गौरहरि दास
ओड़िया के प्रसिद्ध कथाकार, स्तंभकार, अनुवादक तथा नाटककार।  साहित्य की विभिन्न विधाओं पर 85 से अधिक किताबें।  साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

 प्रदीप कुमार राय
बैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी। अनूदित रचनाएं विभिन्न पत्र–पत्रिकाओं में प्रकाशित।

 

घर वापस आते हुए सनातन ने यह सोचा तक नहीं था कि आज उसकी यह शाम इतनी महत्वपूर्ण हो जाएगी। अपनी सफलता पर वह स्वयं विस्मित लग रहा था। शहर के सातों सेक्टर में विधर्मियों के मकान धू-धूकर जल रहे थे। लोगों की अफरा-तफरी तथा चीख-पुकार दूर से स्पष्ट सुनाई दे रही थी। उसने अपनी स्कूटर की गति बढ़ा दी।

इतनी तत्परता से ये घटनाएं घट जाएंगी, इसकी कल्पना तक सनातन ने नहीं की थी। गुरुवार के दिन अपने लोहे के कारखाने से वापस आते समय उसने स्टेशन के पास वाली हनुमान मंदिर के निकट विनोद के साथ आठ-दस लोगों का जमावड़ा देखा। उस वक्त रात के दस बजे होंगे। चिल्ला-चिल्ला कर विनोद बस इतना कह रहा था, ‘इन्हें सबक सिखाने की जरूरत है।’

स्कूटर को लगभग खींचते हुए सनातन आगे की ओर ले गया तथा एक कैबिन के पीछे रुककर विनोद की बातें ध्यान से सुनने लगा। वह स्पष्ट समझ पा रहा था कि किसी कारणवश विनोद आग-बबूला हो रहा है और अत्यधिक क्रोध के कारण वह उसी वाक्य को मानो रटते हुए बार-बार दोहरा रहा है।

विनोद की बातों का वहां खड़े अन्य सभी लोग समर्थन कर रहे थे। लेकिन एक बुजुर्ग व्यक्ति, जिसने गले में रुद्राक्ष की माला डाली हुई थी, संभवतः वह मंदिर का पुजारी था, कह रहा था कि उसे ऐसी हुल्लड़बाजी और पॉलिटिक्स में कोई दिलचस्पी नहीं है।

उसकी बातें अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि लाल रंग की टी-शर्ट पहने किसी युवक ने गरजते हुए कहा, ‘जो कहते हैं कि वे पॉलिटिक्स नहीं करते, विशेषकर वे ही ज्यादा पॉलिटिक्स किया करते हैं।’

इस बात पर वह पुजारी बेहद गुस्से में आ गया तथा अपनी जगह पर खड़े हो कर कहने लगा, ‘फिर जो कुछ करना है तुम्हें करो, हमारा साथ क्यों चाहते हो?’

बात बिगड़ते देख सनातन वहां से फौरन खिसक गया।

स्टेशन के पास का यह मंदिर बेहद जाना पहचाना है। विभिन्न तीज-त्योहारों पर आए दिन यहां भजन-कीर्तन या पंक्ति-भोजन का कोई न कोई आयोजन हुआ करता है। मंदिर की आय भी अच्छी है। अच्युत महांति जिन्होंने इस मंदिर को बनवाया था, अब वे नहीं रहे। रिश्ते में विनोद उनका भतीजा है। मंदिर-कमेटी का वह एक खास सदस्य है। वैसे, मंदिर कमेटी का सभापति शहर का विधायक मोहन नारायण है।

ये सब गुरुवार शाम की घटनाएं थीं। अगले दिन सुबह सनातन उन बातों को भूल चुका था और हर रोज की तरह नहा-धोकर वह कारखाने चला गया। कारखाने के लंच-ब्रेक पर उसने सुना कि सूरत की घटनाओं के मद्देनजर शहर का माहौल बेहद उत्तेजनापूर्ण बना हुआ है। कारण यह है कि विधर्मी बनाने की साजिश के तहत जिस हिंदू लड़के ने आत्महत्या कर ली थी, दरअसल वह इसी उत्तमनगर शहर के तीन नंबर सेक्टर का रहने वाला था। लड़का हिंदू था, अन्य धर्म की लड़की से उसने प्रेम-विवाह कर लिया। यही कारण था कि इसी शहर में रहने वाले उसके मां-बाप ने उससे सारे रिश्ते तोड़ डाले। अब उनलोगों ने प्रसाशन से न्याय की गुहार लगाई है। उधर प्रेम में अंधा बना उनका बेटा परिवार की असहमति के बावजूद उस मुसलमान लड़की से शादी रचाकर सूरत में रहने लगा। उनकी शादी को तीन साल हो चुके थे।

‘लेकिन वह लड़का वापस भी तो आ सकता था, उसने आत्महत्या क्यों की?’ – सनातन का प्रश्न था। पिछले कुछ महीनों के दौरान इसी शहर के सात युवक-युवतियों की अलग-अलग कारणों से आत्महत्या की घटनाओं से वह बेहद परेशान है। उसके दिल में यह प्रश्न हमेशा शूल की तरह चुभता रहता है, क्या आत्महत्या ही सारी समस्याओं का हल है? प्रेमिका ने साथ नहीं दिया, आत्महत्या कर ली। प्रेमी किसी और के साथ भाग गया, आत्महत्या कर ली। परीक्षा में अच्छे नंबर नहीं आए, आत्महत्या कर ली। हॉस्टल में सीनियर ने  रैगिंग की, आत्महत्या कर ली। यहां तक कि जब पिता ने अपने बेटे को मोबाइल फोन देने से इनकार कर दिया तो गुस्से में आकर बेटे ने आत्महत्या कर ली।’

आत्महत्या.. आत्महत्या..!

