वरिष्ठ लेखक। ‘मितऊ’, ‘बीच सफर में’, ‘बिना पते वाला आदमी’ सहित अठारह कहानी संग्रह तथा ‘वेलकम प्रज्ञा’, ‘ख्वाहिश और ख्वाब’ दो उपन्यास।

 

‘बाबू मेरे ऊपर बहुत अत्याचार हो रहा है। अब हमारे कमरे की छत पर ही बड़कू दो ठो माईक बंधवा दिए हैं। कल देर रात तक कीर्तन होता रहा है। हम सो ही नहीं पाए। अभी तक मेरा सिर चनक रहा है। समझा दो कि बुढ़िया महतारी पर इतना अत्याचार न करें।’ अम्मा की आवाज भर्राई हुई थी। फिर सिसकने लगी।

श्यामानंद समझ ही नहीं पा रहे थे कि अम्मा को क्या जवाब दें। बड़का भइया और अम्मा के संबंधों में इतनी खटास भर गई थी कि उन्हें दूर करना, अब उनके बस की बात नहीं रह गई थी। अम्मा और भाभी के बीच रोज ही किसी-न-किसी बात पर एक झोंक हो ही जाता है। जिसके कारण घर हमेशा कुरूक्षेत्र का मैदान बना रहता है। श्यामानंद इसीलिए घर जाने से कतराने लगे हैं।

अम्मा के पास बैठो तो बहू की सौ खामियां गिनाना शुरू कर देती है, ‘बाबू ये औरत नहीं चंडालिन है। पूरा घर तबाह कर दिया। इसी जमीन से हमने पांच बच्चों को पढ़ाया-लिखाया और उनका शादी-बियाह किया। तुम्हारे बाप को मास्टरी में मिलता ही कितना था। लेकिन कमी किसी चीज की नहीं रहती थी। अब वही घर है और वही खेत है …। बस दू ठो बच्चे हैं …। पर हमेशा दलिद्दर छापे रहता है। जब देखो – हाय पइसा-हाय पइसा…। अरे उसको का दोष दें। हमारा सिक्का ही खोटा निकल गया। महतारी पैर की जूती बन गई और मेहरिया को कपार पर चढ़ा लिए हैं।’

भाभी का भी यही हाल है। जब भी उन्हें मौका मिलता, अंदर का सारा आक्रोश उगलना शुरू कर देती, ‘श्याम बाबू…! मुझे समझ में नहीं आता है कि मैं कैसे खुश रखूं। घर में घुसते ही जहर उगलना शुरू कर देती हैं। आखिर कोई कितना सहे। नहीं बर्दाश कर पाती हूँ तो कुछ बोल-कुबोल हमारे मुंह से भी निकल जाता है। उन्हें तो मानो इसी का इंतजार होता है। उसके बाद रोना-चिल्लाना सरापना… शुरू कर देती हैं। तब मनोज के पापा को बर्दाश नहीं होता है। और उनका गुस्सा तो जानते ही हैं। हम न रोकें तो अनर्थ हो जाएगा।’

गांव के हफ्ते भर के प्रवास में श्यामानंद के दिमाग का दही बन चुका होता है। एक अजीब-सा तनाव उनके चारों तरफ बना रहता है। न जाने कब घर भभकने लगे। शहर की आपाधापी से सुकून की तलाश में गांव आते हैं और गांव में…। आए दिन अम्मा का फोन आ जाता है। किसी नई समस्या के साथ। वो जानती हैं कि उसे सुलझाना श्यामनंद के बस की बात नहीं है। इसके बावजूद…।

