युवा कवि।भारतीय भाषा केंद्र जेएनयू में शोधार्थी।

शर्मिंदगी

वे पौधे
जो मेरी अनियमितताओं के शिकार होकर
सूख गए
वे फूल
जिन्होंने मेरी लापरवाही के कारण खो दिया
अपना रंग
वह कमरा
जिसने मेरी मनःस्थिति को
हद चुप्पी तक बर्दाश्त किया
वह टेबल
जिसने बेतरतीबी की इन्तहां तक मुझे संभाला

मैं उन सबके प्रति
क्षमाप्रार्थी हूँ।

तुम्हारे साथ

थोड़ा और मनुष्य हुआ
तुम्हारे साथ
तुम्हारा शहर
अपना सा लगा

तुम्हारे साथ
मैंने जाना-
कि शहर को जानना हो तो
शहर में बहती नदी को जानना चाहिए
नदी की रेत में
शहर की आदिम कथाएं दबी होती हैं

तुम्हारे साथ
मैंने समझा-
कि श्मशान वह जगह है जहां सिर्फ देह नहीं जलती
आग की लपट और दुर्गंध की सानी में
भविष्य की कई योजनाएं भी राख हो जाती हैं

मैंने समझा-
कि अच्छी सड़कें भ्रम पैदा करती हैं
अन्न नहीं
अच्छी सड़कों के सहारे पहुंचा जा सकता है
बहुत दूर, बहुत जल्दी
मगर अच्छी सड़कों के सहारे जीवन नहीं सुधरता
बहुत दूर, बहुत जल्दी

मैंने समझा-
कि जीवन में अपरिहार्य जैसा कुछ भी नहीं होता
यह मनुष्य है
जो अपनी प्राथमिकताएं तय करता है
लाभ देखता है
सीढ़ियां चढ़ता है
और बिसरता जाता है पुराना सबकुछ

तुम्हारे साथ
मैंने तुम्हें जाना
तुम्हारे साथ
मैंने समझा खुद को भी

तुम्हारे साथ
थोड़ा और मनुष्य हुआ मैं
तुम्हारे साथ
हुआ थोड़ा और जिम्मेदार।

संपर्क :डी– ४३, फ्लैट नंबर–३, छतरपुर एक्सटेंशन, नई दिल्ली–११००७४मो. ९०१५३२६४०८