क्या जीवन इतना ही सरल, सस्ता और मूल्यहीन है?

पृथ्वी पर कितने ही अंधे, अपंग, दरिद्र तथा असहाय लोग कठिनाइयों का सामना कर जीवन व्यतीत कर रहे हैं। बावजूद इसके, सीधे-सादे, सुंदर युवक-युवतियां बात-बेबात आत्महत्या कर रहे हैं।

सनातन के सवालों के जवाब में उसके सहकर्मी ने कहा, ‘कहां आता वह? उसके घर के दरवाजे तो उसके लिए पहले से ही बंद हो चुके थे। फिर पत्नी के घर का दरवाजा भी बंद हो गया। उसके साले उसका धर्मांतरण करना चाहते थे, जो उसके इच्छा के विरुद्ध था। उस छोकरी की सिर्फ खूबसूरती पर वह मोहित हुआ था, इसका मतलब यह नहीं कि उसके धर्म से भी उसे मोह था। अपने धर्म की रक्षा करना तो जीवन का सबसे मूल्यवान काम है। और तभी तो, उसने सुसाइड कर लिया।’

‘सुसाइड कैसा, यह तो मर्डर है’ -चाय की प्याली को कैंटीन के टेबल पर रखकर दुर्गामाधव ने अपना मंतव्य रखा। वह उनके यूनियन का नेता था।

‘बहुत हो गया। अब तो कुछ करना ही पड़ेगा।’ दुर्गामाधव ने गंभीर होकर कहा।

सनातन भयभीत हो उठा। कारण, वह जानता था कि उसके यूनियन लीडर दुर्गामाधव के मुंह से निकले हुए शब्दों को लोग पत्थर की लकीर मानते हैं। दुर्गामाधव के ‘कुछ करना ही पड़ेगा’ कहे जाने का मतलब है खून-खराबा। दुर्गामाधव उत्तम नगर के विधायक का दाहिना हाथ था। सूरत में आत्महत्या करने वाला युवक रमण कभी दुर्गामाधव के स्कूल का सहपाठी हुआ करता था, यह बात उसे अब पता चली।

शनिवार की शाम तक शहर में जहर घोलने का काम शुरू हो गया। वही जहर जो एक बार घुलने लगा तो बंद होने का नाम नहीं लेता। दुर्गामाधव तथा यूनियन के अन्य सदस्यों ने एक-एक कर कारखाने के सभी कर्मचारियों को समझाया, ‘परिस्थितियां हमारे हाथ से निकलती जा रही हैं। नेता कह रहे हैं कि हमारे देश पर भारी विपत्ति आ पड़ी है। विधर्मी लड़कियां अपने रूप का जाल बिछा कर हिंदुओं को आकृष्ट कर रही हैं। दीये के रूप पर मोहित होकर जैसे पतंगा आग में जल जाता है, वैसे ही उन लड़कियों के रूपजाल में हिंदू लड़के फंस जाते हैं और अंततः जलकर अपने प्राणों की आहुति दे देते हैं। इसलिए पहले इस आग को बुझाना पड़ेगा।’

‘लेकिन कैसे?’ भीड़ से किसी की आवाज आई।

दुर्गामाधव एक-एक कर वहां के सभी लोगों को पहचानता है। चिड़ियाघर के जिराफ की तरह अपनी लंबी गर्दन को ऊंची कर उसने सामने की ओर देखा और प्रश्न करने वाले लड़के को पहचानते हुए भीड़ में आवाज लगाई, ‘अच्छा कौन, पद्मनाभ? सामने आओ।’

पीछे से भीड़ को चीर कर जब पद्मनाभ सामने आया तो दुर्गामाधव ने उसके कंधे पर हाथ रख कर कहा, ‘आग को आग से बुझाया जाता है, समझे?’

सनातन को पता चला कि उस दिन शाम को दुर्गामाधव एग्जीक्यूटिव कमिटी के ग्यारह घनिष्ठ सहयोगियों के साथ विधायक जी से मिलने गया था। दरअसल रमण की आत्महत्या की खबर ने उसे भी क्षुब्ध किया था। उससे भी अधिक क्षुब्ध तो उसे रमण के उस मुसलमान पत्नी की करतूतों ने किया था, जिसने प्यार के नाम पर रमण के साथ सिर्फ छलावा किया और यातनाएं दीं। एक नारी को पुरुष अपने भरोसे का आश्रय-स्थल मान कर उसके आंचल में अपने चेहरे को छुपा लेता है। वही नारी जब सांप बन कर डंसने लगे तो बेचारा पुरुष कहां जाए। दूर रहते हुए भी रमण के मरने से पहले की तकलीफदेह दिनों के बारे में सनातन कल्पना कर पा रहा था। अपने मां-बाप के पास, समाज या धर्म के पास वापस आने में असमर्थ रमण को जब उसकी पत्नी तथा साले ने मुसलमान बनने के लिए या गोमांस खाने के लिए बाध्य किया होगा तथा उनकी बातों को न मानने पर उसे जान से मार देने की धमकी दी होगी, उस समय परदेसी धरती पर रमण ने अपने आप को कितना असहाय पाया होगा।

गहरी सांस छोड़ते हुए सनातन ने सोचा, अभागा छिप कर आ नहीं सकता था क्या? दूसरे ही क्षण उसने अपने प्रश्न का उत्तर खुद-ब-खुद दे दिया, ‘वह आता भी तो आखिर कहां आता? परिवार और सगे-संबंधी बगैर, निकम्मा तथा बेरोजगार रमण वास्तविकता के साथ कदम मिला कर क्या जिंदा रहने की उम्मीद कर सकता था?’

