मदिन था। उन्हें तरह–तरह की आशंका होती रही कि कहीं सोलहवें साल का चक्रव्यूह उसका आखिरी चक्रव्यूह न हो? उसे भेद पाना असंभव न हो जाए? चक्रव्यूह तोड़ने में उसकी क्या मदद की जाए?

अनगिनत अनुत्तरित प्रश्नों को लिए वे सुबह थोड़ी देर से जगे। नींद पूरी नहीं होने से अलसायी आंखों में जलन थी। बेटे-बहू के ऑफिस जाने का वक्त हो चुका था। बेटे ने कुछ पैसे उनके हाथ में रखते हुए बोला, ‘आज सैवी का बर्थ-डे है, अपनी पसंद का कोई गिफ्ट ले लीजिएगा।’ बेटे ने सैवी के पिछले जन्मदिन पर मिले गिफ्ट की ओर इशारा भी किया‡‘सैवी को ऐसे गिफ्ट ज्यादा पसंद हैं। उन्हीं से मिलता-जुलता कुछ मिले तो ठीक है।’

दादा को सैवी से छिपाकर पैसे दिए गए थे ताकि उनके द्वारा दिया गया उपहार, सैवी को उनकी तरफ से भेंट लगे।

दादा से ‘हां-ना’ कुछ नहीं बोला गया। उन्होंने कुछ देर तक पैसे हाथ में रखा फिर अनमने से होकर सिरहाने रख दिया। पिछले जन्मदिन पर मिले उपहारों को देखने से उन्हें अजीब तरह की कोफ्त होने लगी। ज्यादातर उपहारों में किसी-न-किसी रूप में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मौजूद था। किसी में लेड बल्ब था तो किसी में बटन दबाने पर, संगीतमय ध्वनि के साथ ‘हैप्पी बर्थ-डे’ की आवाज आती थी। जो उपहार सैवी को बहुत प्रिय थे, उन्हें इस्तेमाल में लाए जाने के बाद उसके डब्बे करीने से सजाए गए थे। अब वे उपहारदाता के प्रति एक गर्मजोशी भरी कृतज्ञता के प्रमाण थे। ‘हेडफोन’ इस्तेमाल में था, लेकिन उसके डब्बे को करीने से सजाकर ‘थैंक-यू मामी जी’ की कृतज्ञता जाहिर की गई थी। इसी तरह ‘स्मार्ट वाच’ के डब्बे पर ‘थैंक-यू मामा जी’ और ‘बुफर साउंड’ के डब्बे पर पापा के सहकर्मी के लिए ‘थैंक-यू जोशी अंकल’ के टैग लगे थे। बाकी कुछ गुमनाम उपहार भी थे जिनके उपहारदाता की कोई निशानदेही नहीं थी।

दादा ने उपहार के लिए काफी सोच-विचार किया। कुछ भी जंच नहीं रहा था। इस बीच सैवी के सहपाठियों की बधाइयां आने लगी थीं। जन्मदिन के उपहारों की बातें होने लगी थीं। दादा को उन खास तरह के उपहारों के नाम से कुढ़न होती रही। उपहार लेना तो उनके ध्यान में रहा, लेकिन किस तरह का लेना था, वे निश्चय नहीं कर पा रहे थे। इसी उलझन में दोपहर बीत गई। तीन-साढ़े तीन बजे के करीब वे बगल के मार्केट गए।  

उन्होंने कई दुकानों की खाक छानी। सारे दुकानदार बर्थ-डे ब्वॉय की उम्र पूछकर एक ही तरह के उपहार दिखा रहे थे। दादा को पसंद नहीं आने पर कातर भाव से दुकानदारों की एक सी मिलती-जुलती नसीहत होती, ‘बर्थ-डे गिफ्ट में तो आजकल यही सब चलता है जी।’

‘ऐसा नहीं, दूसरा दिखाइए।’ लेकिन दादा के पास दूसरी तरह के उपहार की कोई स्पष्ट रूपरेखा नहीं होती।

वे सोचते कि दुकानदार ही बिना मांगे उनकी पसंद का उपहार दिखा दे। वे सकुचाते हुए कुछ दुकानों में जाने से भी बचते कि क्या पता पसंद का उपहार वहां मिले भी या नहीं? शाम को जन्मदिन मनाने की योजना थी। समय ज्यों–ज्यों बीतता उनकी आशंका जोर पकड़ने लगती कि वे उपहार खरीद पाएंगे या नहीं? उपहार नहीं देने से तो आजकल के बच्चे मन में गांठ बांध लेते हैं।