रामानंद यानी बड़का भइया जीवन के प्रति कभी गंभीर नहीं रहे। बाबूजी प्राइमरी स्कूल में अध्यापक थे। पास के गांव में उनका स्कूल था। सारा जीवन स्कूल और घर की परिक्रमा में ही काट दिए। स्थानांतरण के डर से हेड मास्टरी ठुकरा दी। खेती अम्मा ही संभालती थी। तब खेतों में आज की तरह पैदावार थोड़े ही होती थी। ज्यादातर मोटा अनाज ही होता था। अब केमिकल वाली खाद से पैदावार कई गुना बढ़ गई है। घर खुशहाल था। खेती बाड़ी और बाबूजी की आमदनी…। बिना किसी आर्थिक समस्या के गृहस्थी की गाड़ी चल रही थी। समस्या की शुरुआत तो बाबूजी के रिटायरमेंट के बाद शुरू हुई। रिटायरमेंट के बाद का सारा पैसा तो बची हुई दो बहनों की शादी में खप गया। हां! बाबूजी के पेंशन का सारा पैसा, अब अम्मा की जगह रामानंद ही खर्च करते थे। घर की जरूरतें तो दिन-पर-दिन बढ़ती ही जानी थी।  बाबूजी की पेंशन रामानंद अपने ही परिवार पर खर्च कर डालते थे। खु्द बाबूजी और अम्मा  अपनी आवश्यकताओं के लिए उनकी तरफ देखते रह जाते थे। अम्मा खेती-बाड़ी तब भी कराती थी। थोड़ा बहुत आनाज छुपछुपाकर बेच देती और उससे अपनी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास करती थी। लेकिन अब परिवार से उसकी पकड़ कमजोर पड़ने लगी थी। हिसाब-किताब बड़का भइया के पास था। बाबूजी बीमार रहने लगे थे। शरीर कमजोर होने लगा था। आखिर शारीरिक और मानसिक क्षीणता से जूझते हुए, एक दिन दुनिया को ही अलविदा कर गए।

श्यामानंद कुछ नहीं कर पाए। बड़का भइया से कुछ भी बोलने का कोई मतलब था। उनकी जली-कटी सुनना…। वो मदांध हो चुके थे, ‘बाहर रहकर मौज कर रहे हो न…। काहे नहीं अम्मा को अपने पास ले जाकर रखते हो। कुछ दिन साथ रहोगे तब न पता चलेगा कि वो क्या चीज हैं। पानी में आग लगा देने की क्षमता है उनके पास। चार दिन के लिए आते हो तब सब गुडि-गुडि लगता है। हम लोगों को क्या शौक लगा है कि घर में हर समय खरबंडल बना रहे। लेकिन वो खुद चैन से नहीं बैठेंगी और न हम लोगों को शांति से रहने देंगी।’

बाबूजी की मृत्यु के बाद ही अचानक अम्मा बुरी हो गई थी। अम्मा को पेंशन मिलने लगी थी। उसने बाबूजी की दुर्दशा देखी थी। खुद भी उनके साथ पिसती रही थी। उसे पुन: दुहराना नहीं चाहती थी। उसने पेंशन अपने पास रखना शुरू कर दिया। पेंशन का एक अंश ही बड़का भइया के हाथ में जाता था। जो बहुत मामूली रकम होती है। उसे देते समय भी अम्मा कृतज्ञता का एहसास कराना नहीं भूलती थी।

बड़का भइया के लिए बाबूजी का मरना ही बहुत बड़ा झटका था। अब अम्मा का यह बरताव बहुत ज्यादा कष्टकर हो गया था। अचानक उनका हाथ काफी तंग रहने लगा। भाभी से रहा नहीं गया तो एक दिन उन्होंने अम्मा से कह भी दिया,  ‘आप कोई एहसान थोड़ी न कर रही हैं। आखिर बाबूजी के पेंशन में हम लोगों का भी हक बनता है।’

अम्मा कहां चुप रहने वाली थी। फौरन तुनक कर बोली, ‘ठीक है भाई…। मेरे मरने के बाद तुम लोग बटोरना। हम रोकने थोड़े ही आएंगे।’