‘इन सबका मूल कारण वह मुसलमान लड़की थी। रमण की असमय मृत्यु का कारण वह स्वयं थी।’ दुर्गामाधव की यह दलील शत प्रतिशत सही थी। सनातन ने इसे बखूबी महसूस किया।

शनिवार की सुबह दुर्गामाधव की तरफ से विभूति पंडा ने सनातन से पूछा था, ‘तुम्हारी कॉलोनी में उन लोगों के कितने मकान हैं?’ यहां ‘उन लोगों के’ शब्दों का अभिप्राय सनातन की समझ से परे था। उसने अंदाजा लगाया, शायद विभूति के कहने का मकसद कॉलोनी के आवारे कुत्तों या गाय से था।

विभूति ने दहाड़ते हुए स्पष्ट किया, ‘अबे, उन पठानों के… उन पठानों के कितने मकान हैं?’ और फिर अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ‘ऐसा निर्णय लिया गया है कि रविवार को शाम के ठीक सात बजकर सात मिनट और सात सेकंड पर इस शहर के समूचे सात सेक्टरों में रहने वाले विधर्मियों के मकानों को आग के सुपुर्द कर दिया जाएगा। तुम्हारे सेक्टर का दायित्व तुम्हारे ऊपर आ सकता है, इसमें यूनियन की भी स्वीकृति है। इसके अलावा हर-हर महादेव का भी यही आदेश है। यह शहर तब देखेगा, महादेव के तांडव नृत्य का परिणाम कितना भयंकर हो सकता है। समूचा देश जाग उठेगा। समझ रहे हो न? एक जाति व धर्म की रक्षा का गुरुदायित्व वहन करने का पवित्र कर्तव्य अब तुम्हारे ऊपर आ पड़ा है। सोचो, तुम कितने भाग्यशाली हो!’

इतना कह कर विभूति ने अपनी जेब से एक पुड़िया निकाल कर उसमें से चुटकी भर सिंदूर लिया तथा दो कदम आगे बढ़ कर सनातन के ललाट पर लगा दिया। वहां से जाने से पहले उसने यह बताया, ‘सही समय पर पेट्रोल, दियासलाई तथा हथियार के साथ हमारे आदमी पहुंच जाएंगे। याद रहे, सात बजकर सात मिनट और सात सेकंड! समूचे शहर में उस दिन मनेगी बेमौसम दिवाली। हर हर महादेव!’

विभूति अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से धड़ल्ले से निकल गया। विभूति गाड़ी चलाया नहीं करता बल्कि पीछे सवार होता है। कहीं भी वह अकेला नहीं जाता। हमेशा कोई न कोई अवश्य ही उसके साथ होता, जो गाड़ी चलाया करता जबकि विभूति हमेशा कान के पास मोबाइल को चिपका कर बातचीत में मशगूल रहता।

वहां से विभूति के चले जाने के बाद सनातन के शरीर में उत्तेजना की लहर दौड़ गई। इतने दिनों बाद किस्मत ने उसे एक महत्वपूर्ण काम करने का अवसर दिया है। इस काम को वह बड़ी तन्मयता से संपन्न करेगा। क्योंकि उसके कंधे पर निर्भर करता है, उसके धर्म का भविष्य… उसके देश का भविष्य… तथा रमण जैसे हजारों हिंदू युवाओं का भविष्य। उनलोगों को असहाय अवस्था में मौत के मुंह में वह धकेल देना नहीं चाहेगा। शनिवार की सारी रात सनातन की आंखों में नींद नहीं थी। उसके सेक्टर में केवल एक ही मुसलमान परिवार का मकान था। वह था अनवर का। अनवर और सनातन के घर के बीच का फासला महज सौ फुट का था। जब से अनवर उस मकान में आया है तब से ही सनातन की मां बेहद क्षुब्ध है। सनातन को उसकी मां ने सैकड़ों बार कहा होगा, ‘मेरी बदकिस्मती है कि सुबह होते ही मुझे विधर्मियों का मुंह देखना पड़ता है। मेरा पूजा-पाठ, मंत्रोच्चारण सब व्यर्थ हैं।’ पहले अपनी मां को सनातन समझा दिया करता था, ‘तुम उनकी तरफ नजर डालती हो, तब न कहीं वे दिखते हैं। मत देखा करो उनके घर की तरफ।’ लेकिन मां समझे तब न! कहने लगती, ‘किसी से कह कर उस परिवार को यहां से हटा नहीं सकता क्या तू? तू कहता था न, एमएलए से तेरी जान-पहचान है।’

अनवर मॉडर्न बिस्किट कारखाने में काम करता है। उसकी उम्र यही कोई तीस के आस–पास होगी। उसके साथ रहती थी उसकी युवा पत्नी। यही कोई सात–आठ महीने पहले उसके यहां कोई लड़का या लड़की पैदा हुई है। बाप बनने की खुशी में अनवर उनके यहां मिठाई लेकर आया था। सनातन ने मिठाई के उस पैकेट को हाथ में ले तो लिया था परंतु घर के अंदर नहीं गया। वहां से अनवर के जाने के बाद सनातन ने गेट के पास किसी कूड़ा बीनने वाली लड़की के हाथों में वह पैकेट थमा दिया था। इसके बावजूद उस दिन उसकी मां ने उसे खरी–खोटी सुनाई थी। मां का तर्क था, ‘उस मुसलमान के हाथों से तूने मिठाई ली ही क्यों?’    