उपहार के लिए दादा का खाक छानना जारी था कि पुलिस का साइरन तेज होने लगा। पहले तो उधर ध्यान नहीं गया मगर दुकानदारों में अफरा-तफरी जैसा माहौल देखकर वे थोड़ा सचेत हुए। उपहार के लिए जिस दुकान की तरफ बढ़े थे उसका सटर गिरा, तब तो वे एकदम से चौकन्ना हो गए।

‘अरे ताऊ! घर भागो। दंगा-फसाद हो गया है।’ दुकानदार ने सटर का ताला बंद करते हुए हड़बड़ी में बोला। दादा के संभलने से पहले ही वह हवा हो गया? दंगा-फसाद दूसरे इलाके में भड़का था। इस इलाके को पुलिस ने एहतियातन बंद करवाया था। लेकिन लोगों की अफरा-तफरी से किसी भी मामले में इस इलाके का भय, दंगाग्रस्त इलाके से कम नहीं लगता था। जान की खैर मनाने के लिए जो जिस हालत में था, वैसे ही भाग पड़ा था। दादा की हालत भी वैसी ही थी। वे बेटे-बहू को लेकर चिंतित हो उठे कि वे लोग ऑफिस से लौटते वक्त कहीं दंगाई भीड़ में न फंस जाएं।

अनगिनत भागते चेहरों के बीच से होकर वे भी भागने लगे। पीठ पीछे की अफरा-तफरी इस संशय को बल देती कि दंगाई भीड़ अब दबोचने ही वाली है। वे अपने अपार्टमेन्ट में तो दाखिल हो गए थे मगर इतनी बुरी तरह से हांफ रहे थे कि फ्लैट की ओर बढ़ा नहीं जा रहा था। वे मैराथन दौड़ की प्रैक्टिस करने वाले उस थके-मांदे धावक की तरह दोनों हाथों को घुटनों पर टिकाए, आगे की ओर झुककर थकान मिटा रहे थे जिस पर प्रतिद्वंद्वियों से पहले अपनी दौड़ पूरी करने का मानसिक दबाव रहता है।

वे जैसे तैसे खुद के शरीर को घसीटते हुए अपने फ्लैट तक पहुंचे। उनमें इतना संयम भी नहीं था कि सिर्फ डोरबेल को बजाकर दरवाजे के खुलने की प्रतीक्षा करें। वे डोरबेल के साथ-साथ दरवाजे को तेजी से पीटने लगे। घबराहट में उनकी विकृत आवाज से ‘शिव’ के सिर्फ ‘स’ का उच्चारण हो पाया। लेकिन शिव या सैवी की तरफ से दरवाजा खोलने की तत्काल कोई आहट नहीं हुई। वे दरवाजे को ऐसे धक्का देने लगे कि खुलना या टूटना, दोनों में से जो भी हो, ‘यथाशीघ्र हो!’ वाला भाव उनमें आ गया था। लेकिन प्रतिक्रिया में दरवाजा खुला या टूटा उन्हें ठीक से याद नहीं। बस इतना याद है कि वे दरवाजे पर रखे किसी भारी सामान से ठोकर खाकर गिरते-गिरते बचे थे। कमरे में दाखिल होते ही वे अवाक रह गए।

कमरे का सामान बिखरा हुआ था, सैवी द्वारा गेम खेलने के वक्त बिखरे सामानों से कहीं ज्यादा रहस्यमयी और डरावने तरीके से। अब तक कमरे में कोई दिखा नहीं था। सिर्फ टीवी की तेज आवाज कानों में पड़ रही थी लेकिन टीवी चालू करने वाले का कोई अता-पता नहीं। मेन गेट इसी टीवी वाले लीविंग रूम में खुलता था।

तत्काल पीठ पीछे किसी के रहस्यमयी तरीके से छिपे होने की आहट हुई। वे तेजी से पीछे मुड़े ही थे कि घात लगाए हमलावर ने सिर पर रॉड से हमला बोल दिया। वे औंधे मुंह गिर गए। उन्होंने जख्म खाए सिर से खून को रोकने के लिए हाथ से दबाया। आंखों तले अंधेरा छाने लगा। आंखों में हमलावर की ऐसी धुंधली तस्वीर उभर रही थी जैसे अंधेरी रात में चिराग की लौ का, हवा के झोंकों से मुश्किल से बचने पर आसपास की चीजों की परछाई भर दिखे।

हमलावर कोई और नहीं सैवी था। सैवी इतना कुछ कर देगा ये सोचकर दादा सकते में थे। दर्जनों हाथों का विध्वंस इस हद तक बढ़ जाएगा उन्हें इसकी कल्पना कर लेनी थी। वे हमले का कारण भी नहीं समझ पा रहे थे। वे उससे गुहार लगाना चाह रहे थे, लेकिन किसी खौफनाक सपने को देखते वक्त जैसे आवाज अकड़ जाती है, वैसे ही उनकी आवाज बैठ गई थी। अभी वे अचेत नहीं हुए थे।