भाभी समझ गई थी कि बुढ़िया व्यंग्य कर रही है। उसके मरने के बाद तो कुछ मिलना ही नहीं है। बस कलह का आधार यहीं से बनना शुरू हुआ। अम्मा श्यामानंद से कहती भी थी, ‘तुम्हारे बाबूजी की देन है कि बड़कू कुछ उजिया नहीं पाए। बाप के पैसे पर ही आधी जिंदगी काट गए। उन्हें दुख न हो, इसलिए अपना होंठ सिल लिए थे। वो तो जीवन भर पुत्र मोह में धृतराष्ट बने रहे और मुझे भी गांधारी बनने पर मजबूर किए रहे। बड़कू की कमाई एक धेले की नहीं थी, लेकिन ठाठ नवाबों वाला चाहिए था। लड़के के जन्मदिन में सौ लोग खाते थे। आए दिन कदम के पेड़ के नीचे मछरी और गोस-भात की दावत होती थी। कपड़ा लांड्री से धुलकर आता था। तुम्हारे बाप एक धोती-कुर्ता में अपनी जिंदगी काट दिए। इसी को कहते हैं कि बाप का नाम साग-पात और पूत परोरा। अब हम आंख से पट्टी खोल दिए हैं। सरकार ये पेंशन हमारे लिए देती है। तरकारी-भाजी के लिए जो दे सकते हैं। दे देते हैं। बाकी झेलो।’

बड़का भइया का अलग रोना था, ‘यार छोटे, हम तो महतारी-बाप की सेवा में फंस गए। का मिला हमको। खेती में कोई दम नहीं है। कभी-कभी तो लागत भी नहीं निकलती है। मजदूरी मंहगी होती जा रही है। उस पर भी आदमी मिलते कहां हैं। सब शहर कमाने चले जाते हैं। पढ़ाई का खर्चा भी बढ़ता जा रहा है। अम्मा अलग से आंतक फैलाई हुई हैं। कभी-कभी यही इच्छा होती है कि सबकुछ छोड़-छाड़कर सन्यास ले लें।’

श्यामानंद मूक श्रोता थे। कोई प्रतिक्रिया नहीं देते थे। बाबूजी के मरने के बाद अम्मा उनके पास आ जाती थी। तब उनकी पत्नी के चेहरे पर तनाव झलकने लगता था। हालांकि अम्मा के आने पर उसने कभी आपत्ति नहीं जताई। अम्मा चार से छह महीना ही यहां रह पाती थी। उन्हें रामानंद के बच्चों से ज्यादा लगाव था। उनका फोन भी आता रहता था। बड़का भइया के दो बेटे ही थे।

श्यामानंद को हमेशा यही महसूस होता कि अम्मा शरीर से तो यहां रहती है। लेकिन मन गांव में टंगा रहता है। बात-बात पर वो रामानंद, बड़ी बहू और उनके बच्चों का जिक्र ही करती रहती है, ‘बच्चे तो बहुत समझदार हैं। लेकिन गांव में पढ़ाई-लिखाई का माहौल थोड़े ही बचा है। गांव के बगल में ही भठ्ठी (देशी सरकारी शराब की दुकान) खुली है। आधा से ज्यादा गांव पियक्कड़ बन गया है। भगवान की दया से हमारे घर में ये ऐब नहीं घुसा। बड़कू को नशा-पत्ती से बहुत नफरत है।’

अम्मा का ऐसा कहने के पीछे का मंतव्य श्यामानंद भी समझते हैं। अम्मा यह चाहती है कि बड़का भइया के बच्चों को श्यामानंद शहर लाकर अपने पास रखकर पढ़ाए। श्यामानंद कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। अम्मा उनके पास आते ही पूरी तरह बदल जाती है, ‘जानते हो बाबू…? बड़कू जेठ औलाद थे। खूब लाड़-प्यार में पले। तुम्हारे बाबूजी तो यही तमन्ना रखे थे कि पढ़-लिख कर बड़का हाकिम बनेंगे। लेकिन उनके भाग में गोबर काढ़ना ही लिखा था। जवानी बाप के भरोसे निकल गई। अब तो मजबूरी है। खेती-बारी बहुत मेहनत का काम है… और मेहनत तो कभी किए ही नहीं। थोड़ा-सा शरीर डोलाए नहीं कि हांफने लगते हैं। पारा गरम हो जाता है तो बहुरिया और लड़कों को गरियाना शुरू कर देते हैं। बहुरिया भी अपने महतारी-बाप के जमाने में राज की है और यहां आकर इतने बड़े घर की सारी व्यवस्था झेलनी पड़ती है। कहीं आना-जाना भी नहीं है। इसलिए चिड़चिड़ी हो गई है।’