सनातन एक नैष्ठिक ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखता है। उसकी मां बेहद परंपरावादी हैं। सनातन की पत्नी वैसी परंपरावादी न होते हुए भी अपनी सास और पति के सामने कभी मुंह नहीं खोलती है। विधवा मां के मुंह से निकली हुई बातों को ही परिवार का नियम समझा जाता। मां ने पुराण और शास्त्र पढ़ा है। अधिक पढ़ी-लिखी न होते हुए भी आचार-विचार-व्यवहार और नीति-नियम में उनसे जीत पाना सनातन के वश की बात नहीं थी। सुबह तड़के से देर रात तक मां घर और बाहर संभालती, जबकि पूजाघर उनकी दिनचर्या का विशेष स्थान था। वहां एक खटोले पर विराजमान हैं जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की काठ की मूर्तियां। उस खटोले के नीचे थी पूजा की सामग्रियां। दरअसल पिताजी के गुजरने के बाद, शहर आने के लिए मां कतई तैयार नहीं थी। सहमत न होने का मुख्य कारण था, सनातन के मकान में पूजा-घर का अभाव। गांव के मकान में मौजूद था मां के लिए एक विशेष पूजाघर। वहां के पूजाघर में तीनों भगवान के साथ विमान पर विराजमान थे लक्ष्मी-नारायण, शिव-पार्वती, मंगला-तारिणी तथा और भी कई देव-देवियां। पर यहां, उत्तमनगर के क्वार्टर्स में कुल मिलाकर तीन ही कोठरियां हैं। एक में मां रहती हैं, अन्य एक में सनातन और उसकी पत्नी तथा तीसरी कोठरी पूजा के लिए है। खाने-पीने की व्यवस्था एक खुले कमरे में थी। ऐसी व्यवस्था से पत्नी को आपत्ति थी, इसकी जानकारी सनातन को थी। लेकिन जानते हुए भी वह अनजान बना रहता। उसे यह भी मालूम था कि मां के लिए सोने का कमरा न हो तो भी चल सकता है लेकिन पूजाघर का न होना उन्हें कतई स्वीकार नहीं होगा। अभिमानवश मां गांव चली जाएगी और तब एक नई समस्या खड़ी हो जाएगी।

रविवार की सुबह से ही सनातन बेहद उत्साहित दिख रहा था। एक तीर से दो शिकार होने वाला जो था, इसे वह बखूबी समझ पा रहा था। अपने धर्म की तरफ से अन्य धर्म के लोगों को सबक सिखाने का उसे एक शानदार मौका मिला था। उससे भी खास बात यह थी कि इस काम से अनवर के परिवार के लोग या तो खत्म हो जाएंगे अन्यथा यहां से कहीं दूर भाग जाएंगे, इतना तो वह समझ चुका था। उसने मन ही मन बुदबुदाया, ‘हर हर महादेव, हर हर महादेव! इतने दिनों बाद इस मृतप्राय शहर की हिंदू शक्ति आज जाग उठी है। युग-युगांतर से मुसलमानों के अत्याचार का प्रतिशोध लेने का समय अब आ गया है। दक्ष-यज्ञ के समय के महाकाल की तरह आज उनके भाई जाग उठे हैं। आज यक्ष का वध होगा तथा उसके शरीर पर बकरी का सिर लगाया जाएगा। बहुत पहले से ही ऐसी एक कार्यवाही की आवश्यकता थी।’ सनातन के शरीर पर बिजली की तरंगे कौंध गईं।

रविवार को उसके कारखाने का ‘ऑफ-डे’ था। घर पर यूं ही बैठे रहने से शाम के कार्यक्रम के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं मिल पाएगी, तभी उसने दुर्गामाधव के दफ्तर जाने की सोची। घर से निकल कर दफ्तर जाने से पहले वह जगन्नाथ जी का आशीर्वाद लेने तड़के ही पूजाघर पहुंचा।

सवेरे-सवेरे सनातन को पूजाघर में देख कर मां विस्मित तथा आनंदित हुई। लेकिन सनातन ने शाम के कार्यक्रम के बारे में मां को कुछ भी नहीं बताया। मां ने जगन्नाथ जी के प्रसाद के रूप में उसके हाथ में तुलसी का पत्ता दिया और आशीर्वाद देते हुए कहा, ‘इतने दिनों बाद तुझे सुबुद्धि आई है। ऐसे ही धर्म-कर्म में मन लगाया कर, देखना मन को शांति मिलेगी।’

सनातन ने गिरगिट की तरह अपना सिर हिलाया।

स्कूटर लेकर घर से बाहर निकलते हुए सनातन ने देखा, अनवर अपने गेट के सामने खड़ा है। सनातन उससे मुंह फेर कर चला जाना चाहता था, पर अनवर ने आवाज लगाई, ‘सनातन भैया, अस्सलाम वालेकुम! आज तो कृष्ण भगवान का जन्मदिन है। हैपी जन्माष्टमी!’