सैवी थोड़ी देर तक शांत खड़ा रहा, फिर जैसे स्मृतियों को कुरेदकर उसने कुछ बरामद कर लिया हो। उसने जल्दबाजी में खिड़की से बाहर झांका और रॉड को हमले के लिए तैयार कर, लीविंग रूम में जाने क्या ढूंढ़ने लगा? अचानक से रुका। बड़ी सावधानी से अगल-बगल के खतरे को भांपते हुए, वह फर्श पर गिरे हुए दादा के नाक तक, कान ले गया। इस बीच किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए उसने रॉड पर मजबूत पकड़ बना ली थी। वह पसीना-पसीना हो रहा था। शायद दादा पर हमले के पहले से ही, उसकी यही हालत रही हो। खतरे का अंदेशा कम हुआ तो उसने थोड़ी राहत की सांस ली।

जैसे जादूगर हर करामात से पहले आसमान की ओर सिर उठाकर बड़बड़ाता है, सैवी भी बड़बड़ाने लगा। बड़बड़ाते हुए जैसे उसे कुछ याद आया हो। वह रहस्यमयी तरीके से दादा को देखने लगा। उसने दादा के ठंडे पड़ते शरीर को अब घसीटना शुरू किया। बड़ी मुश्किल से घसीटकर, लीविंग रूम के दूसरे कोने में बिछे पलंग तक लाया। उसने घुटना टेककर उन्हें पलंग के नीचे, दोनों हाथों के जोर से धकेला। धकेलते-धकेलते पूरी तरह से पेट के बल लेटा तब जाकर दादा का जख्मी शरीर पलंग के अंदर समा पाया। पलंग के नीचे पहले से ही कराह की आवाज आ रही थी। टीवी की तेज आवाज और अचेत पड़ते शरीर के कारण वह कराह पलंग के अंदर ही दम तोड़ दे रही थी। लेकिन दादा जब पलंग के नीचे धकेल दिए गए तो वे उस आवाज की कराह से सन्न रह गए। वे आवाजें उनकी बेटे-बहू की थीं। बेटे-बहू के सिर से ज्यादा खून बह जाने से सिर्फ ‘पाऽऽ नीऽऽ पाऽऽ नीऽऽ’ की धीमी आवाज सुनाई पड़ती थी। दादा को भी पानी की तलब थी। लेकिन उनमें पानी से संबंधित स्मृति बची हुई थी जबकि बेटे-बहू के लिए पानी, स्मृतियों से मुक्त शब्द भर था।  

सैवी टीवी के सामने खड़ा था। टीवी में दंगाग्रस्त इलाके का लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा था। हिंसा, आगजनी सभी की लाइव रिपोर्टिंग! जो वारदात कैमरे में कैद होने से चूक जाती थी, रिपोर्टर उन्हें अपनी कल्पना की आंख से देखकर, अपने चश्मदीद होने का सबूत दे डालता था। जो लोग हिंसाग्रस्त इलाके से दूर थे उनके बेडरूम में लगी टीवी उन्हें घसीटकर दंगाई भीड़ के बीच पटक देती थी। फिर तो हर इलाका दंगाग्रस्त हो जाता! हर पड़ोसी दंगाई! हर चेहरे से हिंसा टपकती। तब अनगिनत चेहरों की हिंसा से बचने का एक ही तरकीब था- एहतियातन पहला हमला बोलना। दोस्त-दुश्मन के निर्णय में वक्त बर्बाद करने का मतलब था घात लगाए सामने वाले का शिकार होना।

वह दौर ही कुछ ऐसा था कि अपने साथ धैर्य नहीं शौर्य का पराक्रम लेकर उपस्थित हुआ था और शौर्य दिखाने के लिए अपनी बारी आना नियत नहीं था, खुद को ही झपट्टा मारकर अवसर छीनना था। इतिहास सदियों में कभी–कभी ही ऐसा संयोग लेकर आता है, जिस पर पराक्रम की धौंस जमायी जा सके। इन्हीं कारणों से अगर जल्दबाजी में दोस्त ही शिकार बन जाए तो इसे वक्त की नजाकत मानकर, उस पाप से मुक्त होने के हजारों उपाय थे। लेकिन भूलचूक में अपनी जान गंवाकर इतिहास बनते देखने का सौभाग्य नहीं खोया जा सकता था।