श्यामानंद की पत्नी को यह सब सुनना अच्छा नहीं लगता है। लेकिन अब उन्हें मना तो कर नहीं सकती है। बस मन ही मन भुनभुनाती रहती है, जब उन लोगों में कोई दोष नहीं है, तो इतना किचवाहिन काहें होता है। ये भी आराम से रहें और उन्हें भी चैन से रहने दें।

अम्मा मानो छोटकी बहू के मन का भाव जान जाती है। उसका सुर बदलने लगता है, ‘बहुरिया! तुम ये समझती होगी कि फिर घर में फसाद काहे का रहता है? तो फसाद कौवनो नहीं रहता है। दो बर्तन जहां रहते हैं, आवाज तो होती है ना…। कभी देखी हो किसी कमजोर आदमी को ताकतवर से लड़ते हुए। गुस्सा भी बहुत समझदार होता है। हमेशा अपने से कमजोर पर ही आता है। अब उस घर में सबसे कमजोर हम ही हैं न। तो फिर छोटे-बड़े सब मुझपर ही भिड़े रहते हैं। बड़कू चाहते हैं कि पेंशन का सारा पैसा उनको दे दें। फिर हम का करेंगे? दर-दवाई, साबुन-तेल… वो सब तो वो करने से रहें। तुम्हारे ससुर के जमाने में सब झेल चुके हैं। तब भी जो बचता है, घुमा-फिरा कर खींच ही लेते है। तीनों बेटियां दरवाजे पर आएंगी तो सीधे मुंह बात नहीं करते हैं। उन्हें लगता है कि हम उनको पैसा देते हैं। जबकि वो सब हमारे ऊपर ही खर्च देती हैं। भाई के सुख-दुख में भी आकर खड़ी हो जाती हैं। मेरे दामाद उनकी तरह निकम्मे थोड़े ही हैं। लेकिन बड़कू का व्यवहार…।’

अम्मा को लगता है कि वो फिर बात को गलत दिशा में मोड़ रही है। बात अधूरी छोड़कर आंचल को मुंह पर फिराने लगती है। श्यामानंद जानते हैं कि अम्मा का उनके पास रहना बड़का भइया के लिए फायदेमंद है। जितना दिन उनके पास रहेंगी, उतने महीने का पूरा पेंशन उन्हें मिल जाना है। अम्मा के गांव पहुंचते उनके दोनों बेटे अम्मा की खातिरदारी में लग जाते हैं। भाभी भी उनके कपड़े धोना, उनकी पसंद का खाना बनाने लगती हैं। अम्मा समझती है कि ये सिर्फ चार दिनों की चांदनी है। जैसे ही खाते का पैसा उनके हाथ में पहुंचा, ये सारा ड्रामा खत्म हो जाएगा और लड़के उनके कमरे में झांकना बंद कर देंगे और बहू भी कपड़ा धोना तो दूर एक लोटा पानी भी लाकर उनके सामने नहीं रखने वाली। फिर रामायण की कथा समाप्त और महाभारत शुरू।