आज जन्माष्टमी है, अपने महत्वपूर्ण कार्यक्रम के भावावेश में सनातन यह भूल गया था। उसने सोचा, संभवतः इसी कारण आज का दिन विधायक ने अपराधियों को सजा देने के लिए चुना है। भगवान श्रीकृष्ण ने आज ही के दिन पृथ्वी पर से अधर्म का विनाश कर धर्म की स्थापना के लिए धरावतरण किया था।

प्रत्युत्तर में सनातन ने अनवर से कुछ कहे बिना सिर्फ हाथ हिला दिया। उसे अनवर का ‘अस्सलाम वालेकुम’ संबोधन बिलकुल ही अच्छा नहीं लगा था। अनवर के मकान से होते हुए उसके कॉलोनी की गली का रास्ता मुख्य सड़क को छूता था। उसने दूर से देखा, अनवर के घर के चारों तरफ फूलों का बगीचा है। पश्चिम की दिशा में कटहल के तीन-तीन पेड़ लगे होने के कारण दोपहर बाद उसका घर शायद छाए से ढका रहता होगा। स्कूटर से गुजरते हुए सनातन ने एक नजर अनवर के मकान पर डाली। अनवर की पत्नी नहा कर तौलिए से अपने बालों को पोंछ रही थी। अंधेरे कमरे के अंदर से उसका गोरा चेहरा यूं झलक रहा था जैसे बादलों की गोद में चांद था।

सनातन के होंठों पर एक कुटिल मुस्कान खिल उठी। मन ही मन उसने कहा, ‘बस और कुछ एक घंटे की तो बात है। फिर ये चेहरा-मोहरा सब कुछ जलकर खाक हो जाएगा। खूब मजे ले लिए पर अब और नहीं!’ उसने मन ही मन शाम के बाद वहां के दृश्य की कल्पना कर डाली। कटहल के पेड़ और फूलों से लदे बगीचे के बीच का यह मकान किसी जले हुए कंकाल-सा दिखेगा। अनवर का घमंड और अहंकार जलकर तब तक भस्म हो चुका होगा। उस आग में अनवर और उसके परिवार के सभी लोग जल कर राख हो जाएं तो भी उसे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। पाकिस्तान, बांग्लादेश तथा अन्य मुसलमान शासित देशों में हिंदुओं का परिवार अकथनीय यातनाओं से गुजर रहा है। उनके आंसू, भयातुर-सांसें तथा चीख-चीत्कार शून्य में बहकर शून्य में ही विलीन हो जाते हैं। भारत ही एक ऐसा देश है, जो अपने पड़ोसियों के लिए सदियों से अपना सर्वस्व लुटाता रहा है, लेकिन उनके विश्वास, श्रद्धा और सहयोग का हमेशा से मोहताज रहा है। ऐसे में कोई भी एक पड़ोसी देश, यहां तक कि बांग्लादेश भी भारत को बिना शर्त चाहने लग जाता! जबकि इसी बांग्लादेश की स्वाधीनता के लिए भारत के सभी नागरिकों ने टैक्स के रूप में आर्थिक सहायता की थी। पिछले महीने की बैठक में विधायक जी ने इस विषय पर घंटों अपने भाषण से उन्हें समझाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि हर खेत का किसान, कारखाने का श्रमिक, दफ्तर का बाबू, सभी लोग इकट्ठे होकर अगर इस ओर प्रयास नहीं करेंगे तो हमारे देश का दुख कदापि दूर नहीं हो पाएगा।

दुर्गामाधव ने खाने में सभी के लिए भात-डालमा का प्रबंध किया था। यहां ‘भात-डालमा’ यानी शाकाहारी भोजन की प्रासंगिकता को सनातन पहले समझ नहीं पाया था। उसकी इस नासमझी की वजह यह थी कि दुर्गामाधव स्वयं घोर मांसाहारी और मदिरा-व्यसनी था। लेकिन सनातन को भोजन-व्यवस्था में किए गए उस बदलाव का कारण समझते देर नहीं लगी अनवर ने आज सुबह जन्माष्टमी की शुभकामना जो दी थी!

दुर्गामाधव की तैयारी अस्त्रोपचार करनेवाले शल्य-चिकित्सक की तरह शत-प्रतिशत त्रुटिहीन थी। निर्वाचन के दिनों मोहन नारायण के प्रतिद्वंद्वी के शिविर में आगजनी की घटना को सफलतापूर्वक अंजाम देने में दुर्गामाधव की उस निपुण भूमिका से सभी लोग परिचित हैं। कार्य की शुरुआत से कार्य के अंत तक आने वाली हर छोटी-बड़ी अड़चनों का ख्याल रखते हुए उसने यह योजना बनाई है। ‘जो लोग आज यहां धर्मरक्षा के कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे हैं, कार्य के खत्म होते ही उन्हें रातों रात पाटपुर या सुनापुर जाना होगा। कोई भी व्यक्ति उत्तमनगर इलाके में नहीं रहेगा। पुलिस की जांच पड़ताल खत्म हो जाने के बाद ही वे लोग यहां वापस आ पाएंगे। परिस्थिति सामान्य होने के बाद अगले ही दिन वे लोग अपने-अपने घर वापस चले जाएंगे। कोई भी अपना मोबाइल अपने साथ नहीं ले जाएगा। उन्हें समाचार पहुंचाने का काम ‘धर्मरक्षा समिति’ का होगा। इस कार्य में अगर किसी को कोई परेशानी होती है तो उसे वह अपने धर्म के प्रति कर्तव्य समझते हुए स्वीकार कर लेगा। रमण की निराशा, आंसू तथा बलिदान को हम कदापि भुला नहीं सकते। हर हर महादेव!’ दुर्गामाधव ने योजना की विस्तृत जानकारी दी थी।

