बूढ़े दादा-दादी रात के भोजन के बाद बड़े चिंतित थे, क्योंकि उन्हें नींद बिलकुल नहीं आ रही थी। कल उनके पोते का जन्मदिन था।

दादी के कहा, ‘संदूक में एक पुराना खिलौना रखा है, वह दे देते हैं।’ दादा ने कहा, ‘हां, कुछ साल पहले लिया था, मगर किसी को दे नहीं पाया था। जरा देखो, नया जैसा लगता है या नहीं।’

दादी ने संदूक खोला और खिलौने को बाहर निकाला। दोनों उलटपलट कर देखने लगे। तभी पोता दौड़ता हुआ आया। उसकी कौतूहल भरी नजर खिलौने पर पड़ी। उसे हाथ में लेकर वह खुशी से उछलने लगा, ‘दादा जी, यह तो बहुत अच्छा है। थैंक यू..!’

दादा जी समझ चुके थे कि यह खिलौना पुराना हो चला है। यदि उनके बेटे-बहू ने देख लिया तो उन्हें बुरा लगेगा। यह सोच दादा जी ने वह खिलौना पोते के हाथ से वापस लेने की कोशिश करते हुए कहा, ‘बेटा, यह बहुत पुराना है।’

पोता जिद में ठुनकने लगा, ‘यह मुझे बहुत पसंद है। मैं यही लूंगा।’

इस बार दादी ने समझाने का प्रयास किया, ‘बेटा, यह पुराना है, तेरी मम्मी बुरा मान जाएगी।’

पोता खिलखिलाकर हँसने लगा। उसने खेलते हुए कहा- ‘ठीक है, मैं रोज रात को आकर, इस खिलौने के साथ खेल जाया करूंगा। मम्मी-पापा को पता नहीं चलने दूंगा।’ दादा-दादी को खुशी और आश्चर्य का ठिकाना न रहा।

द्वारा- 301, साईं हारमोनी अपार्टमेंट, न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी, पटना-800013 मो.9470200491