
युवा कवयित्री। संप्रति अयोध्या में राज्य कर अधिकारी। कविता संग्रह ‘चाक पे माटी सा मन’।
मैं नदी हूँ
मैं नदी हूँ
गुजर जाऊंगी
तुम्हारे भीतर से चुपचाप
नक्शे पर बिन छोड़े कोई निशान
बिखरूंगी नहीं तुम्हारी आंखों में यकीन मानो
क्षणिक सौंदर्य बनकर
किसी झरने की तरह
नहीं घिसना मुझे कोई पत्थर
जिसके सहारे तुम फिसलते रहे
मेरी आत्मा के किसी छोर पर
और मैं ढोती रही अपने सिर पर
तुम्हारे किए का भार
मैं किसी गंगा की तरह नहीं धोऊंगी
तुम्हारे पाप
तुम्हारे पुरखों को तारने
मैं नहीं उतरूंगी धरती पर
किसी भगीरथ की तपस्या के जाल में फंसकर
नहीं बंधूगी शिव की जटाओं में कभी
मैं बदलते हुए रास्ते
गुजर नहीं जाऊंगी
डुबाकर तुम्हारे सीमांत
मैं किसी समुद्र में जाकर भी नहीं मिलूंगी
न कोई गार्ज ही बनाऊंगी
मैं तुम्हारे भीतर एक सुराख कर
बहती रहूंगी अदृश्य
जिंदा रहूंगी तुम्हारे इतिहास में
तुम्हारे भूगोलवेत्ता
खोजते-खोजते थक जाएंगे
मेरा उद्गम मेरा अवसान
मैं बहती रहूंगी अदृश्य
तुम्हारे हृदय में सरस्वती की तरह।
मैं अच्छी लड़की नहीं हूँ
मैं नहीं मानती तुम्हारी सब बातें
नहीं मिलाती हाँ में हाँ
जरूरत भर ही सुनती हूँ तुमको
तुम्हारी तरेरती आंखों के आगे
नहीं झुकतीं मेरी आंखें
नहीं लड़खड़ाते मेरे कदम
नहीं कांपती जुबान
हमेशा निकल जाती हूँ
तुमसे चार कदम आगे
तुम पीछे से फेंकते हो
कंकड़ जोर से
जो नीचे गिर जाते हैं
मैं किसी दिन
कछुए की तरह अपनी पीठ पर
लदे बोझ को उतार फेंकूंगी
किसी दिन
समूची पृथ्वी समेत
डूब जाऊंगी समुद्र में
निकलूंगी खोल से बाहर
मैं जानती हूँ मेरी बातें
अटक जाती हैं तुम्हारे गले में
कांटे की तरह
मुझे निगलना नहीं है आसान
तुम्हारे लिए
तुम कहते हो
मैं नहीं हूँ अच्छी लड़की
मैं जानती हूँ
तुम कहना चाहते हो
मैं तुम्हारी पहुंच से बाहर हूँ
मैं बिलकुल अच्छी लड़की नहीं हूँ।
मेरे भीतर शहर
कितने शहर जागते हैं मेरे भीतर
मन के बिस्तर पर
बदलते हैं करवट चुपचाप
यादों का एक पुलिंदा रखे सिरहाने
दिखते हैं कई दृश्य
कई शहरों में भटकते हुए
टेढ़ी-मेढ़ी सड़कों पर जब बैठ जाती हूँ
उनकी गलियां तंग हैं बहुत
सिसकियां लेते हुए जार-जार
एक बच्चे की तरह
कितने शहर लिपट गए हैं
मेरी आत्मा से
और ताकते हैं मेरी आंखों में
जैसे देख लिया हो
कोई मनपसंद खिलौना
पोछते हुए आंसू
मासूम सी हँसी बिखर जाती है
वह शहर जहां मैंने देखा था पहली बार
जीवन को पलते हुए
और जाना था बहुत नजदीक से
ढलती हुई एक शाम को
सब कुछ ढल जाता है
शहर कोई भी हो
सबके पास अपनी एक शाम होती है
और अपनी तरह की एक सुबह
सब कुछ था खुशनुमा
एक चांद की तरह
एक शहर मुझे पहचानता था मुझसे ज्यादा
क्योंकि सारे फूल मेरे दोस्त थे
कोयल के साथ कूकते हुए
घंटों हँसते थे अनायास
वह शहर
जहां मुझे घर से ज्यादा
किताबें पसंद थीं
बस्ते मे पूरा समा जाता था
किसी उपन्यास से निकलकर
नायक धीरे से पकड़ता था हाथ
और ले जाता था कल्पना लोक में
चेहरे की लालिमा
अचानक बढ़ जाती थी
तितलियाँ आ जाती थीं थोड़ा पास
कई शहर बदले मेरे भीतर
कई चेहरे इन शहरों में खोते रहे
हर शहर से अलग होते हुए लगा
आगे नहीं जाता कोई रास्ता
किसी अन्य शहर की ओर
नहीं बची हैं अब टेढ़ी-मेढ़ी गलियां
अब यदि किसी जगह कुछ छूट जाए
कोई शहर नहीं देगा वापस
नहीं सुनेगा कोई शिकायत
नहीं आएगा किसी किताब से निकलकर
कोई मीर या साहिर जैसा
जिसके लिए मैं एक दिन भी ठहर जाऊं
अब मैं किसी शहर में नहीं रहती
माफ़ करिएगा
मैं अब अपने बनाए शहर में हूँ
जिसकी सूरत
तुम्हारे किसी शहर से नहीं मिलती
कई शहर रहते हैं मेरे भीतर
जो बारी-बारी से आते हैं बाहर
मुझे एक दिन में
कई-कई शहरों में होना है
कई शहरों को मेरा घर होना है।
संपर्क :राज्यकर भवन, नैय्यर कालोनी, निकट मोदहा क्रॉसिंग, जिला– अयोध्या, पिन कोड 224001मो.7236910316


Very nice
बहुत खुबसुरत पंक्तियाँ ।