सनातन को आशा थी कि अनवर के घर में आग लगाने का काम शायद उसे ही दिया जाएगा। उसके घर के पास होने के कारण काम को अंजाम देने में उसे सहूलियत जो होगी। लेकिन शाम के चार बजे जब वह यूनियन ऑफिस में बैठा था तब यह निर्देशनामा आया कि किसे किस सेक्टर का काम सौंपा गया है। ताकि कोई भी पकड़ा न जाए, इसके मद्देनजर प्रत्येक कार्यकर्ता को उसके अपने सेक्टर से बाहर का काम दिया गया था। आजकल चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसलिए सतर्क रहना निहायत ही जरूरी है, ऊपर से यह हिदायत दी गई थी। सनातन को सेक्टर चार का जिम्मा सौंपा गया था।

सनातन को एक-एक पल एक-एक महीने के समान विशाल लग रहा था। रह-रह कर उसे ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे उत्तेजना में उसका सिर फट जाएगा। इस धर्मरक्षा के कार्य में अद्भुत उत्साह था और था असीम उल्लास! आज उसके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन है।

घड़ी शाम के ठीक सात बज कर सात मिनट और सात सेकंड बजा रही थी और उधर उत्तमनगर के सातों सेक्टर में विधर्मियों के घर से आग की लपटें उठने लगी थीं। सारा शहर इस बेमौसम होलिका-दहन से स्तब्ध रह गया यद्यपि सनातन के पास इन सब बातों को सोचने का समय नहीं था। उसने तथा उसके सहयोगियों ने चार नंबर सेक्टर के गैरेज-चौक पर एक मुसलमान परिवार के घर में खिड़की से तीन पेट्रोल बम के गोले फेंके थे। देखते ही देखते उस घर के परदे में आग लग गई थी। शाम के सात-साढ़े सात बजे शहर में बिजली की सप्लाई काट दी गई थी। अंधेरे में मन-ही-मन अपने अलौकिक दुस्साहस की तारीफ कर सनातन वापस चला आया था। अब वह अपने घर पहुंचकर जरूरत के कुछ कपड़े लेगा और गाड़ी आने पर पाटपुर चला जाएगा। उसने उसके सहयोगी मंटू दास को उसके घर के पास उतार दिया। मंटू सुनापुर जाएगा।

सनातन जब घर वापस आया उसके शरीर से पेट्रोल की बू आ रही थी। सुबह वह जिन कपड़ों में घर से निकला था अब तक उन्हीं कपड़ों में वह था, कपड़े बदले ही कहां! तभी तो शरीर पसीने से तर था और बदबू छोड़ रहा था। सारा शहर तब तक अंधेरे में डूबा हुआ था। आज है भादों का महीना… कृष्णपक्ष अष्टमी तिथि! आकाश अंधकारमय था! नीचे जमीन पर भी घुप्प अंधेरा था। सिर्फ स्कूटर की हेडलाइट ही थी जो सनातन को राह दिखा रही थी। उसके पास समय बहुत कम था। यही कोई घंटे भर के अंदर उसे लेने गाड़ी पहुंच जाएगी। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए शहर छोड़ कर उसे पाटपुर जाना पड़ेगा।

अगले दिन की सुबह का स्वरूप उत्तमनगर में कैसा होगा, उनमें से कुछेक दृश्यों की कल्पना कर पाने में सनातन समर्थ था। इस शहर में मुसलमानों की जनसंख्या महज एक प्रतिशत भी नहीं है। क्या कर लेंगे ये, कर लेने दो इन्हें। दरअसल इन्हें बहुत पहले से ही ऐसी सबक सिखाने की जरूरत थी, सनातन मन ही मन बुदबुदाया।

अनवर के मकान को धू-धू कर जलता हुआ देख सनातन मन ही मन खुशी से नाच उठा। स्कूटर रोक कुछेक पल वहां ठहरकर जलते हुए दृश्य का उसने आनंद लिया। अनवर अपने परिवार के साथ कहीं जा चुका होगा, या नहीं तो जल कर मर चुका होगा। बाहर से दरवाजा बंद कर खिड़की से पेट्रोल बम के गोले फेंकने का निर्देश दिया गया था कार्यकर्ताओं को। अगर वैसा ही हुआ होगा तो अनवर और उसके परिवार के लोग बाहर नहीं निकल पाए होंगे और आग में जल कर खाक हो चुके होंगे। अनवर ने कुछ मुर्गियां भी पाल रखी थी। उन सबका क्या हुआ, पता नहीं।

अपने घर के सामने स्कूटर रोक कर सनातन उतर गया। पैरों के नीचे की रबर मैट के नीचे उसने डेढ़ हाथ लंबी एक भुजाली छुपा रखी थी। जरूरत पड़ी तो, अपनी आत्मरक्षा के लिए। उसने वहां से भुजाली निकालकर अपने हाथ में ले लिया। स्कूटर बरामदे के साथ छज्जे के नीचे लगा कर दरवाजे पर उसने जैसे ही दस्तक दी कि बाहर बारिश शुरू हो गई।

‘कौन है?’ घर के अंदर से उसकी मां ने पूछा।

‘मैं हूँ, जल्दी से दरवाजा खोलो।’ सनातन का जवाब था।

उसकी मां ने दरवाजा खोला। अंदर मोमबत्ती जल रही थी। पर जैसे ही सनातन अंदर आया बिजली चली आई थी। उसके हाथ में भुजाली देख कर मां डर गई। एक कदम पीछे आकर उसने पूछा, ‘हे भगवान, कंस जैसा चेहरा तूने क्यों बना रखा है?’