अम्मा को अपना जीवन काटना था। उन्हें गांव की आदत थी। शहर में बंधा अनुभव करती थी। लेकिन श्यामानंद के पास सुकून था। छह-सात महीना किसी तरह काट लेती थी। दयानंद या उनकी पत्नी तो कभी फोन नहीं करते थे, लेकिन उनके बच्चों का फोन कभी कभार आ जाता था। अक्सर पैसे की डिमांड होती थी। तब अम्मा किसी बेटी को फोन कर देती और बच्चे बुआ के यहां से पैसे ले आते थे। जिसे अम्मा शहर से लौटने के बाद बेटी को वापस करती थी।

अम्मा का शहर आने-जाने का क्रम तब तक चलता रहा, जब तक कोरोना नहीं आया। कोरोना के समय अम्मा को लंबा रुकना पड़ गया था। वह बीमार भी हो गई थी और कमजोर भी। अम्मा गांव लौट आई। श्यामानंद एक दो-बार बोले भी, ‘अम्मा चलो…। कुछ दिन शहर घूम आओ।’ उन्होंने सख्ती से मना कर दिया, ‘नहीं बाबू, अब हमारे जाने का समय आ गया है। अब इसी मिट्टी में मिलना है। यह नरक ही मेरे कर्म में बदा था। अब मुक्ति का इंतजार है।’

अम्मा सचमुच बहुत कमजोर लगने लगी है। अब थोड़ा झुक कर चलती है। उसके कमर और कंधों में दर्द रहता है। रामानंद को यह सब ड्रामा लगता है। बहू-बेटे की तरफ से पूरी तरह तिरष्कृत हो चुकी है। हां! उनके बेटे कभी-कभार उनके कमरे में झांक लेते हैं। अम्मा उन्हें बीच-बीच में जेब खर्च के लिए कुछ पैसे देती रहती है। बच्चों को दादी के साथ यही स्वार्थ जोड़े हुए है। बड़का भइया इसे भी पसंद नहीं करते थे, ‘बुढ़िया तो मुझे बर्बाद करने पर पूरी तरह तुली हुई है। मुझे नोट गिनकर देती है, लेकिन मेरे बेटों की हर फरमाइश पूरी करने की कोशिश करती है। दोनों लड़के बिगड़ चुके हैं।’ जबकि खुद वह भी ज्यादा कड़की होने पर बच्चों के माध्यम से पैसा मांगते है। अब यह अम्मा की मन:स्थति पर निर्भर करता था कि देंगी या दुतकार कर भगा देंगी।

श्यामानंद अब इस गांव के नहीं रह गए थे। लोग उन्हें रामानंद के छोटे भाई के नाम से ही जानते हैं। पैंतीस साल से ऊपर हो गया है इस गांव को छोड़े हुए। शुरू के पांच-छह साल पढ़ाई के चक्कर में, उसके बाद प्रतियोगिता की तैयारी में। उस समय तो फिर भी होली-दीपावली पर घर आ जाया करते थे। नौकरी मिलने के बाद धीरे-धीरे वह भी बंद हो गया। प्रतियोगिता में तीन साल बेकार ही निकल गया था। आखिरकार रोते-झींकते रेलवे में लिपिक की नौकरी ही मिल पाई। बाबूजी जब तक नौकरी में थे, गांव से वापसी के समय अम्मा कुछ पैसे पकड़ाती हुई भर्राई आवाज में पूछती, ‘बाबू! अब कब आओगे?’

बाबूजी के रिटायरमेंट के बाद वह भी बंद हो गया। उलटे उन्हें ही सबको देना पड़ता था। अम्मा को भी और बड़का भइया को भी। अब बच्चे बड़े हो रहे थे। श्यामानंद को अब अपना ही चलाना मुश्किल होने लगा था। गांव उनके लिए बोझ लगने लगा था। धीरे-धीरे गांव से दूरी बढ़ती ही जा रही थी। साथ ही दोनों भाइयों के बीच का लगाव भी।