बदलते दौर में योगदान देने से वंचित होकर, इतिहास के कूड़ेदान में लज्जित पड़े रहने से बेहतर था अपनों का बलिदान दे देना। अपने हाथों से दोस्त मरे, रिश्तेदार मरे, परिवार मरे खुद को पापमुक्त साबित करने के हजारों तर्क थे। मीडिया के डिबेट से दो-चार तर्क अपने लिए भी चुराए जा सकते थे कि फलां भले दोस्त था, रिश्तेदार था, परिजन था, लेकिन उसकी विचारधारा, राजनीतिक पक्षधरता, धार्मिक आग्रह सभी शत्रुओं की सोच से मेल खाते थे। 

ये टीवी, मीडिया, अखबार, रिपोर्टर सभी की मिली-जुली खूबी थी कि वे हर आशंकित दर्शक के सामने एक काल्पनिक दुश्मन खड़ा कर देते।

हर ब्रेक के बाद एंकर अपने दर्शकों को महफूज दिखाने की एक खोखली युक्ति सुझाता, खोखला टास्क देता। एंकर चीखता, अगर आपके घर पर दंगाई भीड़ का हमला हो जाए और पुलिस वक्त पर न पहुंचे तो आप अपनी सूझ-बूझ से अपनी और अपने परिवार की जान बचा सकते हैं। एंकर टॉस्क दुहराता-मेनगेट को मजबूती से बंद करें। टेबल या किसी भारी सामान को दरवाजे से सटा दें। दरवाजा फिर भी टूट जाए तो हमलावर के सिर पर मारने के लिए कोई मजबूत सामान हाथ में रखें। इधर फसाद भी अनगिनत स्पेशलिस्टों के लिए अवसर बनकर आया था। मीडिया फसाद नियंत्रक स्पेशलिस्ट नामक नए चेहरों को हाजिर करता। अमूमन उनका काम वही दुहराना होता जिसकी एंकर ने पहले ही भूमिका बना दी होती।

एंकर के निर्देश जब भी आते, सैवी अपनी तैयारी के लिए चौकन्ना हो उठता। एक हड़बड़ाहट दिखती कि अब तक तो अमूक तैयारी पुख्ता हो जानी थी। हर बार का निर्देश उसे चौकन्ना करता जैसे वह पिछला निर्देश भूल जाता हो; बहुत कुछ ‘शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस’ सरीखे।

मेन गेट बंद करने का निर्देश आता तो वह उसे बंद करने के बाद अगले निर्देश की प्रतीक्षा में टकटकी लगाए खड़ा रहता। एंकर का निर्देश जैसे उसके रोबोटिक शरीर के चालू बटन को दबाकर, उसके पुर्जे-पुर्जे में गति भर देता। निर्देश का अनसुना होना उसके स्वीच ऑफ बटन को कसकर दबाने जैसा था, जिसमें उसके शरीर का पुर्जा-पुर्जा, पुराने पंखे के बंद होने जैसे घर्र-घर्र की आवाज से एकदम शांत पड़ जाता था। उस स्थिति में मेन गेट बंद करना, भारी सामान दरवाजे से सटाना, हमलावर के सिर पर मारने के लिए भारी सामान रखने वाला एंकर द्वारा निर्देशित पूरा क्रम ही भंग हो जाता।

मेनगेट बंद करने के बाद वह एंकर के निर्देश के अनुसार मेन गेट से सटे मेज और सोफा को और सटाने की कोशिश करता। कथित हमलावर के सिर पर मारने के लिए अपने हाथ के रॉड को और मजबूती देता। वह कभी टी.वी. को घूरता तो कभी मेनगेट की तरफ मुड़ता। उसकी आंखों में खून उतर आते थे। उसकी बांहें रॉड को थामे ऐसे फड़कती थीं, जैसे उसके हाथ किसी अजेय योद्धा का अस्त्र जा लगा हो। अब दानव को, सैवी के कानों में चीखने के लिए केवल बुरे सपनों का बहाना नहीं चाहिए था। उसके कानों में गूंजती हर चीख, जैसे इतिहास के निर्णायक मोड़ पर खड़ी, प्रतिशोध का फेहरिश्त लिए आखिरी दांव के साथ उपस्थित हुई थी। पलंग के नीचे कराहती आवाजों को टीवी की आवाज ने पूरी तरह से दबा दी थी।

एंकर की आवाज अभी भी थकी नहीं थी। वह पलंग के नीचे कराहती आवाजों की संख्या बढ़ाने के लिए अभी भी उतावली थी।

संपर्क :ब्रह्मपुत्रा हॉस्टल, जे.एन.यू., नई दिल्ली-110067 मो. 6200936562