सनातन ने कहा, ‘तुम्हारी बातों का जवाब देने के लिए अभी मेरे पास समय नहीं है। मुझे तुरंत ही निकलना पड़ेगा। शहर का माहौल खराब है। तुम लोग घर के अंदर सतर्क रहो।’

सनातन की मां ने कहा, ‘अनवर के घर में किसी ने आग लगा दी है। अब हमारे घर में भी आग लग सकती है। ऐसी हालत में हमें छोड़ कर तू कहां जाएगा?’

‘हमारे घर में आग नहीं लगेगी, निश्चिंत रहो। सुनो, यह सब बताने का मेरे पास अभी समय नहीं है। मैं जरा हाथ-पैर धो लूं।’

‘खाना नहीं खाएगा क्या?’ मां ने पूछा।

‘भूख नहीं है।’ सनातन का जवाब था।

दस मिनट के अंदर सनातन नहा-धोकर बाहर आ गया। रात के साढ़े-आठ बज चुके थे। उसे तुरंत निकलना पड़ेगा। उसकी पत्नी उसे कुछ कहना चाह रही थी, लेकिन सनातन ने उसकी ओर ध्यान नहीं दिया। उनकी शादी को पांच साल हो गए हैं, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं है। इसी कारण उसकी पत्नी के चेहरे पर हमेशा मायूसी छाई रहती है।

सनातन पूजाघर की ओर बढ़ा। ऐसे समय में उसे भगवान से आशीर्वाद लेने की निहायत ही जरूरत है। अपनी तथा अपने देश की धर्मरक्षा का काम ही तो वह कर रहा है।

पूजाघर का दरवाजा उढ़का हुआ था। दरवाजे को धकेलकर जब वह अंदर जाने लगा तो उसकी मां रास्ता रोक कर खड़ी हो गई।

सनातन ने मां को देखा, उसकी नजरों में आश्चर्य और जिज्ञासा के मिश्रित भाव थे।

‘तू अंदर नहीं जा सकता है।’ मां ने चेतावनी दी।

सनातन चकित रह गया। मां की बातें उसकी समझ से परे थीं। पूजाघर का दरवाजा यूं तो हमेशा खुला रहता था पर आज यह बंद क्यों है? और फिर, मां उसे वहां अंदर जाने से रोक क्यों रही है? ऐसे कुछ प्रश्नों का उत्तर ढूंढ़ते हुए सनातन सशंकित-सा खड़ा रह गया। उसने अपना तर्क रखा, ‘अभी तो कृष्ण जी के जन्म का समय नहीं हुआ है। मैं धर्मरक्षा के पावन काम में निकल रहा हूँ, माथा टेक कर चला जाऊंगा।’

प्रत्युत्तर में सनातन की मां से कुछ कहते नहीं बना, बल्कि उसने रास्ता छोड़ दिया। सनातन ने पूजाघर में प्रवेश करते हुए कहा, ‘तुम्हारी समस्या का हल हो गया, मां।’ फिर उसने अनवर के जलते हुए मकान की तरफ इशारा करते हुए कहा, ‘पता नहीं, ये सब मर गए या कहीं भाग गए?’

सनातन की मां चिल्ला पड़ी, ‘सना, तू यह क्या कह रहा है, समझ तो रहा है न?’

भगवान के सामने माथा टेक कर सनातन उठने ही लगा था, कि तभी भगवान जी के आस्थान के नीचे लाल परदे के पीछे उसे कुछ हलचल दिखी, मानो वहां कोई बिल्ली या चूहा हो। आगे बढ़ कर सनातन की मां ने उस अधखुले परदे को अपने हाथों से खींच कर बंद कर दिया। सनातन का शक पुख्ता हो गया। उसने सोचा, मां उससे कुछ छुपा रही है। उसने पूछा, ‘क्या हुआ है मां तुझे… लगता है तुम मुझसे कुछ छुपा रही हो, और हां, इतनी डरी हुई क्यों लग रही हो तुम?’

सनातन की मां रो पड़ी। देर तक ठहरे हुए आंसुओं ने अपने धैर्य खो दिए और सैलाब बन कर आंखों से उमड़ पड़े। मां ने कहा, ‘तेरे पास शायद अभी समय नहीं है, तू जा। आएगा जब, सब कुछ बताऊंगी।’

‘नहीं, अभी बताओ। मेरे पास अभी दस-पंद्रह मिनट का समय है। गाड़ी अभी आई नहीं है।’ सनातन ने बताया।

‘अच्छा सुनो, शाम ढलते ही अनवर दौड़ता हुआ मेरे पास आया। मैं संध्या आरती की तैयारी कर रही थी। कटे हुए वृक्ष की तरह दंडवत होकर मेरे पैरों पर वह गिर पड़ा और मिन्नतें करने लगा- ‘अम्मी जान, आपकी नाती और बहू को आपके हवाले किए जा रहा हूँ। खबर है कि शहर में आगजनी की साजिश रची जा रही है। मैं जिंदा रह पाऊंगा या नहीं, पता नहीं। इसलिए इन दोनों की जिम्मेवारी आपके ऊपर छोड़े जा रहा हूँ। अगर जिंदा रहा तो वापस आकर इन्हें अपने साथ ले जाऊंगा। नहीं तो, आप इन्हें मस्जिद या अनाथाश्रम में भेज दीजिएगा। इतना कहते हुए मां-बेटे को मेरे पास छोड़ कर वह कहीं चला गया।’ सनातन की मां ने रोते-रोते कहा।