श्यामानंद उनसे पांच साल बड़े होंगे। बाबूजी चाहते थे कि वो पढ़े-लिखे। लेकिन पढ़ाई में उनका दिमाग ही नहीं चलता था। तीन साल में तो दसवीं का इम्तिहान पास हुए थे। उसके बाद स्कूल को सदा के लिए प्रणाम कर लिया। भाभी जरूर बारहवीं तक पढ़ी थी और वक्त-बेवक्त इस बात का एहसास दिलाती रहती थी। दोनों बेटे भी बाप के पदचिह्नों पर ही चल रहे थे। यह बात दूसरी थी कि रामानंद उन्हें लेकर बड़े-बड़े सपने पाले हुए थे।

श्यामानंद को यह कहने में जरा भी संकोच नहीं होता है कि उस जमाने में उन्हें सरकारी नौकरी मिल गई। अभी का समय होता तो वह भी किसी खेत में कुदाल ही चला रहे होते। श्यामानंद के दोनों भतीजे भी नौकरी की तैयारी में लगे थे। लेकिन अभी तक कोई विशेष सफलता नहीं मिली थी। खर्चे पर कोई कंट्रोल नहीं था। तंगहाली का यह हाल था कि उधारी बढ़ने लगी थी। सब्जी, अनाज और तेलहन खेत से ही मिल जाता था। पैसा का मुख्य श्रोत गन्ना था। जिसका अधिकांश पैसा तो बैंक लोन में ही चला जाता था। फिर धान, गेहूं और तेलहन बेचकर कितने दिन खींचा जा सकता था। बाबूजी के जमाने के आम के दो बगीचे थे। कुल पैंतीस पेड़। दोनों बिक चुके थे। शीशम और सागौन के सौ से ज्यादा पेड़ थे। धीरे-धीरे वह भी कट रहे थे। श्यामानंद को तो सब अम्मा के माध्यम से ही मालूम चलता था। उनके पास सुनने के अलावा कुछ नहीं था। दो बेटियां ही तो थीं। एक का विवाह कर चुके थे। दूसरी की तैयारी में लगे हैं। पति-पत्नी के लिए पेंशन ही बहुत होगा। काहे इस उम्र में सिर दर्द पालें…। बुढ़ापे में खेती करने से रहे और पुरखों की जमीन बेचने का दोष अपने सिर पर लेना नहीं चाहते। वैसे भी बड़का भइया से उनका संवाद न के बराबर हो गया था। वो छोटे भाई से हमेशा आर्थिक मदद की आशा करते रहे, पर श्यामानंद उनकी आशाओं पर खरे नहीं उतर पाए थे।

अम्मा से भी उनकी नाराजगी का यही कारण था। उन्हें लगता कि अम्मा पेंशन का एक छोटा टुकड़ा उनकी तरफ फेंक कर खुद बादाम और काजू टूंग रही है। अम्मा भी धीरे-धीरे बेटों की तरफ से निराश होकर बेटियों की तरफ झुक रही है। बेटियां बीस किलोमीटर के दायरे में ही ब्याही गई थीं। तीनों संपन्न हैं। अम्मा को फोन का बटन दबाने भर की देरी है। बेटी-दामाद हाजिर हो जाते हैं। रामानंद को यह पसंद नहीं है। लेकिन मन मसोस कर रह जाते हैं। अम्मा ने बाबूजी के मकान के सामने ही अपने लिए दो कमरा बनवा लिया था। श्यामानंद के पूछने पर अम्मा ने बहुत दुखी मन से कहा था, ‘का करते बाबू…। रोज-रोज के चिक-चिक से मन घबरा गया था। कौवनो मेरी तरफ ताकता भी नहीं था। ऊपर से बड़कू और उसकी मेहरिया को लगता था कि हम घर का आनाज चुराकर बेच रहे हैं। कितना सहते…? छोड़ दिए सब। जाओ राज करो अब मेरा बनवास ही सही…।’ 

रामानंद का अपना दलील था, ‘बुढ़िया को आजादी चाहिए था। बेटियों से दिनभर मोबाइल पर ही..ही.. करती है, लेकिन घर के देहरी पर पैर रखते चेहरे का भाव बदल जाता है। घुसते ही लड़ने का कोई बहाना तलाश ही लेती है।

