
युवा कवि। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर निरंतर लेखन।

हम खिलेंगे जरूर
1.
दक्खिनहिया हवा की बात है
कि तारीफ के पुल के नीचे
निराशा की नदी बहती है
खजूर के सपने पूरे नहीं होते
फिर भी वह आम की तरह सपने देखता है
कि उसकी छांव में कोई गर्भवती उम्मीद
विश्राम करेगी
कोई नींद रचेगी यात्रा का गीत
हम खजूर की ठेक लेकर सोच रहे हैं
उसकी आवाज उसकी ताड़ी है फल नहीं
ऊंचे ताड़ पर पड़ी नजर स्तब्ध है
जहां पश्चिमी आसमान की लालिमा उतर रही है
हमारे हृदय में
यह कहने कि हम गांव में पले-बढ़े परिंदे हैं
एक शहरी बहेलिए ने हमारा पर काटा है!
2.
गोधूलि वेला में
ठूंठ पर उगे चांद हमें बिरा रहे हैं
किसी के पास पंख के लिए पानी नहीं है
इस वक्त डूबते सूरज को देखने का अर्थ है
बनारस की ओर नजरें करना
और उन पेड़ों को भी लखना
जो परिंदों की ऊंची उड़ान में सहायक हैं
आश्वासन का आसमान भहरा गया है
पेड़ दब गए
परिंदे उड़ गए
हम उगते हुए सूरज को निहार रहे हैं
आंखों की अदृश्य नदी में
यह सोचते हुए
कि काश हम पंखहीन परिंदे नहीं होते!
3.
पश्चिम में
सूरज डूबने का नाम नहीं ले रहा है
बनारस की स्मृतियां
हमारे हृदय को चीर रही हैं
हम बिसुकी गाय के थन पर
बैठा हुआ डस देख रहे हैं
हम देख रहे हैं उसके खुरों के घाव
हमें चांद नांद में चिढ़ा रहा है
हम आंखें नहीं मिला पा रहे हैं बैलों से
हम गोबर सैंत रहे हैं
धरती हमारी धड़कनें सुन रही है
वैसे ही
जैसे मां ने प्रसव के दौरान सुना था
मौन में जीवन का स्वर!
4.
हमारे बारे में
इन दिनों तमाम अफवाहें उड़ रही हैं
हमारी आत्मा को किसने निचोड़ा
यह जानने से अच्छा है
कि जान लिया जाए
हम अंधेरे की कोख से पैदा हुए समय है
हमें उस पेड़ की ऊंचाई से अधिक
उसकी गहराई पर भरोसा है
जिसने हमारे हिस्से का विष सोखा है
जिसकी शाखाओं में माटी की लय है
और जिसकी जड़ों में जिद
यदि जदवार में जिजीविषा है
तो हममें पंख भी लगेगा
हम उड़ेंगे ऊंची उड़ान
मुक्त गगन में!
5.
हरी पत्तियां परिंदे की आशा हैं
और पीली पत्तियां उसकी निराशा हैं
यह पतझड़ का मौसम तो नहीं है
पर पेड़ ठूंठ है
इसलिए उसकी निराशा चरम पर है
इससे मुक्ति का मतलब है
परिंदे का और अधिक मजबूत होना!
6.
ऊंची उड़ान भरते हुए परिंदे ने पेड़ से कहा
कि तुम्हारे फूल हमारे होने के पर्याय हैं
हमने कुएं से समुद्र तक की दूरी
बहुत कम समय में तय की है
हम वायु नहीं
युवा हैं
हम जीवन की यात्रा में हैं
अविचल अविराम
हम संघर्ष की संज्ञा हैं
शायद हम हैं इस समय का सर्वनाम
हममें गुलमोहर की तरह
खिलने-खिलखिलाने की इच्छा है
हम खिलेंगे जरूर!
संपर्क : ग्राम-खजूरगांव, पोस्ट-साहुपुरी, तहसील-मुगलसराय, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश- 221009 मो. 8429249326