‘वे लोग कहां गए?’ सनातन पूछने ही लगा था कि किसी गाड़ी की आवाज से वह चौंक गया। उसने देखा अनवर के घर से थोड़ी दूरी पर एक गाड़ी रुकी थी। यह शायद उसकी गाड़ी नहीं थी। अगर गाड़ी उसे लेने आई होती तो उसके घर के सामने रुकती। अवश्य ही ये दुर्गामाधव के आदमी हैं। हो सकता है, ये लोग घूम-घूम कर मुआयना कर रहे हैं, यह जानने के लिए कि उनकी योजना पूर्ण रूप से सफल हुई है या नहीं।

उनमें से कोई कह रहा था, ‘मकान तो जल कर खाक हो गया है। कहां गए ये लोग? देखो तो, किसी की लाश नजर आ रही है क्या? अच्छी तरह से देख लो।’

‘पास के मकान में चले गए होंगे। नहीं तो जाएंगे कहां?’ किसी और की आवाज थी।

‘धत्, वह तो हमारे सनातन का मकान है। आदमी तो दूर, उनकी बुढ़िया तो मुसलमान के घर की बकरी भी देख ले तो छह बार नहाने जाएगी। उस बुढ़िया के लिए इन्हें घर में जगह देने जैसी बात सोचना तक पाप है। शायद वे मस्जिद की तरफ भाग गए होंगे। चलो, देखते हैं।’

कर्कश आवाज करती हुई वह बलेरो गाड़ी वहां से लौट गई।

सनातन ने दबी हुई आवाज में सवाल को दोहराया, ‘वे लोग गए कहां?’

सनातन का हाथ पकड़कर उसकी मां उसे पूजा-घर में ले गई। सनातन ने देखा, जन्माष्टमी के लिए फल-फूल रखे हुए थे। सुबह-सवेरे जल्दी उठकर उसकी मां ने घर को लीप-पोंछ कर साफ किया था। खटोले पर तह की हुई लाल साड़ी की सेज बनी थी। बाल-गोपाल की मूर्ति वहां रखी जानी थी। फूल, कर्पूर, धूप और घी की बाती की सुगंध से पूजाघर महक रहा था।

जगन्नाथ जी के आस्थान के नीचे परदे को मां ने अपने हाथों से दोनों तरफ खींच कर खोल दिया और झुक कर आवाज दी, ‘डरो नहीं बेटी, यह मेरा बेटा है।’

सनातन की आंखें फटी की फटी रह गईं, नैष्ठिक ब्राह्मण के पूजाघर में जगन्नाथ जी के आस्थान के नीचे घुटने मोड़ कर लेटी हुई थी, उसकी मां की कस्ता साड़ी पहनी एक विधर्मी महिला! और बाल-गोपाल के लिए सजी सेज के पास हाथ-पैर हिलाता-डुलाता एक दूध-मुंहा शिशु… एक मुसलमान बच्चा!

सनातन को देखते ही अनवर की भयातुर पत्नी ने व्याकुलता से अधीर होकर अपने हाथ जोड़ दिए। आंसुओं की अनवरत धार से उसकी दोनों आंखों के नीचे काले घेरे पड़ गए थे। भय से आंसुओं की धार फिर से बह निकली। कहने में असमर्थ होते हुए भी उसके होंठों पर जो व्याकुलता और असहायता के भाव तैर रहे थे उसे बयान करने के लिए सनातन के पास शब्द नहीं थे। एक मां अपने बच्चे के जीवन की रक्षा के लिए शायद इतनी ही व्याकुल हो सकती है!

सनातन ने उन्हें झट परदे से ढक दिया।

सनातन की मां ने कहा, ‘क्या कर सकती थी मैं, बता? मुझे तो ऐसा लगा जैसे कंस के चंगुल से प्राण बचाने के लिए, मानो कृष्ण को स्वयं देवकी और वासुदेव ले आए हैं! अब सबकुछ तूने देखा और सुना। फैसला तेरे ऊपर छोड़ती हूँ।’

सनातन की आग उगलती आंखें दीवार के सहारे रखी भुजाली पर टिकी हुई थीं। पलक झपकते ही दौड़ कर उसने वहां से भुजाली उठा ली। उसकी मां उसके उस रूप को देखकर भयभीत हो गई तथा अपने किए पर पछताने लगी, सनातन महा क्रोधी है। पता नहीं क्या कुछ कर बैठेगा, कोई नहीं कह सकता। अच्छा होता, उसे सभी बातें मैंने बताई नहीं होतीं।

भुजाली लेकर सनातन घर के बाहर दौड़ गया तथा अनवर के जलते हुए मकान की आग में उसे झोंक कर रात के अंधेरे में कहीं विलीन हो गया।

उस वक्त सनातन को अगर नजदीक से किसी ने देखा होता तो जानता कि एक छोटे बच्चे की तरह बिलख-बिलख कर वह किस कदर रो रहा था। भादो महीने की बारिश भी उसकी आंखों से बहते हुए आंसुओं को धो नहीं पाई।

 

गौरहरि दास
अनुभव, 378, बरमुंडा गांव, भुवनेश्वर 751003 मो. 9437077288
प्रदीप कुमार राय
अनादि-सत्य, 1 डी / 195, सेक्टर 11, सीडीए, कटक 753015 मो. 9650925319