अम्मा इन कमरों को कुटिया कहती है। एक कमरे में अम्मा ने अपनी गृहस्थी जमा ली है। दूसरे को रामानंद ने ही कब्जिया लिया है। उसमें मोटरसाइकिल और खेती के सामान रखते हैं। अम्मा के सामानों में एक छोटी-सी संदुकची है। रजाई और एक टेबिल फैन। दीवार में बनी अलमारी में खाने-पीने के सामानों से भरे प्लास्टिक के डिब्बे। सबकुछ खुला हुआ है। उन्हें कुछ छिपाना ही नहीं है। जेवर उन्होंने पहले ही बड़ी बहू को सुपर्द कर दिया था। घर के लोगों ने उनपर बहुत दबाव डाला था कि अम्मा समर्पण कर दें और पूरा पैसा उनके हाथ में सौंप दें। लेकिन उन्हें आज तक नहीं झुकाया जा सका था। 

खेत-खलिहान से उनका हस्तक्षेप पूरी तरह से खत्म कर दिया गया था। घर से एक मुठ्ठी आनाज तक अपनी मर्जी से किसी को नहीं दे सकती थी। उनके पसंद के पकवानों को घर में बनाना बंद-सा हो गया था। पेंशन लेने जाते समय कोई उनके साथ नहीं जाता है। उनकी एक-एक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाती है। अम्मा सब समझती है। लेकिन उसके बावजूद उन्होंने पेंशन का हिसाब-किताब अपने पास ही रखा था। श्यामानंद को आश्चर्य होता है कि अस्सी साल की उम्र में भी अम्मा के पास गजब की उर्जा है। अम्मा पेंशन लाने दस किलोमीटर दूर कस्बे के बैंक तक अकेले जाती है। जिस दिन पेंशन लेने जाना होता है, ग्यारह बजे तक तैयार होकर गांव के बगल से निकलने वाली सड़क के किनारे खड़ी हो जाती है। ऑटो या ई-रिक्शा जो भी मिलता, बैठकर बैंक जाकर पेंशन निकालती बाजार से खरीदारी करती है। अपनी मनपसंद की चीजें- गरम-गरम समोसा, पकौड़े, जलेबी… खा लेती। उस दिन यही उसके दोपहर का खाना होता था। फिर घर वापसी। खरीदारी की हुई वस्तुओं के दो हिस्से करती और एक हिस्सा घर में पहुंचवा देती। घर के लोग बिना प्रतिवाद के उसे स्वीकार कर लेते। श्यामानंद को भी बड़े भाई का ऐसा बर्ताव बड़ा विचित्र लगता है।

रामानंद के लड़के कोई चमत्कार नहीं कर पाए। इसी कारण उनके विवाह में अड़चन आ रही है। बड़ा बेटा अब खेती-बाड़ी में हाथ बंटाने लगा है। रामानंद को लगता कि भगवान की दया होगी तभी कुछ होगा। पत्नी तो शुरू से पूजा-पाठ करती थी। वह भी करने लगे हैं। अब उनके मोबाइल पर भजन बजता रहता है- राम जी करेंगे बेड़ा पार उदासी मन काहे को करें…। राम की कृपा से सब काम हो रहा है…।

सुबह-सुबह स्नान के बाद माथे पर लाल चंदन का लेप और हनुमान चलीसा के पाठ से शुरू हुई उनकी पूजा, मंगलवार के उपवास और शाम के कीर्तन के आयोजन तक पहुंच चुकी है। पूरा परिवार अब भक्तिमय हो चुका है।

इस बीच श्यामानंद एक दो बार गांव गए तो उन्हें लगा कि घर का पूरा वातावरण ही बदला हुआ था। भाभी के मोबाइल पर दिनभर किसी महात्मा जी का प्रवचन चलता रहता था। वैसे तो बड़का भइया को मांसाहारी भोजन बहुत पसंद है। मिले तो तीनों समय खाएं, लेकिन मंगल, बृहस्पति और शनिवार को मांसाहार वर्जित हो गया था। अम्मा इसे नौटंकी कहती थी, ‘देखती हूँ बड़कू की ये नौटंकी कब चलती है। भगवान को भी बाप की तरह ही बेवकूफ समझ लिए हैं। जितना देकर गए हैं, उसे संभाल नहीं पाए। तब तो भकोसवा धरा था। जो मिला भकोसते गए। अब बड़का पुजारी बने हुए हैं। जैसे खुद थे, वैसा ही औलादों को भी बना दिए हैं।’

कीर्तन मंगलवार को होता है। झाल, ढोलक और हरमुनियम पहले मंगनी में आता था। धीरे-धीरे उन्होंने सारा सामान खुद ही खरीद लिया था। फिर किसी की सलाह पर लाउड स्पीकर की व्यवस्था भी कर ली। पहले वह घर की छत पर बंधवाया गया था। कीर्तनिया आठ के बाद ही आते हैं। गांव के एक-दो लोग ही आते हैं। बाकी सब इतवारी बाजार के सब्जी वाले और कुछ छोटे दुकानदार हैं जो बाजार बंद होने के बाद अपना लोक-परलोक सुधारने आते हैं। इतवारी बाजार किसी जमाने में सिर्फ रविवार को ही लगता था। अब तो रोज लगने लगा है। गांव के ज्यादातर बाजार आठ बजते-बजते बंद हो जाते हैं। आठ बजे के बाद हरे रामाऽऽऽ… हरे कृष्णाऽऽऽ… शुरू हो जाता है। श्यामानंद यह सब देखकर अचंभित हो गए थे। लोग वाद्य यंत्रों को बजाते और गाते उत्तेजित होते हुए अजीब-से लगते हैं। मानो किसी दूसरी दुनिया में विचर रहे हों…। बड़का भइया प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठे सबको गाते-बजाते देखते रहते हैं और बीच-बीच में सिर हिलाते रहते हैं। उन्हें न गाना आता है और न बजाना आता है। अंत में मिसरी और किसमिस का प्रसाद बंटता है। फिर नमकीन के साथ छोटे डिस्पोजल वाले गिलास में चाय…।

अम्मा को भी इसमें कोई आपत्ति नहीं लगती थी, ‘भगवत भजन ही तो हो रहा है। पियक्कड़ होते जा रहे इस गांव में, किसी के दरवाजे पर तो प्रभु याद किए जाते हैं।’

लेकिन पता नहीं क्या सोचकर बड़का भइया ने माइक अम्मा की छत पर बंधवा दिया था। अम्मा की शिकायत वाजिब है। रात को उन्हें बड़ी मुश्किल से नींद आती थी। तमाम दवाइयों के साथ, वह नींद की गोली भी खाती है। अब इस लाउड स्पीकर की आवाज…।

श्यामानंद अम्मा को मनाते रहे और उन्हें अश्वासन देते रहे, ‘अम्मा, ज्यादा परेशान मत होवो। हम करते हैं न उनसे बात। करते हैं कोई उपाय।’

अम्मा जान रही है कि श्यामानंद झूठ बोल रहे हैं। लेकिन उन्होंने प्रतिवाद नहीं किया। श्यामानंद जानते हैं, अम्मा इसका भी कोई तोड़ निकाल लेगी। फिर यह आवाज कर्कश नहीं लगेगी…। क्योंकि बड़का भइया ने अभी तक किसी की कुछ सुनी है, जो आज सुनेंगे। अब न कीर्तन बंद होना है और न लाउड स्पीकर…।

संपर्क : एफ-96, दूसरी मंजिल, स्ट्रीट नं.-3, नकुल स्टेशनरी, वेस्ट विनोद नगर, मंडावली, नई दिल्ली-110092 मो. 9651670106